डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज  प्रस्तुत है आपका एक अतिसुन्दर व्यंग्य  ‘मुहल्ला लकड़गंज में धरम की हानी’। इस अतिसुन्दर व्यंग्य रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 101 ☆

☆ व्यंग्य – मुहल्ला लकड़गंज में धरम की हानी

मुहल्ला लकड़गंज शूरवीरों का मुहल्ला है। मुहल्ले की सबसे लोकप्रिय जगह नुक्कड़ पर बनी कलारी है। शाम को सात बजे के बाद मुहल्ले के साठ प्रतिशत वयस्कों के कदम उसी दिशा में जाते हैं।  जाते वक्त वे बहुत सामान्य, ढीले-ढाले और भीरु लोग होते हैं, लेकिन लौटते में वे दुनिया को ठेंगे पर रखते, देश के प्रधान-मंत्री से लेकर मुहल्ले के थानेदार तक को ललकारते लौटते हैं। फिर रात के बारह एक बजे तक ज़्यादातर घरों में धमाचौकड़ी मचती है, बर्तनों और चीज़ों की तोड़फोड़ होती है, उसके बाद बेहोशी की शान्ति छा जाती है।

यह कार्यक्रम और वीरता साल दर साल इसलिए चलती रहती है क्योंकि घरों की ज़्यादातर महिलाएँ धार्मिक प्रवृत्ति की हैं और उनको घुट्टी में पिलाया गया है कि पति भले ही दारू पीकर पूरे घर को सिर पर उठाता हो लेकिन वह दरअसल परमेश्वर है और उसकी पूजा फूल-पत्र को छोड़कर और किसी चीज़ से नहीं करनी है।

मुहल्ले के इन्हीं सूरमाओं की पहली पाँत में नट्टूशाह हैं। घर में बच्चे अभी इतने बड़े नहीं हुए कि उन्हें ठोक-पीट कर काबू में रख सकें, इसलिए शाम को पीने के बाद शेर बनकर दहाड़ने लगते हैं। तीन चार घंटे ऐसा नाटक करते हैं कि रोज़ मुहल्लेवालों का बिना टिकट भरपूर मनोरंजन होता है। गालियों में नाना प्रकार के प्रयोग करते हैं, रोज़ दो चार नयी गालियाँ रच लेते हैं। पूरे घर में खाना बिखेरते हैं, और फिर जो सोते हैं तो सबेरे दस बजे तक मुर्दे की तरह पड़े रहते हैं। मक्खियाँ उनके मुँह में अनुसंधान करती रहती हैं। पत्नी आजिज़ है।

एक रात नट्टूशाह रोज़ की तरह पीने के दैनिक कार्यक्रम के बाद अपनी पत्नी शीला देवी का जीना हराम कर रहे थे। उनका प्रिय शगल अपनी पत्नी के नातेदारों को रोज़ मौलिक गालियाँ देना था। शीला देवी सुनती रहती थीं और कुढ़ती रहती थीं।

उस रात शीला देवी परेशान होकर कह बैठीं, ‘बाप के घर में कभी ऐसा तमाशा नहीं देखा। कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसे लोगों के साथ जिन्दगी काटनी पड़ेगी।’

और बस नट्टूशाह शुरू हो गये। हाथ नचाते हुए बोले, ‘तुमने बाप के घर में देखा ही क्या था। वह फटीचर कंगाल बुड्ढा क्या दिखाएगा?’ फिर छाती ठोकते हुए बोले, ‘यह सब तो हम रईसों, दिलवालों के घर में देखने को मिलेगा। उस बुड्ढे चिरकुट के घर में क्या मिलेगा?’

स्त्रियाँ स्वभावतः मायके के प्रति बहुत संवेदनशील होती हैं। शीला देवी एड़ी से लेकर चोटी तक सुलग गयीं। बोलीं, ‘खबरदार जो मेरे बाप के बारे में कुछ ऐसा वैसा मुँह से निकाला।’

शीला देवी उस वक्त खाना बना रही थीं। नट्टूशाह उकडूँ बैठकर अपना चेहरा उनके चेहरे के पास लाकर बोले, ‘सच्ची बात सुनने में मिर्चें लगती हैं। हम रईसों के सामने उस बुड्ढे की क्या हैसियत है?कहाँ राजा भोज और कहाँ गंगू तेली!’

क्रोध में शीला देवी का माथा घूम गया। हाथ में चिमटा था। दाँत पीसकर चिमटे को पतिदेव के मुँह की तरफ धकेल दिया। नट्टूशाह एक तो नशे में टुन्न थे, दूसरे वे उकड़ूँ बैठे थे। चिमटा अचानक ही रॉकेट की तरह उनके मुँह के सामने आ गया। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि यह स्त्री सदियों के पढ़ाये पाठ को भूलकर इस तरह पापाचार करेगी। शीला देवी फिर भी अपनी मर्यादा नहीं भूल पायीं, इसलिए चिमटा नट्टूशाह की ठुड्डी छूकर रह गया। लेकिन इस अचानक हमले से राजा भोज अपना सन्तुलन खोकर पीछे की तरफ उलट गये।

कुछ देर तक तो उन्हें समझ में ही नहीं आया कि यह क्या हो गया। सदियों की बनायी इमारत एक पल में ढह गयी। अविश्वास की स्थिति में वे चित्त पड़े, सिर को बार बार झटका देते रहे। फिर अपने को समेटकर जितनी जल्दी हो सका, उठे। भारी बेइज्जती हो गयी थी।

शीला देवी समझ गयीं कि पतिदेव अन्य कमज़ोर और खीझे पुरुषों की तरह उन पर हाथ उठाएंगे। उन्होंने चिमटे को अपनी रक्षा का हथियार बनाया। चिमटा मज़बूत, मोटा था। शराबियों से रक्षा के लिए काफी था। नट्टूशाह बार बार उनकी तरफ लपकते थे और वे बार बार चिमटा उनकी तरफ धकेल देती थीं। नट्टूशाह हर बार भयभीत होकर पीछे हट जाते थे। नशे के कारण हाथों पर इतना काबू नहीं था कि चिमटे को पकड़ कर छीन सकें। नशा इतना था कि एक की जगह तीन तीन चिमटे दिखते थे। एक को पकड़ते तो दो छूट जाते थे।

वे चार पाँच कोशिशों में थक गये।  बिस्तर पर लेट कर हाँफते हुए बोले, ‘हरामजादी, सबेरा होने दे। झोंटा पकड़कर घर से न निकाला तो कहना। फिर जाना उसी कंगाल बाप के पास।’

शीला देवी जानती थीं कि सबेरे नट्टूशाह सामान्य, पालतू गृहस्थ बन जाएंगे। वे निश्चिंत होकर लेट गयीं। कुछ देर तक पश्चाताप हुआ कि पति पर हाथ उठाया, फिर सोचा कि धमकाया ही तो है, मारा कहाँ है?अगर धमकाने से घर में शान्ति रहती है तो क्या बुरा है?’

सबेरा होते ही नट्टूशाह अपनी विशिष्टता खोकर एक मामूली इंसान और ज़िम्मेदार गृहस्थ बन गये। सारे काम ऐसे तन्मय होकर निपटाते रहे जैसे रात को कुछ हुआ ही न हो। लेकिन शाम होते ही कच्चे धागे से बँधे मैख़ाने में पहुँच गये। वहाँ पहुँचने के आधे घंटे के भीतर ही वे जार्ज पंचम बन गये। जिनके सामने दिन में मुँह खोलने की हिम्मत नहीं होती थी उनका नाम लेकर  जी भरकर गालियाँ देते रहे और मन की भड़ास निकालते रहे।

लड़खड़ाते कदमों से घर की तरफ बढ़े कि एकाएक शीला देवी का चिमटा हवा में तैर गया। नट्टूशाह का आधा नशा उतर गया। लड़खड़ाते कदम अपने आप सध गये। अब घर पहले जैसा निरापद नहीं रहा। स्त्रियाँ धरम छोड़कर चलने लगें तो घर को नरक बनते कितनी देर लगती है?

आगे आगे उनके मित्र छैलबिहारी पूरी सड़क नापते जा रहे थे। बड़े ज्ञानी माने जाते थे। कलारी में दो पेग के बाद उनके श्रीमुख से ज्ञान के फुहारे छूटते थे। नट्टूशाह ने आवाज़ देकर उन्हें रोका, कहा, ‘दादा, आपसे एक जरूरी बात करनी थी। घर में कल रात बहुत अधरम की बात हो गयी। तब से दिमाग खराब है।’ उन्होंने रात की पूरी घटना सुनायी। फिर बोले, ‘आप सयाने आदमी हो। धरम करम वाले हो। थोड़ा चलकर उनको ऊँचनीच समझा दो। धरम के खिलाफ जाएंगीं तो उनका ही परलोक बिगड़ेगा।’

छैलबिहारी उनकी बात सुनकर एक मिनट सोच कर बोले, ‘भैया, ऐसा है कि आजकल की लेडीज़ का कोई भरोसा नहीं है। हम समझाने जाएंगे तो हो सकता है हमारी भी बेइज्जती हो जाए। आप उनके हज़बैंड हो, आप ही उन्हें समझाओ तो ठीक होगा। उन्हें बताना कि रामायन में लिखा है कि स्त्री के लिए पति के सिवा दूसरा देवता नहीं होता। पति की इंसल्ट करेंगीं तो एक दिन उसका दंड भुगतना पड़ेगा।’

इतना ज्ञान देकर छैलबिहारी लटपटाते हुए आगे बढ़ गये। नट्टूशाह झिझकते हुए घर में घुसे और कमरे में कुर्सी पर बैठ गये। शीला देवी आँगन में सब्ज़ी छीलने में लगीं थीं। पतिदेव को मौन बैठा देखकर समझ गयीं कि कल के चिमटा-प्रकरण का कुछ असर हुआ है।

थोड़ी देर विचार में डूबे रहने के बाद नट्टूशाह बाहर निकलकर पत्नी के पास पड़े स्टूल पर बैठ गये। उनके चेहरे को थोड़ी देर पढ़कर धीरे धीरे बोले, ‘देखो, कल आपसे बड़े अधरम की बात हो गयी। आप जानती हो कि शाम को हम जरा दूसरे मूड में रहते हैं,लेकिन आपको अपना धरम नहीं छोड़ना चाहिए था। शास्त्रों में पति को परमेश्वर का दरजा दिया गया है। हमसे गलती हो सकती है, लेकिन आपको अपने धरम से नहीं डिगना चाहिए। इसमें आपका बड़ा नुकसान हो सकता है।’

शीला देवी समझ गयीं कि पतिदेव की यह विनम्रता कल की घटना के कारण है और अब जीती हुई ज़मीन को छोड़ना मूर्खता होगी। वे गंभीर मुख बनाकर बोलीं, ‘यह परवचन हमें न सुनाओ। हम धरम अधरम समझते हैं। आप चाहते हो कि आप रोज हमारे मायके वालों को गालियाँ सुनाओ और हम बैठे बैठे सुनें, तो अब यह नहीं होगा। परलोक में हमसे जवाब माँगा जाएगा तो तुम्हारी करतूत भी तो बखानी जाएगी। सारा धरम हमारे ही लिए है, मर्दों का कोई धरम नहीं है क्या?’

नट्टूशाह लम्बी साँस लेकर खड़े हो गये। चलते चलते बोले, ‘भई, हम तो आपका भला चाहते हैं, इसलिए आपको समझाया। आपको अधरम के रास्ते पर चलना है तो चलिए। नतीजा आप ही भोगोगी,हमें क्या!अभी हम थोड़ा अन्दर लेटने जा रहे हैं। खाना बन जाए तो बुला लेना। हमें झगड़ा-फसाद पसन्द नहीं।’

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
5 1 vote
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments