हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ समय चक्र # २८२ ☆ बाल गीत – शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के… ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆

डॉ राकेश ‘चक्र’

(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी  की अब तक लगभग तेरह दर्जन से अधिक मौलिक पुस्तकें ( बाल साहित्य व प्रौढ़ साहित्य ) तथा लगभग चार दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित तथा कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन।लगभग चार दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित तथा कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों  से  सम्मानित/अलंकृत।  भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा बाल साहित्य के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य श्री सम्मान’ और उत्तर प्रदेश सरकार के हिंदी संस्थान द्वारा बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ सम्मान, अमृत लाल नागर सम्मान, बाबू श्याम सुंदर दास सम्मान तथा उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संस्थान  के सर्वोच्च सम्मान सुमित्रानंदन पंत, उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान सहित बारह दर्जन से अधिक राजकीय प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं गैर साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित एवं पुरुस्कृत। 

आदरणीय डॉ राकेश चक्र जी के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें 👉 संक्षिप्त परिचय – डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी।

आप  “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से  उनका साहित्य प्रत्येक गुरुवार को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # २८२ ☆ 

☆ बाल गीत – शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के… ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’☆

☆

शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के

करते सदा उजाला हैं।

सत का पथ ही हमें बताएँ

मणियों की वे माला हैं।

*

किरण बिखेरें सूरज-सी वह

अंधकार को दूर करें।

पुष्पों-सी खुश्बू फैलाकर

अहम , बहम को चूर करें।

*

श्रम का पाठ पढ़ाएँ शिक्षक

खुले अक्ल का ताला है।

शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के

करते सदा उजाला हैं।

*

पहली गुरु अपनी माता है

दूजे गुरु शिक्षक होते।

भाषा , विषय पढाएँ हमको

बीज सदा अच्छे बोते ।

*

आभा, प्रभा , ओज के सर्जक

वे ही दया , प्रवाला हैं।

शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के

करते सदा उजाला हैं।

*

मित्र हमारे वे बन जाते

राह – प्रदर्शक बन जाएँ।

ज्ञान और विज्ञान सिखाकर

नव नूतन पाठ पढाएँ।

*

दया , प्रेम के सच्चे सागर

बनते कभी रिसाला हैं।

शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के

करते सदा उजाला हैं।

*

उत्तम शिक्षा दें सबको ही

सामाजिक बनते ज्ञानी।

डॉक्टर और इंजीनियर भी

बनें अंतरिक्ष विज्ञानी।

*

विश्वामित्र बनें संदीपन

बन जाते वे ग्वाला हैं।

शिक्षक ही हैं दीप ज्ञान के

करते सदा उजाला हैं।।

☆

© डॉ राकेश चक्र

(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)

90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र.  मो.  9456201857

Rakeshchakra00@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ तन्मय साहित्य # ३१० – कविता – ☆ समय चक्र… ☆ श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ ☆

श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’

(सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ जी द्वारा गीत-नवगीत, बाल कविता, दोहे, हाइकु, लघुकथा आदि विधाओं में सतत लेखन। प्रकाशित कृतियाँ – एक लोकभाषा निमाड़ी काव्य संग्रह 3 हिंदी गीत संग्रह, 2 बाल कविता संग्रह, 1 लघुकथा संग्रह, 1 कारगिल शहीद राजेन्द्र यादव पर खंडकाव्य, तथा 1 दोहा संग्रह सहित 9 साहित्यिक पुस्तकें प्रकाशित। प्रकाशनार्थ पांडुलिपि – गीत व हाइकु संग्रह। विभिन्न साझा संग्रहों सहित पत्र पत्रिकाओं में रचना तथा आकाशवाणी / दूरदर्शन भोपाल से हिंदी एवं लोकभाषा निमाड़ी में प्रकाशन-प्रसारण, संवेदना (पथिकृत मानव सेवा संघ की पत्रिका का संपादन), साहित्य संपादक- रंग संस्कृति त्रैमासिक, भोपाल, 3 वर्ष पूर्व तक साहित्य संपादक- रुचिर संस्कार मासिक, जबलपुर, विशेष—  सन 2017 से महाराष्ट्र शासन के शैक्षणिक पाठ्यक्रम कक्षा 9th की  “हिंदी लोक भारती” पाठ्यपुस्तक में एक लघुकथा ” रात का चौकीदार” सम्मिलित। सम्मान : विद्या वाचस्पति सम्मान, कादम्बिनी सम्मान, कादम्बरी सम्मान, निमाड़ी लोक साहित्य सम्मान एवं लघुकथा यश अर्चन, दोहा रत्न अलंकरण, प्रज्ञा रत्न सम्मान, पद्य कृति पवैया सम्मान, साहित्य भूषण सहित अर्ध शताधिक सम्मान। संप्रति : भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स प्रतिष्ठान भोपाल के नगर प्रशासन विभाग से जनवरी 2010 में सेवा निवृत्ति। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय कविता “समय चक्र…” ।)

☆ तन्मय साहित्य  # ३१० ☆

☆ समय चक्र… ☆ श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ ☆

☆

कल जो था

बदल गया है

आज कितना,

उखड़ा-उखड़ा सा मन

जहाँ उमंगे थी वहीं

बेबसियों का संकलन

खत्म सा होने लगा है

संचित उत्साहित धन,

 

शेष है केवल

अनंतिम मौन

यूँ कहने को

सब कुछ है अपना 

जैसे गहन नींद में

मनोनुकूल सपना

पर मुश्किल है

इन्हें सहेजे रखना,

 

विकलांग नहीं

फिर भी

क्रियाएँ दिव्यांग सी

परिवर्तित होती

दैहिक क्षमता

कब, कैसे, नहीं पता,

समय के समंदर में

गोते लगाती

रह जाती है शेष

अनकही अंतर्व्यथा,

 

जुड़ा है

सभी के साथ

एक समय के बाद

यह अवस्थागत संघर्ष

बीतते वर्ष दर वर्ष

शोक हो या हर्ष

टूटना निश्चित है

एक वक्त दैहिक दर्प

यही है जीवन जगत का

परम् सत्य।

☆ ☆ ☆ ☆ ☆

© सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’

जबलपुर/भोपाल, मध्यप्रदेश, अलीगढ उत्तरप्रदेश  

मो. 9893266014

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ जय प्रकाश के नवगीत # १३१ ☆ काँच सा मन ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव ☆

श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव

(संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं अग्रज साहित्यकार श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव जी  के गीत, नवगीत एवं अनुगीत अपनी मौलिकता के लिए सुप्रसिद्ध हैं। आप प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक स्तम्भ  “जय  प्रकाश के नवगीत ”  के अंतर्गत नवगीत आत्मसात कर सकते हैं।  आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण एवं विचारणीय नवगीत “काँच सा मन” ।)       

✍ जय प्रकाश के नवगीत # १३१ ☆ काँच सा मन ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव ☆

☆

ज़रा सी बात पर क्यों

टूटता है

काँच सा मन।

 

गल रहे अनुबंध

निर्वासित हुई सौगंध

साँसों में कसकते हैं

अनगाए मधुर संबंध

 

रात के अंधे पहर क्यों

तापता है

आँच सा मन।

 

तृप्ति का अहसास

होंठों पर सुलगती प्यास

आँखों में महकते हैं

सपनों के खुले मधुमास

 

झूठ के फिर आवरण क्यों

ओढ़ता है

साँच सा मन।

***

© श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव

सम्पर्क : आई.सी. 5, सैनिक सोसायटी शक्ति नगर, जबलपुर, (म.प्र.)

मो.07869193927,

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साहित्यिक स्तम्भ ☆ ग़ज़ल # १३६ ☆ समझ जाता छुपा है कोई मतलब… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे ☆

श्री अरुण कुमार दुबे

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण कुमार दुबे जी, उप पुलिस अधीक्षक पद से मध्य प्रदेश पुलिस विभाग से सेवा निवृत्त हुए हैं । संक्षिप्त परिचय ->> शिक्षा – एम. एस .सी. प्राणी शास्त्र। साहित्य – काव्य विधा गीत, ग़ज़ल, छंद लेखन में विशेष अभिरुचि। आज प्रस्तुत है, आपकी एक भाव प्रवण रचना “समझ जाता छुपा है कोई मतलब…“)

☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # १३६ ☆

✍ समझ जाता छुपा है कोई मतलब… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे  ☆

☆

ख़ामुशी भी इक सितम है हम सनम कब तक कहें

हाले दिल तुम भी सुनाओ हम ही हम कब तक कहें

 *

खास लोगों में इनायत के है चर्चे आपके

हम गरीबों पर भी कर दीजे करम कब तक कहें

 *

क़द्र जब तालीम फ़न की बंद है इस दौर में

ना-अहल को मारकर दिल मुहतरम कब तक कहें

 *

होती बंदर बाँट शासन की गरीबों को मदद

घूसखोरों के सितम को हम करम कब तक कहें

 *

तुम ब -ज़िद हो तर्के तअल्लुक़ के लिए फिर सोच लो

साथ जीने की कभी खाई कसम कब तक कहें

 *

देखकर मुँह इस तरह अपना न फेरा कीजिये

हो मेरे मुझको ये रहने दो भरम कब तक कहें

 *

राह चलते हम हैं सीधी  क्या हमारा वास्ता

इस सियासत में बड़े है पैचो ख़म कब तक कहें

 *

रोज़ आबादी बड़ी ऐसी अगर जो मुल्क में

पैर फैलाने जमीं हो जाये कम कब तक कहें

 *

आपकी नजरों में दौलत की है इज्ज़त सिर्फ़ जब

आपके घर हम न रख्खेंगे कदम कब तक कहें

*

शान में तेरी कशीदे कब पढ़े जो फिर पढ़े

ये बिकाऊ है नहीं अपना क़लम कब तक कहें

 *

इस जहाँ में किसको फ़ुरसत है फ़राहम गैर को

क्यों अरुण अपने सुनाने फिरता ग़म कब तक कहें

☆

© श्री अरुण कुमार दुबे

सम्पर्क : 5, सिविल लाइन्स सागर मध्य प्रदेश

सिरThanks मोबाइल : 9425172009 Email : arunkdubeynidhi@gmail. com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ कविता # ४२ – अनछुए कोरे सफों पर… ☆ श्री हेमंत तारे ☆

श्री हेमंत तारे 

श्री हेमन्त तारे जी भारतीय स्टेट बैंक से वर्ष 2014 में सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृत्ति उपरान्त अपने उर्दू भाषा से प्रेम को जी रहे हैं। विगत 10 वर्षों से उर्दू अदब की ख़िदमत आपका प्रिय शग़ल है। यदा- कदा हिन्दी भाषा की अतुकांत कविता के माध्यम से भी अपनी संवेदनाएँ व्यक्त किया करते हैं। “जो सीखा अब तक,  चंद कविताएं चंद अशआर”  शीर्षक से आपका एक काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुका है। आज प्रस्तुत है आपकी एक कविता – अनछुए कोरे सफों पर…।)

✍ अनछुए कोरे सफों पर… ☆ श्री हेमंत तारे  ☆

☆

अतीत के पन्नों पर,

उकेरे हुये

कुछ

प्रतीक,

बिम्ब, प्रतिबिम्ब

और

चितवने

आ खडी होती है, सामने

जब कभी,

वजह – बेवजह आयी लहर कोई

भीगो जाती है

अंतर्मन को |

 

ऐसे में,

अनछुए कोरे सफों पर

उतर आता है बसंत,

कि आने को है उनकी भी बारी

कि लिखा जाना है उन पर भी

कोई अफसाना या कोई तराना |

 ☆

© श्री हेमंत तारे

मो.  8989792935

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कादम्बरी # १३३ – साँड़ तकादों के ☆ आचार्य भगवत दुबे ☆

आचार्य भगवत दुबे

(संस्कारधानी जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर आचार्य भगवत दुबे जी को सादर चरण स्पर्श । वे आज भी हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते हैं। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया है।सीमित शब्दों में आपकी उपलब्धियों का उल्लेख अकल्पनीय है। आचार्य भगवत दुबे जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें 👉 ☆ हिन्दी साहित्य – आलेख – ☆ आचार्य भगवत दुबे – व्यक्तित्व और कृतित्व ☆. आप निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा स्त्रोत हैं। हमारे विशेष अनुरोध पर आपने अपना साहित्य हमारे प्रबुद्ध पाठकों से साझा करना सहर्ष स्वीकार किया है। अब आप आचार्य जी की रचनाएँ प्रत्येक मंगलवार को आत्मसात कर सकें गे। 

इस सप्ताह प्रस्तुत हैं “साँड़ तकादों के“।) 

✍  साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ कादम्बरी # १३३ – साँड़ तकादों के ☆ आचार्य भगवत दुबे ✍

☆

न्याय माँगने, गाँव हमारे, जब तेहसील गये,

न्यायालय, खलिहान, खेत,

घर गहने लील गये!

लिया कर्ज़,

सम्भावनाओं की फसल गयी बोई,

फलीभूत आशा के होते, लगा रोग कोई।

साँड़ तकादों के, लठैत

खेतों में ढील गये

गिरवी रखा

अँगूठा, करने बेटी का गौना,

छोड़ पढ़ाई हरवाही करने निकला छौना।

चिन्ताओं के बोझ, सुकोमल

काँधे छील गये

उर्वर की,

भूदान यज्ञ वाली ज़मीन पड़ती,

हरियाली शहरी आँखों में, सदा रही गड़ती।

फिर कछार कांक्रीट वनों में

हो तब्दील गये

 

नफ़रत से

तिमिराच्छादित दिखती है गली-गली,

उच्छृंखल धर्मान्धताओं की ऐसी हवा चली।

प्रेम और सद्भावनाओं के

बुझ कन्दील गये

कभी न

छँट पाया, जीवन से विपदा का कुहरा,

राजनीति का, जिन्हें बनाया गया सदा मुहरा।

दिल्ली, लोक कला दिखलाने

भूखे भील गये

☆

https://www.bhagwatdubey.com

© आचार्य भगवत दुबे

३ दिसंबर २०१२

82, पी एन्ड टी कॉलोनी, जसूजा सिटी, पोस्ट गढ़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ मनोज साहित्य # २०६ – सत्ता का भोगी बुरा… ☆ श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज” ☆

श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज”

संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं सजग अग्रज साहित्यकार श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज” जी  के साप्ताहिक स्तम्भ  “मनोज साहित्य ” में आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सत्ता का भोगी बुरा…”। आप प्रत्येक मंगलवार को आपकी भावप्रवण रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे।

✍ मनोज साहित्य # २०६ – सत्ता का भोगी बुरा… ☆

☆

सत्ता का भोगी बुरा, जिसको चढ़ा खुमार।

नैतिकता को भूलकर, भरते रहे डकार।।

* 

सतयुग में सुर औ असुर, रहे केन्द्र के बिन्दु।

ब्रम्हा विष्णु महेश ही, बने कृपा के सिन्धु ।।

 *

त्रेता में श्री राम ने, किया दशानन युद्ध।

संकटमोचन बन गये, किया धरा को शुद्ध।।

 *

अजुद्धा में श्री राम को, मिले भरत से भ्रात।

रामराज्य की कल्पना, के सर्जक थे तात।।

 *

द्वापर में पलटा समय, त्रेता को दी मात।

सिंहासन अंधा हुआ, पुत्र मोह में तात।।

 *

स्वार्थों में सब खो गये, अंध भक्ति का शोर।

दुर्योधन धृतराष्ट्र से, हुयी अनोखी भोर।।

 *

मान और अपमान का, चला अनोखा दौर।

नीति अनीती भूलकर, हुये सिंहासन खोर।।

 *

भरी सभा में द्रोपदी, किया वस्त्र से हीन।

जनता की न पूछिये, स्थितियाँ थीं दीन।।

 *

तब द्वापर में कृष्ण ने, किये अनोखे काम।

सभी विधर्मी का किया, पूरा काम तमाम।।

 *

जबसे कलियुग आ गया, फिर से छाया रोग।

नर-नारी के भाग्य में, बस कष्टों का भोग।।

 *

सत्ता की चाहत बुरी, भूलें नैतिक राह।

परहित भाव बिसारते, जग से बेपरवाह।।

 *

यवनकाल में तो मचा,जग जाहिर कुहराम।

पिता-पुत्र नाते सभी, बुरे हुये बदनाम।।

 *

धर्मान्धों की फौज ने, कर दी बगिया सून।

सिंहासन की चाह में, खूब बहाया खून।।

 *

अंगे्रजों के काल में, खूब मची थी लूट।

जितना चाहे लूट लो, उनको ही थी छूट।।

* 

स्वतंत्रता जब मिल गई, थामी हमने डोर।

तब भारत को था लगा, अब तो होगी भोर।।

* 

भ्रष्टाचार अचार का, लगा अनोखा स्वाद।

जिसको देखो खा रहा, चारों ओर विवाद।।

* 

कालान्तर में शक्तियाँ, प्रखर हुयीं दिन रात।

लम्पट चोर मवालि की, चारों ओर बिसात।।

 *

निज स्वार्थों की भीड़ ने, किये अनोखे काम।

खुद का घर भरने लगे, कैसे लगे विराम।।

 *

आजादी के साथ में, बटवारे का शोर।

धरा रक्त से रंग गई, तब आयी थी भोर।।

* 

लोकतंत्र की त्रासदी, आरक्षण का जोर।

अगड़े पिछड़े सब खड़े, मचा रहे हैं शोर।।

* 

तुष्टिकरण की नीति से, बिगड़ी सारी सोच।

समीकरण सब रूठते, सबके मन संकोच।।

 *

नेताओं की डुगडुगी, बजती है हर बार।

बंदर से सब नाचते, जब सजता दरबार।।

 *

आशायें सबकी लगीं, कब बदलेगा तंत्र।

तिमिर हटे इस देश का, तब गूँजेगा मंत्र।।

 *

रामराज्य की आस में, बैठा है इंसान।

भेद भाव का अंत हो, बदले हिंदुस्तान।।

☆

©  मनोज कुमार शुक्ल “मनोज”

संपर्क – 58 आशीष दीप, उत्तर मिलोनीगंज जबलपुर (मध्य प्रदेश)- 482002

मो  94258 62550

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – परिक्रमा ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं।)

? संजय दृष्टि – परिक्रमा ? ?

मैंने जब कभी

छलकानी चाही

वेदना की एक बूँद,

विरोध में उसने

उँड़ेल दिया

खारा सागर,

विवश बूँद जा गिरी सीप में

और कालातीत हो गई।

 

कालांतर में

अनगिनत मोतियों की

एक माला बन गई,

इस माला में

छिपी है

मेरे जीवन की परिक्रमा!

?

© संजय भारद्वाज  

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ सरस्वती साधना बुधवार 14 जनवरी से शुक्रवार 23 जनवरी तक चलेगी 🕉️

💥इसका साधना मंत्र होगा – ॐ ऐं सरस्वत्यै ऐं नम: 💥

💥 मालाजप, सूर्य नमस्कार आवर्तन, आत्मपरिष्कार मूल्यांकन एवं मौन साधना के साथ सरस्वती वंदना जारी रखें 💥

💥सरस्वती वंदना💥

 या कुन्देन्दुतुषारहारधवला या शुभ्रवस्त्रावृता।

या वीणावरदण्डमण्डितकरा या श्वेतपद्मासना।

या ब्रह्माच्युतशङ्करप्रभृतिभिर्देवैः सदा वन्दिता।

सा मां पातु सरस्वती भगवती निःशेषजाड्यापहा॥

*

शुक्लां ब्रह्मविचार सार परमामाद्यां जगद्व्यापिनीं,

वीणा-पुस्तक-धारिणीमभयदां जाड्यान्धकारापहाम्‌।

हस्ते स्फटिकमालिकां विदधतीं पद्मासने संस्थिताम्‌,

वन्दे तां परमेश्वरीं भगवतीं बुद्धिप्रदां शारदाम्‌॥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ लेखनी सुमित्र की # २६८ – घिन आती है ☆ स्व. डॉ. राजकुमार तिवारी “सुमित्र” ☆

स्व. डॉ. राजकुमार तिवारी “सुमित्र”

(संस्कारधानी  जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ. राजकुमार “सुमित्र” जी  को सादर चरण स्पर्श । वे सदैव हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते थे। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया।  वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणास्रोत हैं। आज प्रस्तुत है, आपके काव्य संग्रह ‘शब्द नहीं रहे शब्द‘ की एक भावप्रवण कविता – घिन आती है…।)

✍ साप्ताहिक स्तम्भ – लेखनी सुमित्र की # २६८ – घिन आती है ✍

(काव्य संग्रह – शब्द नहीं रहे शब्द से )

मुझे

घिन आती है

अपने बुद्धिजीवी होने पर

घिन आती है।

बहुत मुश्किल हो रहा है

प्रबुद्धता के नाटक को निबाहना ।

एक कापुरुष की निरीहता से

देख रहा हूँ

अन्याय, अत्याचार,

आतंक

भूख, भ्रष्टाचार और

बेरोजगारी ।

कभी लगता है

काश! मैं बंदूक बन पाता

या

अलादीन का चिराग पा जाता

या फिर बन जाता बाढ़ का जल

या फिर दावानल

ताकि भ्रष्ट व्यवस्था को दबोच लेता

अपने आगोश में।

© डॉ. राजकुमार “सुमित्र” 

साभार : डॉ भावना शुक्ल 

112 सर्राफा वार्ड, सिटी कोतवाली के पीछे चुन्नीलाल का बाड़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ अभिनव गीत # २६७ – “कथ्यों का अन्तर्मन…” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “कथ्यों का अन्तर्मन–...”)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # २६७ ☆।। अभिनव गीत ।। ☆

☆ “कथ्यों का अन्तर्मन–...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

☆

आकर्षण दिन का

खरोंच के ।

संध्या के गई धूप

पोंछ के ॥

 

गोष्ठियाँ दिशाओं

की छिन्न भिन्न ।

परिवर्तित मुद्रायें

हुई खिन्न ।

 

बतलाती अनगिनत

प्रकारों को –

मुई हवा लँगड़ाकर

मोंच के ॥

 

अपनी जो निगाहें

किये  नीची ।

आम की होती

प्रमुदित बगीची ।

 

मार रही ताने

मुँह चिढ़ाती –

भाभियों सरीखा

दिल कोंच के ॥

 

यह सधी परछाईं

शुष्क गाछ की ।

दुखिया प्रतीक्षारत है

छाछ  की ।

 

क्या कह दें दिन

के कथानक को –

कथ्यों का अन्तर्मन

नोंच के ॥

☆

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

18-01-2026

 संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares