हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # 210 ☆ आलेख – महिला व्यंग्यकारों का अवदान… ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है।आज प्रस्तुत है एक आलेख – महिला व्यंग्यकारों का अवदान…

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 210 ☆  

? आलेख – महिला व्यंग्यकारों का अवदान?

विश्व की आबादी आठ सौ करोड़ पार होने को है, कमोबेश इसमें महिलाओ की संख्या पचास प्रतिशत है. यद्यपि भारत में स्त्री पुरुष के इस अनुपात में स्त्रियों की सँख्या अपेक्षाकृत कम है. पितृसत्तात्मक समाज होने के चलते प्रायः सभी क्षेत्रों में लंबे समय से पुरुष स्त्री पर हावी रहा है.सिमोन द बोउवार का कथन है, “स्त्री पैदा नहीं होती, बनाई जाती है”, समाज अपनी आवश्यकता के अनुसार स्त्री को ढालता आया है. उसके सोचने से लेकर उसके जीवन जीने के ढंग को पुरुष नियंत्रित करता रहा है और आज भी करने की कोशिश करता रहता है. किंतु अब महिलाओ को पुरुषों के बराबरी के दर्जे के लिये लगातार संघर्षरत देखा जा रहा है. विश्व में नारी आंदोलन की शुरुवात उन्नीसवीं शताब्दि में हुई. नारी आंदोलन लैंगिक असमानता के स्थान पर मानता है कि स्त्री भी एक मनुष्य है. वह दुनिया की आधी आबादी है. सृष्टि के निर्माण में उसका भी उतना ही सहयोग है जितना कि पुरुष का. स्त्री सशक्तिकरण, स्त्री विमर्श से जन चेतना जागी हैं. अब जल, थल, नभ, अंतरिक्ष हर कहीं महिलायें पुरुषों से पीछे नहीं रही हैं.

विभिन्न भाषाओ के साहित्य में भी महिला रचनाकारों ने महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है. अनेक महिला रचनाकारों को नोबल पुरस्कार मिल चुके हैं. 2022 का नोबल फ्रेंच लेखिका एनी एनॉक्स को मिला है. 82 वर्षीय एनॉक्स साहित्य का नोबेल पाने वाली सत्रहवीं महिला हैं.पूरी दुनियां में हर साल आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है. हरिशंकर परसाई जी के व्यंग्य की पंक्ति है कि “दिवस कमजोरों के मनाए जाते हैं, मजबूत लोगों के नहीं. “ सशक्त होने का आशय केवल घर से बाहर निकल कर नौकरी करना या पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चलना भर नहीं है. वैचारिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता साहित्य और खास कर किसी पर व्यंग्य कर सकने की क्षमता और स्वतंत्रता में निहित है. भारत में ऐसी ढ़ेर विसंगतियां हैं जिनसे सीधे तौर पर महिलायें प्रभावित होती हैं, उदाहरण के लिये सबरीमाला या अन्य धर्म के स्थलों पर महिलाओ के प्रवेश पर रोक, धर्म-जाति के गठजोड़, रूढ़ि व अंधविश्वास ने महिलाओं को लगातार शोषित किया है. इन मसलों पर जिस तीक्ष्णता से एक महिला व्यंग्यकार लिख सकती है पुरुष नहीं. कहा गया है जाके पांव न फटे बिवाई बा क्या जाने पीर पराई. किंतु विडम्बना है कि लम्बे समय तक व्यंग्य पर पुरुषों का एकाधिकार रहा है. यह और बात है कि लोक जीवन और लोकभाषा में व्यंग्य अर्वाचीन है. सास बहू, ननद भौजाई के परस्पर संवाद या, बुन्देलखण्ड, मिथिला, भोजपुरी में बारात की पंगत को सुस्वादु भोजन के साथ हास्य और व्यंग्य से सम्मिश्रित गालियां तक देने की क्षमता महिलाओ में ही रही है. हिमाचल में ये विवाह गीत सीठणी काहे जाते हैं जिनमें यहि भाव भंगिमा और व्यंग्य सजीव होता है. साहित्यिक इतिहास में भक्ति आंदोलन के समय में महिला रचनाकारों ने खूब लिखा, मीरा बाई की रचनाओ में व्यंग्य के संपुट ढ़ूंढ़े भी जा सकते हैं.

आज साहित्य में व्यंग्य स्वतंत्र विधा के रूप में सुस्थापित है. समाज की विसंगतियों, भ्रष्टाचार, सामाजिक शोषण अथवा राजनीति के गिरते स्तर की घटनाओं पर अप्रत्यक्ष रूप से तंज किया जाता है. लघु कथा की तरह संक्षेप में घटनाओं पर व्यंग्य होता है, जो हास्य, और आक्रोश भी पैदा करता है. विद्वानों के अनुसार प्राचीन काल से ही साहित्य में व्यंग्य की उपस्थिति मिलती है. चार्वाक के ‘यावद जीवेत सुखं जीवेत, ॠणं कृत्वा घृतम् पिवेत् ’ के माध्यम से स्थापित मूल्यों के प्रति प्रतिक्रिया को इस दृष्टि से समझा जा सकता है. सर्वाधिक प्रामाणिक व्यंग्य की उपस्थिति कबीर के ‘पात्थर पूजे हरि मिले तो मैं पूजूं पहार’ तथा ‘ कांकर पाथर जोड़ कर मस्जिद दयी बनाय ता चढि़ मुल्ला बांग दे क्या बहरा भया खुदाय’ आदि के रूप में देखी जा सकती है. हास्य और व्यंग्य का नाम साथ साथ लिया जाता है पर उनमें व्यापक मौलिक अंतर है. साहित्य की शक्तियों अभिधा, लक्षणा, व्यंजना में हास्य अभिधा, यानी सपाट शब्दों में हास्य की अभिव्यक्ति के द्वारा क्षणिक हंसी तो आ सकती है, लेकिन स्थायी प्रभाव नहीं डाल सकती. व्यंजना के द्वारा प्रतीकों और शब्द-बिम्बों के द्वारा किसी घटना, नेता या विसंगितयों पर प्रतीकात्मक भाषा द्वारा जब व्यंग्य किया जाता है, तो वह अपेक्षकृत दीर्घ कालिक प्रभाव छोड़ता है. श्रेष्ठ साहित्य में व्यंग्य की उपस्थिति महत्वपूर्ण है. व्यंग्य सहृदय पाठक के मन पर संवेदना, आक्रोश एवं संतुष्टि का संचार करता है. स्वतंत्रता पूर्व व्यंग्य लेखन की सुदीर्घ परंपरा मिलती है.

भारतेंदु हरिशचंद्र, महावीर प्रसाद द्विवेदी, बालकृष्ण भट्ट तथा अन्य लेखकों का बड़ा व्यंग्य समूह था, इनमें बाबू बालमुकुंद गुप्त के धारावाहिक ‘शिव शंभू के चिट्ठे’ युगीन व्यंग्य के दिग्दर्शक हैं. वायसराय के स्वागत में उस समय उनका साहस दृष्टव्य है- “माई लार्ड, आपने इस देश में फिर पदार्पण किया, इससे यह भूमि कृतार्थ हुई. विद्वान, बुद्धिमान और विचारशील पुरुषों के चरण जिस भूमि पर पड़ते हैं, वह तीर्थ बन जाती है. आप में उक्त तीन गुणों के सिवा चौथा गुण राज शक्ति का है. अतः आपके श्रीचरण स्पर्श से भारत भूमि तीर्थ से भी कुछ बढ़कर बन गई. भगवान आपका मंगल करे और इस पतित देश के मंगल की इच्छा आपके हृदय में उत्पन्न करे. ऐसी एक भी सनद प्रजा-प्रतिनिधि शिव शंभु के पास नहीं है, तथापि वह इस देश की प्रजा का, यहां के चिथड़ा पोश कंगालों का प्रतिनिधि होने का दावा रखता है. गांव में उसका कोई झोंपड़ा नहीं, जंगल में खेत नहीं…. हे राज प्रतिनिधि, क्या उसकी दो-चार बातें सुनिएगा?”… इसमें अंतर्निहित कटाक्ष व्यंग्य की ताकत हैं. रचना के इस व्यंग्य कौशल को आधुनिक व्यंग्य काल में परसाई, शरद जोशी, रवीन्द्र नाथ त्यागी, शंकर पुणतांबेकर, नरेंद्र कोहली, गोपाल चतुर्वेदी, विष्णुनागर जैसे लेखको ने आगे बढ़ाया है.

डा शैलजा माहेश्वरी ने एक पुस्तक लिखी है ” हिंदी व्यंग्य में नारी” इस किताब की भूमिका सुप्रसिद्ध व्यंग्य लेखक और संपादक यशवंत कोठारी ने लिखी है. इस भूमिका आलेख में उन्होंने आज की सक्रिय महिला व्यंग्यकारो का उल्लेख किया है. डा प्रेम जनमेजय व्यंग्य पर सतत काम कर रहे हैं, उन्होने पत्रिका “व्यंग्य यात्रा” का जनवरी से मार्च २०२३ अंक ही ” हिन्दी व्यंग्य में नारी स्वर ” पर केंद्रित किया है. मैं लंबे समय से पुस्तक चर्चा करता आ रहा हूं और विगत कुछ वर्षो में प्रकाशित व्यंग्य की प्रायः किताबें मेरे पास हैं, इन सीमित संदर्भों को लेकर कम शब्दों में आज सक्रिय व्यंग्य लेखिकाओ के कृतित्व के विषय में लिखने का यत्न है. यद्यपि मेरा मानना है कि व्यंग्य में महिला हस्तक्षेप और अवदान पर शोध ग्रंथ लिखा जा सकता है. जिन कुछ सतत सक्रिय महिला नामों का लेखन पत्र, पत्रिकाओ, सोशल मीडिया में मिलता रहा है उनकी किताबों के आधार पर संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत करने का प्रयास है.

 स्नेहलता पाठक… शंकर नगर, रायपुर की निवासी स्नेहलता पाठक की व्यंग्य की किताबें ” सच बोले कौआ काटे”, द्रौपदी का सफरनामा, एक दीवार सौ अफसाने, प्रजातंत्र के घाट पर, बाकी सब ठीक है, बेला फूले आधी रात, लोनम् शरणम् गच्छामी, व्यंग्यकार का वसीयतनामा, उन्होने उपन्यास लाल रिबन वाली लड़की भी लिखा है, और “व्यंग्य शिल्पी लतीफ घोंघी” किताब का संपादन भी किया है. उन्हें छत्तीसगढ़ की पहली गद्य व्यंग्य लेखिका सम्मान मिल चुका है. वे निरंतर स्तरीय लेखन में निरत दिखती हैं.

सूर्य बाला जी ने बहुत व्यंग्य लिखे हैं, उनकी व्यंग्य की पुस्तकें ” यह व्यंग्य कौ पन्थ”, ‘अजगर करे न चाकरी’, ‘धृतराष्ट्र टाइम्स’, ‘देशसेवा के अखाड़े में’, ‘भगवान ने कहा था’, ‘झगड़ा निपटारक दफ़तर’, आदि चर्चित हैं. वे बड़ी कहानीकार हैं और इतनी ही ज़िम्मेदारी तथा गम्भीरता से व्यंग्य भी लिखती हैं. कलम के पैनेपन से उन्होंने व्यंग्य को भी तराशा है वे व्यंग्य की सारी शर्तों को, अपनी ही शर्तों पर पूरा करनेवाली मौलिकता का दामन किसी भी व्यंग्य रचना में कभी नहीं छोड़तीं. उनका सफल कहानीकार होना उनको एक अलग ही क़िस्म का व्यंग्य शिल्प औज़ार देता है. व्यंग्य के परम्परागत विषय भी सूर्यबाला के क़लम के प्रकाश में एकदम नये आलोक में दिखाई देने लगते हैं। विशेष तौर पर, तथाकथित महिला विमर्श के चालाक स्वाँग को, लेखिकाओं का इसके झाँसे में आने को तथा स्वयं को लेखन में स्थापित करने के लिए इसका कुटिल इस्तेमाल करने को उन्होंने बेहद बारीकी तथा साफ़गोई से अपनी कई व्यंग्य रचनाओं में अभिव्यक्त किया है.

शांति मेहरोत्रा ने भी काफी लिखा है. वे पिछली सदी के पाँचवें-छठे दशक में सामने आईं कवयित्री, कथाकार, लघुकथा और व्यंग्य की सशक्त हस्ताक्षर रही हैं. ठहरा हुआ पानी उनका नाटक है

सरोजनी प्रीतम की हंसिकाएं काव्य भी खूब पढ़ी गयीं. लौट के बुद्धू घर को आये, श्रेष्ठ व्यंग्य, सारे बगुले संत हो गये आदि उनकी चर्चित पुस्तके हैं.

समीक्षा तैलंग.. मुझे स्मरण है तब मैं अपने पहले वैश्विक व्यंग्य संग्रह ” मिली भगत” पर काम कर रहा था. इंटरनेट के जरिये अबूधाबी में समीक्षा तैलंग से संपर्क हुआ. फिर जब उन्होंने उनकी पहली किताब छपवाने के लिये पान्डुलिपि तैयार की तो ” जीभ अनशन पर है ” यह नामकरण करने का श्रेय मुझे ही मिला, इस किताब में मेरी टीप उन्होने फ्लैप पर भी ली है. उसके बाद उनकी दूसरी किताब व्यंग्य का एपीसेंटर, संस्मरण की किताब कबूतर का केटवाक आदि आई हैं. वे निरंतर उत्तम लिख रही हैं.

मीना अरोड़ा हल्द्वानी से हैं. उन्होने पुत्तल का पुष्प बटुक व्यंग्य उपन्यास लिखा है, जिसकी चर्चा करते हुये मैने लिखा है कि “पुत्तल का पुष्प वटुक ” बिना चैप्टर्स के विराम के एक लम्बी कहानी है.जो ग्रामीण परिवेश, गांव के मुखिया के इर्द गिर्द बुनी हुई कथा में व्यंग्य के संपुट लिये हुये है. उनकी कविताओ की किताबें “शेल्फ पर पड़ी किताब” तथा ” दुर्योधन एवं अन्य कवितायें ” पूर्व प्रकाशित तथा पुरस्कृत हैं. मीना अरोड़ा की लेखनी का मूल स्वर स्त्री विमर्श है.

डा अलका अग्रवाल सिंग्तिया, का “मेरी तेरी सबकी” व्यंग्य संग्रह प्रकाशित है, इसके सिवा अनेक सहयोगी संग्रहों में उन्होने शिरकत की है, उनका उल्लेख इस दृष्टि से महत्व रखता है कि उन्होने हाल ही परसाई पर पी एच डी मुम्बई विश्व विद्यालय से की है.

अनिला चारक जम्मू कश्मीर से हैं. जम्मू कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी ने इनके कविता संग्रह ‘नंगे पांव ज़िन्दगी’ को बेस्ट बुक के अवार्ड से सम्मानित किया है. इनकी व्यंग्य की पुस्तक ‘मास्क के पीछे क्या है’ प्रकाशित हुई है.

अनीता यादव का व्यंग्य संग्रह ” बस इतना सा ख्वाब है ” आ चुका है, इसके सिवा कई संग्रहो मे सहभागी हैं तथा फ्री लांस लिखती हैं.

चेतना भाटी – साहित्य की विभिन्न विधाओ व्यंग्य – लघुकथा – कहानी – उपन्यास, कविता में लिखने वाली श्रीमती चेतना भाटी की अब तक कई कृतियाँ प्रकाशित हो चुकी हैं. जिनमें व्यंग्य संग्रह – दिल है हिंदुस्तानी, दुनिया एक सरकारी मकान है, विक्रम – बेताल का ई – मेल संवाद प्रमुख हैं. इसके सिवाय कहानी संग्रह – एक सदी का सफरनामा, नए समीकरण, जब तक यहाँ रहना है, ट्रेडमिल पर जिंदगी, एवं लघुकथा संग्रह – उल्टी गिनती, सुनामी सड़क, खारी बूँदें और उपन्यास – चल, आ चल जिंदगी, चंद्रदीप, बिग बॉस सीजन कोरोना प्रकाशित है.

सुनीता शानू…एक व्यंग्य संग्रह. “फिर आया मौसम चुनाव का(प्रभात प्रकाशन-1915)”, एक कविता संग्रह…मन पखेरू फिर उड़ चला (हिंद युग्म-1913), कई सांझा कविता एवं व्यंग्य संग्रह, वे पुरानी हिन्दी ब्लागर हैं.

डा नीरज सुधांशु.. आप वनिका प्रकाशन की संस्थापिका हैं. लिखी तो व्यथा कही तो लघुकथा आदि उनकी कृतियां हैं, मूलतः लघुकथा लिखती हैं जिनमें व्यंग्य के संपुट पढ़ने मिलते हैं. वे पेशे से डाक्टर हैं.

सीमा राय मधुरिमा का व्यंग्य संग्रह ” खरी मसखरी”, ” ब्लाटिंग पेपर” डायरी लेखन और कविता संग्रह मुखर मौन तथा मैं चुनुंगी प्रेम आ चुके हैं.

डा शशि पाण्डे,किताबें हैं चौपट नगरी अंधेर राजा (संग्रह), मेरी व्यंग्य यात्रा (संग्रह), व्यंग्य की बलाएं (संपादन), बकैती गंज ( हास्य साक्षात्कार संपादन)

नीलम कुलश्रेष्ठ.. महिला चटपटी बतकहियाँ (व्यंग्य संग्रह) के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करती हैं.

कीर्ति काले का संग्रह “ओत्तेरेकी” तैंतीस व्यंग्य लेखों का संकलन है. वे व्यंग्य जगत में जानी पहचानी लेखिका हैं.

वीणा वत्सल सिंह प्रतिलिपि डाट काम पर जाना पहचाना सक्रिय नाम हैं वे कहानियां लिखती हैं और अपने लेखन में व्यंग्य प्रयोग करती हैं.

नुपुर अशोक… पचहत्तर वाली भिंडी उनका व्यंग्य संग्रह है और मेरे मन का शहर उनकी कविता की प्रकाशित पुस्तकें हैं.

आरिफा एविस अपने व्यंग्य उपन्यास नाकाबन्दी के संदर्भ में लिखती हैं ” पिछले दिनों कश्मीर में जो हुआ उसे लेकर भारतीय मीडिया की अलग-अलग राय है. ऐसे में कश्मीर के जमीनी हालात को करीब से देखना, जहाँ फोन नेटवर्क बंद हो, कर्फ्यू लगा हुआ हो एक मुश्किल काम था. मैं कश्मीर की मौजूदा स्थिति पर लेख, व्यंग्य, कहानी लिखने की सोच रही थी लेकिन उपरोक्त माध्यमों से पूरी बात कहना बड़ा ही मुश्किल था. इसलिए मैंने कश्मीर के नये हालात और उनसे उपजी कश्मीर की राजनीतिक, आर्थिक और मनोस्थिति बयान दर्ज करते हुए इसे उपन्यास की शक्ल में लिखा है. मास्टर प्लान उनका एक और उपन्यास है. राजनीतिक होली, जांच जारी है उनके व्यंग्य संग्रह हैं.

अनीता श्रीवास्तव का व्यंग्य संग्रह – बचते- बचते प्रेमालाप, कविता संग्रह- जीवन वीणा, कहानी संग्रह- तिड़क कर टूटना, बालगीत संग्रह- बंदर संग सेल्फी छप चुके हैं. वे संभावनाशील व्यंग्यकार हैं.

अंशु प्रधान का व्यंग्य संग्रह हुक्काम को क्या काम, उपन्यास रक्कासा और कहानी संग्रह कफस प्रकाशित है.

इंद्रजीत कौर का संग्रह ” चुप्पी की चतुराई” प्रकाशित है, मठाधीशी और कठमुल्लापन के विरोध में लिखना साहस पूर्ण होता है. वे स्वयं सिक्ख धर्म से होते हुये भी अपने ही धर्म की कमियों पर बहुत साहस के साथ पंजाबी पत्रिका ‘पंजाबी सुमन ‘ में स्तम्भ लिखती रहीं हैं. उन्होंने एक अन्य व्यंग्य संग्रह ईमानदारी का सीजन, तथा पंचतंत्र की कथायें भी लिखे हैं.

अनामिका तिवारी जबलपुर से हैं…उन का प्रकाशित व्यंग्य संग्रह एक ही है ‘ दरार बिना घर सूना ‘ 2005 में दिल्ली शिल्पायन से प्रकाशित हुआ था. नाटक ‘ शूर्पनखा ‘ भी उन्होंने लिखा है.

अलका पाठक की पुस्तक – किराये के लिए खाली है.

पल्लवी त्रिवेदी पुलिस अधिकारी हैं. उनकी प्रकाशित कृतियाँ हैं—‘अंजाम-ए-गुलिस्तां क्या होगा’ (व्यंग्य-संग्रह); ‘तुम जहाँ भी हो’ (कविता-संग्रह)। उनकी रचनाएँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होती रही हैं। लेखन के अतिरिक्त वे यात्राओं, संगीत व फ़ोटोग्राफ़ी का शौक रखती हैं. ‘तुम जहाँ भी हो’ पुस्तक के लिए उन्हें 2020 में मध्यप्रदेश के ‘वागीश्वरी सम्मान’ से सम्मानित किया गया.

साधना बलवटे ने समिक्षात्मक कृति “शरद जोशी व्यंग्य के आर पार ” लिखी है. उनका व्यंग्य संग्रह ” ना काहू से दोस्ती हमरा सबसे बैर ” सदयः प्रकाशित है.

अर्चना चतुर्वेदी का व्यंग्य उपन्यास गली तमाशे वाली बहू चर्चित है.

कांता राय मूलतः लघुकथायें लिखती हैं. जिनमें वे व्यंग्य का सक्षम प्रयोग करती हैं. उनकी विभिन्न विधाओ की कई किताबें प्रकाशित हैं.

शेफाली पाँडे, दलजीत कौर,सक्रिय बहुपठित लेखिकायें हैं. सुषमा व्यास राजनिधि की यद्यपि व्यंग्य केंद्रित किताब अब तक नहीं है पर वे व्यंग्य मंचो पर सक्रिय रहती हैं, मेधा झा स्फुट व्यंग्य लिखती हैं,वे अनेक संग्रहों में सहभागी हैं. सारिका गुप्ता स्फुट व्यंग्य लिख रही युवा व्यंग्यकार हैं, वे कानूनी विषय पर एक किताब लिख चुकी हैं. डा.शांता रानी ने हिंदी नाटकों में हास्य तत्व पुस्तक लिखी है. लक्ष्मी शर्मा मूलतः व्यंग्यकार नहीं हैं पर उनके उपन्यास, एकांकी में व्यंग्य की झलक है.सिधपुर की भक्तिनें, स्वर्ग का अंतिम उतार,उपन्यास, कथा संग्रह आदि लिखे हैं.

डा शैलजा माहेश्वरी ने ” हिंदी व्यंग्य में नारी ” किताब लिखी है. यह पुस्तक हिंदी व्यंग्य में नारी के योगदान पर गंभीर समालोचनात्मक कृति है. बीकानेर की मंजू गुप्ता के संपादन में भी एक पुस्तक व्यंग्य समालोचना पर आई है. जबलपुर में महाविद्यालय में हिन्दी की विभागाध्यक्ष डा स्मृति शुक्ल ने व्यंग्य आलोचना सहित, साहित्यिक समालोचना के क्षेत्र में बहुत काम किया है. उन्हें म प्र साहित्य अकादमी से आलोचना पर पुरस्कार भी मिल चुका है. उन्होंने ” विवेक रंजन के व्यंग्य समाज के जागरुख पहरुये के बयान ” शोध आलेख लिखा है. स्वाति शर्मा, जबलपुर डा नीना उपाध्याय के निर्देशन में विवेक रंजन के व्यंग्य के सामाजिक प्रभाव पर जबलपुर विश्वविद्यालय से शोध कार्य कर रही हैं. आशा रावत की पुस्तक – हिंदी निबंध-स्वतंत्रता के बाद शीर्षक से प्रकाशित है जिसमें महिला व्यंग्य समालोचना पर भी लिखा गया है.

दीपा गुप्ता ने अब्दुल रहीम खानखाना पर विस्तृत कार्य किया है. उनकी कई किताबें प्रकाशित हैं. यद्यपि व्यंग्य केंद्रित पुस्तक अभी तक नहीं आई है. इसके अतिरिक्त भारती पाठक, गरिमा सक्सेना, पूजा दुबे, ऋचा माथुर,आदर्श शर्मा, अनीता भारती, विभा रश्मि, जयश्री शर्मा, पुष्प लता कश्यप, निशा व्यास, मीरा जैन, प्रभा सक्सेना, रेनू सैनी, डा निर्मला जैन, उषा गोयल, पूनम डोगरा, नीलम जैन, ललिता जोशी, अर्चना सक्सेना, कुसुम शर्मा, सीमा जैन, विदुषी आमेटा, दीपा स्वामिनाथन, आदि लेखिकायें राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय सोशल मीडीया प्लेटफार्मस् एवं पत्र पत्रिकाओ में जब तब स्फुट रूप से सक्रिय मिलती हैं. भले ही इनमें से कई पूर्णतया व्यंग्य संधान नहीं कर रही किन्तु अपनी विधा कविता, कहानी, ललित लेख, लघु कथा आादि में व्यंग्य प्रयोग करती हैं.

 व्यंग्य-लोचन पुस्तक में डा.सुरेश महेश्वरी ने रीतिकालीन कवियों के मार्फत उपालम्भ के रूप में महिलाओं द्वारा किये जाने वाले व्यंग्य को विस्तार दिया है. इसी प्रकार व्यंग्य चिन्तना और शंकर पुणताम्बेकर विषयक पुस्तक में भी काफी विस्तार से महिला व्यंग्य की चर्चायें की गई है. डा.बालेन्दु शेखर तिवारी ने भी महिला व्यंग्य लेखन पर अपने विचार दिए हैं.

अस्तु, सीमित संदर्भों को लेकर कम शब्दों में आज सक्रिय व्यंग्य लेखिकाओ के कृतित्व के विषय में यह आलेख एक डिस्क्लैमर चाहता है, मैने यह कार्य निरपेक्ष भाव से महिला व्यंग्य लेखन को रेखांकित करने हेतु सकारात्मक भाव से किया है, उल्लेख, क्रम, कम या ज्यादा विवरण मात्र मुझे सुलभ सामग्री के आधार पर है, त्रुटि अवश्यसंभावी है जिसके लिये अग्रिम क्षमा. कई नाम जरूर छूटे होंगे जिनसे अवगत कराइये ताकि यह आलेख और भी उपयोगी संदर्भ बन सके.

महिला व्यंग्य लेखन स्वच्छंद रुप से विकसित हो रहा है, और संभावनाओ से भरपूर है. महिला व्यंग्यकार राजनीती, घर परिवार,मोहल्ला, पड़ोस, रिश्ते नाते, बच्चे, परिवेश, पर्यावरण, स्त्री विमर्श, लेखन, प्रकाशन, सम्मान की राजनीति आदि सभी विसंगतियों पर लिख रही हैं. महिला लेखन में विट है ह्यूमर है, आइरनी है, कटाक्ष, पंच आदि सब मिलता है. हर लेखिका की रचनाओं का कलेवर उसकी अभिव्यक्ति की क्षमता और अनुभव के अनुरूप सर्वथा विशिष्ट है. व्यंग्य लेखन को ये लेखिकायें पूरी संजीदगी से निभाती नजर आती हैं. सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि महिला व्यंग्य लेखन में कहीं प्राक्सी नहीं है जैसा महिलाओ को लेकर अन्य क्षेत्रो मे प्रायः होता दिखता है उदाहरण के लिये गांवों में महिला सरपंच की जगह उनके पति भले ही सरपंचगिरी करते मिेलें किन्तु संतोष है कि महिला व्यंग्य लेखन में पूर्ण मौलिकता है.

© विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

ए 233, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी भोपाल 462023

मोब 7000375798

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी ⇒ प्यारा मौसम… ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “प्यारा मौसम।)  

? अभी अभी ⇒ प्यारा मौसम? श्री प्रदीप शर्मा  ?  

प्यार करने वाले मौसम नहीं देखते। काहे की सर्दी, गर्मी बरसात, उनके लिए तो, हर मौसम प्यार का होता है, लेकिन मौसम खुद भी बड़ा प्यारा होता है। हैं ऐसे कई प्रकृति – प्रेमी, जिन्हें मौसम से प्यार होता है। जो मौसम से करते प्यार, वो इंसान से प्यार करने से कैसे करें इंकार।

बच्चे किसे प्यारे नहीं होते ! ठीक बच्चों ही की तरह मौसम भी बड़ा प्यारा होता है। बच्चे अगर शैतान होते हैं, तो मौसम भी बेईमान होता है। अगर कभी कभी बच्चों के मारे नाक में दम होता है, तो मौसम भी किसी बच्चे से कम नहीं। सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार भी नाक में दम नहीं लेने देते। बार बार डॉक्टर के पास जाओ, तो वह भी यही कहता है, मौसम ही ऐसा है। ।

नवजात शिशु जब पहली बार पल्टी खाता है, तो कितनी खुशी होती है। बच्चे बड़े सब, बड़े खुश नज़र आते हैं, आज बबलू ने अपने आप पल्टी खाई। लेकिन जब मौसम एकदम पलट जाता है, तो बड़ा सावधान होना पड़ता है। मौसम हो या इंसान, दोनों का कोई भरोसा नहीं, कब पलटी खा जाए।

जिस तरह बच्चा हर मौसम में प्यारा लगता है, हर मौसम भी हमें बड़ा प्यारा लगता है। लेकिन बदमाशी में भी मौसम, बदमाश बच्चों से बहुत आगे है। अभी कुछ दिनों पहले तक हम सर्दी के कहर से परेशान थे। सूरज का मुंह देखने को तरस गए थे। थोड़ा कोहरा पड़ा, ठंड बढ़ी और बिना किसी बुरी आदत के मुंह से धुआं निकलना शुरू। बच्चे बूढ़े सभी, अलाव के पास नज़र आते थे।।

रोता बच्चा, एक खराब मौसम की तरह होता है। आप एक बार बच्चे को मना सकते हो, मौसम किसी की नहीं मानता। उसे बच्चों की ही तरह मनमानी करने की आदत है। बिगड़े बच्चे को सुधारना इतना आसान नहीं होता, लेकिन मौसम में एक अच्छी आदत है, वह अपने आप सुधर जाता है।

नया वर्ष और नवागत खुशियां लेकर आता है। आजकल मौसम मेहरबान होने लग गया है। आसमान में पतंगें उड़ाने का मौसम आ गया है। अब आपको सूर्य देवता के भी दर्शन होंगे और आसमान भी खुला मिलेगा। अब आप आसानी से खुली हवा में सूर्य नमस्कार कर सकते हो, पतंग उड़ा सकते हो, किसी की पतंग काट सकते हो।।

बहुत प्यारा मौसम है। सबको गले लगाने की इच्छा होती है। तिल गुड़ और मकर सक्रांति का पर्व भी यही संदेश लेकर आता है। मीठा खाएं और मीठा बोलें। बच्चों और मौसम से हम कम से कम इतना तो सीख ही सकते हैं।

बच्चों का स्वभाव बिल्कुल मौसम जैसा होता है। मौसम भी बच्चा ही है। हम कभी उससे परेशान रहते हैं तो कभी वह हमें प्यारा लगने लगता है। बच्चा बनने का मौसम आ गया है। मौसम भी तो बच्चा बन गया है। हम भी बचपना छोड़ें, मौसम की तरह  अपना स्वभाव सुधारें। प्यार लें, प्यार दें। एक प्यारे बच्चे की तरह ही, मौसम भी, बड़ा प्यारा है।।

    ♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # 65 – किस्साये तालघाट… भाग – 2 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆

श्री अरुण श्रीवास्तव

(श्री अरुण श्रीवास्तव जी भारतीय स्टेट बैंक से वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बैंक की सेवाओं में अक्सर हमें सार्वजनिक एवं कार्यालयीन जीवन में कई लोगों से मिलना   जुलना होता है। ऐसे में कोई संवेदनशील साहित्यकार ही उन चरित्रों को लेखनी से साकार कर सकता है। श्री अरुण श्रीवास्तव जी ने संभवतः अपने जीवन में ऐसे कई चरित्रों में से कुछ पात्र अपनी साहित्यिक रचनाओं में चुने होंगे। उन्होंने ऐसे ही कुछ पात्रों के इर्द गिर्द अपनी कथाओं का ताना बाना बुना है। आज प्रस्तुत है आपके एक विचारणीय आलेख  “किस्साये तालघाट…“ श्रृंखला की अगली कड़ी।)   

☆ आलेख # 65 – किस्साये तालघाट – भाग – 2 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆

तालघाट शाखा में जब अपडाउनर्स की प्रभुता बढ़ी तो स्वाभाविक था कि नियंत्रण कमजोर पड़ा. ये जमाना मेनुअल बैंकिंग का था जब शाखाएँ बिना कम्प्यूटर के चला करती थीं और ऐसा माना जाता था कि कुशल मनुष्य ही मशीन से बेहतर परफॉर्मेंस देता है. पर अपडाउनर्स की प्रभुता ने शाखा का संतुलन, अस्थिर करने की शुरुआत कर दी. संतुलन निष्ठा और व्यक्तिगत सुविधा के बीच ही रहता है और यह संतुलन बना रहे तो शाखाएँ भी परफार्म करती हैं और काम करने वालों के परिवार भी संतुष्ट रहते हैं. पर जब व्यक्तिगत सुविधा, कार्यालयीन निष्ठा को दरकिनार कर दे तो बहुत कुछ बाकी रह जाता है और असंतुलन की स्थिति बन जाती है. इसे बैंकिंग की भाषा में बेलेंसिंग का एरियर्स बढ़ना और साप्ताहिक/मासिक निष्पादन की जानकारी पहुंचने में बर्दाश्त के बाहर विलंब होना कहा जाता है.

तालघाट के शाखा प्रबंधक सज्जनता और धार्मिकता के गुणों से लबालब भरे थे पर उनके व्यक्तित्व से दुनियादारी, कठोरता, चतुराई, निगोशिएशन नामक दुर्गुणों या एसाइनमेंट के अनुसार जरूरी गुणों का जरूरत से ज्यादा अभाव था. सारे ऐसे व्यसन, जैसे चाय, पान, तंबाकू, मदिरा जिनसे सरकारें भी टेक्स कमाती हैं, उनसे कोसों दूर थे. हनुमानजी के परम भक्त, हर मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के नियमित वाचक या पाठक अपने परिवार के संग शाखा के ऊपर बने शाखाप्रबंधक निवास में रहते थे. उनकी पूजा की घंटियों और धूप की सुगंध से शाखा भी महक जाती थी और इस प्रातःकाल पूजा का प्रसाद, शाखा में ड्यूटी पर रहे सिक्युरिटी गार्ड भी पाते थे. कभी कभी या अक्सर उनके लिये चाय का भी आगमन हो जाता था क्योंकि शाखाप्रबंधक से ज्यादा गृहसंचालन और परिवार के संचालन में उनकी भार्या कुशल थीं. अतः शाखाप्रबंधक महोदय ने परिवार संचालन का भार पत्नी पर और शाखा संचालन का भार हनुमानजी की कृपा पर छोडकर अपना मन भक्ति भाव में लगा लिया था। पर हनुमानजी तो स्वयं कर्मठ और समर्पित भक्त थे तो धर्म से ज्यादा कर्म और राम के प्रति निष्ठा पर विश्वास करते थे. तो शाखा प्रबंधक महोदय को परिवार से तो नहीं पर नियंत्रक कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ उप प्रबंधक जो उनके मित्र भी थे, का फोन आया. शाखा की समस्याओं पर चर्चा के दौरान जब शाखाप्रबंधक महोदय ने नियंत्रक कार्यालय से रेडीमेड समाधान मांगा तो वरिष्ठ उपप्रबंधक महोदय ने अपनी मित्रता और नियंत्रक कार्यालय के रुआब के मुताबिक उनको समझा दिया कि हम यहां नियंत्रण के लिये बैठे हैं, आपको रेडीमेड समाधान (जो कि होता नहीं) देने के लिये नहीं. परम सत्य आप समझ लो कि शाखाप्रबंधक आप हो और शाखा आपको ही चलानी है. स्टाफ जैसा है, जितना है उससे ही काम करवाना है. बैंक इन सबको और आपको भी इस काम के लिए ही वेतन देती है. आपकी शाखा की इमेज हर मामले में इतनी बिगड़ चुकी है कि हमारे साहब को भी आपके कारण बहुत कुछ सुनना पड़ता है. कोशिश करिये कि वो आपको नज़र अंदाज ही करते रहें या फिर खुद भी सुधरिये और शाखा को भी सुधारने की कोशिश कीजिये. यारी दोस्ती के कारण पहले से आपको बता रहे हैं. शाखाप्रबंधक महोदय इन सब बातों को एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल रहे थे क्योंकि उनके ध्यान में तो सिर्फ बजरंगबाण का पाठ चल रहा था. यही पूरा करके वो नीचे शाखाप्रबंधक के कक्ष में विराजमान हो गये और अंशकालिक संदेशवाहक को नारियल और प्रसाद हेतु लड्डू लाने का अ-कार्यालयीन आदेश दिया. आदेश का तत्काल द्रुत गति से पालन हुआ और शाखा में हनुमानजी को प्रसाद अर्पित करने और उसे जो भी शाखा पधार गये थे, उन्हें प्रसाद वितरण कर शाखा के केलेंडर के अनुसार मंगलवार नामक कार्यदिवस का आरंभ हुआ.

नोट : किस्साये तालघाट जारी रहेगा. हममें से अधिकांश इसमें अपनी यादों का आनंद लेंगे, हो सकता है कुछ ऐसे भी हों जिनका इन सब से वास्ता ही न पड़ा हो और वे अपने यथार्थ रूपी अतीत को जो उनकी भी बुनियाद रही है, भूलकर मायाजाल की सोशलमीडियाई कल्पनाओं में ही गर्वित रहें. तो उनके लिए तो इस किस्से का कोई मतलब नहीं भी हो सकता है पर ये किस्सा तो जारी रहेगा मित्रों क्योंकि संतुष्टि का सबसे बड़ा हिस्सा तो लेखक के हिस्से में ही आता है.

अपडाउनर्स की यात्रा जारी रहेगी.

© अरुण श्रीवास्तव

संपर्क – 301,अमृत अपार्टमेंट, नर्मदा रोड जबलपुर 

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी ⇒ शराफ़त छोड़ दी मैंने… ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “शराफ़त छोड़ दी मैंने।)  

? अभी अभी ⇒ शराफ़त छोड़ दी मैंने? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

क्या आपको नहीं लगता, यह सीधी सीधी धमकी है! यह शरीफ़ों की भाषा है ही नहीं।

आपकी ऐसी क्या मज़बूरी थी, जो आप शराफ़त छोड़ने पर आमादा हो गए ? माफ़ करना, आज आपने मुँह खुलवा दिया, हम तो आपको कभी शरीफ़ मानते ही नहीं थे।

हेमाजी की एक फ़िल्म आई थी, शराफ़त, उसका ही यह शीर्षक गीत है। लोग अच्छे बनकर मानो हम पर अहसान कर रहे हों। ज़रा सी बात बिगड़ी, और असली चेहरा सामने! अभी तक तुमने मेरी शराफ़त देखी है, अब मेरा कमीनापन भी देख लेना। वैसे भी, तुम मुझे जानते ही कितना हो। इसे कहते हैं, शराफ़त का भंडाफोड़। ।

स्कूल में एक दोस्त था, सक्सेना!” बड़े आदमी का बेटा था, आज वह भी बहुत बड़ा आदमी बन गया है। दोस्ती में जान हाज़िर! और तुनक-मिज़ाज़ इतना, कि बात बात में, “आज से बात बंद”। स्कूल के दिनों में दोस्ताना भी होता था, और तीखी झड़प और नोक-झोंक भी। महीनों मुँह फुलाये रहेंगे और अचानक फुग्गे की तरह फूट पड़ेंगे।

जब वह नाराज होता, एक डायलॉग अवश्य बोलता! प्रदीप बाबू, सक्सेना दोनों तरफ़ चलना जानता है। लेकिन ज़्यादा चल नहीं पाता था। मोटा था! थक जाता था। दोनों दोस्त फिर साथ साथ चलने लग जाते थे।।

दिलीपकुमार की एक फ़िल्म आई थी, गोपी! ये फिल्में तब की हैं, जब ट्रेजेडी किंग दिलीप साहब अपने देवदास टाइप किरदारों में इतने डूब गए थे कि उन्हें अवसाद (डिप्रेशन) ने घेर लिया था। अभिनय उनकी रग रग में बसा था, अतः मनो-चिकित्सकों ने उन्हें हल्के फुल्के रोल करने की सलाह दी। साला मैं तो साहब बन गया, साहब बनकर कैसा तन गया, उसी फ़िल्म गोपी का गीत है।

गीत की शुरुआत ही, “जेंटलमैन, जेंटलमैन, जेंटलमैन “से होती है। जेंटलमैन ही साहब है, साहब ही शरीफ हैं। सूट-बूट हैट और टाई, सर से पाँव तक हाई-फाई। शरीफ लोग अंग्रेज़ी में गाली बकते हैं। चाय की एक बूँद सूट पर गिर जाए, तो shit बोलते हैं। लेकिन साहब कभी शराफत नहीं छोड़ते।।

साहिर साहब न जाने क्यों इन कथित शरीफ़ज़ादों से चिढ़े हुए रहते थे! क्या मिलिए ऐसे लोगों से, जिनकी फ़ितरत छुपी रहे। नकली चेहरा सामने आए, असली सूरत छुपी रहे।

मैंने बहुत कोशिश की, शराफ़त छोड़ दूँ, लेकिन यह शराफत ही है, जो मेरा पीछा नहीं छोड़ रही! कई बार मैंने शराफत से गुजारिश की, आप तशरीफ़ ले जाइए, लेकिन वह मानती ही नहीं! कहती है कि अगर मैं तशरीफ़ ले गई, तो आप कहीं तशरीफ़ रखने लायक नहीं रह जाओगे। मुझे आपसे ज़्यादा आपकी तशरीफ़ की चिंता है। अब शराफत इसी में है, जहाँ भी तशरीफ़ ले जाओ, शराफ़त साथ में ले जाओ। लोग कहते भी हैं, देखो! शरीफ़ज़ादे तशरीफ़ ला रहे हैं।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # 32 – देश-परदेश – शहीद स्मारक ☆ श्री राकेश कुमार ☆

श्री राकेश कुमार

(श्री राकेश कुमार जी भारतीय स्टेट बैंक से 37 वर्ष सेवा के उपरांत वरिष्ठ अधिकारी के पद पर मुंबई से 2016 में सेवानिवृत। बैंक की सेवा में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान के विभिन्न शहरों और वहाँ  की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला। उनके आत्मकथ्य स्वरुप – “संभवतः मेरी रचनाएँ मेरी स्मृतियों और अनुभवों का लेखा जोखा है।” ज प्रस्तुत है आलेख की शृंखला – “देश -परदेश ” की अगली कड़ी।)

☆ आलेख # 32 ☆ देश-परदेश – शहीद स्मारक ☆ श्री राकेश कुमार ☆

हमारे देश में युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वालों की याद में अनेक स्मारक बने हुए हैं। कई कस्बों और शहरों में शहीदों के नाम की पट्टियां और मूर्तियां लगाकर उनका सम्मान भी किया जाता है। शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाक़ी निशा होगा”

विश्व युद्ध प्रथम, द्वितीय, शत्रु देश चीन, पाकिस्तान इत्यादि के साथ हुए युद्धों में अपने प्राण निछावर करने वाले देश के सपूतों की स्मृति को चिरस्थाई बनाए रखने और जन साधारण को प्रेरणा देने के लिए ये मील के पत्थर का कार्य करते हैं।

यहां विदेश में भी अनेक तिराहों, चौराहों आदि पर इसी प्रकार की नाम पट्टी लगी हुई मिली। वर्तमान निवास के पास एक तिराहे पर पैदल चलने वालों के लिए विश्राम स्थल बना हुआ है। वहां पर विश्व युद्ध प्रथम, द्वितीय और वियतनाम में अपनी जान देने वाले अमरीकी जो इस क्षेत्र के निवासी थे, उनके नाम और विभिन्न वीरता सम्मान प्राप्त सुरक्षा प्रहरियों के नाम में एक भारतीय मूल का नाम अंकित है। स्वर्गीय माईकल वी भाटिया (हो सकता है, अमेरिका में रहते हुए उन्होंने सुविधा के लिए अपने मूल नाम को माईकल कर लिया होगा) जिनको” मेडल ऑफ लिबर्टी” के सम्मान से नवजा गया है, इस बात का  गवाह है। हमारे देश के लोगों ने जब भी मौका मिला उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए, कर्तव्य को प्राथमिकता दी है। इस प्रकार का जज़्बा हम भारतीयों के खून में ही है। 

© श्री राकेश कुमार

संपर्क – B 508 शिवज्ञान एनक्लेव, निर्माण नगर AB ब्लॉक, जयपुर-302 019 (राजस्थान) 

मोबाईल 9920832096

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी ⇒ प्रेम गली अति सांकरी… ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “प्रेम गली अति सांकरी”।)  

? अभी अभी ⇒ प्रेम गली अति सांकरी? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

क्या प्रेम का राजमार्ग भी होता है ! क्या हम ऐसा नहीं कर सकते,राजमार्ग पर प्रेम करें,और पतली गली से निकल जाएं।

दिल के बारे में खूब बढ़ा चढ़ाकर कहा जाता है,;

बंदा परवर, थाम लो जिगर

बन के प्यार फिर आया हूं।

खिदमत में, आपकी हुज़ूर

फिर वही दिल लाया हूं।।

प्रेम दिल से किया जाता है,या मन से,इसमें थोड़ी उलझन हो सकती है,मतांतर भी हो सकता है लेकिन दिल का क्या है,आज इसे दिया,कल उसे दिया। कभी टूट गया,कभी तोड़ा गया। हर बार इसे फिर जोड़ा गया। लेकिन मन में तो बस एक ही छवि बसी रहती है ;

तुम्हीं मेरे मंदिर तुम्हीं मेरी पूजा

तुम्हीं देवता हो, तुम्हीं देवता हो।।

हम आज दिल की नहीं,सिर्फ मन की बातें करेंगे। उस मन की बात,जिसमें सिर्फ प्रेम का वास है। मन से प्रेम,सड़कों पर नहीं होता, कुंज गलियों में ही होता है। अब यह भी क्या बात हुई ;

जिस गली में तेरा घर ना हो बालमा

उस गली से हमें तो गुजरना नहीं

मीराबाई को तो गलियन में गिरधारी ही नजर आते थे,इसलिए वह लाज के मारे छिप जाती थी। और जब दुनिया उनके और कृष्ण प्रेम के बीच आती थी तो वे निराश होकर कह उठती थी ;

गली तो चारों बंद हुई

मैं हरि से मिलने कैसे जाऊं।।

गोपियों का प्रेम भी अजीब था। उन्होंने अपने कन्हैया को मन में बसा लिया था और दिन रात बस कृष्ण की माला जपा करती थी। कृष्ण निष्ठुर थे,फिर भी गोपियों का हाल जानते थे। जो ज्ञान उन्होंने कालांतर में अर्जुन को दिया,वहीं ज्ञान गोपियों को देने के लिए अपने ज्ञानी मित्र उद्धव को गोपियों के पास बृज में भेज ही दिया।

ज्ञानी उद्धव गोपियों को ज्ञान की महिमा बता रहे हैं,कर्म की महत्ता गिना रहे हैं, और गोपियां एक ही बात पर अड़ी हुई हैं, उधो, मन न भए दस बीस। केवल   एक ही था,जो तुम्हारा श्याम सुंदर चुराकर ले गया। चोरी और सीना जोरी। और तुम हमें निर्गुण ब्रह्म का ज्ञान बांटने चले आए।

तुम्हें लाज नहीं आती।।

बेचारे उद्धव की हालत तो उद्धव ठाकरे से भी अधिक गई गुजरी हो गई। वे बेचारे निर्गुण ब्रह्म को टॉप गियर में ले जाएं,उसके पहले ही गोपियां उन पर चढ़ाई कर देती हैं। तुम्हारा ज्ञान का रास्ता हमारे पल्ले नहीं पड़ता। उद्धव ! क्या तुम इतना भी नहीं जानते कि प्रेम की गली इतनी संकरी होती है कि इसमें कोई दूसरा समा ही नहीं सकता। जहां कृष्ण के प्रति प्रेम है,वहां तुम कितने भी ज्ञान और वैराग्य के डंके बजाओ,तुम्हें no entry का बोर्ड ही लगा मिलेगा। निर्गुण ब्रह्म के लिए प्रवेश निषेध। यह गली अत्यधिक संकरी है। इसलिए अपना ज्ञान का टोकरा वापस ले जाओ,और श्री कृष्ण से जाकर कह दो ;

तुम हमें भूल भी जाओ

तो ये हक है तुमको

हमारी बात और है कृष्ण !

हमने तो बस तुमसे,

निष्काम प्रेम किया है।।

इस संसार में हम अपने प्रिय परिजनों को दिल से प्यार करते हैं। कोई भी छोटा बच्चा नजर आता है,उसे उठाकर सीने से लगा लेने का मन करता है। प्यार बांटने की चीज है। लेकिन यह भी सच है कि प्रेम की एक पतली गली भी है हमारे मन में,जिसमें केवल एक ही समा सकता है।  आपके मन में कौन है,आप जानें,हमने तो बस उस गली का नाम प्रेम गली रखा है।

वह एकांगी है और वह रास्ता केवल उस निर्गुण निराकार ब्रह्म के पास जाता है,जिसे गोपियां कृष्ण प्रेम कहती हैं। प्रेम में भेद बुद्धि नहीं रहती। जग में सुंदर हैं दो नाम चाहे कृष्ण कहो या राम।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 188 ☆ सह-अस्तित्व ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 188 सह-अस्तित्व ?

सब्जी मंडी जा रहा हूँ। खुले में सजती इस मंडी के मुहाने से भीतर की ओर जाने वाला लगभग बीस फुट का एक रास्ता है। देखता हूँ कि रास्ते के दोनों और लोगों ने टू व्हीलर पार्क कर रखे हैं। ठेलों पर सामान बेचने वाले भी हैं। परिणामस्वरूप बीस फुट में से मुश्किल से आठ फुट की जगह आने-जाने के लिए बची है। आने-जाने का मतलब है कि मंडी जानेवालों के लिए चार फुट और लौटने वालों के लिए चार फुट।

इस चार फुट को भी दोपहिया पर सवार एक पुरुष और उसकी पत्नी ने बंद कर रखा है। अपनी जगह से आगे नहीं बढ़ रहे हैं। सामने देखने पर पाता हूँ कि एक गाय रास्ते पर ठहरी हुई है। युगल उस गाय से डर रहा है। दोपहिया निकालने का प्रयास करने पर गाय से स्पर्श होगा, गाय किस तरह की प्रतिक्रिया देगी, इसका भय उनके चेहरे पर पढ़ा जा सकता है। युगल तो नहीं बढ़ा पर परिस्थिति को भाँपकर गाय आगे बढ़ गई।

गाय के आगे बढ़ते ही यही दृश्य मंडी से लौटने वालों के लिए उपलब्ध चार फुट के रास्ते पर उपस्थित हो गया। अबकी बार सामने से आ रहा दोपहिया सवार गाय को देखकर हड़बड़ा कर ठहर गया। पीछे बैठी उसकी पत्नी तो गाय आती देख भय से चिल्लाने लगी।

विचार करने पर पाता हूँ कि गाय का मार्ग पर ठहर जाना, उसे वहाँ से हटाना सामान्य-सी बातें हैं। तथापि बड़े शहरों में आभिजात्य भाव ने मनुष्य को माटी से ही काट दिया है। माटी के ऊपर काँक्रीट में पलते, काँक्रीट में बढ़ते हम हर बार भूल जाते हैं कि जड़ें माटी में जितनी गहरी होंगी, खनिज और जल उतना ही अधिक अवशोषित करेंगी। सूरज की तपिश पाकर उतना ही अधिक विकास भी होगा।

सत्य तो यह है कि वर्तमान में हम प्रकृति से, सह-अस्तित्व से, सहजता से दूर होते जा रहे हैं। प्राणियों के साथ रहना, प्रकृति के संग रहना एक समय सामान्य बात थी। आज तो चूहा, बिल्ली से डरना भी आम बात हो गई है। यह भी विसंगति की पराकाष्ठा है कि एकाधिकार की वृत्ति का मारा मनुष्य भूल रहा है कि पग-पग पर प्रकृति का हर घटक अन्योन्याश्रित है।

इस परस्परावलंबिता को भूल रहे आदमी को अपनी एक रचना स्मरण दिलाना चाहता हूँ,

बड़ा प्रश्न है-

प्रकृति के केंद्र में

आदमी है या नहीं?

इससे भी बड़ा प्रश्न है-

आदमी के केंद्र में

प्रकृति है या नहीं?

आदमी जितनी जल्दी अपने केंद्र में प्रकृति को ले आएगा, उतनी ही उसकी सहजता और जीवनानंद की परिधि विस्तृत होती जाएगी।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ श्री हनुमान साधना 🕉️

💥 अवधि – 6 अप्रैल 2023 से 19 मई 2023 तक 💥

💥 इस साधना में हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमनाष्टक का कम से एक पाठ अवश्य करें। आत्म-परिष्कार एवं ध्यानसाधना तो साथ चलेंगे ही 💥

💥 आपदां अपहर्तारं साधना श्रीरामनवमी अर्थात 30 मार्च को संपन्न हुई। अगली साधना की जानकारी शीघ्र सूचित की जावेगी।💥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी ⇒ समाधि… ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “समाधि”।)  

? अभी अभी ⇒ समाधि? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

संत कबीर तो कह गए हैं, साधो, सहज समाधि भली !

काहे का ताना, काहे का बाना। ‌और महर्षि पतंजलि तो पूरा अष्टांग योग ही ले आए, के.जी. वन से कॉलेज की डिग्री तक। यम नियम, फिर आसन प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और अंत में जाकर समाधि। और इधर हमारे आज सबकी नाक पकड़कर प्राणायाम कराते हुए आयुर्वेदिक काढ़े पर काढ़े पिलाए जा रहे हैं। देशवासियों, सहज स्वदेशी बनो। स्वदेशी उत्पाद अपनाओ, स्वदेशी हो जाओ। समाधि से उपाधि भली।

कलयुग के एक विचारक ओशो के  समाधि के बारे में इतने क्रांतिकारी विचार थे कि एक समय पूरा बॉलीवुड उनके चरणों में गिर चुका था। विनोद खन्ना, गोल्डी आनंद, सुनील दत्त, नर्गिस, और परवीन बॉबी से लेकर खुशवंत सिंह तक समाधिस्थ होते होते बचे। ।

समाधि कोई हज अथवा तीर्थ तो है नहीं कि चारों धाम रिटर्न इंसान को फट से समाधि लग जाए। बहुत पापड़ बेलते थे कभी हमारे योगी सन्यासी, गुरुकुल से हिमालय तक का सफर तय करना पड़ता था समाधि लगाने के लिए लेकिन आज के अधिकांश संत महात्मा, योगी ब्रह्मचारी, महा मंडलेश्वर और शंकराचार्य कर्मयोगी बनना पसंद करते हैं। परम सत्ता का सुख ही समाधि है ईश्वर की इस सत्ता को नमन है।

एक भक्त और उसके आराध्य के बीच में जब भावनात्मक संबंध हो जाता है तो फिर उसे किसी कमीशन एजेंट की आवश्यकता नहीं होती। वह भक्ति भाव में ऐसा डूब जाता है कि उसकी सहज समाधि लग जाती है। ।

आखिर यह सहज समाधि है क्या ! जिसे पाना है उसकी याद में खोना ही भाव समाधि है। हमारे पास इतना समय नहीं कि हम जप, तप, पूजा अर्चना, हवन यज्ञ अनुष्ठान और स्वाध्याय ईश्वर प्राणिधान का मार्ग अपनाकर बाबा बन जाएं। केवल एकमात्र  भाव की गंगा ही ऐसी है जिसमें आप कभी भी, कहीं भी डुबकी लगाकर भाव समाधि में आकंठ समा सकते हो।

संगीत एक ऐसी विधा है जो आपके मन को तरंगित करती है। भले ही आप एक बाथरूम सिंगर हो, जब आप अकेले में  कुछ गाते, गनगुनाते हो, तो कुछ समय के लिए कहीं खो जाते हो। बस यही खोना ही भाव समाधि है। उपलब्धि में अहंकार होता है। कई असुरों ने वर्षों तप कर अपने इष्ट से ऐसे ऐसे वर मांग लिए जिससे यह दुनिया ही संकट में पड़ गई। समाधि में कुछ मांगा नहीं जाता। भाव समाधि में तो आप कुछ मांगने लायक स्थिति में रहते ही नहीं हो। ।

जो अज्ञात है, सर्वव्यापी है, अविनाशी ओंकार है, वह ज़र्रे ज़र्रे में समाया हुआ है। एक पक्षी, एक पेड़, बहती नदी, झरना और पहाड़, कोयल की कूक, मीरा के भजन, पंडित ओंकारनाथ ठाकुर हों, ता पंडित भीमसेन जोशी, पंडित जसराज और कुमार गंधर्व के निर्गुण के भजन, जो आपको उस भाव अवस्था में पहुंचा दे, बस वही भाव समाधि। तीन मिनिट की इस भाव समाधि में न तो  आपमें कर्ता पन का अहंकार शामिल है और न ही कोई सकाम चेष्टा। कोई मांग नहीं, मन्नत नहीं, कोई चढ़ावा नहीं, कोई मंदिर नहीं, कोई पुजारी नहीं। ऐकटा जीव, सदाशिव।

अपने आपको पाने का सबसे सरल रास्ता है, अपने आपमें खो जाना। जितनी भी ललित कलाएं हैं, वे हमें बाहर से अंदर को ओर ले जाती है। सुख, आनंद, समाधि कुछ भी नाम दें, अंतर्मुख होते ही घूंघट के पट खुल जाते हैं। ज़रा मन की किवड़िया खोल, सैंया तेरे द्वारे खड़े। ।

    ♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #180 ☆ वक्त और उलझनें ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  मानवीय जीवन पर आधारित एक अत्यंत विचारणीय आलेख वक्त और उलझनें। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 180 ☆

☆ वक्त और उलझनें 

‘वक्त भी कैसी पहेली दे गया/ उलझनें सौ और ज़िंदगी अकेली दे गया।’ रास्ते तो हर ओर होते हैं, परंतु यह आप पर निर्भर करता है कि आपको रास्ता पार करना है या इंतज़ार करना है, क्योंकि यह आपकी सोच पर निर्भर करता है। वैसे आजकल लोग समझते कम, समझाते अधिक हैं; तभी तो मामले सुलझते कम और उलझते अधिक हैं। जी हां! यही सत्य है ज़िंदगी का… ‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे’ अर्थात् जीवन में सीख देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले बहुत मिल जाएंगे, भले ही वे ख़ुद उन रास्तों से अनजान हों और उनके परिणामों से बेखबर हों। वैसे बावरा मन ख़ुद को बुद्धिमान व दूसरों को मूर्ख समझता है और हताशा-निराशा की स्थिति में उन पर विश्वास कर लेता है; जो स्वयं अज्ञानी हैं और अधर में लटके हैं।

स्वर्ग-नरक की सीमाएं निर्धारित नहीं है। परंतु हमारे विचार व कार्य-व्यवहार ही स्वर्ग-नरक का निर्माण करते हैं। यह कथन कोटिश: सत्य है कि   जैसी हमारी सोच होती है; वैसे हमारे विचार और कर्म होते हैं, जो हमारी सोच हमारे व्यवहार से परिलक्षित होते हैं; जिस पर निर्भर होती है हमारी ज़िंदगी; जिसका ताना-बाना भी हम स्वयं बुनते हैं। परंतु मनचाहा न होने पर दोषारोपण दूसरों पर करते हैं। यह मानव का स्वभाव है, क्योंकि वह सदैव यह सोचता है कि वह कभी ग़लती कर ही नहीं सकता; भले ही मानव को ग़लतियों का पुतला कहा गया है। इसलिए मानव को यह सीख दी जाती है कि यदि जीवन को समझना है, तो पहले मन को समझो, क्योंकि जीवन और कुछ नहीं, हमारी सोच का ही साकार रूप है। इसके साथ ही महात्मा बुद्ध की यह सीख भी विचारणीय है कि आवश्यकता से अधिक सोचना अप्रसन्नता व दु:ख का कारण है। इसलिए मानव को व्यर्थ चिंतन व अनर्गल प्रलाप से बचना चाहिए, क्योंकि दोनों स्थितियां हानिकारक हैं; जो मानव को पतन की ओर ले जाती हैं। इसलिए आवश्यकता है आत्मविश्वास की, क्योंकि असंभव इस दुनिया में कुछ है ही नहीं। हम वह सब कर सकते हैं, जो हम सोच सकते हैं और जो हमने आज तक सोचा ही नहीं। इसलिए लक्ष्य निर्धारित कीजिए; अपनी सोच ऊंची रखिए और आप सब कुछ कर गुज़रेंगे, जो कल्पनातीत था। जीवन में कोई रास्ता इतना लम्बा नहीं होता, जब आपकी संगति अच्छी हो अर्थात् हम गलियों से होकर ही सही रास्ते पर आते हैं। सो! मानव को कभी निराश नहीं होना चाहिए। ‘नर हो, न निराश करो मन को’ का संबंध है निरंतर गतिशीलता से है; थक-हार कर बीच राह से लौटने व पराजय स्वीकारने से नहीं, क्योंकि लौटने में जितना समय लगता है; उससे कम समय में आप अपनी मंज़िल तक पहुंच सकते हैं। सही रास्ते पर पहुंचने के लिए हमें असंख्य बाधाओं का सामना करना पड़ता है, जो केवल संघर्ष द्वारा संभव है।

संघर्ष प्रकृति का आमंत्रण है; जो स्वीकारता है, आगे बढ़ता है। संघर्ष जीवन-प्रदाता है अर्थात् द्वन्द्व अथवा दो वस्तुओं के संघर्ष से तीसरी वस्तु का जन्म होता है; यही डार्विन का विकासवाद है। संसार में ‘शक्तिशाली विजयी भव’ अर्थात्  जीवन में वही सफलता प्राप्त कर सकता है, जो अपने हृदय में शंका अथवा पराजय के भाव को नहीं आने देता। इसलिए मन में कभी पराजय भाव को मत आने दो… यही प्रकृति का नियम है। रात के पश्चात् भोर होने पर सूर्य अपने तेज को कम नहीं होने देता; पूर्ण ऊर्जा से सृष्टि को रोशन करता है। इसलिए मानव को भी निराशा के पलों में अपने साहस व उत्साह को कम नहीं होने देना चाहिए, बल्कि धैर्य का दामन थामे पुन: प्रयास करना चाहिए; जब तक आप निश्चित् लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर लेते। मानव में असंख्य संभावनाएं निहित हैं। आवश्यकता है, अपने अंतर्मन में निहित शक्तियों को पहचानने व संचित करने की। सो! निष्काम कर्म करते रहिए, मंज़िल बढ़कर आपका स्वागत-अभिवादन अवश्य करेगी।

वक्त पर ही छोड़ देने चाहिए, कुछ उलझनों के हल/ बेशक जवाब देर से मिलेंगे/ मगर लाजवाब मिलेंगे। वक्त सबसे बड़ा वैद्य है। समय के साथ गहरे से गहरे घाव भी भर जाते हैं। इसलिए मानव को संकट की घड़ी में हैरान-परेशान न होकर, समाधान हेतु सब कुछ सृष्टि-नियंंता पर छोड़ देना चाहिए, क्योंकि परमात्मा के घर देर है, अंधेर नहीं। उसकी अदालत में निर्णय देरी से तो हो सकते हैं, परंतु उलझनों के हल लाजवाब मिलते हैं, परमात्मा वही करता है, जिसमें हमारा हित होता है। ‘ज़िंदगी कैसी है पहेली हाय/ कभी यह हंसाए, कभी यह रुलाए।’ इसे न तो कोई समझा है, न ही जान पाया है। इसलिए यह समझना आवश्यक है कि इंसान खाली हाथ आया है और उसे खाली हाथ जाना है। आप इस प्रकार जिएं कि आपको मर जाना है और इस प्रकार की सीखें कि आपको सदा जीवित रहना है। यही मर्म है जीवन का…मानव जीवन पानी के बुलबुले की भांति क्षण-भंगुर है, जो ‘देखते ही छिप जाएगा, जैसे तारे प्रभात काल में अस्त हो जाते हैं। इसलिए आप ऐसे मरें कि लोग आपको मरने के पश्चात् भी याद रखें। वैसे ‘Actions speak louder than words.’कर्म शब्दों से ऊंची आवाज़ में अपना परिचय देते हैं। सो! आप श्रेष्ठ कर्म करें कि लोग आपके मुरीद हो जाएं तथा आपका अनुकरण-अनुसरण करें।

श्रेठता संस्कारों से मिलती है और व्यवहार से सिद्ध होती है। आप अपने संस्कारों से जाने जाते हैं और व्यवहार से श्रेष्ठ माने जाते हैं। अपनी सोच अच्छी व सकारात्मक रखें, क्योंकि नज़र का इलाज तो संभव है; नज़रिए का नहीं। सो! मानव का दृष्टिकोण व नज़रिया बदलना संभव नहीं है। शायद! इसलिए कहा जाता है कि मानव की आदतें जीते जी नहीं बदलती, चिता की अग्नि में जलने के पश्चात् ही बदल सकती हैं। इसलिए उम्मीद सदैव अपने से कीजिए; दूसरों से नहीं, क्योंकि इंसान इंसान को धोखा नहीं देता, बल्कि वे उम्मीदें धोखा देती हैं, जो दूसरों से की जाती हैं। इसलिए मुसीबत के समय इधर-उधर नहीं झांकें; आत्मविश्वास प्यार व धैर्य बनाए रखें; मंज़िल आपका बाहें फैलाकर अभिनंदन करेगी। जीवन में ऐसे लोगों की संगति कीजिए, जो बिना स्वार्थ व उम्मीद के आपके लिए मंगल-कामना करते हैं। वास्तव में उन्हें आपकी परवाह होती है और वे आपका हृदय से सम्मान करते हैं।

सो! जिसके साथ बात करने से खुशी दोगुनी व दु:ख आधा हो जाए, वही अपना है। ऐसे लोगों को जीवन में स्थान दीजिए, इससे आपका मान-सम्मान बढ़ेगा और दु:खों के भंवर से मुक्ति पाने में भी आप समर्थ होंगे। यदि सपने सच नहीं हो रहे हैं, तो रास्ते बदलो, मुक़ाम नहीं, क्योंकि पेड़ हमेशा पत्तियां बदलते हैं; जड़ें नहीं। सो! अपना निश्चय दृढ़ रखो और अन्य विकल्प की ओर ध्यान दो। यदि मित्र आपको पथ-विचलित कर रहे हैं, तो उन्हें त्याग दीजिए, अन्यथा वे दीमक की भांति आप की जड़ों को खोखला कर देंगे और आपका जीवन तहस-नहस हो जाएगा। सो! ऐसे लोगों से मित्रता बनाए रखें, जो दूसरों की खुशी में अपनी खुशी देखने का हुनर जानते हैं। वे न कभी दु:खी होते हैं; न ही दूसरे को संकट में डाल कर सुक़ून पाते हैं। निर्णय लेने से पहले शांत मन से चिंतन-मनन कीजिए, क्योंकि आपकी आत्मा जानती है कि आपके लिए क्या उचित व श्रेयस्कर है। सो! उसकी बात मानिए तथा स्वयं को ज़रूरत से ज़्यादा व्यस्त रखिए। इस स्थिति में आप मानसिक तनाव से मुक्त रहेंगे। व्यर्थ का कचरा अपने मनोमस्तिष्क में मत भरिए, क्योंकि वह अवसाद का कारण होता है।

दुनिया का सबसे कठिन कार्य होता है–स्वयं को पढ़ना, परंतु प्रयास कीजिए। अच्छी किताबें व अच्छे लोग तुरंत समझ में नहीं आते; उन्हें समझना सुगम नहीं, अत्यंत दुष्कर होता है। इसके लिए आपको एक लम्बी प्रक्रिया से गुज़रना पड़ता है। इसलिए कहा जाता है ‘बुरी संगति से अकेला भला।’ दूसरी ओर यह भी द्रष्टव्य है कि पुस्तकें इंसान की सबसे अच्छे मित्र होती हैं; कभी ग़लत राह नहीं दर्शाती। ख्याल रखने वालों को ढूंढना पड़ता है; इस्तेमाल करने वाले तो ख़ुद ही आपको ढूंढ लेते हैं। दुनिया एक रंगमंच है, जहां सभी अपना-अपना क़िरदार अदा कर चले जाते हैं। शेक्सपीयर की यह उक्ति ध्यातव्य है कि इस संसार में हर व्यक्ति विश्वास योग्य नहीं होता। इसलिए उन्हें ढूंढिए, जो मुखौटाधारी नहीं हैं, क्योंकि समयानुसार दूसरों का शोषण करने वाले, लाभ उठाने वाले अथवा इस्तेमाल करने वाले तो आपको तलाश ही लेंगे… उनसे दूरी बनाए रखें; उनसे सावधान रहें तथा ऐसे दोस्त तलाशें…धोखा देना जिनकी फ़ितरत न हो।

अकेलापन संसार में सबसे बड़ी सज़ा है और एकांत सबसे बड़ा वरदान। एकांत की प्राप्ति तो मानव को सौभाग्य से प्राप्त होती है, क्योंकि लोग अकेलेपन को जीवन का श्राप समझते हैं, जबकि वह तो एक वरदान है। अकेलेपन में मानव की स्थिति विकृत होती है। वह तो चिन्ता व मानसिक तनाव में रहता है। परंतु एकांत में मानव अलौकिक आनंद में विचरण करता रहता है। उस स्थिति को प्राप्त करने के निमित्त वर्षों की साधना अपेक्षित है। अहं मानव का सबसे बड़ा शत्रु है, जो मानव को सबसे अलग-अलग कर देता है और वह तनाव की स्थिति में पहुंच जाता है। इसके लिए दोषी वह स्वयं होता है, क्योंकि वह ख़ुद को सर्वश्रेष्ठ ही नहीं, सर्वोत्तम  समझता है और दूसरों के अस्तित्व को नकारना उसका स्वभाव बन जाता है। ‘ घमंड मत कर दोस्त/  सुना ही होगा/ अंगारे भी राख बढ़ाते हैं।’ मानव मिट्टी से जन्मा है और मिट्टी में ही उसे मिल जाना है। अहं दहकते अंगारों की भांति है, जो मानव को उसके व्यवहार के कारण अर्श से फ़र्श पर ले आता है, क्योंकि अंत में उसे भी राख ही हो जाना है। सृष्टि के हर जीव व उपादान का मूल मिट्टी है और अंत भी वही है अर्थात् जो मिला है, उसे यहीं पर छोड़ जाना है। इसलिए ज़िंदगी को सुहाना सफ़र जान कर हरपल को जीएं; उत्सव-सम मनाएं। इसे दु:खों का सागर मत स्वीकारें, क्योंकि वक्त निरंतर परिवर्तनशील है अर्थात् कल क्या हो, किसने जाना। सो कल की चिन्ता में आज को खराब मत करें। कल कभी आयेगा नहीं और आज कभी जायेगा नहीं अर्थात् भविष्य की ख़ातिर वर्तमान को नष्ट मत करें। सो! आज का सम्मान करें; उसे सुखद बनाएं…शांत भाव से समस्याओं का समाधान करें। समय, विश्वास व सम्मान वे पक्षी हैं, जो उड़ जाएं, तो लौट कर नहीं आते। सो! वर्तमान का अभिनंदन-अभिवादन कीजिए, ताकि ज़िंदगी भरपूर खुशी व आनंद से गुज़र सके।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी ⇒ मुझे तुम याद आए… ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “मुझे तुम याद आए “।)  

? अभी अभी ⇒ मुझे तुम याद आए ? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

याद स्मृति को भी कहते हैं और कुछ भूला हुआ याद आना भी स्मरण ही कहलाता है। मेरी याददाश्त कमज़ोर है, मेरे बचपन के स्मृति – पटल पर आठ वर्ष के पहले की सभी स्मृतियां विस्मृत हो चुकी हैं, या मैं यह कहूं कि वे कभी मुझे याद थी ही नहीं।

सत्तर वर्ष की उम्र भूलने की नहीं होती। अगर होती तो मैं यह भी भूल जाता कि मेरी उम्र सत्तर वर्ष है। लोग मुझे तसल्ली देते रहते हैं, भूलना एक आम समस्या है।

जो अतीत की अप्रिय घटनाएं हम भूलना चाहते हैं, वे बार बार कुरेदकर बाहर आ जाती हैं, और कुछ काम की बातें हम भूलने लग जाते हैं।।

भूल का भूलने से कोई संबंध नहीं! इस रविवार एक विचित्र घटना हुई। 503 के एक सज्जन मुझसे मिलने आए। ( हमारी मल्टी में लोग फ्लैट नंबर से जाने जाते हैं, नाम से नहीं। अस्पताल में मैं कभी कमरा नंबर 303 का पेशंट था। कैदी को भी जेल में नंबर से ही जाना जाता है।) वे अभी अभी आए हैं। जब भी मिलते हैं, मैं उनका फोन नंबर लेना भूल जाता हूं। इस बार आते ही मैंने उनसे उनका फोन नंबर मांग लिया , कहीं फिर भूल ना जाऊं।

उन्होने मुझे अपना फोन नंबर बताने के लिए कहा ताकि वह मुझे रिंग दे सकें। मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ, जब मुझे अपना मोबाइल नंबर ही याद नहीं आया। मेरे पास घर में जितने फोन है, सबके नंबर मुझे कंठस्थ याद है और जो लोग अपना फोन नंबर याद नहीं रखते, मैं उन पर हंसता हूं।आज मैं खुद पर ही हंस रहा था। वे मेरा मुंह देख रहे थे और मैं अपनी दयनीय स्थिति।।

परिस्थिति से समझौता करने के लिए मैंने उनका नंबर पूछा और डायल कर दिया। मेरा नंबर उनके पास पहुंच गया और उनका मेरे पास। वे चले गए लेकिन मुझे अपने फोन नंबर में उलझाकर चले गए।

कोई समझदार इंसान होता तो फोन में ही अपना नंबर देख सकता था लेकिन मैं था, जो बार बार अपनी स्मरण शक्ति पर जोर दे रहा था और अपने अंदर ही अपना टेलीफोन नंबर ढूंढ़ रहा था। और वह दस नंबरी टेलीफोन नंबर भी मानो मुझे चिढ़ा रहा था, मो को कहां ढूंढे रे बंदे। मैं तो तेरे पास रे। मैंने भी ठान लिया, भगवान को बाद में, पहले अपना फोन नंबर तो अपने में तलाश लूं।

हमारी कितनी मेमोरी है, और कौन सी बात कहां दबी छुपी है, कहना मुश्किल होता है। जो चीज हमेशा tip of the tongue यानी मुंहजबानी रहती थी, आज मन उसे उगल नहीं रहा था। अक्सर कुछ पुराने फिल्मी गानों के साथ भी यही होता है। जब हम चाहें, तब याद नहीं आते। और वो जब याद आए बहुत याद आए।।

पूरे रविवार और सोमवार, मैं यादों का पहाड़ खोदता रहा, एक दस डिजिट के नंबर के लिए, लेकिन एक भी डिजिट का पता नहीं चला। बहन से, बेटी से मेरी व्यथा कही। मेरा दर्द न कोई जाना। बस एक ही जवाब।हमारे साथ भी होता है। आपका नंबर मेसेज कर देते हैं। मैंने सख्ती से मना कर दिया। यह मेरी समस्या है। मेरी मुझसे ही लड़ाई है। हमको मन की शक्ति देना, मन विजय करें।

मैं पूरी तरह हार थक चुका था। सोचा, हथियार डाल ही दूं। सोचते सोचते कल रात नींद लग गई। रात को बारह बजे अचानक नींद खुली। अनायास पांच डिजिट मन की आंखों के सामने प्रकट हुए। मेरा आधा फोन नंबर साफ नजर आया। यूरेका! मन ने कहा। मैं शवासन की अवस्था में लेटा रहा। मैंने कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई। न ही उस नंबर को नोट किया। जो मेरे अंदर ही था, कहां जा सकता था, मुझे भरोसा था। कहीं दब गया होगा, सरकारी फाइलों की तरह। गूगल सर्च नहीं, मन के अंदर सर्च जारी थी। मैं निश्चिंत था। तीन चार अपुष्ट नंबर ए। मेरे मन ने ही उन्हें रिजेक्ट कर दिया और अंततः दो घंटे की मशक्कत के बाद जो नंबर आया वह मेरा दस डिजिट वाला मोबाइल नंबर था।।

मैं उठा। अपने मोबाइल पर उसे अंकित किया और बाद में कन्फर्म किया। वह वही नंबर निकला। यह एक अनावश्यक कसरत थी, कुछ लोगों की निगाह में, लेकिन मुझे यह कसरत, बहुत कुछ सिखा गई। हमने अंदर झांकना ही बंद कर दिया है। ईश्वर को हम बाहर खोज रहे हैं। आत्म गुरु को छोड़ जगत गुरु के पीछे पड़े हैं।

हमारे अंदर विचारों के जखीरे में अगर काई और जलकुंभी है तो माणिक मोती भी है। जिन्हें हम सीपी और शंख समझते हैं वे ही तो रत्नों की खान हैं। जिन खोजां तिन पाइयां , गहरे पानी पैठ। कभी मन के पार चलें, कुछ खोने का, कुछ पाने का आनंद लें। अब आइंदा अगर कोई चीज भूलूंगा तो उसकी तलाश भी अंदर ही करूंगा। बाहर तो सिर्फ भटकाव है। नो गूगल सर्च!

    ♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares