श्री विजय कुमार

(आज प्रस्तुत है सुप्रसिद्ध एवं प्रतिष्ठित पत्रिका शुभ तारिका के सह-संपादक श्री विजय कुमार जी  की एक विचारणीय लघुकथा  “सही मूल्यांकन)

☆ लघुकथा – सही मूल्यांकन ☆ श्री विजय कुमार, सह सम्पादक (शुभ तारिका) ☆

फेसबुक खोलकर राजेश एक साहित्य ग्रुप में डाली गई पोस्टों को देखने-पढ़ने लगा। आज भी एक लेखिका द्वारा अपनी एक रचना के किसी अन्य द्वारा अपने नाम से पोस्ट किए जाने पर आपत्ति दर्ज करते हुए उस पर चर्चा-परिचर्चा की जा रही थी। ग्रुप से जुड़े लगभग सभी रचनाकार या पाठक वर्ग इस कृत्य की निंदा कर रहे थे, जो सही भी था। किसी भी रचनाकार के साथ यह अन्याय ही था।

…परंतु राजेश सोच रहा था, ‘क्या जरूरत है अपनी नवीनतम रचना को इस तरह फेसबुक या व्हाट्सएप्प पर डालने की? पता नहीं क्यों, सभी को वाहवाही लूटने की इतनी जल्दी रहती है कि इधर कोई कविता, लघुकथा या अन्य रचना लिखी नहीं, उधर तुरंत पोस्ट कर दी। कई तो लगता है कि सीधे लिखते ही फेसबुक या व्हाट्सएप्प पर ही हैं। कई बार तो कितनी अशुद्धियाँ होती हैं, और रचना भी अधपकी-सी होती है। फिर सिलसिला शुरू हो जाता है वाहवाही का। अगर कोई गलती से रचना के खिलाफ कोई टिप्पणी कर दे, तो सभी उस बेचारे टिप्पणी करने वाले की हालत खराब करके रख देते हैं। यदि कोई रचना अच्छी हो, तो तुरंत चोरी हो जाती है। बस फिर कोसते रहो। क्या फेसबुक या व्हाट्सएप्प पर किसी रचना का सही मूल्यांकन हो पाता है?’

सोचते-सोचते उसने अपना ईमेल अकाउंट खोला और विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं को अपनी रचनाएं पोस्ट करने में व्यस्त हो गया…।

***

©  श्री विजय कुमार

सह-संपादक ‘शुभ तारिका’ (मासिक पत्रिका)

संपर्क – # 103-सी, अशोक नगर, नज़दीक शिव मंदिर, अम्बाला छावनी- 133001 (हरियाणा)
ई मेल- urmi.klm@gmail.com मोबाइल : 9813130512

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments