डॉ कुंवर प्रेमिल

(संस्कारधानी जबलपुर के वरिष्ठतम साहित्यकार डॉ कुंवर प्रेमिल जी को  विगत 50 वर्षों से लघुकथा, कहानी, व्यंग्य में सतत लेखन का अनुभव हैं। अब तक 450 से अधिक लघुकथाएं रचित एवं बारह पुस्तकें प्रकाशित। 2009 से प्रतिनिधि लघुकथाएं (वार्षिक) का सम्पादन एवं ककुभ पत्रिका का प्रकाशन और सम्पादन। आपने लघु कथा को लेकर कई  प्रयोग किये हैं।  आपकी लघुकथा ‘पूर्वाभ्यास’ को उत्तर महाराष्ट्र विश्वविद्यालय, जलगांव के द्वितीय वर्ष स्नातक पाठ्यक्रम सत्र 2019-20 में शामिल किया गया है। वरिष्ठतम  साहित्यकारों  की पीढ़ी ने  उम्र के इस पड़ाव पर आने तक जीवन की कई  सामाजिक समस्याओं से स्वयं की पीढ़ी  एवं आने वाली पीढ़ियों को बचाकर वर्तमान तक का लम्बा सफर तय किया है, जो कदाचित उनकी रचनाओं में झलकता है। हम लोग इस पीढ़ी का आशीर्वाद पाकर कृतज्ञ हैं।आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा “दरियादिली “.)

☆ लघुकथा – दरियादिली ☆ डॉ कुंवर प्रेमिल

एक महिला प्रतिदिन बिना नागा पार्क में प्रवेश करती। वहां मुंदी अधमुंदी आंखों से लेटे हुए कुत्तों में जाग पड़ जाती।

उस महिला के पीछे कम से कम एक दर्जन कुत्तों की फौज होती। वह रोटी के छोटे-छोटे टुकड़े फेंकती जाती और कुत्ता समूह उनको चट करता जाता।

एक छोटा सा पिल्ला तो उस महिला की टांगों के बीच फंसा फंसा चलता। बड़े कुत्तों के कारण उसे रोटी मिल ही नहीं पाती थी। जब कभी महिला का ध्यान उस तरफ जाता तो वह झुक कर उसके मुंह में एक दो टुकड़े डाल देती।

कुत्ता समूह खुश था। बैठे ठाले रोज उनकी दीवाली थी। दर्शक महिला की दरियादिली की डटकर प्रशंसा करते।

एक दिन उस महिला की पड़ोसन यह दृश्य देखकर बोली -‘देखो तो इस धन्ना सेठी को, खुद के सास ससुर तो वृद्ध आश्रम में पल रहे हैं और यह कुत्तों को रोटी खिलाकर पुण्य लूट रही है।’

वह महिला इन सब बातों से बेपरवाह थी। उल्टे उसने कुत्तों की रोटी की व्यवस्था के लिए एक रोटी बनाने वाली बाई  भी  रख ली थी।

🔥 🔥 🔥

© डॉ कुँवर प्रेमिल

संपादक प्रतिनिधि लघुकथाएं

संपर्क – एम आई जी -8, विजय नगर, जबलपुर – 482 002 मध्यप्रदेश मोबाइल 9301822782

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
4 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest