डॉ. रीटा अरोड़ा
(डॉ. रीटा अरोड़ा जी का ई-अभिव्यक्ति में हार्दिक स्वागत. सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर। समाचार पत्रों एवं पत्र-पत्रिकाओं में आपके लेख एवं कविताएं निरंतर प्रकाशित होती रही हैं। आपका लेख-संग्रह ‘बांस का विवेक’ हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों संस्करणों में केडीपी (KDP) पर ‘अकीरा अराता’ (AKIRA ARATA) उपनाम से प्रकाशित है। आप जनवादी लेखक संघ, हरियाणा की सक्रिय सदस्य हैं।)
☆एक व्यंग्यात्मक लघुकथा ☆ प्रबुद्ध जी से कौन जीते! ☆ डॉ. रीटा अरोड़ा ☆
☆
सुबह पार्क में शर्मा जी ने पूछा, “वर्मा जी, ये प्रबुद्ध व्यक्ति की पहचान क्या होती है?”
वर्मा जी मुस्कराए, “जो सबको समझाए, लेकिन किसी की न सुने!”
तभी सामने से प्रबुद्ध जी आते दिखाई दिए।
शर्मा जी बोले, “प्रबुद्ध जी, सुना है आप हर विषय के विशेषज्ञ हैं?”
“सुना क्या है? यह तो सर्वविदित सत्य है!”
“लेकिन आपकी कुछ बातें गलत भी निकलती हैं!”
“गलत मेरी बातें नहीं, लोगों की समझ होती है!”
वर्मा जी ने पूछा, “फिर आलोचना करने वालों का क्या?”
“वे सब अज्ञानी हैं, समाज के दुश्मन!”
“और आपकी प्रशंसा करने वाले?”
“वे सच्चे बुद्धिजीवी हैं!”
शर्मा जी ने हँसकर पूछा, “आप तो निष्पक्ष विचारक हैं, फिर हमेशा ताकतवर लोगों का समर्थन क्यों करते हैं?”
प्रबुद्ध जी बोले, “अरे भाई, समझदार आदमी हवा का रुख पहचानता है!”
“और सच का साथ?”
“सच भी परिस्थितियों के अनुसार बदलता है!”
इतने में एक बच्चे ने मासूमियत से पूछा, “अंकल, अगर आप इतने ज्ञानी हैं, तो सवालों से डरते क्यों हैं?”
प्रबुद्ध जी नाराज़ होकर बोले, “आजकल बच्चों में संस्कार ही नहीं रहे!”
वर्मा जी धीरे से शर्मा जी के कान में बोले, “समझ गए? जिसे अपनी गलती दिखाई न दे, आलोचना सुनाई न दे और प्रशंसा के अलावा कुछ भाए न, वही आजकल प्रबुद्ध कहलाता है!”
शर्मा जी हँस पड़े, “तभी तो आजकल प्रबुद्धों की कमी नहीं, समझदारों की कमी है!”
☆
© डॉ रीटा अरोड़ा
सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर करनाल
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




