हिन्दी साहित्य – कविता ☆ जिंदगी का गणित! ☆ हेमन्त बावनकर ☆

हेमन्त बावनकर

☆  कविता ☆  जिंदगी का गणित! ☆

वैसे भी

मेरे लिए

गणित हमेशा से 

पहेली रही है।

 

बड़ा ही कमजोर था

बचपन से

जिंदगी के गणित में। 

शायद,

जिंदगी गणित की

सहेली रही है ।

 

फिर,

ब्याज के कई प्रश्न तो

आज तक अनसुलझे हैं।

 

मस्तिष्क के किसी कोने में

बड़ा ही कठिन प्रश्न-वाक्य है

“मूलधन से ब्याज बड़ा प्यारा होता है!”

इस

‘मूलधन’ और ‘ब्याज’ के सवाल में

‘दर’ कहीं नजर नहीं आता है। 

शायद,

इन सबका ‘समय’ ही सहारा होता है।

 

दिखाई देने लगता है

खेत की मेढ़ पर 

खेलता – एक छोटा बच्चा

कहीं काम करते  – कुछ पुरुष 

पृष्ठभूमि में

काम करती – कुछ स्त्रियाँ

और 

एक झुर्रीदार चेहरा

सिर पर फेंटा बांधे

तीखी सर्दी, गर्मी और बारिश में

चलाते हुये हल।

 

शायद,

उसने भी की होगी कोशिश

फिर भी नहीं सुलझा पाया होगा 

इस प्रश्न का हल।

 

आज तक

समझ नहीं पाया

कि

कब मूलधन से ब्याज हो गया हूँ ?

कब मूलधन से ब्याज हो गया है ?

 

यह प्रश्न

साधारण ब्याज का है?

या

चक्रवृद्धि ब्याज का है?

मूलधन किस पीढ़ी का है ?

और

उसे ब्याज समेत चुकाएगा कौन?

और

यदि चुकाएगा भी

तो किस दर पर

और

किसके दर पर ?

 

©  हेमन्त बावनकर  

पुणे

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ मनोज साहित्य # 183 – मनोज के दोहे ☆ श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज” ☆

श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज”

संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं सजग अग्रज साहित्यकार श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज” जी  के साप्ताहिक स्तम्भ  “मनोज साहित्य ” में आज प्रस्तुत है “मनोज के दोहे”। आप प्रत्येक मंगलवार को आपकी भावप्रवण रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे।

✍ मनोज साहित्य # 183 – मनोज के दोहे ☆

☆

सजल मेघ बरसे बहुत, डूब गए हर धाम।

जीव-जन्तु ने याद कर, जपा राम का नाम।।

*

मेघ वृष्टि कर चल दिए, दे अनुपम उपहार।

धरा हरित हर्षित हुई, लुटा रही है प्यार।।

*

उमड़-घुमड़ घन छा गए, बरसे चहुँ घनघोर।

सावन की पहुँनाइ में, आ गए नंद किशोर।।

*

गाँव शहर सब डूबते, लहर करें बरजोर।

निर्बल साथ बहा लिए, गरज-बरस का शोर।।

*

आया जल सैलाब जब, उखड़ गए सब वृक्ष।

घर सड़कें पुल बह गए, कुछ न कर सके दक्ष।।

☆

©  मनोज कुमार शुक्ल “मनोज”

संपर्क – 58 आशीष दीप, उत्तर मिलोनीगंज जबलपुर (मध्य प्रदेश)- 482002

मो  94258 62550

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # 187 ☆ “एन.आर.आई. बेटा…” – लेखक – श्री संजय आरजू ‘बड़ौतवी’ ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  जी के आभारी हैं जो  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं।

आज प्रस्तुत है लेखक – श्री संजय आरजू ‘बड़ौतवी’ जी द्वारा लिखित  “एन.आर.आई. बेटा…” पर चर्चा।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा# 187 ☆

☆ “एन.आर.आई. बेटा…” – लेखक – श्री संजय आरजू ‘बड़ौतवी’ ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

पुस्तक चर्चा

पुस्तक – ‘एन.आर.आई. बेटा

लेखक – श्री संजय आरजू ‘बड़ौतवी’

☆ संजय आरजू ‘बड़ौतवी’ की कहानियाँ – जीवन  संवेदनाएँ – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

संजय आरजू ‘बड़ौतवी’ का कथा-संग्रह ‘एन.आर.आई. बेटा’ समकालीन हिन्दी कहानी की उस परंपरा में एक सजग संवेदनशील हस्तक्षेप है, जहाँ कथाकार न केवल जीवन के अनुभवों को कलमबद्ध करता है, बल्कि उन्हें मानवीय दृष्टिकोण से समझाने का भी प्रयास करता है। यह संग्रह मात्र इक्कीस कहानियों का एक संकलन नहीं, अपितु हमारे सामाजिक, पारिवारिक और नैतिक मूल्यों की पुनर्परिभाषा है  कभी चुपचाप, कभी करुणाभरी आवाज़ में और कभी दृढ़ता से संजय जी कहानियों में अपने अनुभवों का लोक व्यापीकरण अत्यंत कुशलता से जन भाषा में सफलता पूर्वक करते हैं।

‘एन.आर.आई. बेटा’ की शीर्षक कहानी इस संग्रह की आत्मा है, और यही कारण है कि इसे संग्रह का नाम भी दिया गया है। यह कहानी एक भावनात्मक और बौद्धिक द्वंद्व को रेखांकित करती है । वैश्वीकरण के इस दौर में भारतीय मूल्यों और पश्चिमी जीवनशैली के बीच एक युवा की खींचतान, जो आज हर परिवार में देखने मिल रही है। लेखक ने न केवल एक पीढ़ी की पीड़ा को स्वर दिया है, बल्कि पूरे समाज के उस पक्षाघात पर प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है जो संवेदनाओं को परिस्थितियों से काटकर आंकता है। “मैं एक और एन.आर.आई. बेटा नहीं बनना चाहता”  यह संवाद केवल कथा का मोड़ नहीं, बल्कि एक समाजशास्त्रीय प्रतिवाद  है।

संग्रह की कहानियाँ विविध अनुभव-संसार से जन्मी हैं। ‘सीमेंट का सिपाही’ जैसे शीर्षक से ही संकेत मिल जाता है कि यह कहानी पुलिस वालों की ज़िंदगी की ओर इशारा करती है। कहानियों में  लेखकीय हस्तक्षेप कहीं भी अतिरंजित नहीं होता।

इसी प्रकार ‘मेरी सास’ एक स्त्री-केन्द्रित कथा है, जिसमें पारंपरिक रूप से प्रतिद्वंद्वी मानी जाने वाली सास-बहू की जोड़ी में जो आत्मीयता दिखाई गई है, वह आधुनिक पारिवारिक संबंधों की एक नई समकालीन व्याख्या  है। यहाँ ‘स्त्री-विरोधी स्त्री’ की पुरानी धारणा को लेखक अस्वीकार करते है और इस प्रक्रिया में  सामाजिक गूढ़ताओं को सादगी से खंगालते है।

साहित्य, समाज की नैतिक चिंता का लेखकीय अस्त्र होता है।

कहानियाँ ‘बूढ़ी आँखें’, ‘पिता का साया’, ‘सफेद बाल’ या ‘पिता की टोपी’ जैसे शीर्षकों के साथ उम्र, विरासत और संबंधों की थकान एवं चेतना को एक साथ चित्रित करती हैं। यह कहानियाँ सिर्फ वृद्धों की नहीं, उनके अनुभवों की भी कहानियाँ हैं, जिनमें जीवन की प्रौढ़ता है, लेकिन भाषा में अनावश्यक दार्शनिकता नहीं है।

‘वट वृक्ष’ जैसे प्रतीकात्मक शीर्षक से लेखक ने जिस तरह पीढ़ियों की छांव, व्यापार और विरासत के द्वंद्व को बुना है, वह शिल्पगत दृष्टि से भी प्रशंसनीय है। यह कहानी बताती है कि भारतीय समाज में “संपन्नता” केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है।

शैली और शिल्प में सहजता संजय आरजू की विशिष्टता है ।भाषा-संवेदनशील सधी हुई है है। वे संप्रेषण की क्लिष्टता से बचते हैं और कथ्य को स्वाभाविक प्रवाह में विकसित करते हैं। उनकी भाषा में एक आत्मीयता है,  पाठक को बाँधकर रखने वाली सरलता है। ‘स्पर्श’, ‘क्या कहूँ’, ‘व्रत का सामान’ जैसी कहानियाँ इस बात की साक्षी हैं कि लेखक किसी घटना से अधिक उसके भीतर की अनुभूति को पकड़ने में रुचि रखते हैं।

‘सहयात्री’ और ‘यूनिफॉर्म’ जैसी कहानियों में लेखक की सामाजिक दृष्टि और मानवीय समझ दोनों एक साथ काम करती हैं। चाहे वह  नौकरी की जद्दोजहद हो, या विद्यालयीन जीवन की मासूम यादें  लेखक हर विषय को संवेदना से छूते हैं।

संजय आरजू की यह पुस्तक समकालीन हिन्दी कथा-जगत में एक ऐसी आवाज़ है जो किसी शोर में खोती नहीं, बल्कि मौन में भी संवाद रचती है। उनकी कहानियाँ नारे नहीं लगातीं, पर पाठकों को सोचने पर विवश ज़रूर करती हैं।

हिन्दी कहानी की कसौटी पर यह संग्रह सफल है । यथार्थ का चित्रण, भाषा की आत्मीयता, चरित्रों की सजीवता और समाज की गहन दृष्टि,  इन सब बिंदुओं पर कहानियां खरी उतरती है।

यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि ‘एन.आर.आई. बेटा’ एक ऐसा दर्पण है जिसमें पाठक खुद को, अपने संबंधों को और अपने समाज को नए सिरे से देखता है।

मेरी शुभ कामना संजय आरजू जी की कलम को है।

चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # 140 – देश-परदेश – विश्व आइसक्रीम दिवस: तीसरा रविवार, जुलाई ☆ श्री राकेश कुमार ☆

श्री राकेश कुमार

(श्री राकेश कुमार जी भारतीय स्टेट बैंक से 37 वर्ष सेवा के उपरांत वरिष्ठ अधिकारी के पद पर मुंबई से 2016 में सेवानिवृत। बैंक की सेवा में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान के विभिन्न शहरों और वहाँ  की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला। उनके आत्मकथ्य स्वरुप – “संभवतः मेरी रचनाएँ मेरी स्मृतियों और अनुभवों का लेखा जोखा है।” आज प्रस्तुत है आलेख की शृंखला – “देश -परदेश ” की अगली कड़ी।)

☆ आलेख # 140 ☆ देश-परदेश – 🧁 विश्व आइसक्रीम दिवस: तीसरा रविवार, जुलाई 🍦 ☆ श्री राकेश कुमार ☆

गूगल ने आज ये जानकारी प्रदान करी, कि आज “आइसक्रीम दिवस” है। मन को बड़ी ठंडक मिली, गर्मी से बहुत बुरा हाल हो रहा हैं। तभी मन के भीतर से आवाज़ आई, कि हमारा तो गला बहुत खराब है। आइसक्रीम ग्रहण करने से स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता हैं। इसलिए मन की,ये ठंडक तो मात्र कुछ क्षण की थी।

बचपन में हमारे घर पर जब फ्रिज नहीं था,हाथ की मशीन से आइसक्रीम बनती थी। बर्फ और नमक के उपयोग से दूध को इतना ठंडा किया जाता था,और बहुत अधिक मेहनत के बाद ही वो आइस क्रीम का आकार ले पाता था। मेहनत का फल मीठा होता है,शायद आइस क्रीम बनाने की क्रिया से ही बना होगा।

परिचित अमीरों के विवाह में आइस क्रीम भी सीमित मात्रा में खाने को मिलती थी। एक छोटा सा क्वालिटी ब्रांड का कप प्रचलन में हुआ करता था। समय के अनुसार ईंट (ब्रिक्स ) आकर की आइसक्रीम विवाह आदि कार्यक्रमों में भी खूब खाई थी।

युवावस्था में परिवार के विवाह कार्यक्रमों में आइसक्रीम के स्टॉल पर ड्यूटी लगती थी। एक बार विवाह में ब्रिक्स को काटकर हम आइसक्रीम का वितरण कर रहे थे। एक परिचित को जब हमने ब्रिक्स को काट कर उनको दिया, तो वो बोले मैं बाद में ले लूंगा। अंतिम टुकड़े को जब काट रहे थे, तो वो परिचित बोले, अब और कितने टुकड़े करोगे, इस प्रकार से उन्होंने दो व्यक्तियों के बराबर की आइसक्रीम डकार ली थी।

विवाह आदि में आज भी मीठे के स्टॉल भर सबसे अधिक भीड़ मिल जाती हैं। घर में जिन व्यक्तियों को शुगर की बीमारी के कारण मीठा प्रतिबंधित रहता है, ऐसे व्यक्ति मौक़े पर चौके लगा लेते हैं।

बाजार में तो शुगर रोगियों के लिए “शुगर फ्री” आइसक्रीम भी उपलब्ध हो गई है, आने वाले समय में खांसी/गले के रोगियों के लिए भी शायद” खांसी फ्री ” आइसक्रीम आ सकती हैं। हमें तो तब तक इंतजार ही करना पड़ेगा।

© श्री राकेश कुमार

संपर्क – B 508 शिवज्ञान एनक्लेव, निर्माण नगर AB ब्लॉक, जयपुर-302 019 (राजस्थान)

मोबाईल 9920832096

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – कवितेचा उत्सव ☆ श्री अशोक भांबुरे जी यांची कविता अभिव्यक्ती #293 ☆ घरास जखमा… ☆ श्री अशोक श्रीपाद भांबुरे ☆

श्री अशोक श्रीपाद भांबुरे

? अशोक भांबुरे जी यांची कविता अभिव्यक्ती # 293 ?

☆ बापाचं हृदय… ☆ श्री अशोक श्रीपाद भांबुरे ☆

☆

आता पुन्हा नव्या तू देतो कशास जखमा

आधीच ठणकणाऱ्या होती चिरास जखमा

*

तू ठोकले घराला होते अनेक पाचर

केलेस वार इतके झाल्या घरास जखमा

*

पाण्यास वीज देते झटके अनेक वेळा

ही वीज कडकली अन केल्या ढगास जखमा

*

त्या आळ तर स्वतःवर घेण्या तयार नाही

शस्त्रा मधून कायम देतात त्रास जखमा

*

का वाटतात जखमा कोणा हव्या हव्याशा

काही इथे गुलाबी असतात खास जखमा

*

निर्जीव जे जगी या नाही म्हणे छळत हा

नव्हता जिवंत तो तर तरिही शवास जखमा

*

निर्भेळ दूध होते झाले असे कसे हे

हे दूध फाटले का झाल्या दुधास जखमा

*

शुल्लक जरी किटक हा देहास फार डसतो

छोट्या अनेक येथे देतोय डास जखमा

☆

© श्री अशोक श्रीपाद भांबुरे

धनकवडी, पुणे ४११ ०४३.

ashokbhambure123@gmail.com

मो. ८१८००४२५०६, ९८२२८८२०२८

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ. उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – मनमंजुषेतून ☆ माझी जडणघडण… भाग – ५० – पपा ☆ सौ राधिका भांडारकर ☆

सौ राधिका भांडारकर

??

☆ माझी जडणघडण… – भाग – ५० – पपा ☆ सौ राधिका भांडारकर ☆

(सौजन्य : न्यूज स्टोरी टुडे, संपर्क : ९८६९४८४८००)

पपा

मी लहान असतानाची एक गोष्ट. .

त्या दिवशी रविवार होता. पपा सकाळी दूध घेउन राजाभाऊ भागवतांकडे थीआॉसाॅफीच्या मीटींगला गेले.

पपा गेले अन् काही वेळाने आईने दूधाचं भांडं पुन्हा काढलं आणि ती एकदम ओरडली. आम्ही सारे आईभोवती जमलो तेव्हां कळलं, दूधात पाल पडली होती.

मी तशीच धावत रा. स. भागवतांकडे गेले. तिथे विचारवंतांची चर्चा बरीच रंगली होती. मी दरवाजातून डोकावून पाहिले. मला पपा दिसले. पपांनीही मला पाहिले अन् ते थोडे त्रासिक वाटले. मी त्यांना तरीही खुणावलं तेव्हां ते बाहेर आले.

“पपा तुम्ही दूध घेतलं त्या भांड्यात पाल पडली होती. तुम्ही बरे आहात ना? “

पपा शांतच होते.

“हे बघ! मृत्यु यायचा असेल तर तो येईलच पण आता इथे ही सारी विद्वान मंडळी बसली आहेत. एका गहन विषयावर चर्चा रंगलेली आहे. तेव्हां तू घरी जा. नंतर पाहू. . “

मी निमुट घरी आले. आम्ही सारे इतके अस्वस्थ होतो!

पपा नेहमीच्या वेळेवर घरी आले. अमंगल, अशुभ असं काही घडलं नाही. पपांनीही त्या गोष्टीला फारसे महत्व दिले नाही. कदाचित दैवयोगाने दुधात पाल पडण्यापूर्वीच पपांने दूध प्यायले असेल.

असे बेडर, मृत्युला न घाबरणारे पपा. सतत कार्यरत राहणारे, कामात रमणारे, कष्टांत आनंद मानणारे.

आळशी माणसं त्यांना आवडायची नाहीत. उगीचच गॅलरीत कुणी नखं कुरतडत उभी असलेली व्यक्ती पाहिली की ते विनोदाने म्हणत,

“या माणसाने निदान समोर पसरलेले डोंगर तरी पहावेत. आकाशातले तारे मोजावेत. डोळे असून ही माणसं डोळे उघडे ठेवून पहात नाहीत. नुसता नखं कुरतडत बसलाय्! “

पपांची हळहळ अगदी आंतरिक असायची.

असे आमचे पपा. श्री. ज. ना. ढगे. गाढे तत्त्वचिंतक, कलाप्रेमी, रसिक व्यासंगी.

हाडाचे शिक्षक आणि ढगे मास्तर ही त्यांची जनमानसातली आदरणीय ओळख.

आम्ही त्यांच्या पाच मुली. मुलगा नाही म्हणून त्यांना कधी दु:खी कष्टी झालेलं पाह्यलं नाही. आम्ही मात्र खूप शिकावं असं त्यांना वाटायचं. त्याकरिता ते स्वत: कष्ट घेत. नाना तर्‍हेची पुस्तकं आम्हाला वाचायला लावत.

एकदा आठवतंय्, पाठ्यपुस्तकातल्या मोरोपंतांच्या आर्यांचा अर्थ मी विचारला. तर ते संपूर्ण मोरोपंत घेऊन माझ्याजवळ बसले. त्यातले पृथ्वी वृत्त, यमकं, अवघड अलंकार त्यांनी मला शिकवले.

“परिक्षेपुरताच अभ्यास करु नकोस. संपूर्ण मोरोपंत वाच कधीतरी. त्यातली गोडी अवीट आहे. “

त्यांना असा तेव्हढ्यापुरताच गाईड वापरून, मार्कांसाठी केलेला अभ्यास आवडायचा नाही. त्यांचा अभ्यास, व्यासंग खूप होता आणि आम्हीही कुठलाही विषय खोलात जाउन आत्मसात करावा अशी त्यांची इच्छा असायची.

जीवनाबद्दल त्यांना अपार श्रद्धा होती. ते सारं जीवनच तन्मयतेनं जगले. आयुष्यातला प्रत्येक क्षण त्यांनी रसिकतेनं टिपला. खरं म्हणजे तसं एकरंगी आयुष्य नव्हतंच त्यांचं. . इंद्रधनुष्यासारखं सात रंगी जीवन होतं त्यांचं. ते उत्तम उद्योजक होते, गणितज्ञ, संगीतप्रेमी निसर्गप्रेमी, कवी, लेखक, उत्कृष्ट वक्ते होते. अभ्यासक आणि बुद्धीवादी होते पण रुक्षता त्यांच्यात नव्हतीच.

साहित्य हा नुसता छंदच नव्हता तर उत्तम साहित्यिक म्हणून त्यांची प्रतिमा होती. ते हाडाचे शिक्षक होते.

. इंग्रजी आणि संस्कृतवर त्यांचं प्रभुत्व होतं. त्यांना ज्योतिषविद्या अवगत होती. गणित या विषयावर त्यांचा गाढा अभ्यास होता. ”जरा डोके चालवा” आणि “मेंदुला खुराक” ही त्यांची पुस्तके आजही उत्कृष्ट पुस्तके म्हणून उल्लेखली जातात.

ते विद्यार्थ्यांमधे खूप रमायचे. हु शार विद्यार्थ्यांना ते नेहमी अहो जाहो संबोधायचे.

मात्र बुद्धीमंद मुलाला गंमतीने म्हणायचे,

“तुला टांगा तरी हाकता येईल का रे.? “पण तरीही

शिक्षणाच्या प्रवाहात त्याला आणण्यासाठी त्यांची धडपड असायची.

त्यांच्या व्यक्तीमत्वांत जशी विविधता होती तसे काही विरोधाभासही होते. त्यांना पुस्तकं वाचताना टिपणं करायची सवय होती. आम्हालाही ते काही नाविन्यपूर्ण वाचलं की लिहून ठेवायला सांगत. त्यांच्याजवळ ज्ञानाचा असा मौलीक साठा होता पण व्यावहारिक दृष्टीने ते संचयी वृत्तीचे नव्हते. हिशोब ठेवणे, आलेला पैसा काटकसरीने वापरुन गंगाजळी सांठवून ठेवणे वगैरे गोष्टीत त्यांना मनापासून रस नसायचा. ते नेहमी म्हणत,

“गेली ती गंगा अन् राहिलं ते तीर्थ. . . “

काही हरवलं फुटलं तर म्हणत,

“आनंद आहे! आपल्याला दुसरे नवे मिळेल. . . “

आता आठवलं की मनात येतं, पपा प्रपंचातही विरक्त वृत्तीने वावरले. फारसं गुंतवून नाही घेतलं त्यांनी.

आमचायावर त्यांनी सुंदर संस्कार केले.

पपा पहाटे लवकर उठत. ज्ञानेश्वरीतल्या ओव्या गात. त्यांचा आवाज मधुर होता. वाणी स्पष्ट होती. संत तुकारामाचे अभंग ते लयीत गात. लहानपणापासून आमच्या कानावर पडलेल्या या संतवाणीने कळत नकळत आमची वृत्ती घडवली. ते आम्हाला बायबल कुराणातल्या गोष्टी सांगत. शेवटी म्हणत,

“धर्माची शिकवण एकच असते. संपूर्ण मानवजातीचा

धर्म म्हणजे सत्य. तुम्ही सत्याची चाड राखा. म्हणजे जीवनात निर्भय व्हाल. “

आणि आता वाटतं, खरोखरच आमच्या अंगी जी निर्भीडता, जो आत्मविश्वास, आवश्यक असलेला बेडरपणा आहे तो केवळ पपांच्या शिकवणीमुळेच.

त्यांना अंधश्रद्धाळु माणसांचा फार तिटकारा होता.

मनुष्यानेच निर्माण केलेल्या, वर्णभेदांवर ते संतापाने बोलत.

त्यांना स्वत:लाही कुणी,

“तुमची जात कोणती? “हे विचारलं तर मनस्वी चीड यायची. ते ताडकन् उत्तर द्यायचे. ,

“या देहाला मानव म्हणतात. माझी जात माणूस. . . . “

पपा जितके रागीट, परखड बोलणारे होते, तितकेच ते हळवेही होते. त्यांचं मन फार संवेदनशील अन् कोमल होतं. रामायण महाभारतातल्या कथा सांगताना, कधीकधी अक्षरश: ते गहीवरुन जात.

सीतात्यागाचा प्रसंग सांगताना त्यांच्या डोळ्यात आसवांची नदी वहायची.

कृष्ण हे त्यांचं आवडतं कॅरॅक्टर होते.

आम्ही माहेरी आलो की त्यांना विलक्षण आनंद होई. पण परततांना त्यांचे डोळे डबडबायचे.

“चिमण्या आल्या चिमण्या गेल्या. ” असं म्हणायचे.

प्राण्यांवरही ते प्रेम करत. आमच्याकडे एक मांजर होतं.

आम्ही ते पाळलेलं नव्हतं तरीही त्याचं वास्तव्य आमच्याकडेच असायचं. पपा ऑफीसमधून आले की ते त्यांच्या पायात घुटमळायचं. पपाही पायानेच त्याला हलके हलके गोंजारायचे. ते मांजर चोरुन दूध प्यायचं पण पपांनी कधीही त्याच्या पाठीत काठी घातली नाही.

झाडापानांचंही त्यांना विलक्षण वेड होतं. १९७०साली पपांनी ठाण्यात बंगला बांधला. बंगल्यात रहायला गेल्यावर आम्ही सारे तर्‍हेतर्‍हेचे फर्नीचर करुन बंगला सजवण्याचा विचार करत असू पण पपांनी मात्र नवीन बंगल्यात रहायला गेल्यावर प्रथम खरेदी केली ती, कुदळ, फावडं, खुरपणी, नाना तर्‍हेची खतं यांची.

अनेक झाडांच्या फांद्या जमवल्या. ते स्वत: कुदळीने खड्डे खणून झाडे लावत. आईचा अन् त्यांचा त्यावरुन खूप वाद व्हायचा. आईचे म्हणणे, पपांनी स्वत: कष्ट न करता माळ्याकडून ही कामं करुन घ्यावीत. . 

पण पपा म्हणायचे,

“माझी बाग मीच फुलवेन. “त्यांना कष्टाचं वावडं नव्हतच. तो तर त्यांचा महान आनंद होता.

शिवाय ज्या विषयात रस घेतला, त्याचा शास्त्रोक्त अभ्यास करण्याकडे कल होता. स्वत:ची बाग सुंदर असावी म्हणून त्यांनी झाडे लावण्यावरची अनेक पुस्तकं विकत घेउन वाचली. बागायतीचं तंत्र शिस्त मात्र त्यांना फारसं नाही जमलं तरी त्यांतूनही त्यांना मिळालेला आनंद खूप मोठा होता. त्यांनी लावलेल्या जांभुळ, फणसाची मधुर फळे जेव्हांआम्ही खात असू तेव्हा, घामाने निथळलेले हाफ पँटमधले, मातीने पाय लडबडलेले उघडेबंब पपा नजरेसमोर येत.

पण त्यांनी लावलेल्या प्रत्येक झाडांनी भरपूर फुलं. , फळं दिली. तो त्यांचा परमानंद होता. एक प्रकारे निसर्गाशी जडलेलं ते नातं होतं.

ते गेले तेव्हां बागेतलं प्रत्येक झाड फळाफुलांनी बहरलं होतं. . जणू त्या वृक्षवल्लींनी आपल्या कष्टाळु माळ्याला दिलेली ती भावपूर्ण श्रद्धांजली होती.

पपांबरोबर आम्ही अनेक प्रवास केले. त्यांच्याबरोबर प्रवास करणे म्हणजे पर्वणीच असायची.

त्यांनी कथन केलेल्या कथा, किस्से, विनोद कोट्या सहप्रवाशांची मनं रमवत. शिवाय जिथे जाऊ तिथे नैसर्गिक सौंदर्याचा आकंठ ऊपभोग घेण्याची त्यांची वृत्ती होती. . त्यांना मंदीरात जाऊन रांगेत उभं राहून, काही ठिकाणी तर ड्रेस कोडही असायचा. . अशा पद्धतीनं देवदर्शन घेणं कधीच मान्य नव्हतं. . . त्याऐवजी ते भोवतालच्या परिसरांत रमत. देवळाच्या बाहेर बसलेल्या शहाळी विक्रेत्याशी गप्पा मारण्यात आणि भरपूर शहाळी पिण्यांत त्यांना आनंद वाटायचा. डोंगर माथ्यावरुन पलीकडच्या क्षितीजावर डुबणार्‍या सूर्याच्या दर्शनात त्यांना त्यांचा देव दिसायचा. मंदीरातल्या देवापेक्षा त्यांना या नैसर्गिक शक्ती अधिक प्रबल अधिक पवित्र, मंगलमय वाटायच्या.

त्यांच्याबरोबर आम्हीही धुक्यातून चाललो. आकाशातले अगणित तारे पाहिले. अनेक सूर्योदय, अनेक सूर्यास्त पाहिले. प्रत्येक सूर्योदय नवा असतो हा विचार त्यांनीच आमच्यात रुजवला.

खळखळत्या धबधब्यात भिजलो. काश्मीरसारख्या ठिकाणी फेसाळ, अथांग वाहणार्‍या नद्यांत पाय डुंबून बसलो. जीवनात पपांनी आम्हाला अपार सौंदर्यदृष्टी दिली.

निसर्ग हा माणसाचा सोबती असतो. ढोंगी, व्यवहारी जगापासून सावरणारा हा भोवतालचा अफाट निसर्गच खराखुरा परमेश्वर आहे हे त्यांनी आमच्यावर फार लहानपणीच बिंबवलं.

 आता निळ्याशार आकाशात विरत जाणारे ढग पाहिले की, पपांची आठवण येते. ते अनंतात विलीन झाले.

ते आमचे पिता होते, गुरु होते. ते आमचे मित्र होते. ते मित्रत्वाच्या नात्याने आमच्याशी गप्पा मारत. आमच्या अडीअडचणी, आमची विवीध प्रकारची सुखदु:ख ते आस्थेवाईकपणे ऐकत. त्यांत समरस होत.

आमच्या सुखात ते हसले. आमच्या दु:खात त्यांनी सोबत केली. आमच्या चुका त्यांनी सांभाळून घेतल्या. त्याबद्दल त्यांनी पितृत्वाच्या अधिकाराने शिक्षा केल्या नाहीत.

पपा जे. कृष्णमूर्तींचे अनुयायी होते. त्यांच्या तत्वज्ञानाचा पपांच्या मनावर पगडा होता. त्यामुळेच असेल, पपांनी त्यांची मते आमच्यावर कधीच लादली नाहीत. उलट भरपूर स्वातंत्र्य देउन चांगलं वाईट स्वत:च ठरवण्याचं एक आत्मिक बळ आमच्यात निर्माण केलं. .

पपांची थोर शिकवण हीच आमची शिदोरी.

आणि त्याचा योग्य वापर हीच त्यांना वाहिलेली 

खरीखुरी श्रद्धांजली. . . . . .!!!!!

 ३१ मे १९८२ रोजी त्यांनी या जगाचा निरोप घेतला. आमच्या जगण्यातल्या ऐकेका क्षणावर त्यांच्या अस्तित्वाचा ठसा मात्र कधीही न पुसून जाणारा आहे.

 – क्रमशः भाग ५०.

© सौ. राधिका भांडारकर

पुणे

मो.९४२१५२३६६९

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ लेखनी सुमित्र की # 243 – बुन्देली कविता – इत्तन इत्तन पानी… ☆ स्व. डॉ. राजकुमार तिवारी “सुमित्र” ☆

स्व. डॉ. राजकुमार तिवारी “सुमित्र”

(संस्कारधानी  जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ. राजकुमार “सुमित्र” जी  को सादर चरण स्पर्श । वे सदैव हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते थे। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया।  वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणास्रोत हैं। आज प्रस्तुत हैं  आपकी भावप्रवण बुन्देली कविता – कौनऊँ सें का कैनें…।)

✍ साप्ताहिक स्तम्भ – लेखनी सुमित्र की # 243 – इत्तन इत्तन पानी… ✍

(बढ़त जात उजयारो – (बुन्देली काव्य संकलन) से) 

(स्व डॉ राजकुमार तिवारी ‘सुमित्र’ जी के बुंदेली गीत कानों में आज भी गूंज रहे हैं। आदरणीय श्री शिब्बू  दादा, श्री रवि श्रीवास्तव और श्री बैजनाथ गौतम जी के द्वारा गए गीत पूरे जबलपुर शहर में विख्यात हुए। उन गीतों में एक ‘इत्तन इत्तन पानी’ आज प्रस्तुत है।)

☆

कित्तन कित्तन पानी

इत्तन इन्तन पानी1

* 

हमसे पूँछो नाँव हमारो

और पूछ लो गाँव

पूँछो हमसे बोली हमरी

सो है काँव काँव ।

 *

कौआ कुत्ता । लत्तम फत्ता ।

जनकलाल भये जानी

सो इत्तन इत्तन पानी ।

*

इनसे पूँछो, बिनसे पूँछो

ऊँछौ हमरे बाल ।

चार साल कालिज में हो गये

बनें न एक सवाल |

जुलफ रवैया । नकल करैया ।

बिनकी मर रई नानी ।

सो इत्तन इत्तन पानी ।

 *

बड़े कुटम की बड़ी बहू हैं

हेर हेर गम खाव ।

फिरतीं मूड उगार देख लो

तुमई देख सरमाव I

 *

मूड मुड़ैनी । चूना चैनी ।

फिर सें पड़ा बियानी।

एक सो इत्तन इत्तन पानी ।

☆

© डॉ. राजकुमार “सुमित्र” 

साभार : डॉ भावना शुक्ल 

112 सर्राफा वार्ड, सिटी कोतवाली के पीछे चुन्नीलाल का बाड़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ अभिनव गीत # 243 – “वही कि जिसकी साँसों में…” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “वही कि जिसकी साँसों में...”)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 243 ☆।। अभिनव गीत ।। ☆

☆ “वही कि जिसकी साँसों में...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

☆

छँटे हुये से मिले

उसे सारे दुर्दिन

भोग रही है जिन्हें

घसीटे की दुलहिन

 

वही जिसे हर जापा

करना होता ही था

जिसका हर सपना अब

बिल्कुल छोटा ही था

 

उसके आगे मुस्तकबिल

भी था खड़ा हुआ

वही काटती समय रही थी

जो गिन गिन

 

वही जिसे सहने थे

सासू के ताने

वही जिसे आते थे

आँसू अनजाने

 

वही कि जिसकी साँसों

में थी दमा बसी

वही कि जिसकी सुविधा

के मर गये हिरन

 

वही कि जिसके अंग

अंग की  चुकी अगन

वही खनक न पायी

होकर के बरतन

 

वही कि जो सूरज सा

ताप लिये रहती

वही आज मुरझाई

लगती स्वर्ण किरन

 

वही पड़ी है आज

झोपड़ी में निश्चल

कोई नहीं है आज

उसे देने सम्बल

 

कामगार मजदूरों

की बस यही कथा

फेल दिखे इनकी

उन्नति के सभी मिशन

☆

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

18-7-2025

 संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – व्यंग्य ☆ शेष कुशल # 54 ☆ व्यंग्य – “बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी…” ☆ श्री शांतिलाल जैन ☆

श्री शांतिलाल जैन

(आदरणीय अग्रज एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार श्री शांतिलाल जैन जी विगत दो  दशक से भी अधिक समय से व्यंग्य विधा के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी पुस्तक  ‘न जाना इस देश’ को साहित्य अकादमी के राजेंद्र अनुरागी पुरस्कार से नवाजा गया है। इसके अतिरिक्त आप कई ख्यातिनाम पुरस्कारों से अलंकृत किए गए हैं। इनमें हरिकृष्ण तेलंग स्मृति सम्मान एवं डॉ ज्ञान चतुर्वेदी पुरस्कार प्रमुख हैं। श्री शांतिलाल जैन जी  के  स्थायी स्तम्भ – शेष कुशल  में आज प्रस्तुत है उनका एक अप्रतिम और विचारणीय व्यंग्य  “बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी…” ।)

☆ शेष कुशल # 54 ☆

☆ व्यंग्य – “बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी…” – शांतिलाल जैन ☆

थैंक गॉड, मैं बिहार में वोटर नहीं हूँ. होता तो इस समय इन पंक्तियों को लिखने की बजाए भगवान चित्रगुप्त की आराधना कर रहा होता. वे ही होते जो पहचान के संकट की इस घड़ी में हमारी मदद कर पाने की स्थिति में होते. माता-पिता अब इहलोक में हैं नहीं. उनका जन्म स्थान और जन्म तारीख इस समय कोई बता पाने की स्थिति में हैं तो वे सिर्फ चित्रगुप्त ही हैं. उनकी खाताबही में तो हर आत्मा का इनवर्ड आउटवर्ड दर्ज़ रहता है. पेरेंट्स के कागज़ मिल नहीं रहे हों तो चित्रगुप्त की शरण में जाने के अलावा और रास्ता ही क्या बचता है ? समस्या रहमान मियाँ को भी फेस करनी पड़ रही होती और मिस्टर थॉमस को भी. उनको और भी ज्यादा, उनके रिलिजन में आत्मा की आवाजाही का रिकार्ड रखने का कोई सिस्टम ही नहीं है. वैसे भी सारी कवायद उनके चक्कर में ही हो रही है. उनसे तो बस थोड़ी सी दर्दमंदी रखी जा सकती है. नए निज़ाम में उसके अपने खतरे हैं. बहरहाल, अपन के लिए बड़ा सवाल ये है कि चित्रगुप्त को प्रसन्न कर पाने में असफल रहने पर अपन क्या करते?

गिव-अप कर देते. भाड़ में जाए वोट देने का अधिकार. न हो वोटर लिस्ट में नाम, न सही. वोट देने से क्या ही बदल जाएगा! पहले भी कितनी बार अंगुली काली कराई है, कभी लोकसभा, कभी विधानसभा, कभी मुन्सीपाल्टी, कभी पंचायत. तर्ज़नी परमानेंट काली होने को है मगर बदला क्या? वही करप्शन, वही महंगाई, वही बेरोज़गारी, वैसी ही बदहाल सड़कें, गिरते पुल, पटरी से उतरती रेलें, वीरान से सरकारी स्कूल, उजड़े-उजड़े से खैराती अस्पताल, जनप्रतिनिधियों की बेशर्मी, झूठ, दोगलापन, पल्टियाँ, वादाखिलाफी, बिलो-बेल्ट हरकतें – अभी तक कुछ नहीं बदला तो अब क्या बदल जाएगा. बदला है तो सिरिफ अमीरों के लिए. अमीर अधिक  अमीर हुए, गरीब और अधिक गरीब. अपन की गरीबी का क्या! वोट दिया तो भी बढ़नी है नहीं दिया तो भी. जितनी बार तर्जनी काली कराओ देश में कालाधन उतने गुना बढ़ जाता है, दोनों में एक खास किसम का को-रिलेशन है. एक दिन सब वोट उनका होगा, धन तो उनका है ही. अपन की तो नाम कट न जाए के चक्कर में एक दिन की दिहाड़ी कट जाने को है. रखे सरकार वोट देने का अधिकार अपने पास, जिसको देना हो दे. अपन तो निकलते हैं यहाँ से.

भ्रम और घबराहट सरजू बाबू में भी हैं मगर वे मेरी तरह पलायन में भरोसा नहीं रखते. बोले – ‘एतना अर्ली नरभस नहीं न होईएगा सांतिबाबू. तनी कोशिश करके खोजिएगा त कहीं से न कहीं से एक सेट माई-बाप का जुगाड़ हो जाएगा. अभेलेबल हुईए त उन्हीं को पेरेंट नहीं न बना लीजिएगा. दुनियादारी में सफल लोग गदहा को बाप बना लेते हैं, आपको तो…..’

‘वही तो नहीं हो पाएगा सरजू बाबू. बाप बदलने की कला आती तो अपन भी कहीं के मंत्री सांसद विधायक होते. जिन्दगी दिहाड़ी मजूरी करते पाँच किलो राशन के भरोसे कटती नहीं.’

‘डेमोकिरसी के रक्शा का सवाल बा सांतिबाबू. आपन के भोट देने का अधिकार का रक्शा तो करना ही पड़ेगा.’

‘बहुत भोले हैं आप बाबू सरजू परसाद, इनको अधिकार देना ही होता तो इनके ही जारी किए हुए दस्तावेज़ ये मान्य नहीं कर लेते. ये देने की नहीं छीनने की कवायद है. जब छिना ही जाना है तो टाईम भेस्ट क्यों करना. कोउ नृप होई हमै का हानि.’

इस बीच एक खुशख़बर आई. अपन का फॉर्म अपलोड गया. बीएलओ साब खुदऐ पूरे टोले के फॉर्म भर दिए हैं. न घर आए, न फॉर्म दिया, न दस्तखत कराए, पूरा गाँव-टोला का फॉर्म अपलोड कर दिए. इफिशियंट बिहार! लोग नाहक बदनाम करते हैं. अब डर सिर्फ इतना है कि जैसे नाम चढ़ाया है वैसे ही काट न दें. काट भी दें तो कोई बात नहीं वोट देकर क्या हासिल कर लेंगे हम. रहनुमाओं से बस इतनी सी इल्तजा है आर्यावर्त का नागरिक बना रहने दें.

ख्यालों से बाहर निकलकर बिहार से एम्पी में लौट आया हूँ. बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी. आज नहीं तो कल भगवान चित्रगुप्त की मेहर तो एम्पी में भी लगेगी. तब की तब देखी जाएगी. फिलवक्त नीली छतरीवाले का शुक्रिया अदा कर रहा हूँ – ‘थैंक गॉड, मैं बिहार में वोटर नहीं हूँ’.

-x-x-x-

© शांतिलाल जैन 

बी-8/12, महानंदा नगर, उज्जैन (म.प्र.) – 456010

9425019837 (M)

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ प्रतुल साहित्य # 12 – आलेख – “डॉ. रंजीत की स्मृति-सामग्री पर चिंतन” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव ☆

श्री प्रतुल श्रीवास्तव 

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक श्री प्रतुल श्रीवास्तव, भाषा विज्ञान एवं बुन्देली लोक साहित्य के मूर्धन्य विद्वान, शिक्षाविद् स्व.डॉ.पूरनचंद श्रीवास्तव के यशस्वी पुत्र हैं। हिंदी साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रतुल श्रीवास्तव का नाम जाना पहचाना है। इन्होंने दैनिक हितवाद, ज्ञानयुग प्रभात, नवभारत, देशबंधु, स्वतंत्रमत, हरिभूमि एवं पीपुल्स समाचार पत्रों के संपादकीय विभाग में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। साहित्यिक पत्रिका “अनुमेहा” के प्रधान संपादक के रूप में इन्होंने उसे हिंदी साहित्य जगत में विशिष्ट पहचान दी। आपके सैकड़ों लेख एवं व्यंग्य देश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। आपके द्वारा रचित अनेक देवी स्तुतियाँ एवं प्रेम गीत भी चर्चित हैं। नागपुर, भोपाल एवं जबलपुर आकाशवाणी ने विभिन्न विषयों पर आपकी दर्जनों वार्ताओं का प्रसारण किया। प्रतुल जी ने भगवान रजनीश ‘ओशो’ एवं महर्षि महेश योगी सहित अनेक विभूतियों एवं समस्याओं पर डाक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण भी किया। आपकी सहज-सरल चुटीली शैली पाठकों को उनकी रचनाएं एक ही बैठक में पढ़ने के लिए बाध्य करती हैं।

प्रकाशित पुस्तकें –ο यादों का मायाजाल ο अलसेट (हास्य-व्यंग्य) ο आखिरी कोना (हास्य-व्यंग्य) ο तिरछी नज़र (हास्य-व्यंग्य) ο मौन

आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय आलेख “डॉ. रंजीत की स्मृति-सामग्री पर चिंतन”।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ प्रतुल साहित्य # 12 ☆

☆ आलेख ☆ “डॉ. रंजीत की स्मृति-सामग्री पर चिंतन” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव ☆

(संदर्भ : श्री हेमन्त बावनकर की लघुकथा इस लिंक पर क्लिक कर अथवा आलेख के अंत में पढ़ें ⇒ – ” सम्मानपत्र, स्मृतिचिन्ह और पुस्तकें“**)

☆

संवेदनशील साहित्यकार – कथाकार भाई हेमन्त बावनकर की लघुकथा “सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और पुस्तकें” सोचने को विवश करती है कि क्या हमारी अगली पीढ़ी के लिए हमारे द्वारा अर्जित, संग्रहित धन – संपत्ति के अतिरिक्त बाकी सब व्यर्थ है ? कथाकार या तो रंगीन कल्पना की उड़ान भरता है या दुनिया – समाज में देखी, अनुभव की गई वास्तविक घटनाओं को अपने द्वारा रचित पात्रों के माध्यम से प्रस्तुत करता है । हेमन्त जी की यह कथा समाज की नई पीढ़ी के रचनात्मकता से दूर सिर्फ आवश्यकता की पूर्ति वाले जीवन दर्शन का चित्र भी है जिसमें उन्होंने अपनी कथा में दिवंगत हो चुके साहित्यकार डॉ. रंजीत के पुत्र सुजीत और रंजीत के मित्र सेवकराम के माध्यम से लोगों के सामने एक समस्या रखी है ।

कथा में डॉ. रंजीत स्मृति शेष साहित्यकार बताए गए हैं । उनके जीवन काल में उन्हें अनेक सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह मिले साहित्यिक रुचि के कारण धीरे –  धीरे उनके पास पुस्तकों का भंडार भी एकत्रित हो गया । लोग सच ही कहते हैं कि सबको एक दिन सब यहीं छोड़कर जाना पड़ता है । दुनियां में शेष रहता है व्यक्ति का यश – अपयश, उसके द्वारा संग्रहित चल – अचल संपत्ति । सम्पत्ति तो परिजनों को बहुत अच्छी लगती है किंतु यदि अगली पीढ़ी में कोई उसकी रुचि का, अपनी विरासत का सम्मान करने वाला नहीं है तो व्यक्ति द्वारा छोड़े गए ढेरों फोटो, सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह पुस्तकें, गिटार – सितार, रंग – ब्रश अथवा उसकी रुचि या पेशे से संबंधित सभी वस्तुएं घर के लोगों को व्यर्थ जगह घेरने वाली लगने लगती हैं और वे स्मृति शेष व्यक्ति की अत्यंत प्रिय वस्तुओं को भी अल्प दामों में अथवा मुफ्त ही कबाड़ी को देने में भी नहीं हिचकते । मैं अनेक ऐसे लोगों को जानता हूं जिन्हें अपने पिता के दुनिया से जाने के बाद उनकी अत्यंत महत्वपूर्ण वस्तुएं कचरा नजर आने लगीं । डॉ. रंजीत का बेटा सुजीत भी इसी तरह का पुत्र है । सुजीत अपने पिता के मित्र सेवकराम से कहता है कि उनके पिता के सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और पुस्तकें लेने कोई तैयार नहीं अब इन्हें कैसे ठिकाने लगाया जाए । सेवकराम सोच में पड़ जाती हैं और सलाह देने के लिए कुछ समय मांग लेते हैं ।

मुझे लगता है कि जहां पुत्र ने अपने पिता का ही पेशा और रुचि अपनाई है वहीं पिता की रुचिकर सामग्री व उपलब्धियों का सम्मान है उसे उपयोगी धरोहर माना जाता है क्योंकि उससे पुत्र को अपना मार्ग प्रशस्त करने में मदद मिलती है । साहित्यकार पिता के साहित्य समझने वाले पुत्र, डॉक्टर के डॉक्टर पुत्र, वकील के वकील पुत्र, व्यवसायी के व्यवसायी पुत्र को पिता के विरासत व नाम से लाभ मिलता है किंतु जहां पुत्र का पेशा अलग हुआ उसकी रुचियां व आवश्यकताएं भी अलग हो जाती हैं और विरासत नष्ट हो जाती है । ऐसी स्थिति में किसी भी पिता को मानसिक रूप से इस बात के लिए तैयार रहना चाहिए कि उसके द्वारा संग्रहित सामग्री का विनिष्टीकरण तय है । किसी भी नगर – कस्बे में इतनी बड़ी संख्या में ऐसे संग्रहालय भी नहीं हैं जो आम साहित्य अथवा कला साधकों की “स्मृति – सामग्री” को अपने संग्रहालय में स्थान दे सकें । सामान्यतः तो बहुसंख्यक साहित्य – कला साधक आर्थिक रूप से कमजोर ही होते हैं और जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं उनमें अधिकांश कृपण । इस स्थिति के चलते इनके संयुक्त चंदे से भी किसी ऐसे स्थल का निर्माण संभव नहीं है जहां स्मृतिशेष साहित्य – कला साधकों की सामग्री को सुरक्षित रखा जा सके । बिरले ही सम्पन्न और स्वयं के लिए उदार रचनाधर्मी या तो स्वयं जीवित रहते अपने नाम का संग्रहालय बनवाने की व्यवस्था कर जाते हैं अथवा लाखों में किसी भाग्यशाली का पुत्र ऐसा होता है जो पिता की स्मृतियों को सम्हालने के लिए कुछ करता है ।

सेवकराम जी डॉ. रंजीत के पुत्र सुजीत से रंजीत जी की पुस्तकों, सम्मान पत्रों आदि की व्यवस्था पर सोच – विचार के लिए समय तो ले आए हैं पर मुझे विश्वास नहीं है कि वे कोई समाधान लेकर उसके पास लौटेंगे । रंजीत जी की सामग्री के साथ वही होगा जो आमतौर पर होता आया है ।

☆ ☆ ☆ ☆

** हेमन्त बावनकर की मूल कथा ⇒ ☆ सम्मानपत्र, स्मृतिचिन्ह और पुस्तकें ☆

सेवकराम जी को अपने प्रिय साहित्यकार मित्र डॉ रंजीत की काफी याद आ रही थी. उनका देहावसान बीस दिन पूर्व ही हुआ था. उनके जाने के एक माह पूर्व ही उनकी पत्नी रंजना भाभी का देहावसान हो गया था.

उन्होंने अपना सारा जीवन अध्यापन और साहित्य सेवा में निकाल दिया. उनके सुशील और सेवाभावी पुत्र सुजीत और विनम्र पत्नी सुनीता ने रंजीत जी और रंजना भाभी की अंत तक सेवा की. ऐसे भाग्यशाली बहुत कम ही देखने को मिलते हैं. डॉ रंजीत ने अपने बेटे को बमुश्किल शहर के एक प्राइवेट कॉलेज में नौकरी भी दिला दी थी.

आज सेवाराम जी को डॉ रंजीत की याद उनके घर तक ले गई थी. सुजीत उन्हें डॉ रंजीत जी के कमरे में ले गया.  वे टेबल के पास कुर्सी पर बैठ गए जैसा हमेशा बैठते थे. कमरा अब भी वैसा ही था.

औपचारिकतावश सुजीत से उन्होंने पूछा – “बेटे मेरे लायक कुछ हो तो निसंकोच बताना.”

सुजीत ने झिझकते हुए अपनी समस्या साझा करना चाहा- “चाचा जी, आप यह सब जो इस कमरे में चारों ओर देख रहे हैं न, पिताजी के सम्मानपत्र, स्मृतिचिन्ह और पुस्तकों से भरी बुकशेल्फ! इतनी ही पुस्तकें इस दो कमरे के घर में भरी पड़ी हैं। मैं इनका क्या करूँ? कोई इन्हें लेने के लिए भी तैयार नहीं है. शहर में एक भी पुस्तकालय नहीं बचे जहाँ ये पुस्तकें दी जा सकें. उनके कोई मित्र भी लेने को तैयार नहीं हैं.”

अब सेवकराम जी का मस्तिष्क शून्य हो गया. उन्हें कुछ सूझ ही नहीं रहा था. बड़े मुश्किल से वह यही कह सके – “बेटा सुजीत, मु -झे सोचने के लिए थोडा वक्त दो.”

और वे चुपचाप घर की ओर निकल पड़े.

(श्री प्रतुल जी का हृदय से आभार. ऐसी कई सकारात्मक एवं तटस्थ प्रतिक्रियाएं आईं हैं जिन्हें शीघ्र ही साझा करने का मानस है. – हेमन्त बावनकर )

☆ ☆ ☆ ☆

© श्री प्रतुल श्रीवास्तव 

संपर्क – 473, टीचर्स कालोनी, दीक्षितपुरा, जबलपुर – पिन – 482002 मो. 9425153629

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares