हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 215 ☆ कथा कहानी – जोग ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है ममता की पराकाष्ठा प्रदर्शित करती एक सार्थक कहानी ‘जोग’। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 215 ☆

☆ कहानी – जोग 

रामरती बेहाल है। खाना-पीना, सोना सब हराम है। मजूरी के लिए जाती है तो धड़का लगा रहता है कि कहीं शिब्बू बाबाजी के साथ चला न जाए। दिन-रात मनाती है कि बाबाजी गाँव से टर जाएँ, लेकिन बाबाजी भला क्यों जाने वाले? उनका चमीटा आठ दस दिन से गाँव में ही गड़ा है। बस-अड्डे के पास पुरानी धर्मशाला में टिके हैं। सवेरे से गाँव के लोग सेवा के लिए पहुँचने लगते हैं। कोई दूध लेकर पहुँचता है तो कोई चाय लेकर। कोई सीधा-पिसान लिये चला आता है। किसी चीज़ की कमी नहीं। सवेरे नहा धोकर पूजा करने के बाद बाबाजी शीशा सामने रखकर घंटों शरीर पर चंदन तिलक छापते, चेहरे और शरीर को हर कोण से निहारते रहते हैं।

शाम को खासी भीड़ हो जाती है। इनमें स्त्रियों की संख्या ज़्यादा होती है। चरन छूकर आसिरबाद लेने के लिए चली आती हैं। कई स्त्रियाँ समस्याओं के समाधान के लिए आती हैं— बहू को संतान का योग है कि नहीं? बेटा परदेस से कब लौटेगा? बेटे के बाप का रोग कब ठीक होगा? समस्याओं का अन्त नहीं है। बाबाजी कहते हैं स्त्रियाँ बड़ी पुन्यात्मा, बड़ी धरम-करम वाली होती हैं। उन्हीं के पुन्न से धरती टिकी हुई है।         

शाम को बाबाजी की चिलम खूब चलती है। सेवा करने वाले भी परसाद पा जाते हैं। इसीलिए बाबाजी की सेवा के लिए होड़ लगी रहती है। शाम को भजन-मंडलियाँ ढोलक-झाँझ लेकर बाबाजी के पास डट जाती हैं। देर रात तक भजन चलते हैं। बाबाजी मस्ती में झूमते रहते हैं। कभी मस्ती में खुद भी गाने लगते हैं। साथ साथ चिलम भी खिंचती रहती है।

शिब्बू भी दिन भर बाबाजी की सेवा में लगा रहता है। घर आता है तो बस रोटी खाने के लिए। रोटी खाने के बाद ऐसे भागता है जैसे गुड़ के लिए चींटे भागते हैं। कई बार दोपहर को आता ही नहीं। वहीं परसाद पाकर पड़ा रहता है। बाबाजी ने जाने क्या जादू कर दिया है। रात को बारह एक बजे घर लौटता है, चिलम के नशे में लस्त-पस्त। रामरती कुछ शिकायत करती है तो बाबाजी से सीखे हुए जुमले सुनाना शुरू कर देता है— ‘सिंसार के रिस्ते नाते झूठे हैं माता। यहाँ कोई किसी का नहीं। सब माया का परभाव है। गुरू से बढ़कर कोई नहीं। अजगर करै न चाकरी, पंछी करै न काम। पुन्न की जड़ पत्ताल।’

रामरती का हृदय सुलगता है, कहती है, ‘मैं दिन भर मजूरी करके तेरे पेट में अन्न डालती हूँ। तुझे बैठे-बैठे खाते सरम नहीं लगती?’

शिब्बू आँखें झपका कर सन्त की मुद्रा में कहता है, ‘अरे माता, जिसने करी सरम, उसके फूटे करम। इस सिंसार में किसी के करने से कुछ नईं होता।’
रामरती गुस्से में कहती है, ‘करने से तेरा नर भरता है। नईं करती तो भूखा मर जाता, अकरमी।’

शिब्बू ज्ञानी की नाईं मुस्करा कर कहता है, ‘अरे माता, जिसने चोंच दी है वोई दाना देगा। काहे की फिकर। गुरूजी तो कुछ नहीं करते, फिर भी आनन्द में रहते हैं।’

रामरती परेशान है क्योंकि गाँव में खबर गर्म है कि शिब्बू जोग लेगा, बाबाजी का चेला बन कर उन्हीं के साथ चला जाएगा। रामरती ने उसे बड़ी मुश्किल से, बड़ी उम्मीदों से पाला है। बाप दस साल पहले दारू पी पी कर मर गया था। शिब्बू से बड़ी एक बेटी है जिसकी शादी के लिए करजा काढ़ना पड़ा। अब रामरती खेतों में मजूरी करके घर चलाती है। शिब्बू का कोई भरोसा नहीं। एक दिन काम करता तो चार दिन आराम। बना- बनाया भोजन मिल जाता है, इसलिए बेफिक्र रहता है।

शिब्बू का बाप गाँव के बड़े लोगों की संगत में पड़ गया था। उसे इस बात का बड़ा गर्व था कि उसका उठना-बैठना हैसियत वालों में था। दरअसल वह भाँड़गीरी में उस्ताद था। लोगों की नकल और प्रहसन में वह माहिर था। इसीलिए वह बड़े लोगों के मनोरंजन का साधन बना रहता था। उसे चाटने-पोंछने के लिए कुछ न कुछ मिलता रहता था जिसमें वह बड़ा खुश रहता था। घर आता तो तर्जनी और अँगूठे से गोला बनाकर रामरती से कहता, ‘आज अंगरेजी पीने को मिली। मजा आ गया।’

धीरे-धीरे उसे लत लग गयी थी। दारू के लिए घर का सामान बेच देता। रामरती आँसू बहाती, लेकिन घर में सुनने वाला कोई नहीं था। फिर वह बीमार रहने लगा। खाना पीना कुछ नहीं पचता था। गाँव के अस्पताल के डॉक्टर को दिखाया तो उसने बताया, ‘पी पी पर इसका जिगर खराब हो गया है। शहर जाकर दिखाओ। यहाँ ठीक नहीं होगा।’

रामरती कहाँ दिखाये और कैसे दिखाये? आदमी उसकी आँखों के सामने घुलता घुलता चला गया।

शिब्बू के लिए रामरती ने बहुत कोशिश की कि वह पढ़-लिख जाए। उसने उसे गाँव के स्कूल में भर्ती भी करा दिया था, लेकिन उससे आगे उसके हाथ में कुछ नहीं था। वह खुद पढ़ी-लिखी थी नहीं, न उसके पास इतनी फुरसत थी कि शिब्बू की चौकीदारी करे। शिब्बू घर से बस्ता लेकर निकल जाता और फिर स्कूल बन्द होने के समय तक कुछ निठल्ले लड़कों के साथ तालाब के किनारे ‘गिप्पी’ खेलता रहता या आम तोड़ता रहता। उसका मन पढ़ने में नहीं लगता था।

रामरती को कुछ पता नहीं था। वह दाल-रोटी के जुगाड़ में ही उलझी रहती थी। एक दिन संयोग से उसने रास्ते में स्कूल के मास्टर जी को रोककर शिब्बू की प्रगति के बारे में पूछ लिया। जवाब मिला, ‘शिब्बू का तो कई महीने पहले गैरहाजिरी के कारण स्कूल से नाम कट गया है। अब वह स्कूल का छात्र नहीं है।’

सुनकर रामरती का दिल टूट गया। लड़के के भविष्य के उसके सारे सपने ध्वस्त हो गये। घर आकर उसने एक साँटी लेकर शिब्बू की खूब मरम्मत की, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। उसे जितना पीटा, उतना ही माँ का हृदय भी आहत हुआ।

शिब्बू अब गाँव में टुकड़खोरी में लग गया था। गाँव में लोग उसे छोटा-मोटा काम करने के लिए बुला लेते और बदले में उसे थोड़ा-बहुत पैसा या कुछ खाने को दे देते।
गाँव की स्त्रियाँ रामरती को सलाह देतीं, ‘लड़के का ब्याह कर दो। बहू आ जाएगी तो सुधर जाएगा। जिम्मेदार हो जाएगा।’

रामरती भुन कर जवाब देती, ‘नहीं सुधरेगा तो दो दो का पेट कौन भरेगा? फिर कुछ दिन बाद तीसरा भी आ जाएगा। मैं मजूरी- धतूरी करूँगी या बहू की चौकीदारी करूँगी? तब तुम कोई मदद करोगी क्या?’

सुझाव देने वाली भकुर कर आगे बढ़ जाती।

अब बाबाजी के आने से रामरती की जान और साँसत में पड़ गयी है। अगर सचमुच शिब्बू उनके साथ चला गया तो क्या होगा? उसके मन में कहीं न कहीं उम्मीद है कि वह सुधर जाएगा। बाबाजी ले गये तो उसकी उम्मीद बुझ जाएगी। फिर किसके लिए जीना और किसके लिए छाती मारना? सारे समय भगवान से मिन्नत करती रहती कि शिब्बू की मत ठीक बनी रहे।

एक दिन शिब्बू ने वही कह दिया जिसका उसे डर था। बोला, ‘बाई, मैंने बाबाजी से मंतर ले लिया है। उनका चेला बन गया हूँ। उन्हीं के साथ देस देस घूमूँगा। बड़ा आनन्द आएगा। गोबरधन भी जाएगा। वह भी चेला बन गया है।’

रामरती की जान सूख गयी। आँख से आँसू टपकने लगे। सारा आत्माभिमान गल गया। चिरौरी के स्वर में बोली, ‘बेटा, तू चला जाएगा तो मैं किसके सहारे जिऊँगी? अपनी महतारी को बुढ़ापे में बेसहारा छोड़ जाएगा? तू कहीं मत जा बेटा। मैं तुझे बैठे-बैठे खिलाऊँगी।’

शिब्बू ने सीखे हुए वाक्यों में जवाब दिया, ‘माता, कई जीवों के बच्चे दो चार दिन में ही माँ-बाप को छोड़ देते हैं। उनकी माता दुखी नहीं होती? सिंसार से मोह ममता नहीं रखना चाहिए।’

उधर गाँव में बाबाजी के साथ साथ शिब्बू की भी जयजयकार हो रही थी। लोग उसे देखकर हाथ जोड़ते। स्त्रियाँ उसके सामने पड़ जातीं तो बैठ कर आँचल का छोर धरती से छुआ कर माथे पर लगातीं। शिब्बू के पाँव ज़मीन पर नहीं थे। गर्व से उसकी आँखें मुँदी रहती थीं। लोग रामरती से कहते, ‘बड़ी भागवाली हो रामरती। लड़का खूब पुन्न कमाएगा। सब पिछले जनम के सतकरमों का फल है।’

रामरती के ससुर जीवित हैं। दूसरे बेटे के साथ रहते हैं। पढ़े-लिखे न होने के बावजूद  सयाने, समझदार हैं। रामरती अपना दुखड़ा लेकर उनके पास गयी। वे बोले, ‘बेटा, क्या करें? कुएँ में भाँग पड़ी है। सब जैजैकार करने में लगे हैं। तुम्हारी बिथा समझने वाला कौन है? मैंने शिब्बू को समझाया था, लेकिन वह पगला है। समझता नहीं। जैजैकार में फूला फिरता है।’

अब रामरती को लगता था बाबाजी कभी भी चेलों को लेकर खिसक जाएँगे। उसे न नींद आती थी, न मजूरी में मन लगता था। सारे वक्त आँखें शिब्बू को ही तलाशती रहती थीं।

गाँव में पुलिस चौकी थी। दरोगा जी सारे वक्त दुखी बैठे रहते थे क्योंकि गाँव के ज़्यादातर लोग भुक्खड़ थे। आमदनी की संभावना न के बराबर थी। दरोगा जी की नज़र में यह गाँव मनहूस था। एक दोपहर रामरती उनके पास जा पहुँची। बोली, ‘दरोगा जी, धरमसाला में जो बाबाजी आये हैं वे मेरे बेटे को चेला बना कर ले जा रहे हैं। मैं बेसहारा हो जाऊँगी। आप उन्हें रोको,नहीं तो मैं किसी कुएँ में डूब मरूँगी।’

दरोगा जी ने उसके चेहरे को टटोला कि कितना सच बोल रही है, फिर बोले, ‘बाई, मैं क्या कर सकता हूँ? तुम्हारा बेटा बालिग है तो वह अपनी मर्जी से कहीं भी जा सकता है।’

रामरती बोली, ‘वह बालग नहीं है।’

दरोगा जी टालने के लिए बोले, ‘कुछ प्रमाण-सबूत लाओ तो देखेंगे।’

रामरती ने जवाब दिया, ‘ठीक है। मैं इस्कूल से लिखवा कर लाऊँगी।’

रामरती के जाने के बाद दरोगा जी के दिमाग में कीड़ा रेंगा। थोड़ी देर में मोटरसाइकिल लेकर धर्मशाला पहुँच गये। बाबाजी आराम कर रहे थे। दरोगा जी को देख कर उठ कर बैठ गये। दरोगा जी नमस्कार करके बोले, ‘कैसे हैं महाराज?’

बाबा जी दोनों हाथ उठाकर बोले, ‘आनन्द है। खूब आनन्द है। बड़ा प्रेमी गाँव है।’

दरोगा जी ने इधर-उधर नज़र घुमायी, फिर बोले, ‘गाँव से कुछ चेले बनाये क्या?’

बाबा जी का मुँह उतर गया, बोले, ‘अरे नहीं। हम इतनी आसानी से चेला-वेला नहीं बनाते। मन मिले का मेला, चित्त मिले का चेला।बाबा सबसे भला अकेला।’

दरोगा जी बोले, ‘किसी नाबालिग लड़के को चेला मत बनाइएगा। माँ-बाप रिपोर्ट कर देंगे तो आप मुश्किल में पड़ जाओगे।’

बाबाजी घबरा कर बोले, ‘अरे नहीं महाराज! अपने राम इस चक्कर से दूर रहते हैंं।’

दरोगा जी मोटरसाइकिल पर सवार होकर चलते बने, लेकिन बाबाजी के कान खड़े हो गये। चेलों से पूछताछ की तो पता चला रामरती दरोगा जी के पास गयी थी।
शाम को बाबाजी शिब्बू से बोले, ‘बच्चा, अभी तुमको हमारे साथ नहीं जाना है। हमने जो मंतर दिया है उसे साधना है, नहीं तो तुम्हारी साधना कच्ची रह जाएगी। साल भर बाद हम फिर आएँगे, तब तुम्हें अपने साथ ले जाएँगे।’

उसी रात बाबाजी गाँव को सोता और रोता छोड़ कर सारा सीधा-पिसान लेकर अंतर्ध्यान हो गये। रामरती को पता चला तो उसने राहत की साँस ली।

सवेरे शिब्बू ने अपना सारा गुस्सा माँ पर उतारा। दाँत पीसकर बोला, ‘तुम्हीं ने सब गड़बड़ किया। न तुम दरोगा के पास जातीं, न गुरूजी गाँव छोड़कर जाते। लेकिन इससे क्या होता है? क्या गाँव में और बाबा नहीं आएँगे? मैं किसी के भी साथ भाग जाऊँगा।’

रामरती शान्त स्वर में बोली, ‘अभी तो मुसीबत टर गयी, भैया। जब फिर आएगी तो देखेंगे।’

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ मराठी कथा – निर्णय… – सौ. उज्ज्वला केळकर ☆ हिन्दी भावानुवाद – श्री भगवान वैद्य ‘प्रखर’ ☆

श्री भगवान वैद्य प्रखर

☆ मराठी कथा – निर्णय… – सौ. उज्ज्वला केळकर ☆ हिन्दी भावानुवाद – श्री भगवान वैद्य ‘प्रखर’

वह छज्जे पर खड़ी है। बेचैन-सी। सड़क पर आंख लगाए।उसकी बाट जोहते। पंदरह -बीस मिनट पहले वह छत पर आयी थी तब दिन ढलने लगा था। पर साफ नजर आ रहा था। अब सब ओर से अंधियारा छाने लगा है। पश्चिमी आकाश का नारंगी टुकड़ा गहरा सुर्ख होता हुआ काला पड़ता जा रहा है।… अब तक तो आ जाना चाहिए था,उसने !… वैसे कोई जल्दी नहीं है। जितनी देर से आए, उतना अच्छा! …आज पहली बार घर में अकेले होंगे, वे दोनों! कल राहुल को पाचगणी पहुंचाकर दोनों आज सुबह ही घर लौटे हैं। राहुल नौ- साल का, गोलमटोल।सच कहें तो ‘बड़बड़ करनेवाला, थोड़ा शरारती है’, ऐसा कहा था उसने। पर उसे नहीं लगा वैसा शरारती! उसके साथ कोई विशेष बात भी नहीं की। औरों से कैसे खुलकर बातें करता रहता था! … समीप आनेपर कुछ सिंकुड़ -सा जाता है, ऐसा महसूस किया उसने। एक विचित्र दूरी का अहसास होता रहता। मेरे मन में ममता, आत्मीयता उमड़ी ही नहीं। ‘संग रहने से आज लगनेवाली दूरी कम होगी । अपनापन लगेगा।’ उसने कहा था। कौन कहें? पंदरह दिन लगा जैसे जबरन बिठा दिया गया है। मुझे भी घर में विचरण करते कैसा असहज, असामान्य-सा महसूस होता रहा! कभी लगता, राहुल मेरी ओर ऐसे देखता है जैसे उसके हक़ की कोई चीज मैं छीनकर बैठी हूं। कभी लगता, वैसा कुछ नहीं होगा, ये सब मेरे मन का भ्रम  है…! अपराध-बोध मेरे ही मन में घर कर बैठा है, शायद! कभी लगता, उसकी आंखों में  क्रोध, आक्रोश  है! कभी सोचती, वह विलक्षण, स्वाभाविक प्रेम क्या कभी उसके नैनों में, उसके मन में उपजेगा? …ये  विचार मन में आने भर- से कितनी बेचैनी लग रही है!

सौ. उज्ज्वला केळकर

आज राहुल नहीं है। उसकी मुंहबोली चाची भी आज सुबह ही अपने घर लौट गयी। रमेश सुबह आठ बजे घर से बाहर गया और वह एकदम सहज हो गयी। सहज और निश्चिंत।

आज पूरा दिन उसने घर संवारने में लगा दिया। बैठक के फर्निचर की रूपरेखा बदल दी। दरवाजे-खिड़कियों में चमकीले, नारंगी रंग के बड़ी मॉडर्न आर्ट-प्रिंट के परदे थे। उन्हें हटाकर नायलॉन पर बारीक नीले फूलों की डिजाइन वाले हलके नीले रंग के बड़ी-बड़ी झालरवाले परदे लगाए।  शेखर को नीला रंग खूब भाता था। घर को नाम भी उसने ‘नीलश्री’ दिया था। भीतर-बाहर सब ओर नीलाभ छटा। परदे, बेडशीट्‍स, कुशन-कवर्स…सब कुछ गहरे, हलके नीले रंग से सजा हुआ। आज उसने घर का विन्यास बदला और जाने-अनजाने में उसे नागपुर के घर का स्वरूप प्राप्त हो गया। बैठक के कॉर्नर के चौकोनी टी-पॉय पर एक फोटो-फ्रेम थी। बायीं ओर रमेश का पूर्णाकृति फोटो। दायीं ओर राहुल की मम्मी का। उसने राहुल की मम्मी का फोटो हटाया और उसके स्थान पर अपना फोटो रख दिया।

शेखर को बहुत पसंद था वह फोटो। विवाह की सालगिरह पर शेखर ने गहरे नीले रंग की प्रिंटेड जार्जेट लायी थी, उसके लिए। उसी दिन शाम को वह साड़ी पहनकर लंबी, काली चोटी पर मोगरे के फूलों का मोटा-सा गजरा सजाकर, घूमने गयी थी वह। शेख्रर बोला था,

“क्या क्यूट दिख रही हो आज तुम! चलो , फोटो निकालते हैं।”

बगीचे में ही जूही की बेला के नीचे उसने फोटो निकाला।

सोचने लगी, फिजूल लगाया मैंने यह फोटो! कोई दूसरा निकालकर लगाना चाहिए था।

देखते-देखते उसे फ्रेम में रमेश के चेहरे के स्थान पर शेखर का चेहरा दिखायी देने लगा। हँसमुख, तेजस्वी आंखों का शेखर। था तो काला-सांवला ही। पर तीखे नाक-नक्श। इतना बड़ा हो गया फिर भी चेहरे पर बाल-सुलभ भोलापन कायम! हँसता तो शुभ्र-धवल दंत-पंक्ति चमक उठती।

शाम को जलपान के लिए कुछ बनाया जाए कि भोजन ही जल्द तैयार करें? रमेश की क्या पसंद है, जान लेना चाहिए था। विगत आठ -दस दिनों से सब साथ-साथ ही रह रहे थे। पर रमेश की पसंद-नापसंद कुछ ध्यान में न आयीं मेरे। कहने को यहां सब के साथ थी मैं पर अपनी अलग दुनिया में रहे समान  ही थी । अपनेआप में मगन! आज वास्तव में अकेली हूं । आज घर व्यवस्थित करते-करते बुरीतरह  थक गयी हूं। चाय पीने से शायद ठीक लगे! पर उठकर उतना भी करने को मन नहीं हो रहा है।- तब भी वह उठी। रमेश थका-मांदा आएगा। खाने के लिए कुछ बनाया जाए!

स्कूटर पार्क करके रमेश ने कॉल-बेल दबायी। ‘टिंग…टिंग’ की आवाज घर की सीमा लांघकर छत पर पहुंच गयी। तब कहीं उसे वस्तुस्थिति पता चली। कोई घंटे भर से वह छत पर खड़ी थी। अपनेआप में उलझी हुई-सी। कॉलबेल की आवाज सुनकर वह नीचे आयी। उसने दरवाजा खोला। रमेश ने घर में प्रवेश किया। वहां का हाल देखकर वह कुछ हकबका गया।। अपना ही घर उसे बेगाना लगने लगा।हां, बैठक कुछ प्रशस्त लग रही थी। किनारे का दीवान, अपने स्थान पर न था। लंबाई में रखी हुई गोदरेज अलमारी और प्रशस्त ड्रेसिंग-टेबिल भीतरी दीवार के समीप शिफ्ट किये गये थे। विशेष बात यह थी कि दरवाजे-खिड़कियों के नीले रंग के परदों के कारण एक उदास गंभीरता घर में चक्कर काट रही है, ऐसा उसे लगा। उस पर स्टीरियो से उठते उदास गंभीर सुर उस पर बरस रहे हैं, ऐसा लगा उसे। ऋता थी तब यह कमरा तेज गति की चंचल, चैतन्यमयी स्वरलहरी से सराबोर होता। उसका स्वागत करने का तरीका भी कितना अद्‍भुत…! आते बराबर गले में बांहें डालकर चुंबन की वर्षा। जब देखो, इर्दगिर्द बतियाती, चहकती रहती। हंसना, रूठना, गुस्सा होना, झुंझलाना,प्यार करना, -सबकुछ बेपनाह।वह तो घर छॊड़कर चली गयी। पर उसकी पसंददीदा तमाम चीजें उसने सहेजकर रखी हुई थीं। आज वे कहीं नजर  नहीं आ रही थीं।उस कारण वह कुछ असहज -सा हो गया।

टी-पॉय पर चाय और हलवे की प्लेट रखकर वह भोजन की व्यवस्था के लिए भीतर मुड़ी।

‘अब खाना मत पकाओ। हम लोग बाहर ही चलते हैं भोजन के लिए ।वहां से किसी पिक्चर के लिए चलेंगे। शाहरुख खान-माधुरी की नयी पिक्चर लगी है।’

पिक्चर ऋता का वीक -पाइंट। हिंदी -अंगरेजी, कोई पिक्चर छोड़ती न थी वह! घर लौटने पर फिल्म की अभिनेत्रियां उस पर सवार होतीं और रातभर रंगरेलियां मनातीं।

‘मुझे हिंदी फिल्में बिल्कुल अच्छी नहीं लगतीं। उछलकूद,फूहड़,वही घिसा-पिटा कथानक। नृत्य ऐसे जैसे कवायद की जा रही हो! वही भाग-दौड़, मारपीट, असंभव घटनाओं की खिचड़ी। उसकी बजाए, सरस्वती हॉल में किशोरी अमोणकर का गायन है। वहां चले तो?’

‘पर मुझे क्लासिकल पसंद नहीं है। समझ में नहीं आता। तुम्हारी इच्छा हो तो आऊंगा पर केवल तुम्हें कंपनी देने की खातिर…।’

‘छोड़ो, जाने दो…।’ उसे सवाई गंधर्व की पुण्यतिथि के अवसरपर शेखर के साथ बितायीं रातें याद  आ गयीं।

वह रसोई में चली गयी। रमेश ने फ्रीज में से बर्फ निकाली। गिलास में विस्की उंडेली और धीरे-धीरे महफिल में रंग चढ़ने लगा। …उसने देखी। अनजाने में ही क्यों न हो, नापसंदगी, तिरस्कार की एक तीव्र लहर सरसरा उठी। खाना वैसे ठीक ही था। पर उसे उसमें कुछ मजा नहीं आया। ऋता को नॉन -वेज पसंद था। उसका सबकुछ कैसे चटकदार, स्पाइसी हुआ करता था।

‘कल से सब्जी, आमटी जरा चटकदार बनाओ’, उसने कहा।

‘हंऽ…’ बह बुदबुदायी। शेखर मिष्टान्न-प्रेमी था। उसे अधिक मिर्च भाती न थी। मिर्च , मसाले कमतर डालने की आदत पड़ गयी थी उसके हाथों को। अब यह आदत बदलनी पड़ेगी! इसके साथ और भी पता नहीं कौन-कौन सी आदतें बदलनी पड़ेगी…!

भोजन करके वह बैठक में आ गयी। प्लेअर पर भीमसेन की पुरिया की एल. पी. लगा दी और  सामनेवाले बरामदे में जाकर खड़ी हो गयी। बगिया की रातरानी की गंध उसके रोम-रोम में पुलक जगा रही थी। वह बैठक में आ गया।क्लासिकल की टेप सुनकर उसके माथे पर अनायास बल पड़ गए। उसे बरामदे में खड़ी देखकर वह बेडरूम की ओर मुड़ गया। बेड़-रूम की व्यवस्था भी बदल गयी थी। बेड-कवर्स भी उदास नीले रंग पर फूलों की बारीक प्रिंट वाले…कोने के टी-पॉय पर रखी न्यूड उठाकर वहां एक फ्लॉवर-पॉट रख दिया गया था। उसमें बगीचे में के इस्टर के फूल और बीचोबीच रातरानी की 2-3 ऊंची डंडियां। बैठक में बज रहे पुरिया के स्वर यहां भी दस्तक दे रहे थे।ये उदास स्वर धक्के-से दे रहे हैं, उसे लगा! कहीं की गरुड कथा लेकर वह अराम कुर्सी पर बैठ गया। उसकी बाट जोहते। …ऋता कभी ऐसी देर न करती!

‘भीतर जाना चाहिए, रमेश राह देख रहा होगा!’ उसने सोचा। पर वह घड़ी जितनी टलती जाए उतना बेहतर, दूसरी तरफ उसे लग रहा था। यह रातरानी की गंध जैसे चिमटती है वैसे ही चिमटता था शेखर। सूरज की कोमल किरणों से जैसे एकेक पंखुड़ी खिलती जाती है उसी प्रकार खिलता जाता, रोम-रोम…!

कैसे भला होगा रमेश का करीब आना…?

रमेश तलाकशुदा था तो शैला विधवा। एक शाम को घटित मोटर-सायकिल दुर्घटना में शैला का जीवन ध्वस्त हो गया। उसे भी अब चार साल हो चुके हैं। बहुत से जख्म भर चुके हैं। अकेलेपन की भी आदत पड़ चुकी। पुन: सिरे- से प्रारंभ नहीं। उसने तय कर लिया। …एक ही कमी थी जो भीतर कभी सालती रहती थी। बच्चा चाहिए था जिसे देखकर अगला जीवन जीया जा सकेगा। जीने का कोई अर्थ रहेगा। उमंग रहेगी। बेटा…बेटी कुछ भी …पर शेखर उसे अकेला छोड़ गया! …‘विवाह के बाद पांच साल प्लानिंग करेंगे। मौज-मस्ती करना। जीवन का आनंद लेना। फिर बच्चा। एक बार बच्चा हुआ कि पूरा ध्यान उसकी देखभाल पर देते आना चाहिए। दो तरफ ध्यान नहीं बंटना चाहिए’, वह कहता। वह भी सहमत थी। वह शेखर को मानती थी। पर जो नहीं होना चाहिए था, वह हो गया। अब लगता है, उस समय शेखर की बात का विरोध करना चाहिये था!

शैला सर्विस करती थी। इस लिहाज से, वह किसी पर बोझ न थी। तब भी रिश्तेदारों को चिंता लगी ही रहती थी। और जिम्मेवारी भी। सारा जीवन पड़ा था…युवा-वस्था…।

आरम्भ में उसका तीव्र विरोध था। पर अनुभव से समझ में आने लगा, जरा मुश्किल ही है। रिश्तेदारों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। बिल्कुल सगा भाई भी हो तो क्या…? उसकी अपनी गृहस्थी, अपनी अड़चनें  हैं ही।

नैसर्गिक आवेग भी कभी-कभी बेचैन कर डालता। …उसी दौरान भाई के किसी मित्र ने रमेश के बारेमें बतलाया। जहां भी हो, कुछ-न-कुछ समझौता तो करना ही होगा! वह चुप्पी साधे रही। उसके इनकार न करने को ही भाई ने ‘स्वीकार’ समझ लिया और आगे सब कर डाला। … उसे जैसे छुटकारा मिल गया!

रमेश बुद्धिमान था। हरफनमौला था। सैंको सिल्क मिल्स के प्रोसेसिंग विभाग में चीफ टेक्निशियन था। पद अच्छा था। भविष्य में अच्छे प्रॉस्पेक्ट्‍स्‍ थे। दोनों ने परस्पर परिचय कर लिया। स्वभाव, आदतों से अवगत कराया। इस उम्र में और इन हालातों में दोनों को समझौता करना जरूरी था। उसके लिए दोनों ने मन बना लिया था। एक-दूसरे का साथ निभा पाएंगे, इस निर्णय पर पहुंच चुके थे, दोनों। उसने रमेश की ड्रिकिंग, स्मोकिंग के बारेमें कुछ नाराजगी व्यक्त की थी। पर उस समय मम्मी ने कहा था,

‘अरे, कुछ भी कहो, आखिर है तो पुरुष ही न! उस पर, घर में अकेला! आत्मीयता से, अपनेपन से देखनेवाला कोई भी नहीं। मन…शरीर बहलाने के लिए कोई तो साधन होना चाहिए न!…  हो जाएगा धीरे-धीरे कम। मालूम…जिन लोगों में रहना पड़ता है, जिनके साथ काम करना पड़ता है उनकी खातिर भी कुछ चीजें करनी पड़ती हैं!’

‘हंऽऽ…’ वह बोली। शेखर को किसी चीज का शौक न था।… उसने भी वचन दिया था, ‘अपनी आदतें कम करने का प्रयत्न करूंगा।’ इतने साल की आदतें। शरीर को, मन को। एकदम भला कैसे छूटेगीं? ऋता ने कभी विरोध नहीं किया था। कई बार तो वह खुद उसे ‘कंपनी’ दिया करती। पर तब सबकुछ  सीमित था।  ऋता के जाने के बाद ड्रिंक लेना ‘प्लेझर’ तक सीमित न रहकर एक आदत बन गयी थी। वह समझ रहा था पर इलाज न था।… मन बेकाबू हो गया कि सारा अकेलापन विस्की के पेग में डुबो देना! राहुल को, बजाए होस्टल में रखने के, घर में रखा होता तो आदतों पर जरा अंकुश होता। पर घर में कोई नहीं। राहुल पर नजर रखनेवाला, उसकी देखभाल करनेवाला। रमेश की शिफ्ट-ड्यूटी।आखिर होस्टल में रखना ही सुरक्षित, श्रेयस्कर  लगा। … वही तो सबकुछ है। उसकी देखभाल ठीक से होनी चाहिए!

ऋता चली गयी, इस कारण से देह की भूख थोड़े ही न समाप्त हो जाएगी? कब तक बाहर जाएंगे ? उसमें से कुछ कॉम्प्लिकेशंस…!

धीरे-धीरे राहुल बड़ा होगा। समझदार होगा। लोग तरह-तरह की बातें करने लगेंगे, अपने बारेमें…। उसकी बजाए…दोबारा विवाह…बतौर एक समझौता…और उसके एक मित्र ने रखा हुआ शैला का प्रस्ताब उसने स्वीकार कर लिया।दोनों समदु:खी…भुगते हुए…!

भीमसेन की एल. पी. समाप्त हो गयी। ‘रंग कर रसिया आओ अब…’ गुनगुनाते हुए उसने दरवाजा बंद किया। कदम भारी हो चुके थे। पर कभी न कभी तो भीतर जाना ही था…! विगत दो-तीन वर्षों में धुंधली पड़ रहीं शेखर की यादें इस घर में प्रवेश के बाद, विशेषकर पिछले पंदरह दिनों से, फिर  आने लगी थीं। मानो, उनकी चपेट में आ गयी थी वह! अच्छा हुआ, राहुल ने क्षणमात्र के लिए भी रमेश को अपने से दूर नहीं होने दिया। वह अपनी भावनाओं में खोयी रह सकी। अपितु अब वह पल निकट आ चुका है। यद्यपि शेखर की छाया कस कर पकड़ रही है, ऐसा उसे लगने लगा।

उसने बेडरूम में प्रवेश किया। उसकी आहट पाते ही रमेश मे अपनी ‘गरुड कथा’ एक ओर डाल दी। सिगरेट का टुकड़ा मसलकर ऐश-ट्रे के हवाले कर दिया। टेबल-लैम्प बुझाकर नाइट-लैम्प जला लिया। उसे अपने समीप खींचा। उसके मुंह से आती शराब की तीव्र गंध और उसमें मिली हुई सिगरेट की तेज तमाकू की दुर्गंध से उसे उबकाई-सी आने लगी। उसने अनजाने में ही गर्दन घुमा ली। ‘मैंने फिजूल इतनी जल्द हामी भर दी’, वह सोचने लगी।

‘ऋता कितनी उत्कटता से पास आया करती…ज्वार में उठी लहर की भांति लुटा दिया करती थी खुद को। सबकुछ सराबोर…!

जबकि यह ऐसी… बुझी-बुझी…बर्फ की तरह ठण्डी …चेतना शून्य…

वह भी बुझता…बुझता चला गया। उसकी ओर पीठ करके सो गया। मेरा निर्णय गलत तो नहीं न हो गया, यह सोचते हुए पुन: पुरानी यादों में खो गया। ऋता के साथ विवाह होने के बाद के पहले साल की उसकी यादों में खो गया…हमेशा की तरह!

 मूल लेखिका – -उज्ज्वला  केळकर

पता – वसंतदादा साखर कामगारभवन के पास, सांगली 416416

मो. 9403310170 Email-id – [email protected]

भावानुवाद  श्री भगवान वैद्य ‘प्रखर’

30, गुरुछाया कालोनी, साईंनगर, अमरावती  444607

संपर्क : मो. 9422856767, 8971063051  * E-mail[email protected] *  web-sitehttp://sites.google.com/view/bhagwan-vaidya

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ लघुकथा – राज्य – लिप्सा – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम लघुकथा “राज्य – लिप्सा”।)

~ मॉरिशस से ~

☆  कथा कहानी ☆ लघुकथा – राज्य – लिप्सा – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

राजा चंद्रललाट अपनी प्रजा की खुशहाली के लिए जंगल में तपस्या कर रहा था। उसके चेहरे पर घनीभूत दाढ़ी थी। तूफान के थपेडों और बरसात के निरंतर प्रहार से उसके शरीर के कपड़े चिथड़े हो गये थे। सहसा एक राक्षस उसके सामने प्रकट हुआ। तपस्या में लीन राजा ने आँखें न खोलीं तो राक्षस ने क्रोधित हो कर दावानल का हाहाकार मचा दिया। पर ईश्वर भक्त राजा का तो बाल बाँका न हुआ। राक्षस को अब निवेदन से कहना पड़ा, “राजन, आँखें खोलिये। मैं भूख से बिलख रहा हूँ। मैं जानता हूँ आप ही मेरी क्षुधा तृप्त कर सकते हैं। ”

किसी की क्षुधा का प्रश्न था तो दयावान राजा चंद्रललाट तपस्या से बाहर आ ही जाता। उसने आँखें खोलने पर अपने सामने भीमकाय राक्षस को खड़ा देखा। उसने भयमुक्त रह कर राक्षस से कहा, “मुझे दुख है मेरी तपस्या अपूर्ण रह गयी। पर तुम्हारी भूख भी तो मेरे लिए अर्थवान है। मैं तुम्हारे लिए भोजन का प्रबंध करता हूँ। ”

राक्षस ने यह सुनते ही गरज कर कहा, “तुम मुझे क्या खिलाओगे चावल तरकारी और फल। ना राजन, मुझे इससे तृप्ति नहीं होगी। मुझे तुम्हारी प्रजा का मांस चाहिए। मेरी भूख मिटाने के लिए अभी ही बीस तक अपनी प्रजा मुझे दो। ”

राजा ने मांस भक्षण का उसका इरादा जानते ही कहा, “तुम्हारी तृप्ति के लिए मैं अपनी प्रजा का बलिदान करने वाला राजा नहीं हूँ। यही बात है तो मेरा भक्षण कर लो। ”

राजा इतना कहते ही उसके सामने बैठ गया। पर यह तो ईश्वरीय माया थी। राक्षस विस्मयकारी दीप्ति से युक्त भगवान में बदल गया। उसने राजा पर फूलों की वृष्टि की और कहा — “लोग सच ही कहते हैं तुम प्रजा वत्सल राजा हो। राजन, अपनी तपस्या को पूर्ण समझो। मैं तुम्हें और तुम्हारी प्रजा को वरदान देता हूँ सफलता और खुशहाली से जगमगाते रहो। ”

यह राजा चंद्रललाट के चारण का लिखा हुआ नाटक था जो पूरे देश में मंचित होता रहता था। जब कि वास्तविक धरातल पर चंद्रललाट तो निरंकुश राजा था। पूर्णरूपेण क्रोधी, ईर्ष्या का खौलता सा अंगारा। लोगों को देखे तो प्यार से, लेकिन उसकी आंतरिक परिभाषा हो अपने शत्रु को देखने का उसे कष्ट झेलना पड़ रहा है।

राजा के हाथों बिके हुए क्रांतिकारी, सिपाही, राजा के मनगढंत कार्यकलापों को महिमा मंडित बना कर नित उसकी जीवनी लिखते रहने वाले शब्दों के मसीहे, राजा के लिए पालकी ढोने वाले पंडे पुजारी वगैरह घूम — घूम कर टोह लगाते रहते थे राजा चंद्रललाट पर आधारित नाटक का आम जनता पर प्रभाव पड़ता है कि नहीं।

© श्री रामदेव धुरंधर

15 – 10 – 2023

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : [email protected]

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संवाद # 129 ☆ उंगली उठी तो ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

डॉ. ऋचा शर्मा

(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में  अवश्य मिली है  किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में  प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है तेज भागती जिंदगी परआधारित एक विचारणीय लघुकथा उंगली उठी तो। डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद  # 129 ☆

☆ लघुकथा – उंगली उठी तो ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

‘चेतन! उधर देखो – ये क्या कर रहे हैं सब ? एक- सी मुद्रा में खड़े हैं, एक दूसरे की ओर उंगली दिखाते हुए।‘

‘कुछ कहना चाह रहे हैं क्या ?’ -सुयश बोला

‘हाँ, कुछ तो बोल रहे हैं, चेहरे पर गुस्सा दिख रहा है। पर सब एक ही तरह से खड़े हैं ?’

‘कोई मोर्चा निकल रहा है क्या ?’ – सुयश बोला

‘पता नहीं।’

चेतन! वे सब तो हँस रहे हैं लेकिन मुद्रा वैसी ही है एक दूसरे की ओर उंगली दिखाते हुए।

चेतन ने चारों ओर नजर दौड़ाई, इधर दौड़ा – उधर भागा, पर सब तरफ वही दृश्य, वैसी ही मुद्राएं । स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तर, राजनीति का कार्यालय या —–। टेलीविजन के कार्यक्रमों में भी तो नेता, मंत्री सब एक- दूसरे की ओर उंगली दिखाते हैं। उसे बचपन का खेल याद आया स्टेच्यू वाला। ये सब स्टेच्यू हो गए हैं क्या ?

पर खेल में तो जो जिस मुद्रा में रहता था उसी में स्टेच्यू हो जाता था, हाँ अच्छे से याद है उसे। बचपन में बहुत खेला है यह खेल। लेकिन यहाँ तो सब एक – सी ही मुद्रा में दिख रहे हैं।

 किसी की उंगली अपनी तरफ उठती क्यों नहीं दिख रही ?

© डॉ. ऋचा शर्मा

प्रोफेसर एवं अध्यक्ष – हिंदी विभाग, अहमदनगर कॉलेज, अहमदनगर. – 414001

संपर्क – 122/1 अ, सुखकर्ता कॉलोनी, (रेलवे ब्रिज के पास) कायनेटिक चौक, अहमदनगर (महा.) – 414005

e-mail – [email protected]  मोबाईल – 09370288414.

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य #154 – लघुकथा – “सरकारी बल्ब” ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा  “सरकारी बल्ब)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 154 ☆

 ☆ लघुकथा – “सरकारी बल्ब” ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’

कमल को अपनी पुत्री का नाम कूपन से कटवाना था। वह नगर पालिका में बैठा था। तभी रोहित ने आकर कहा, “साहब! मेरा घर गांव से एक तरफ है। स्ट्रीट लाइट पर बल्ब लगवा दीजिए।” 

यह सुनकर कमल बोला, “साहब! मेरा घर भी वहां पर है। आप बल्ब मत लगाइएगा।”

यह सुनकर सीएमओ साहब ने रोहित के साथ-साथ कहा, “क्यों भाई! क्या बात हैं?”

“साहब, वह वापस फूट जाएगा,” कमल ने कहा तो रोहित बोला, “अजीब आदमी हो। अपने घर की गली में बल्ब लगवाने का मना कर रहे हो।”

सीएमओ साहब ने कमल को देखकर आंखें ऊंचका कर इशारे में पूछा-क्या बात है भाई?

“साहब! इनका पुत्र स्ट्रीट लाइट बल्ब को पत्थर से निशाना लगाकर फोड़ देता है। फिर मेरे जैसा व्यक्ति उनके पुत्र को बल्ब फोड़ने से रोकता है तो ये साहब कहते हैं- आपके बाप का क्या जाता है? सरकारी बल्ब है। फोड़ने दीजिए।”

यह सुनकर रोहित ने गर्दन नीचे कर दी और सीएमओ साहब बारी-बारी से दोनों को देखे जा रहे थे।

© ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

23-09-2023

संपर्क – पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र

ईमेल  – [email protected] मोबाइल – 9424079675

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # 236 ☆ लघुकथा – ब्रांड एम्बेसडर… ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है।आज प्रस्तुत है आपकी एक अतिसुन्दर लघुकथा – ब्रांड एम्बेसडर)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 236 ☆

? लघुकथा – ब्रांड एम्बेसडर ?

काला क्रीज किया हुआ फुलपैंट, हल्की नीली शर्ट, गले में गहरी नीली टाई, कंधे पर लैप टाप का काला बैग, और हाथ में मोबाइल… जैसे उसकी मोनोटोनस पहचान बन गई है. मोटर साइकिल पर सुबह से देर रात तक वह शहर में ही नही बल्कि आस पास के कस्बों में भी जाकर अपनी कंपनी के लिये संभावित ग्राहक जुटाता रहता, सातों दिन पूरे महीने, टारगेट के बोझ तले. एटीकेट्स के बंधनो में, लगभग रटे रटाये जुमलों में वह अपना पक्ष रखता हर बार, बातचीत के दौरान सेलिंग स्ट्रैटजी के अंतर्गत देश दुनिया, मौसम की बाते भी करनी पड़ती, यह समझते हुये भी कि सामने वाला गलत कह रहा है, उसे मुस्कराते हुये हाँ में हाँ मिलाना बहुत बुरा लगता पर डील हो जाये इसलिये सब सुनना पड़ता. डील होते तक हर संभावित ग्राहक को वह कंपनी का “ब्रांड एम्बेसडर” कहकर प्रभावित करने का प्रयत्न करता जिसमें वह प्रायः सफल ही होता. डील के बाद वही “ब्रांड एम्बेसडर” कंपनी के रिकार्ड में महज एक आंकड़ा बन कर रह जाता. बाद में कभी जब कोई पुराना ग्राहक मिलता तो वह मन ही मन हँसता, उस एक दिन के बादशाह पर. उसका सेल्स रिकार्ड बहुत अच्छा है, अनेक मौकों पर उसकी लच्छेदार बातों से कई ग्राहकों को उसने यू टर्न करवा कर कंपनी के पक्ष में डील करवाई है. अपनी ऐसी ही सफलताओ पर नाज से वह हर दिन नये उत्साह से गहरी नीली टाई के फंदे में स्वयं को फंसाकर मोटर साइकिल पर लटकता डोलता रहता है, घर घर.

इयर एंड पर कंपनी ने उसे पुरस्कृत किया है, अब उसे कार एलाउंस की पात्रता है,

आज कार खरीदने के लिये उसने एक कंपनी के शोरूम में फोन किया तो उसके घर, झट से आ पहुंचे उसके जैसे ही नौजवान काला क्रीज किया हुआ फुलपैंट, हल्की भूरी शर्ट, गले में गहरी भूरी टाई लगाये हुये… वह पहले ही जाँच परख चुका था कार, पर वे लोग उसे अपनी कंपनी का “ब्रांड एम्बेसडर” बताकर टेस्ट ड्राइव लेने का आग्रह करने लगे, तो उसे अनायास स्वयं के और उन सेल्स रिप्रेजेंटेटिव नौजवानो के खोखलेपन पर हँसी आ गई.. पत्नी और बच्चे “ब्रांड एम्बेसडर” बनकर पूरी तरह प्रभावित हो चुके थे.. निर्णय लिया जा चुका था, सब कुछ समझते हुये भी अब उसे वही कार खरीदनी थी. डील फाइनल हो गई. सेल्स रिप्रेजेंटेटिव जा चुके थे. बच्चे और पत्नी बेहद प्रसन्न थे. आज उसने अपनी पसंद का रंगीन पैंट और धारीदार शर्ट पहनी हुई थी बिना टाई लगाये, वह एटीकेट्स का ध्यान रखे बिना धप्प से बैठ गया अपने ही सोफे पर. . आज वह “ब्रांड एम्बेसडर” जो था.

© विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

ए 233, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी भोपाल 462023

मोब 7000375798

ईमेल [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 171 – मूरत में ममता – ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ ☆

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है स्त्री विमर्श पर आधारित अप्रतिम कल्पना से परिपूर्ण एक लघुकथा “मूरत में ममता🙏”।) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 171 ☆

☆ लघुकथा – 🌷 मूरत में ममता 🙏. 

भरी कालोनी में सजा हुआ दुर्गा मैया का पंडाल। अद्भुत साज सज्जा जो भी देख रहा था मन प्रसन्नता से भर उठता था। दुर्गा जी की प्रतिमा ऐसी की अभी बोल पड़े। गहनों से सजा हुआ शृंगार, नारी शक्ति की गरिमा, दुष्ट महिषासुर का वध करते दिखाई दे रही थी।     

आलोक कालोनी में एक फ्लैट, जिसमे सुंदर छोटा सा परिवार। धर्म पत्नी बड़ी ही होनहार सहनशील और ममता की मूरत। दो बच्चों की किलकारी घर में किसी चीज की कमी नहीं थी।

आलोक प्राइवेट कंपनी में जाब करता था। परंतु कहते हैं ना कि सब कुछ संपन्न होने के बाद कहीं ना कहीं कुछ रह ही जाता है। उसे शक या वहम की बीमारी थी। इस कारण सभी से कटा- कटा सा रहता था।

पत्नी कल्पना भी किसी से मेल मिलाप नहीं कर पाती थी, क्योंकि यदि बात भी कर ले तो… क्यों आया? कैसे आया? किस लिए आया? कहां से आया? और सवाल ऊपर सवाल करते? दो से चार हाथों की झड़ी भी लग जाती थी।

मोटी-मोटी आँसू की बूँदें लिए कभी कल्पना चुपचाप रहती, कभी सिसकी लेते हुए रोती दिखाई देती थी।

परंतु उसमें अपने पति से लड़ने या बहस कर उसे सच्चाई बताने की ताकत नहीं थी। क्योंकि वह एक गरीब परिवार से ब्याह कर आई। एक बेचारी बनकर रह गई थी।

आज कालोनी में बताया गया की दुर्गा मैया का आज विशेष शृंगार होगा। सभी महिलाएं खुश थी अपने-अपने तरीके से सभी शृंगार सामग्री ले जा रही थी। परंतु कल्पना बस कल्पना करके रह गई।

उसे न जाने का न मन था और न ही उसे कुछ खरीदने की चाहत थी। आलोक के डर के कारण वह जाना भी नहीं चाह रही थी। बच्चों की जिद्द की वजह से आलोक अपने दोनों बच्चों को लेकर माता के पंडाल पर गया।

भजन, आरती और गरबा सभी कुछ हो रहे थे। परंतु आलोक का मन शांत नहीं था। एक दोस्त ने पूछा… क्यों भाई इतनी सुंदर माता की मूरत और आयोजन हो रहा है। आप खुश क्यों नहीं हो।

आलोक ने हिम्मत करके उसे एक कोने में ले जाकर पूछा…. भाई जरा बताना क्या? तुम्हें दुर्गा माता की आँखों से गिरते आँसू दिखाई दे रहे हैं।

उसने जवाब दिया क्या बेवकूफी भरी बातें कर रहा है इतनी प्रसन्नता पूर्वक ममता में माता भला क्यों आँसू गिरायेगी। फिर वह एक दूसरे से पूछा क्या तुम्हें दुर्गा माता के आँसू दिखाई दे रहे हैं। उसने जवाब दिया मुझे तो सिर्फ ममतामयी वरदानी और अपने बच्चों के लिए हँसती हुई प्यार बांँटने वाली दिखाई दे रही है।

वह बारी-बारी से कई लोगों को पूछा सभी ने जवाब में दिया कि भला माता क्यों रोएगी। अब तो उसके सब्र का बाँध टूट गया।

बच्चों को पंडाल में सुरक्षित जगह पर बिठाकर। वह दौड़कर अपने घर की ओर भागा। जैसे ही दरवाजा खुला लाल साड़ी से सजी उसकी कल्पना आँसुओं की धार बहते दरवाजा खोलते दिखाई दे गई।

बस फिर क्या था वह कसकर उससे लिपट गया और कहने लगा मैं आज तक समझ नहीं सका तुमको मुझे माफ कर दो। चाहो तो मुझे कोई भी सजा दे सकती हो परंतु मुझे कभी छोड़कर नहीं जाना।

कल्पना इससे पहले कुछ कह पाती वह झट से अलमारी खोल लाल चुनरी निकाल लिया और कल्पना के सिर पर डाल कर उसके मुखड़े को देखने लगा।

आज मूरत में जो ममता और करुणा नजर आया था। वह कल्पना के मुखड़े पर साकार देखा और देखता  ही जा रहा था। बस उसकी आँखों से पश्चाताप अंश्रु धार बहने लगी। कल्पना सब बातों से अनभिज्ञ थी। पर उसे आज अच्छा लगा।

🙏 🚩🙏

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य #153 – लघुकथा – “विकल्प” ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा  विकल्प)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 153 ☆

 ☆ लघुकथा – “विकल्प” ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’

दिसंबर की ठण्डी रात को अचानक पानी बरसने पर मां की नींद खुल गई, “तूझे कहा था गेहूं धो कर छत पर मत सुखा, पर, तू मानती कहा हैं।”

” तो क्या करती? इस में धनेरिये पड़ गए थे।” 

“अब सारे गेहूं गीले हो रहे हैं।”

” तो मैं क्या करूं?” बेटी खींज कर बोली, “मेरा कोई काम आप को पसंद नहीं आता। ऐसा क्यों नहीं करते- मेरा गला घोट दो। आप को शांति मिल जाएगी।”

” तुझ से बहस करना ही बेकार है,” मां जोर से बोली। तभी पिता की नींद खुल गई, “अरे भाग्यवान! क्या हुआ ? रात को भी….”

” पानी बरस रहा है। छत पर गेहूं गीले हो रहे है। इस को कहा था- गेहूं धो कर मत सुखा, पर यह माने तब ना,” कहते हुए माँ ने वापस अपनी बेटी की बुराई करना शुरू कर दिया। 

मगर पिता चुपचाप उठे। बोले, “चल ‘बेटी’! उठ। छत पर चलते हैं,” कहते हुए पिता ने छाता उठा कर खोल लिया।

छाता खुलते ही मां-बेटी की जुबानी जंग बंद हो गई।

© ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

28-12-21

संपर्क – पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र

ईमेल  – [email protected] मोबाइल – 9424079675

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 170 – श्राद्ध में संशय – ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ ☆

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है समाज के परम्पराओं और आधुनिक पीढ़ी के चिंतनीय विमर्श पर आधारित एक लघुकथा श्राद्ध में संशय”।) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 170 ☆

☆ लघुकथा – 🌷 श्राद्ध में संशय 🙏. 

उषा और वासु दोनों भाई बहन ने जब से होश संभाले, अपनी मम्मी को प्रतिवर्ष पापा के श्राद्ध के दिन पंडित और रसोई का काम संभालते देखते चले आ रहे थे।

बिटिया उषा तो जैसे भी हो संस्कार कहें या रीति रिवाज अपनी मम्मी के साथ-साथ लगी रहती थी, परंतु बेटा वासु इन सब बातों को ढकोसला जली कटी बातें या सिद्धांत विज्ञान के उदाहरण देने लगता था।

समय बीता, बिटिया ब्याह कर दूर प्रदेश चली गई और बेटा अपने उच्च स्तरीय पैकेज की वजह से अपनों से बहुत दूर हो चला। उसकी अपनी दुनिया बसने लगी थी। मम्मी ने अपना काम वैसे ही चालू रखा जैसे वह करतीं चली आ रही थी।

परंतु समय किसी के लिए कहाँ रुकता है। आज सुबह से मम्मी मोबाइल पर रह रहकर मैसेज देखती जा रही थी। उसे लगा शायद बच्चे पापा का श्राद्ध भूल गए हैं।

वह अनमने ढंग से उठी अलमारी से कुछ नए कपड़े निकाल पंडित जी को देने के लिए एक जगह एकत्रित कर रही थी।

तभी दरवाजे पर घंटी बजी।

लगा शायद पंडित जी आ गए हैं। वह धीरे-धीरे चलकर दरवाजे पर पहुंची। आँखों देखी की  देखती रह गई।

दोनों बच्चे अपने-अपने परिवार के साथ खड़े थे। घबराहट और खुशी कहें या दर्द दोनों एक साथ देखकर वह समझ नहीं पा रही थी कि आखिर बात क्या है??? अंदर आते ही दोनों ने कहा… मम्मी आज और अभी पापा का यह आखिरी श्राध्द है। इसके बाद आप कभी श्रद्धा नहीं करेंगी।

क्योंकि हमारे पास समय नहीं है और इन पुराने ख्यालों पर हम कभी नहीं आने वाले। मम्मी ने कहा… ठीक है आज का काम बहुत अच्छे से निपटा दो फिर कभी श्रद्धा नहीं करेंगे।

पूजा पाठ की तैयारी पंडितों का खाना सभी तैयार था। बड़े से परात पर जल रखकर बेटे ने तिलांजलि देना शुरू किया। बहन भी पास ही खड़ी थी पंडित जी ने कहा… मम्मी के हाथ से भी तिल, जौ को जल के साथ अर्पण कर दे। पता नहीं अब फिर कब पिृत देव को जल मिलेगा।

पूर्वजों का आशीर्वाद तो लेना ही चाहिए। आवाज लगाया गया फिर भी मम्मी कमरे से बाहर नहीं निकली।

तब कमरे में जाकर देखा गया मम्मी धरती पर औधी पड़ी है। उनके हाथ में एक कागज है। जिस पर लिखा था.. श्राद्ध पर संशय नहीं करना और कभी मेरा श्रद्धा नहीं करना। तुम दोनों जिस काम से आए हो वह सारी संपत्ति मैं वृद्ध आश्रम को दान करती हूँ।

आज के बाद हम दोनों का श्राद्ध वृद्धा आश्रम जाकर देख लेना।

वक्त गुजरा…. आज फिर उषा और वासु ने मोबाइल के स्टेटस, फेसबुक पर पोस्ट किया… मम्मी पापा का श्राद्ध एक साथ वृद्धाश्रम में मनाया गया परंतु अब श्राद्ध पर संशय नहीं सिर्फ पछतावा था।

🙏 🚩🙏

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संवाद # 128 ☆ पेट की दौड़ ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

डॉ. ऋचा शर्मा

(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में  अवश्य मिली है  किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में  प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है तेज भागती जिंदगी परआधारित एक विचारणीय लघुकथा ‘पेट की दौड़’। डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद  # 128 ☆

☆ लघुकथा – पेट की दौड़ ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

कामवाली बाई अंजू ने फ्लैट में अंदर आते ही देखा कि कमरे में एक बड़ी – सी मशीन रखी है। ‘ दीदी के घर में रोज नई- नई चीजें ऑनलाईन आवत रहत हैं। अब ई कइसी मशीन है? ‘ उसने मन में सोचा। तभी उसने देखा कि साहब आए और उस मशीन पर दौड़ने लगे। उसे बड़ा आश्चर्य हुआ। सड़क पर तो सुबह – सुबह दौड़ते देखा है लोगों को लेकिन बंद कमरे में मशीन पर? साहब से तो कुछ पूछ नहीं सकती। वह चुपचाप झाड़ू – पोंछा करती रही पर कभी – कभी उत्सुकतावश नजर बचाकर उस ओर देख भी लेती थी। साहब तो मशीन पर दौड़े ही जा रहे हैं? खैर छोड़ो, वह रसोई में जाकर बर्तन माँजने लगी। दीदी जी जल्दी – जल्दी साहब के लिए नाश्ता बना रही थीं। साहब उस मशीन पर दौड़ने के बाद नहाने चले गए। दीदी जी ने खाने की मेज पर साहब का खाना रख दिया। साहब ने खाना खाया और ऑफिस चले गए।

अरे! ई का? अब दीदी जी उस मशीन पर दौड़ने लगीं। अब तो उससे रहा ही नहीं गया। जल्दी से अपनी मालकिन दीदी के पास जाकर बोली – ‘ए दीदी! ई मशीन पर काहे दौड़त हो?

‘काहे मतलब? यह दौड़ने के लिए ही है, ट्रेडमिल कहते हैं इसको। देख ना मेरा पेट कितना निकल आया है। कितनी डायटिंग करती हूँ पर ना तो वजन कम होता है और ना यह पेट। इस मशीन पर चलने से पेट कम हो जाएगा तो फिगर अच्छा लगेगा ना मेरा’ – दीदी हँसते हुए बोली।

 ‘पेट कम करे खातिर मशीन पर दौड़त हो? ’ — वह आश्चर्य से बोली। ना जाने क्या सोच अचानक खिलखिला पड़ी। फिर अपने को थोड़ा संभालकर बोली – ‘दीदी! एही पेट के खातिर हमार जिंदगी एक घर से दूसरे घर, एक बिल्डिंग से दूसरी बिल्डिंग काम करत – करत कट जात है। कइसा है ना! आप लोगन पेट घटाए के लिए मशीन पर दौड़त हो और हम गरीब पेट पाले के खातिर आप जइसन के घर रात- दिन दौड़त रह जात हैं।‘

© डॉ. ऋचा शर्मा

प्रोफेसर एवं अध्यक्ष – हिंदी विभाग, अहमदनगर कॉलेज, अहमदनगर. – 414001

संपर्क – 122/1 अ, सुखकर्ता कॉलोनी, (रेलवे ब्रिज के पास) कायनेटिक चौक, अहमदनगर (महा.) – 414005

e-mail – [email protected]  मोबाईल – 09370288414.

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
image_print