हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 101 – लघुकथा – सोलह श्रृंगार ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। । साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य  शृंखला में आज प्रस्तुत है  स्त्री विमर्श पर आधारित एक संवेदनशील लघुकथा  “सोलह श्रृंगार । इस विचारणीय लघुकथा के लिए श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ जी की लेखनी को सादर नमन। ) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 101 ☆

? लघुकथा – सोलह श्रृंगार ?

आज करवा चौथ है। और शाम को बहुत ढेर सारे काम है। ब्यूटी पार्लर भी जाना हैं। रसोई में देखना है कि बाई आज क्या बना रही है।

श्रेया मेम साहब  सोचते – सोचते अपनी धुन पर बोले जा रही थीं। सुबह के नौ बज गए हैं महारानी (काम वाली बाई) अभी तक आई नहीं है। उसी समय दरवाजे की घंटी बजी।

जल्दी से दरवाजा खोल वह बाई को अंदर आने के लिए कहतीं हैं। मेम साहब नमस्ते ? किचन में जाते -जाते बाई कमला ने आवाज लगाई।

श्रेया मेम की नजर बाई पर पड़ी तो वह उसे देखते ही रह गई, कान में झुमके, पांव में पायल, हाथों में कांच की चुडिंयों के साथ सुंदर चमकते कंगन। वह दूसरे दिन से बहुत अलग और सुंदर लग रही थी।

वह आवाक हो बोल उठी… क्या बात है कमला आज तो… बीच में बात काटकर कमला बोली… मेरा आदमी सही बोल रहा था… हम गरीब हैं तो क्या हुआ आज तुम इन नकली गहनों में बहुत सुन्दर लग रही हो । बहुत प्यार करता है मुझे आज मेरे लिए व्रत भी रखा है।

हम गरीबों के पास एक दूसरे का साथ ही होता है। मेम साहब जीने के लिए। सच बताऊँ मेरे पति ने रोज की अपनी कमाई से महिने भर थोड़ा थोड़ा बचा कर चुपचाप आज मेरे लिए ठेले वाले से ये सब लिया है।

मै भी सोलह श्रंगार कर शाम को पूजन करुंगी। उसने मुझे सुबह से पहना दिया। बहुत खुश हो वह बोले जा रहीं थीं। श्रेया को लाखों के जेवर और ब्यूटी पार्लर जाकर भी इतनी खुशी नहीं मिलती, जितना आज कमला नकली जेवर पहन चहक रही है।

श्रेया मेम साहब की आंखों से आंसू बहनें लगे, पेपर से मुंह छिपाते दूसरे कमरे में जाकर फोन करने लगी।  शायद अपने पति देव को जिनसे महीनों से कोई बात नहीं हुई थी।

दोनों अपनी – अपनी सोसाइटी और दिखावे पर गृहस्थी  चला रहे थें। उन्हें कमला की बातें सुनाई दे रही थी.. मेरा पति मुझे बहुत प्यार करता है मेम साहब!!!!!!!

 

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कथा कहानी # 107 ☆ लघुकथा – लिफाफा ☆ श्री जय प्रकाश पाण्डेय

श्री जय प्रकाश पाण्डेय

(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी   की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके  व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं, जिन्हें उन्होने अपने हृदय एवं साहित्य में  सँजो रखा है।आज प्रस्तुत है एक विचारणीय  लघुकथा  ‘लिफाफा’).   

☆ लघुकथा # 107 ☆ लिफाफा ☆ श्री जय प्रकाश पाण्डेय

उस बेचारी ने कलेक्ट्रेट में ज्वाइन किया। 

कुछ दिन बाद नेता जी ने खबर भिजवाई कि हर महीने की पांच तारीख तक लिफाफा पहुंच जाना चाहिए।

वो भोली थी, पिता की लाडली थी उसी पिता की जो बार्डर पर कुछ साल पहले शहीद हो गए थे। उस बेचारी ने लिफाफे का मतलब नहीं समझा तो उसने चपरासी से लिफाफे के बारे में पूछा। चपरासी ने बताया कि नेताजी सब अधिकारियों से हर माह उगाही करते हैं, और लिफाफा लेते हैं। 

पिता के शहीद होने के बाद उस बेचारी ने बड़ा संघर्ष किया था, पैसे पैसे के लिए तरस गई थी, और पहली तनख्वाह में नेता जी को घूंस वाला लिफाफा देकर नौकरी बचाने की बात उसे जमी नहीं। उसने विरोध किया, बात चपरासी से होती हुई  ऊपर तक गई, और नेता जी तक पहुंच गई। 

दो महीने बाद उस बेचारी को एक लिफाफा मिला, खोलकर देखा तो प्रदेश के बार्डर के पिछड़े जिले के लिए उसका ट्रान्सफर आर्डर था।

© जय प्रकाश पाण्डेय

416 – एच, जय नगर, आई बी एम आफिस के पास जबलपुर – 482002  मोबाइल 9977318765

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #63 – गैर हाज़िर कन्धे ☆ श्री आशीष कुमार

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। 

अस्सी-नब्बे के दशक तक जन्मी पीढ़ी दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियां सुन कर बड़ी हुई हैं। इसके बाद की पीढ़ी में भी कुछ सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उन कहानियों को बचपन से  सुनने का अवसर मिला है। वास्तव में वे कहानियां हमें और हमारी पीढ़ियों को विरासत में मिली हैं। आशीष का कथा संसार ऐसी ही कहानियों का संग्रह है। उनके ही शब्दों में – “कुछ कहानियां मेरी अपनी रचनाएं है एवम कुछ वो है जिन्हें मैं अपने बड़ों से  बचपन से सुनता आया हूं और उन्हें अपने शब्दो मे लिखा (अर्थात उनका मूल रचियता मैं नहीं हूँ।”)

☆ कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #63 – गैर हाज़िर कन्धे ☆ श्री आशीष कुमार

विश्वास साहब अपने आपको भागयशाली मानते थे। कारण यह था कि उनके दोनो पुत्र आई.आई.टी. करने के बाद लगभग एक करोड़ रुपये का वेतन अमेरिका में प्राप्त कर रहे थे। विश्वास साहब जब सेवा निवृत्त हुए तो उनकी इच्छा हुई कि उनका एक पुत्र भारत लौट आए और उनके साथ ही रहे; परन्तु अमेरिका जाने के बाद कोई पुत्र भारत आने को तैयार नहीं हुआ, उल्टे उन्होंने विश्वास साहब को अमेरिका आकर बसने की सलाह दी। विश्वास साहब अपनी पत्नी भावना के साथ अमेरिका गये; परन्तु उनका मन वहाँ पर बिल्कुल नहीं लगा और वे भारत लौट आए।

दुर्भाग्य से विश्वास साहब की पत्नी को लकवा हो गया और पत्नी पूर्णत: पति की सेवा पर निर्भर हो गई। प्रात: नित्यकर्म से लेकर खिलाने–पिलाने, दवाई देने आदि का सम्पूर्ण कार्य विश्वास साहब के भरोसे पर था। पत्नी की जुबान भी लकवे के कारण चली गई थी। विश्वास साहब पूर्ण निष्ठा और स्नेह से पति धर्म का निर्वहन कर रहे थे।

एक रात्रि विश्वास साहब ने दवाई वगैरह देकर भावना को सुलाया और स्वयं भी पास लगे हुए पलंग पर सोने चले गए। रात्रि के लगभग दो बजे हार्ट अटैक से विश्वास साहब की मौत हो गई। पत्नी प्रात: 6 बजे जब जागी तो इन्तजार करने लगी कि पति आकर नित्य कर्म से निवृत्त होने मे उसकी मदद करेंगे। इन्तजार करते करते पत्नी को किसी अनिष्ट की आशंका हुई। चूँकि पत्नी स्वयं चलने में असमर्थ थी, उसने अपने आपको पलंग से नीचे गिराया और फिर घिसटते हुए अपने पति के पलंग के पास पहुँची।

उसने पति को हिलाया–डुलाया पर कोई हलचल नहीं हुई। पत्नी समझ गई कि विश्वास साहब नहीं रहे। पत्नी की जुबान लकवे के कारण चली गई थी; अत: किसी को आवाज देकर बुलाना भी पत्नी के वश में नहीं था। घर पर और कोई सदस्य भी नहीं था। फोन बाहर ड्राइंग रूम मे लगा हुआ था। पत्नी ने पड़ोसी को सूचना देने के लिए घसीटते हुए फोन की तरफ बढ़ना शुरू किया। लगभग चार घण्टे की मशक्कत के बाद वह फोन तक पहुँची और उसने फोन के तार को खींचकर उसे नीचे गिराया। पड़ोसी के नंबर जैसे तैसे लगाये।

पड़ौसी भला इंसान था, फोन पर कोई बोल नहीं रहा था, पर फोन आया था, अत: वह समझ गया कि मामला गंभीर है। उसने आस– पड़ोस के लोगों को सूचना देकर इकट्ठा किया, दरवाजा तोड़कर सभी लोग घर में घुसे। उन्होने देखा -विश्वास साहब पलंग पर मृत पड़े थे तथा पत्नी भावना टेलीफोन के पास मृत पड़ी थी। पहले विश्वास और फिर भावना की मौत हुई। जनाजा दोनों का साथ–साथ निकला।

पूरा मोहल्ला कंधा दे रहा था परन्तु दो कंधे मौजूद नहीं थे जिसकी माँ–बाप को उम्मीद थी। शायद वे कंधे करोड़ो रुपये की कमाई के भार से पहले ही दबे हुए थे।

 

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 91 – लघुकथा – पहल ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं।  आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय  लघुकथा  “पहल।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 91 ☆

☆ लघुकथा — पहल ☆ 

दोनों शिक्षिका रोज देर से शाला आती थी. उन्हें बार-बार आगाह किया मगर कोई सुधार नहीं हुआ. एक बार इसी बात को लेकर शाला निरीक्षक ने प्रधान शिक्षिका को फटकार दिया. तब उसने सोचा लिया कि दोनों शिक्षिका की देर से आने की आदत सुधार कर रहेगी.

” ऐसा कब तक चलेगा?”  प्रधान शिक्षिका ने अपने शिक्षक पति से कहा,” आज के बाद इनके उपस्थिति रजिस्टर में सही समय अंकित करवाइएगा.”

” अरे! रहने दो. उनके पति नेतागिरी करते हैं.”

” नहीं नहीं, यह नहीं चलेगा. वे रोज देर से आती हैं और उपस्थिति रजिस्टर में एक ही समय लिखती हैं. क्या वे उसी समय शाला आती हैं?”

” अरे! जाने भी दो.”

” क्या जाने भी दो ?”  प्रधान शिक्षिका ने कहा,” आप उनको नोटिस बनाते हो या मैं बनाऊं?”

” ऐसी बात नहीं है.”

” फिर क्या बात है स्पष्ट बताओ?”

” पहले तुम तो समय पर आया करो, ताकि मैं भी समय पर शाला आ पाऊं,”  शिक्षक पति ने कहा,” तभी हमारे नोटिस का कुछ महत्व होगा, अन्यथा…” कह कर शिक्षक पति चुप हो गया.

वाचाल प्रधान शिक्षिका ने इसके आगे कुछ कहना ठीक नहीं समझा.

© ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

13-10-21

पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र

ईमेल  – opkshatriya@gmail.com

मोबाइल – 9424079675

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – लघुकथा – लेखक ☆ श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

? चंद्रमा मनसो जात: ?

शरद पूर्णिमा अर्थात समुद्र मंथन में लक्ष्मी जी के प्रकट होने की रात्रि,….शरद पूर्णिमा अर्थात द्वापर में रासरचैया द्वारा राधारानी एवं गोपिकाओं सहित महारास की रात्रि, जिसे देखकर आनंद विभोर चांद ने धरती पर अमृत वर्षा की थी।

चंद्रमा की कला की तरह घटता-बढ़ता-बदलता रहता है मनुष्य का मन भी। यही कारण है कि कहा गया, ‘चंद्रमा मनसो जात:।’

मान्यता है कि आज की रात्रि लक्ष्मी जी धरती का विचरण करती हैं और पूछती हैं, ‘को जागर्ति?’.. कौन जाग रहा है?..जागना याने ध्येयनिष्ठ और लक्ष्यनिष्ठ परिश्रम करना।

परिश्रमजनित ऐश्वर्य, आनंद, अमृत की कुमुदिनी आपके जीवन में सदा खिली रहे। जागते रहें, आनंदामृत से पुलकित रहें।

शरद / कोजागिरी / कौमुदी पूर्णिमा की हार्दिक बधाई

? संजय दृष्टि – लघुकथा – लेखक ?

मित्रता का मुखौटा लगाकर शत्रु, लेखक से मिलने आया। दोनों खूब घुले-मिले, चर्चाएँ हुईं। ईमानदारी से जीवन जीने के सूत्र कहे-सुने, हँसी-मज़ाक चला। लेखक ने उन सारे आयामों का मान रखा जो मित्रता की परिधि में आते हैं।

एक बार शत्रु रंगे हाथ पकड़ा गया। उसने दर्पोक्ति की कि मित्र के वेष में भी वही आया था। लेखक ने सहजता से कहा, ‘मैं जानता हूँ।’

चौंकने की बारी शत्रु की थी। ‘शब्दों को जीने का ढोंग करते हो। पता था तो जानबूझकर मेरे सच के प्रति अनजान क्यों रहे?’

‘सच्चा लेखक शब्द और उसके अर्थ को जीता है। तुम मित्रता के वेष में थे। मुझे वेष और मित्रता दोनों शब्दों के अर्थ की रक्षा करनी थी’, लेखक ने उत्तर दिया।

 

©  संजय भारद्वाज

(संध्या 5:14 बजे, 18 अक्टूबर 2021)

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 100 – लघुकथा – बेऔलाद ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। । साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य  शृंखला में आज प्रस्तुत है  स्त्री विमर्श पर आधारित एक संवेदनशील लघुकथा  “बेऔलाद । इस विचारणीय लघुकथा के लिए श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ जी की लेखनी को सादर नमन। ) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 100 ☆

? लघुकथा – ?? बेऔलाद ??‍♀️ ?

आठ बरस का दीपक रोज पास वाले ग्राउंड पर खेलने जाता था। आते समय अक्सर वह अपने दोस्त आकाश के यहां रुकता।

आकाश के यहां रोज कुछ ना कुछ बातों को लेकर कहा सुनी – लड़ाई होते रहती थी। जबकि घर में बेटा – बहू, सास – ससुर और उसका दोस्त आकाश। फिर भी क्यों?? लड़ाई होती है उसके समझ में नहीं आता। परंतु वह हमेशा ‘बेऔलाद’ शब्द का उच्चारण बार बार सुनता था।

आज लौटते समय पांव ठिठक गए। आकाश की दादी कह रही थी— उसे देखो बे औलाद हो कर भी कितना सुख, शांति और खुशी से घर-परिवार चल चला रहा है। किसी और का बेटा आज अपनों से भी ज्यादा सगा और वफादार है। तुझसे अच्छा तो मैं भी बेऔलाद होती!!!

दीपक की समझ में नहीं आया। घर आकर अपना सामान फेंकते हुए अपनी मां से पूछा— मम्मा यह  बेऔलाद क्या? होता हैं और वफादारी से इसका क्या संबंध। दूसरे कमरे में दादा दादी पोते की आवाज सुनकर सन्न हो गए।

मम्मी ने दीपक के मुंह को पोछते हुए कहा – – – बेटा बेऔलाद वे होते हैं जिनको भगवान ने एक अद्भुत शक्ति, सहनशीलता और बिना मां बाप के अनाथ बच्चों को सीने से लगाते, उसे पढ़ा लिखा कर योग्य बनाते हैं और सारी जिंदगी उसकी खुशी को अपनी खुशी समझते हैं।

ईश्वर इस नेक कार्य के लिए उनको बहुत-बहुत आशीर्वाद और सुखी होने का आशीर्वाद देते हैं। पास के कमरे से दादा-दादी की आंखों से खुशी की अश्रुधार बह निकली।

आँसू पोछ दादी बाहर आई दीपक को सीने से लगा लिया। उसी समय दीपक के पापा ऑफिस से घर के अंदर आए। मम्मी – पापा और नीरा के बहते आंसू देख जरा सा घबरा गया।

बोला – – क्या हुआ है? मुझे भी कुछ बताया जाएगा? पिताजी ने कसकर सीने से लगा लिया और कहा – – मुझे आज अपने भाग्य पर बहुत गर्व हो रहा है।

साक्षात भाग्यलक्ष्मी हमारे घर हैं।

पिताजी के सीने से लगे वह नीरा की ओर देख रहा था। 

बहुत ही मधुर मुस्कान लिए नीरा कहती है – – – आप सभी के लिए मैं चाय लेकर आती हूं। वह सभी के रोते रोते हंसी और हंसते हुए राज को समझ नहीं पा रहा  था।

पर दादा – दादी पूर्ण संतुष्ट। अपने दीपक के साथ खेलने लगे उन्हें अब भविष्य की चिंता नहीं थीं।  बेऔलाद का दर्द अब सदा सदा के लिए जाता रहा। मासूम दीपक सभी को खुश देख हंसने लगा।

   

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा-कहानी ☆ लघुकथा – राम-लक्ष्मण ☆ श्री घनश्याम अग्रवाल

श्री घनश्याम अग्रवाल

(श्री घनश्याम अग्रवाल जी वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य कवि हैं. आज प्रस्तुत है उनकी एक विचारणीय लघुकथा राम-लक्ष्मण। )

☆ लघुकथा – राम-लक्ष्मण ☆ श्री घनश्याम अग्रवाल ☆ 

इस पावन पर्व पर एक नयी दृष्टि से लिखी ये लघुकथा, श्रीराम को प्रणाम करते हुए :-

राम जब वन में सीता को ढूंढ रहे थे तो उन्हें एक हार दिखाई पड़ा । उन्होंने लक्ष्मण से पूछा-” देखो, ये हार कहीं सीता का तो नहीं है ? ” इस पर लक्ष्मण ने कहा-” भैया, मैंने तो जीवनभर भाभी के चरण ही देखे हैं, मैं हार नहीं पहचान सकता। हाँ, पायल होती तो पहचान लेता। ” यह पौराणिक प्रसंग पढ़-सुनकर मेरा मन लक्ष्मण की इस पावन श्रद्धा के प्रति झुक गया ।

पर एक बात मन में बार-बार उठ भी रही थी कि राम का लक्षण से यह पूछना, क्या लक्ष्मण का अपमान नहीं है ? लक्ष्मण की पावनता को भला राम से ज्यादा कौन जानता होगा ?

इस सोच-विचार मैं मेरी आँख लग गई । और मैंने सपने में राम से पूछ ही लिया-” आपको तो पता ही होगा कि लक्ष्मण की नजरें सीता के चरणों के ऊपर नहीं होंगी, फिर भी हार के बारे में पूछना क्या उचित,था ? ”

राम बोले-” लक्ष्मण स्वयं को जितना नहीं जानता, उतना मैं उसे जानता हूँ । ये तो फ्लो में, टाइम पास के लिए, यूँ ही उस सहजता से पूछ लिया था। जैसे कि तुम लोग जब ट्रेन आने को ही होती है, तब प्लेटफॉर्म पर गर्दन झुकाये देखते ही रहते हो, और जैसे ही इंजन दिखा, आप उस गर्दन से भी कहते हो ट्रेन आ गई, जो गर्दन खुद इंजन को देख रही थी। बस उसी सहज भाव से लक्ष्मण से पूछा था। ” एक पल रुक कर राम पुनः बोले-” ये तो लक्ष्मण के बारे में कवि-भक्त की महानता थी, वैसे मैं बताऊँ, लक्ष्मण ने सिर्फ चरण ही नहीं, सीता का चेहरा भी कई बार देखा है। सम्भवतः मुझसे भी ज्यादा बार । “

राम के इस कथन पर मैं शंकित-सा लक्ष्मण के पास गया और पूछा-” राम का तुमसे पूछना व उनका कथन क्या उचित है ? “

लक्ष्मण ने कहा-” उन्होंने यूँ ही फ्लो में टाइम पास के लिए सहज पूछा होगा। जैसे ट्रेन आते…”

” बस-बस रहने दो। वो ट्रेन का किस्सा राम से सुन चुका हूँ ।आप तो यह बताइए कि क्या आपने सीता का चेहरा भी देखा है ? “

” क्यों नहीं, अनेक बार। सीता जैसा पावन सौन्दर्य युगों बाद धरती पर आता है। वो अभागा होगा, जो इस पावन सौन्दर्य को न देखे। “

” पर वो कवि-भक्त का तो कथन है कि आपकी नजरें सीता के चरणों के ऊपर कभी नहीं गई। “

वह कवि-भक्त की महानता है, कुछ अतिशयोक्तिपूर्ण। मैं बताऊँ- पाप आँखों में नहीं, मन में होता है। तुम कवि हो । इसलिए कविता के जैसे समझता हूँ ।

” आँखों में जरा झाँकिए

दिल का राज

गहरा दिखाई देता है,

दिल में गर पाप हो

तो कदमों में भी

चेहरा दिखाई देता है। “

मैंने सीता के चरणों भी देखें हैं और सूरत भी। “

” दोनों देखते हो एक साथ। वो कैसे? “

वो ऐसे।कविराज कविता में सुनो-

” सीता के पावन सौन्दर्य में

मैं इतना खो जाता हूँ ,

जब चरण देखता हूँ

तो राम का भाई हूँ

सूरत देखते ही

पुत्र हो जाता हूँ । “

लक्ष्मण फिर बोले-” और सुनो,

” किसी स्त्री का चेहरा उसका पुत्र ही ज्यादा गहराई से पहचानता है, पति से भी ज्यादा। पति चेहरा कम, जिस्म ज्यादा पहचानता है। जबकि पुत्र सूरत, सूरत और सिर्फ सूरत पहचानता है। इसलिए राम ने हार के सम्बन्ध में मुझसे पूछा था। “

इसके बाद मेरी नींद खुल गई । और मेरा मन राम-लक्ष्मण-सीता के प्रति और अधिक श्रद्धा से भर गया । सिर अपने आप झुक गया । हाथ अपने आप जुड़ गए।

© श्री घनश्याम अग्रवाल

(हास्य-व्यंग्य कवि)

094228 60199

 ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #62 – धीरे चलो ☆ श्री आशीष कुमार

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। 

अस्सी-नब्बे के दशक तक जन्मी पीढ़ी दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियां सुन कर बड़ी हुई हैं। इसके बाद की पीढ़ी में भी कुछ सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उन कहानियों को बचपन से  सुनने का अवसर मिला है। वास्तव में वे कहानियां हमें और हमारी पीढ़ियों को विरासत में मिली हैं। आशीष का कथा संसार ऐसी ही कहानियों का संग्रह है। उनके ही शब्दों में – “कुछ कहानियां मेरी अपनी रचनाएं है एवम कुछ वो है जिन्हें मैं अपने बड़ों से  बचपन से सुनता आया हूं और उन्हें अपने शब्दो मे लिखा (अर्थात उनका मूल रचियता मैं नहीं हूँ।”)

☆ कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #62 – धीरे चलो ☆ श्री आशीष कुमार

नदी के तट पर एक भिक्षु ने वहां बैठे एक वृद्ध से पूछा “यहां से नगर कितनी दूर है?

सुना है, सूरज ढलते ही नगर का द्वार बंद हो जाता है।

अब तो शाम होने ही वाली है। क्या मैं वहां पहुंच जाऊंगा?’

वृद्ध ने कहा “धीरे चलो तो पहुंच भी सकते हो।” भिक्षु यह सुनकर हैरत में पड़ गया।

वह सोचने लगा कि लोग कहते हैं कि जल्दी से जाओ, पर यह तो विपरीत बात कह रहा है।

भिक्षु तेजी से भागा। लेकिन रास्ता ऊबड़-खाबड़ और पथरीला था। थोड़ी देर बाद ही भिक्षु लड़खड़ाकर गिर पड़ा।

किसी तरह वह उठ तो गया लेकिन दर्द से परेशान था।

उसे चलने में काफी दिक्कत हो रही थी। वह किसी तरह आगे बढ़ा लेकिन तब तक अंधेरा हो गया।

उस समय वह नगर से थोड़ी ही दूर पर था। उसने देखा कि दरवाजा बंद हो रहा है। उसके ठीक पास से एक व्यक्ति गुजर रहा था। उसने भिक्षु को देखा तो हंसने लगा। भिक्षु ने नाराज होकर कहा, “तुम हंस क्यों रहे हो?”

उस व्यक्ति ने कहा, ‘आज आपकी जो हालत हुई है, वह कभी मेरी भी हुई थी। आप भी उस बाबा जी की बात नहीं समझ पाए जो नदी किनारे रहते हैं।’

भिक्षु की उत्सुकता बढ़ गई। उसने पूछा “साफ साफ बताओ भाई।”

उस व्यक्ति ने कहा “जब बाबाजी कहते हैं कि धीरे चलो तो लोगों को अटपटा लगता है। असल में वह बताना चाहते हैं कि रास्ता गड़बड़ है, अगर संभलकर चलोगे तो पहुंच सकते हो

कथा का तात्पर्य

जिंदगी में सिर्फ तेज भागना ही काफी नहीं है। सोच-समझकर संभलकर चलना ज्यादा काम आता है।

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संवाद # 74 ☆ भँवर ☆ डॉ. ऋचा शर्मा

डॉ. ऋचा शर्मा

(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में  अवश्य मिली है  किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में  प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है स्त्री विमर्श पर आधारित एक विचारणीय लघुकथा भँवर । डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को इस संवेदनशील एवं विचारणीय लघुकथा रचने के लिए सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद  # 74 ☆

☆ लघुकथा – भँवर ☆

रोज की तरह वह बस स्टैंड पर आ खडी हुई, शाम छ: बजे की बस में यहीं से  बैठती है। काम निपटाकर सुबह पाँच बजे वापस आ जाती है। बस अभी तक नहीं आई। आज घर से निकलते समय ही मन बैचैन हो रहा था। मिनी बडी हो रही है। रंग भी निखरता जा रहा है। दूसरी माँएं अपनी लडकी की सुंदरता देख खुश होती हैं, वह डरती है।

आज निकलते समय पास का ढाबेवाला मुस्कुराकर बोला —  ‘तेरी लडकी बडी हो गई  है अब ‘।  उसने अनसुना तो कर दिया पर गर्म लावे सा पडा था कानों में यह वाक्य।  मन में उथल- पुथल मच गई  – इस तरह क्यों बोला यह मिनी के बारे में? कहीं इसकी नजर तो मिनी पर  —-?  इसे मेरे बारे में कुछ पता तो नहीं चल गया ?   मिनी को इस नरक में ना ढकेल दे कोई। नहीं – नहीं ऐसा नहीं हो सकता।

आज बस क्यों नहीं आ रही है? वह बेचैन हो रही थी। इतने साल हो गए यह काम करते हुए, पता नहीं आज मन  अतीत  क्यों कुरेद रहा है? घरवाले ने साथ दिया होता तो यह  नरक ना भोगना पडता। ना मालूम कहाँ चला गया दुधमुँही बच्ची को गोद में छोडकर। बच्ची को लेकर दर- दर की ठोकरें खाती रही।  गोद में बच्ची को देखकर कोई मजदूरी भी नहीं देता। खाने के लाले पड गए थे उसके। मरती क्या ना करती?  आँसू टपक पडे।  नहीं —  उसे तो अब रोने का भी हक नहीं है।  देह- व्यापार  करनेवाली औरतों के  आँसुओं का कोई  मोल नहीं?  पुरुष यहाँ से भी बेदाग निकल जाता है, कडवाहट भर गई मन में, वहीं थूक दिया उसने।

देर हो रही है, मालिक आफत कर देगा। तभी बस आती दिखाई दी,उसने राहत की साँस ली | बस में चढने के लिए एक पैर रखा ही था कि उसके दिमाग में ढाबेवाले का वाक्य फिर से गूंजने लगा –‘ तेरी लडकी बडी हो गई  है अब।‘  — क्या करूँ? मिनी अकेली  है घर में  —  हर दिन, हर पल, एक भँवर  है?  एक पैर अभी नीचे ही था, वह झटके से बस से उतर गई। देखनेवाले हैरान थे इतनी देर से बस का इंतजार कर रही थी, इसे क्या हुआ। एक बदहवास माँ अपने घर की ओर दौडी जा रही थी।

© डॉ. ऋचा शर्मा

अध्यक्ष – हिंदी विभाग, अहमदनगर कॉलेज, अहमदनगर.

122/1 अ, सुखकर्ता कॉलोनी, (रेलवे ब्रिज के पास) कायनेटिक चौक, अहमदनगर (महा.) – 414005

e-mail – richasharma1168@gmail.com  मोबाईल – 09370288414.

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 90 – लघुकथा – फुर्सत ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं।  आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय  लघुकथा  “फुर्सत।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 90 ☆

☆ लघुकथा — फुर्सत ☆ 

पत्नी बोले जा रही थी। कभी विद्यालय की बातें और कभी पड़ोसन की बातें। पति ‘हां- हां’ कह रहा था। तभी पत्नी ने कहा, ” बेसन की मिर्ची बना लूं?” पति ने ‘हां’ में गर्दन हिला दी।

” मैं क्या कह रही हूं? सुन रहे हो?” पत्नी मोबाइल में देखते हुए कह रही थी।

पति उसी की ओर एकटक देखे जा रहे थे । 

तभी पत्नी ने कहा, ” तुम्हें मेरे लिए फुर्सत कहां है ? बस, मोबाइल में ही घुसे रहते हो।”

पति ने फिर गर्दन ‘हां’ में हिला दी । तभी पत्नी ने चिल्ला कर कहा, ” मेरी बात सुनने की फुर्सत है आपको ?”  कहते हुए पति की ओर देखा।

पति अभी भी एकटक उसे ही देखे जा रहा था।

 

© ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

11-01-21

पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र

ईमेल  – opkshatriya@gmail.com

मोबाइल – 9424079675

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares