श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # ४३८ ☆

?  आलेख – युवा साहित्य की आवश्यकता और संभावनाएं ? श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

किसी भी समाज का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी के मन में आकार लेता है। उसके सपनों में आने वाले समय की इबारत होती है। उसकी बेचैनी में बदलाव की आहट होती है और उसके प्रश्नों में नए समाज की संभावनाएं छिपी होती हैं। साहित्य जब इन सपनों, बेचैनियों और प्रश्नों को स्वर देता है, तब वह भविष्य की रचना में भी सहभागी बनता है। इसी संदर्भ में जिस प्रकार बाल साहित्य, दलित साहित्य, स्त्री साहित्य और आदिवासी साहित्य की अपनी विशिष्ट पहचान और वैचारिक आधार बन चुके हैं, क्या उसी प्रकार युवा साहित्य की भी कोई स्वतंत्र अवधारणा हो सकती है?

क्या युवा मन के अपने अनुभव संसार, संघर्षों और आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर साहित्य की एक अलग पहचान वांछित है? आज इसकी विशेष आवश्यकता लगती  है।

यहां सबसे पहले एक बात स्पष्ट होनी चाहिए। युवा साहित्य का अर्थ केवल युवाओं द्वारा लिखा गया साहित्य नहीं है। न ही केवल ऐसा साहित्य है जिसे युवा पढ़ें। युवा साहित्य का वास्तविक अर्थ है ऐसा साहित्य जिसमें युवा मन की संवेदनाएं, आकांक्षाएं, बेचैनियां, संघर्ष, स्वप्न और अपने समय से संवाद करने की प्रवृत्ति अभिव्यक्त हो।

बाल साहित्य में बाल मनोविज्ञान, कल्पनाशीलता और जिज्ञासा केंद्र में होती है। स्त्री साहित्य में स्त्री अस्मिता, अनुभव संसार और सामाजिक स्थिति महत्वपूर्ण होते हैं। दलित साहित्य में समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय की आकांक्षा अभिव्यक्त होती है। इसी क्रम में युवा साहित्य में युवा चेतना, उसकी पहचान, उसके प्रश्न और भविष्य के प्रति उसकी दृष्टि केंद्र में होनी चाहिए।

युवा आखिर है कौन? क्या केवल 18 से 35 वर्ष की आयु का व्यक्ति युवा है? या युवापन एक मानसिक अवस्था भी है? वास्तव में युवापन केवल उम्र का गणित नहीं है। नई संभावनाओं के प्रति उत्सुकता, स्थापित मान्यताओं पर प्रश्न उठाने का साहस, बदलाव की आकांक्षा और कुछ नया कर गुजरने की बेचैनी भी युवापन के लक्षण हैं।

भारत में प्रतिवर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि युवा शक्ति के महत्व को समझने का अवसर है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं में आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, कर्मशीलता और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना जगाई थी। युवा ही वह शक्ति है जो देश को नई ऊर्जा और रचनात्मक दिशा दे सकती है। वह समाज में परिवर्तन का वाहक है। विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, कला, साहित्य और सामाजिक जीवन में नए विचारों का प्रवर्तक है। इसलिए युवा साहित्य में केवल युवा जीवन की समस्याओं का चित्रण ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका, उसकी रचनात्मक क्षमता, सामाजिक प्रतिबद्धता और सकारात्मक ऊर्जा को भी स्थान मिलना चाहिए।

आज के युवा का परिवेश बहुत बदल गया है। उसके सामने रोजगार और करियर की चिंता है। प्रतियोगिता का दबाव है। तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की चुनौती है। सोशल मीडिया की आभासी दुनिया है। रिश्तों के बदलते समीकरण हैं। प्रेम, विवाह और परिवार की बदलती धारणाएं हैं। अकेलापन है। मानसिक तनाव है। अपनी पहचान का प्रश्न है। एक ओर वैश्वीकरण ने उसके सामने पूरी दुनिया खोल दी है, दूसरी ओर अपनी जड़ों से जुड़े रहने की चुनौती भी खड़ी की है।

युवा साहित्य की आवश्यकता को समझने के लिए वर्तमान पुस्तक संसार पर भी एक नजर डालना जरूरी है। आज युवाओं के नाम पर उपलब्ध बड़ी संख्या में पुस्तकें रोजगार की तलाश, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और प्रश्नोत्तर शैली की जानकारी पर केंद्रित दिखाई देती हैं। ये पुस्तकें निस्संदेह उपयोगी हैं। रोजगार और जीवन में आगे बढ़ने की तैयारी भी युवा जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लेकिन क्या युवा की पूरी दुनिया इन्हीं विषयों में सिमट जाती है? क्या युवा केवल नौकरी पाने, परीक्षा उत्तीर्ण करने और सफलता के सूत्र जानने के लिए पढ़ता है? युवा पाठकों के लिए कथा साहित्य, आत्मखोज, रिश्तों, पहचान और समकालीन सामाजिक प्रश्नों पर भी लेखन हो रहा है, लेकिन इस क्षेत्र में अभी बहुत व्यापक संभावनाएं हैं। रोजगार और सफलता की तैयारी के साथ जीवन को समझने, महसूस करने और प्रश्न करने वाला साहित्य भी युवा को चाहिए।

एक महत्वपूर्ण पक्ष युवा मनोविज्ञान का है, जिस पर अपेक्षित गंभीरता से लिखा जाना चाहिए। किशोरावस्था से युवावस्था में प्रवेश जीवन का बड़ा संक्रमण  काल होता है। इस दौरान शारीरिक और मानसिक बदलाव होते हैं। भावनाएं तीव्र होती हैं। आकर्षण, प्रेम, असुरक्षा, आत्मसम्मान और पहचान के प्रश्न उभरते हैं। परिवार और समाज की अपेक्षाओं के बीच अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने की इच्छा जन्म लेती है। पढ़ाई का दबाव, करियर की अनिश्चितता, असफलता का भय, बेरोजगारी, आर्थिक आत्मनिर्भरता, मित्रता में बदलते संबंध, प्रेम में टूटन, विवाह की अपेक्षाएं, वैवाहिक जीवन के तनाव और नई पारिवारिक जिम्मेदारियां युवा के जीवन को प्रभावित करती हैं। आज के समय में विवाह और रिश्तों की बदलती परिभाषाएं भी अनेक नए प्रश्न खड़े कर रही हैं। इन परिस्थितियों से उपजने वाला अकेलापन, अवसाद, कुंठा और मानसिक तनाव भी साहित्य का विषय होना चाहिए। साहित्य इन समस्याओं का चिकित्सकीय विकल्प नहीं है, लेकिन संवेदनशील अभिव्यक्ति के माध्यम से युवा को यह अनुभव करा सकता है कि वह अकेला नहीं है। उसके प्रश्न सुने और समझे जा रहे हैं। इस तरह युवा साहित्य केवल मनोरंजन या प्रेरणा का माध्यम नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और भावनात्मक संवाद का माध्यम भी बन सकता है।

युवा साहित्य का उद्देश्य युवाओं को आदर्श नागरिक बनाने का उपदेश देना नहीं होना चाहिए। उसे अपने समय को समझने की दृष्टि देनी चाहिए। प्रश्न करने का साहस देना चाहिए। विवेक और संवेदना विकसित करनी चाहिए। अपनी संभावनाओं को पहचानने की प्रेरणा देनी चाहिए। साहित्य युवाओं के लिए दर्पण भी बने और खिड़की भी। दर्पण, जिसमें वे स्वयं को देख सकें। खिड़की, जिससे वे दुनिया को नए दृष्टिकोण से देख सकें।

इसकी संभावनाएं बहुत व्यापक हैं। कविता, कहानी, उपन्यास, नाटक, व्यंग्य, लघुकथा, विज्ञान कथा, यात्रा वृत्तांत और संस्मरण सभी इसके माध्यम बन सकते हैं। पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक चेतना, उद्यमिता और वैश्विक नागरिकता जैसे विषय इसके कथ्य बन सकते हैं। प्रेम, मित्रता, रिश्ते, लैंगिक समानता, मानसिक स्वास्थ्य, अकेलापन और पीढ़ियों के बीच संवाद भी इसके महत्वपूर्ण विषय हैं।

आज का युवा केवल अपने शहर या देश तक सीमित नहीं है। वह वैश्विक संसार का हिस्सा है। विदेशों में पढ़ रहा है। रोजगार के लिए देश बदल रहा है। नई संस्कृतियों से परिचित हो रहा है। अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान को बचाने की कोशिश भी कर रहा है। प्रवासी युवा के अनुभव, उसकी दुविधाएं और दो संस्कृतियों के बीच उसका जीवन भी युवा साहित्य का महत्वपूर्ण विषय हो सकता है।

युवा साहित्य को केवल गंभीर और समस्यामूलक साहित्य तक सीमित करना भी उचित नहीं होगा। उसमें हास्य होना चाहिए। रोमांच होना चाहिए। कल्पना और मनोरंजन होना चाहिए। व्यंग्य होना चाहिए। जीवन का उत्सव भी होना चाहिए। युवा केवल समस्याओं से घिरा हुआ मनुष्य नहीं है। वह सपने देखता है। प्रेम करता है। हंसता है। जोखिम उठाता है। असफल होता है और फिर उठकर आगे बढ़ता है। उसके इस पूरे व्यक्तित्व को साहित्य में स्थान मिलना चाहिए।

इस दिशा में लेखकों के साथ प्रकाशकों और शैक्षणिक संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों और महाविद्यालयों में युवा साहित्य के पाठक मंच बन सकते हैं। युवा स्वयं अपनी रचनाएं लिखें। वरिष्ठ लेखक उनके साथ संवाद करें। साहित्यिक गोष्ठियों में युवाओं की भागीदारी बढ़े। युवा लेखन को प्रोत्साहन मिले। डिजिटल माध्यम, ई पुस्तकें, ऑडियो पुस्तकें और पॉडकास्ट भी इस साहित्य की पहुंच बढ़ा सकते हैं।

एक बात और महत्वपूर्ण है। युवा साहित्य केवल युवा लेखकों का विशेषाधिकार नहीं होना चाहिए। किसी भी आयु का लेखक युवा मन की संवेदना को समझकर युवा साहित्य रच सकता है। उसी तरह युवा लेखक की प्रत्येक रचना स्वतः युवा साहित्य नहीं हो जाती। रचना की विषयवस्तु, दृष्टि और संवेदना ही उसकी पहचान निर्धारित करेंगी।

मेरी दृष्टि में युवा साहित्य की अवधारणा को तीन परस्पर जुड़े आयामों में देखा जा सकता है। युवाओं के लिए साहित्य, युवाओं द्वारा साहित्य और युवा चेतना का साहित्य। इन तीनों में अंतर है। पहला पाठक को केंद्र में रखता है। दूसरा रचनाकार को। तीसरा साहित्य की वैचारिक दृष्टि को।

अंततः युवा साहित्य कोई आयु आधारित साहित्यिक उपवर्ग मात्र नहीं है। यह एक दृष्टि है। एक संवेदना है। एक नई रचनात्मक संभावना है। जिस समाज का युवा अपने समय के प्रश्नों से संवाद करता है, उस समाज का साहित्य भी जीवंत रहता है।

हमें ऐसे युवा साहित्य की आवश्यकता है जो युवाओं को केवल सफलता के सूत्र न बताए, बल्कि जीवन का अर्थ भी समझाए। जो उन्हें नौकरी पाने की तैयारी के साथ जीवन जीने की कला भी सिखाए। जो उन्हें केवल प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं, सहयोग और सहअस्तित्व के लिए भी तैयार करे।

युवा साहित्य का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न शायद यही है कि हम युवाओं के बारे में लिख रहे हैं, या युवाओं के साथ मिलकर उनके समय का साहित्य रच रहे हैं?

क्योंकि युवा साहित्य का अर्थ साहित्य में युवाओं की उपस्थिति भर नहीं है। इसका अर्थ है साहित्य में भविष्य की उपस्थिति सुनिश्चित करना। युवा केवल कल का पाठक नहीं है। वह आज का पाठक भी है, आज का रचनाकार भी और आने वाले समाज का निर्माता भी।

इसलिए युवा साहित्य पर विमर्श दरअसल साहित्य के भविष्य पर विमर्श है। हमें युवाओं के लिए साहित्य रचना ही नहीं है, उन्हें साहित्य की रचना प्रक्रिया का सहभागी भी बनाना चाहिए।

☆

© श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव

स्वतंत्र विचारक, समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

लंदन प्रवास पर

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted