हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # ३१७ – संतुलन ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # ३१७ ☆ संतुलन… ?

मुंबई में हूँ और सुबह का भ्रमण कर रहा हूँ। यह इलाका संभवत: ऊँचे पहाड़ को काटकर विकसित किया गया है। नीचे समतल से लेकर ऊपर तक अट्टालिकाओं का जाल। अच्छी बात यह है कि विशेषकर पुरानी सोसायटियों के चलते परिसर में हरियाली बची हुई है। जैसे-जैसे ऊँचाई की ओर चलते हैं, अधिकांश लोगों की गति धीमी हो जाती है, साँसें फूलने लगती हैं। लोगों के जोर से साँस भरने की आवाज़ें मेरे कानों तक आ रही हैं।

लम्बा चक्कर लगा चुका। उसी रास्ते से लौटता हूँ। चढ़ाव, ढलान में बदल चुका है। अब कदम ठहर नहीं रहे। लगभग दौड़ते हुए ढलान से उतरना पड़ता है।

दृश्य से उभरता है दर्शन, पार्थिव में दिखता है सनातन। मनुष्य द्वारा अपने उत्थान का प्रयास, स्वयं को निरंतर बेहतर करने का प्रवास लगभग ऐसा ही होता है। प्रयत्नपूर्वक, परिश्रमपूर्वक एक -एक कदम रखकर, व्यक्ति जीवन में ऊँचाई की ओर बढ़ता है। ऊँचाई की यात्रा श्रमसाध्य, समयसाध्य होती है, दम फुलाने वाली होती है। लुढ़कना या गिरना इसके ठीक विपरीत होता है।  व्यक्ति जब लुढ़कता या गिरता है तो गिरने की गति, चढ़ने के मुकाबले अनेक गुना अधिक होती है। इतनी अधिक कि अधिकांश मामलों में ठहर नहीं पाता मनुष्य। मनुष्य जाति का अनुभव कहता है कि ऊँचाई की यात्रा से अधिक कठिन है ऊँचाई पर टिके रहना।

काम, क्रोध, लोभ, मोह, मत्सर, विषयभोगों के पीछे भागने की अति, धन-संपदा एकत्रित करने  की अति, नाम कमाने की अति। यद्यपि कहा गया है कि ‘अति सर्वत्र वर्ज्येत’, तथापि अति अनंत है। हर पार्थिव अति मनुष्य को ऊँचाई से नीचे की ओर धकेलती है और अपने आप को नियंत्रित करने में असमर्थ मनुज गिरता-गिरता पड़ता रसातल तक पहुँंच जाता है।

विशेष बात यह है कि ऊँचाई और ढलान एक ही विषय के दो रूप हैं। इसे संदर्भ के अनुसार समझा जा सकता है। आप कहाँ खड़े हैं, इस पर निर्भर करेगा कि आप ढलान देख रहे हैं या ऊँचाई। अपनी आँखों में संतुलन को बसा सकने वाला न तो ऊँचाई  से हर्षित होता है,  न ढलान से व्यथित। अलबत्ता ‘संतुलन’ लिखने में जितना सरल है, साधने में उतना ही कठिन। कई बार तो लख चौरासी भी इसके लिए कम पड़ जाते हैं।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ मार्गशीर्ष साधना संपन्न हुई। अगली साधना की जानकारी आपको शीघ्र दी जावेगी। 🕉️💥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ८७० ⇒ बड़े दिल वाला ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “बड़े दिल वाला।)

?अभी अभी # ८७० ⇒ आलेख – बड़े दिल वाला ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

अभी जाड़े का वर्ष का सबसे छोटा दिन गुज़र गया। बड़ा दिन भी करीब है। लेकिन मेरा दिल बहुत छोटा होता जा रहा है। न जाने क्यों हम छोटे दिनों को बड़ा दिन कहते हैं। छोटे दिल वाले होते हुए भी बड़े दिल वाला होने का नाटक करते हैं।

दिन का लंबा होना और छोटा होना तो समझा जा सकता है ! गर्मी में दिन बड़े और रातें छोटी होती हैं और सर्दियों में दिन छोटे और रातें बड़ी हुआ करती हैं। लेकिन इंसान का दिल एक ही शक्ल का होता है, न बड़ा न छोटा। फिर भी किसी को बड़े दिल वाला और किसी को तंग दिल इंसान भी कहा जाता है। ।

दिल पर या तो शायरी होती है

या फिर डॉक्टर की रिसर्च ! दिन भर बहस हो सकती है,लेकिन दिन पर हम बातें कम ही करते हैं। दिल पर दिन भर बातें हो सकती हैं,लेकिन दिन पर हमने कभी दिल भर के बातें शायद ही कभी की हों।

दिल का दर्द रात को भी उठ सकता है। दिन के दर्द पर शायद ही किसी ने रात भर चर्चा की हो। सभी जानते हैं दिल की ही तरह,दिन भी सिर्फ बड़ा-छोटा ही नहीं, अच्छा-बुरा होता है। कहने वाले तो यहाँ तक कह गए, कि दिन बुरे होते हैं, हालात बुरे होते हैं, आदमी तो बुरा नहीं होता। ।

आप मानें या न मानें ! खुश हों, या न हों। बड़ा दिन तो आकर ही रहेगा। आपके दिन अच्छे चल रहे हों, या बुरे। दिल में आपके उत्साह,उमंग हो,या न हो। आप दिन को बड़ा मानते हों या न हों। 25 दिसंबर तो बड़ा दिन है, और बड़ा ही रहेगा। कल ही किसी ने मुझे marry Christmas कह दिया। अंग्रेज़ी में marry और merry बहुत कंफ्यूज करते हैं। मैंने फिर भी उन्हें धन्यवाद दे दिया।

एक हफ्ते बड़े दिनों की छुट्टी रहती है। महानगर की होटलें और मॉल्स दिन रात जगमगाएँगे। लोग हँसेंगे, नाचेंगे, खुशियाँ मनाएंगे। जो बड़े दिन को अपना दिन नहीं मानते,वे दिल मसोसकर रह जाएँगे। सबकी खुशी में जो खुश रहना सीख लेते हैं, जिनका दिल उदार है,बड़ा है,वे ही बड़ा दिन मनाएंगे। ।

मैं भी अपने दिल के दर्द को छुपाकर, बड़े दिल वाला बनकर, बड़े दिन का स्वागत करूँगा। Merry x-mas ! सबको बड़ा दिन, दिल से मुबारक…!!!

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #३०३ ☆ पाश्चात्य संस्कृति का भारतीय संस्कृति पर प्रभाव… ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख पाश्चात्य संस्कृति का भारतीय संस्कृति पर प्रभाव। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # ३०३ ☆

☆ पाश्चात्य संस्कृति का भारतीय संस्कृति पर प्रभाव… ☆

‘संस्कृति/ जो सुसंस्कृत करती है हमें/ धरोहर हमारे देश की/ जिसके सम्मुख नतमस्तक विश्व/   ज्ञानोदय रूपी सूर्योदय हुआ/ सबसे पहले यहां/

ज्ञान रुपी रश्मियाँ/ फैली इसके प्रांगण में/ अपनाया दूसरे देशों ने/ हमारी संस्कृति को/ पहुंचे उन्नति के शिखर पर वे।’ 2007 में प्रकाशित काव्य-संग्रह अस्मिता की उपरोक्त  पंक्तियां भारतीय संस्कृति के स्वरूप, महत्ता व उज्ज्वल रूप को दर्शाती हैं। संस्कृति हमेशा सुसंस्कारों से सिंचित करती है और ज्ञान रूपी सूर्योदय भी सबसे पहले भारत में होता है। ऋतु-परिवर्तन, तीज-त्योहार, अतिथि-सत्कार आदि हमारी संस्कृति की विशेषताएं हैं। ‘अरुण यह मधुमय देश हमारा/ जहां पहुंच अनजान क्षितिज को/ मिलता एक सहारा।’ हमारा देश महान् है। यहां का आतिथ्य, पारस्परिक स्नेह, सौहार्द व त्याग क़ाबिले-तारीफ़ है। हम अजनबी लोगों को अपना बनाने में पारंगत है। अहिंसा परमोधर्म, मूक जीवों के प्रति करुणा भाव, हमारी संस्कृति के मुख्य आकर्षण हैं। हम सभी धर्मों में आस्था रखते हैं। जाति-पाति भेदभाव से हम बहुत ऊपर हैं। हम में प्रेम व समर्पण की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है।

रामचरितमानस में राम, लक्ष्मण, सीता, उर्मिला, भरत, शत्रुघ्न आदि सभी पात्रों का त्याग स्तुत्य है। दधीचि का अपनी हड्डियों का दान देना श्लाघनीय है। हम किसी प्राणी को आपदा में देखकर उसके रक्षार्थ प्राणोत्सर्ग को सदैव तत्पर रहते हैं। क्षमा भाव हमारे अंतर्मन में कूट-कूट कर भरा है। जैन धर्म में क्षमापर्व इसका उल्लेखनीय उदाहरण है। कुरुक्षेत्र में कृष्ण द्वारा अर्जुन को युद्ध के मैदान में दिए दिया गया निष्काम कर्म का संदेश आज भी अनुकरणीय है। इसमें माया-मोह के बंधनों से ऊपर उठने का मार्ग दर्शाया गया है।

‘ब्रह्म सत्यम्, जगत मिथ्या’ का भाव सर्वोपरि है अर्थात् ब्रह्म के अतिरिक्त संसार में सब मिथ्या है। परंतु वह माया के कारण सत्य भासता है। ‘यह किराए का मकान है/ कौन कब तक ठहर पाएगा/ खाली हाथ तू आया है बंदे! खाली हाथ तू जाएगा’ और ‘यह दुनिया है/ दो दिन का मेला/ हर शख्स यहां है अकेला/ तन्हाई में जीना सीख ले/ तू दिव्य खुशी पा जाएगा।’ और ‘एकला चलो रे’ का संदेश जनमानस में समाया हुआ है।

भगवत् गीता को मैनेजमेंट गुरु के रूप में विभिन्न देशों में पढ़ाया जाना उसकी उपयोगिता व उपादेयता को सिद्ध करता है। इसलिए भारत विश्व गुरु कहलाता था। परंतु धीरे-धीरे हम अपनी संस्कृति से दूर होते चले गए, जिसके परिणाम-स्वरुप जीवन-मूल्यों का निरंतर पतन होता गया। रिश्तों में सेंध लग गई तथा अविश्वास के कारण गया रिश्तो में खटास उत्पन्न हो गई। दिलों में घृणा का भाव पसरने लगा। सब अपने-अपने द्वीप में कैद होकर रह गए। संबंध- सरोकार समाप्त हो गए। अपने, अपने बन अपनों पर घात लगाने लगे। दूसरे शब्दों में पीठ में छुरा घोंपने लगे और असहिष्णुता बढ़ती गई हम आत्मकेंद्रित होते गए तथा स्व-पर व राग- द्वेष ने दिलों में आशियाँ बना लिया। चारवॉक दर्शन के ‘खाओ-पीओ और मौज उड़ाओ’ का प्रभाव हम पर हावी हो गया। मर्यादा न जाने किस कोने में मुंह छुपा कर बैठ गई। हम सब सीमाओं को लाँघकर स्वयं को सर्वश्रेष्ठ समझने लगे। मैं, मैं और सिर्फ़ मैं का बोलबाला हो गया। पैसा प्रधान हुआ और अहंनिष्ठ इंसान स्वयं को सर्वश्रेष्ठ समझने लगा। बड़े बुज़ुर्ग, माता-पिता व गुरुजन हाशिये पर चले गए। ‘जब अपने आँखें दिखाने लगे/ पल-पल वे बेवजह डराने लगें/ तो समझो कलयुग आ गया है।’

सो! शराब, सिगरेट व रेव पार्टियों का प्रचलन बढ़ गया। संबंध हैलो-हाय तक सिमट कर रह गए व महिलाएं महफ़िलों की शोभा बनने लगी। शराब व सिगरेट पीकर सड़कों पर हंगामा करना सामान्य बात हो गई। जींस कल्चर व शरीर पर घटते वस्त्रों का प्रचलन बढ़ गया। इतना ही नहीं, वे ‘तू नहीं और सही’ की ओर आकर्षित हुए, जिसके कारण अलगाव व तलाक़ आदि के हादसों में वृद्धि हो गई। आजकल हर तीसरी लड़की सिंगल रहती है, क्योंकि लिव-इन व मीटू का प्रचलन बेतहाशा बढ़ गया। लड़के-लड़कियां ‘को-लिव’ में एक छत के नीचे रहने लगे और ड्रग्स का सेवन कर होशो-हवास खोने के भयंकर परिणाम सबके समक्ष हैं। हिंदू लड़कियां इन हादसों का शिकार अधिक हो रही हैं। थोड़े दिन के पश्चात् पार्टनर द्वारा विवाह से इन्कार कर देने पर वे सकते में आ जाती हैं। फलत: वे उनके टुकड़े-टुकड़े कर इत-उत फेंक देते है, जिसे देखकर ह्रदय आक्रोश से भर जाता है और एक लंबे अंतराल तक हम स्वयं को इस दु:ख से मुक्त नहीं कर पाते।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा लिव-इन व मीटू को मान्यता देना हृदय को विचलित करता है। परंतु अब लिव-इन के लिए माता-पिता की अनुमति होने को आवश्यक स्वीकारा गया है। यदि हम वृद्धों की दशा पर दृषटिपात करें तो बुज़ुर्गों की सम्पत्ति हथियाने के पश्चात् उन्हें बेघर कर वृद्धाश्रम में छोड़ देना हृदय को कोंचता व कचोटता है, शर्मसार करता है। वहीं उनका अपने घर में तिल-तिल कर मर जाना समाज को आईना दिखाता है– यह सब देखकर कलेजा मुँह को आता है। पैसे के लिए सभी रिश्तों को नकार कर कत्ल कर देना सोचने को विवश करता है–’कैसे हैं यह रिश्ते।’ आजकल स्नेह, प्रेम सौहार्द जाने कहां लुप्त हो गए और संवेदनाएं मर गई हैं। पूरे समाज में अजनबीपन का एहसास परिलक्षित है और हम पाश्चात्य की जूठन का अमृत-सम सहर्ष आचमन कर रहे हैं।

दूसरी ओर विदेशों में लोग हमारी संस्कृति को अपना रहे हैं। वे योग, ध्यान की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हमारे वेदों के महत्व को वे स्वीकारने लगे हैं। दया, करुणा, ममता व संबंधों की स्वीकार्यता का भाव पनप रहा है तथा हिन्दू धर्म में उनकी श्रद्धा व आस्था दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। परंतु दीये तले सदैव अंधेरा रहता है। हम अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं और हमारा  जो भी शोध विदेशों के माध्यम से हमारे देश में आता है, हम उसे सत्य स्वीकारते हैं; उसका गुणगान करते हैं।

महाकुंभ सिर्फ़ तीन नदियों का ही संगम नहीं है, त्रिदेव भी वहां उपस्थित हैं। विभिन्न अखाड़ों,  नागा साधुओं के साथ विभिन्न धर्म, राज्यों व देश-विदेश के लोगों का वहां आस्था की डुबकी लगाना– हमें सोचने व स्वीकारने पर विवश कर देता है कि मेरा देश व संस्कृति महान् है, अनुकरणीय है, सर्वश्रेष्ठ है, सर्वोत्तम है। संस्कृति देश के धर्म, वेशभूषा, प्रभु में आस्था, तीज त्यौहार, रीति-रिवाज़ व मन के उल्लास-उमंग को दर्शाती है। विभिन्न देशों से लोगों का साइकिल पर विश्व भ्रमण करते हुए भारत में आकर हिंदुत्व को स्वीकारना और सदा के लिए यहाँ बस जाना– जहां हमारे देश व संस्कृति के महान् होने का परिचायक है, वहीं हमारे लिए गर्व, गौरव व उल्लास का विषय है।

संपूर्ण विश्व में भारत ही केवल हिंदू राष्ट्र है, जहां विभिन्न धर्म, जाति, मज़हबों के लोग प्रेम से रहते हैं। हमारे वेद, पुराण, शास्त्र आदि इसका साक्ष्य हैं। हम हज़ारों वर्ष तक गुलाम रहे और विशाल भारत से कटकर अनेक देशों का प्रादुर्भाव हुआ। इसका कारण हमारी हमारी स्वार्थपरता व मानसिक दासता रही है, जिसके कारण हम आत्मकेंद्रित होते गए और देशहित में हमने कभी नहीं सोचा। इसका अंजाम हमारे कश्मीरी भाई 1990 से आज तक भुगत रहे हैं। धारा 370 और 35 ए हटने के 35 वर्ष पश्चात् भी वे अपने राज्य में लौटने का साहस नहीं जुटा पाए और  आज भी शरणार्थियों तक जीवन जी रहे हैं। उनकी वेदना, पीड़ा व संत्रास का आकलन वर्तमान सरकार ने किया। परंतु वे उन्हें उनके  अधिकार अभी तक भी नहीं दिलवा पाए। धर्म परिवर्तन भी कोढ़ की भांति हमारे देश में खोखला कर रहा है, जिसके कारण भारत देश में अनेक देश पनप रहे हैं। राजनीतिज्ञ वोटों की राजनीति में विश्वास रखते हैं और सत्ता पाने के निमित्त अपने देश की स्वतंत्रता को दाँव पर लगाने में लेशमात्र तक भी संकोच नहीं करते, जो देश के लिए अत्यंत लज्जास्पद व हानिकारक है।

काश! हम अपनी संस्कृति के उदार दृष्टिकोण को स्वीकार पाते। भारत माता की रक्षा हेतू प्राणोत्सर्ग करने को सदैव तत्पर रहते तथा अपने अंतर्मन में त्याग करुणा, क्षमा आदि देवीय  गुणों को विकसित करते। पाश्चात्य संस्कृति को हम अपने हलक़ से न उतरने देते तथा अपनी जड़ों से जुड़े रहते। माता-पिता, गुरुजन व बड़े-बुज़ुर्गों का मान-सम्मान करते और वसुधैव कुटुंबकम् में विश्वास करते। अपने देश की बेटियों की अस्मिता पर कभी आंच न आने देते तथा अपना सर्वस्व लुटाने का जुनून मन में पनपने देते। देश के रणबांकुरों के परिवारों की हर संभव सहायता करते, क्योंकि उन शहीदों की शहादत के कारण ही हमारा देश आज सुरक्षित है और हम सुक़ून की साँस ले पा रहे हैं। उनके परिवार का एक व्यक्ति शहीद नहीं होता बल्कि पूरे परिवार पर घने काले आपदाओं के बादल मंडराने लगते हैं और वे आजीवन उस भयंकर त्रासदी से उबर नहीं पाते। यदि हमारा देश सुरक्षित होगा तभी हम अमनो-चैन से जी पाएंगे। हमारा विकास भी तभी संभव होगा, जब हम स्वदेशी को हृदय से अपनाएंगे तथा राष्ट्र-हित में अपने प्राणों की बलि देने को तत्पर रहेंगे। जीवन-मूल्यों को धारण करेंगे तथा उनका अवमूल्यन नहीं होने देंगे। भावी पीढ़ी में सुसंस्कारों का सिंचन करेंगे। उन्हें वेबसाइट, मीडिया व मोबाइल के चक्रव्यूह में नहीं फंसने देंगे ताकि संपूर्ण मानव के रूप में उनका सर्वांगीण विकास हो सके और हमारा देश सुरक्षित हाथों में रहे।

वैसे संसार में जहां भी जो भी अच्छा मिले, उसे मानव को अपना लेना चाहिए। जो ग्रहणीय नहीं है, उसका त्याग कर दीजिए और किसी को न बुरा कहिए, न ही कीजिए। कबीर जी के शब्दों में ‘बुरा जो देखन मैं चला, मोसे बुरा न कोय‘ द्वारा आत्मचिंतन व आत्मावलोकन करने का संदेश प्रेषित है। दैवीय गुणों को जीवन में धारण कीजिए, क्योंकि जो तुम्हारे भाग्य में है, वह तुम्हें अवश्य मिलेगा और जो आप देते हो, वह लौटकर नहीं अवश्य तुम्हारे पास आता है। इसलिए जो आपको मिला है, उसका संग्रह मत कीजिए; बांटने का सुख प्राप्त कीजिए, क्योंकि जो आप देते हैं, वह लौट कर आपके पास अवश्य आता है। क्योंकि ‘धन दौलत, पद-प्रतिष्ठा तेरे साथ कुछ भी नहीं जाएगा/ इस धरा का सब यही धरा पर रह जाएगा’– यही है हमारी भारतीय संस्कृति का अवदान जो हमें पाश्चात्य संस्कृति से श्रेष्ठ बनाती है। हमें दूसरों की अच्छी बातों को अहमियत देना है और बेवजह उनकी आलोचना करना कारग़र नहीं है। हमें नीर-क्षीर विवेकी होते हुए हंस की भांति मोतियों को चुनना है।

तुरंत प्रतिक्रिया देना भी उचित नहीं है। अक्सर यह हमें विचित्र व अशोभनीय स्थिति में डाल देता है, जिनके लिए हमें पछताना पड़ता है। सो! सोच-समझ कर निर्णय लेना चाहिए। आइए! हम सत्यम्, शिवम्, सुंदरम की राह पर चलते हुए शिव की भांति परहित में हलाहल का आचमन करने को सदैव तत्पर रहे। यही मानव जीवन की सार्थकता है, जो हमें विभिन्न देशों की संस्कृति से उत्तम व श्रेष्ठ सिद्ध करती है।

●●●●

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ८६९ ⇒ सौ बार जनम लेंगे ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “सौ बार जनम लेंगे।)

?अभी अभी # ८६९ ⇒ आलेख – सौ बार जनम लेंगे ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

(मोहम्मद रफ़ी जी के जन्म शती पर 24 दिसंबर 1924)

आज हम नहीं कहेंगे, बहारों फूल बरसाओ, क्योंकि दुनिया जानती है, आज से एक सौ एक साल पहले, आज ही के दिन, यानी 24 दिसंबर 1924 को आसमान से एक फरिश्ता हमें प्यार का सबक सिखलाने आया था। आओ तुम्हें मैं प्यार सिखा दूं, वह खुद बहारों की बारात साथ लेकर साथ आया था। जैसी मुस्कुराहट उसके हंसते हुए नूरानी चेहरे पर जन्म के समय थी, वही मुस्कुराहट और ढेर सारी नेकी और प्यार वह अपने नगमों के जरिए हम सबमें लुटा गया ;

बा होशो हवास मैं दीवाना

ये आज वसीयत करता हूं।

ये दिल ये जाॅं मिले तुमको,

मैं तुमसे मोहब्बत करता हूं।।

आज रफी साहब का जन्म दिन ही नहीं, उनके जन्म शताब्दी महोत्सव का आज पहला दिन है। पूरे साल उनके नगमे आसमान में वैसे ही गूंजेंगे, जैसे उनकी आवाज हमेशा हमारे कानों में गूंजती आई है। साल में दो बार इस इंसान को याद किया जाता है, आज के दिन, यानी 24 दिसंबर और 31 जुलाई 1980, जिस दिन यह पंछी अपने बाग को छोड़ आसमान में उड़ गया था।

मुझे अच्छी तरह याद है, रफी साहब की 25 वीं पुण्यतिथि पर रेडियो सीलोन ने पूरा जुलाई माह इस गायक को श्रद्धापूर्वक समर्पित कर दिया था। 1जुलाई से 31 जुलाई तक रेडियो सीलोन पर केवल रफी साहब की ही आवाज गूंजी थी। वो जब याद आए, बहुत याद आए। क्या दिन, महीना और साल, क्योंकि ;

जनम जनम का साथ है, हमारा तुम्हारा।

अगर मिले ना इस जीवन में

लेंगे जनम दोबारा।।

क्योंकि उनका ही यह वादा था ;

सौ बार जनम लेंगे

सौ बार फना होंगे।

ऐ जाने वफा फिर भी

हम तुम ना ज़ुदा होंगे।।

जन्मदिन खुशी का मौका होता है, आज किसी के गम में आंसू नहीं बहाते, लेकिन खुशी में भी कहां बाज आते हैं ये आंसू। क्योंकि ये आंसू मेरे दिल की जुबान है।।

हमारा दिल भी तो एक मंदिर ही है। रफी साहब का तो इबादत का अंदाज भी निराला ही था ;

एक बुत बनाऊंगा और पूजा करूंगा।

अरे मर जाऊंगा यार अगर मैं दूजा करूंगा।

जिसकी अंखियां हरि दर्शन को प्यासी हों, जिसकी आंखों में हमने प्यार ही प्यार बेशुमार देखा हो, जो बस्ती बस्ती, परबत परबत, एक बंजारे की तरह, दिल का इकतारा लेकर गाता रहता हो, और प्यार के गीत सुनाता हो, अपने दिल का दर्द बयां करता हो, आज उसके जन्मदिन पर यही कह सकते हैं :

बार बार दिन ये आए

और हजारों सालों तक यह दुनिया आपके गीत गुनगुनाएं। आप जब भी याद आए, बहुत याद आए। बिछड़ने का तो सवाल ही नहीं, क्योंकि जन्म शताब्दी का तो आज फकत आगाज़ ही है ;

मेरी आवाज सुनो,

प्यार का राज़ सुनो।

दिल का भंवर करे पुकार,

प्यार का राग सुनो ..!!

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # २७० ☆ आरावली: हरियाली भरा सौंदर्य… ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆

श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की  प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं। आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं  में आज प्रस्तुत है एक विचारणीय रचना “आरावली: हरियाली भरा सौंदर्य। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन। आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  – आलेख # २७० ☆ आरावली: हरियाली भरा सौंदर्य

आरावली

जिसका अर्थ है पंक्तिबद्ध पहाड़ों की श्रृंखला। यह भारत की सबसे प्राचीन पर्वत श्रृंखला है। यह केवल पहाड़ों की कतार नहीं, बल्कि उत्तर भारत के जीवन का सुरक्षा कवच है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात तक फैली यह पर्वतमाला जलवायु संतुलन, भूजल संरक्षण और जैव विविधता की अमूल्य धरोहर है।

आरावली वर्षा जल को रोककर भूजल स्तर बनाए रखती है। यही कारण है कि इसके आसपास के क्षेत्रों में कभी हरियाली, वन्यजीव और नदियों की धाराएँ जीवित रहीं। यह थार के रेगिस्तान को आगे बढ़ने से रोकने वाली प्राकृतिक दीवार भी रही है।

अवैध खनन, अंधाधुंध निर्माण, जंगलों की कटाई और हाल की आग की घटनाओं ने इसकी आत्मा को छलनी कर दिया है। जो पहाड़ हजारों वर्षों से धरती की रक्षा करते आए, आज वही मानव लालच के शिकार हो रहे हैं।

आरावली का नष्ट होना केवल पर्यावरण की हानि नहीं है,नयी समस्या की शुरुआत भी है ।

 जब हरियाली से भरे पहाड़ मिटते हैं

तो सिर्फ जंगल नहीं जलते, भविष्य जलता है। हम भूल जाते हैं कि…

आरावली नहीं बचेगी तो पानी नहीं बचेगा, हवा नहीं बचेगी,और अंत में हम भी नहीं बचेंगे। अतः प्रकृति के साथ स्नेहिल जुड़ाव रखें ।

**

©  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020

मो. 7024285788, chhayasaxena2508@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # ३९२ ☆ ~ न्यूयॉर्क से ~ आलेख – “विनोद कुमार शुक्ल : शब्द यात्री” ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # ३९२ ☆

?  आलेख – न्यूयॉर्क से  – विनोद कुमार शुक्ल : शब्द यात्री ? श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

हिंदी के आधुनिक कथा‑साहित्य और कविता में विनोद कुमार शुक्ल उस विरल रचनाकार के रूप में जाने  जाते हैं, जिसने साधारण जीवन की निस्सार दिखाई देने वाली वस्तुओं और स्थितियों में भी अद्भुत काव्यात्मक चमक और जादुई यथार्थ की आभा दिखाई । 1 जनवरी 1937 को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में जन्मे विनोद कुमार शुक्ल ने लगभग पाँच दशकों से अधिक समय तक लगातार लेखन करते हुए कविता, उपन्यास, कहानी और बच्चों के लिए साहित्य की ऐसी दुनिया रची, जो हिंदी के पारंपरिक ढाँचों से बाहर निकलकर एक बिल्कुल निजी, लेकिन गहरे मानवीय संसार का सृजन करती है।

वे शिक्षक के रूप में कृषि महाविद्यालय से जुड़े रहे इस संकोची, अल्पभाषी लेखक ने सार्वजनिक मंचों की चकाचौंध से दूर रहकर भी अपने शब्दों की शक्ति से राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक जगत में विशिष्ट प्रतिष्ठा अर्जित की।

उनकी रचना‑यात्रा का आरंभ कविता से हुआ। पहला कविता‑संग्रह “लगभग जय हिंद” 1971 में प्रकाशित हुआ, जिसने उनके भीतर बसे राजनीतिक‑सामाजिक बोध और देशज संवेदना की अनोखी मिश्रित ध्वनियों से हमारा परिचय कराया। इसके बाद “वह आदमी चला गया नया गरम कोट पहनकर विचार की तरह” जैसे संग्रहों ने संकेत दिया कि वे शब्दों की चलन वाली सांकेतिकता से संतुष्ट नहीं, बल्कि भाषा को एकदम नए संयोजनों में बरतने वाले कवि हैं, जो वाक्य‑विन्यास और उपमा‑संरचना दोनों को उलट‑पलट कर देखने की हिम्मत रखते हैं।  बाद के वर्षों में उनकी कविताएँ “आकाश धरती को खटकता है”, “कविता से लंबी कविता” आदि संग्रहों के रूप में सामने आईं, जिनमें प्रकृति, घर‑परिवार, छोटे शहर और साधारण मनुष्यों के जीवन की सूक्ष्मतम हलचलें एक बेहद शांत, धीमी, किंतु भीतर तक उतर जाने वाली आवाज़ में दर्ज होती हैं।

काव्य के साथ‑साथ विनोद कुमार शुक्ल का कथा‑संसार हिंदी उपन्यास और कहानी की परंपरा में एक बड़ी संरचनात्मक तब्दीली के रूप में देखा जाता है। 1979 में प्रकाशित उनका पहला उपन्यास “नौकर की कमीज़” हिंदी गद्य में एक मील का पत्थर माना जाता है, जिसे बाद में मणी कौल ने इसी नाम से फिल्म में रूपांतरित किया। एक साधारण सरकारी क्लर्क और “नौकर की कमीज़” के बहाने सत्ता, वर्ग, पहचान और आत्मसम्मान की जटिल परतें जिस शांत और लगभग सपाट लगने वाली भाषा में खुलती हैं, वह हिंदी उपन्यास की पारंपरिक कथावस्तु और शिल्प दोनों को तोड़ती दिखाई देती है। कई आलोचकों ने इसे हिंदी में उपन्यास की संरचना को बदल देने वाली कृति कहा।  “खिलेगा तो देखेंगे” और “दीवार में एक खिड़की रहती थी” उनके ऐसे उपन्यास हैं, जिनमें शहर, घर, दीवार, खिड़की, पेड़, कमरा जैसी चीज़ें स्वयं पात्रों की तरह व्यवहार करती हैं। “दीवार में एक खिड़की रहती थी” को 1999 में साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया और इस पर नाट्य रूपांतरण भी हुआ। हाल ही इस उपन्यास पर तीस लाख की रॉयल्टी ने उन्हें एक बार फिर से साहित्य जगत में चर्चित बना दिया था।

उनका कहानी‑संसार भी उतना ही विशिष्ट और प्रयोगधर्मी है। “पेड़ पर कमरा” और “महाविद्यालय” जैसी कहानी‑कृतियों में कॉलेजों, कमरों, पेड़ों, गलियारों और मामूली‑से संवादों के भीतर छुपा हुआ अकेलापन, असुरक्षा, प्रेम, स्मृति और प्रतिरोध एक धीमी, लगभग फुसफुसाती हुई शैली में उजागर होता है। बाद के वर्षों में उन्होंने बच्चों के लिए भी लगातार लिखा । उनकी बाल‑कथाएँ और कविताएँ बचपन की कल्पना, खेल, चीज़ों से बातें करने की प्रवृत्ति और प्रकृति के साथ सरल, निर्भय संवाद को केंद्र में रखती हैं, जिनमें भाषा न तो बचकाना है, न उपदेशपूर्ण, बल्कि एक सहयात्री की तरह अभिव्यक्त  होती है।  उनकी कई रचनाएँ अंग्रेज़ी सहित अनेक भारतीय और विदेशी भाषाओं में अनूदित हुईं। “ब्लू इज़ लाइक ब्लू” जैसे कहानी‑संग्रह और “Treasurer of Piggy Banks” जैसी कविताओं की अंग्रेज़ी पुस्तकों ने नए, युवा पाठकों की पीढ़ी तक उनकी पहुँच को बढ़ाया और उनके जादुई शब्द यथार्थ को वैश्विक पाठकीय संसार से जोड़ा।

उपलब्धियों की दृष्टि से विनोद कुमार शुक्ल समकालीन हिंदी के सम्मानित लेखकों में गिने जाते हैं। 1999 में उपन्यास “दीवार में एक खिड़की रहती थी” के लिए साहित्य अकादेमी पुरस्कार मिला, जिसे आधुनिक हिंदी कथा‑साहित्य की एक क्लासिक कृति के रूप में व्यापक स्वीकार्यता प्राप्त हुई।  2023 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके समग्र रचनात्मक अवदान को देखते हुए उन्हें PEN/Nabokov Award for Achievement in International Literature से सम्मानित किया गया, जिसने उनके काम को विश्व‑साहित्य के मानचित्र पर विशेष रूप से रेखांकित किया।  2024 के लिए घोषित 59वाँ ज्ञानपीठ पुरस्कार उन्हें प्रदान किया गया। वे छत्तीसगढ़ से यह सर्वोच्च भारतीय साहित्यिक सम्मान पाने वाले पहले और हिंदी के बारहवें लेखक बने, जहाँ पुरस्कार‑निर्णायकों ने उनकी लेखनी की “सादगी, संवेदनशीलता और विशिष्ट शिल्प” को विशेष रूप से रेखांकित किया।

दिसंबर 2025 में 89 वर्ष की आयु में उनके निधन के साथ हिंदी जगत ने स्वीकार किया कि यह केवल एक लेखक का जाना नहीं, बल्कि “शुक्ल‑युग” के अंत जैसा है। यह भी विचारणीय है कि उनके जैसा विद्वान जो समाज की संपत्ति माना जाना चाहिए, अपने अंतिम समय में अस्पताल में कोई खास अलग सरकारी इंपॉर्टेंस प्राप्त नहीं कर सका । कई समकालीन लेखकों ने रेखांकित किया कि उन्होंने हिंदी कविता, कहानी और उपन्यास को नए सिरे से रचते हुए उन्हें हस्तक्षेपकारी, प्रयोगधर्मी और गहरे मानवीय स्वर दिया।  उनकी रचनाओं में साधारण आदमी के प्रति अटूट संवेदनशीलता, वस्तुओं और क्रियाओं को देखने का अनोखा नजरिया तथा वाक्य‑निर्माण की विशिष्ट स्थापत्य‑कला उन्हें ऐसा लेखक बनाती है, जिसकी पहचान केवल नाम से नहीं, भाषा  से हो जाती है।  इस अर्थ में उन्होंने हिंदी गद्य की संवेदना और शब्द‑संरचना दोनों को पुनर्निर्मित किया। इसी लिए विनोद कुमार शुक्ल भविष्य में भी इस रूप में याद किए जाएंगे कि उन्होंने हिंदी साहित्य को एक शांत, लगभग संकोची, लेकिन भीतर से बेहद तीखे और जागरूक जादुई यथार्थ की दुनिया दी, जहाँ आम आदमी की गरिमा, प्रकृति से उसका अंतरंग रिश्ता और भाषा की अनंत संभावनाएँ मिलकर शब्दों का एक नया घर बनाती हैं।

© श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

म प्र साहित्य अकादमी से सम्मानित वरिष्ठ व्यंग्यकार

न्यूयॉर्क से 

संपर्क – ए 233, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी भोपाल 462023

मोब 7000375798, ईमेल apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ८६८ ⇒ बादाम के दाम ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “बादाम के दाम।)

?अभी अभी # ८६८ ⇒ आलेख – बादाम के दाम ? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

सभी जानते हैं, यह आम का नहीं, बादाम का मौसम है, और बादाम का जन्म आम आदमी के लिए नहीं हुआ है। जब से यह आम भी कुछ खास हुआ है, बादाम भी थोड़ा थोड़ा आम हुआ है। आम आदमी भी आजकल, कम से कम, मैंगो शेक और बादाम शेक तो पीने लायक हो ही गया है।

आम अगर फलों का राजा है, तो बादाम सिर्फ़ एक ड्राई फ्रूट यानी सूखा मेवा !ड्राई फ्रूट मतलब रस हीन फल ! जिनका जीवन वैसे ही नीरस है, उनका काम ड्राई फ्रूट अथवा सूखे मेवे से नहीं चलता, और जिन्हें अपना गला तर करना होता है, वहाँ देश, काल और परिस्थिति नहीं देखी जाती और अंगूर की बेटी का हाथ थाम लिया जाता है। एक बार जब गला तर होता है, तो कुछ चखना भी पड़ता है। जिन्होंने कभी चखी ही नहीं, वे क्या जानें चखना का स्वाद ! हां, जहां माले मुफ़्त बेरहम होता है वहां भुने हुए काजू बादाम भी चखना का ही काम करते हैं। ।

लेकिन जो रसिक और शौकीन चखने में विश्वास नहीं रखते, उनके लिए अगर ठंड में बादाम के जलवे हैं, तो गर्मी में हमारे आम के भी ठाठ निराले हैं। गर्मी में अगर आमरस पूड़ी, तो ठंड में बादाम का हलवा। लेकिन बस आम आदमी बादाम के दाम सुनकर ही बिदक जाता है।

आम के आम और गुठलियों के दाम ! लेकिन आम आदमी गुठलियों के दाम की चिंता नहीं करता, आम चूसता है और छिलका और गुठली फेंक देता है। बेचारी बादाम, क्या नहाए और क्या निचोड़े ! उसका तो छिलका क्या निकला, वह सिर्फ बादाम की गिरी बनकर रह गई। लेकिन उसके दाम के कारण ही उसे समाज में वह इज्जत और सम्मान प्राप्त है जो फलों के राजा को भी नहीं। ।

बादाम के दाम चुकाने के बाद भी अगर हम बादाम के गुणों की तारीफ नहीं करें, तो हम उसके साथ न्याय नहीं कर रहे। पांच वर्ष की उम्र से हम सुनते आ रहे हैं कि रोज सुबह पांच भीगी हुई बादाम खाना चाहिए उससे सेहत और मस्तिष्क दोनों स्वस्थ रहते हैं। आम आपको एक आम इंसान ही बनाए रखता है जब कि बादाम आपको बुद्धिमान भी बनाती है। ।

जब हमारे बादाम खाने के दिन थे, तब हम भुने हुए चने और मूंगफली खाकर ही अपनी सेहत बनाते थे। जब सर पर बाल ना हों, और मुंह में दांत, और याददाश्त भी जवाब दे गई हो, तब बादाम की याद आ ही जाती है। देर आयद दुरुस्त आयद।

क्या आप जानते हैं, बादाम का भी तेल निकलता है। कैसा लगता होगा इतनी महंगी बादाम को, जब उसका भी तेल निकलता होगा। हम तो यह सोचकर ही हैरान हैं कि जो बादाम ही इतनी महंगी है, उसका तेल कितना महंगा होगा।

यहां तो सरसों, मूंगफली और सोयाबीन के तेल के भाव ही आसमान छू रहे हैं। लेकिन अगर कॉस्मेटिक्स के विज्ञापन देखें तो वहां ककड़ी, आंवला, मेंहदी, क्रीम और बादाम साथ साथ नजर आयेंगे। कहीं फेसवॉश तो कहीं मॉइश्चराइजर। पूरा समाजवाद है सौंदर्य जगत के उत्पादों में। ।

भले ही इंसान का तेल निकल जाए फिर भी कुछ लोग नियमित रूप से बादाम का तेल सर में लगाते हैं और उसी तेल से बदन की मालिश भी करते हैं। जान है तो जहान है। यह जनम ना मिलेगा दोबारा। पैसे को हाथ का मैल यूं ही नहीं कहा गया है। अगर आप अफोर्ड कर सकते हैं तो हम कोई आपको फोर्ड खरीदने का नहीं कह रहे, सिर्फ एक चम्मच बादाम का तेल गर्मागर्म दूध में लेकर देखें। बादाम में दम है ..!!

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ८६७ ⇒ विचारों की गति ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “विचारों की गति।)

?अभी अभी # ८६७ ⇒ आलेख – विचारों की गति ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

जहां न पहुंचे रवि, वहां पहुंचे कवि, जिसने भी कहा हो, सोच समझकर ही कहा होगा। सभी जानते हैं, रॉकेट की तरह कवि भी हवा में ही उड़ते हैं। वैज्ञानिकों ने प्रकाश और ध्वनि की गति को तो आसानी से जान लिया है, किसी ने शायद विचारों की गति को भी नाप लिया हो।

इस ब्रह्माण्ड की खगोलीय गणना इतनी आसान नहीं। प्रकाश और ध्वनि को इंच टैप से नापने से तो रहे। सूर्य के प्रकाश को हम तक पहुंचने में अगर 8.40 आठ मिनिट और चालीस सेकंड लगते हैं तो चंद्रमा का प्रकाश हमारी पृथ्वी तक मात्र 1.30 सेकंड में ही पहुंच जाता है। ।

विचारों का क्या है ! सितारों के आगे जहान और भी है। आओ हुजूर तुमको सितारों में ले चलूं !

कितने प्रकाश वर्ष लगेंगे, किस उड़न खटोले अथवा पुष्पक विमान में बैठकर जाओगे, कुछ पता नहीं। अगर ऐसे विचार ही हमारे मन में नहीं आते, तो क्या हम इस तरह हवा में बातें कर रहे होते।

एक सुर होता है, जिसकी साधना परमेश्वर की साधना होती है। उसके बारे में एक सुर साधक भी सिर्फ यही कह पाया है ;

सुर की गति मैं क्या जानूं।

एक भजन करना जानूं। ।

सुर में शब्द है, ध्वनि है। प्रकाश में अगर किरणें हैं तो ध्वनि में तरंगें हैं। जब रसोईघर में कोई बर्तन अचानक फर्श पर गिर जाता है, तो उसकी आवाज इतनी आसानी से शांत नहीं होती। क्या ध्वनि की तरंगों के साथ आवाज (साउंड) भी शांत हो जाती है। सुर की तरह ही मंत्र की भी साधना है।

शब्द अक्षरों का समूह है।

अक्षर को परम ब्रह्म माना गया है। जिसका कभी क्षरण अर्थात् क्षय ना हो वही तो अक्षर है। शब्द भी कहां मरता है। मंदिर में जब एक घण्टा बजता है तो उसकी ध्वनि को शांत होने में समय लगता है। ।

किसी गीत की जब धुन बनाई जाती है, जब एकांत में बैठकर कोई गीत अथवा रचना का सृजन होता है, तब सबसे पहले हमारा मन एकाग्र होता है। मन का एकाग्र होना ही धारणा है, जो ध्यान का पहला चरण है। हमें कभी लगता है, कुछ हमारे अंदर से आ रहा है और कुछ कुछ ऊपर से भी उतर रहा है। यह उतरना ही वास्तविक सृजन है, ध्यान धारणा और समाधि है।

मतलब हमने यूं ही हवा में ही नहीं कहा था, सितारों के आगे जहान और भी है। मत मानिये आप शनि की साढ़े साती को, राहु और केतु के दुष्प्रभाव को, अपने विचारों के दुष्प्रभाव को तो मानिये। हमारी बुद्धि भ्रष्ट क्यों होती है। क्यों कभी कभी हमारी अक्ल घास चरने जाती है। और क्यों कभी हमारा मन किसी अच्छी फिल्मी धुन पर नाच उठता है। ।

एक ओर हमारे विचारों की गति है और दूसरी ओर मन की गति। मन संकल्प विकल्प करता रहता है।

मन में भेद बुद्धि होती है। अगर भेद बुद्धि ना हो तो हम अच्छे बुरे, लाभ हानि और अपने पराए में भेद ही नहीं कर पाएं। हमारी ज्ञानेंद्रियां ही तो यह तय करती हैं, हम क्या देखें, क्या सुनें, क्या बोलें और क्या खाएं।

एक हमारी मति भी होती है, जिसे आप बुद्धि भी कह सकते हैं। जब बुद्धि भ्रष्ट होती है तो रावण की भी मति मारी जाती है। हमारी मति ही हमारे विचारों को सही दिशा देती है। अगर विचारों को सही दिशा और गति मिल जाए तो वे आसमान छू लें। ।

हमारे विचारों को सही दिशा और गति देने के लिए ही तो अन्य लोकों की रचना हुई है। गंधर्व लोक के कारण सुर, स्वर और संगीत कायम है, जिन्हें स्वर्ग नहीं जाना उनके लिए वैकुंठ लोक भी है। गोलोक और पितृलोक का भी ऑप्शन है। विचारों का मामला है। खिचड़ी अपनी ही है जितना चाहें घी डाल लें। बस इतना जरूर जान लें, समय और विचारों का सदुपयोग कर लें, क्योंकि ये जिन्दगी ना मिलेगी दोबारा ;

चलो दिलदार चलो

चांद के पार चलो

हम हैं तैयार चलो। ।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – आलेख ☆ रामधारी सिंह दिनकर: राष्ट्र की अंतरात्मा की आवाज ☆ श्री जगत सिंह बिष्ट ☆

श्री जगत सिंह बिष्ट

(Master Teacher: Happiness & Well-Being, Laughter Yoga Master Trainer, Author, Blogger, Educator, and Speaker.)

🌱 रामधारी सिंह दिनकर: राष्ट्र की अंतरात्मा की आवाज 🌷

आज जब हम भारत के लोकतंत्र के इतिहास पर दृष्टि डालते हैं, तो कुछ नाम केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि युगों की धड़कन बन जाते हैं। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर उनमें से एक थे—जो अपनी ओजपूर्ण वाणी, देशभक्ति की अटूट भावना और दूरदृष्टि के लिए जाने जाते थे। उनका जीवन राष्ट्र को समर्पित एक यज्ञ था।

​दिनकर जी की निष्ठा, पद या व्यक्ति के प्रति नहीं, बल्कि केवल राष्ट्र के प्रति थी। वे देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के हृदय के निकट थे, फिर भी जब चीन के हाथों 1962 में भारत की पराजय हुई, तो उन्होंने राज्यसभा में खड़े होकर सत्ता के मोह को तोड़ दिया। उनकी वाणी में वह अग्नि थी जो किसी भी शासक को कर्तव्य की याद दिलाती है:

​”रे रोक जहाँ-तहाँ मत शंख, देशभक्तों का दल भारी है।

वह बिना कहे ही चलता है, वह शक्ति राष्ट्र की न्यारी है।”

​उनकी यह निर्भीकता बताती है कि उन्होंने राष्ट्र को हमेशा सर्वोपरि माना, और उनकी संवेदनशीलता उन्हें जनता के दुःख से विचलित कर देती थी।

​समय बदला। सत्ता की बागडोर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हाथ में आई। यह सत्य है कि इंदिरा जी भी दिनकर का सम्मान करती थीं और उन्हें उनकी साहित्यिक गरिमा के अनुरूप आदर देती थीं। मगर दिनकर एक कवि और द्रष्टा थे; उन्हें भविष्य की आहटें सुनाई देती थीं। 1974 तक आते-आते, उन्हें सत्ता के केंद्रीकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षरण की स्पष्ट अनुभूति होने लगी थी।

​उनके निकटस्थ मित्रों और समकालीनों के संस्मरण बताते हैं कि उन्हें इंदिरा गांधी की नीतियों में घोर तानाशाही प्रवृत्तियाँ झलकने लगी थीं। यह किसी व्यक्तिगत द्वेष का विषय नहीं था, बल्कि लोकतंत्र के भविष्य की गहरी चिंता थी।

​यही वह चिंता थी जो उन्हें 1974 में मद्रास (चेन्नई) खींच लाई, जहाँ वह रामनाथ गोयनका और जयप्रकाश नारायण (जेपी) के साथ एक अति गोपनीय और गहन विमर्श में शामिल हुए। ‘तुगलक’ के संपादक गुरुमूर्ति ने पुष्टि की है कि इन तीन महान विभूतियों की अंतिम बैठक का केंद्रीय विषय यही था: सत्ता का बढ़ता दमनकारी स्वरूप।

​संभवतः दिनकर ने गोयनका से अपनी चिंता साझा करते हुए और जेपी को प्रेरित करते हुए कहा होगा:

“जयप्रकाश, अब समय आ गया है। इस देश को आपकी आवश्यकता है। यदि अब भी क्रांति का शंखनाद नहीं हुआ, तो लोकतंत्र का सूर्य अस्त हो जाएगा।”

​दिनकर ने केवल आग्रह ही नहीं किया, बल्कि क्रांति की पृष्ठभूमि को अपनी कलम से अमर भी कर दिया। उन्होंने देश की जनता को उसकी सर्वोच्च शक्ति का एहसास कराने के लिए एक कालजयी कविता भी तैयार कर दी, जो उनके जीवन की अंतिम राजनीतिक भेंट सिद्ध हुई:

दो राह, समय के रथ का घर्घर-नाद सुनो,

सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।

​इस गहन राजनीतिक और वैचारिक उथल-पुथल के बीच, वे तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए गए। यहाँ उनकी संवेदनशीलता और त्याग का अद्भुत दर्शन हुआ। उन्होंने बीमार और संघर्षरत जयप्रकाश नारायण की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की, यह इच्छा व्यक्त करते हुए कि उनकी शेष आयु भी जेपी को लग जाए—क्योंकि उस क्षण राष्ट्र को एक कवि से अधिक एक निर्भीक क्रांतिदूत की आवश्यकता थी।

​और नियति का चक्र देखिए! उसी यात्रा से लौटकर, 24 अप्रैल 1974 की रात, रामनाथ गोयनका के आवास पर ही, इन दोनों महान मित्रों (जेपी और गोयनका) के सान्निध्य में, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने अंतिम साँस ली।

​दिनकर की मृत्यु, आपातकाल (1975) के ठीक पहले, लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक मूक बलिदान बन गई। उनकी कविता जनता के हाथों में मशाल बनी, और उनकी आत्मा की शांति उस ‘संपूर्ण क्रांति’ में समा गई, जिसके लिए उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षणों में आग्रह किया था। वह सिर्फ एक कवि नहीं थे; वह राष्ट्र की अंतरात्मा की आवाज थे—दूरदर्शी, संवेदनशील, और सदैव राष्ट्रहित के प्रति समर्पित।

© श्री जगत सिंह बिष्ट

साधक

LifeSkills

A Pathway to Authentic Happiness, Well-Being & A Fulfilling Life! We teach skills to lead a healthy, happy and meaningful life.

The Science of Happiness (Positive Psychology), Meditation, Yoga, Spirituality and Laughter Yoga. We conduct talks, seminars, workshops, retreats and training.

Please feel free to call/WhatsApp us at +917389938255 or email lifeskills.happiness@gmail.com if you wish to attend our program or would like to arrange one at your end.

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # ३९१ ☆ आलेख – “2025 का वर्ष: उत्सव, पुरस्कार और विदाइयों के बीच साहित्य” ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # ३९१ ☆

?  आलेख – 2025 का वर्ष: उत्सव, पुरस्कार और विदाइयों के बीच साहित्य ? श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

2025 साहित्यिक हलचलों से भरापूरा रहा। एक ओर अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों और नोबेल सम्मान ने साहित्य को मानवीय अधिकारों, विस्थापन और स्मृति जैसे सवालों से जोड़ते हुए नए अर्थ दिए, तो दूसरी ओर भारत में साहित्य अकादेमी पुरस्कारों, बड़े साहित्यिक संस्कृतिक उत्सवों और प्रकाशन जगत ने हिंदी सहित भारतीय भाषाओं के भविष्य की संभावना के सफर में कई सोपान पार किए ।

इसी वर्ष कई महत्त्वपूर्ण रचनाकारों के निधन ने भी यह एहसास दिलाया कि साहित्य केवल समकालीन विमर्श नहीं, बल्कि एक दीर्घकालीन सामूहिक स्मृति है, जिसमें हर विदा एक रिक्ति छोड़ जाती है।

साहित्य का नोबेल 2025 भी बीते कई वर्षों की तरह सौंदर्यबोध से आगे बढ़कर राजनीति और नैतिकता के सवालों के बीच अपनी जगह बनाता दिखाई दिया। यह पुरस्कार उस रचनाशील व्यक्तित्व को मिला जिसकी लेखनी ने अपने समय के हिंसा ग्रस्त, विस्थापित और पहचान के संकट से जूझते समुदायों को अपनी कलम से आवाज़ दी, और भाषा ,राजनीति, स्मृति तथा न्याय जैसे प्रश्नों को कथा कला के ज़रिये तीखी लेकिन करुण दृष्टि से समाज के सम्मुख रखा। इस चयन ने यह रेखांकित किया कि विश्व साहित्य के बड़े मंच अब तथाकथित ‘मुख्यधारा’ के बजाय हाशिए की दुनिया को केंद्र में लाने का साहस दिखा रहे हैं। 2025 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार हंगरी के लेखक लास्ज़लो क्रास्ज़नाहोरकाई (László Krasznahorkai) को उनकी प्रभावशाली और दूरदर्शी गद्य शैली के लिए दिया गया है, जो सर्वनाशकारी विषयों के बीच कला की शक्ति और मानवीय भावनाओं को दर्शाती है. स्वीडिश एकेडमी ने अक्टूबर 2025 में इस पुरस्कार की घोषणा की थी.

नोबेल के साथ ही वर्ष 2025 में यूरोप, अमरीका और अन्य क्षेत्रों में आयोजित अनेक पुस्तक महोत्सवों और राइटर्स फेस्टिवलों ने भी साहित्य को लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सेंसरशिप के विरुद्ध संघर्ष से जोड़कर प्रस्तुत किया । न्यूयॉर्क में आयोजित ‘वर्ल्ड वॉयसेज़ फ़ेस्टिवल 2025’ जैसे आयोजनों में कई देशों के लेखक जुटे, जहाँ कथा, कविता, संस्मरण और निबंध के माध्यम से यह बहस हुई कि डिजिटल पूँजीवाद, युद्ध, जलवायु संकट और माइग्रेशन के दौर में लेखन की ज़िम्मेदारी क्या होनी चाहिए। ऐसे आयोजनों ने यह संदेश दिया कि साहित्य आज भी सत्ता संरचनाओं के बरक्स एक आलोचनात्मक, मानवीय और विश्व नागरिक चेतना का माध्यम बन सकता है।

भारतीय संदर्भ: साहित्य अकादेमी और भाषाविविधता

भारतीय परिदृश्य में 2025 की सबसे महत्त्वपूर्ण संस्थागत घटना साहित्य अकादेमी द्वारा घोषित पुरस्कार रहे, जिनमें मुख्य अकादेमी पुरस्कार के साथ ‘युवा पुरस्कार’ और ‘बाल साहित्य पुरस्कार’ शामिल थे। अकादेमी ने 24 भारतीय भाषाओं में रचनाओं को सम्मानित करके यह दिखाया कि हिंदी, बंगाली, तमिल, मराठी, उर्दू जैसी बड़ी भाषाओं के साथ साथ कोंकणी, बोडो, संताली, डोगरी, राजस्थानी, मैथिली आदि भाषाओं में हो रहे सृजन को भी समान रूप से गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इससे ‘राष्ट्रीय साहित्य’ की अवधारणा, जो लंबे समय तक कुछ केंद्र भाषाओं तक सीमित मानी जाती थी, अब विविध क्षेत्रीय जातीय सांस्कृतिक परिदृश्य तक फैलती नज़र आई। जो देश की विविधता का साहित्यिक सम्मान नजर आ रहा है।

युवा पुरस्कारों के माध्यम से 23 नवोदित लेखकों को मान्यता मिली, जिनकी रचनाएँ शहर और गाँव के नए तनावों, पलायन, नौकरी ,संस्कृति, लैंगिक असमानता, पर्यावरण संकट, तकनीकी बदलाव और आध्यात्मिकता की नई खोज को केंद्र में रखती हैं। इन युवाओं की भाषा में एक तरफ़ लोक अनुभव की जड़ें हैं, तो दूसरी ओर वैश्विक संदर्भों की खुली हवा भी अभिव्यक्त हो रही है। इसीलिए उनकी कविता और कथा में ‘स्थानीय’ और ‘वैश्विक’ अनुभव एक साथ संवाद करते दिखते हैं।

बाल साहित्य पुरस्कारों के ज़रिये 24 रचनाकारों को सम्मान मिला, जिन्होंने बच्चों के लिए ऐसी किताबें लिखीं जिनमें लोक कथा, विज्ञान, पर्यावरण, हास्य और मानवीय संवेदना को जोड़कर नई पीढ़ी के लिए एक जीवंत, कल्पनाशील और नैतिक रूप से संवेदनशील पाठ्य जगत तैयार किया गया।

निश्चित ही सम्मान, पुरस्कार लेखकीय ऊर्जा होते हैं। राज आश्रय से परे ढेरों संस्थान देश में कई साहित्यिक पुरस्कार आयोजन कर रहे हैं, जिनके चलते साहित्यिक समाचार सुर्खियां बनते हैं।

विनोद कुमार शुक्ल की अब तक की सर्वाधिक रॉयल्टी हिंद युग्म प्रकाशन द्वारा दी गई । 2025 की हिंदी दुनिया में ये सबसे उत्साहजनक घटनाओं में से एक रही । वरिष्ठ कथाकार, कवि विनोद कुमार शुक्ल को एक ही पुस्तक पर मिली यह असाधारण रॉयल्टी, उनकी बहुचर्चित कृति ‘दीवार में खिड़की रहती थी’, जो मूलतः दशकों पहले प्रकाशित हुई थी, के नए संस्करणों की अप्रत्याशित बिक्री के परिणामस्वरूप (लगभग 30 लाख रुपये की रॉयल्टी ,करीब छह महीनों की अवधि के लिए) उन्हें प्राप्त हुई। इस घटना ने सोशल मीडिया से लेकर पत्र पत्रिकाओं तक व्यापक चर्चा छेड़ दी,क्योंकि आम धारणा यही रही है कि हिंदी में लेखक को आर्थिक रूप से सम्मानजनक प्रतिफल शायद ही कभी मिल पाता है। रॉयल्टी के विपरीत हिंदी लेखक अपने ही पैसे से किताबें प्रकाशित करवा रहे हैं।

यह रॉयल्टी हिंदी युग्म जैसे अपेक्षाकृत नए प्रकाशक द्वारा दी गई, जिसने आक्रामक मार्केटिंग, सुंदर कलेवर, उचित मूल्य निर्धारण और ऑनलाइन ,ऑफ़लाइन दोनों चैनलों का उपयोग करके एक लगभग ‘क्लासिक’ हो चुकी कृति को नए पाठक वर्ग तक पहुँचा दिया। रिपोर्टों में यह संकेत मिलता है कि कुछ ही महीनों में इस एक किताब की 80से 90 हज़ार के आसपास प्रतियाँ बिकीं, जो हिंदी के लिए इन दिनों असामान्य सा आँकड़ा है। इससे दो बातें स्पष्ट हुईं, पहली, कि यदि पारदर्शी रॉयल्टी प्रणाली और मज़बूत वितरण रणनीति अपनाई जाए तो हिंदी में भी लेखक आर्थिक रूप से सम्मानजनक स्थिति हासिल कर सकता है। दूसरी, कि पाठकों के बीच गंभीर, जटिल और कलात्मक साहित्य के लिए भी पर्याप्त जिज्ञासा और तैयार मनोवृत्ति नई पीढ़ी में भी मौजूद है।

पिछले वर्षों में विनोद शुक्ल की रॉयल्टी को लेकर पुराने प्रकाशकों से हुए विवादों और संघर्षों ने यह प्रश्न बार बार उठाया था कि हिंदी में कॉपीराइट और रॉयल्टी की व्यवस्था कितनी पारदर्शी और न्यायपूर्ण है। 2025 की यह घटना उस संघर्ष के एक सकारात्मक पड़ाव की तरह दिखी, जिसने हिंदी प्रकाशन जगत को अपने तौर तरीकों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर किया और युवा लेखकों को यह आश्वस्ति भी दी कि वे अपने श्रम के आर्थिक अधिकारों को लेकर मुखर हो सकते हैं।

आशा करना चाहिए कि इस घटना के दूरगामी साहित्यिक प्रभाव आगामी बरसों में देखने मिलेंगे ।

आजतक का साहित्य उत्सव: मीडिया और साहित्य का संगम

2025 में आजतक जैसे बड़े न्यूज़ चैनल द्वारा आयोजित साहित्य उत्सव ने यह दिखाया कि ‘न्यूज़ इंडस्ट्री’ और ‘लिटरेरी पब्लिक स्फ़ेयर’ के बीच की दूरी लगातार कम हो रही है। इस मंच पर कथाकारों, कवियों और आलोचकों के साथ साथ टीवी एंकर, फ़िल्म निर्माता, स्टैंड अप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भी संवाद में शामिल हुए। इन सत्रों में राजनीति, धर्म, जाति, स्त्री विमर्श, दलित बहुजन चिंतन, पहचान की राजनीति और अभिव्यक्ति की सीमाओं पर खुलकर बातचीत हुई कभी बहस के रूप में, कभी सहज बातचीत के रूप में।

इस उत्सव का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह रहा कि साहित्य को केवल ‘गंभीर’ और ‘संकुचित’ बौद्धिक दायरे से बाहर निकालकर उसे एक लोकप्रिय, टेलीविज़न फ्रेंडली रूप में देश भर के दर्शकों तक पहुँचाया गया। यहाँ राय निर्माण और ‘ट्रेंड’ बनने की प्रक्रिया लाइव टीवी और सोशल मीडिया के ज़रिये एक साथ चलती है; इसलिए यह उत्सव साहित्य के ‘माध्यमिकरण’ (mediatization) का भी उदाहरण बनता है, जहाँ रचनाकार को यह देखना पड़ता है कि उसकी बात किस तरह क्लिप, रील और वायरल अंशों में बदलेगी, और फिर भी वह अपने विचार की जटिलता और ईमानदारी को कैसे बचाए रखे।

‘विश्व रंग’ और अन्य बड़े महोत्सव: वैश्विक क्षितिज पर हिंदी

भोपाल से शुरू हुआ ‘विश्व रंग’ 2025 तक आते आते हिंदी और भारतीय भाषाओं के बड़े अंतरराष्ट्रीय साहित्य कला उत्सवों में शुमार हो चुका है। इस वर्ष के संस्करण में कविता, कहानी, नाटक, आलोचना, लोक कलाओं, चित्रकला, संगीत और सिनेमा को एक साझा मंच पर रखकर यह दिखाने की कोशिश की गई कि भाषा कला और दृश्य कला के बीच की रेखाएँ कितनी तरल होती जा रही हैं। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ साथ यूरोप, एशिया और अफ्रीका के कई रचनाकारों की भागीदारी ने इसे ‘वैश्विक दक्षिण’ के एक बड़े सांस्कृतिक संवाद स्थल में बदल दिया।

‘विश्व रंग’ के कई सत्र अनुवाद पर केंद्रित रहे क्योंकि हिंदी और भारतीय भाषाओं को विश्व पटल पर मज़बूत बनाने के लिए अनुवाद ही वह सेतु है, जो स्थानीय अनुभूतियों को अंतरराष्ट्रीय पाठकों तक पहुँचाता है। यहाँ यह चर्चा भी हुई कि अनुवाद केवल भाषा बदलाव नहीं, बल्कि सत्ता संबंधों, बाज़ार की रणनीतियों और वैचारिक चयन से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। कौन सा लेखक अनूदित होगा, किस भाषा में, किस पाठक समूह के लिए, ये सब जटिल प्रश्न हैं। इसी के समानांतर देश भर में अलग अलग शहरों में होने वाले साहित्य उत्सवों और पुस्तक मेलों ने यह दिखाया कि अब साहित्यिक गतिविधियाँ केवल दिल्ली या कुछ महानगरों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि छोटे टे शहर भी अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के साथ इस परिदृश्य में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। दिल्ली का विश्व पुस्तक मेला हर वर्ष ढेरों नई किताबें और विमर्श के नए बौद्धिक आयाम लाता है। भोपाल से भी स्तरीय किताबें , तथा नियमित लेखन किया जा रहा है। और भोपाल साहित्य का मुखर स्वर बन रहा है।

लेखकों के निधन और साहित्यिक स्मृति

2025 के वर्ष में जहाँ एक ओर उत्सवों और पुरस्कारों से भरी हलचल रही, वहीं दूसरी ओर कुछ महत्त्वपूर्ण वैश्विक और भारतीय लेखकों के निधन ने साहित्य जगत को शोकाकुल भी किया। विश्व साहित्य में समलैंगिक जीवन, आधुनिकता, अकेलेपन और प्रेम के जटिल अनुभवों को सूक्ष्मता से दर्ज करने वाले अमेरिकी उपन्यासकार एडमंड व्हाइट का 85 वर्ष की आयु में निधन हुआ। उनकी रचनाएँ केवल व्यक्तिगत कामुकता की नहीं, बल्कि उस सामाजिक और राजनीतिक माहौल की गवाही भी हैं, जिसमें LGBTQ+ समुदाय ने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

इसी वर्ष अन्य अनेक देशों के लेखकों, समीक्षकों और अध्येताओं के निधन दर्ज हुए, जिनके नाम और कृतियाँ विभिन्न प्लेटफ़ॉर्मों पर ‘2025 में विदा हुए लेखक’ जैसी सूचियों के रूप में संकलित की गईं। ऐसी सूचियाँ यह याद दिलाती हैं कि समकालीन पाठक जिन किताबों को आज सामान्य मानकर पढ़ता है, उनके पीछे दशकों की साधना, संघर्ष, आर्थिक असुरक्षा और अक्सर सामाजिक अस्वीकार भी छिपा होता है। किसी लेखक का निधन केवल ‘एक व्यक्ति की मृत्यु’ नहीं, बल्कि एक विशिष्ट संवेदना जगत, एक विशिष्ट भाषा लहजे और अनुभव दृष्टि का अवसान भी होता है, जिसे केवल उसकी किताबें ही भविष्य के लिए बचाकर रख पाती हैं।

2025 में हिंदी के कई महत्वपूर्ण साहित्यकारों का निधन हुआ, जिनमें भोपाल के प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’जिन्होंने गीता, मेघदूत, रघुवंश जैसे ग्रंथों का हिंदी भाव अनुवाद किया, और उन्हें भारतीय भाषा परिषद के सम्मान से सम्मानित किया गया था, प्रो राम दरश मिश्र, कहानीकार राजी सेठ लखनऊ के वरिष्ठ व्यंग्यकार अनूप श्रीवास्तव, गोपाल चतुर्वेदी आदि का जाना साहित्य जगत को रिक्तता का अहसास करा गया ।

2025: साहित्य की दिशा पर समेकित दृष्टि

इन सारी घटनाओं , नोबेल सम्मान, साहित्य अकादेमी पुरस्कारों, विनोद कुमार शुक्ल की रॉयल्टी, आजतक का साहित्य उत्सव, ‘विश्व रंग’ जैसे अंतरराष्ट्रीय महोत्सवों और अनेक रचनाकारों के निधन को एक साथ समग्रता से देखें तो 2025 साहित्य के लिए एक द्वंद्वपूर्ण लेकिन आशाजनक वर्ष के रूप में सामने आता है। एक ओर पुरस्कार और उत्सव यह दिखाते हैं कि साहित्य अब भी सांस्कृतिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक संवाद का एक प्रमुख माध्यम है, दूसरी ओर रॉयल्टी, कॉपीराइट और मार्केटिंग से जुड़ी बहसें साफ़ करती हैं कि रचनाकार के श्रम का आर्थिक न्याय अभी अधूरा है, लेकिन उसकी दिशा में कुछ महत्वपूर्ण कदम उठने लगे है।

साथ ही, वैश्विक और भारतीय मंचों पर हाशिए के समुदायों दलित, आदिवासी, स्त्री, प्रवासी, अल्पसंख्यक की आवाज़ों को बढ़ती प्रमुखता मिलना यह संकेत देता है कि भविष्य का साहित्य और अधिक बहुवचन, अधिक लोकतांत्रिक और अधिक आत्म आलोचनात्मक होगा। साहित्यिक उत्सवों का ‘मीडियाकरण’ जहाँ एक जोखिम और चुनौती है, वहीं यह अवसर भी है कि लाखों लोग उन बहसों से परिचित हों, जो पहले केवल पत्रिकाओं के सीमित पाठक समूह तक पहुँचती थीं। इस अर्थ में 2025 को ऐसे वर्ष के रूप में याद किया जा सकता है जिसमें साहित्य ने बाज़ार और मीडिया के दबावों के बीच भी अपने मानवीय, आलोचनात्मक और स्वप्नद्रष्टा रूप को बचाए रखने की ज़िद जारी रखी।

© श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

म प्र साहित्य अकादमी से सम्मानित वरिष्ठ व्यंग्यकार 

आजकल न्यूयॉर्क में

संपर्क – ए 233, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी भोपाल 462023

मोब 7000375798, ईमेल apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares