☆ कथा-कहानी ☆ लघुतम कथा ~ लेखक की ताकत ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆
रोहन ने अपनी आत्मकथा लिखते वक्त अपने जीवन के कई कड़वे सच लिख डाले थे। बड़े भाई हार्दिक के हक के एक प्लाट को हथियाने के लिए उसने क्या-क्या कारनामे किये, इसे भी उसने अपनी आत्मकथा के कथानक में शामिल कर लिया था। जिसके चलते पुस्तक हद से ज्यादा लोकप्रिय हुई। प्लाट की कीमत से कहीं ज्यादा रुपया उसकी झोली में आ गया। दूसरी तरफ उस पुस्तक में लिखें इस अंश, जिसे उसने अपने जीवन की सत्य घटना बता कर लिखा था, को आधार बनाकर उसके भाई हार्दिक ने उसके ऊपर मुकदमा कर दिया।
रोहन के बड़े भाई हार्दिक ने मुकदमा जीता तो वह विवादित प्लाट अब रोहन का न होकर दुबारा हार्दिक का हो गया। फैसला आने के दिन कोर्ट रूम के बाहर रोहन और हार्दिक गले मिलकर खूब रोए। रोहन का यह दांव सही जगह लगा। पुस्तक की रॉयलटी से मिली ढेर सारी रकम को पाकर रोहन की पत्नी साधना अलग खुश हो रही थी, वहीं बड़े भाई हार्दिक को उस प्लाट पर दुबारा कब्जा दिलाकर रोहन भी खूब गदगद था।
(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में अवश्य मिली है किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है स्त्री विमर्श पर आधारित एक ऐतिहासिक लघुकथा — वीरांगना ऊदा देवी। डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को सादर नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद # 151 ☆
☆ ऐतिहासिक लघुकथा — वीरांगना ऊदा देवी☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆
16 नवंबर 1857 की बात है अंग्रेजों को पता चला कि लगभग दो हजार विद्रोही भारतीय सैनिक लखनऊ के सिकंदरबाग में ठहरे हुए हैं। अंग्रेज चिनहट की हार से बौखलाए हुए थे और भारतीयों से बदला लेने की फिराक में थे। अंग्रेज अधिकारी कोलिन कैम्पबेल के नेतृत्व में सैनिकों ने सिकंदरबाग़ को घेर लिया। देश के लिए मर मिटनेवाले भारतीय सैनिक आने वाले संकट से अनजान थे।
अवध के छठे बादशाह वाजिदअली शाह ने महल में रानियों की सुरक्षा के लिए स्त्रियों की एक सेना बनाई थी। ऊदा देवी इस सेना की सदस्य थीं, अपने साहस और बुद्धिबल से जल्दी ही नवाब की बेगम हज़रतमहल की महिला सेना की प्रमुख बना दी गईं। साहसी ऊदा जुझारू स्वभाव की थीं, डरना तो उसने जाना ही नहीं था और निर्णय लेने में तो वह एक पल भी ना गंवाती थीं। सिकंदरबाग में अंग्रेज सैनिक भारतीय सैनिकों के लिए काल बनकर आ रहे थे, वीरांगना ऊदा देवी हमले के वक्त वहीं थीं। देश के लिए जान न्यौछावर करनेवाले इन वीर जवानों को वे अपनी आँखों के सामने मरते नहीं देख सकती थीं। उसने पुरुषों के कपडे पहने, हाथ में बंदूक ली और गोला-बारूद लेकर वह पीपल के पेड़ पर चढ़ गईं। पेड़ पर से लगातार गोलियों से हमलाकर उसने अंग्रेज़ सैनिकों को सिकंदरबाग़ में प्रवेश नहीं करने दिया, दरवाजे पर ही रोके रखा। ऊदा देवी ने अकेले ही ब्रिटिश सेना के दो बड़े अधिकारियों और 36 अंग्रेज़ सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। यह देखकर अंग्रेजी अधिकारी बौखला गए वे समझ ही नहीं सके कि कौन और कहाँ से उनके सैनिकों को मार रहा है। तभी एक अंग्रेज सैनिक की निगाह पीपल के पेड़ पर गई। उसने देखा कि पेड़ की डाली पर छिपा बैठा कोई लगातार गोलियां बरसा रहा है। बस फिर क्या था, अंग्रेज़ सैनिकों ने निशाना साधकर उस पर गोलियों की बौछार कर दी। एक गोली ऊदा देवी को लगी और वह पेड़ से नीचे गिर पड़ीं।
अँग्रेज़ अधिकारियों को बाद में पता चला कि सैनिक के वेश में वह भारतीय सैनिक कोई और नहीं बल्कि वीरांगना ऊदा देवी थी।
श्वेता को एम.ए. करने के तुरंत बाद विश्वविद्यालय में तदर्थ व्याख्याता के रूप में नौकरी मिल गई। उसने न तो नेट पास किया था और न ही एमफिल। उसने पीएचडी शब्द के बारे में भी नहीं सुना था। दरअसल, उसके पिता शिक्षा सचिव के निजी सहायक थे और उन्होंने ही श्वेता को यह नौकरी दिलाने की सिफारिश की थी। श्वेता की अन्य सहेलियाँ पैमी और सुखी उससे ईर्ष्या करती थीं। एक दिन श्वेता ने पैमी से पूछा, “सभी शिक्षकों के नेम-प्लेटों पर उनके नाम के आगे ‘डॉक्टर’ क्यों लिखा हुआ है?” पैमी ने बताया कि “उन सभी के पास डॉक्टरेट की डिग्री है, इसलिए… ” फिर पैमी ने उसे पीएचडी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सुखी भी पास ही बैठी थी। लेकिन वह पैमी को एक तरफ ले गई और बोली, “इसका कुछ नहीं होगा।” तो पैमी ने तुरंत कहा, “देखना, इसका ही कुछ होगा, हम जैसे रह जाएंगे।” शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति के लिए साक्षात्कार शुरू हुए, जिसमें श्वेता विजयी रही और पैमी व सुखी को ‘डॉक्टर’ होने के बावजूद निराशा ही हाथ लगी। पैमी ने सुखी को याद दिलाया, “मैंने तुमसे कहा था ना कि यह बहुत बड़ी चीज़ है!”
(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब) शिक्षा- एम ए हिंदी , बी एड , प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । यादों की धरोहर हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह -एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से कथा संग्रह-महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)
☆ लघुकथा – “लाल बत्ती”☆ श्री कमलेश भारतीय ☆
मैं आज अपनी कार में बेटी को यूनिवर्सिटी छोड़ने जा रहा था। आमतौर पर अपनी सरकारी लाल बत्ती वाली चमचमाती गाड़ी में छोड़ने जाता हूँ। लाल बत्ती देखते ही सिक्युरिटी पर तैनात सिपाही सैल्यूट ठोकना नहीं भूलते। पर आज ड्राइवर छुट्टी पर था। मैंने सोचा कि मैं ही अपनी कार में बेटी को छोड़ आता हूँ।
जैसे ही मेन गेट पर कार पहुंची, सिक्युरिटी वालों ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। मैं हैरान! जो मुझे देखे बिना सैल्यूट ठोकते थे, आज चैकिंग के लिए पूछ रहे थे क्योंकि आज लाल बत्ती वाली गाड़ी जो नहीं थी !
मैंने बताने की कोशिश की कि मैं वही हूँ, जिसे आप बिना देखे सलाम करते हो लेकिन वे मानने को तैयार न थे! तो क्या लाल बत्ती ही मेरी पहचान है, मैं नहीं? और मैं आईकार्ड ढूंढने लगा!
श्रुति और आकाश अलग-अलग कॉलेजों में प्रोफेसर थे। घर पहुंचने पर दोनों ने अपने-अपने हिसाब से सारे कामों को बांटा हुआ था। अक्सर आकाश को सब्जियां लाने और बाजार के कामों की जिम्मेदारी मिली हुई थी, जबकि श्रुति खाना बनाने और चाय-नाश्ता का ध्यान रखती थी। उन्होंने बर्तन साफ करने और कपड़े धोने के लिए एक नौकरानी रखी थी। आकाश जब भी घर से सब्जी खरीदने निकलता तो अक्सर दुकान पर जाकर अपनी पत्नी को फोन पर पूछता, “क्या लाऊं?” आटा गूंथती हुई पत्नी खीझकर बोलती, “मैं क्या जानूं? दुकान पर तो तुम खड़े हो। जो पसंद हो, जो अच्छा हो, ले आओ।” बेचारा आकाश, असहाय होकर, जो भी सब्जियाँ मिल जातीं, ले आता और जब वह घर पहुँचता, तो अपनी पत्नी के ताना सुनता, “ओह, क्या ले आए हो तुम! कितनी बासी सब्जियाँ हैं ये सब! मिर्चें और धनिया नहीं लाए क्या?” आकाश चुपचाप सब कुछ विवश होकर सुनता रहता। श्रुति की बातों का उसके पास कोई जवाब नहीं था।
एक दिन पति-पत्नी दोनों शहर से बाहर कहीं गये हुए थे। घर लौटने से पहले वे सब्जी वगैरह खरीदने बाज़ार चले गए। आकाश कार में ही बैठा रहा, क्योंकि उसे कार पार्क करने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिल रहा था, और उसे यह भी डर था कि अगर वे दोनों कार से बाहर निकल गए, तो नगर निगम वाले कहीं कार को उठाकर ले ना जाएं, क्योंकि कार सही जगह पर पार्क नहीं की गई थी। यह घटना उसके साथ पहले भी घटित हो चुकी थी। खैर…सब्जी वाले के पास जाकर श्रुति ने अपने पति को फोन किया और पूछा, “क्या लाऊं, मुझे तो कुछ समझ नहीं आता।” अब आकाश के पास उसके तानों का साफ जवाब था, “मुझे क्या पता, सब्जी वाले के पास तो तुम खड़ी हो! जो अच्छा लगे, ले आओ…”
(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जीका हिन्दी बाल -साहित्य एवं हिन्दी साहित्य की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। अनेक पत्र-पत्रिकाओं में रचना सहित 145 बालकहानियाँ 8 भाषाओं में 1160 अंकों में प्रकाशित। प्रकाशित पुस्तकेँ-1- रोचक विज्ञान कथाएँ, 2-संयम की जीत, 3- कुएं को बुखार, 4- कसक, 5- हाइकु संयुक्ता, 6- चाबी वाला भूत, 7- बच्चों! सुनो कहानी, इन्द्रधनुष (बालकहानी माला-7) सहित 4 मराठी पुस्तकें प्रकाशित। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी का श्री हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार-2018 ₹51000 सहित अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित व पुरस्कृत। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य” के अंतर्गत साहित्य आप प्रत्येक गुरुवार को आत्मसात कर सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम लघुकथा – “कुंठा” की समीक्षा।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 216 ☆
☆ लघुकथा- कुंठा☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆
रात की एक बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल का सञ्चालन करा कर वापस लौट कर घर आए पति ने दरवाज़ा खटखटाना चाहा. तभी पत्नी की चेतावनी याद आ गई. ‘ आप भरी ठण्ड में कार्यक्रम का सञ्चालन करने जा रहे है. मगर १० बजे तक घर आ जाना. अन्यथा दरवाज़ा नहीं खोलुंगी तब ठण्ड में बाहर ठुठुरते रहना.’
‘ भाग्यवान नाराज़ क्यों होती हो.’ पति ने कुछ कहना चाहा.
‘ २६ जनवरी के दिन भी सुबह के गए शाम ४ बजे आए थे. हर जगह आप का ही ठेका है. और दूसरा कोई सञ्चालन नहीं कर सकता है ?’
‘ तुम्हे तो खुश होना चाहिए,’ पति की बात पूरी नहीं हुई थी कि पत्नी बोली, ‘ सभी कामचोरों का ठेका आप ने ही ले रखा है.’
पति भी तुनक पडा, “ तुम्हें तो खुश होना चाहिए कि तुम्हारा पति …”
‘ खाक खुश होना चाहिए. आप को पता नहीं है. मुझे बचपन में अवसर नहीं मिला, अन्यथा मैं आज सब से प्रसिद्ध गायिका होती.”
यह पंक्ति याद आते ही पति ने अपने हाथ वापस खीच लिए. दरवाज़ा खटखटाऊं या नहीं. कहीं प्रसिध्द गायिका फिर गाना सुनाने न लग जाए.
(ई-अभिव्यक्ति में श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’ जी का स्वागत। पूर्व शिक्षिका – नेवी चिल्ड्रन स्कूल। वर्तमान में स्वतंत्र लेखन। विधा – गीत,कविता, लघु कथाएं, कहानी, संस्मरण, आलेख, संवाद, नाटक, निबंध आदि। भाषा ज्ञान – हिंदी,अंग्रेजी, संस्कृत। साहित्यिक सेवा हेतु। कई प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा अलंकृत / सम्मानित। ई-पत्रिका/ साझा संकलन/विभिन्न अखबारों /पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। पुस्तक – (1)उमा की काव्यांजली (काव्य संग्रह) (2) उड़ान (लघुकथा संग्रह), आहुति (ई पत्रिका)। शहर समता अखबार प्रयागराज की महिला विचार मंच की मध्य प्रदेश अध्यक्ष। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – आपदा।)
“मैडम जी मैडम जी … मेरी बेटी गौरी को बचा लो।” बदहवास सी मीरा के पैरों पर गिर कर रो पड़ी।
“मीरा ने अभी दो दिन पहले तो इसका विवाह हुआ था अब क्या हुआ? गई। शादी के लिए छुट्टी लेकर गयी थी और हमें भी तो विवाह में बुलाया था।“
“नहीं नहीं… मैडम जी, दूल्हा के तो पहले से एक बेटा बेटी-है, अभी मालूम चला है।”
“ऐ.. क्या बक रही है, क्या तूने पहले बिना पता किए ही शादी कर ली थी? तुझे मालूम नहीं था?” मीरा ने पूछा।
“अरे मैडम जी मेरे आदमी ने शादी तय कर दी। बोला लड़का अच्छा है कमाता है। दहेज भी नहीं लेगा। मैं क्या करती मैडम जी जब बेटी घर गई, तब पता चला वह तुरंत वहां से भाग कर आ गई। अब मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा है कि मैं क्या करूँ?”
“साहब तो अभी कोर्ट गए हैं तो वहीं चली जा नहीं तो शाम को उनसे बात करना?”
“क्या हम सब वहां नहीं चल सकते? अभी बात नहीं हो सकती? कहीं मेरा आदमी यहां आ गया तो हल्ला करेगा और बेटी को उसके घर ससुराल छोड़ आएगा।”
“चल अच्छा, मैं तैयार होकर आ रही हूं तब तक तू सड़क पर ऑटो को रोक।”
दोनों ऑटो रिक्शा में बैठकर रवि के ऑफिस जाते हैं।
वहां पर असिस्टेंट से उसने पूछा “साहब, चेंबर में फ्री है क्या?”
“जी भाभी आप जाइए।”
“अरे क्या हुआ तुम अचानक यहां पर?”
“एक समस्या है, तुमसे सलाह लेने के लिए आई हूं जो अपनी यहां काम करती थी जिसकी लड़की की शादी में हम गए थे ना।”
“हां तुमने उसे ₹5000 भी दी थी, याद है मुझे अच्छे से आगे बोलो जल्दी।“
“जहां पर उसकी बेटी की शादी हुई है उसके आदमी के पहले से दो बच्चे हैं बड़े-बड़े कॉलेज में पढ़ते हैं इसलिए उसकी बेटी घर छोड़कर आ गई है अब कुछ सलाह दो।“
“मीरा तुम कहां इनके चक्कर में पड़ी हो उसका पति शराबी है उसे सब मालूम होगा कर्ज उधार लिया होगा और जाने क्या किया होगा। बिना दोनों पक्षों की बात सुनने में कैसे कोई निर्णय ले सकता हूं। उसे पैसे की जरूरत हो तो दे दो तुम इस सब से दूर रहो।“
“कैसी बात कर रहे हो क्या इंसानियत के नाते कोई हमारा फर्ज नहीं है?”
“नहीं हमारा कोई फर्ज नहीं है जितना कह रहा हूं उतनी बात तुम मानो। इस तरह के केस में रोज देखता हूं शराब पी लेते हैं या कर्ज ले लेते हैं या अपने आइशों ऐशो आराम से खाते रखना लड़कियों को यह लोग भेज भी देते हैं। अच्छा तुम उसे बुलाओ। और तुम अपने घर जाओ। कमला अपनी बेटी के लिए स्वयं लड़ेगी।“
फिर राजेश ने कमला को बुला कर कहा –
“अपने आदमी को साथ लेकर आना और तुम्हारी बेटी को यह लड़ाई खुद ही लड़नी पड़ेगी। उसका ही निर्णय मान्य होगा कि उसे क्या करना है? जीवन में हर किसी को लड़ाई खुद ही लड़नी पड़ती है। जीवन में आपदाएँ आती रहती है उनका सामना करना पड़ता है।“
(मेरी लघुकथाओं के पात्र ‘सेवकराम’ के इर्दगिर्द रची गई कुछ लघुकथाओं को आपसे साझा करने का प्रयास।)
सीनियर सिटिज़न की बैठक में आज फिर व्हाट्स एप्प ग्रुप पर आए किसी संवेदनशील मुद्दे से संबन्धित पोस्ट को लेकर कुछ मित्रों के बीच में सामान्य चर्चा बहस में परिवर्तित होने लगी। कुलकर्णी जी और आत्माराम जी अपने अपने तर्क देते हुए एक दूसरे को गलत साबित करने का प्रयास कर रहे थे।
समय के साथ बहस तीखी होने लगी। अपने स्वभाव के अनुसार हरिलाल जी बीच बचाव करने का प्रयास करने लगे। हरिलाल और सेवकराम जी स्वयं को शांत रखते हुए ऐसी बेवजह की बहसों से दूर ही रहने का प्रयास करते थे।
आज स्थिति बिगड़ने के आसार लग रहे थे। ऐसे में सेवकराम जी को लगा कि उन्हें चलना चाहिए। वे हमेशा की तरह हाथ जोड़कर विदा लेते हुए उठे।
इस बार हरिलाल जी को उनका इस तरह जाना अच्छा नहीं लगा। उनसे रहा न गया।
“अरे सेवकराम जी, थोड़ा रुक जाइए। आप ऐसे नहीं जा सकते।“
“हरिलाल भाई, क्या करूँ मैं रुक कर? मेरी बात तो किसी को अच्छी लगेगी नहीं।“
उनके इस बदले हुए व्यवहार को देख कर थोड़ी देर के लिए सभी शांत हो गए।
हरिलाल जी, कुलकर्णी जी और आत्माराम जी की ओर देखते हुए बोले – “अरे नहीं सेवकराम जी, आप तो बोलिए। हम सुन रहे हैं।“
सेवकराम जी वापस बेंच पर बैठते हुए बोले – “क्या आप लोगों ने कभी शपथ ग्रहण परेड के बारे में सुना है?
लगभग सभी के मुंह से एक साथ निकला – “नहीं”
अब सभी की दृष्टि सेवकराम जी की ओर थी। सेवकराम जी ने इत्मीनान से कहना शुरू किया।
“हम सभी ने राजनेताओं को मंत्री पद और विधानसभा/संसद सदस्यों को शपथ लेते हुए देखा है। किन्तु, शायद ही किसी को सैनिकों या सेना के अफसरों के पास-आउट परेड और शपथ/कसम परेड को देखने या जानने का अवसर मिला होगा। हम लोग सोशल मीडिया के संदेशों को सच मान कर आपस में वैमनस्य पैदा कर लेते हैं। लेकिन सेना और अनुशासित सैन्य जीवन से प्रेरणा क्यों नहीं लेते?”
कुलकर्णी जी बोले – “हम समझे नहीं।“
सेवकराम जी ने सविस्तार बताने का प्रयास किया।
“भारतीय सेना में सभी धर्मों के धार्मिक शिक्षक या रिलिजियस टीचर (पंडितजी, ज्ञानी जी, पादरी, मौलवी, बौद्ध गुरु आदि) होते हैं जो कि जूनियर कमीशण्ड ऑफिसर (JCO) रेंक के होते हैं। प्रत्येक सैनिक किसी भी धर्म को मानने के लिए स्वतंत्र हैं। सैनिक प्रारम्भिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने पर ‘पासिंग आउट परेड’ के दौरान शपथ ग्रहण करते हैं। सभी धार्मिक शिक्षक उन्हें अपने-अपने धार्मिक ग्रंथ की शपथ दिलाते हुए संविधान और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की शपथ दिलाते हैं। उदाहरण हमारे सामने है कि किस तरह हमारे वीर सैनिक अपने-अपने धर्म का सम्मान करते हुए धर्म, जाति और संप्रदाय को भूलकर कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्रधर्म का पालन करते हुए हमारी और राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं। और यहाँ हम जाने अनजाने लोगों और असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाये गए व्हाट्सएप्प संदेशों पर बिना अपने विवेक का उपयोग किए विश्वास कर लेते हैं। फिर बेवजह की बहस कर समय बर्बाद करते हैं और आपसी संबंध खराब करते हैं। आंतरिक सुरक्षा को कमजोर करते हैं। सर्वधर्म समभाव की विचारधारा के साथ इतना समय यदि हम अपने घर परिवार, समाज और अपने आसपास कॉम्प्लेक्स/सोसायटी के परिवार की बेहतरी के लिए दें तो कैसा रहेगा? प्रत्येक व्यक्ति किसी भी धर्म या संप्रदाय को मानने के लिए स्वतंत्र है। आगे आप की इच्छा। सभी समझदार हैं। काश हमें भी नागरिकता की शपथ दिलाई गई होती।”
(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है सामाजिक विमर्श पर आधारित विचारणीय लघुकथा “द्रौपदी का चीर”।)
☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 232 ☆
🌻लघुकथा 🔥द्रौपदी का चीर🔥
लगातार बारिश से चारों तरफ पानी ही पानी, देखते-देखते शहर, गाँव, नदी – नाले सभी पानी से जलाजल भर गए।
झुग्गी झोपड़ियों में भी जीवन बढ़ता, पलता, संवरता और प्रफुल्लित होता है। सूखे मौसम में सब कुछ अच्छा लगता है। तेज हवा का झोंका तपती सूर्य की किरणें, सब सहन हो जाता है, परंतु बारिश में जहाँ पानी ही पानी। वहाँ पर एक घास फूस पन्नी टूटे-फूटे सामानों से ढकी, झोपड़ी जहाँ पर वह अपने पति के साथ, पति क्या कहना दो अनाथ को एक साथ मजदूरी करते-करते दो जून की रोटी ने हमसफर बना दिया।
जहाँ तन, मन, धन से वह एक जान हो गए थे। पति दो दिन से तेज ज्वर से पीड़ित था। गरीबी की मार और बारिश का खेल। सभी कुछ गीला, आटा चाँवल की तो बात ही न करें, चूल्हे में गीली लकड़ियाँ जलाकर वह आसपास के वातावरण को गरम करना चाहती थी।
परंतु सिसकती साँसे और सुलगती लकड़ियाँ, दोनों अपनी-अपनी कहानी कह रही थी।
पास में जड़ी बूटी बेचने वाला भी झोपड़ी बनाकर रहता था। परंतु उसकी झोपड़ी सूखी क्योंकि चारों तरफ से मोटी पल्ली, मिट्टी की दीवार से ढका हुआ था।
अपनी झोपड़ी पर रहता तो था, परंतु आँखें चौबीसों घंटे उस झोपड़ी पर रहती जिसमें रूपा अपने पति के साथ रहती थी।
दियासलाई की रोशनी दरवाजे पर दिखाई दी। रूपा काँपते हुए बोली– मेरे पति को दवाई देकर बचा लीजिए। आज वह मन ही मन खुश हो रहा था मौका और जरुरत दोनों है।
कुछ जड़ी – बूटी लेकर वह वहाँ पहुंच गया, नब्ज देख कर बोला – – – इसे तो ताप देना पड़ेगा। आग सुलगनी चाहिए।
कुछ जलाने का सामान ले आओ। रूपा ने चूल्हे की गीली लकड़ियाँ लगाई थी, उसको जलाने के लिए अपने शरीर पर उतना ही साड़ी का पल्ला बचाया जितनी जरूरी थी।
शेष साड़ी फाड़ कर चूल्हे में जला दी। लकड़ियाँ सुलग उठी।
ताप से पति को ज्वर और ठंड से आराम मिला।
परंतु रूपा आज चीर फाड़ते समझ चुकी थी कि– इस बारिश में झोपड़ी की आवाज, सुलगती चीर, शायद कलयुग है, कान्हा जी को सुनाई नहीं दिया होगा।
यूं ही बातें करते-करते वह ऊंची आवाज में बोलने लगा – “अरे भाई, क्या हाल है, रिटायरमेंट के बाद… आजकल क्या कर रहे हो… तुम्हारे तो सारे दांत टूट गए हैं, देखो – मेरे सारे दांत पूरे हैं… बाल डाई करते हो क्या? देखो, मेरे सारे बाल सफेद हो गए हैं… बहुत पतले हो गए हैं, मैं तुमसे दस साल बड़ा हूं… फिर भी स्वस्थ दिखता हूं…” और मैं ‘हां-हां’ कहता रहा और उसे टालता रहा। लेकिन वह सोच रहा था कि मैं प्रतिक्रिया क्यों नहीं करता? कई अन्य अजीबोगरीब बातें करने के बाद उसने कहा, “क्या आप कभी अमेरिका गए हैं? वहां बहुत सारी सुविधाएं हैं। भारत में क्या है? समय की बर्बादी…। कभी आइए वहां मेरे पास…विदेशी शराब, अंग्रेजी कल्चर, झीलें, समुद्र, दृश्य, और भी बहुत कुछ है…”
उसने मुझे उत्तेजित करने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। वो बेचारा हाथ मलता ही रह गया, इस उम्मीद में कि शिकार आएगा, लेकिन मैं उसके जाल में नहीं फंसा। आज मुझे अपने पिता के शब्द सच लगे – ‘एक चुप सौ सुख।’ अगर मैं भी उसकी बातों पर प्रतिक्रिया देने लगता तो बात ‘तू-तू मैं-मैं’ से होती हुई बहुत आगे बढ़ जाती। फिर बाबा फ़रीद जी की ये पंक्तियां दोहराने से क्या फायदा – “फ़रीदा, बुरे दा भला कर, गुस्सा मन न हडाए। देही रोग न लगई, पलै सब किछ पाए।” आज मैंने बाबा फ़रीद के श्लोकों को असली रूप से जाना। इससे पहले मैं इन्हें केवल पढ़कर ही बात खत्म कर देता था। मुझे उनकी शिक्षाओं और श्लोकों का पालन करने पर गर्व महसूस हुआ।