हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ – गद्य क्षणिका – थपेड़े… – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– थपेड़े…” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ — थपेड़े — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

आकाश प्रेम से देखता था, चाँद आत्मीयता से तकता था, पृथ्वी खुशी से स्पंदित होती थी। यह एक बालक के जन्म का उत्सव था। अच्छा करने में बालक की अद्भुत लगन थी। पर बालक बड़ा होने की प्रक्रिया में परिवर्तित दिखायी दिया। तब तो आकाश, चाँद और पृथ्वी का उत्सव शिथिल पड़ गया। बालक पूर्व जन्म से कुछ ले कर धरती पर आया था जिसे जमाने के थपेड़ों ने नष्ट करके उसे अपने धरातल पर खड़ा कर लिया था।

 © श्री रामदेव धुरंधर

16 – 05 – 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 289 – प्याऊ ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ संजय उवाच # 289 ☆ प्याऊ… ?

अपने काम के सिलसिले में प्रेस के लिए रवाना हुआ हूँ।  देखता हूँ कि रास्ते में एक प्याऊ का बड़ा फ्लेक्स लगा है।  आजकल पानी ठंडा रखने के लिए उपयोग किए जाने वाले बीस लीटर वाले तीन कंटेनर चेन से बंधे हैं। ग्लास भी चेन से बंधे हुए रखे हैं। प्याऊ के लिए जितना स्थान घेरा गया है,  मुश्किल से उसके बीस प्रतिशत भाग में यह तीनों कंटेनर हैं। शेष अस्सी प्रतिशत का वर्णन करूँ तो कंटेनरों के दोनों ओर एक राजनीतिक पार्टी के हाईकमान के कट आउट लगे हैं। कंटेनर के ऊपर की ओर फ्लेक्स से तोरण बनाया गया है। उस पर राजनीतिक पार्टी का नाम लिखा है और स्थानीय इकाई के सदस्यों के फोटो लगे हैं। यहाँ तक कि कंटेनर के पीछे वाले हिस्से में भी इस राजनीतिक पार्टी के एक दिवंगत नेता का बड़ा-सा फोटो लगा दिया गया है।

मन कुछ कसैला-सा हो गया। यह कैसी व्यवस्था है जहाँ तिल को ताड़ बनाकर और मुट्ठी भर काम को पहाड़ बनाकर प्रस्तुत किया जाता है। सोचते-सोचते प्रेस के निकट पहुँच चुका हूँ।

यहाँ सड़क के बीच बने एक छोटे से प्राचीन मंदिर से मुड़कर आगे जाना है। देखता हूँ कि यहाँ भी सामने की ओर बने देवी के मंदिर के सामने एक प्याऊ लगी है। तथापि दृश्य यहाँ कुछ अलग है। काले रंग के तीन बड़े-बड़े मटके। हरेक की क्षमता लगभग सौ लीटर है। ग्लास यहाँ भी हैं। ऊपर की ओर एक छोटा-सा फ्लेक्स भी है। इस फ्लेक्स पर जिनके स्मरणार्थ प्याऊ शुरू की गई है, उनका नाम लिखा है। फोटो के स्थान पर मंदिर में विराजित देवी का फोटो छपा है।

मुझे अपना ननिहाल याद आ गया। ग्रीष्मावकाश में हम राजस्थान में अपनी ननिहाल जाया करते थे। मैं देखता था कि गाँव में सार्वजनिक स्थानों पर, गाँव से आसपास के गाँवो या ढाणी (बस्ती) के लिए जानेवाले रास्तों पर, टीबों (रेत के टीले) के पास बड़े-बड़े मटकों से प्याऊ लगा कर प्राय: बुज़ुर्ग महिलाएँ बैठी होती थीं।  समाज विज्ञान और मनोविज्ञान की दृष्टि से देखें तो वृद्धों का समय बीत सके, इसकी सार्थक सामाजिक व्यवस्था लोक ने कर रखी थी। प्याऊ के आसपास का वातावरण ठंडा और सुखद होता था। आते-जाते पथिक प्याऊ के पास ही बैठकर कुछ सुस्ता भी लेते। उन दिनों रामझरे से पानी पिलाया जाता था। ये रामझरे तांबे या पीतल से बने होते थे।

विज्ञान कहता है कि तांबे के पात्र में रखा पानी शरीर के लिए गुणकारी होता है। कॉपर के एंटीबैक्टीरियल तत्व शरीर को लाभ पहुँचाते हैं। तांबे के पात्र में रखा जल ग्रहण करने से शरीर की ऊर्जा में वृद्धि होती है। यह जल पाचनशक्ति को बेहतर करता है। कहते हैं कि इस जल से मानसिक शांति भी मिलती है। बचपन में मानसिक शांति-अशांति का तो पता नहीं था पर तपते रेगिस्तान में तांबे के रामझरे से झरने वाले जल के स्वाद एवं तृप्ति के आगे, समुद्र-मंथन के बाद देवताओं द्वारा किया गया अमृतपान भी फीका था।

हाँ, उन दिनों प्याऊ का कोई फ्लेक्स नहीं बनता था। प्यासे को पानी पिलाना न प्रचार था ना दिखावा। पानी पिलाना कर्म था, पानी पिलाना धर्म था।

सोचता हूँ कि कहाँ आ पहुँचे हैं हम? यह कैसी प्रदर्शनप्रियता है? जहाँ छाछ भी नहीं बेची जाती थी, वहां पानी पिलाना भी टीआरपी टूल हो चला है।

भारतीय दर्शन कहता है-

अमृतम् सर्व भूतानाम्, जलम् सर्वस्य जीवनम्।

यस्मान् न सानुप्राप्तम्, तस्मान् दानम् वरं परम्।

अर्थात सभी प्राणियों के लिए जल अमृत के समान है, जल सभी का जीवन है। जिसकी प्राप्ति नहीं होती (बनाया नहीं जा सकता), उसका दान परम श्रेष्ठ होता है।

तब और अब के जीवन दर्शन का अंतर कभी ‘प्याऊ’ शीर्षक की एक कविता में उतरा था-

खारा पानी था उनके पास,

मीठे पानी का सोता रहा

तुम्हारे पास,

तब भी,

उनके खड़े होते रहे महल-चौबारे,

और तुम, उसी कुटिया के सहारे,

सुनो..!

बोतलबंद पानी बेचना

उनकी प्रवृत्ति रही,

प्याऊ लगना मेरी प्रकृति रही,

जीवन के आयामों का

अनुसंधान, अपना-अपना…

जीवन के अर्थ पर

संधान, अपना-अपना…!

जीवन हमारा है। अपने जीवन के अर्थ का संधान हमें स्वयं ही करना होगा। तथापि मनुष्य होने के नाते वांछित है कि कुछ ऐसा किया जाए जिससे प्यास, आकंठ तृप्त हो सके। शेष निर्णय अपना-अपना।

© संजय भारद्वाज 

17: 37 बजे, 17 मई 2025

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

💥 12 अप्रैल 2025 से 19 मई 2025 तक श्री महावीर साधना सम्पन्न होगी 💥  

🕉️ प्रतिदिन हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमन्नाष्टक का कम से एक पाठ अवश्य करें, आत्मपरिष्कार एवं ध्यानसाधना तो साथ चलेंगे ही 🕉️

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # 235 – मुक्तिका ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है  – मुक्तिका।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 235 ☆

☆ मुक्तिका ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆

गैर से हमको क्यों गिला होगा?

आइना सामने मिला होगा

.

झील सी आँख जब भरी होगी

कोई उसमें कमल खिला होगा

.

गर हकीकत न बोल पायी तो

होंठ उसने दबा-सिला होगा

.

कब तलक चैट से मिलेगा वह

क्या कभी खत्म सिलसिला होगा

.

हाय! ऐसे न मुस्कुराओ तुम

ढह गया दिल का हर किला होगा

.

झोपड़ी खाट धनुष या लाठी

जब बनी बाँस ही छिला होगा

.

काँप जाते हैं कलश महलों के

नीव पत्थर कोई हिला होगा

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

१.२.२०२५

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – “मिसफिट…!” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी , बी एड , प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । यादों की धरोहर हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह -एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह-महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ लघुकथा – “मिसफिट…!” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

अचानक वह एक ऊंचे पद पहुंच गया। उसे उच्च पद के मुताबिक बड़ी गाड़ी भी मिली और सरकारी बंगला भी ! वह हैरान हुआ यह देखकर कि उसका ऑफिस कुछ कदमों की दूरी पर ही है। वह सुबह ड्राइवर को गाड़ी के लिए मना कर पैदल ही मस्ती में ऑफिस पहुंच गया ! सबके सब चौंक गये और दूसरे अधिकारी समझाने आये कि ऐसे ऑफिस थोड़े आते हैं।

 – फिर कैसे आते हैं?

– ऑफिस की गाड़ी पर ! आप तो सारा डेकोरम ही तहस नहस कर दोगे !.

दूसरे दिन वह ऑफिशियल गाड़ी में तो आया लेकिन इससे पहले कि ड्राइवर उतर कर आये और गाड़ी का दरवाजा खोले, वह अपने आप ही दरवाजा खोल कर उतर गया!.

फिर साथी अधिकारियों ने हल्ला मचा दिया और ऑफिस में आकर समझाने लगे कि ड्राइवर को गाड़ी का दरवाजा खोलने की परंपरा निभाने दीजिये, नहीं तो ये सिर पर चढ़ जायेंगे !

वह फिर अनाड़ी ही साबित करार दिया गया !

फिर वह एक क्लब में दोपहर का खाना खाने गया और ड्राइवर को सामने बिठा कर लंच का ऑर्डर दे दिया!.

तभी फोन की घंटी बजी, ऐसी बात सुनने को मिली, जैसे कानों में कोई गर्म गर्म तेल डाल गया हो!

फोन क्लब के प्रेजिडेंट का था जो कह रहा था कि आप कितने स्ट्रगल के बाद इस पद पर पहुँचे हो और ड्राइवर यहाँ अलाउड नहीं हैं, आप इसे बाहर बिठा कर लंच करवा सकते हो !.

ओह! शिमला का माॅल रोड याद आ गया, पता नहीं क्यों?

वहाँ कभी लिखा रहता था – डाग्स ए़ंड इंडियन्स आर नाट अलाउड!

अब वह सोचता जा रहा है कि कैसा विहेव करे ! कहीं वह मिसफिट तो नहीं?

☆

© श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रेयस साहित्य # ८ – लघुकथा – सन्नाटा ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆

श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # ८ ☆

☆ लघुकथा ☆ ~ सन्नाटा ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

मुकुंद साहब की गाड़ी के पोर्च में पहुंचते ही चारों तरफ सन्नाटा छा गया। इधर-उधर, आने -जाने और हर वक्त तफरी की मूड में रहने वाले कर्मचारी बाएं दाए हो लिये। गाड़ी के पास सिर्फ एक-दो गार्ड और चपरासी मिलन मोढ़ा के सिवाय कोई नहीं था।

गाड़ी के रुकने के साथ ही गार्ड ने आगे बढ़कर दरवाजा खोला। मुकुंद साहब अपनी गाड़ी से उतर कर चेम्बर की ओर बढ़ गए। ऑफिस प्यून मिलन मोढ़ा ने बड़े साहब का ब्रीफकेस उठाया और उनके पीछे हो लिया।

इधर मुकुंद साहब, अपने चेम्बर में दाखिल हुए तो मिलन मोढ़ा पुनः वापस आकर बारामदे में बैठ गया।

मुकुंद साहब के ऑफिस में अभी कुछ देर पहले जहाँ शोर-गुल, चहल पहल थी, अचानक सन्नाटा सा छा गया।

मुकुंद साहब का एकाकी जीवन, उनसे न जाने कितने सवाल पूछ रहा था। वहीं आफिस से जुड़े अनेकों सवाल मुकुंद साहब का जीना हराम कर दिए थे।

मुकुंद साहब के ऑफिस की ढेर सारी जिम्मेदारियाँ तो अलग थीं हीं थीं, मुकुंद साहब के घर में ही नाग की तरह फन फैलाये हुए कई उलझें मामले उन्हें बेचैन करने के लिये काफी थे।

मुकुंद साहब के इकलौते बेटे की आदत, बड़े लोंगो की संगत, ऐशोआराम और हास्टल में रहने के कारण काफी खराब हो गई थी। इस बात की चिंता साहब को बार-बार बेचैन किये जा रही थी।

लेकिन साहब होने की सजा यह थी कि उनके पास इस बात को शेयर करने के लिए एक अदद आदमी नहीं था। वे अपने जूनियर अधिकारियों के सामने अपने घर का राज नही खोलना चाहते थे, वहीं अपने बॉस से ऐसी घरेलू बातें करना प्रोटोकॉल तोड़ना था।

आज मुकुंद साहब का मन बुरी तरह से घबरा रहा था। एक तरफ जहाँ ऑफिस की फाइलें उनका सिर नोच रहीं थी तो दूसरी तरफ घरेलू मानसिक तनाव से वे इस कदर परेशान थे कि अपने कमरे में अकेले बैठे हुए अपने सिर के बालों को अपने दोनों हाथों से नोच रहे थे।

मिलन मोढ़ा खिड़की की दरार से यह सबकुछ देख रहा था। उसका मन उससे बार-बार कह रहा था कि वह साहब से जाकर पूछ ले कि आखिर उन्हें परेशानी क्या है। लेकिन साहब के आगे कुछ कहने की क्या, मुंह खोलने की हिम्मत उसके पास नहीं थी। आखिरकार वे उसके विभाग के सबसे बड़े साहब थे।

अपने तनाव से मुकुंद साहब इतने परेशान हो गए कि अंततोगत्वा वे थक कर केबिन के पीछे बने रेस्ट रूम में पड़े बेड पर जाकर लेट गए।

एक बार तो उनके मन में आया कि वे अपनी इस बात को अपने आफिस चपरासी मिलन मोढ़ा को बुलाकर कह दे ताकि उनका तनाव कुछ हल्का हो जाए, लेकिन इतना कहने की भी हिम्मत वे जुटा नही पाए। जबकि उनके साथ सबसे अधिक समय बिताने वाला इकलौता मिलन मोढ़ा ही था। बाकी उन्हें तो अपने चेंबर में अकेले रहना ही रहना होता था।

कार के पास से उनकी ब्रीफकेस को आफिस तक ले जाने से लेकर पूरे टाइम, उनके नाश्ते – पानी का सारा इंतजाम मिलन मोढ़ा ही करता था। लेकिन वह उनके कमरे में देर तक रुकता ही कहां था। साहब का आदेश पूरा होता और वह बाहर आकर एक छोटी सी चेयर पर बैठ जाता था।

आफिस का हर कोई डरते डरते उनके कमरे में प्रवेश करता था और अपनी फाइल हो जाने के बाद, जी साहब नमस्ते! कहते हुए वहां से खिसक लेना चाहता था।

इधर साहब की हनक और आफिस के प्रोटोकॉल के कारण स्थिति ऐसी थी कि वे यह कैसे कह दे कि…नौटियाल साहब दो मिनट रुक जाइए, मुझे आपसे कुछ बातें करनी हैं।

जबकि नौटियाल साहब उनके आफिस में ए0ओ0 थे और बड़े ही मिलनसार एवं सज्जन प्रवृत्ति के व्यक्ति थे।

बड़े बाबू और साहब के बीच का रिश्ता फाइल, नोटशीट और प्रस्ताव से अधिक कुछ भी नहीं था।

मुकुंद साहब जिस आवासीय कॉलोनी में रहते थे उस कॉलोनी में उनके स्तर के दो तीन ही अधिकारी ही रहते थे, बाकी सभी मीडियम क्लास के लोग रहते थे।

उन्हें अपने आवासीय कैंपस के पार्क में भी अकेले ही टहलना पड़ता था। इसके लिए भी उन्हें अलग से समय निकालना पड़ता था ताकि कॉलोनी के अन्य सामान्य लोग उनसे टकरा न जाएं।

वैसे भी कॉलोनी के अन्य सारे रेजिडेंट उनको देखकर यह कहते हुए रास्ता बदल देते थे कि इनसे बातचीत करने से फायदा ही क्या है। ये तो बड़े लोग हैं, हम मध्यमवर्गीय लोगों से क्या बात करेंगे।

वहीं दूसरी तरफ पार्क के झूलों पर और वहां पड़े तखत पर बैठे, मध्य स्तर के लोंगो को आपस में मस्ती करते हुए देखकर मुकुंद साहब का मन दुखी हो जाता था लेकिन न जाने कौन सी ऐसी बात थी, जो उन्हें इन सामान्य लोगों से मिलने से रोक देती थी।

आखिरकार एक दिन मुकुंद साहब के अंदर का तनाव इस कदर बढ़ गया कि वे आफिस से घर जाने के लिए जल्दी निकल लिए। मेट्रो स्टेशन के पास पहुंच कर ड्राइवर को कार रोकने के लिए बोलते हुए कहा –

महेश ! तुम मुझे यहीं उतार दो और वापस लौट जाओ। मुझे कहीं और जाना है। महेश को कुछ भी समझ में नहीं आया कि आखिरकार साहब ने उससे ऐसा क्यों कहा। ऐसा तो उन्होंने आज तक कभी भी नहीं किया था। कहीं जाना भी होता था तो कार से ही जाते थे।

मुकुंद साहब ने ऐसा क्यों किया, यहां से वे कहां जाएंगे यह सब सोचते हुए, कार का ड्राइवर कार को लेकर वापस लौट गया।

आज बहुत दिनों बाद मिलन मोढ़ा समय से पहले घर वापस जा रहा था। कारण यह था कि साहब आज समय से पहले ही निकल गए थे, वरना तो हर रोज मिलन को घर पहुंचने में देर रात हो जाया करती थी। मिलन मोढा आज बहुत खुश था। बहुत दिनों के बाद मिलन को शाम के समय अपने परिवार- बच्चों के पास बैठने और उनसे बातचीत करने का मौका मिलने वाला था।

मिलन अपने घर के नजदीक के मेट्रो स्टेशन पर पहुंचकर स्टेशन से बाहर को निकला। मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार के सबसे निचली सीढ़ी के एक किनारे एक व्यक्ति को अपने हाथ में ब्रीफकेस लिए हुए, सिर को दोनों घुटनों के बीच में झुकाए हुए बैठा देखकर मिलन मोढ़ा कुछ देर के लिए ठिठका लेकिन फिर वह आगे बढ़ लिया। उसे सीढ़ी बैठा हुआ व्यक्ति कुछ जाना पहचाना सा लगा।

कुछ दूर आगे बढ़कर उसने दुबारा पीछे मुड़कर देखा तो वह हक्का-बक्का रह गया। लेकिन वह खुद से इतनी भी हिम्मत नहीं जुटा पाया कि सीढ़ियों के पास लौटकर आकर पूछ ले कि साहब आप यहाँ ऐसे क्यों बैठे हैं।

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

दिनांक 22-02-2025

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा – भाग-२६ —- अंतिम किश्त ☆ श्री सुरेश पटवा ☆

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। आज प्रस्तुत है इस यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा की अंतिम कड़ी।)

? यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा – भाग-२६ —- अंतिम किश्त ☆ श्री सुरेश पटवा ?

बादामी गुफा मन्दिर बागलकोट ज़िले के बादामी ऐतिहासिक नगर में स्थित एक हिन्दू और जैन गुफा मन्दिरों का एक परिसर है। मालप्रभा घाटी में चालुक्यों के शासन काल में बने हिंदू और जैन मंदिर वास्तुकला स्कूलों का उद्गम स्थल कला के क्षेत्रीय केंद्र के रूप में बादामी उभरा। द्रविड़ और नागर दोनों शैलियों के मंदिर बादामी के साथ-साथ ऐहोल, पट्टदकल और महाकुटा में हैं। बादामी में कई मंदिर, जैसे पूर्वी भूतनाथ समूह और जम्बुलिंगेश्वर मंदिर, 6वीं और 8वीं शताब्दी के बीच बनाए गए थे। वे मंदिर वास्तुकला और कला के विकास के साथ-साथ पहली सहस्राब्दी ईस्वी के मध्य में कला की कर्नाटक परंपरा को समझने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

बादामी और मालप्रभा क्षेत्र के अन्य स्थलों पर विजयनगर साम्राज्य के हिंदू राजाओं और दक्कन क्षेत्र के इस्लामी सुल्तानों के बीच लड़ाई हुई थी। विजयनगर काल के बाद आए मुस्लिम शासन ने इस विरासत को और समृद्ध किया। इसकी पुष्टि यहां के दो स्मारकों से होती है। एक गुफा मंदिरों और संरचनात्मक मंदिरों के प्रवेश द्वार के पास मरकज जुम्मा है। इसमें अब्दुल मलिक अजीज की 18वीं सदी की कब्र है। उसी के बगल से होकर निकले।

बादामी में अठारह शिलालेख हैं, जिनमें महत्वपूर्ण ऐतिहासिक जानकारी है। एक पहाड़ी पर पुरानी कन्नड़ लिपि में पहला संस्कृत शिलालेख पुलकेशिन प्रथम (वल्लभेश्वर) के काल का 543 ई.पू. का है, दूसरा कन्नड़ भाषा और लिपि में मंगलेश का 578 ई.पू. का गुफा शिलालेख है और तीसरा कप्पे अरभट्ट है। अभिलेख, त्रिपदी (तीन पंक्ति) मीटर में सबसे प्रारंभिक उपलब्ध कन्नड़ कविता। भूतनाथ मंदिर के पास एक शिलालेख में तीर्थंकर आदिनाथ को समर्पित जैन रॉक-कट मंदिर में 12 वीं शताब्दी के शिलालेख भी हैं।

बादामी गुफा मंदिरों को संभवतः 6वीं शताब्दी के अंत तक पूरी तरह से अंदर से चित्रित किया गया था। गुफा 3 (वैष्णव, हिंदू) और गुफा 4 (जैन) में पाए गए भित्तिचित्र टुकड़े, बैंड और फीके खंडों को छोड़कर, इनमें से अधिकांश पेंटिंग अब खो गई हैं। मूल भित्तिचित्र सबसे स्पष्ट रूप से गुफा 3 में पाए जाते हैं, जहां विष्णु मंदिर के अंदर, धर्मनिरपेक्ष कला के चित्रों के साथ-साथ भित्तिचित्र भी हैं जो छत पर और प्राकृतिक तत्वों के कम संपर्क वाले हिस्सों में शिव और पार्वती की किंवदंतियों को दर्शाते हैं। ये भारत में हिंदू किंवदंतियों की सबसे पुरानी ज्ञात पेंटिंगों में से हैं, जिन्हें दिनांकित किया जा सकता है।

यह भारतीय शैलकर्तित वास्तुकला का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसमें विशेषकर बादामी चालुक्य वास्तुकला देखी जा सकती है। इस परिसर का निर्माण छठी शताब्दी में आरम्भ हुआ था। बादामी नगर का प्राचीन नाम “वातापी” था, और यह आरम्भिक चालुक्य राजवंश की राजधानी था, जिसने 6ठी से 8वीं शताब्दी तक कर्नाटक के अधिकांश भागों पर राज्य किया। बादामी गुफा मन्दिर दक्कन पठार के प्राचीनतम मन्दिरों में से हैं। इनके और एहोल के मन्दिरों के निर्माण से मलप्रभा नदी के घाटी क्षेत्र में मन्दिर वास्तुकला तेज़ी से विकसित होने लगी, और इसने आगे जाकर भारत-भर के हिन्दू मन्दिर निर्माण को प्रभावित किया।

यह नगर अगस्त्य झील के पश्चिमी तट पर स्थित है, जो एक मानवकृत जलाशय है। झील एक मिट्टी की दीवार से घिरी है, जिस से पत्थर की सीढ़ीयाँ जल तक जाती हैं। झील उत्तर और दक्षिण में बाद के काल में बने दुर्गों से घिरी हुई है। शहर के दक्षिण-पूर्व में नरम बादामी बलुआ पत्थर से बनी गुफाओं की संख्या 1 से 4 तक है।

  • गुफा न. 1 में, हिंदू देवी-देवताओं और प्रसंगों की विभिन्न मूर्तियों के बीच, नटराज के रूप में तांडव-नृत्य करने वाले शिव की एक प्रमुख नक्काशी है।
  • गुफा न. 2 ज्यादातर अपने अभिन्यास और आयामों के संदर्भ में गुफा न. 1 के समान है, जिसमें हिंदू प्रसंगों की विशेषता है, जिसमें विष्णु की त्रिविक्रम के रूप में उभड़ी हुई नक्काशी सबसे बड़ी है।
  • गुफा न. 3 सबसे बड़ी है, जिसमें विष्णु से संबंधित पौराणिक कथाएं बनाई गई हैं, और यह परिसर में सबसे जटिल नक्काशीदार गुफा भी है।
  • गुफा न. 4 जैन धर्म के प्रतिष्ठित लोगों को समर्पित है। झील के चारों ओर, बादामी में अतिरिक्त गुफाएँ हैं जिनमें से एक बौद्ध गुफा हो सकती है। 2015 में चार मुख्य गुफाओं में 27 नक्काशियों के साथ एक अन्य गुफा की खोज हुई है।

पट्टदकल्लु (Pattadakal), जिसे रक्तपुर कहा जाता था, बागलकोट ज़िले में मलप्रभा नदी के तट पर स्थित एक ऐतिहासिक गाँव है, जो अपने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ चालुक्य राजवंश द्वारा 7वीं और 8वीं शताब्दी में बने नौ हिन्दू और एक जैन मन्दिर हैं, जिनमें द्रविड़ (दक्षिण भारतीय) तथा नागर (उत्तर भारतीय ) दोनों शैलियाँ विकसित हुई थीं। पट्टदकल्लु बादामी से 23 किमी और एहोल से 11 किमी दूर है।

यदी बादामी को महाविद्यालय तो पट्टदकल्लु को मन्दिर निर्माण का विश्वविद्यालय कहा जाता है। यहां का निकटतम रेलवे स्टेशन 24 किमी बादामी है। इस शहर को कभी किसुवोलल या रक्तपुर कहा जाता था, क्योंकि यहाँ का बलुआ पत्थर लाल आभा लिए हुए है।

चालुक्य शैली का उद्भव 450 ई. में एहोल में हुआ था। यहाँ वास्तुकारों ने नागर एवं द्रविड़ समेत विभिन्न शैलियों के प्रयोग किए थे। इन शैलियों के संगम से एक अभिन्न शैली का उद्भव हुआ। सातवीं शताब्दी के मध्य में यहां चालुक्य राजाओं के राजतिलक होते थे। कालांतर में मंदिर निर्माण का स्थल बादामी से पट्टदकल्लु आ गया। यहाँ कुल दस मंदिर हैं, जिनमें एक जैन धर्मशाला भी शामिल है। इन्हें घेरे हुए ढेरों चैत्य, पूजा स्थल एवं कई अपूर्ण आधारशिलाएं हैं। यहाँ चार मंदिर द्रविड़ शैली के हैं, चार नागर शैली के हैं एवं पापनाथ मंदिर मिश्रित शैली का है। पट्टदकल्लु को 1987 में युनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया था।

यहां के बहुत से शिल्प अवशेष यहां बने संग्रहालय तथा शिल्प दीर्घा में सुरक्षित रखे हैं। इन संग्रहालयों का अनुरक्षण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग करता है। ये भूतनाथ मंदिर मार्ग पर स्थित हैं। इनके अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्मारकों में, अखण्ड एकाश्म स्तंभ, नागनाथ मंदिर, चंद्रशेखर मंदिर एवं महाकुटेश्वर मंदिर भी हैं, जिनमें अनेकों शिलालेख हैं। वर्ष के आरंभिक त्रैमास में यहां का वार्षिक नृत्योत्सव आयोजन होता है, जिसे चालुक्य उत्सव कहते हैं। इस उत्सव का आयोजन पट्टदकल्लु के अलावा बादामी एवं ऐहोल में भी होता है। यह त्रिदिवसीय संगीत एवं नृत्य का संगम कलाप्रेमियों की भीड़ जुटाता है। उत्सव के मंच की पृष्ठभूमि में मंदिर के दृश्य एवं जाने माने कलाकार इन दिनों यहां के इतिहास को जीवंत कर देते हैं।

बादामी से हुबली एयरपोर्ट 125 किलोमीटर है। 02 अक्टूबर 2023 को दोपहर तीन बजे फ्लाइट है। सुबह नाश्ता निपटा कर नौ बजे निकलना है। होटल के गेट के सामने रंगीन फूलों से गजरों की दुकानें थीं। हमारे दल की महिलाओं ने गजरे ख़रीद धारण कर लिए। बस में बैठ चल दिए। बारह बजे तक हुबली हवाई अड्डा पहुंच गए। हमारी फ्लाइट दिल्ली होकर भोपाल थी। फ्लाइट हुबली से 03:45 दोपहर को चलकर 06:15 शाम को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। दिल्ली में हवाई अड्डा बदलना पड़ा। करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर एक निशुल्क बस में बैठकर घरेलू हवाई अड्डा पहुंचे। भोपाल की फ्लाइट शाम साढ़े सात बजे थे। नौ बजे भोपाल में थे। इस प्रकार डॉक्टर राजेश श्रीवास्तव जी के नेतृत्व और उनकी टीम के सानिध्य में बिना किसी दुर्घटना के सभी यात्रियों की सकुशल घर वापसी हुई।

 – समाप्त –

© श्री सुरेश पटवा 

भोपाल, मध्य प्रदेश

*≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ “श्री हंस” साहित्य # 160 ☆ मुक्तक – ।। मत हारो मन को कि हार के बाद मिलती जीत है।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

श्री एस के कपूर “श्री हंस”

 

☆ “श्री हंस” साहित्य # 160 ☆

☆ मुक्तक – ।। मत हारो मन को कि हार के बाद मिलती जीत है ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

☆

=1=

सदियों से ही चल, रही यही रीत है।

हार के बाद ही , मिलती जीत है।।

अगर नहीं छोड़ी प्रीत, जोशो जनून से।

सफलता बन जाती, हमारी मीत है।।

=2=

परिश्रम और व्यवहार, यही दो मंत्र हैं।

बुद्धि और विवेक, जीत के दो तंत्र हैं।।

सहयोग और सरोकार को बनाते मित्र।

साहस और उत्साह, जीत के दो यंत्र हैं।।

=3=

बनना है सफल तो कर्मशीलता साथ रखो।

सबसे मिलाकर हाथों में, तुम हाथ रखो।।

मंजिल खुद चलकर, पास तुम्हें बुलाएगी।

बस निरंतर अभ्यास, का सूत्र याद रखो।।

=4=

व्यवहार लोकप्रियता सिक्के के दो पक्ष हैं।

सफल होते वह सब जो बोलने में दक्ष हैं।।

जो अनुठा कार्य करते वह स्थान बना लेते।

जीतका हार पहनते जो रखते सामने लक्ष्य हैं।।

☆

© एस के कपूर “श्री हंस”

बरेलीईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब  – 9897071046, 8218685464

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा #225 ☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – कविता – अनुशासन… ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – मां गंगा…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # 225 ☆

☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – अनुशासन…  ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

☆

नीतिशास्त्र और धर्म सभी को अनुशासन सिखलाते

किन्तु स्वार्थवश, जगह-जगह सब आपस में टकराते।

इससे बढ़ती रहती अक्सर नाहक खींचातानी

करने लगते लोग निरर्थक मारपीट मनमानी।

*

शिक्षा सबको यदि बचपन से अनुशासन समझाये।

तो अनुशासन का महत्त्व औ’ पालन सबको आये।

सद् प्रवृत्तियाँ छटती दिखती आज मनुज-जीवन में

इसीलिये बढ़ती जाती हैं समस्याएँ हर दिन में।

*

सही सीख और आदत की आवश्यकता है जन जन को

मर्यादा का चलन देखने मिले अगर बचपन को

तो अनुशासन हो समाज में संस्थाओं शासन में

 वैचारिक मतभेद न बदले आपस की अनबन में।

*

अनुशासन बिन बहुत कठिन गति का सुचारु संचालन

हरेक व्यक्ति को आवश्यक है नियमों का नित पालन।

अनुशासन बिन हर समाज में होती अन्धाधुन्धी

अनुशासन ही सफलताओं की एकमात्र है कुंजी।

☆

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #276 ☆ शक़, प्यार और विश्वास ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख शक़, प्यार और विश्वास। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 276 ☆

☆ शक़, प्यार और विश्वास ☆

मन के दरवाज़े से जब शक़ प्रवेश करता है; प्यार व विश्वास निकल जाते हैं, यह अकाट्य सत्य है। शक़ दोस्ती का दुश्मन है और उसके जीवन में दस्तक देते ही तहलक़ा मच जाता है; शांति व सुक़ून नष्ट हो जाता है। पारस्परिक स्नेह व सौहार्द दूसरे दरवाज़े से रफूचक्कर हो जाते हैं और उनके स्थान पर काम, क्रोध व ईर्ष्या-द्वेष अपनी सल्तनत क़ायम कर लेते हैं। दूसरे शब्दों में विश्वास वहां से कोसों दूर चला जाता है। जीवन में जब विश्वास नहीं रह जाता, तो वहां पर शून्यता पसर जाती है; शत्रुता का भाव काबिज़ हो जाता है और मानव ग़लत राहों पर अग्रसर हो जाता है। आजकल रिश्तों में अविश्वास की भावना हावी है, जिसके कारण अजनबीपन का एहसास सुरसा के मुख की भांति पांव पसार रहा है और संबंधों को दीमक की भांति चाट रही है। संदेह, संशय व शक़ ऐसा ज़हर है, जो स्नेह व विश्वास को लील जाता है। वह दिलों में ऐसी दरारें उत्पन्न कर देता है, जिन्हें पाटना असंभव हो जाता है और जब तक मानव इस सत्य से अवगत होता है; बहुत देर हो चुकी होती है। वह प्रायश्चित करना चाहता है, परंतु ‘अब पछताए होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत’ अर्थात् उसे खाली हाथ लौटना पड़ता है।

रिश्तों की माला जब टूटती है, तो जोड़ने से छोटी हो जाती है, क्योंकि कुछ जज़्बात के मोती बिखर जाते हैं। ‘रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो चटकाय/ टूटे ते पुनि न जुरे, जुरे ते गांठ परि जाय’ क्योंकि एक बार संशय रूपी गांठ मन में पड़ने से स्नेह, प्रेम व विश्वास दिलों से नदारद हो जाता है। इसलिए कहा जाता है कि रिश्तों का क्षेत्रफल कितना अजीब है/ लोग लंबाई-चौड़ाई तो नापते हैं/ गहराई कोई नहीं आंकता। आजकल के रिश्ते मात्र दिखावे के होते हैं, जो ज़रा की ठोकर लगते टूट जाते हैं, भुने हुए पापड़ की मानिंद और कांच के विभिन्न टुकड़ों में बिखर जाते हैं। वैसे भी आजकल रिश्तों की अहमियत रही ही नहीं; यहां तक कि खून के रिश्ते भी बेमानी भासते हैं। सो! इस स्थिति में मानव किस पर विश्वास करे?

छोटी सोच शंका को जन्म देती है और बड़ी सोच समाधान को। सुनना सीख लो, सहना आ जाएगा। सहना सीख लिया, तो रहना सीख जाओगे। इसलिए मानव का हृदय विशाल व सोच सकारात्मक होनी चाहिए, क्योंकि नकारात्मकता मानव को अवसाद के व्यूह में लाकर खड़ा कर देती है। मानव को दूसरों की अपेक्षा ख़ुद से उम्मीद रखनी चाहिए, क्योंकि दूसरों से उम्मीद रखना चोट पहुंचाता है और ख़ुद से उम्मीद रखना जीवन को प्रेरित करता है; निश्चित मुक़ाम पर पहुंचाता है। वैसे संसार में सबसे मुश्किल काम है आत्मावलोकन करना अर्थात् स्वयं को खोजना, क्योंकि आजकल मानव के पास समयाभाव है। सो! ख़ुद से मुलाकात कैसे संभव है? इससे भी बढ़कर कठिन है– अपनों में अपनों को तलाशना, क्योंकि चहुंओर अविश्वास का वातावरण व्याप्त है। हमारे अपने क़रीबी व राज़दार ही सबसे अधिक दुश्मनी निभाते हैं। इन असामान्य परिस्थितियों में मानव तनाव-ग्रस्त होकर सोचने लगता है ‘वक्त भी कैसी पहेली दे गया/ उलझनें हज़ार और ज़िंदगी अकेली दे गया।’ जीवन में इच्छाओं के मकड़जाल में फंसा इंसान लाख चाहने पर भी उनके शिकंजे से बाहर नहीं आ सकता। वक्त व ख़्वाहिशें हाथ में बंधी घड़ी की तरह होती हैं, जिसे हम विषम परिस्थितियों में उतार कर भी रख दें, तो भी चलती रहती है। इसलिए कहा जाता है कि ज़रूरतों को पूरा करना मुश्किल नहीं; परंतु आकांक्षाओं को पूरा करना असंभव है और नामुमक़िन है/ कुछ ख़्वाहिशों को ख़ामोशी से पालना अर्थात्  हमें इनके पीछे नहीं भागना चाहिए, क्योंकि यह तो मायाजाल है, जिसमें मानव फंस कर रह जाता है।

जीवन एक यात्रा है/ रो-रोकर जीने से लम्बी लगेगी/ और हंसकर जीने से कब पूरी हो जाएगी/ पता भी न चलेगा। सो! मानव को सदैव प्रसन्न रहना चाहिए तथा किसी से कोई अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए, क्योंकि अपेक्षा व उपेक्षा दोनों मानव के लिए हानिकारक हैं। वे मानव को उस कग़ार पर लाकर खड़ा कर देती हैं, जहां वह स्वयं को असहाय अनुभव करता है। किसी से उम्मीद रखना और उसकी पूर्ति न होना; उपेक्षा का कारण बनता है। यह दोनों स्थितियां भयावह हैं। ‘उम्र भर ग़ालिब यह भूल करता रहा/ धूल चेहरे पर थी/ और आईना साफ करता रहा।’ मानव जीवन में यही ग़लती करता है कि वह सत्य का सामना नहीं करता और माया के आवरण में उलझ कर रह जाता है। इसलिए कहा जाता है कि अंदाज़ में न नापिए/ किसी की हस्ती/ ठहरे हुए दरिया/ अक्सर गहरे हुआ करते हैं। परंतु मानव दूसरों को पहचानने की ग़लती करता है और चापलूस लोगों के घेरे से बाहर नहीं आ सकता। दूसरों को खुश करने के लिए मानव को तनाव, चिन्ता व अवसाद से गुज़रना पड़ता है। खुश होना है/ तो तारीफ़ सुनिए/ बेहतर होना है तो निंदा/ क्योंकि लोग आप से नहीं/ आपकी स्थिति से हाथ मिलाते हैं। यह जीवन का कड़वा सच है। पद-प्रतिष्ठा तो रिवाल्विंग चेयर की भांति हैं, जिसके घूमते ही लोग नज़रें फेर लेते हैं।

वास्तव में सम्मान व्यक्ति का नहीं, उसके पद, स्थिति व रुतबे का होता है। सो! सम्मान उन शब्दों में नहीं, जो आपके सामने कहे गए, बल्कि उन शब्दों का होति है, जो आपकी अनुपस्थिति में कहे जाते हैं। इसलिए कहा जाता है कि व्यक्ति की सोच व व्यवहार उसके जाने से पहले पहुंच जाते हैं। सत्य को हमेशा तीन चरणों से गुज़रना पड़ता है– उपहार, विरोध व अंतत: स्वीकृति। सत्य को सबसे पहले उपहास का पात्र बनना पड़ता है; फिर विरोध सहना पड़ता है और अंत में उसे मान्यता प्राप्त होती है। परंतु सत्य तो सात परदों के पीछे से भी प्रकट हो जाता है। इसलिए कहा जाता है कि सत्य ही शिव है; शिव ही सुंदर है। जीवन में सत्य की राह पर चलना ही श्रेयस्कर है, क्योंकि उसका परिणाम सदैव कल्याणकारी होता है और वह सबको अपनी ओर आकर्षित करता है। व्यवहार ज्ञान से बड़ा होता है और हम अपने विनम्र व्यवहार द्वारा परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। ज्ञान से शब्द समझ में आते हैं और अनुभव से विचार। सो! विचार ऐसे रखो कि किसी को तुम्हारे विचारों पर भी विचार करना पड़े अर्थात् सार्थक विचार और सार्थक कार्य-व्यवहार को जीवन में धरोहर-सम संजोकर रखें। जीवन में हमेशा कर्मशील रहें; थककर निराशा का दामन मत थामें, क्योंकि सफल व्यक्ति कुर्सी पर भी विश्राम नहीं करते। उन्हें काम करने में आनंद आता है। वे सपनों के संग सोते हैं और प्रतिबद्धता के साथ जाग जाते हैं। वे लक्ष्य के प्रति समर्पित होते हैं और वही उनके जीने का अंदाज़ होता है। यही सोच थी कलाम जी की–आत्मविश्वास रखो। कबीरदास जी के मतानुसार ‘आंखिन देखी पर विश्वास करें; कानों सुनी पर नहीं’, क्योंकि लोग किसी को खुश नहीं देख सकते। उन्हें तो दूसरों के जीवन में आग लगाकर आनंदानुभूति होती है। इसलिए वे ऊल-ज़लूल बातें कर उनका विश्वास जीत लेते हैं। उस स्थिति में उनके परिवार की खुशियों को ग्रहण लग जाता है। स्नेह व प्रेम भाव उस आशियाने से मुख मोड़ लेते हैं और विश्वास भी सदा के लिए वहां से नदारद हो जाता है। उस घर में मरघट-सा सन्नाटा पसर जाता है। घर परिवार टूट जाते हैं। संदेह व संशय के जीवन में दस्तक देते ही खुशियां अलविदा कह बहुत दूर चली जाती हैं। सो! एक-दूसरे के प्रति विश्वास भाव होना आवश्यक है, ताकि जीवन में समन्वय व सामंजस्य बना रहे। वैसे भी मानव को सब कुछ लुट जाने के पश्चात् ही होश जाता है। जब उसे किसी वस्तु का अभाव खलता है, तो ज़िंदगी की अहमियत नज़र आती है। इसलिए शीघ्रता से कोई निर्णय न लें, क्योंकि जो दिखाई देता है, सदा सत्य नहीं होता। मुश्किलें कितनी भी बड़ी क्यों न हों, हौसलों से छोटी रहती हैं। इसलिए संकट की घड़ी में अपना आपा मत खोएं; सुक़ून बना रहेगा और जीवन सुचारु रुप से चलता रहेगा।

●●●●

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈+

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ रचना संसार #49 – नवगीत – सूखते पनघट… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’ ☆

सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – सूखते पनघट…।

? रचना संसार # 49 – गीत – सूखते पनघट…  ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’ ? ?

☆

नित प्रताड़ित पेट होता,

काल के निर्देश में।

गोद का बच्चा तड़पता,

भूख के आवेश में।।

* 

शूल पैरों में चुभे हैं,

आँसुओं की सरि बही।

कूदते चूहे उदर में,

वेदना कैसी सही।।

नापते बस हैं सड़क को,

बात सच्ची है यही।

रोज फटता वक्ष माँ का,

दूध बनता है दही।।

छेद बर्तन में हुए हैं,

आह भरते देश में।

 *

सूखते पनघट सभी हैं,

आँख से आँसू ढले।

पीर अंतस् में बड़ी है,

रिक्त घट भी अब छले।।

ठोकरें मिलतीं समय की,

हाथ अंतर्मन मले।

मौत भी आती नहीं है

वेदना में उर जले।।

घाव मिलता नित नया है,

डूबते हैं क्लेश में।

 *

झाँकता कोई नहीं है,

खेलते सब गोटियाँ।

भीत घर की ताकती है,

कब बनेंगी रोटियाँ।।

रो रहा चूल्हा बड़ा है,

धूल लिपटी चोटियाँ।

वोट भर की चाहते हैं,

नोचते सब बोटियाँ।।

मौन हैं डिब्बे घरों के,

लोग पेशोपेश में।

☆

© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)

संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268

ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares