(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।
आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– महाजनी…” ।)
~ मॉरिशस से ~
☆ कथा कहानी ☆ गद्य क्षणिका # ७४ — महाजनी —☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆
महाजन ने जहाँ – जहाँ पैसा दिया था बीमारी और बुढ़ापे से त्रस्त होने पर मूल और सूद यथाशीघ्र समेटा। एक दिन शायद उसने सपने में पत्नी से कहा, “मुझसे पैसा लेती हो। अरी पगली, मूल न लौटाओ, लेकिन सूद तो देना।” एकदम अशक्त हो जाने पर महाजन दिनों पलंगजीवी बना रहा कि पत्नी ने अचानक ही कहा, “लो जी मैं सूद देती हूँ।” आश्चर्य, महाजन को बहुत सुकून पहुँचा। शायद उसका प्राणांत होने में अब आसानी होती।
(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के लेखक श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही गंभीर लेखन। शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको पाठकों का आशातीत प्रतिसाद मिला है।”
हम प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों के माध्यम से हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)
☆ संजय उवाच # ३०३ ☆ शिवोऽहम्… (6)
आत्मषटकम् के छठे और अंतिम श्लोक में आदिगुरु शंकराचार्य महाराज आत्मपरिचय को पराकाष्ठा पर ले जाते हैं।
अहं निर्विकल्पो निराकाररूपो
विभुत्वाच्च सर्वत्र सर्वेन्द्रियाणाम् ।
न चासङ्गतं नैव मुक्तिर्न मेयः
चिदानन्दरूपः शिवोऽहम् शिवोऽहम् ॥
मैं किसी भिन्नता के बिना, किसी रूप अथवा आकार के बिना, हर वस्तु के अंतर्निहित आधार के रूप में हर स्थान पर उपस्थित हूँ। सभी इंद्रियों की पृष्ठभूमि में मैं ही हूँ। न मैं किसी वस्तु से जुड़ा हूँ, न किसी से मुक्त हूँ। मैं चैतन्य रूप हूँ, आनंद हूँ, शिव हूँ, शिव हूँ।
विचार करें, विवेचन करें तो इन चार पंक्तियों में अनेक विलक्षण आयाम दृष्टिगोचर होते हैं। आत्मरूप स्वयं को समस्त संदेहों से परे घोषित करता है। आत्मरूप एक जैसा और एक समान है। वह निश्चल है, हर स्थिति में अविचल है।
आत्मरूप निराकार है अर्थात जिसका कोई आकार नहीं है। सिक्के का दूसरा पहलू है कि आत्मरूप किसी भी आकार में ढल सकता है। आत्मरूप सभी इन्द्रियों को व्याप्त करके स्थित है, सर्वव्यापी है। आत्मरूप में न मुक्ति है, न ही बंधन। वह सदा समता में स्थित है। आत्मरूप किसी वस्तु से जुड़ा नहीं है, साथ ही किसी वस्तु से परे भी नहीं है। वह कहीं नहीं है पर वह है तभी सबकुछ यहीं है।
वस्तुतः मनुष्य स्वयं के आत्मरूप को नहीं जानता और परमात्म को ढूँढ़ने का प्रयास करता है। जगत की इकाई है आत्म। इकाई के बिना दहाई का अस्तित्व नहीं हो सकता। अतः जगत के नियंता से परिचय करने से पूर्व स्वयं से परिचय करना आवश्यक और अनिवार्य है।
मार्ग पर जाते एक साधु ने अपनी परछाई से खेलता बालक देखा। बालक हिलता तो उसकी परछाई हिलती। बालक दौड़ता तो परछाई दौड़ती। बालक उठता-बैठता, जैसा करता स्वाभाविक था कि परछाई की प्रतिक्रिया भी वैसी होती। बालक को आनंद तो आया पर अब वह परछाई को प्राप्त करना का प्रयास करने लगा। वह बार-बार परछाई को पकड़ने का प्रयास करता पर परछाई पकड़ में नहीं आती। हताश बालक रोने लगा। फिर एकाएक जाने क्या हुआ कि बालक ने अपना हाथ अपने सिर पर रख दिया। परछाई का सिर पकड़ में आ गया। बालक तो हँसने लगा पर साधु महाराज रोने लगे।
जाकर बालक के चरणों में अपना माथा टेक दिया। कहा, “गुरुवर, आज तक मैं परमात्म को बाहर खोजता रहा पर आज आत्मरूप का दर्शन करा अपने मुझे मार्ग दिखा दिया।”
आत्मषटकम् मनुष्य को संभ्रम के पार ले जाता है, भीतर के अपरंपार से मिलाता है। अपने प्रकाश का, अपनी ज्योति की साक्षी में दर्शन कराता है।
इसी दर्शन द्वारा आत्मषटकम् से निर्वाणषटकम् की यात्रा पूरी होती है। निर्वाण का अर्थ है, शून्य, निश्चल, शांत, समापन। हरेक स्थान पर स्वयं को पाना पर स्वयं कहीं न होना। मृत्यु तो हरेक की होती है, निर्वाण बिरले ही पाते हैं।
षटकम् के शब्दों को पढ़ना सरल है। इसके शाब्दिक अर्थ को जानना तुलनात्मक रूप से कठिन। भावार्थ को जानना इससे आगे की यात्रा है, मीमांसा कर पाने का साहस उससे आगे की कठिन सीढ़ी है पर इन सब से बहुत आगे है आत्मषट्कम् को निर्वाणषटकम् के रूप में अपना लेना। अपना निर्वाण प्राप्त कर लेना। यदि निर्वाण तक पहुँच गए तो शेष जीवन में अशेष क्या रह जाएगा? ब्रह्मांड के अशेष तक पहुँचने का एक ही माध्यम है, दृष्टि में शिव को उतारना, सृष्टि में शिव को निहारना और कह उठना, शिवोऽहम्…!
अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆
मोबाइल– 9890122603
संजयउवाच@डाटामेल.भारत
writersanjay@gmail.com
☆ आपदां अपहर्तारं ☆
गोविन्द साधना संपन्न हुई. अगली साधना की सूचना आपको शीघ्र ही दी जावेगी।
अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं।
≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈
(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि। संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है – पूर्णिका – बचपन।)
(श्री सुरेश पटवा जी भारतीय स्टेट बैंक से सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व प्रतिसाद मिला है। अब आप प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकते हैं यात्रा संस्मरण – सगरमाथा से समुन्दर।)
यात्रा संस्मरण – सगरमाथा से समुन्दर – भाग-११ ☆ श्री सुरेश पटवा
यात्रा वृतांत – एक चर्चा
पर्यटन के दो मुख्य आकर्षण पर्वत और सागर रहे हैं। पर्वतों की उदास ऊँचाइयाँ और सागरों की रहस्यमय गहराइयाँ मनुष्यों को लुभाती हैं। मनुष्य का पूरा जीवन उदासी और उत्साह के बीच डोलता रहता है। उदास पहाड़ एक जगह खड़े रहते हैं। सागर की लहरें उत्साहित हो साहिल की तरफ़ भागती रहती हैं। साहिल से टकराकर बिखर जाती हैं। मनुष्य भी एक लहर से दुनिया में आता है और पहाड़ सा जीवन जीकर अंत में लहर सा बिखर जाता है। दुनिया का सबसे ऊँचा, लम्बा और चौड़ा हिमालय पर्वत सर्वोच्च शिखर एवरेस्ट को धरामणि सा धारण किए है। कोई ज़मीन पर कितना भी ऊँचा उठ जाए, वह एवरेस्ट से ऊँचा नहीं उठ सकता। हिमालय मनुष्य को चुनौती देकर बुलाता है कि आओ मुझे विजित करो।
इस महान पर्वत श्रेणी का नाम संस्कृत में हिमालय (‘बर्फ का निवास’), हिम (‘बर्फ’) और आ-लय (आलय ‘रिसेप्टकल, आवास’) से निकला है। एमिली डिकिंसन की कविता और हेनरी डेविड थोरो के निबंधों में इसे हिमालेह के रूप में लिखा है। इन पहाड़ों को नेपाली और हिंदी में हिमालय के रूप में जाना जाता है। तिब्बती में ‘द लैंड ऑफ स्नो’, उर्दू में हिमालय रेंज, बंगाली में हिमालय पर्वतमाला और चीनी में ज़िमालय पर्वत श्रृंखला है। इस रेंज का नाम कभी-कभी पुराने लेखन में हिमवान के रूप में भी किया जाता रहा है।
नेपाल में धौलागिरी और अन्नपूर्णा की 26000 फीट ऊँची चोटियाँ भौगोलिक रूप से हिमालय को पश्चिमी और पूर्वी खंडों में विभाजित करती हैं। काली गंडकी के सिर पर कोरा ला एवरेस्ट और K2 (पाकिस्तान में काराकोरम रेंज की सबसे ऊंची चोटी) के बीच की लकीर पर सबसे निचला बिंदु है। अन्नपूर्णा के पूर्व में सीमा पार मनासलू की 26000 फीट ऊँची चोटियाँ तिब्बत, शीशपंगमा में हैं। इनके दक्षिण में नेपाल की राजधानी और हिमालय का सबसे बड़ा शहर काठमांडू स्थित है। काठमांडू घाटी के पूर्व में कोसी नदी की घाटी है जो तिब्बत, नेपाल और चीन के बीच अरानिको राजमार्ग/चीन राष्ट्रीय राजमार्ग 318 को मुख्य भूमि प्रदान करती है। इसके अलावा पूर्व में महालंगुर हिमालय है जिसमें दुनिया के चार उच्चतम पर्वत: चो ओयू, एवरेस्ट, ल्होत्से और मकालू हैं। ट्रेकिंग के लिए लोकप्रिय खुम्बू क्षेत्र यहां एवरेस्ट के दक्षिण-पश्चिमी दृष्टिकोण पर पाया जाता है। अरुण नदी दक्षिण की ओर मुड़ने और मकालू के पूर्व की ओर बहने से पहले इन पहाड़ों की उत्तरी ढलानों से बहती है।
सुदूर पूर्व में भारत-नेपाल सीमा पर हिमालय कंचनजंगा मासिफ तक बढ़ता है, जो दुनिया का तीसरा सबसे ऊंचा पर्वत 26,000 फीट शिखर भारत का उच्चतम बिंदु है। कंचनजंगा का पश्चिमी भाग नेपाल में और पूर्वी भाग भारतीय राज्य सिक्किम में है। यह भारत से तिब्बत की राजधानी ल्हासा मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो नाथू ला दर्रे से होकर तिब्बत तक जाता है। सिक्किम के पूर्व में भूटान का प्राचीन बौद्ध साम्राज्य है। भूटान का सबसे ऊँचा पर्वत गंगखर पुएनसम है। यहां का हिमालय घने जंगलों वाली खड़ी घाटियों के साथ तेजी से ऊबड़-खाबड़ होता जा रहा है। यारलांग त्सांगपो याने ब्रह्मपुत्र नदी के महान मोड़ के अंदर तिब्बत में स्थित नामचे बरवा के शिखर पर अपने पूर्व के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले, हिमालय भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश के साथ-साथ तिब्बत के माध्यम से थोड़ा उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ता रहता है। त्सांगपो के दूसरी ओर पूर्व में कांगरी गारपो पर्वत हैं। ग्याला पेरी सहित त्सांगपो के उत्तर में ऊंचे पहाड़ हिमालय में शामिल होते हैं।
धौलागिरी से पश्चिम की ओर जाने पर, पश्चिमी नेपाल कुछ दूर है और प्रमुख ऊंचे पहाड़ों की कमी है, लेकिन नेपाल की सबसे बड़ी रारा झील का घर है। करनाली नदी तिब्बत से निकलती है लेकिन क्षेत्र के केंद्र से होकर गुजरती है। आगे पश्चिम में, भारत के साथ सीमा शारदा नदी का अनुसरण करती है और चीन में एक व्यापार मार्ग प्रदान करती है, जहां तिब्बती पठार पर गुरला मांधाता की ऊंची चोटी स्थित है। मानसरोवर झील के उस पार पवित्र कैलाश पर्वत है, जो हिमालय की चार मुख्य नदियों के स्रोत के करीब है। हिमालय उत्तराखंड में कुमाऊं हिमालय के रूप में नंदा देवी और कामेट की ऊंची चोटियों के साथ स्थित है।
उत्तराखंड राज्य चार धाम के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों का भी घर है, जिसमें गंगोत्री, पवित्र नदी गंगा का स्रोत, यमुनोत्री, यमुना नदी का स्रोत और बद्रीनाथ और केदारनाथ के मंदिर हैं। अगला हिमालयी भारतीय राज्य, हिमाचल प्रदेश, अपने हिल स्टेशनों, विशेष रूप से शिमला, ब्रिटिश राज की ग्रीष्मकालीन राजधानी और भारत में तिब्बती समुदाय के केंद्र धर्मशाला के लिए प्रसिद्ध है। यह क्षेत्र पंजाब के हिमालय और सतलुज नदी की शुरुआत है, जो सिंधु की पांच सहायक नदियों-झेलम, रावी, चिनाब, सतलुज, व्यास का जनक है। आगे पश्चिम में हिमालय, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का निर्माण करता है। ननकुन की जुड़वां चोटियाँ हिमालय के इस हिस्से में एकमात्र पर्वत हैं। प्रसिद्ध कश्मीर घाटी और श्रीनगर के शहर और झीलें हैं। अंत में, हिमालय अपने पश्चिमी छोर पर नंगा पर्वत की नाटकीय 26000 फुट ऊँची चोटी से होकर पश्चिमी छोर नंगा पर्वत के पास एक शानदार बिंदु पर समाप्त होता है जहां हिमालय गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में काराकोरम और हिंदू कुश पर्वतमाला के साथ पसरा है
जब हमने घूमने जाने के बारे में सोचा तो हिमालय ने हमें भी आकर्षित किया। हमने तय किया कि हम नेपाल, लद्दाख़, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड की यात्रा पर जाएँगे। वहाँ जाने के पहले उस क्षेत्र का भूगोल और इतिहास पता किया।
पृथ्वी के सत्तर प्रतिशत भाग पर अपार जलराशि सात महाद्वीपों को घेरे सात महासागर के रूप में लहराती है। जिनमे से हिंद महासागर भारत के पाँव पखारता है। पूर्व में कलकत्ता से चेन्नई तक बंगाल की खाड़ी है तो पश्चिम में अरब सागर का मुंबई से केरल तक का समुद्री तट लहराता है। शास्त्रों में भारत को उत्तर में हिमालय से दक्षिण में इंदू सागर की पवित्र पितृभूमि कहा गया है। किसी समय हिमालय और हिंद महासागर को अभेद्य माना जाता था। इसीलिए सोने की चिड़िया की भूमि पर निवासित भारतीय अपने आपको कछुआ की तरह सुरक्षित महसूस करते रहे। लेकिन कालांतर में पहाड़ों और सागरों दोनों ओर से आक्रामक हमलावर आए और भारत को ग़ुलाम वंश से लेकर अंग्रेजों के अधीन एक हज़ार साल तक ग़ुलाम रहने को मजबूर होना पड़ा। भारत की इन दोनों प्राकृतिक सीमाओं अर्थात् लद्दाख़ से हिंद महासागर का पर्यटन हमारे शौक़ के विषय रहे हैं। एवरेस्ट को नेपाल में सगरमाथा कहते हैं। हमने पिछले पचास सालों में नेपाल के सगरमाथा से हिंद महासागर तक की यात्राएँ की हैं।
भ्रमण, पर्यटन और घुमक्कड़ी में फ़र्क़ होता है। भ्रमण याने देश विदेश में घूमने फिरने वाला यात्री। पर्यटन एक ऐसी यात्रा (travel) है जो मनोरंजन (recreational) या फुरसत के क्षणों का आनंद (leisure) लेने के उद्देश्यों से की जाती है। घुमक्कड़ का मतलब है, सोद्देश्य या निरुद्देश्य घूमकर आनंदित होने वाला घुमंतू।
बैंक में नौकरी लगने के बाद बचपन से घुमंतू बनने की इच्छा को पंख लग गए। हमारा उद्देश्य देशाटन द्वारा देश को देखना और समझना था। जबलपुर के सुषमा साहित्य मंदिर से देश के विभिन्न प्रांतों पर राजपाल एंड संस से प्रकाशित पुस्तकें इकट्ठी मिल गईं, तो ख़रीद लीं। उन्हें पढ़कर घुमक्कड़ी का नशा चढ़ने लगा। सबसे पहले मध्य प्रदेश के दर्शनीय स्थल ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, खजुराहो, कान्हा-किसली, अमरकंटक, बांधवगढ़, भेड़ाघाट, पचमढ़ी, महेश्वर, मांडू, ओमकारेश्वर इत्यादि की यात्रा इन स्थानों के इतिहास और भूगोल को जाने बग़ैर सम्पन्न की। उसके बाद इन्ही स्थानों का इतिहास, भूगोल और संस्कृति को पढ़ समझ कर यात्राएँ कीं तो पाया कि पर्यटन से बहुत अधिक आनंद घुमंतू यात्राओं में है। बस फिर क्या था घुमंतू बनने की तीव्र इच्छा बलबती हुई। इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय से “पर्यटन सामग्री” बुलाकर विभिन्न प्राकृतिक स्थलों जैसे पर्वत, सागर, मैदान, ऐतिहासिक स्थान, धार्मिक स्थान और वन्य प्रांतर घुमक्कड़ी के अर्थ और आशय को दिमाग़ में बिठाया। उसके पश्चात कहीं भी घुमक्कड़ी पूर्व इस स्थान का इतिहास, भूगोल, परिवेश, साहित्य, संस्कृति, वेशभूषा और खानपान का अध्ययन एक आदत सी बन गई। अध्ययन और घुमक्कड़ी का बढ़िया संयोजन बहुत आनंद दायक होने लगा। बन गए घुमक्कड। इसीलिए आपको हमारी यात्रा वृतांत में जगहों का सम्पूर्ण विवरण मिलेगा।
(आज प्रस्तुत है गुरुवर स्व प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी द्वारा रचित – “कविता – जीवन-सफलता…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण स्वप्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।)
☆ काव्य धारा # २३६ ☆
☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – जीवन-सफलता… ☆ स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆
(डा. मुक्ता जीहरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से हम आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख ख्वाहिशें–जीने का सलीका। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की लेखनी को इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य # २८९ ☆
☆ ख्वाहिशें–जीने का सलीका.. ☆
‘एक अजीब सा रिश्ता है, मेरे और मेरी ख़्वाहिशों के दरमियां/ वो मुझे जीने नहीं देतीं और मैं उन्हें मरने नहीं देता’… ख़्वाहिशें ज़िंदगी जीने का सलीका हैं, मक़सद हैं, जो प्रेरणा देती हैं… हमें अपनी मंज़िल तक पहुंचने की राह दर्शाती हैं। ख़्वाहिशें वह संजीवनी हैं, जो मानव को ऊर्जा प्रदान करती हैं और मानव उन्हें पूरा करने के निमित्त बड़े से बड़ा करिश्मा कर गुज़रता है। अपनी शक्ति व सामर्थ्य से बढ़ कर कार्य करने को आप करिश्मा या प्रभु-कृपा ही कहेंगे न… यह सर्व-स्वीकार्य तथ्य है कि यह ऊर्जा हमें प्रभु-कृपा से ही प्राप्त होती है, क्योंकि उसकी रज़ा के बिना तो एक पत्ता भी नहीं हिल सकता। दूसरी ओर उसकी कृपा से पंगु भी पर्वत लांघ सकता है; नेत्रहीन देखने लगता है; लंगड़ा चलने लगता है और परमात्म-सत्ता ही मानव को फ़र्श से अर्श पर ला सकती है… राजा को रंक व रंक को राजा के शीर्षस्थ स्थान पर ले जाकर बैठा सकती है। इसे आप चमत्कार व प्रभु-कृपा कहेंगे या अपनी शक्ति व सामर्थ्य से अर्जित लक्ष्य। वास्तव में इन दोनों तथ्यों में विरोधाभास है। एक ओर तो हम प्रभु-अनुकंपा में पूर्ण विश्वास रखते हैं; उसी के प्रति समर्पित हो जाते हैं और उसका सारा श्रेय सृष्टि-नियंता को देते हैं। दूसरी ओर हम इसे करिश्मा कहते हैं अर्थात् इसका श्रेय अपनी लग्न, परिश्रम व मेहनत को देकर फ़ख्र महसूस करते हैं, क्योंकि परिश्रम व संघर्ष हमारी ख़्वाहिशों की वह संजीवनी है; जो हमें ऊर्जा प्रदान करती है।
उपरोक्त दोनों तथ्य सत्य प्रतीत होते हैं। मानव और ख़्वाहिशों के बीच विचित्र-सा रिश्ता है। ख़्वाहिशों को आप जीवन-रेखा से भी अभिहित कर सकते हैं। मुझे याद आ रही हैं अब्दुल कलाम जी की पंक्तियां… ‘मानव को सपने बंद आंखों से नहीं, खुली आंखों से देखने चाहिएं, क्योंकि वे सपने आपको सोने नहीं देते..आपकी प्रेरणा होते हैं। आपके जीवन को उमंग व आनंदोल्लास से भरते हैं और उन्हें साकार करने की राह दर्शाते हैं। सो! सपने मानव को आकाश की बुलंदियों तक पहुंचाते हैं और उन परिस्थितियों में वह सब कर गुज़रता है; जिसके वह योग्य ही नहीं होता है। ‘ख़्वाहिशें मुझे जीने नहीं देतीं और मैं उन्हें मरने नहीं देता’…दोनों एक सिक्के के दो पहलू हैं; अन्योन्याश्रित हैं। कलाम जी का यह संदेश कि खुली आंखों से देखे हुए सपने मानव को सोने नहीं देते और वह उन्हें मरने नहीं देता विचारणीय है कि आखिर वह स्थिति कब उत्पन्न होती है?
यह सत्य है कि जब हमारा लक्ष्य उत्तम होता है और उसे प्राप्त करने के लिए हम अपना तन, मन, धन ही नहीं, समस्त ऊर्जा लगा देते हैं अर्थात् सर्वस्व समर्पण कर देते हैं। प्रश्न उठता है…प्रभु के प्रति समर्पण हमें मुक्ति, निर्वाण व मोक्ष की ओर ले जाता है और उन सपनों व ख़्वाहिशों को पूरा करने का सारा श्रेय हम ‘मैं अर्थात् स्वयं’ को प्रदान करते हैं, जो सर्वथा अनुचित है। ‘मैं’ ख़्वाहिशों को मरने नहीं देता अहं भाव को दर्शाता है, क्योंकि ‘मैं’ में निहित हैं…दिव्य व अलौकिक शक्तियां; जो हमारे अंतर्मन की सुप्त शक्तियों को जाग्रत करती हैं और हम यह सोचने पर विवश हो जाते हैं कि जब अन्य व्यक्ति उस मुक़ाम पर पहुंच चुका है; तो मैं क्यों नहीं… जबकि उस परमात्मा ने तो सबको समान बनाया है। यह भाव हमें प्रेरित करता है और उसके बल पर हमारा मन में अदम्य साहस हिलोरें लेने लगता है। हम अपने अंतर्मन में अलौकिक ऊर्जा अनुभव करते हैं… उस स्थिति में हम वह सब कुछ कर गुज़रते हैं; जिसकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी। परंतु यह तभी सम्भव है, जब हममें आत्मविश्वास होगा और हम अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचान कर अंतिम सांस तक संघर्षरत रहेंगे। इतना ही नहीं, हम स्वयं को परिश्रम रूपी अग्नि में झोंक देंगे, तो यही पराकाष्ठा हमें मंज़िल तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
मानव इन तीन माध्यमों के द्वारा अपनी मंज़िल को प्राप्त कर सकता है…प्रतिभा, व्युत्पत्ति व अभ्यास। प्रतिभा जन्मजात होती है; व्युत्पत्ति के अंतर्गत वेद-शास्त्रों के अध्ययन से ज्ञान प्राप्त कर मानव उस दिशा की ओर अग्रसर होता है। तीसरी शक्ति है अभ्यास अर्थात् ‘करत-करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान।’ सो! अभ्यास हमें उस कग़ार तक पहुंचाने की सामर्थ्य रखता है, जो अकल्पनीय होती है। अभ्यास हमें लक्ष्य प्राप्ति होने तक धैर्यपूर्वक परिश्रम करने की प्रेरणा देता है।
सो! ख़्वाहिशों को पूर्ण करने में यह तीनों शक्तियां कारग़र सिद्ध होती हैं। यह इस तथ्य की पुष्टि करती हैं कि ‘तुम कर सकते हो।’ परंतु जब मानव इसे चुनौती के रूप में स्वीकार कर लेता है, तो राह में आने वाली बाधाएं अपनी दिशा बदल लेती हैं। अल्बर्ट आइंस्टीन का उदाहरण सबके समक्ष है। वे गणित विषय में कमज़ोर थे और बच्चों का उसके कोट के पीछे बुद्धू की पर्ची लगाना; टीचर का सात जन्मों तक गणित विषय में पारंगत न होने के बारे में व्यंग्य करना उसके हृदय को बेध जाता है और उसका सोते-जागते, खाते-पीते, उठते-बैठते गणित सीखने का उपक्रम करना– उन्हें एक दिन प्रसिद्ध गणितज्ञ व वैज्ञानिक बना देता है।
क्रैग का रूबेन को दर्पण के सामने जाकर अपने लक्ष्य को दोहराने और स्वयं को ल्यूज़ खेल में झोंक देने की प्रेरणा देना–उसमें अदम्य साहस संचरित करता है; जो कल्पनातीत है। वह कहता है कि ‘मुझे परवाह नहीं, मैं जीत कर रहूंगा। भले ही मेरे दोनों पैर टूट जाएं; हड्डियां चरमरा जाएं; चोट लग जाए… परंतु मैं ‘ओलंपिक मैन बन कर ही रहूंगा’ ने उन्हें विश्व-प्रसिद्धि प्रदान की। सो! समस्याएं व चुनौतियां सबके जीवन में आती हैं और जो इनका सामना सीना तान करते हैं; विपरीत प्रकृति भी अपनी राह बदल लेती है। स्वामी दयानंद सरस्स्वती की यह उक्ति ‘जिसमें धैर्य है और जो मेहनत से नहीं घबराता; कामयाबी उसकी दासी बन जाती है’ उक्त भाव को पुष्ट करती है अर्थात् दृढ़-संकल्प, धैर्यपूर्वक किया गया परिश्रम व लक्ष्य के प्रति एकाग्रता हमें मंज़िल तक पहुंचाने का मादा रखती है, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण हमारे सम्मुख हैं। अर्जुन का मछली की आंख पर निशाना साधना उसे सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर की संज्ञा प्रदान करता है।
ख़्वाहिशें मानव को ऊर्जस्वित करती हैं; अदम्य साहस से आप्लावित करती हैं, परंतु सकारात्मक सोच के साहसी व आत्मविश्वासी व्यक्ति का ‘मैं-
‘मैं’ उसे मरने नहीं देता। यह मानव का जुनून है, जो उसे लक्ष्य प्राप्त करने से पहले बीच राह थककर नहीं बैठने देता। दोनों स्थितियां मानव के लिए हितकारी हैं, श्रेयस्कर हैं। यदि हम सपने नहीं देखेंगे, तो उन्हें साकार करने की ख़्वाहिश कहां से उत्पन्न होगी? सो! सपने हमारे पथ- प्रदर्शक हैं, जो हमें उस मुक़ाम पर पहुंचाने की राह दर्शाते हैं; हममें ऊर्जा संचरित करते हैं… परंतु इसके लिए प्रभु-कृपा व अनुकंपा अपेक्षित है। जैसा कि सर्वविदित है ‘ईश्वर उनकी सहायता करता है; जो अपनी सहायता ख़ुद करते हैं’ तथा ‘परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।’ सो! संघर्ष हमें उस मुक़ाम तक पहुंचाने का सामर्थ्य रखता है, जो कल्पनातीत है। सो! परमात्म-सत्ता में विश्वास रखते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित भाव से निरंतर परिश्रम व संघर्ष ही हमें अपनी मंज़िल तक पहुंचाने की सामर्थ्य रखता है। इसके लिए सपनों व ख़्वाहिशों को ज़िंदा रखने की आवश्यकता है, जिससे सफलता-प्राप्ति के सभी द्वार स्वत: खुल जाते हैं और उन राहों पर चलकर मानव विश्व में मील के पत्थर स्थापित कर सकता है।
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – मृगनयनी…।
रचना संसार # ६२ – गीत – मृगनयनी… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(डॉ भावना शुक्ल जी (सह संपादक ‘प्राची‘) को जो कुछ साहित्यिक विरासत में मिला है उसे उन्होने मात्र सँजोया ही नहीं अपितु , उस विरासत को गति प्रदान किया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माँ सरस्वती का वरद हस्त उन पर ऐसा ही बना रहे। आज प्रस्तुत हैं – भावना के दोहे – आँखें ।)