डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज  प्रस्तुत है आपका एक  समसामयिक विषय पर विचारणीय व्यंग्य  ‘शोनार बांग्ला में अंतरात्मा का उपद्रव‘। इस अतिसुन्दर व्यंग्य रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 91 ☆

☆ व्यंग्य – शोनार बांग्ला में अंतरात्मा का उपद्रव 

बंगाल में अफरातफरी का माहौल है। तू चल मैं आया की स्थिति है। जनता के चुने हुए प्रतिनिधि रोज़ पार्टी बदल रहे हैं। हर दूसरे चौथे दिन पार्टी-परिवर्तन के जलसे हो रहे हैं। गले में नयी पार्टी के दुपट्टे डाले जा रहे हैं, चरन-धूल बटोरी जा रही है। पता नहीं कभी माता- पिता के चरन भी छुए थे या नहीं। दल-बदलुओं के मुख पर चौड़ी मुस्कान है,  पुरानी पार्टी छोड़ने का कोई मलाल नहीं है। जैसे गंगा-स्नान को आये हों। जनता भकुआयी देख रही है। यह सब किसके लाभार्थ हो रहा है? यह हृदय-परिवर्तन क्यों और कैसे हुआ? जिन्हें कल तक गाली देते मुँह सूखता था, अब उन्हीं के लिए मुख से फूल झर रहे हैं। लेकिन इसमें कुछ भी नया नहीं है। हमारा देश विश्वगुरू है, सौ टंच ईमानदार है। यहाँ यह सब होता रहता है, फिर भी हमारी महानता बेदाग़ रहती है। यहाँ चार पाँच बार पार्टी बदल चुके सिद्धांतवादी भी बैठे हैं। याद करना मुश्किल है कि कब कहाँ से चले थे और किस किस घाट का पानी पीकर इस घाट लगे। जहाँ भी जाएंगे, दाना-पानी तो पायेंगे ही।

विधायक गुन्नू बाबू से पूछा जाता है कि पार्टी क्यों बदल रहे हैं। जवाब मिलता है, ‘अरे भाई,  क्या बताएँ! बहुत तकलीफ है। अंतरात्मा चैन से नहीं बैठने देती। बार बार पुकारती है ‘पार्टी बदलो, पार्टी बदलो’। इतना परेशान करती है कि रात को नींद नहीं आती। उठ उठ के बैठ जाता हूँ। उठ के लॉन में चक्कर लगाता हूँ, फिर भी चैन नहीं मिलता। पार्टी छोड़ना कोई आसान काम है क्या? अरे राम राम!’

सवाल होता है,  ‘अंतरात्मा क्यों परेशान करती है,  गुन्नू बाबू?’

गुन्नू बाबू बड़े भोलेपन से उत्तर देते हैं,  ‘देखो भाई,  हम पॉलिटिक्स में जनता की सेवा के लिए आये हैं। अब हमारी पार्टी में जनता की सेवा का मौका नहीं मिलता। जनता की सेवा का मौका नहीं मिलेगा तो हम पार्टी में कैसे रहेंगे? जनता को क्या मुँह दिखायेंगे?’

फिर कहते हैं,  ‘हमको एक ही काम आता है—जनता की सेवा करना। दूसरा काम नहीं आता। तीन पीढ़ी से यही कर रहे हैं और बाल-बच्चों को भी इसी की ट्रेनिंग दे रहे हैं। पूरी जिन्दगी जनता को समर्पित है। जनता के लिए जीना है और जनता के लिए मरना है। जनता की सेवा जैसा संतोष कहीं नहीं।’

रिपोर्टर पूछता है,  ‘कोई पद-पैसे का लालच है क्या?’

गुन्नू बाबू कानों को हाथ लगाते हैं,  कहते हैं,  ‘अरे राम राम! जनता की सेवा में पद-पैसे का क्या सवाल? ये तो अपने ध्यान में आता ही नहीं है। बस अंतरात्मा की पुकार सुनना है और जिधर जनता की सेवा का मौका मिले उधर जाना है। फायदा नुकसान का एकदम नहीं सोचना है। भारत माता की जय।’

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments