डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम एवं विचारणीय कथा – ‘सियासतदान की बीमारी । इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # ३५३ ☆

☆ कथा-कहानी ☆ सियासतदान की बीमारी ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

मदन भाई अब अनुभवी राजनीतिज्ञ हो गये। बड़े नेताओं के चरण चांपते-चांपते और ‘भाभियों’ की सेवा करते-करते पार्टी में लोकप्रिय हो गये। एक बार एमएलए का चुनाव जीते, दूसरी बार भी टिकट मिला, लेकिन जनता ने झटका दे दिया। अब फिर चुनाव क्षेत्र को पालने-पोसने में लगे थे। उनके सेवाभाव के कारण पार्टी में रसूख कायम था।

एक सुबह मदन भाई उठे तो लगा कुछ गड़बड़ है। गायत्री मंत्र उच्चारने लगे तो मुंह से आवाज़ ही नहीं निकली। थोड़ा ज़ोर लगाया तो सामान्य बुलंद आवाज़ की जगह ‘चींचीं’ का स्वर ही निकला। गला एकदम रुंधा हुआ था। दो-चार बार स्वर खोलने की कोशिश की, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात।

मदन भाई घबरा गये। कमरे से बाहर निकल कर इशारों से पत्नी, बेटों को बताया। सब चिंतित हुए। डॉक्टरों के क्लिनिक खुलें तो किसी को दिखाएं।

मदन भाई परेशान हुए। गला रुंधना वैसे तो सभी के लिए परेशानी की बात है, लेकिन राजनीतिज्ञ के लिए रोज़ी पर लात पड़ने जैसा है। आवाज़ बन्द हो गयी तो राजनीति की दुकान बन्द हो जाएगी। जो राजनीतिज्ञ भाषण न दे सके, झूठ न बोल सके, झूठे आश्वासन न दे सके, वह मैदान में कितने दिन टिकेगा? पलंग पर बैठे-बैठे सोचने लगे कि कौन से भोजन ने नुकसान किया होगा। रोज़ पचीसों लोगों से मिलना होता है, पचीसों बार चाय-पकौड़ी खानी पड़ती है। पता नहीं कब इन्फेक्शन ने रास्ता बना लिया।

रोज़ की तरह मदन भाई के पार्टी के मित्रों के फोन आने लगे। मदन भाई जवाब देने की कोशिश करते तो उधर वाला एक दो बार कहता ‘कौन बोल रहा है?’ और फिर फोन रख देता। मगन भाई खीझते रह जाते। लाचार, उन्होंने अपना मोबाइल बेटों को दे दिया ताकि पूछताछ करने वालों को ठीक से समझाया जा सके।

थोड़ी देर में बेटे डॉक्टर के पास ले गये। डॉक्टर ने जांच-पड़ताल की, फिर बोला, ‘किसी चीज़ से इन्फेक्शन हुआ है। नॉर्मली हफ्ते डेढ़-हफ्ते में अपने आप ठीक हो जाता है। दवा लिख देता हूं, उससे मदद मिलेगी।’

मदन भाई ने किसी तरह डॉक्टर को समझाया कि हफ्ता डेढ़-हफ्ता तो बहुत होता है। उन्हें कुछ ऐसी दवा दी जाए जिससे तीन-चार दिन में आवाज़ लौट आए।

डॉक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया।

कुछ देर बाद कुछ लोग मिजाज़पुर्सी के लिए उनके घर पहुंचने लगे। मदन भाई के लिए नयी मुसीबत। अब सामने बैठकर सिर हिलाते रहो या इशारों से बातचीत करो। जैसे तैसे छुटकारा पाने की कोशिश करते। मिलने वालों में उनके कुछ विरोधी भी सूंघते हुए हमदर्दी जताने आ गये। मदन भाई जानते थे कि वे बाहर निकल कर बगलें बजाएंगे और गला बैठने को मदन भाई के कुकर्मों का फल बताएंगे।

मिलने वालों के जाने के बाद मदन भाई माथे पर हाथ धरे बैठे रहे। राजनीति में हफ्ते दो हफ्ते की अनुपस्थिति बहुत मायने रखती है। यहां वोटरों की पुकार पर भगवान की तरह तुरन्त प्रकट होना पड़ता है, वर्ना जनसेवक की छवि में दरार आने लगती है।

हमदर्दी दिखाने के लिए आने वालों की बढ़ती संख्या देखकर मदन भाई अज्ञातवास में चले गये। घर वालों से कह दिया कि आने वालों को बता दें कि तबियत ठीक नहीं है, लोगों को दर्शन देने में असमर्थ हैं।

अब मदन भाई की सवेरे नींद खुलती तो नाना प्रकार के सुर निकालकर जांचने की कोशिश करते कि पुराना सुर लौट रहा है या नहीं। उनके लिए एक-एक दिन भारी पड़ रहा था।

अंततः पांच छः दिन बाद मदन भाई को महसूस हुआ कि धीरे-धीरे पुराना सुर लौट रहा है। घर के लोगों को बुलाकर जांच करायी तो उन्होंने भी उनकी बात पर मुहर लगायी। मदन भाई के मन पर कुंडली मारे बैठा डर गायब होने लगा। भरोसा लौटा कि राजनीति के अखाड़े में फिर ताल ठोक सकेंगे और विरोधियों को ललकार सकेंगे।

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

1 Comment
Oldest
Newest Most Voted
जगत सिंह बिष्ट
0

“जो राजनीतिज्ञ भाषण न दे सके, झूठ न बोल सके, झूठे आश्वासन न दे सके, वह मैदान में कितने दिन टिकेगा?”
व्यंग्यकार नेताओं की कमजोर नस से भलीभांति परिचित हैं। समय समय पर थोड़ी थोड़ी चुटकियां लेते रहते हैं। पाठक का आनंदविभोर होना स्वाभाविक है।
साधुवाद!👏👏