डॉ.राजेश ठाकुर
( प्रो डॉ राजेश ठाकुर जी का मंतव्य उनके ही शब्दों में – “पाखण्ड, अंध विश्वास, कुरीति, विद्रूपता, विसंगति, विडंबना, अराजकता, भ्रष्टाचार के खिलाफ़ जन-समुदाय को जागृत करना ही मेरी लेखनी का मूल प्रयोजन है…l” अब आप प्रत्येक शनिवार डॉ राजेश ठाकुर जी की रचनाएँ आत्मसात कर सकते हैं. आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण रचना “युवा सृजन संवाद…“.)
साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कविता # ४९
कविता – युवा सृजन संवाद… ☆ प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर
=1=
युवा सृजन संवाद करें हम
नव भारत आबाद करें हम l
युवा मुक्त हों, अपराधों से
नशे से उन्हें आज़ाद करें हम
=2=
स्वास्थ्य मानसिक बेहतर होवे
जातिवाद सर ढँककर रोवे
अनुशासन व जिम्मेदारी से
दूर मन के अवसाद करें हम
=3=
हर नागरिक एक सिपाही
पुलिस हमारी है हमराही
ज़ज़्बा जोश जुनूँ जीवटता
काम सभी निर्बाध करें हम
=4=
दोस्त जैसी पुलिस की वर्दी
रखती जो जन से हमदर्दी
देश-भक्ति जन-सेवा पहले
काम निजी सब बाद करें हम
=5=
नित सम्मान हो संविधान का
रखें ध्यान निज स्वाभिमान का
भारत अपना विकसित होवे
हौसलों को फ़ौलाद करें हम
=6=
सबकी सामाजिक हो सुरक्षा
मिले मानवाधिकार की शिक्षा
विश्व गुरु, सोने की चिड़िया
जन-मानस दिलशाद करें हम ll
=7=
अधिकार कर्तव्य जो मौलिक
भेद-भाव मिट जायें भौगोलिक
संविधान क़ानून को समझें
सबक़ नये नित याद करें हम
=8=
समावेशी समाज हो अपना
स्वदेशी आग़ाज़ हो सपना
भारत अपना विकसित होवे
संकल्प शंखनाद करें हम ll
=9=
साइबर क्राइम को पहचानो
नियम-कायदों को तुम जानो
व्यवहार संवेदनशील हो
बे-वज़ह न विवाद करें हम
=10=
स्वस्थ रहें और मस्त रहें हम
सद् कर्मो में व्यस्त रहें हम
‘राजेश’ बाल-संरक्षण का
भाव ये ज़िंदाबाद करें हम
☆
© प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर
प्राचार्य, शासकीय कॉलेज़ केवलारी
संपर्क — ग्राम -धतूरा, पोस्ट – जामगाँव, तहसील -नैनपुर, जिला -मण्डला (म.प्र.) मोबा. 9424316071
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





