हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 226 ☆ # “सहारा…” # ☆ श्री श्याम खापर्डे ☆

श्री श्याम खापर्डे

(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सहारा…”।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 226 ☆

☆ # “सहारा…” # ☆

☆

हर रिटायर्ड आदमी

उम्र के आखिरी पड़ाव पर

बीमारियों से थक हारकर

जब एकांत में बैठकर

अपने अतीत को याद कर

कुछ सोचता है

खुशियों को खोजता  है

 

कुछ रंगीन यादें

चलचित्र की भांति

आंखों के सामने से

क्रमवार गुजरती है

कुछ किस्से कहानियों की

बरबस ही याद आती है

वह उनमें खो जाता है

कुछ पल का सुकून पाता है

 

जब तंद्रा  टूटती हैं

यादें पीछे छूटती हैं

तब वह फिर वही पर

अपने आप को

खड़ा पाता हैं  

टूटा हुआ, निर्बल

असहाय हो जाता है

अंदर ही अंदर

उसे रिश्तों की कमी खलती है

उसकी आंखें पश्चाताप में जलती हैं  

इच्छाएं घुटकर हाथ मलती हैं  

जब रिश्तों की कड़वाहट

उसे छलती है

उसे लगता है

वह अपनों के बीच अकेला है

यह दुनिया बस

दिखावे का मेला है

 

किसी को उसके होने या ना होने से

कोई फर्क नहीं पड़ता है

जिनके लिए वह जीवन भर

दुनिया से रहा लड़ता है

 

सब अपने छोड़कर

अपने आशियाने बनाकर 

चले गए

वह देखता रहा

उसके अरमान जीते जी

छले गए

 

वह यह सब सहता है

आंखों से नीर बहता है

वह भावनाओं में बहकर

पत्नी को पास बिठाकर

भारी मन से कहता है

सब पानी के बुलबुले थे

जरा सी आंच में फूट गए

समय के प्रवाह में बहकर

हमारे अपने हमसे रूठ गए

आज –

हम दोनों ही एक दूसरे का सहारा है

परिस्थितियां जैसी भी हो

दुष्कर कैसी भी हो

जनम जनम का साथ तुम्हारा है /

☆

© श्याम खापर्डे 

फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ असंभव कुछ नहीं होता… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

श्री राजेन्द्र तिवारी

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण कविता ‘असंभव कुछ नहीं होता…‘।)

☆ कविता – असंभव कुछ नहीं होता… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

☆

असंभव कुछ नहीं होता,

जब कुछ ठान लो मन में,

अगर ठाना है,तो पाना है,

यही निश्चय करो मन में,

*

कुदरत भी मिलाएगी,अगर,

पक्का इरादा हो,

खिजां में भी,खिला दो,पुष्प,

जीवन के उपवन में,

*

मेहनत की स्याही से,आसमां पर,

अपना नाम लिखो,

चंदा सूरज जैसे चमको,निखरो,    

नील गगन में,

*

मुस्कराहटें बांट दो,खुशियां

बिखेर दो,

किसी आंख में न आंसू हों,कोई,

न भीगे मन में,

*

असंभव कुछ नहीं होता,

जब कुछ ठान लो मन में,

अगर ठाना है,तो पाना है,

यही निश्चय करो मन में,

☆

© श्री राजेन्द्र तिवारी  

संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर

मो  9425391435

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 297 ☆ व्यंग्य – तुरत सेवा का सुख ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम व्यंग्य – तुरत सेवा का सुख। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 297 ☆

☆ व्यंग्य – तुरत सेवा का सुख ☆

मिसेज़ छाबड़ा ने पति को अखबार दिखाया, बोलीं, ‘देखो यह एड छपा है। घर के काम के लिए लेडी हेल्पर आधे घंटे में पहुंचेगी। झाड़ू पोंछा, बर्तन, किचिन की तैयारी। एक घंटे का चार्ज सौ रुपये। पांच मिनट का मार्जिन। एक घंटा पांच मिनट से ज्यादा होगा तो चार्ज दोगुना। वेरी इंटरेस्टिंग।’

फिर सोच कर बोलीं, ‘लेट अस गिव इट अ ट्राइ। अपनी केसर बाई तो तीन-चार दिन बाद ही गांव से लौटेगी। बहुत नागा करने लगी है। इसको बुलाकर देखते हैं।’

उनके पति छाबड़ा जी आदर्श पति हैं। पत्नी की बात का कभी विरोध नहीं करते। सोफे पर बैठे अखबार पलटते रहते हैं या टीवी देखते हैं। या फिर बैठे-बैठे झपकी लेते हैं। पत्नी जो देती है चुपचाप खा लेते हैं और जो पहनने को कहती है वही पहनते हैं। पत्नी से पूछे बिना कोई निर्णय नहीं लेते। टहलने जाते हैं तो पत्नी के पीछे-पीछे चलते हैं। कई बार पत्नी झिड़क देती है तो ‘आइ एम सॉरी’ कह कर चुप हो जाते हैं। बच्चे बाहर हैं, इसलिए घर में पति-पत्नी के सिवा कोई नहीं है।

मिसेज़ छाबड़ा ने निर्णय लेकर फोन कर दिया। करीब आधे घंटे में एक औरत, हांफती हुई, आ गयी। ‘गुड मॉर्निंग मैडम’, ‘गुड मॉर्निंग सर’ कहने के बाद एक कोने में ढेर हो गयी। हांफते हुए बोली, ‘मैडम, दौड़ती दौड़ती आयी हूं। प्लीज़ गिव मी फाइव मिनट्स। अभी काम शुरू करती हूं।’

करीब दस मिनट बाद वह उठ खड़ी हुई। मिसेज़ छाबड़ा से बोली, ‘मैडम काम दिखा दें और टाइम नोट कर लें।’ मिसेज़ छाबड़ा उसे काम समझा कर वापस सोफे पर बैठ गयीं।

दस पन्द्रह मिनट के बाद उनके दिमाग में कीड़ा कुलबुलाने लगा। कहीं काम धीरे-धीरे हुआ तो टाइम बढ़ जाएगा और चार्ज भी बढ़ जाएगा। वे उठकर औरत के पास खड़ी हो गयीं। बोलीं, ‘थोड़ा फुर्ती से काम करो। टाइम वेस्ट नहीं करना।’

औरत ने कोई जवाब नहीं दिया। मिसेज़ छाबड़ा फिर सोफे पर आ गयीं, लेकिन उन्हें चैन नहीं था। काम एक घंटे में पूरा होना चाहिए। वे हर दस मिनट में औरत के सिर पर खड़ी हो जाती थीं। ‘प्लीज़ थोड़ा फास्ट करो। टाइम बढ़ रहा है।’

तीन-चार बार टोकने पर औरत चिढ़कर बोली, ‘मैडम, हम इंसान हैं, मशीन नहीं हैं। जितना बन रहा है उतनी तेजी से कर रही हूं। आप उधर बैठो। काम खतम होने पर हम बताएंगीं।’

मिसेज़ छाबड़ा फिर सोफे पर। पति से बोलीं, ‘ये मेरा ब्लड-प्रेशर बढ़ा रही है। एक घंटे में काम फिनिश होना ज़रूरी है।’

छाबड़ा साहब ‘हांजी, आप दुरुस्त कहती हैं’ कह कर चुप हो गये।

एक घंटा पूरा होते ही मिसेज़ छाबड़ा ने औरत को रोक दिया। अभी किचिन का काम बाकी था। बोलीं, ‘बस रहने दो। किचिन का काम मैं कर लूंगी। तुम्हारे काम की स्पीड से मेरा ब्लड-प्रेशर बढ़ रहा है।’

औरत काम रोक कर खड़ी हो गयी, बोली, ‘मैडम, काम ज्यादा होगा तो टाइम तो लगेगा। उसमें हम क्या करेगी?’

मिसेज़ छाबड़ा बोलीं, ‘कोई बात नहीं। नेक्स्ट टाइम एक घंटे में पूरा करने की कोशिश करना। अगली बार हम आपको ब्रेकफास्ट और टी देंगे।’

औरत ‘ओके, थैंक यू’ कह कर चलती बनी।

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ गद्य क्षणिका#69 – तथाकथित… – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– तथाकथित…” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ गद्य क्षणिका # 69 — तथाकथित — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

एक गुफा में कुछ अस्थियाँ मिल जाने पर उन्हें इतिहास से जोड़ कर देखा गया। माना गया जानवरों की अस्थियाँ होंगी। पर यह अंतिम तर्क न बन पाया। जो तर्क जमा वह यह था भगवानदर्शी ऋषि ऐसी ही गुफाओं में तप करते थे। उस देश का वर्तमान बहुत भ्रष्ट था। परंतु अब इतिहास की एक तथाकथित धरोहर मिल जाने से अब तो मानो तमाम भगवान वहीं से पैदा हो कर पूरे देश में विचरण करने निकलते हैं।

 © श्री रामदेव धुरंधर

17 – 07 – 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 298 – शिवोऽहम् ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 298 ☆ शिवोऽहम्… ?

।। चिदानन्दरूपः शिवोऽहम् शिवोऽहम्।।

गुरु द्वारा परिचय पूछे जाने पर बाल्यावस्था में जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वारा दिया गया उत्तर निर्वाण षटकम् कहलाया। वेद और वेदांतों का मानो सार है निर्वाण षटकम्। इसका पहला श्लोक कहता है,

मनोबुद्ध्यहङ्कार चित्तानि नाहं

न च श्रोत्रजिह्वे न च घ्राणनेत्रे ।

न च व्योम भूमिर्न तेजो न वायुः

चिदानन्दरूपः शिवोऽहम् शिवोऽहम् ॥

मैं न मन हूँ, न बुद्धि, न ही अहंकार। मैं न श्रवणेंद्रिय (कान) हूँ, न स्वादेंद्रिय (जीभ), न घ्राणेंद्रिय (नाक) न ही दृश्येंद्रिय (आँखें)। मैं न आकाश हूँ, न पृथ्वी, न अग्नि, न ही वायु। मैं सदा शुद्ध आनंदमय चेतन हूँ, मैं शिव हूँ , मैं शिव हूँ।

मनुष्य का अपेक्षित अस्तित्व शुद्ध आनंदमय चेतन ही है। आनंद से परमानंद की ओर जाने के लिए, चिदानंद से सच्चिदानंद की ओर जाने के लिए साधन है मनुष्य जीवन।

सर्वसामान्य मान्यता है कि यह यात्रा कठिन है। असामान्य यथार्थ यह  कि यही यात्रा सरल  है।

इस यात्रा को समझने के लिए वेदांतसार का सहारा लेते हैं जो कहता है कि अंत:करण और बहि:करण, इंद्रिय निग्रह के दो प्रकार हैं।  मन, बुद्धि और अहंकार अंत:करण में समाहित हैं। स्वाभाविक है कि अंत:करण की इंद्रियाँ देखी नहीं जा सकतीं, केवल अनुभव की जा सकती हैं। संकल्प- विकल्प की वृत्ति अर्थात मन, निश्चय-निर्णय की वृत्ति अर्थात बुद्धि एवं स्वार्थ-संकुचित भाव की वृत्ति अर्थात अंहकार। इच्छित का हठ करनेवाले मन, संशय निवारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाली बुद्धि और अपने तक सीमित रहनेवाले अहंकार की परिधि में मनुष्य के अस्तित्व को समेटने का प्रयास हास्यास्पद है।

बहि:करण की दस इंद्रियाँ हैं। इनमें से चार इंद्रियों आँख, नाक, कान, जीभ तक मनुष्य जीवन को बांध देना और अधिक हास्यास्पद है।

सनातन दर्शन में जिसे अपरा चेतना कहा गया है, उसमें निर्वाण षटकम् के पहले श्लोक में निर्दिष्ट आकाश, भूमि, अग्नि, वायु, मन, बुद्धि, अहंकार जैसे स्थूल और सूक्ष्म दोनों तत्व सम्मिलित हैं। अपरा प्रकृति केवल जड़ पदार्थ या शव ही जन सकती है। परा चेतना या परम तत्व या चेतन तत्व या आत्मा का साथ ही उसे चैतन्य कर सकता है, चित्त में आनंद उपजा सकता है, चिदानंद कर सकता है।

आनंद प्राप्ति में दृष्टिकोण महत्वपूर्ण है। दृष्टिकोण में थोड़ा-सा परिवर्तन, जीवन में बहुत बड़ा परिवर्तन लाता है। मनुष्य का अहंकार जब उसे भास कराने लगता है कि उसमें सब हैं, तो यह भास, उसे घमंड से चूर कर देता है। दृष्टिकोण में परिवर्तन हो जाए तो वह धन, पद, कीर्ति पाता तो है पर उसके अहंकार से बचा रहता है। वह सबमें खुद को देखने लगता है। सबका दुख, उसका दुख होता है। सबका सुख, उसका सुख होता है। वह ‘मैं’ से ऊपर उठ जाता है।

यूँ विचार करें करें कि जब कोई कहता है ‘मैं’ तो किसे सम्बोधित कर रहा होता है? स्वाभाविक है कि यह यह ‘मैं’ स्थूल रूप से दिखती देह है। तथापि यदि आत्मा न हो, चेतन स्वरूप न हो तो देह तो शव है। शव तो स्वयं को सम्बोधित नहीं कर सकता। चिदानंद चैतन्य, शव को शिव करता है  और जगद्गुरु आदि शंकराचार्य के शब्द सृष्टि में चेतनस्वरूप की उपस्थिति का सत्य, सनातन प्रमाण बन जाते हैं।

इसीलिए कहा गया है, ‘शिवोहम्’,..मैं शिव हूँ..’मैं’ से शव का नहीं शिव का बोध होना चाहिए। यह बोध मानसपटल पर उतर आए तो यात्रा बहुत सरल हो जाती है।

यात्रा सरल हो या जटिल, इसमें अभ्यास की बड़ी भूमिका है। अभ्यास के पहले चरण में निरंतर बोलते, सुनते, गुनते रहिए, ‘शिवोऽहम्।’

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ श्रावण साधना रविवार ११ जुलाई 2025 से रक्षाबंधन तदनुसार शनिवार 9 अगस्त तक चलेगी। 🕉️

💥 इस साधना में ॐ नमः शिवाय का मालाजप होगासाथ ही गोस्वामी तुलसीदास रचित रुद्राष्टकम् का पाठ भी करेंगे। 💥 

💥 101 से अधिक मालाजप करने वाले महासाधक कहलाएंगे 💥

💥 संभव हो तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी इससे जोड़ें💥  

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं।

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कथा कहानी – लघुकथा – “बच्चे पालने हैं…” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी , बी एड , प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । यादों की धरोहर हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह -एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह-महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कथा कहानी – लघुकथा – “बच्चे पालने हैं…” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

आज मेडिकल हाल बंद था ।

क्यों ? साथ वाले करियाना के दुकानदार से पूछा ।

कुछ बता नहीं पाया ।

काफी दिनों से यहीं दवाई लेने से एक मुस्कान का रिश्ता बन गया था और नम्बर भी ले लिया था । 

फोन मिलाया ।

-क्या हुआ ? मेडिकल हाल बंद क्यों है ?

-चालान हो गया ।

-क्यो ?

-नकली ग्राहक आया और बिना पर्ची वाली दवाई दे बैठा।

-फिर सात दिन मेडिकल हाल बंद करने का सरकारी हुक्म ।

-कब खुलेगा मेडिकल हाल ?

-बस । कल का दिन और बंद रहेगा ।

-जब इतनी बड़ी बात थी तो खोलने का हुक्म कैसे?

-ले लिया न माल इंस्पेक्टर ने ।

-अरे । ऐसे कैसे ?

-यह इंस्पेक्टर ऐसा ही है । कुछ दिन पहले सामने वाले केमिस्ट से भी ले गया ।

-तुमसे कितने ले गया ?

-छोड़ो जी ।

-क्यों ?

-बच्चे पालने हैं ।

-मैं तुम्हारे पैसे वापस दिला सकता हूं ।

-कैसे ?

-अधिकारियों तक मामला ले जाकर ।

-न जी । ऐसा न करना ।

-क्यों ?

-जो हो गया सो हो गया ।

-अरे ? कोई बड़ा जुर्म नहीं किया और बड़ी रकम ऐंठ ले गया और तुम चुप के चुप सह रहे हो जुल्म?

-बस जी । क्या करें ?…  बच्चे पालने हैं ।

शहीद भगतसिंह ने यदि एक बार भी सोचा होता कि बच्चे पालने हैं तो,,,,

मैं सोचता गया सोचता गया…

☆

© श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा – भाग-६ – गंगासागर से कलकत्ता ☆ श्री सुरेश पटवा ☆

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। अब आप प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकते हैं यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा।)

? यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा – भाग-६ – गंगासागर से कलकत्ता ☆ श्री सुरेश पटवा ?

 

आज 17 जून 2023 को वापसी यात्रा आरम्भ होना है। जिस ऑटो से आए थे। उसके चालक का फ़ोन नंबर ले लिया था। उसे फ़ोन किया तो नौ बजे होटल के दरवाज़े पर ऑटो आ खड़ा हुआ। गंगा सागर से काचुबेरिया जेट्टी तक 32 किलोमीटर फिर वही नज़ारा, हर घर के सामने घनी हरियाली की गोद में एक पोखर, मुर्गियाँ, बदक और बकरियों के झुंड। ममता दीदी ने लड़कियों को साइकिल दी है। वे साइकिलों पर सरपट स्कूल जा रही हैं। दूध वाले, सब्ज़ी वाले और अख़बार के हाकर पसीना बहा रहे हैं। ऑटो जेट्टी की तरफ़ भाग रहे हैं। दस बजने को पाँच मिनट पहले जेट्टी पहुँचे। फेरी रवाना होने को तैयार थी। फटाफट टिकट लिए और फेरी में सवार हुए ही थे कि वह चल दी। चालीस मिनट में कॉकद्वीप पहुँच कर टैक्सी से कोलकाता रवाना होना है। जेट्टी में बढ़वानी जिले से तीर्थ भ्रमण योजना अन्तर्गत छत्तीस लोगों का एक समूह है। उनके बीच पाकर लगा कि महेश्वर में नर्मदा पार कर रहे हैं। आज धूप नहीं है। आसमान बादलों से मढ़ा है। ठंडी हवा बह रही है। सामने मस्त लहरों का मनमोहक लास्य है। फेरी में बैठते ही एक लड़का एकतारा पर गाने लगा।

 सुन मेरे बंधु रे””””””””””

सुन मेरे मितवा “”””””””

सुन मेरे सा ॰॰॰॰॰॰॰॰थी रे

सचिन बर्मन की आवाज़ कानो में गूँजने लगी।

गीत को गुनगुनाते-गुनगुनाते ………गाने लगे। जब लय मिल गई तो लम्बी तान खींची””””” सुन मेरे बंधु रे”””””””””” सुन मेरे मितवा “” सुन मेरे सा ……थी रे”””” फिर पूरा गाना गाया। नाव में मौजूद यात्रियों ने देर तक तालियाँ बज़ाईं। मुखड़े से अंतरे पर उतरे। थोड़ा लड़खड़ा कर संभल गए। फिर तो ब्रह्मरांध्र से आनंद अमृत रिसने लगा।

होता तू पीपल, मैं होती अमर लता तेरी

तेरे गले माला बन के पड़ी मुस्काती रे

सुन मेरे सा ……थी रे”””” 

 

जिया कहे तू सागर, मैं होती तेरी नदिया

लहर बहर करती, अपने पिया से मिल जाती रे 

सुन मेरे सा ……थी रे”””” 

आप अगर इस गीत का आनंद लेना चाहते हैं तो मोबाईल पर इस गीत को सुन कर आगे बढ़िए। टेक्नोलॉजी ने क्या ग़ज़ब किया, मुट्ठी में आनंद थमा दिया। इस गीत में प्रेमिका की जगह अपनी “आत्मा” को रखिए और पिया की जगह “परब्रह्म” को। इसे फिर से सुनिए। मौत हसीना लगने लगेगी। इसके पहले की महबूबा की आहट आए, कॉकद्वीप जेट्टी आ गया। जेट्टी (jetty) ऐसे ढांचे को कहते हैं जो किसी जलाश्य में धरती के निकले हुए भाग पर बना हो। यह मूल रूप से फ़्रान्सीसी भाषा के “जेते” (jetée) शब्द से उत्पन्न हुआ है जिसका अर्थ “फेंका हुआ” होता है। किनारे पहुँचने पर नाव को स्थिर करने हेतु रस्सियाँ फेंक कर बाँधी जाती हैं। जेटियाँ अक्सर नौकाओं को समुद्र की थपेड़ों और तेज़ हवाओं से सुरक्षित रखने के लिये बनाई जाती हैं। फेरी ने लंगर डाला और हम पार लग गए। इस एक जेट्टी से उस पार दूसरी जेट्टी कई फेरे लगाने से इनका नाम फेरी पड़ गया है।

टैक्सी ड्राइवर मनोज साहा को फ़ोन करके बुला लिया। वापसी यात्रा का अगला पड़ाव कोलकाता है। रास्ते में बेलपुकुर गाँव में एक मिठाई की दुकान पर रुक वहाँ मिष्ठु मलाई चाप और संदेश चखा। वहाँ “ओ रे माँझी” गीत बज रहा था। उसके बाद मन की सुई ओ रे माझी गीत पर अटक गई।

ओ रे माँझी ……… ओ रे माँझी ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰

ओ ओ मेरे माँझी

 

मेरे साजन हैं उस पार,

मैं मन मार, हूँ इस पार

ओ मेरे माँझी, अबकी बार,

ले चल पार, ले चल पार

मेरे साजन हैं उस पार…

यह गीत मोबाइल पर वाईफ़ाई से टैक्सी के स्पीकर पर सेट कर दिया। फिर आनंद स्रोत खुल गए । इसमें भी “राधा” और “कृष्ण” के आत्मा और परमात्मा रूपक निराले मिलन दृश्य मस्तिष्क की स्क्रीन पर उभरने लगे। इसमें हक़ीक़ी और मज़ाज़ी दोनों रस हैं। ये अमर गीत है।

मत खेल जल जाएगी (तृष्णा),

कहती है आग मेरे मन की

मैं बंदिनी (राधा-आत्मा) पिया (कृष्ण-परमात्मा) की चिर संगिनी हूँ साजन की

मेरा खींचती है आँचल मन मीत तेरी हर पुकार

मेरे साजन हैं उस पार

ओ रे माँझी (काल) ……… ओ रे माँझी.… ओ ओ मेरे माँझी

ले चल पार॰॰॰॰अब की बार॰॰॰ले चल पार।

जल की बहुलता से बंगाल में नाव और माँझी लोक कलाओं के जीवंत पात्र हैं। बंगाली माटी के संगीतज्ञ सचिन देव बर्मन ने शास्त्रीय, रवींद्र और लोक धुनों को मिलाकर जादू रचा है। उनके जादू पर मोहित होकर मराठी मास्टर रमेश तेंदुलकर ने जादुई बेटे का नाम सचिन तेंदुलकर रखा था।

बंगाल संस्कृति की तरह बंगाली भाषा भी एशिया में सबसे विकसित सांस्कृतिक भाषा परंपराओं में से एक है। प्राचीन संस्कृत और मगधी प्राकृत की वंशज बंगाली भाषा पाल और सेन राजवंश के शासन में हिंदी से पहले लगभग 1000-1200 ईस्वी तक विकसित हुई।  यह अरबी और फारसी के प्रभाव को अवशोषित कर बंगाल में सल्तनत काल की भी एक आधिकारिक अदालती भाषा बन गई थी।

हमारी यात्रा के दौरान बंगाल में पंचायत चुनाव का माहौल है। उपद्रव आगजनी हत्यारों का दौर चल रहा है। डायमंड हार्बर और कोलकाता के बीच उपद्रव की खबरें हैं। इसलिए ड्राइवर ने शॉर्टकट लेने के चक्कर में गाड़ी को अत्यंत घने ग्रामीण इलाक़े से गुज़रने वाले रास्ते पर उतार दी। रास्ते पर ग्रामीण बंगाली जीवन के दर्शन होने लगे। बीच में एक बड़ा सरोवर है। उसके चारों तरफ़ झोपड़ीनुमा कच्चे घर हैं। घर के दरवाज़े से चार-पाँच कच्ची सीढ़ियाँ उतरते ही निस्तार हेतु सरोवर का पानी मिल जाता है। बंगाली नारियाँ साड़ी कटि में खौंस बच्चों को नहला रही हैं। घर के भीतर ही मुर्गियाँ और बकरियां खुली घूम रही हैं। यहाँ एक-दो प्रतिशत हिंदू छोड़कर पूरी आबादी मुस्लिम है। लेकिन कभी दंगे या धर्म परिवर्तन की घटनाएँ नहीं हुईं। इसके दो कारण बताए जाते हैं। एक तो बंगाली मुसलमान शान्तिप्रिय होते हैं। दूसरा यहाँ उपद्रवी बिहारी मुसलमान नेताओं की पैठ नहीं है। स्थानीय लोग मुसलमान होकर भी उनकी संस्कृति हिंदू ही है।   

बंगाली भाषा ने मध्य काल में 16वीं और 17वीं  शताब्दी में धर्म निरपेक्ष साहित्य का विकास किया। यह  भाषा अराकान (छंद) में भी बोली जाती थी। बंगाली पुनर्जागरण के दौरान कलकत्ता में 19वीं और 20वीं सदी में भाषा का आधुनिक मानकीकृत रूप विकसित हुआ आनंद मठ के रचयिता बंकिम चंद चट्टोपाध्याय जैसे महान साहित्यकार हुए। रवींद्रनाथ टैगोर 1913 में “गीतांजली” के लिए साहित्य में नोबेल पुरस्कार जीतने वाले पहले गैर-यूरोपीय भारतीय साहित्य नोबेल पुरस्कार विजेता बने। ऋत्विक घटक ने टैगोर के बारे में कहा, “उस व्यक्ति ने मेरे जन्म से काफी पहले मेरी समस्त भावनाओं को दुर्बल कर दिया … मैं उन्हें पढ़ता हूँ और पाता हूं कि …मेरे पास कहने के लिए कुछ भी नया नहीं है।” ऋत्विक घटक ने अपनी फ़िल्मों मेघे ढाका तारा (बादलों से आच्छादित सितारा) और सुवर्ण रेखा में बंगाल-विभाजन के बाद की मार्मिकता को व्यक्त करने के लिए रवींद्रसंगीत का उपयोग किया है।

1941 में टैगोर की मृत्यु हो गई लेकिन उनका गौरव और उनके गीतों का प्रभाव अनन्त है। अपने गीतों में, उन्होंने कविता को सृष्टिकर्त्ता, प्रकृति और प्रेम से एकीकृत किया गया है। मानवीय प्यार (प्रेम) सृष्टिकर्त्ता के प्रति समर्पण (भक्ति) में बदल जाता है। उनके 2000 अतुल्य गीतों का संग्रह गीतबितान (गीतों का बगीचा) के रूप में जाना जाता है। इस पुस्तक के चार प्रमुख हिस्से हैं- पूजा (पूजा), प्रेम (प्यार), प्रकृति (प्रकृति) और बिचित्रा (विविध)। हालांकि, कई गीतों में यह वर्गीकरण भेद पिघल जाता है। बारिश से सम्बंधित एक गीत प्रेमी के लिए तड़प दर्शाता है। एक प्रेम गीत सृष्टिकर्त्ता के लिए प्रेम में बदल सकता है। उनका एक गीत है- “तुम मेरे गीत से परे खड़े हो। मेरे स्वरों की ध्वनि तुम्हारे चरणों तक पहुंचती है लेकिन मैं तुम तक नहीं पहुंच पाता।”

बंगाल कई चीजों के लिए प्रसिद्ध है, और उनमें सबसे महत्वपूर्ण है मुंह में पानी लाने वाले रसगुल्ला, चोमचोम और रसमलाई, सुपर स्वादिष्ट सोरशे इलिश और चिंगरी माचेर, मलाई करी अत्यधिक चलन में है।  इस क्षेत्र की सबसे पसंदीदा मछलियों में हिलसा या इलिश फिश करी को बहुत पसंद किया जाता है। यह तीखी महक वाली करी कलौंजी और मिर्च से तैयार की जाती है। आलू के व्यंजन को बनाने के अलग-अलग तरीके हैं, लेकिन यह बंगाली घरों में लोकप्रिय बना हुआ है। अगर घर में और कुछ नहीं है तो आलू हमेशा रहता है। इस को कई अलग-अलग मसालों के साथ कई अलग-अलग तरीकों से तैयार किया जाता है। यह आमतौर पर लूची के साथ खाया जाता है, जो एक अन्य बंगाली व्यंजन है। मिष्टी दोई एक मीठा दही व्यंजन है जिसे रात के खाने के अंत में परोसा जाता है हालाँकि अब पूरे देश में पसंद किया जाता  है।

बंगाल के उर्दू शायर काजी नजरूल इस्लाम को ब्रिटिश भारत के विद्रोही कवि के रूप में जाना जाता था। उर्दू पॉलिटिक्स से अनुप्राणित 1905 में बंगाल विभाजन के बाद पूर्वी बंगाल में एक विशिष्ट उर्दू संस्कृति विकसित हुई, जो बाद में पूर्वी पाकिस्तान और बांग्लादेश बन गई।

कोलकाता पहुँच कर साल्ट लेक स्टेडियम के गेट नंबर दो के सामने स्वीट एंड सोर रेस्टोरेंट में परम्परा गत बंगाली राइस प्लेट से लंच किया। जिसमें भात, सब्ज़ी, दाल के साथ आम की खट्टी मीठी लौंजी थी। मछली खाने वालों ने मच्छी करी अलग से ऑर्डर कर दी। दमदम में एयरपोर्ट के गेट नंबर तीन के पास एयरपोर्ट सिटी होटल में कमरा बुक करा लिया था। दिन के तीन बजे होटल के कमरे में थे।

शाम को कलकत्ता का प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर मंदिर घूमने गए । दक्षिणेश्वर काली मन्दिर उत्तर कोलकाता में विवेकानन्द सेतु के कोलकाता छोर के निकट हुगली नदी के किनारे स्थित है। इस मंदिर की मुख्य देवी भवतारिणी काली है, जो काली माता ही है। वर्तमान दक्षिणेश्वर मंदिर का निर्माण सन 1847 में प्रारम्भ हुआ था। अंग्रेज बंगाल में लगान वसूली हेतु ज़मींदारी व्यवस्था लागू कर चुके थे। कलेक्टर व्यवस्था 1861 में आनी थी। जान बाजार की ज़मीन्दार, रानी रासमणि को माँ काली ने स्वप्न में आदेश दिया कि शक्ति मंदिर का निर्माण किया जाए। सन 1855 में मंदिर का निर्माण पूरा हुआ। यह मंदिर 25 एकड़ क्षेत्र में स्थित है। जिस टैक्सी से कॉकद्वीप से कलकत्ता पहुँचे थे। उसी से यह भी तय कर लिया था कि वही शाम को दक्षिणेश्वर काली मंदिर दर्शन कराएगा। वह होटल के आसपास रुका रहा। होटल में चेक-इन करके कमरे में आधा घंटा कमर सीधी कर घूमने निकले।

दक्षिणेश्वर काली मन्दिर प्रख्यात दार्शनिक एवं रामकृष्ण मिशन के संस्थापक विश्व पटल पर प्रखर सनातन प्रवक्ता स्वामी विवेकानंद के गुरु हिन्दू नवजागरण के प्रमुख सूत्रधार स्वामी रामकृष्ण परमहंस की कर्मभूमि रही है। वर्ष 1857-68 की कालावधि में स्वामी रामकृष्ण इस मंदिर के प्रधान पुरोहित रहे। तत्पश्चात उन्होंने इस मन्दिर को ही साधना स्थली बना लिया। स्वामी रामकृष्ण परमहंस से इसका जुड़ाव इस मन्दिर की प्रतिष्ठा और ख्याति का प्रमुख कारण है। मंदिर के मुख्य प्रांगण के उत्तर पश्चिमी कोने में रामकृष्ण परमहंस का कक्ष आज भी उनकी स्मृति के रूप में संरक्षित रखा गया है।

हमने टैक्सी से उतर कर एक रुपया प्रति जोड़ी के हिसाब से स्टैंड पर जूते रखे। फिर एक रुपया प्रति मोबाईल के हिसाब से मोबाईल अभिरक्षा में रख कर काली मंदिर दर्शन की पंक्ति में लग गए। शनिवार का दिन होने से शाम को अधिक भीड़ थी। फिर भी आधा घंटा में दर्शन हो गए। हम एक स्थान पर बैठ कर रामकृष्ण परम हंस की आध्यात्मिक विवेचना और मंदिर निर्माण के इतिहास पर सोचते रहे। किंवदंती है कि स्वामी रामकृष्ण परमहंस को काली माता दर्शन देती थीं। पवन भाई प्रांगण में घूमने निकल लिए। जब वे आधा घंटा नहीं आये तो हम उनको ढूँढने निकले। वे प्रांगण में नहीं मिले तो हम वहाँ से बाहर निकल गंगा नदी किनारे उन्हें देखने पहुँचे। वे वहाँ भी नहीं मिले। गंगा प्रवाहित दिख  गई। अब किसकी ज़रूरत थी।

गंगा दोनों किनारों तक लबालब भरी बह रही थी। उसमें बहाव तेज था पर भरी होने से कम दिख रहा था। ऐसा लगा कि 2400 किलोमीटर चलकर सागर से मिलने के पहले गंगा ठिठक गई है। विचार आया कि हिंदुओं की आस्था की प्रतीक गंगा सदियों से इसी तरह प्रवाहित है। प्रागवौदिक से वैदिक और उत्तरवैदिक युग के बाद उपनिषदीय युग से होती हुई महाकाव्य काल और पौराणिक काल तक की सनातन षठदर्शन सभ्यता की साक्षात प्रतीक यह गंगा मन को आह्लादित कर देती है। आस्थावान हिंदू के हृदय से स्वेमव स्फुरण होता है- हर-हर गंगे।

हमारा बहत्तरवाँ साल चल रहा है। आज से इकहत्तर साल पहले हम नहीं थे और शायद पाँच-दस साल बाद इस नश्वर देह में नहीं होंगे, लेकिन गंगा सदियों से प्रवाहित है और पृथ्वी के अस्तित्व तक प्रवाहित होती रहेगी। मान्यता है कि हमारी आत्मा परमात्मा में विलीन होगी और देह धरा की धूल होकर गंगा की धरोहर होगी। हमारा क्या, सभी का यही अंतिम हश्र है। इस वसुंधरा पर जीव जंतु के प्रथम आगमन या उद्गम से यह परिपाटी अनवरत जारी है। उस समय तक जारी रहेगी जब तक ब्रह्मांड खंड-खंड होकर विखंडित होगा। इस जगत में कुछ भी हमेशा रहने वाला नहीं है। मनुष्य की तरह सूर्य और उसके ग्रहों की भी एक आयु है। मनुष्य की सबसे बड़ी गफ़लत यह है कि वह हरेक चीज को अवचेतन रूप से स्थायी समझता है। जबकि नया बनने के लिए पुराना मिटना अनिवार्यता है। हर कण हर क्षण नया बनने को मिट रहा है। बूँद सागर हो रही है। सागर वाष्पीकरण से आकाश तक उठ रहा है। आकाश धुँध को बूँद-बूँद बादल में बदल रहा है। बादलों को समेट बरस रहा है। यही अनवरत चक्र है। मनुष्य की नियति धुँध से धुँध की यात्रा है। एक धुँध में लिपटा आता है दूसरी धुँध में सिमटा चला जाता है। यही वृतांत है। रवि इस चक्र को चला रहा है। वही चक्र का स्वामी है। उसके ऊपर अंतर्यामी है। सामने भवतारिणी गंगा है। पवन भाई कहीं नहीं दिखे तो हमने टोकन देकर स्टैंड से जूते और मोबाइल उठाए और टैक्सी के नज़दीक पहुँचे ही थे तभी वे सामने से आते दिखे।

गंगा भारत में कुल मिलाकर 2525 किलोमीटर की दूरी तय करती हुई उत्तराखंड में हिमालय के गंगोत्री हिमनद के गोमुख स्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी के सुन्दरवन तक विशाल भू-भाग को सींचती है। गंगोत्री से ऋषिकेश, हरिद्वार, प्रयाग, काशी और गंगा सागर प्रमुख तीर्थ हैं। आध्यात्मिक एवं भौतिक प्रकृति के अद्भुत संगम भारत के भूलोक को गौरव तथा प्रकृति का पुण्य स्थल कहा गया है। इस भारत-भूमि तथा भारतवासियों में नये जीवन तथा नयी शक्ति का संचार करने का श्रेय गंगा नदी को जाता है। गंगा को भारत की जीवन-रेखा तथा गंगा की कहानी को भारत की कहानी माना जाता है। गंगा की महिमा अपार है। गंगा एक नदी मात्र नहीं बल्कि एक सभ्यता की प्रतीक है। अत: गंगा की शुद्धता के लिए प्राथमिकता से प्रयास किये जाने चाहिए।

प्रयाग, वाराणसी, कोलकाता, कानपुर आदि न जाने कितने औद्योगिक नगर गंगा के तट पर ही बसे हैं। यहाँ लगे छोटे-बड़े कारखानों से बहने वाला रासायनिक प्रदूषित पानी, कचरा आदि गन्दे नालों तथा अन्य मार्गों से आकर गंगा में ही विसर्जित होता है। वैज्ञानिकों का यह भी मानना है कि सदियों से आध्यात्मिक भावनाओं से अनुप्राणित होकर गंगा की धारा में मृतकों की अस्थियाँ एवं अवशिष्ट राख तो बहाई जा ही रही है, अनेक लावारिस और बच्चों के शव भी बहा दिये जाते हैं। बाढ़ आदि के समय मरे पशु भी धारा में आ मिलते हैं। इन सबने भी गंगा-जल-प्रदूषण की स्थितियाँ पैदा कर दी हैं। गंगा के किनारों और आसपास से वनों का निरन्तर कटाव, वनस्पतियों, औषधीय तत्त्वों का विनाश भी प्रदूषण का एक बहुत बड़ा कारण है।

क्रमशः…

© श्री सुरेश पटवा 

भोपाल, मध्य प्रदेश

*≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रेयस साहित्य # १५ – कविता – सफर जिन्दगी का… ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆

श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # १५ ☆

☆ कविता ☆ ~ सफर जिन्दगी का… ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

☆

जिंदगी के सफर में किरदार कितने हैं

कितने भटक रहे, समझदार कितने हैं,

समझ नहीं पाता कि कैसी अदा करुँ,

गद्दार कितने हैं, वफादार कितने हैं… 1

*

यह दुनिया रंग मंच है, अभिनव दिखाएंगी

जाने का करके नाटक, फिर लौट आएगी

कीचड़ भरे आंगन में ईमानदार कितने हैं

जिंदगी के सफर में किरदार कितने हैं

कितने भटक रहे समझदार कितने हैं,…2

*

दुख होता है पर सोचकर,मैं सो जाता हूं

गम झेल चुके पीछे, उसमें खो जाता हूं

लिखना है बहुत , पर लिखना बड़ा मुश्किल

कलम की दुनिया में, कलमकार कितने हैं

जिंदगी के सफर में किरदार कितने हैं

कितने भटक रहे,समझदार कितने हैं…3

*

छोड़ो चलो चलते हैं फिर अपनी गली में

देखना है सूर्य को, अब सकरी सी नली में

किताबें हैं हजार पर विचार कितने हैं

जिंदगी के सफर में, किरदार कितने हैं

कितने भटक रहे,समझदार कितने हैं…4

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

दिनांक 22-02-2025

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ “श्री हंस” साहित्य # 167 ☆ मुक्तक – ।। बस प्रेम का ही इज़हार हो,तेरे हर किरदार में ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

श्री एस के कपूर “श्री हंस”

 

☆ “श्री हंस” साहित्य # 167 ☆

☆ मुक्तक – ।। बस प्रेम का ही इज़हार हो,तेरे हर किरदार में ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

☆

=1=

बस मोहब्बत का पैगाम  हो तेरे हर सरोकार में।

अच्छी  बातों का बखान हो तेरे हर इज़हार में।।

सवाल जिंदगी से  मत करो क्या दिया है  उसने।

बस बनो तुम सब पर मेहरबान अपने किरदार में।।

=2=

सुनो अंतस की बात ये प्रभु की आवाज़ होती है।

चलोगे विधान विमुख तो बात  नासाज़ होती है।।

मत लेना      किसी   गरीब की  कोई बददुआ।

जान लो परमात्मा की लाठी बेआवाज़  होती है।।

=3=

कुछ लोगों का   काम होता दुर्भावना में जलते रहना।

दूसरों   को संताप  देकर खुशी से मचलते   रहना।।

घृणा को पालना पोसना कारोबार  बना लिया अपना।

किसीको ऊपर उठाना नहीं नर्क में स्वयं ढलते रहना।।     

=4=

रोज़   धीरे-धीरे      मरना नहीं हँस- हँस कर जीना है।

असली  आनंद जीवन का मेहनत    खून   पसीना है।।

जरा छोड़  कर देखो अहम आनंद जीने   का आयेगा।

प्रभु का मिला वरदान जीवन  एक अनमोल नगीना है।।

=5=

रिश्ते  भी     भूखे होते हैं  प्यार जता कर तो देखिए।

मिठास  चाशनी की तरह जरा फैला   कर तो देखिए।।

रंग भर  जायेगा इस  सूख चुकी     दुनियादारी   में।

बेवक्त  बेवजह  किसी  को गले लगा कर तो   देखिए।।

☆

© एस के कपूर “श्री हंस”

बरेलीईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब  – 9897071046, 8218685464

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा #232 ☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – कविता – ईश्वर सबको शुभ-कामों में देता निश्चित साथ है… ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – ईश्वर सबको शुभ-कामों में देता निश्चित साथ है…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # 232 ☆

☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – ईश्वर सबको शुभ-कामों में देता निश्चित साथ है…  ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

☆

धरती देती अन्न और फल, जल देता आकाश है

इससे जग का रक्षक ईश्वर है, ऐसा विश्वास है।

लेकिन कुछ पाने को सबको करना पड़ता काम है

सदा परिश्रम ही जीवन में देता हर आराम है।

क्या पाने को क्या करना है, यदि इसका नित ध्यान हो

और सही पथ पर चलने का यदि मनुष्य को ज्ञान हो

तो न काम कठिन है कोई, सब संभव संसार में

नयी योग्यता मिलती अनुभव से हर जीत या हार में।

ईश्वर सबको शुभ कार्यों में देता निश्चित साथ है

उसे ज्ञात है भले-बुरे में किसका कितना हाथ है।

सदाचार, सच्चाई, श्रम का इससे शुभ है रास्ता

तीन पाँच से कभी न रखना, बच्चों कोई वास्ता ॥

☆

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares