हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # 168 ☆ लघुकथा – इच्छा मृत्यु… ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है।आज प्रस्तुत है एक विचारणीय लघुकथा – इच्छा मृत्यु … ।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 168 ☆

? लघुकथा – इच्छा मृत्यु … ?

राजा शांतनु सत्यवती से विवाह करना चाहते थे. किंतु सत्यवती के पिता ने शर्त रख दी कि राज्य का उत्तराधिकारी सत्यवती का पुत्र ही हो. अपने पिता की सत्यवती से विवाह की प्रबल इच्छा को पूरा करने के लिए गंगा पुत्र भीष्म ने अखंड ब्रह्मचर्य की प्रतिज्ञा ले ली. पिता के प्रति प्रेम के इस अद्भुत त्याग से प्रसन्न हो, उन्होने भीष्म को इच्छा मृत्यु का वरदान दिया था.

किंतु, पितामह भीष्म को बाणों की शैया पर मृत्यु की प्रतीक्षा करनी पड़ी. भीष्म शर शैया पर दुखी थे और उनकी इस अवस्था पर भगवान कृष्ण मुस्करा रहे थे.

दूसरी ओर यह समझते हुये भी कि सीता हरण कर भागते रावण को रोक पाना उसके वश में नहीं है, जटायु ने रावण से भरसक युद्ध किया. घायल जटायु को लेने यमदूत आ पहुंचे, किंतु जटायु ने मृत्यु को ललकार कर कहा, जब तक मैं इस घटना की सूचना, प्रभु श्रीराम को नहीं दे देता, मृत्यु तुम मुझे छू भी नहीं सकती. जटायु ने स्वयं ही जैसे इच्छा मृत्यु का चयन कर लिया.

श्रीराम सीता को ढ़ूंढ़ते हुये आये, जटायु से उन्हें सीताहरण की जानकारी मिली. जटायु ने  अपनी अंतिम सांसे भगवान श्रीराम की गोद में लीं. भगवान दुखी थे और जटायु स्वयं की ऐसी इच्छा मृत्यु पर प्रसन्न थे.

© विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३

मो ७०००३७५७९८

apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 128 – लघुकथा – चुनावी कशमकश… ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ ☆

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य  शृंखला में आज प्रस्तुत है स्त्री विमर्श पर आधारित सामाजिक-राजनीतिक व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाती सशक्त लघुकथा  चुनावी कशमकश ”। ) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 128 ☆

☆ लघुकथा – चुनावी कशमकश

गाँव में चुनाव का माहौल बना हुआ था। घर- घर जाकर प्रत्याशी अपनी-अपनी योजना और लाभ का विवरण दे रहे थे।

चुनाव कार्यालय से लगा हुआ छोटा सा मकान जिसमें अपने माता-पिता के साथ रूपा रहती थी। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। चाह कर भी रूपा पढ़ाई नहीं कर सकी। लेकिन सिलाई का कोर्स पूरा कर पूरे घर का खर्च चलाती थी।

माँ बेचारी दिहाड़ी मजदूरी का काम करती थी और पिताजी पैर से लाचार होने के कारण ज्यादा कुछ नहीं कर पाते परंतु अपना स्वयं का खर्च किसी तरह काम करके निकाल लेते थे।

चुनाव के झंडे, बैनर सिलने के लिए रूपा को दिया गया। रूपा ने बहुत ही सुंदर सिलाई कर प्रत्याशी को देने के लिए कार्यालय पहुंची।

रूपा की सुंदरता और युवावस्था को देखते ही युवा प्रत्याशी की आह निकल गयी। उसे सहायता करने के लिए आश्वासन दिया।

सहज सरल रूपा विश्वास कर घर आ गई। शाम का समय बारिश का मौसम, बिजली का चमकना, और तेज गर्जन के साथ, पानी बरस रहा था। दरवाजे पर आहट हुई, रूपा ने हाथ में टार्च लिया और दरवाजे खोल कर देखने लगी।

युवा प्रत्याशी लगभग भींगा हुआ और हाथों में कुछ बैनर रूपा को देकर कहने लगा….. “इसे अभी अर्जेंट ही तैयार करना है।”

रूपा ने हाँ में सिर हिला कर दरवाजे से अंदर आने को कहा। अपने काम में लग गई।

सिगरेट का कश खींचते हुए प्रत्याशी जाने कब रूपा को मदहोश कर गया। समझ ना सकी। माता-पिता दूसरे कमरे में आराम कर रहे थें।

उन्हें लगा नेता जी बहुत अच्छे इंसान हैं, जो हमारी सहायता के लिए कपड़े लेकर आए हैं।

“अब मेरा क्या होगा?” …. रूपा ने प्रश्न किया? “चुनाव के बाद मैं तुम्हें अपना लूंगा। तुम किसी से चर्चा नहीं करना।”

“मेरी सारी मेहनत बेकार हो जाएगी। मैं वचन देता हूं तुम्हें किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होने दूंगा।”

युवा प्रत्याशी चलता बना। रूपा कभी हाथ में ढेंर सारे नोट को देखती और कभी बैनर पर लिपटी अपने आप को।

आज  पाँच  साल बाद माता – पिता तो नहीं रहे। रूपा बैनर झंडे फिर से बना रही थीं। साथ में उसका छोटा सा बच्चा तोतली भाषा में ‘नेताजी जिंदाबाद’ के नारे लगा रहा था।

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – अहम की भेंट ☆ डॉ कामना तिवारी श्रीवास्तव ‘कौस्तुभ’ ☆

डॉ कामना तिवारी श्रीवास्तव ‘कौस्तुभ’

(आज  प्रस्तुत है  डॉ कामना कौस्तुभ जी की एक विचारणीय लघुकथा अहम की भेंट) 

 ☆ कथा कहानी ☆ लघुकथा – अहम की भेंट ☆ डॉ कामना तिवारी श्रीवास्तव ‘कौस्तुभ’ ☆ 

धूमधाम से मुंबई से मैट्रिक पास लड़की को ब्याह कर लाए। कुछ दिनों बाद निशा ने कहा आप लोगों ने तो कहा था कि पढ़ने देंगे। तब अजय ने डांट कर कहा – “कोई जरूरत नहीं पढ़ने लिखने की। घर गृहस्ती संभालो और उसके बाद मारपीट गाली-गलौज के माहौल में एक के बाद एक तीन लड़कियों को जन्म दिया। अजय के तेज स्वभाव ने कभी भी उसे गृहस्ती के या लड़कियों के पढ़ाई लिखाई और भविष्य के निर्णयों में बोलने का अधिकार नहीं दिया। तीनों लड़कियों को बिना ज्यादा पढ़ाई के शादी कर जहां-तहां पटक दिया गया।

 यहां तक कि अजय का बिजनेस कैसे चलता है इसकी जानकारी भी कभी निशा को नहीं दी। अचानक अजय को एक के बाद एक दो हार्ट अटैक आए और 2 दिन के बाद ही हार्ट फेल हो गया। तेरहवीं के बाद निशा ने सोचा कि जीवन तो चलाना ही होगा। उसने अजय  की अलमारी छान मारी पर कहीं कोई हिसाब किताब, लिखा पढ़ी, किस से कितना पैसा लेना है कोई भी जानकारी नहीं मिली ना ही बैंक अकाउंट में कोई पैसा, न हीं खुद का मकान। बेटियां भी आत्मनिर्भर नहीं थी। तो ना तो उनसे और ना ही उनके ससुराल से कोई सहारा मिला।  2 महीने से छोटी-मोटी नौकरी भटकने के बाद भी कहीं से कोई जवाब नहीं मिला।

एक बार फिर एक नारी का जीवन एक पुरुष के अहम् की भेंट चढ़ गया।

© डॉ कामना तिवारी श्रीवास्तव ‘कौस्तुभ’

मो 9479774486

जबलपुर मध्य प्रदेश

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार # 95 – अभागा राजा और भाग्यशाली दास ☆ श्री आशीष कुमार ☆

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। 

अस्सी-नब्बे के दशक तक जन्मी पीढ़ी दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियां सुन कर बड़ी हुई हैं। इसके बाद की पीढ़ी में भी कुछ सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उन कहानियों को बचपन से  सुनने का अवसर मिला है। वास्तव में वे कहानियां हमें और हमारी पीढ़ियों को विरासत में मिली हैं। आशीष का कथा संसार ऐसी ही कहानियों का संग्रह है। उनके ही शब्दों में – “कुछ कहानियां मेरी अपनी रचनाएं है एवम कुछ वो है जिन्हें मैं अपने बड़ों से  बचपन से सुनता आया हूं और उन्हें अपने शब्दो मे लिखा (अर्थात उनका मूल रचियता मैं नहीं हूँ।”)

☆ कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #95 🌻 अभागा राजा और भाग्यशाली दास 🌻 ☆ श्री आशीष कुमार

एक बार एक गुरुदेव अपने शिष्य को अहंकार के ऊपर एक शिक्षाप्रद कहानी सुना रहे थे।

एक विशाल नदी जो कि सदाबहार थी उसके दोनो तरफ दो सुन्दर नगर बसे हुये थे! नदी के उस पार महान और विशाल देव मन्दिर बना हुआ था! नदी के इधर एक राजा था। राजा को बड़ा अहंकार था । वह कुछ भी करता तो अहंकार का प्रदर्शन करता। वहाँ एक दास भी था, बहुत ही विनम्र और सज्जन!

एक बार राजा और दास दोनो नदी के वहाँ गये राजा ने उस पार बने देव मंदिर को देखने की इच्छा व्यक्त की दो नावें थी रात का समय था एक नाव मे राजा सवार हुआ और दूजे मे दास सवार हुआ। दोनो नाव के बीच मे बड़ी दूरी थी!

राजा रात भर चप्पू चलाता रहा पर नदी के उस पार न पहुँच पाया सूर्योदय हो गया तो राजा ने देखा की दास नदी के उसपार से इधर आ रहा है! दास आया और देव मन्दिर का गुणगान करने लगा तो राजा ने कहा की तुम रात भर मन्दिर मे थे! दास ने कहा की हाँ और राजाजी क्या मनोहर देव प्रतिमा थी पर आप क्यों नही आये!

अरे मैंने तो रात भर चप्पू चलाया पर …..

गुरुदेव ने शिष्य से पुछा वत्स बताओ की राजा रातभर चप्पू चलाता रहा पर फिर भी उस पार न पहुँचा? ऐसा क्यों हुआ? जब की उस पार पहुँचने मे एक घंटे का समय ही बहुत है!

शिष्य – हॆ नाथ मैं तो आपका अबोध सेवक हुं मैं क्या जानु आप ही बताने की कृपा करे देव!

ऋषिवर – हॆ वत्स राजा ने चप्पू तो रातभर चलाया पर उसने खूंटे से बँधी रस्सी को नही खोला!

और इसी तरह लोग जिन्दगी भर चप्पू चलाते रहते है पर जब तक अहंकार के खूंटे को उखाड़कर नही फेकेंगे आसक्ति की रस्सी को नही काटेंगे तब तक नाव देव मंदिर तक नही पहुंचेगी!

हॆ वत्स जब तक जीव स्वयं को सामने रखेगा तब तक उसका भला नही हो पायेगा! ये न कहो की ये मैने किया ये न कहो की ये मेरा है ये कहो की जो कुछ भी है वो सद्गुरु और समर्थ सत्ता का है मेरा कुछ भी नही है जो कुछ भी है सब उसी का है!

स्वयं को सामने मत रखो समर्थ सत्ता को सामने रखो! और समर्थ सत्ता या तो सद्गुरु है या फिर इष्टदेव है , यदि नारायण के दरबार मे राजा बनकर रहोगे तो काम नही चलेगा वहाँ तो दास बनकर रहोगे तभी कोई मतलब है!

जो अहंकार से ग्रसित है वो राजा बनकर चलता है और जो दास बनकर चलता है वो सदा लाभ मे ही रहता है!

इसलिये नारायण के दरबार मे राजा नही दास बनकर चलना!

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – सीख ☆ श्री हरभगवान चावला ☆

श्री हरभगवान चावला

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री हरभगवान चावला जी की अब तक पांच कविता संग्रह प्रकाशित। कई स्तरीय पत्र पत्रिकाओं  में रचनाएँ प्रकाशित। कथादेश द्वारा लघुकथा एवं कहानी के लिए पुरस्कृत । हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा श्रेष्ठ कृति सम्मान। प्राचार्य पद से सेवानिवृत्ति के पश्चात स्वतंत्र लेखन।) 

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – सीख ।)

☆ लघुकथा – सीख  ☆ श्री हरभगवान चावला ☆

मुन्ना जब बहुत छोटा था, माँ को हमेशा लगता कि कहीं वह भूखा न रह जाए। वह उसकी अनिच्छा के बावजूद उसे बार-बार दूध पिलाती रहती। मुन्ना बड़ा हो गया, उसकी भूख भी बड़ी हो गई, पर घर ग़रीब बना रहा। पति ने पत्नी से कहा,”हमें मुन्ना को भूखा रहना सिखाना होगा। तुमने बचपन में उसे ज़रूरत से ज़्यादा दूध पिलाया जिससे उसकी भूख बढ़ गई।”

“उसकी भूख की चिन्ता तुम्हें मुझसे ज़्यादा थी, मुझे इल्ज़ाम मत दो।”

“चलो छोड़ो पिछली बातें। आज की परिस्थिति में उसकी भूख हमारी ही नहीं, उसकी भी चिंता का कारण होनी चाहिए। रोज़गार कहीं है नहीं। कहीं दिहाड़ी करेगा तो दिहाड़ी के पैसे से उसका पेट नहीं भरेगा। और हम हमेशा उसके साथ तो नहीं रहेंगे। उसको भूखा रहना सीखना होगा।”

“पर यह होगा कैसे? उसका पेट ज़रा सा कम भरा हो तो उसके भीतर भूख की चिंगारी सुलगती रहती है, इस चिंगारी को बुझाने के लिए उसे आख़िरी कौर तक खाना पड़ता है।”

“हमें उसे बस यही सिखाना है कि तीसरा, चौथा या पहला, दूसरा कौर भी आख़िरी कौर हो सकता है।”

संवाद सम्पन्न हो गया था, पति पत्नी दोनों एक दूसरे की तरफ पीठ किए शून्य में पता नहीं बहुत देर तक क्या देखते रहे।

(विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास ‘खिलेगा तो देखेंगे’ के एक प्रसंग से प्रेरित)

©  हरभगवान चावला

सम्पर्क –  406, सेक्टर-20, हुडा,  सिरसा- 125055 (हरियाणा) फोन : 9354545440
≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – लघुकथा – प्रेम☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

? संजय दृष्टि – लघुकथा  – प्रेम ??

“वी आर इन रिलेशनशिप.., आई लव हर डैड,” होस्टल में रहनेवाले बेटे ने फोन पर ऐलान किया था। वह चुप रहा। यहाँ-वहाँ की बातें कर कुछ देर बाद फोन रख दिया।

ज़्यादा समय नहीं बीता। शायद छह महीने बाद ही उसने घोषणा कर दी, ” हमारा ब्रेकअप हो गया है। आई डोंट लव हर एनी मोर।” कुछ देर के संवाद के बाद पिता ने फिर फोन रख दिया।

‘लव हर.., डोंट लव हर..?’ देह तक पहुँचने का रास्ता कितना छोटा होता है! मन तक पहुँचने का रास्ता कहीं ठहरने का नाम ही नहीं लेता बल्कि हर कदम के बाद पीछे लौटने का रास्ता बंद होता जाता है। न रास्ता ठहरता है, न पीछे लौट सकने की गुंजाइश का खत्म होना रुकता है। प्रेम और वापस लौटना विलोम हैं। लव में ‘अन-डू’ का ऑप्शन नहीं होता। जो खुद को लौटा हुआ घोषित करते हैं, वे भी केवल देह लेकर ही लौट पाते हैं। मन तो बिंधा पड़ा होता है वहीं। काँटा चुभने की पीर, गुमशुदा के गुमशुदा रहने की दुआ, खोने की टीस, पाने की भी टीस, पराये का अपना होने की प्रीत, अपने का पराया होने की रीत, थोड़ा अपना पर थोड़ा पराया दिखता मीत.., किसी से भी, कहीं से भी वापस नहीं लौट पाता मनुष्य।

जन्म-जन्मांतर बीत जाते हैं प्रेम में!

© संजय भारद्वाज

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 127 – लघुकथा – संस्कारों की बुवाई… ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ ☆

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य  शृंखला में आज प्रस्तुत है नवीन पीढ़ी में संस्कारों के अंकुरण हेतु विमर्श पर आधारित एक विचारणीय लघुकथा “संस्कारों की बुवाई…”। ) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 127 ☆

☆ लघुकथा – संस्कारों की बुवाई 

सत्य प्रकाश और उसकी पत्नी धीरा बहुत ही संस्कारवान और धार्मिक प्रवृत्ति के थे। एक ही बेटा है तनय वह भी बाहर पढ़ते हुए अपनी पसंद से शादी कर सुखद जीवन बिता रहे थे।

गाँव में सत्य प्रकाश को बहुत चाहते थे क्योंकि उनकी बातें व्यर्थ नहीं होती थी और न ही कभी असत्य का साथ देते थे।

वर्क फ्रॉम होम होने के कारण बेटा बहू अपने पाँच साल के बेटे यश को लेकर घर आए। दादा – दादी के प्यार से यश बहुत खुश हुआ। दिन भर धमाचौकड़ी मचाने वाला बच्चा दादा जी के साथ सुबह से उठकर उनसे अच्छी बातें सुनता, पूजा-पाठ में भी बड़े लगन के साथ रहता और जिज्ञासा वश  दिनभर दादा – दादी से प्रश्न करता रहता।

समय बीतता जा रहा था। उनका भी मन लग गया। बेटा बहु देरी से सो कर उठते थे। आज तनय जल्दी सो कर उठा। तो देखा कि दादा दादी और पोता मिलकर भगवान की आरती कर रहे हैं और बराबरी से मंत्र का उच्चारण उनके साथ उसका बेटा यश भी कर रहा है।

तनय आश्चर्य से देखने लगा बहुत अच्छा सा महसूस किया।

अपने पापा को आरती देकर यश चरण स्पर्श करता है तो तनय  खुशी से झूम उठता है।

और अपने पिताजी की ओर देखने लगता है। सत्य प्रकाश जी कहने लगे… बेटा मैंने संस्कारों की बुवाई कर दिया है। इसे किस तरह बढ़ाना है तैयार करना है यह तुम्हारे ऊपर है।

और हाँ इसका फायदा भी तुम्हें ही मिलेगा।

बरसों बाद आज माँ पिता के चरण स्पर्श कर तनय गले से लग गया।

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा-कहानी ☆ पितृ दिवस विशेष – लघुकथा – “मुक्ति” ☆ श्री घनश्याम अग्रवाल ☆

श्री घनश्याम अग्रवाल

(श्री घनश्याम अग्रवाल जी वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य कवि हैं. आज प्रस्तुत है  पितृदिवस  पर आपकी एक संवेदनशील लघुकथा  – “मुक्ति”)

☆ कथा-कहानी ☆ पितृ दिवस विशेष – लघुकथा – “मुक्ति” ☆ श्री घनश्याम अग्रवाल ☆ 

(पिता हर साल बूढ़े होते हैं, पुराने नहीं। आज फादर्स डे पर, सभी के पिताओं प्रणाम करते हुए,  एक बूढ़ी-सी विवश लघुकथा)

दो दिन पहले एक भीषण दुर्घटना हो गई। मौसम की पहली तेज मूसलाधार बारिश से नदी के पुल का एक हिस्सा टूट चुका था और आती हुई पैसिंजर ट्रेन की तीन बोगी नदी में गिरकर डूब चुकी थीं। चारों ओर हाहाकार मचा था। लाशें निकाली जा रही थी। फिर भी आशंका थी कि कुछ लाशें अब भी नदी में बहकर चली गई होंगी। राहत अधिकारी ने घोषणा की -” नदी में से लाश ढूँढकर लानेवाले को एक हजार रुपए मिलेंगे। “

राहत शिविर से तीन-चार मील दूरी पर एक झोंपड़ी के सामने दो भाई उदास बैठे थे। तीन दिनों से उनके पेट में अन्न का दाना तक नहीं गया था। उस पर बूढ़ा बाप चल बसा। बूढ़ा मरने से पहले बड़बड़ाता रहा था – “अरे, मेरी दवा-दारू नहीं की तो नहीं की, पर मेरी मिट्टी जरूर सुधार देना। मुझे दफनाना नहीं, अग्निमाता के हवाले कर देना, वरना मुझे मुक्ति नहीं मिलेंगी।”

“कहाँ से करें अग्निमाता के हवाले ! घर में चूल्हा जलाने को पैसे नहीं है। लाश जलाने को कहाँ से आएँगे पैसे?” एक भाई बोला।

“हम कितने गरीब और बदनसीब हैं, अपने बाप की आखिरी इच्छा भी पूरी नहीं कर सकेंगे। लाश को सुबह दफनाना ही होगा।” रोता हुआ दूसरा भाई बोला। दोनों भाई सिर झुकाए रो रहे थे। बारिश हो रही थी।

अचानक उनकी आँखें चमक-सी उठीं। उन्होंने झट लाश को झोंपड़े से निकालकर खुले में रख दिया। रातभर लाश भीगती रही। तड़के ही दोनों ने लाश को उठाया और नदी के किनारे होते-होते राहत शिविर में पहुँचे। राहत अधिकारी से बोले – ” हुजूर, ये लाश नदी से  लाए हैं। ट्रेन के किसी मुसाफिर की होगी। किसी हिन्दू की लगती हैं साहब, इसके गले में जनेऊ है।” एक भाई बोला।

“और साब! इसके चोटी भी है।” दूसरा बोला।

अधिकारी ने कुछ सतही सवाल पूछे और अपने कर्मचारी से कहा – “इन्हें हजार रूपए दे दो और लाश को उधर रख दो, हिन्दूवाली लाशों के साथ। कोई लेने आया तो ठीक, वरना परसों लावारिस समझकर सामुहिक जला देना। बाकी लाशें दफन कर देना।”

दो दिन बाद दोनों भाई दूर से अपने पिता की लाश को अग्निमाता के हवाले होते देख अपने बाबा को याद करते रो रहे थे। बाबा बड़ा धार्मिक आदमी था। शुभ दिन मरा, अपनी मिट्टी खुद ही सुधार गया। खुद भी मुक्त हुआ और जाते-जाते भी हमें  कुछ देकर ही गया।

(इन जाहिल-गंवारों को भला क्या पता, कि उस दिन इत्तेफाक से आज ‘फादर्स डे’  भी था।)

***

© श्री घनश्याम अग्रवाल

(हास्य-व्यंग्य कवि)

094228 60199

 ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – बॉयकॉट ☆ श्री हरभगवान चावला ☆

श्री हरभगवान चावला

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री हरभगवान चावला जी की अब तक पांच कविता संग्रह प्रकाशित। कई स्तरीय पत्र पत्रिकाओं  में रचनाएँ प्रकाशित। कथादेश द्वारा लघुकथा एवं कहानी के लिए पुरस्कृत । हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा श्रेष्ठ कृति सम्मान। प्राचार्य पद से सेवानिवृत्ति के पश्चात स्वतंत्र लेखन।) 

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – बॉयकॉट।)

☆ लघुकथा – बॉयकॉट ☆ श्री हरभगवान चावला ☆

साठ-सत्तर हज़ार की आबादी वाले मेरे शहर में मुस्लिमों की संख्या बहुत कम थी। शहर में सिर्फ़ एक मस्जिद थी जो मेरे घर से बहुत दूर थी। साल-दो साल में एकाध बार ही उधर से जाना होता। उस दिन शुक्रवार था। संयोग से मेरा मस्जिद के सामने से निकलना हुआ। लोग जुम्मे की नमाज़ पढ़कर बाहर निकल रहे थे। मैंने देखा – उन लोगों में जालीदार टोपी लगाए दीपक सब्ज़ीवाला भी था। उसने भी मुझे देख लिया था, लेकिन कतराते हुए एक ओर मुड़ गया। शाम को सब्ज़ी खरीदने के लिए मैं उसकी दुकान पर खड़ा था, जहाँ एक लोहे का बोर्ड टँगा था और उस पर लिखा था – दीपक सब्ज़ीवाला। वह मेरे कहे अनुसार सब्ज़ी तोलता रहा, पर एक बार भी आँख नहीं मिलाई। सब्ज़ी पैक हो गई, दाम चुक गए। चलने लगा तो उसने सिर झुकाए-झुकाए कहा, “माफ़ी चाहता हूँ सर, पर दीपक नाम रखना मेरी मजबूरी थी। मुस्लिम इलाक़ों में हिंदू भी ऐसी ही मजबूरी में मुस्लिम नाम रखते हैं।”

“दीपक ही क्यों?”

“दीपक मेरे बचपन का दोस्त है। वह भी मेरी तरह अपने घर से बहुत दूर मुसलमानों के इलाक़े में कारोबार करता है और वहाँ उसने अपना नाम सत्तार रखा हुआ है।”

“हूँऽ…”

“शुक्रिया सर, आपने मेरा बॉयकॉट नहीं किया।”

इस एक वाक्य में निहित बेचारगी ने मुझे कँपा दिया। मैंने पूछा, “तुम्हारा असली नाम क्या है दीपक?”

“सत्तार।” उसने अपना नाम इतना धीरे बोला कि मेरे अलावा हवा भी उसे न सुन सकी।

©  हरभगवान चावला

सम्पर्क –  406, सेक्टर-20, हुडा,  सिरसा- 125055 (हरियाणा) फोन : 9354545440
≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – आज का रांझा…☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी, बी एड, प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । ‘यादों की धरोहर’ हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह – ‘एक संवाददाता की डायरी’ को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह- महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ कथा कहानी ☆ लघुकथा – आज का रांझा… ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

(सन् 1972 में उन दिनों के लोकप्रिय अखबार वीर प्रताप द्वारा आयोजित लघुकथा प्रतियोगिता में मेरी यह लघुकथा सर्वप्रथम रही थी। आज आपकी अदालत में – कमलेश भारतीय)

उन दोनों ने एक दूसरे को देख लिया था और मुस्कुरा दिए थे । करीब आते ही लड़की ने इशारा किया था और क्वार्टरों की ओर बढ़ चली । लड़का पीछे पीछे चलने लगा ।

लड़के ने कहा -तुम्हारी आंखें झील सी गहरी हैं ।

-हूं ।

लड़की ने तेज तेज कदम रखते इतना ही कहा ।

-तुम्हारे बाल काले बादल हैं ।

-हूं ।

लड़की तेज चलती गयी ।

बाद में लड़का उसकी गर्दन, उंगलियों, गोलाइयों और कसाव की उपमाएं देता रहा । लड़की ने हूं भी नहीं की ।

क्वार्टर खोलते ही लड़की ने पूछा – तुम्हारे लिए चाय बनाऊं ?

चाय कह देना ही उसकी कमजोर नस पर हाथ रख देने के समान है, दूसरा वह बनाये । लड़के ने हाँ कह दी । लड़की चाय चली गयी औ, लड़का सपने बुनने लगा । दोनों नौकरी करते हैं । एक दूसरे को चाहते हैं । बस । ज़िंदगी कटेगी ।

पर्दा हटा और ,,,,

लड़का सोफे में धंस गया । उसे लगा जैसे लड़की के हाथ में चाय का प्याला न होकर कोई रायफल हो, जिसकी नली उसकी तरफ हो । जो अभी गोली उगल देगी ।

-चाय नहीं लोगे ?

लड़का चुप बैठा रहा ।

लड़की से, बोली -मेरा चेहरा देखते हो ? स्टोव के ऊपर अचानक आने से झुलस गया । तुम्हें चाय तो पिलानी ही थी । सो दर्द पिये चुपचाप बना लाई ।

लड़के ने कुछ नहीं कहा । उठा और दरवाजे तक पहुंच गया ।

-चाय नहीं लोगे ?

लड़की ने पूछा ।

-फिर कब आओगे?

– अब नहीं आऊंगा ।

-क्यों ? मैं सुंदर नहीं रही ?

और वह खिलखिला कर हंस दी ।

लड़के ने पलट कर देखा,,,

लड़की के हाथ में एक सड़ा हुआ चेहरा था और वह पहले की तरह सुंदर थी ।

लड़का मुस्कुरा कर करीब आने लगा तो उसने सड़ा हुआ चेहरा उसके मुंह पर फेंकते कहा -मुझे मुंह मत दिखाओ ।

लड़के में हिम्मत नहीं थी कि उसकी अवज्ञा करता ।

© श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares