श्री संतोष नेमा “संतोष”
(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में प्रस्तुत हैं “संतोष के दोहे”। आप श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # 63 ☆
☆ संतोष के दोहे ☆
राजनीति अब आज की, बनी एक उद्योग
मुश्किल से ही छूटता, सत्ता सुख का भोग
काम जाल फैला रहे, नव युग के परिधान
विज्ञापन की दौड़ में, नारी से पहिचान
कलियुग में होने लगी, हिंसा की भरमार
सदाचार खोने लगा, हिंसक हुए विचार
नव पीढ़ी गर तय करे, अपना जीवन लक्ष्य
बढ़कर पा ले लक्ष्य तब, ऐसा सबका कथ्य
सेवा करें अनाथ की, यही नेक है काम
पर हित जो करते सदा, उनका है श्रीधाम
© संतोष कुमार नेमा “संतोष”
सर्वाधिकार सुरक्षित
आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 9300101799




