हिन्दी साहित्य – कविता ☆ अभिव्यक्ति # -१०५ – यादें… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

श्री राजेन्द्र तिवारी

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण कविता यादें।)

☆ अभिव्यक्ति # १०५ ☆ यादें☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

☆ 

यादें मिटती नहीं,

यादें रुकती नहीं,

जिंदगी के साथ साथ,

चलती हैं याद,

यादें जिंदगी नहीं,

यादें बंदगी नहीं,

वक्त के साथ साथ,

ढलती हैं याद,

यादें बदली नहीं,

यादें धुंधली नहीं,

बढ़ती उम्र के साथ,

उभरी हैं याद,

अपनी हैं,क्या यादें,

झलक हैं ये यादें,

गुजरा है जो कल,

सिसकी में याद,

हंसाती हैं यादें,

रुलाती हैं  यादें,

इनमें क्या है बात,

आती है क्यों याद.

© श्री राजेन्द्र तिवारी  

संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर

मो  9425391435

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # २७८ – कहमुकरी ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है  – कहमुकरी)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # २७८ ☆

☆ कहमुकरी ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

उसकी संगत शीतल छाँव

भेद-भाव बिन मिलती ठाँव

उसकी यादें जैसे सौध

क्या सखि पौध?

नहिं हरिऔध।

क्यों मुँह पर है नहीं उजास?

मन में क्यों है नहीं हुलास?

क्या कारण मन हुआ उदास?

ग्रहण खग्रास?

नहिं, प्रिय प्रवास।

तन्हाई में साथ निभाते

हो उदास तो तुरत हँसाते

चोट करें फिर भी मन भाते

बच्चे पीठ लदे?

ना, चुभते चौपदे।

भू पर उतर स्वर्ग से आए

पहले मैंका द्वंद मचाए

सिय रघुवर लछमन हनुमान

हुआ अवध का नया विकास

ना गुइयाँ! वैदेही वनवास।

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

१९.११.२०२५

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – घरवापसी ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं।)

? संजय दृष्टि – घरवापसी ? ?

हरे-भरे वनों का कटना,

काँक्रीट के जंगलों का उगना,

कुछ ऐसा ही है,

सरलता का विलुप्त होना,

कृत्रिमता का बेतहाशा बढ़ना,

बस इसीलिए,

सदा पौधे लगाता हूँ,

घरवापसी के लिए

सरलता की राह बनाता हूँ…!

 

?

© संजय भारद्वाज  

12:01 बजे रात्रि, 16 फरवरी 2023

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ 2 अप्रैल से  एक माह की हनुमान साधना वैशाख पूर्णिमा तदनुसार 1 मई 2026 को संपन्न होगी। 🕉️

💥 इसमें हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमानाष्टक के पाठ किए जाएँगे। हनुमान चालीसा के 21 या अधिक पाठ करने वाले विशेष साधक तथा 51 या अधिक पाठ करने वाले महा साधक कहलाएँगे। 101 या अधिक पाठ करने वाले परम साधक कहलाएँगे। आत्म परिष्कार और मौन साधना साथ चलेंगे।💥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संस्थापक संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रेयस साहित्य # ५० – कविता – हे राजाराम मै ओरछा में आ गया ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆

श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # ५० ☆

☆ कविता ☆ ~ हे राजाराम मै ओरछा में आ गया ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

हे राजाराम मै ओरछा मै आ गया ।

तेरे रंग में रंगा, और तुझमे समा गया ।।

अवध  जन्मभूमि , छवि  ओरछा में।

दुःख वन में सहे, सुख मिला ओरछा में।।

रानी कुंवरी की भक्ति पर लुभा गया।

हे राजाराम  मै ओरछा में आ गया।।

*

तुम सरकार सबके, यहां सरकार तेरी।

बुंदेलो की धरती पर   जयकार तेरी।।

राजा बुन्देला बुलाये और मै आ गया।

हे राजाराम  मै ओरछा में आ गया।।

*

राजेश राम रसिया – मिलेंगे, यहां पर।

महेंद्र भीष्म जी हैं पहुंचे  है जहाँ पर।।

सभी से मिलने मै ओरछा आ गया।

हे राजाराम  मै ओरछा में आ गया।।

*

रामरस वाला अमृत यहाँ पर ।

भक्तों का रेला जुटा है यहाँ पर।।

चाहा था वह सब कुछ पा गया।

हे राजाराम  मै ओरछा में आ गया।।

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

दिनांक 22-02-2025

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कविता # २९ – शेखी… ☆ प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर ☆

डॉ.राजेश ठाकुर

( प्रो डॉ राजेश ठाकुर जी का  मंतव्य उनके ही शब्दों में –पाखण्ड, अंध विश्वास, कुरीति, विद्रूपता, विसंगति, विडंबना, अराजकता, भ्रष्टाचार के खिलाफ़ जन-समुदाय को जागृत करना ही मेरी लेखनी का मूल प्रयोजन है…l” अब आप प्रत्येक शनिवार डॉ राजेश ठाकुर जी की रचनाएँ आत्मसात कर सकते हैं. आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण रचना “शेखी“.)  

? साप्ताहिक स्तम्भ ☆ नेता चरित मानस # २९ ?

? कविता – शेखी☆ प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर  ? ?

?

=1=

ना जान-बूझकर ज़ुबान हारिये हुज़ूर

शेखी न शेखचिल्ली सी बघारिये हुजूर

=2=

वादाखिलाफी शौक़ पसंदीदा आपका

मुद्दे जन-हितों के न नकारिये हुज़ूर

=3=

मुकरना बदल जाना फ़ितरत है आपकी

अब मुखौटा नकली ये उतारिये हुज़ूर

=4=

जितनी बड़ी हो आपकी औकात की चादर

पाँव अपने उतने ही पसारिये हुजूर

=5=

ग़र देखना है आँगन अमराई सुहानी

सुदूर किसी गाँव में पधारिये हुजूर

=6=

गंगा में डुबकियों से,यूँ न पाप धुलेंगे

मन को भी संस्कार में पखारिये हुजूर

=7=

मानकर रहनुमा चुना हमने आपको

उम्मीदें आम जन की न डकारिये हुज़ूर

=8=

तुनक़मिज़ाज़ होना बात-बात पे गुस्सा

वक़्त रहते आदतें सुधारिये हुजूर

=9=

लहज़ा नरममिज़ाज़ हो दरियादिली दिखे

शख़्सियत को अपनी यूँ निखारिये हुजूर

=10=

कुछ तो काम कीजिये आवाम के लिए

मुसीबतों से देश को उबारिये हुज़ूर

=11=

जीने न देगी आपको ख़ामोशमिज़ाज़ी

नये दौर में ‘राजेश’ सच उघारिये हुजूर

© प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर

शासकीय कॉलेज़ केवलारी

संपर्क — ग्राम -धतूरा, पोस्ट – जामगाँव, तहसील -नैनपुर, जिला -मण्डला (म.प्र.) मोबा. 9424316071

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ “श्री हंस” साहित्य # २०२ ☆ मुक्तक – ।। शत शत नमन हर श्रमिक कामगार को ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

श्री एस के कपूर “श्री हंस”

 

☆ “श्री हंस” साहित्य # २०२ ☆

☆ मुक्तक ।। शत शत नमन हर श्रमिक कामगार को ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

//1//

मेहनत से ही तो आज खड़े ये

सब बंगलें कोठी मकान हैं।

किसान ही तो उपजाते ये सब

खेत और खलिहान हैं।।

कठोर परिश्रम से ही उत्पत्ति

होती प्रगति और विकास की।

लाखों प्रणाम उन श्रमिकों को

जो बना रहे नया हिंदुस्तान हैं।।

//2//

जैसे भवन की नींव वैसे ही तो

श्रम विकास का नींव होता है।

श्रमिक ही अपने खून पसीने

से प्रगति का बीज बोता है।।

उद्योग व्यापार कार्यालय जहाँ

देखें श्रमिक को हम पाएंगे।

यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी

कि मजदूर भूखा नहीं सोता है।।

//3//

शत शत नमन राष्ट्र निर्माण के

इन परिश्रमी कर्णधारों को।

थल जल नभ मे रत इन सभी

पुरुषार्थ के आधारों को।।

पसीना सूखने से पहले ही मिले

उचित पारिश्रमिक इन सब को।

बनाया जिसने है इन सड़क

बाँध और हमारे घर दीवारों को।।

© एस के कपूर “श्री हंस”

बरेली ईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब  – 9897071046, 8218685464

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा #२६५ ☆ कविता – आजाद देश की पहचान… ☆ स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर स्व  प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – आजाद देश की पहचान। हमारे प्रबुद्ध पाठकगण स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # २६५ 

☆ आजाद देश की पहचान…  स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

आजाद देश की कई होती अलग पहचान

जैसे कि राष्ट्र चिह्न राष्ट्र ध्वज व राष्ट्रगान ॥

*

हर एक को हो इनका ज्ञान और सदा ध्यान

हर नागरिक को चाहिये दे इनको वे सन्मान ॥

*

इनका स्वरूप कैसे बना, क्या है इनका अर्थ

यह समझना जरूरी है जिससे न हो अनर्थ ॥

*

भारत के ये प्रतीक क्या हैं इनको जानिये

तीनों का अर्थ समझिये मन से ये मानिये ॥

*

सम्पन्नता, बलिदान, त्याग, गति, विकास की ।

देती है इनसे निकलती किरणें प्रकाश की ॥

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

साभार – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈  संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ अभी अभी # ९८३ ⇒ तीन तेरह ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण कविता  – “तीन तेरह।)

?अभी अभी # ९८३ ⇒ कविता – तीन तेरह ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

3.13

रात्रि के तीन बज गए

तेरह, फिर भी रह गए …

मैं सोया रहता हूं,

मेरे पास पड़ा रहता है

मेरा मोबाइल

और चलती रहती है

उसकी डिजिटल घड़ी ..

समय के साथ सोना

और जागना, एक साथ।

अभी समय है मेरे उठने में

अभी समय है मेरे जागने में

मैं इसलिए सोया हुआ हूं, क्योंकि मैं सुबह

चार बजे उठता हूं।

3.47

मैं उठ गया हूं

जाग भी गया हूं

तेरह फिर भी रह गए

अभी चार बजने में ..

यानी मैं समय से

पहले उठ गया हूं

तेरह मिनिट पहले।

मैं जागता रहूंगा

और तेरह मिनिट

जब तक

चार नहीं बज जाती ..

अब आप इसे डिजिटल

स्लीप कहें अथवा

डिजिटल ध्यान,

लेकिन मुझे समय के साथ

जागना भी पसंद है

और सोना भी।।

4.00

अब और तीन तेरह नहीं

क्योंकि चार बज गए हैं

घड़ी ने अपना काम किया

मुझे समय से उठा दिया..

आपका सोने का

समय समाप्त ..

शुभ प्रभात !!

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ थोथी उम्मीद लगाए…! ☆ डॉ. रामेश्वरम तिवारी ☆

डॉ. रामेश्वरम तिवारी

संक्षिप्त परिचय

  • हिंदी-प्राध्यापक(सेवानिवृत्त) महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भोपाल  (म.प्र).
  • नई दुनिया, दैनिक भास्कर, वीणा, हंस, धर्मयुग, कादम्बिनी आदि पत्र-पत्रिकाओं में कविता और लघुकथाएँ प्रकाशित। पुस्तकः कविता के ज़रिए,  मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के सौजन्य से प्रकाशित।

आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण कविता – थोथी उम्मीद लगाए…!

☆ ॥ कविता॥ थोथी उम्मीद लगाए…! ☆ डॉ. रामेश्वरम तिवारी

 

तुम्हें बचाने के लिए

कोई मसीहा नहीं आएगा

और अगर आया भी,

तो जन-जागरण के जुर्म में

सूली पर चढ़ा दिया जाएगा।

 

ज़िंदा रहने के लिए

प्राणी मात्र को अपनी लड़ाई

खुद लड़ना पड़ती है

यही बात तो गीता में

कृष्ण ने अर्जुन को कही है।

 

ऊपर आसमान में

सूरज, चाँद, तारों, ग्रह, नक्षत्रों

और सिवाय शून्य

नीलिमा के कुछ भी नहीं है।

 

फिर भी पागल मन है

कि अवतार की अवधारणा के

अश्व पर सवार होकर

अपने उद्धार की

थोथी उम्मीद लगाए बैठा है।

© डॉ. रामेश्वरम तिवारी

सम्पर्क – सागर रॉयल होम्स, होशंगाबाद रोड, भोपाल-462026

मोबाईल – 8085014478

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – कस्तूरी मृग ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं।)

? संजय दृष्टि – कस्तूरी मृग ? ?

अपने ही पसीने से

नम हुआ बिस्तर

ठंडा हो जाता है,

अनिद्रा का मारा

उफनते पारे में भी

गहरा सो जाता है,

चिंतन की भूमि पर

विवेचन उगता है

कानों में कहता है,

एक कस्तूरी मृग

हर आदमी के

भीतर रहता है।

 

?

© संजय भारद्वाज  

(प्रातः 5.20 बजे, 30.3.19)

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ 2 अप्रैल से  एक माह की हनुमान साधना वैशाख पूर्णिमा तदनुसार 1 मई 2026 को संपन्न होगी। 🕉️

💥 इसमें हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमानाष्टक के पाठ किए जाएँगे। हनुमान चालीसा के 21 या अधिक पाठ करने वाले विशेष साधक तथा 51 या अधिक पाठ करने वाले महा साधक कहलाएँगे। 101 या अधिक पाठ करने वाले परम साधक कहलाएँगे। आत्म परिष्कार और मौन साधना साथ चलेंगे।💥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संस्थापक संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares