हिन्दी साहित्य – कविता ☆ नदिया बहती रही… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

श्री राजेन्द्र तिवारी

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण कविता ‘नदिया बहती रही…‘।)

☆ कविता – नदिया बहती रही… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

☆

कूलों ने कहा कि, थम जाओ,

वृक्षों ने कहा कि रुक जाओ,

वह सुनती रही, पर चलती रही,

मंद प्रवाहिनी बहती रही,

नदिया, बहती रही, बहती रही.

*

मोह के बंधन तोड़ चली,

नेह का नाता छोड़ चली,

उलझ गई वो पर्वत से,

सागर से नाता जोड़ चली,

नदिया बहती रही, बहती रही,

*

लहर लहर लहराती रही,

मधुर मधुर मुस्काती रही,

खेतों में, खलिहानों में,

लगी फसल सहलाती रही,

नदिया बहती रही, बहती रही,

*

दुर्गम पथ पर चलती रही,

राह के शूल बहाती रही,

राह न पूछी सागर की,

सागर में ही मिलती रही,

नदिया बहती रही, बहती रही,

☆

© श्री राजेन्द्र तिवारी  

संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर

मो  9425391435

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 295 ☆ व्यंग्य – उनकी गिरफ्तारी ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम व्यंग्य – ‘उनकी गिरफ्तारी‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 295 ☆

☆ व्यंग्य ☆ उनकी गिरफ्तारी ☆

 (व्यंग्य)व्यंग्य 

वे सदल-बल विवादित स्थल पर जा रहे हैं। पब्लिसिटी काफी हो चुकी है। तीन-चार दिन से अखबार लगातार यही छाप रहे हैं कि वे जा रहे हैं।

जा रहे हैं तो क्या होगा? विवादित स्थल तक तो उन्हें पहुंचने नहीं दिया जाएगा। यह उन्हें भी मालूम है। बीच में ही कहीं गिरफ्तारी की औपचारिकता हो जाएगी। गिरफ्तारी में कोई मामूली आदमी की तरह हथकड़ी तो लगनी नहीं है। ऐसे ही मोटर में बैठा कर ले जाएंगे और दूर ले जाकर छोड़ देंगे। अखबार सारी कार्रवाई छाप देंगे और वे वापस हो जाएंगे। फिर अगले करतब की तैयारी होगी।

वे जा रहे हैं। काफिला साथ है। कार धीरे-धीरे जा रही है ताकि जनता देख ले कि वे उसके हित में लड़ने जा रहे हैं। बीच-बीच के गांवों में उनके दल के कार्यकर्ताओं ने स्वागत का इन्तज़ाम किया है। लोकप्रियता के प्रमाण के लिए स्वागत ज़रूरी है। सब कुछ हमेशा की तरह सुनिश्चित है। गांव की चार छः औरतें तिलक लगाती हैं, आरती उतारती हैं, जैसे ‘लाम’ पर जा रहे हों। आठ दस आदमी ‘जिन्दाबाद जिन्दाबाद’, ‘नेताजी आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे लगाते हैं। वैसे नया कुछ नहीं है। नया यही है कि गिरती लोकप्रियता को नये सिरे से उठाना है।

विरोध का मुद्दा मिलता है तो विरोधी नेताओं को प्राण मिलते हैं। सत्ता पक्ष की गलती विरोध पक्ष की संजीवनी होती है। विरोध का मुद्दा न हो तो मंच पर किस बहाने से आयें, किस बहाने से भृकुटि तान कर गुस्से का इज़हार करें, किस बात को लेकर देश और समाज के प्रति अपना संताप व्यक्त करें? किस बात को लेकर आठ आठ आंसू रोयें?

सत्ता पक्ष ने मौका दिया है तो मौका चूकना नहीं है। राजनीति चौबीस घंटे की जागरूकता मांगती है। सावधानी हटी और लोकप्रियता घटी। जहां विरोध का मौका मिले, फौरन घंटा-घड़ियाल लेकर दौड़ो, धरना दो, प्रदर्शन करो और इस सबसे ज़रूरी यह कि भरपूर पब्लिसिटी करो। भले ही आपका चेहरा टमाटर और पेट काशीफल हो रहा है, लेकिन खाली पेट और सूखे चेहरों की बात करके लंबी आहें भरो।

तो  वे जा रहे हैं। वे जानते हैं और सारा देश भी जानता है कि उन्हें घंटे दो घंटे के लिए गिरफ्तार होना है और फिर वापस होना है। मतलब यह है कि मामला सिर्फ प्रतीकात्मक है। उनकी सुरक्षा की पूरी गारंटी है। वे चोट खा जाएं तो सत्ता- पक्ष बदनाम हो जाएगा, और उन्हें सत्ता पक्ष की ज़्यादती साबित करने का एक और मौका मिलेगा। इसलिए इन्तज़ाम ऐसा है कि उन्हें कोई फूल से भी चोट न पहुंचा पाये।

वे जा रहे हैं और विवादित स्थल से पहले पुलिस वाले उनका इन्तज़ार कर रहे हैं। जिन-जिन नेताओं को अपनी लोकप्रियता की फिक्र है और जिनके सितारे गर्दिश में हैं, सब उनके साथ हैं। ऐसा मौका छोड़ने की चीज़ नहीं है।

पुलिस वालों के दिल में धुक-धुक  हो रही है। वैसे वे सत्ता में नहीं हैं, लेकिन महत्वपूर्ण तो हैं ही। महत्वपूर्ण राजनीतिज्ञों की गिरफ्तारी लफड़े का काम है। ज़रा सी गुस्ताखी हो जाए तो चेले-चपाटे आसमान सिर पर उठा लेंगे। अखबारों में हंगामा करेंगे। और ऊपर वाले अफसरों पर कुछ संकट आया तो नीचे वाले इंस्पेक्टर का तबादला पक्का।

इसलिए धुकधुकी मचती है। नेताजी उनके पास पहुंचते हैं तो इंस्पेक्टर धीरे से बांह पर हाथ लगाकर मोटर की तरफ इशारा करता है, ‘उधर चलें, श्रीमान।’  नेताजी एकाध बार शहीदाना अन्दाज़ में कहते हैं, ‘नहीं, मुझे आगे जाना है।’  फिर पुलिस वालों के कष्ट का ध्यान करके गाड़ी में बैठने की कृपा करते हैं। उनका उद्देश्य पूरा हो चुका है। उनकी  फौज भी थोड़ी नारेबाज़ी के बाद मोटर में सवार हो जाती है। नारेबाज़ी बराबर चालू रहती है। सबके नाम और फोटो अखबार में छपते हैं। अब विवादित स्थल पर जाकर क्या करना है?

यह देश का सौभाग्य है कि उसका हित चाहने वाले नेता बहुत हैं। बड़े नेता तो थोड़े हैं, छोटे इतने हैं कि हर झाड़ को हिलाने पर चार छः टपकेंगे। ‘होल टाइमर’ बहुत हैं। जो खुद राजनीतिज्ञ नहीं हैं वे राजनीतिज्ञों की सेवा और उनके संपर्क से अपना कल्याण कर रहे हैं और इस तरह देश का कल्याण कर रहे हैं, क्योंकि राष्ट्र का कल्याण व्यक्ति के कल्याण पर निर्भर होता है। अब हम उनकी देशभक्ति की तारीफ न करें तो यह हमारी एहसान-फरामोशी होगी।

ऐसे ही एक ‘होल टाइमर’ देश-  सेवक को मैं जानता हूं। वे एक बड़े नेता के समर्पित चमचे रहे और उन्हीं के बल पर आतंक पैदा करके पूजा-अर्चना का प्रसाद प्राप्त करते रहे। फिर वे चम्मच से बढ़कर बोतल तक पहुंचे। दुर्भाग्य से उनके ‘धर्मपिता’ का पराभव हुआ और चमचे जी महल से लुढ़क कर सड़क पर आ गये। फिलहाल  वे सड़क पर हैं, लेकिन क्या पता कब उन्हें फिर कोई ‘धर्मपिता’ मिल जाए और वे फिर देश सेवा करने की स्थिति में आ जाएं। राजनीतिक कब आपको उछाल दे और कब उखाड़ दे, जान पाना मुश्किल है।

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ गद्य क्षणिका#67 – सत्तांतरण… – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– सत्तांतरण…” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ गद्य क्षणिका # 67 — सत्तांतरण — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

लोगों के लिए चिंता का विषय होता था कि कैसे हो सकता है कोई आदमी मानो निष्पाप पेड़ जैसा ऊँचा उठता जाये। उसका एक भी पाप न हो, यह कैसे संभव हो सकता है? यही कहा जाता था, इसी का मंथन हुआ करता था। पर लोग व्यर्थ ही कहते थे, व्यर्थ ही मंथन में पड़ते थे। वास्तव में समझने की बात थी। अभी तो उसकी सत्ता चल रही थी। अगली सत्ता में उसके पुण्य को पाप में गिना जाता।

 © श्री रामदेव धुरंधर

04 – 07 – 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 295 – हर काल, हर हाल ! ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 295 ☆ हर काल, हर हाल !… ?

संध्या समय प्राय: बालकनी में मालाजप या ध्यान के लिये बैठता हूँ। देखता हूँ कि एक बड़ी-सी छिपकली दीवार से चिपकी है। संभवत: उसे मनुष्य में काल दिखता है। मुझे देखते ही भाग खड़ी होती है। वह भागकर बालकनी के कोने में दीवार से टिकाकर रखी इस्त्री करने की पुरानी फोल्डिंग टेबल के पीछे छिप जाती है।

बालकनी यूँ तो घर में प्रकाश और हवा के लिए आरक्षित क्षेत्र है पर अधिकांश परिवारों की बालकनी का एक कोना पुराने सामान के लिये शनै:-शनै: आरक्षित हो जाता है। इसी कोने में रखी टेबल के पीछे छिपकर छिपकली को लगता होगा कि वह काल को मात दे आई है। काल अब उसे देख नहीं सकता।

यही भूल मनुष्य भी करता है। धन, मद, पद के पर्दे की ओट में स्वयं को सुरक्षित समझने की भूल। अपने कथित सुरक्षा क्षेत्र में काल को चकमा देकर जीने की भूल। काल की निगाहों में वह उतनी ही धूल झोंक सकता है जितना टेबल के पीछे छुपी छिपकली।

एक प्रसिद्ध मूर्तिकार अनन्य मूर्तियाँ बनाता था। ऐसी सजीव कि जिस किसीकी मूर्ति बनाये, वह भी मूर्ति के साथ खड़ा हो जाय तो मूल और मूर्ति में अंतर करना कठिन हो। समय के साथ मूर्तिकार वृद्ध हो चला। ढलती साँसों ने काल को चकमा देने की युक्ति की। मूर्तिकार ने स्वयं की दर्जनों मूर्तियाँ गढ़ डाली। काल की आहट हुई कि स्वयं भी मूर्तियों के बीच खड़ा हो गया। मूल और मूर्ति के मिलाप से काल सचमुच चकरा गया। असली मूर्तिकार कौनसा है, यह जानना कठिन हो चला। अब युक्ति की बारी काल की थी। ऊँचे स्वर में कहा, ‘अद्भुत कलाकार है। ऐसी कलाकारी तो तीन लोक में देखने को नहीं मिलती। ऐसे प्रतिभाशाली कलाकार ने इतनी बड़ी भूल कैसे कर दी?” मूर्तिकार ने तुरंत बाहर निकल कर पूछा,” कौनसी भूल?”  काल हँसकर बोला,” स्वयं को कालजयी समझने की भूल।”

दाना चुगने से पहले चिड़िया अनेक बार चारों ओर देखती है कि किसी शिकारी की देह में काल तो नहीं आ धमका? …चिड़िया को भी काल का भान है, केवल मनुष्य बेभान है। सच तो यह है कि काल का कठफोड़वा तने में चोंच मारकर भीतर छिपे  कीटक का शिकार भी कर लेता है। अनेक प्राणी माटी खोदकर अंदर बसे कीड़े-मकोड़ों का भक्ष्ण कर लेते हैं। काल, हर काल में था, काल हर काल में है। काल हर हाल में रहा, काल हर हाल रहेगा।  काल से ही कालचक्र है,  काल ही कालातीत है। उससे बचा या भागा नहीं जा सकता।

थोड़े लिखे को अधिक बाँचना, बहुत अधिक गुनना।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ हमारी अगली साधना श्री विष्णु साधना शनिवार दि. 7 जून 2025 (भागवत एकादशी) से रविवार 6 जुलाई 2025 (देवशयनी एकादशी) तक चलेगी 🕉️

💥 इस साधना का मंत्र होगा – ॐ नमो नारायणाय।💥

💥 इसके साथ ही 5 या 11 बार श्री विष्णु के निम्नलिखित मंत्र का भी जाप करें। साधना के साथ ध्यान और आत्म परिष्कार तो चलेंगे ही –

शान्ताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशं
विश्वाधारं गगनसदृशं मेघवर्णं शुभाङ्गम्
लक्ष्मीकान्तं कमलनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं
वन्दे विष्णुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम् ||

💥 संभव हो तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी इससे जोड़ें💥  

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # 241 – पूर्णिका – सेवंती ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है  – पूर्णिका – सेवंती।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 241 ☆

☆ पूर्णिका – सेवंती ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆ 

रंग-बिरंगी सेवंती हँसती-गाती सेवंती

इतराती-इठलाती है जन-मन भाती सेवंती

.

लाड़ लड़ाती तितली से गीत सुनाती सेवंती

गृह बगिया की शोभा है मोह बढ़ाती सेवंती

.

आतप, वर्षा, ठंडी से लड़ जी जाती सेवंती  

करती न ही कराती है ठकुर सुहाती सेवंती

.

वादे करे न जुमला कह झुठलाती है सेवंती

कलियों की रक्षा करती सीख सिखाती सेवंती

.

पाखंडों से दूर रहे प्रभु गुण गाती सेवंती

जड़ जमीन से जुड़ी रखे शीश उठाकर सेवंती

.

सबकी सुने, न अपनी कह धैर्य धराती सेवंती

दूर सियासत से रहती सच अपनाती सेवंती

.

घोड़े नई कल्पना के नित दौड़ाती सेवंती

‘रमता जोगी’ सा जीवन ‘बहता पानी’ सेवंती

.

शब्द दहेज मायके से चुन ले जाती सेवंती

संस्कार संवर्धित कर जीवन पाती सेवंती

.

जय-जयकार करे सत की असत मिटाती सेवंती

गुस्सा पी होती गुमसुम गम खा जाती सेवन्ती

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – “आज के संजय” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी , बी एड , प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । यादों की धरोहर हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह -एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह-महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ लघुकथा – “आज के संजय” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ रहा है। महाभारत के युद्ध की दोनों सेनायें अपने अपने शिविरों में लौट रही हैं। रथों के घोड़े हिनहिना रहे है। कौन आज युद्ध में वीरगति पा गये और कौन कल तक बचे हुए हैं। संजय यह आंखों देखा हाल धृतराष्ट्र को सुना रहे हैं। महाराज व्यथित होकर दिन भर का हाल सुन रहे हैं। गांधारी भी पास ही बैठी हैं।

वह एक युग था। तब संजय जन्मांध धृतराष्ट्र को युद्ध का हाल बताने के लिए मिली दिव्य शक्ति से सब वर्णन करते थे। कहा जा सकता है कि उस युग के पत्रकार थे संजय।

अब युग बदल गया। इन दिनों चुनाव की महाभारत है। महाभारत अठारह दिन चली थी लेकिन यह चुनाव प्रचार की महाभारत पूरे इक्कीस दिन चलती है। यहां किसी एक संजय को दिव्य शक्ति नहीं दी जाती। यहां तो सैंकड़ों संजय हैं जो ‘वीडियो’ नाम की दिव्य शक्ति लेकर आये हैं और कुछ भी वायरल कर देने की शक्ति रखते हैं! मनचाहा वीडियो बना कर सारा आंखों देखा हाल सुनाने में जुटे हैं। संजय तो एक राष्ट्रीय पत्रकार था और राष्ट्र की सेवा में जुटा था। निष्पक्ष! निरपेक्ष! ये आज के युग के संजय तो निष्पक्ष और निरपेक्ष नहीं। इन्हें तो रोटी कमानी है, अपनी गृहस्थी चलानी है। मनभावन शौक पूरे करने हैं। खाना पीना है और वह दिखाना है जो सामने वाला चाहता है लेकिन इसकी एक निश्चित कीमत है! जो चुकाये वह मनचाहा पा ले! नहीं चुकाये तो हश्र भुगते!

ये कैसे संजय हैं?

ये कलियुग के महाभारत के संजय हैं! जो अंधे लोगों को युद्ध का हाल नहीं सुनाते बल्कि ऐसा हाल सुनाते हैं कि आंखों वालों को ही अंधा बना रहे हैं! आप इन्हें पहचानते हैं?

☆

© श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा – भाग-४ ☆ श्री सुरेश पटवा ☆

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। अब आप प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकते हैं यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा।)

? यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा – गंगा सागर – भाग-४ ☆ श्री सुरेश पटवा ?

गंगा सागर द्वीप पर बत्तीस किलोमीटर लंबाई में और तीन से सात किलोमीटर चौड़ाई में 12.26 वर्ग किलोमीटर चौबीस गावों की सवा दो लाख आबादी बसी है। काचुबेरिया जेटी पर नाव से उतरते ही टैक्सी वाले हम पर मधुमक्खियों की तरह झूम पड़ते हैं। पश्चिम बंगाल टूरिज्म प्रॉपर्टी में हमारी कॉटेज बुक है। टैक्सी चालक वहाँ तक का 1600/- माँगने लगे। हम उनसे बातें करते आगे बढ़ते गए। अंदाज़न पाँच सौ मीटर चलने पर ऑटो और टोटो दिखे। हल्के फुलके नये इलेक्ट्रिक वाहन को यहाँ टोटो बुलाने लगे हैं। बत्तीस किलोमीटर की लंबाई के हिसाब से टोटो थोड़े कमजोर लगे। भोपाल की भारी सवारी और वाहन में कुछ तो तालमेल होना चाहिए। ऑटो वाले पाँच-छै सौ रुपयों का अड़ियल राग छेड़े थे। हमने हिसाब लगाया कि ऑटो पचास रुपये प्रति सवारी लेकर आठ सवारी बस स्टैंड तक ले जा रहे हैं। उसके हिसाब से पूरे ऑटो के चार सौ ठीक है। हमने चार सौ की विलंबित धुन पकड़ ली। आख़िर चार सौ रुपयों में सौदा तय हुआ। हमारी शर्त थी कि वह हमें होटल तक छोड़ेगा। यह सुनकर वह पसरने लगा। उसके तीन-चार साथियों ने उसे होटल का पता समझाया, तब वह माना।

गंगा सागर द्वीप पर उत्तर से दक्षिण सीधी सड़क है। दोनों तरफ़ क़तार से कच्चे मकान बने हैं। कमोबेश पूरा बंगाली समाज मांसाहारी है। हर मकान के सामने या बाजू में एक सरोवर है जिसमें मछलियाँ पली हैं। ताजी मछलियाँ पकड़ते और खाते हैं। प्रत्येक घर के सामने बकरियाँ चर रही और देशी मुर्गियाँ फुदक रही हैं। एक बंगाली बुद्धिजीवी से मांसाहार पर बात हुई। उनका कहना था कि मनुष्य यदि सीफ़ूड (समुद्री भोजन) न खाएँ तो समुद्री जीव की प्रजनन क्षमता इतनी अधिक है, सप्त समुद्र उनकी हड्डियों से नमक के ढेर में बदल जाएँगे। तब बारिश के बादल नहीं बनेंगे और कहीं भी बारिश नहीं होगी। पृथ्वी चटकने लगेगी। जल भूमिपिंड को साधे है जल की न्यूनता में वह पिंड खंड-खंड हो जाएगा। ज़रा सोचिए कितनी बड़ी समस्या होगी। शाकाहार या मांसाहार जीव मात्र की स्वाभाविक भोजन प्रणाली है। हमने कहा उत्तर भारत में शाकाहार पर जोर दिया जाता है। उन्होंने कहा- वहाँ वैष्णव जीवन पद्धति है। शाक्तों में मांसाहार चतुर्वर्ण्य प्रमुख भोजन है। कोई परहेज़ नहीं है। पूजा में मछली रखी जाती है।

गंगा सागर में पश्चिम बंगाल टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की बेहतरीन पक्की कांक्रीट हट उपलब्ध हैं। जिनका आरक्षण भोपाल से करवा कर चले थे। तक़रीबन चार सौ वर्ग फ़िट में एक बड़ा शयन कक्ष और एक बड़ा सिटआउट वरांडा, दोनों में एसी और दोनों में पश्चिमी गुसलखाना हैं। तीन दिन रुके, एसी बंद नहीं हुए। कमरे से बाहर भट्टी धधक रही है। सागर द्वीप के चारों तरफ़ सूर्य की तीखी किरण समुंदर में भाप से मानसूनी बादल बनाने में लगी हैं। इस तरह समझ लीजिए कि एक महा भगोने में तेज आँच पर पानी उबल रहा है और आप ढक्कन पर धरे पसीना बहा रहे हैं। सुबह बंगाली अख़बार कमरे में आ गया। तीन चार हेडिंग्स ही समझ आईं। लिपि देवनागरी है। शब्दों के हाथ, पैर, सिर, धड़ और मात्राओं में हिंदी से कुछ थोड़ा भेद है। कुछ महीने रुक गए तो बंगाली अख़बार पढ़ने लायक़ हो जाएँगे। लेकिन फिर काले जादू का क्या होगा। उससे बचना होगा। ग़ालिब तो नहीं बच पाये थे।

पश्चिम बंगाल के दक्षिण चौबीस परगना जिले में स्थित गंगा सागर धार्मिक महत्व का स्थान है। पवित्र जल धाराओं के मिलन स्थान को प्रयाग कहा जाता है। हर साल गंगा सागर मेला इस सागर द्वीप के दक्षिणी छोर पर भरता है जहाँ से गंगा नदी बंगाल की खाड़ी में प्रवेश करती है। इसी प्रयाग को गंगा सागर का नाम दिया गया है।

प्रयाग कुम्भ मेले के बाद गंगा सागर सबसे बड़ा तीर्थ है। गंगासागर का मिथक जीवन और मृत्यु के चक्र और मोक्ष के आकर्षण के बीच की कड़ी है। इस भक्तिपूर्ण नियति का हृदय प्रतिष्ठित कपिल मुनि मंदिर है। भागवत पुराण में विष्णु के कुल 24 अवतार बताए गए हैं। जिनमें से 23 हो चुके हैं। एक कल्कि अवतार होने को है। कपिल मुनि पाँचवें अवतार माने जाते हैं। जिन्होंने सांख्य सिद्धांत प्रतिपादित किया था कि आत्मा अनादि अनंत है। आत्मा पूर्व निर्धारित नियति के बंधन में है। जीव के कर्म उसका प्रारब्ध निर्धारित करते हैं। भागवत पुराण के अनुसार, महर्षि कपिल मुनि का जन्म स्वयंभू मनु की पुत्री ऋषि कर्दम और देवहुति से हुआ था। कर्दम मुनि ने अपने पिता भगवान ब्रह्मा के वचनों का पालन करते हुए समर्पणपूर्वक घोर तपस्या की। उनके समर्पण से प्रसन्न होकर, भगवान विष्णु अपने दिव्य रूप में प्रकट हुए। भगवान ने उन्हें देवहुति से विवाह करने के लिए कहा और आश्वस्त किया कि वह एक अवतार के रूप में जन्म लेंगे और दुनिया को सांख्य दर्शन देंगे।

समय बीतने के साथ मिथक किंवदंतियों में, किंवदंतियाँ क़िस्सों में और क़िस्से आस्था में बदल गए। वही आस्था कर्मकाण्डी धर्म का प्राण है। राजा भागीरथ के नाम पर गंगा को भागीरथी नाम दिया गया और राजा सागर के नाम पर समुद्र को “सागर” नाम दिया गया और गंगा के सागर में मिलन को गंगा सागर।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गंगा को लोक कल्याण हेतु 2525 किलोमीटर प्रवाहित होकर ग्रहण करने हेतु भगवान विष्णु कपिल मुनि के रूप में आए थे। उन्होंने इस स्थान पर अपना आश्रम बनाया और ध्यानस्थ हो गए। इसी दौरान पृथ्वीलोक पर प्रतापी इक्ष्वाकु वंशीय राजा सागर काफी पुण्य कमा रहे थे। इंद्र को अपनी गद्दी हिलती दिखने लगी। इंद्र ने एक चाल चली। राजा सागर का यज्ञ अश्व चुरा कर कपिल मुनि के आश्रम के पास बांध दिया। राजा सागर ने अपने  पुत्रों को उस अश्व को ढूँढ लाने के लिए भेजा। जब राजा सागर के पुत्रों को अश्व कपिल मुनि के आश्रम के पास मिला, उन्होंने कपिल मुनि पर चोरी का आरोप लगाया। इंद्र की चाल से अनजान कपिल मुनि इस झूठे आरोप से क्रोधित हो गए और उन्होंने राजा सागर के सभी पुत्रों को भस्म कर दिया। जब कपिल मुनि को असल बात पता चली तो वे अपना श्राप वापस तो ले नहीं सकते थे पर उन्होंने राजा सागर के पुत्रों को मोक्ष दिलाने का उपाय बताया। अगर गंगा धरती पर जल के रूप में अवतरित हो राजा सागर के पुत्रों की अस्थियों को स्पर्श कर लेती हैं तो हिन्दू मान्यताओं के अनुसार उनकी अंतिम क्रिया पूरी हो जाएगी और वो मोक्ष प्राप्त कर स्वर्गलोक को चले जाएँगे। राजा सागर के पुत्रों को मोक्ष दिलाने के लिए उनके कुल में जन्मे राजा भगीरथ ने घोर तपस्या की ताकि माता पार्वती धरती पर आ जाएँ।  अंततः पार्वती देवी गंगा के रूप में पृथ्वी पर उतरीं और उनके स्पर्श से राजा सागर के पुत्रों को मोक्ष प्राप्त हुआ। हिन्दू पंचांग के अनुसार गंगा के धरती पर आकर सागर में समाने की तिथि उत्तरायण या मकर संक्रांति पर होती है। इसलिए लाखों लोग इस दिन गंगासागर में स्नान करते हैं ताकि वे स्वर्ग प्राप्त कर सकें।

इस पौराणिक कथा में आस्था रखते हुए दुनिया भर से मोक्ष की तलाश में लाखों हिंदू तीर्थयात्री मकर संक्रांति पर गंगासागर मेले में आते हैं। माना जाता है कि पवित्र जल में डुबकी लगाने से सभी दुख और पाप धुल जाते हैं। इस विश्वास के साथ लाखों लोग कपिल मुनि के आश्रम में “सब तीर्थ बार बार गंगा सागर एकबार” का जाप करते पुण्य कमाते हैं।

गंगा सागर एक अद्भुत द्वीप है जो बंगाल तट से कुछ ही दूर स्थित है। गंगा सागर गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी का मिलन बिंदु है। बताया जाता है कि काफी समय पहले गंगा नदी की धारा सागर में यहीं मिलती थी, लेकिन नदियों के तलछट ने किनारों को पूर दिया है। अब इस द्वीप के पास गंगा की बहुत छोटी सी धारा सागर से मिलती है।

यह द्वीप लार्ड क्लाइव को इसलिए पसंद था कि ईस्ट इंडिया कंपनी की फ़ौज सिराजुद्दौला से शिकस्त खाकर इसी स्थान पर डेरा डाले पड़ी थी। क्लाइव ने प्लासी की लड़ाई की तैयारी इसी द्वीप पर की थी, और गंगा के मुहाने से ही गहरे समुद्र तक पहुँच जहाँ लंगर डाला, वह स्थान बाद में डायमंड हार्बर नाम से प्रसिद्ध हुआ। उसकी फ़ौज  इसी रास्ते से हुगली अर्थात् गंगा पर जहाज़ चलाकर 11 जून 1757 की रात को प्लासी के मैदान तक पहुँचा था। 13 जून 1757 को उसने भारत के भाल पर “ग़ुलाम” लिख दिया था।

संत कपिल मुनि को समर्पित मंदिर सागरद्वीप का प्रमुख आकर्षण है। तीर्थयात्री पानी में एक डुबकी के बाद मंदिर जाते हैं। मुख्य मंदिर 1960 के तूफान में नष्ट हो गया था। गंगासागर में 1973 में कपिल ऋषि का मंदिर फिर से बनवाया गया। कपिल मुनि की मूर्ति के एक तरफ राजा भगीरथ को गोद में लिए हुए गंगा जी की मूर्ति स्थापित है वहीं दूसरी तरफ राजा सगर और हनुमानजी की मूर्ति है।

यहां आना हर किसी के भाग्य में नहीं होता, जो यहां तक पहुंच जाता है उसे भाग्यशाली माना जाता है। यहां का गंगा सागर मेला पूरे भारत वर्ष में प्रसिद्ध है। हर साल इस मेले में लाखों श्रद्धालु पुण्यस्नान के लिए आते हैं। यहां तीर्थयात्री संगम में स्नान कर सूर्य को अर्घ देते हैं। कपिल मुनि के साथ ही यहां श्रद्धालु सूर्य देव की भी पूजा करते हैं। यहां श्रद्धालुओं द्वारा तिल और चावल का दान दिया जाता है। यहां इस दौरान नागा साधुओं के साथ महिला सन्यासी भी नजर आती हैं। ये नजारा पूरी तरह कुंभ जैसा लगता है। यहां श्रद्धालु समुद्र देवता को नारियल अर्पित करते हैं, वहीं गौदान भी किया जाता है। इसके बाद बाबा कपिल मुनि के दर्शन किए जाते हैं।

क्रमशः…

© श्री सुरेश पटवा 

भोपाल, मध्य प्रदेश

*≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रेयस साहित्य # १३ – कथा-कहानी – लघुतम कथा ~ लेखक की ताकत ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆

श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # १३ ☆

☆ कथा-कहानी ☆ लघुतम कथा ~ लेखक की ताकत ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

रोहन ने अपनी आत्मकथा लिखते वक्त अपने जीवन के कई कड़वे सच लिख डाले थे। बड़े भाई हार्दिक के हक के एक प्लाट को हथियाने के लिए उसने क्या-क्या कारनामे किये, इसे भी उसने अपनी आत्मकथा के कथानक में शामिल कर लिया था। जिसके चलते पुस्तक हद से ज्यादा लोकप्रिय हुई। प्लाट की कीमत से कहीं ज्यादा रुपया उसकी झोली में आ गया। दूसरी तरफ उस पुस्तक में लिखें इस अंश, जिसे उसने अपने जीवन की सत्य घटना बता कर लिखा था, को आधार बनाकर उसके भाई हार्दिक ने उसके ऊपर मुकदमा कर दिया।

रोहन के बड़े भाई हार्दिक ने मुकदमा जीता तो वह विवादित प्लाट अब रोहन का न होकर दुबारा हार्दिक का हो गया। फैसला आने के दिन कोर्ट रूम के बाहर रोहन और हार्दिक गले मिलकर खूब रोए। रोहन का यह दांव सही जगह लगा। पुस्तक की रॉयलटी से मिली ढेर सारी रकम को पाकर रोहन की पत्नी साधना अलग खुश हो रही थी, वहीं बड़े भाई हार्दिक को उस प्लाट पर दुबारा कब्जा दिलाकर रोहन भी खूब गदगद था।

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

दिनांक 22-02-2025

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ “श्री हंस” साहित्य # 165 ☆ मुक्तक – ।। अब हम देख कर मुस्कराते हैं, हमने मुस्करा कर देखना छोड़ दिया है ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

श्री एस के कपूर “श्री हंस”

 

☆ “श्री हंस” साहित्य # 165 ☆

☆ मुक्तक – ।। अब हम देख कर मुस्कराते हैं, हमने मुस्करा कर देखना छोड़  दिया है ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

☆

=1=

हम सबनें ही अब बतियाना, छोड़ दिया है।

अब वैसा याराना  निभाना, छोड़ दिया है।।

छोड़ दिया है बिना कुंडी, बजाए  आ  जाना।

निकल के पास से आंखें, मिलाना छोड़ दिया है।।

=2=

आंगन धूप में अब, बैठ जाना छोड़ दिया है।

यूं ही  दुआ सलाम, का बहाना छोड़ दिया है।।

छोड़ दिया करना हमनें, चरणस्पर्श बड़ों का।

पड़ोसी का धर्म भी निभाना, छोड़ दिया है।।

=3=

बच्चों को अब संस्कार, सिखाना छोड़ दिया है।

लोरी गाकर बच्चों को, सुलाना छोड़ दिया है।।

हर बाल बच्चे के हाथ में, मोबाइल दिया पकड़ा।

बच्चों ने मां बाप से, डर जाना छोड़ दिया है।।

=4=

सुबह जल्दी उठ जाना, अब छोड़ दिया है।

मंदिर रोज हाथ जोड़ के, आना छोड़ दिया है।।

फास्ट जंकफूड पसंद, हो गए हमारी पहली।

रविवार घर में खाना, बनाना छोड़ दिया है।।

=5=

हमने बेवजह अब गले, लगाना छोड़ दिया है।

हर छोटी बड़ी बात को, भुलाना छोड़ दिया है।।

बदल के रख दिए हैं सब, तौर तरीके जमाने के।

घरों मेंअब मेहमानों को, बुलाना छोड़ दिया है।।

=6=

घर आंगन में तुलसी का लगाना, छोड़ दिया है।

बिन तोल मोल भाव रिश्ते, निभाना छोड़ दिया है।।

अब हम देखकर बस, मन ही मन मुस्काते हैं।

अब हमने मुस्करा कर, दिखाना छोड़ दिया है।।

☆

© एस के कपूर “श्री हंस”

बरेलीईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब  – 9897071046, 8218685464

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा #230 ☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – कविता – जमाना तुमको बुला रहा है… ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – जमाना तुमको बुला रहा है…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # 230 ☆

☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – जमाना तुमको बुला रहा है…  ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

☆

मुसीबतों से बचा वतन को जो अपने खुद को बचा न पाये

उन्हीं की दम पे हैं दिख रहे सब ये बाग और घर सजे सजाये

तुम्हारे हाथों है अब ये गुलशन सब इसकी दौलत भरा खजाना

जिसे ऐ बच्चों बचा के रखना तुम्हें और आगे इसे बढ़ाना ॥

*

बदलते मौसम में घिर रही हैं घने अंधेरों से सब दिशाएँ

है तेज बारिश कड़कती बिजली कँपाती बहती प्रबल हवाएँ

मची है भगदड़ हरेक दिशा में समाया मन में ये भारी डर है

न जाने कल क्या समय दिखाये, मुसीबतों से भरा सफर है।

*

मगर न घबरा, कदम-कदम बढ़ निराश हो के न बैठ जाना

बढ़ा के साहस, समझ के चालें, तुम्हें है ऐसे में पार पाना।

चुनौतियों को जिन्होंने जीता उन्हीं का रस्ता खुला रहा है

बहादुरों, तुम बढ़ो निरन्तर, जमाना तुमको बुला रहा है।

☆

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares