हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य #85 ☆ व्यंग्य – रामभरोसे का कोविड वैक्सीनेशन ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, अतिरिक्त मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) में कार्यरत हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है।  उनका कार्यालय, जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। आज प्रस्तुत है श्री विवेक जी की एक समसामयिक व्यंग्य  ‘रामभरोसे का कोविड वैक्सीनेशन’.  इस सार्थक एवं अतिसुन्दर लघुकथा के लिए श्री विवेक रंजन जी का हार्दिकआभार। )

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 85 ☆

☆ व्यंग्य – रामभरोसे का कोविड वैक्सीनेशन ☆

मियां अल्लारख्खा, रामभरोसे जी का उर्दू संस्करण हैं. दोनो ही गरीबी की रेखा से नीचे वाले  राशन कार्ड, बी पी एल कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे बेशकीमती दस्तावेजों के महत्वपूर्ण धारक हैं. वे सब्सिडी वाली बिजली, उज्वला गैस, अंत्योदय योजना, बैंको के रोजगार लोन के सुपात्र हैं. उनके लोन की गारंटी सरकारें लेती हैं.वे मुफ्त शौचालय निर्माण, बिना ब्याज के गृह ॠण, डायरेक्ट फंड ट्रांस्फर वगैरह वगैरह जैसी एक नही अनेकों जन हितैषी योजनाओ के लाभार्थी हैं. तमाम सरकारी कोशिशों के बाद भी वे गरीबी रेखा पार नही कर पाते. दीन हीन रामभरोसे में राम बसते हैं. जनगणना में अल्लारख्खाओ और रामभरोसों के आंकड़े सब के लिये बड़े मायने के होते हैं. उनके आंकड़े सरकारो की सारी योजनाओ का मूल आधार बनते हैं. अल्लारख्खा और रामभरोसे की बस्तियां नेता जी की वोट की खदाने हैं. वे राजनैतिक दलो के घोषणा पत्रो के चुनिंदा विषय हैं.

लालकिले की प्राचीर से होने वाले भाषण हों या रेडियो पर दिल की बातें उनमें इनमें से किसी की चर्चा हो तो भाषण हिट हो जाते हैं. इनके मन को टटोलने में जो सफल हो जाता है वह जननेता बन जाता है. इनकी गिनती में थोड़ी बहुत हेरा फेरी कर्मचारियो की ऊपरी कमाई का स्त्रोत है. धर्म के कथित ठेकेदारो के लिये रामभरोसों और अल्लारख्काओ की आस्थायें बड़ा महत्व रखती हैं, ये और बात है कि इस सब से बेफिक्र उनकी पहली आस्था भूख के प्रति है. दोनो ही दिन भर की थकान मिटाने के लिये शाम को एक ही ठेके पर मिलते हैं, और जब कभी जेबें थोड़ी बहुत भरी होती हैं तो वे एक ही बाजार में देह की खुशी तलाशने निकल जाते हैं.

फटे, मैलेकुचैले कपड़ो में उनके बच्चो की मुस्कराती हुई तस्वीरें अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने की क्षमतायें रखती हैं. जब कभी अल्लारख्खा और रामभरोसे की बस्ती से कोई बच्चा अपने बस्ते और बुद्धि के कमाल से किसी प्रतियोगिता में कोई सफलता पा लेता है, तो खबरो में धमाल मच जाता है. रामभरोसे या अल्लारख्खा की जान बड़ी कीमती है. उन्होने देखा है कि जीते जी न सही किसी दुर्घटना में उनकी मौत तुरंत लाख रुपयो की सरकारी सहायता और परिवार में किसी के लिये सरकारी नौकरी का वादा लेकर आती है.

किसी भी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता  रामभरोसों और अल्लारख्खाओ के वैक्सीनेशन हुये बिना संभव नही है. यह तथ्य डाक्टर्स से लेकर राजनेता तक खूब समझते हैं. ये और बात है कि स्वयं की प्रतिरोधक क्षमताओ पर इन बस्तियों को इतना भरोसा है कि उन्हें पकड़ पकड़ कर टीके लगाने होते हैं. उनकी इस आत्मनिर्भरता की भावना से मुकाबले के लिये ही स्वास्थ्य कर्मियो का बड़ा अमला घर घर जाकर उनके मना करने पर भी उन्हें मना मना कर उनका वैक्सिनेशन करता है.

दुनियां को फिर से पटरी पर लाने के लिये कोरोना की वैक्सीन जरूरी है. नेता जी ने चुनावी वादों में सबको मुफ्त कोविड वैक्सीनेशन का वादा किया हुआ है. तरह तरह की वैक्सीन बन रही हैं.किसी के दो डोज लगने हैं तो किसी के तीन. कोई माइनस ७० डिग्री में रखी जानी है तो कोई फ्रिज टेम्प्रेचर पर. माइनस ७० डिग्री स्टोरेज तापमान वाले उपकरण बनाने वाली कम्पनियां दुनियां भर से अपने उपकरणो के लिये आर्डर लेने की जुगत भिड़ाने में  लगी हैं. उनकी मार्केटिंग टीमें ईमेल करने और देश देश के संबंधित मंत्रालयो से हर तरह के संपर्क में  सक्रिय हैं. नकली चीनी वैक्सीन निर्माता इंतजार में हैं कि कब कोई वैक्सीन बाजार में आये और वे उंचे दामो पर अपना माल खपा दें. वैक्सीन, कोरोना की आपदा में अवसर बनकर आ रही है. किसी के लिये कमाई और रोजगार के तो किसी के लिये पुरस्कार के मौके कोविड वैक्सिनेशन में अंतर्निहित हैं.

इस सबसे बेखबर रामभरोसे और अल्लारख्खा अपनी खुद की इम्युनिटी के बल पर गमछा लपेटे कोविड आत्मनिर्भर दिखते हैं.संभ्रांत बुद्धिजीवी दानवीर लोग व संस्थायें इन्हें ही मास्क बांटतें हैं और अपने संवेदनशील होने की तस्वीरें खिंचवा पाते हैं.  वे स्वयं को सेल्फ वैक्सीनेटेड मानते हैं. कोरोना के प्रति रामभरोसे और अल्लारख्खा के दृष्टिकोण बड़े परिपक्व हैं, वे इसे अमीरों की बीमारी बताने में नही हिचकिचाते. वे बिना मास्क मजे में बाजारो में घूमते मिल सकते हैं. उन्हें चुनावो की रैलियों, धार्मिक जुलूसों, किसान आंदोलनो की भीड़ से डर नही लगता.  कभी कभार नाक,मुंह पर गमछे का कोना या साड़ी का पल्ला लपेटकर वे मास्क का शौक पूरा कर लेते हैं. जब कभी सरकारी चालान का डर हो तो यही गमछा उनका अस्त्र बन जाता है. जिसको वैक्सीनेशन के दस्तावेजों में उनका नाम चढ़ाना हो अभी से चढ़ा ले. रामभरोसे हों या अल्लारख्खा वे वैक्सीन के भरोसे नही. आत्मनिर्भरता ही उनकी ताकत है. उनका कोविड वैक्शीनेसन हो न हो उनकी बला से. वैक्सीनेशन की जल्दबाजी आप करें, रामभरोसे और अल्लारख्खा को पता है उन्हें तो मना मना कर, टीवी पर विज्ञापन दे देकर वैक्सीन लगायेगी सरकार.

© विवेक रंजन श्रीवास्तव, जबलपुर

ए १, शिला कुंज, नयागांव,जबलपुर ४८२००८

मो ७०००३७५७९८

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ व्यंग्य से सीखें और सिखाएँ # 45 ☆ माइक, बाइक और लाइक ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

( ई-अभिव्यक्ति संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों / अलंकरणों से पुरस्कृत / अलंकृत हैं।  आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं  में आज प्रस्तुत है एक अतिसुन्दर रचना “माइक, बाइक और लाइक”। इस सार्थक रचना के लिए  श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन ।

आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं # 45 – माइक, बाइक और लाइक ☆

आज के समय में एक बढ़िया सी बाइक हो,  माइक पर बोलने की कला आती हो, और डिजिटल प्लेटफार्म पर लाइक की बरसात हो रही हो, तो आपको किसी भी चुनाव का टिकिट मिल सकता है। बाइक पर जब कोई रैली निकलती है तो युवा शक्ति की दबंगई का अहसास होता है। साथ ही साथ  वहाँ चल रहे राहगीर भी अपनी चाल धीमी कर के एक किनारे खड़े हो जाते हैं, क्योंकि उन्हें ये डर होता है कि कहीं नया खून ज्यादा उबाल न मार दे।

रास्ते थम जाते हैं, और हो हल्ले के बीच बाइक सवार निकल जाते हैं। ये सब देखकर कमजोर दिलवाले लोग वहीं, माथा पकड़ कर बैठ जाते हैं।

नगर  भ्रमण रैली की लाइव प्रस्तुति सारे डिजिटल प्लेटफार्म पर वायरल हो जाती है, अब तो बधाइयों का दौर शुरू हो जाता है। जब तक टिकिट पक्का न हो जाये तब तक ये प्रचार – प्रसार चलता रहता है।

रैली के आयोजक ने ठंडी आह भरते हुए कहा  “मेरा तो दिल ही टूट गया आज के आयोजन से।”  दूसरे ने चुटकी लेते हुए कहा मेरा तो शरीर थक कर चकनाचूर हो गया। अब तो सभी मज़ाक के मूड में आ गए। सबने अपना-अपना अनुभव बताना शुरू कर दिया।

तभी महामंत्री जी ने कहा “अरे  बेचारे को कोई बताने भी तो दो कि आखिर उसका दिल क्यों टूटा ?”

क्या टूटा भाई  जी, कोई मुझे भी तो बताए,  टैंट हाउस के कर्मचारी ने पूछा

हमारी नींद टूट गयी है बे,  और तुझे सामान की पड़ी है,  गुर्राते हुए महामंत्री ने कहा।

टूटे हुए सामान अक्सर लोग उठाकर ले जाते हैं ; सभा में प्रवेश करते हुए बड़े नेता जी ने कहा।

चारों ओर शांति छा गयी। भैय्या जी, नगर निगम चुनाव के लिए मेरी सीट पक्की हुई कि नहीं ? कातर स्वर से नगर महामंत्री जी ने पूछा।

बस पक्की ही समझो, नेता जी ने चिर परिचित मुस्कान बिखेरते हुए कहा। अनयास गम्भीर मुद्रा प्रदर्शित करते हुए कहने लगे,  काँटे की टक्कर रहेगी। पूरा दम खम दिखाना होगा तुमको। आज की रैली में कुछ खास मज़ा नहीं आया।

काहे भैया जी, उदास स्वर से छुटभैय्ये नेता ने पूछा।

इतना भी नहीं जानते,  चलें हैं देश संभालने,  बड़े नेता जी ने अपना कुर्ता ठीक करते हुए कहा। जब तक पुलिस की भागीदारी,  लाठीचार्ज,  आँसू गैस,  हवाई फॉयर न हो तब तक कोई रैली सफल नहीं होती,  इसीलिए कहते हैं पहले बड़ों की चरण वंदना करें, उनके साथ सीखें,  फिर ये टिकिट की आस लगाएँ। अपनी तरफ से तो मैंने अच्छी रिपोर्ट भेजी है हाईकमान के पास, बाकी आप की कुंडली वहीं पढ़ी जायेगी।

जी भैया जी, कहते हुए महामंत्री ने बड़े नेता जी के  चरण पकड़ लिए। आप का आशीर्वाद मिलता रहे बस टिकिट का क्या है,  जनता के सेवक बनना चाह रहे थे।

सिर पर हाथ फेरते हुए बड़े नेता जी ने कहा,  देखिए इस समय दो गज दूरी बहुत जरूरी का पालन करना है इसलिए दूरी बनाएँ रखें,  कहीं ऐसा न हो विपक्षी हमला कर दें। और हाँ कोरोना को रोते रहिए भाषणों में यही आपको मजबूत बनायेगा।   कल फिर से जागरूकता रैली करिए, उसमें एक कवि दो कवि भी रखिए जो बुलट में बैठकर गाते बजाते रहेंगे। और हाँ मास्क भी सब लोग जरूर लगाएँ। वैक्सीन की भी चर्चा आपके मुँह से होती रहनी चाहिए। पुराने वीडियो देखिए,  रैली कैसे आयोजित होती है। छोटी -छोटी बातों को तूल देना सीखें तभी नेतागिरी चलेगी।

अच्छा चलता हूँ, अरे हाँ पेपर वाले से बात कर ली है मैंने,  उसे कुछ खिला – पिला देना। वही तुम्हारी आज की रैली को सफल बना सकता है।

अगले दिन, अखबार की हेड लाइन को पढ़कर बड़े नेता जी मुस्कुराते हुए अपने पी ए से कह रहे थे,  “बहुतय जल्दी या महामंत्री नेतागिरी सीख लिहिस।”

©  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020

मो. 7024285788, chhayasaxena2508@gmail.com

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ समय चक्र # 52 ☆ नवगीत – कैसा हूँ मैं? ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’

डॉ राकेश ‘ चक्र’

(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी  की अब तक शताधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।  जिनमें 70 के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों  से  सम्मानित/अलंकृत।  इनमें प्रमुख हैं ‘बाल साहित्य श्री सम्मान 2018′ (भारत सरकार के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी बोर्ड, संस्कृति मंत्रालय द्वारा  डेढ़ लाख के पुरस्कार सहित ) एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा ‘अमृतलाल नागर बालकथा सम्मान 2019’। आप  “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से  उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे । इस कड़ी में आज प्रस्तुत हैं    “नवगीत – कैसा हूँ मैं? ”.)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # 52 ☆

☆ नवगीत – कैसा हूँ मैं? ☆ 

 

अपने दर्द छुपाता रहता

कैसा हूँ मैं ?

हरदम ही मुस्काता रहता

कैसा हूँ मैं ?

 

जीवन के

बंधन हैं मुश्किल

मेरे आँसू

मरते तिल- तिल

बिछुड़न- मिलना

साथ चल रहा

रोते- हँसते देखे

मन – दिल

 

आँसू को सहलाता रहता

कैसा हूँ मैं ?

हरदम ही मुस्काता रहता

कैसा हूँ मैं ?

 

कुछ समझें

नासमझ बहुत से

कुछ बोझिल हैं

बिना वजन से

नैया डूबी देख रहा हूँ

आज – कल की

सब ही वंचित

बिना भजन से

 

मौन – मौन ही उसे बुलाता

मैं कैसा हूँ ?

हरदम ही मुस्काता रहता

मैं कैसा हूँ ?

 

वनवासी – सा विचर

रहा मैं

हूँ कठोर

पर लचर रहा मैं

समझ रहा हूँ

खुद को हर दिन

आस पास की खबर

रहा मैं

 

क्योंकर प्रेमासक्ति  बढ़ाता

कैसा हूँ मैं ?

हरदम ही मुस्काता रहता

कैसा हूँ मैं ?

 

डॉ राकेश चक्र

(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)

90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र.  मो.  9456201857

Rakeshchakra00@gmail.com

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा # 24 ☆ देश के जांबाज सैनिकों की शहादत को समर्पित ☆ श्री प्रह्लाद नारायण माथुर

श्री प्रहलाद नारायण माथुर

( श्री प्रह्लाद नारायण माथुर जी अजमेर राजस्थान के निवासी हैं तथा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से उप प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। आपकी दो पुस्तकें  सफर रिश्तों का तथा  मृग तृष्णा  काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुकी हैं तथा दो पुस्तकें शीघ्र प्रकाश्य । आज से प्रस्तुत है आपका साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा  जिसे आप प्रति बुधवार आत्मसात कर सकेंगे। इस कड़ी में आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता देश के जांबाज सैनिकों की शहादत को समर्पित। ) 

 

Amazon India(paperback and Kindle) Link: >>>  मृग  तृष्णा  

 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा # 24 ☆देश के जांबाज सैनिकों की शहादत को समर्पित ☆

उस माँ को नमन है जो सारे कष्ट पाकर पुत्र को जन्म देती है,

जान का खतरा जानते हुए भी उसे देश की सीमा पर भेजती है,

माँ ने उसके लिए जो सुनहरे सपने देखे वो कभी पूरे  नहीं हो पायेंगे ||

 

उस माँ के आगे नतमस्तक हूँ जो उसे शहीद होते अपनी आँखों से देखती है,

नम आँखों से उसे विदा करती है जो फिर कभी वापिस नहीं आएंगे ||

 

उस स्त्री को नमन है जो सब जानते हुए भी उसकी अर्धागिनी बन जाती है,

और भरी जवानी में पति के शहीद होने पर विधवा हो जाती है,

उसने पति संग जो सुहावने सपने देखे वो अब कभी पुरे नहीं पायेंगे ||

 

उस पत्नी के आगे नतमस्तक हूँ जो पति की शहादत अपनी आँखों से देखती है,

नम आँखों से उसे विदा करती है जो फिर कभी वापिस नहीं आएंगे ||

 

उन बच्चों को नमन है जो नन्ही आँखों से पिता की अर्थी उठते देखते हैं,

और अपने नन्हे कोमल हाथों से अपने पिता की चिता को अग्नि देते हैं,

पिता ने बच्चों के लिए जो सपने देखे वो अब कभी पूरे नहीं पायेंगे ||

 

इन बच्चों के आगे नतमस्तक हूँ जो पिता की मृत देह अपनी आँखों से देखते हैं,

इस बात से अनजान हो विदा देते हैं की ये कभी वापिस नहीं आएंगे ||

 

©  प्रह्लाद नारायण माथुर 

8949706002
≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कवितेच्या प्रदेशात # 76 – वृत्त- वंशमणी ☆ सुश्री प्रभा सोनवणे

सुश्री प्रभा सोनवणे

(आप  प्रत्येक बुधवार को सुश्री प्रभा सोनवणे जी  के उत्कृष्ट साहित्य को  साप्ताहिक स्तम्भ  – “कवितेच्या प्रदेशात” पढ़ सकते  हैं।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – कवितेच्या प्रदेशात # 76 ☆

☆ वृत्त- वंशमणी ☆

कशास  आले, कुठून आले कोठे

वादळ दाटे अंतरात या मोठे

या जगण्याला अर्थ न उरला आता

कुणी न वाली,कुणी न माझा त्राता

 

मी एकाकी मूक पाखरू  आहे

झाडाखाली ,तरी  उन्हाळा साहे

घाव जिव्हारी पुन्हा पुन्हा हे ताजे

कसे सावरू आयुष्याचे ओझे

 

मी मरणाला नित्य मारते हाका

अन जगण्याचा पुन्हा  बदलते ठेका

मी शापित की कुणी कलंकित  आहे

गतजन्मीचा स्रोत इथूनच वाहे

 

© प्रभा सोनवणे

“सोनवणे हाऊस”, ३४८ सोमवार पेठ, पंधरा ऑगस्ट चौक, विश्वेश्वर बँकेसमोर, पुणे 411011

मोबाईल-९२७०७२९५०३,  email- sonawane.prabha@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी का काव्य संसार # 61 ☆ तदबीर ☆ सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा

सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा

(सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी  सुप्रसिद्ध हिन्दी एवं अङ्ग्रेज़ी की  साहित्यकार हैं। आप अंतरराष्ट्रीय / राष्ट्रीय /प्रादेशिक स्तर  के कई पुरस्कारों /अलंकरणों से पुरस्कृत /अलंकृत हैं । हम आपकी रचनाओं को अपने पाठकों से साझा करते हुए अत्यंत गौरवान्वित अनुभव कर रहे हैं। सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी का काव्य संसार शीर्षक से प्रत्येक मंगलवार को हम उनकी एक कविता आपसे साझा करने का प्रयास करेंगे। आप वर्तमान में  एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर, पुणे हैं। आपका कार्यालय, जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है।आपकी प्रिय विधा कवितायें हैं। आज प्रस्तुत है आपकी  एक भावप्रवण रचना “तदबीर”। )

आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी के यूट्यूब चैनल पर उनकी रचनाओं के संसार से रूबरू हो सकते हैं –

यूट्यूब लिंक >>>>   Neelam Saxena Chandra

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी का काव्य संसार # 61 ☆

☆ तदबीर ☆

 

अच्छी तस्वीर से अच्छी तहरीर

बनना ज़रूरी नहीं है जनाब-

हाँ, अच्छी तहरीर ज़रूर

अच्छी तस्वीर बना सकती है|

 

सुनो,

कूट-कूटकर जोश और जुस्तजू को

अपनी ज़िंदगी की किताब के

हर एक सफ्हे पर बिछा दिया करो,

फिर उसे रौशनी के जुगनुओं से

खूबसूरती से सजा दिया करो-

देखना कैसे तबस्सुम की लाली

तहरीर पर छा जायेगी!

हाँ! वो हर पढने वाले के

अंग-अंग में समा जायेगी,

और उस पढने वाले की तस्वीर में

रंगत ही रंगत छा जायेगी!

 

तहरीर से खूबसूरत तस्वीर बनाना

यही ख़ास तदबीर है!

 

तहरीर – writing

सफ्हे – page

तदबीर – strategy

 

© नीलम सक्सेना चंद्रा

आपकी सभी रचनाएँ सर्वाधिकार सुरक्षित हैं एवं बिनाअनुमति  के किसी भी माध्यम में प्रकाशन वर्जित है।

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # 46 ☆ व्यंग्य संग्रह – मोरे अवगुन चित में धरो – श्री आशीष दशोत्तर ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हम प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’जी के आभारी हैं जिन्होने  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा”शीर्षक से यह स्तम्भ लिखने का आग्रह स्वीकारा। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, अतिरिक्त मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) में कार्यरत हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है।  उनका कार्यालय, जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं । आप प्रत्येक मंगलवार को श्री विवेक जी के द्वारा लिखी गई पुस्तक समीक्षाएं पढ़  सकते हैं ।

आज प्रस्तुत है श्री आशीष दशोत्तर जी  के  व्यंग्य  संग्रह   “मोरे अवगुन चित में धरो” पर श्री विवेक जी की पुस्तक चर्चा। )

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा – # 46 ☆ 
पुस्तक चर्चा

पुस्तक – व्यंग्य संग्रह – मोरे अवगुन चित में धरो

व्यंग्यकार – श्री आशीष दशोत्तर

प्रकाशक – बोधि प्रकाशन,

पृष्ठ – १८४

मूल्य – २०० रु

☆ पुस्तक चर्चा – व्यंग्य  संग्रह  – मोरे अवगुन चित में धरो – व्यंग्यकार –श्री आशीष दशोत्तर ☆ समीक्षक -श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र☆

श्री आषीश दशोत्तर व्यंग्य के सशक्त समकालीन हस्ताक्षर के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त कर चुके हैं. वे विज्ञान,  हिन्दी, शिक्षा,  कानून में उपाधियां प्राप्त हैं. साहित्य अकादमी सहित कई संस्थाओ ने उनकी साहित्यिक प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सम्मानित भी किया है. परिचय की इस छोटी सी पूर्व भूमिका का अर्थ गहरा है. आषीश जी के लेखन के विषयो की व्यापकता और वर्णन की विविधता भरी उनकी शैली में उनकी शिक्षा का अपरोक्ष प्रभाव दृष्टिगोचर होता है. किताब की भूमिका सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार प्रेम जनमेजय ने लिखी है,  वे लिखते हैं ” आषीश दशोत्तर के लेखन में असीम संभावनायें है,  उनके पास व्यंग्य की दृष्टि है और उसके उचित प्रयोग का संयम भी है. ” मैने इस किताब के जो  कुछ व्यंग्य पढ़े हैं और जितना इस चर्चा से पहले से यत्र तत्र उन्हें पढ़ता रहा हूं उस आधार पर मेरा दृष्टिकोण भूमिका से पूरी तरह मेल खाता है. व्यंग्य तभी उपजता है जब अवगुन चित में धरे जाते हैं. दरअसल अवगुणो के परिमार्जन के लिये रचे गये व्यंग्य को समझकर अवगुणो का परिष्कार हो तो ही व्यंग्य का ध्येय पूरा होता है. यही आदर्श स्थिति है.  इन दिनो व्यंग्य की किताबें और उपन्यास,  किसी जमाने के जासूसी उपन्यासो सी लोकप्रियता तो प्राप्त कर रही हैं पर गंभीरता से नही ली जा रही हैं. हमारे जैसे व्यंग्यकार इस आशा में अवगुणो पर प्रहार किये जा रहे हैं कि हमारा लेखन कभी तो महज पुरस्कार से ऊपर कुछ शाश्वत सकारात्मक परिवर्तन ला सकेगा. आषीश जी की कलम को इसी यात्रा में सहगामी पाता हूँ.

किताब के पहले ही व्यंग्य पेड़ पौधे की अंतरंग वार्ता में वे लिखते हैं “पेड़ की आत्मा बोली अच्छा तुम्हें जमीन में रोप भी दिया गया तो इसकी क्या गारंटी है कि तुम जीवित रहोगे ही “. .. पेड़ की आत्मा पौधे को बेस्ट आफ लक बोलकर जाने लगी तो पौधा सोच रहा था उसे कोई न ही रोपे तो अच्छा है. ऐसी रोचक नवाचारी बातचीत  विज्ञान वेत्ता के मन की ही उपज हो सकती थी.

पुराने प्रतीको को नये बिम्बों में ढ़ालकर,  मुहावरो और कथानको में गूंथकर मजेदार तिलिस्म उपस्थित करते आषीश जी पराजय के निहितार्थ में लिखते है ” कछुये को आगे कर खरगोश ने राजनीति पर नियंत्रण कर लिया है,  कछुआ जहां था वहीं है,  वह वही कहता और करता है जो खरगोश चाहता है ” वर्तमान कठपुतली राजनीति पर उनका यह आब्जरवेशन अद्भुत है. जिसकी सिमली पाठक कई तरह से ढ़ूंढ़ सकता है. हर पार्टी के  हाई कमान नेताओ को कछुआ बनाये हुये हैं,  महिला सरपंचो को उनके पति कछुआ बनाये हुये हैं,  रिजर्व सीटों पर पुराने रजवाड़े और गुटो की खेमाबंदी हम सब से छिपी नही है,  पर इस शैली में इतना महीन कटाक्ष दशोत्तर जी ही करते दिखे.

शब्द बाणों से भरे हुये चालीस ताकतवर तरकश लिये यह एक बेहतरीन संग्रह है जिसे मैं खरीदकर पढ़ने में नही सकुचाउंगा. आप को भी इसे पढ़ने की सलाह है.

समीक्षक .. विवेक रंजन श्रीवास्तव

ए १, शिला कुंज, नयागांव, जबलपुर ४८२००८

मो ७०००३७५७९८

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ लेखनी सुमित्र की – दोहे ☆ डॉ राजकुमार तिवारी “सुमित्र”

डॉ राजकुमार तिवारी ‘सुमित्र’

(संस्कारधानी  जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ राजकुमार “सुमित्र” जी  को सादर चरण स्पर्श । वे आज भी  हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते हैं। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया।  वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा स्त्रोत हैं। आज प्रस्तुत हैं आपके अप्रतिम दोहे । )

 ✍  लेखनी सुमित्र की – दोहे  ✍

आंसू सूखे आंख के, सूख रही है देह।

इन यादों का क्या करूं, होती नहीं सदेह।।

 

याद तुम्हारी कुसुम -सी, खिली बिछी तत्काल ।

या समुद्र के गर्भ में, बिखरी मुक्ता माल।।

 

घन विद्युत सी याद है, देती कौंध उजास।

कभी-कभी ऐसा लगे, करती है परिहास।

 

सूना सूना घर मगर, दिखे नहीं अवसाद।

इसमें क्या अचरज भला, महक रही है याद।।

 

मास दिवस या वर्ष सब, होते गई व्यतीत।

किंतु याद की कोख में, है जीवन अतीत।।

 

© डॉ राजकुमार “सुमित्र”

112 सर्राफा वार्ड, सिटी कोतवाली के पीछे चुन्नीलाल का बाड़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ अभिनव गीत # 27 – मैं ही था … ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी

श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा ,पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित । 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है।  आज पस्तुत है आपका अभिनव गीत  “मैं ही था … ”। )

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 27– ।। अभिनव गीत ।। ☆

☆ मैं ही था … ☆

कितने संघर्षों का मारा

मैं ही था

कुछ न कुछ रह गया

कुँआरा में ही था

 

छूट गया था कुछ

पड़ौस में कुछ घर में

कुछ कुछ छूटा था

कुर्सी पर दफ्तर में

 

कुछ हाटों में

बाजारों में छूटा था

जो कुछ भी बच

सका सहारा मैं ही था

 

आधा रहा बैंक में

आधा जेबों में

आधा रहा पाँयचों-

में पाजेबों में

 

कितनी गाँठों में

मुझ को बाँधा तुमने

कितनी गड़बडियों

का मारा मैं ही था

 

कुछ किताब में कुछ

कविता के पन्नों में

गाया गया खूब

शादी के बन्नों में

 

जैसे छूट गया

अपनों सँग बँधने से

जूड़े का वह बाल

तुम्हारा मैं ही था

 

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

26-11-2020

संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

 

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य # 72 ☆ व्यंग्य – चुनाव में भाग्य रेखा ☆ श्री जय प्रकाश पाण्डेय

श्री जय प्रकाश पाण्डेय

(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी   की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके  व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं, जिन्हें उन्होने अपने हृदय  एवं  साहित्य में  सँजो रखा है । आज प्रस्तुत है एक अतिसुन्दर व्यंग्य – “चुनाव में भाग्य रेखा“। ) 

☆ जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य # 72 ☆

☆ व्यंग्य – चुनाव में भाग्य रेखा ☆

गंगू की टीवी देखने की बुरी आदत है, टीआरपी बढ़ाने के चक्कर में टीवी वाले छोटी सी बात को धजी का सांप बना देते हैं, और गंगू है कि टीवी की हर बात को सच मान लेता है। इन दिनों गंगू को अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव की ज्यादा चिंता है। बिहार और म.प्र.के चुनाव में नेताओं की चालबाजियों और ऊंटपटांग बयानबाजी से उसका मन ऊब गया है, इसलिए अमेरिका के चुनाव में उसका खूब मन लग रहा है।

जब हम पेपर पढ़ने बैठते हैं तो गंगू बीच-बीच में बहुत डिस्टर्ब करता है।पूरा पेपर पढ़ नहीं पाते और बीच में पूछने लगता है–बाबू जी आज के पेपर में अमेरिका के चुनाव के बारे में कुछ नया आया है क्या ?  फिर थोड़ी देर बाद कहने लगता है -बाबू जी लाक डाउन के पहले अमेरिका से जो टमटम आये थे उनकी हालत इस बार कुछ पतली लग रही है ? हमने कहा- गंगू चीजों को सही नाम से पुकारना चाहिए,वो जो आये थे वे दुनिया के सबसे अमीर शक्तिशाली राष्ट्रपति माने जाते हैं, उनका असली नाम डोनाल्ड ट्रंप है।

गंगू भड़क गया बोला- देखो बाबू… हम पढ़े लिखे तो नहीं हैं, हमारे मुंह से टमटम ही निकल रहा है तो हम क्या करें….हमारा क्या दोष ……….

और सीधी सी बात है कि हम गरीबी रेखा के नीचे के आदमी हैं, वे अमीर हैं तो अमीर होंगे अपने घर के….. उनके अमीर होने से हमारी गरीबी थोड़े न दूर होगी। बाबू यदि हम उनको टमटम बोल रहे हैं तो वो भी तो हमारे यहां के लोगों को कुछ भी बोल रहे थे।जब वो आये रहे तो मोदी जी के सामने भरी सभा में चाय वाला कहने की जगह ‘चिवाला’ बोल रहे थे, अभी तक तो शिवाला, दिवाला तो सबने सुना था पर ये ‘चिवाला’ तो कभी नहीं सुना था। टमटम भैया हम गरीबों के बीच बड़े होशियार बनना चाहते थे, वो हम सबको दिखाना चाहते थे कि वे भारत के बारे में बहुत कुछ जानते हैं। कल्लू महराज ने उनका पूरा भाषण सुना रहा, कल्लू महराज ने बता रहे थे कि वे अपने भाषण में स्वामी विवेकानंद को ‘विवेकामनन’, चंद्रयान को ‘चन्डराजान’

और हमारे क्रिकेट हीरो सचिन तेंदुलकर को “सूचिन” कह रहे थे। अरे सही नाम लेते नहीं बन रहा था तो न लेते….

अपनी ज्यादा होशियारी बताने के लिए ‘शोले ‘फिल्म को “सूजे” कह रहे थे। ये भी क्या बात हुई कि सबकी प्यारी फिल्म ‘दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ को उनने “डीडीएलजे” कह कर फिल्म का मजाक उड़ा दिया। हद कर दी टमटम ने… और बाबू जी आप कहते हैं कि टमटम कहने से वो नाराज़ हो जायेंगे। हम गरीब लोग भी तो नाम बिगाड़ने से नाराज़ हैं, काहे चाय वाले को ‘चिवाला’ कह दिया भाई, और अपने मोदी जी सिर झुकाए सब सुनते रहे, मुस्कराते रहे…ये बात तो ठीक नहीं है न….।

–अच्छा बाबू जे बताओ कि ये टमटम कुछ स्वार्थ लेकर आये रहे थे … काहे से कि एक बार कल्लू महराज कह रहे थे कि जे आदमी कभी किसी को भाव नहीं देता, सबको डराये रहता है, हथियार बेचने में विश्वास करता है।

—  हां …गंगू सही सुना है, ट्रंप राजनीति के बड़े खिलाड़ी हैं, नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव हैं न…. तो उनको लगता है कि हिन्दूओं के वोट मोदी के मार्फत मिल जाएंगे, इसलिए इस बार उनने मोदी जी को पटाकर ‘नमस्ते ट्रंप ‘कार्यक्रम करवा लिया। उनको मालूम था कि अमेरिका में अधिकांश गुजराती पटैल रहते हैं। यहां आने के पहले उनने मोदी जी को पहले से कह दिया था कि तीन घंटे में सात बार गले मिलना और नौ बार हाथ मिलाना, कोरोना-अरोना से नहीं डरना, भले बाद में लाक डाउन लगाना और थाली कटोरा बजवाना, पर अमेरिका वालों को दिखा देना कि दोस्ती बहुत तकड़ी है, अमेरिका के सारे हिन्दुओं के वोट लूटना है इस बार।

— तो जे बात है बाबू…इधर भी वोट की राजनीति में अपने अस्सी नब्बे करोड़ लुट गये। कल्लू महराज तो कह रहे थे कि टमटम गांधी जी के साबरमती आश्रम भी गए थे तो वहां भी मोदी जी का गुणगान करते रहे… महात्मा गांधी की तरफ देखा भी नहीं….

— बिलकुल सही सुना है गंगू…. साबरमती आश्रम में चरखा देखकर चक्कर खा गए, पत्नी से कान में बोले- इसीलिए इंडिया गरीब है, अभी भी चरखा के पीछे पड़े हैं। मोदी जी बताते रहे उनके समझ में कुछ नहीं आया तो साबरमती आश्रम की विजिटर्स बुक में मोदी की तारीफ के कसीदे काढ़ दिए और गांधी जी को भूल गए। असली क्या है गंगू… कि ट्रंप बुद्धिजीवी या किताबी ज्ञान रखने वाले विचारक किस्म के राजनेता नहीं माने जाते, उन्हें महात्मा गांधी के आदर्श सिद्धांतो से क्या लेना-देना। अहिंसा, सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, अपरिग्रह के सिद्धांत जैसी बातों में ट्रंप को क्यों रुचि होगी। सीधा मतलब ट्रंप को चुनाव जीतने से है, और उनको लगा कि भारतीय पटैलों के वोट मोदी दिला सकते हैं, इसीलिए ट्रंप को तगड़ी दोस्ती का नाटक दिखाना जरूरी था।

जिस दिन ये साबरमती आश्रम से लौटे थे उसी रात को ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने पूछा भी था कि गांधी को क्यों जलाया दरकिनार करके आपने मोदी के गुणगान में सब कुछ लिख दिया, तो ट्रंप का सीधा जवाब था कि काम मोदी से है तो गांधी की तरफ क्यूं देखूं… नवंबर के चुनाव यह बात साफ है कि वोट दिलवाने का काम महात्मा गांधी नहीं कर पायेंगे, बल्कि मोदी मोदी कहने से काफी काम बन जाएगा। तुम तो जानती हो युद्ध और राजनीति में सब जायज है, इसलिए हमने चुनाव प्रचार के सारे आइटम इस बार चीन से बुलवाये हैं।

और अंदर की बात सुनो डियर मेलानिया, तुम तो जानती हो कि अमेरिका का राष्ट्रपति ग्लोबल दृष्टिकोण रखते हुए अपने देश के हितों को सर्वाधिक प्राथमिकता देता है, कुछ देश के मुखिया अपना हित और पार्टी के हितों को प्राथमिकता देते हैं। हमारी यात्रा का एक उद्देश्य तो ये है कि नवंबर के चुनाव के लिए वोट का जुगाड़ करना और दूसरा उद्देश्य भारत-अमेरिका मैत्री का नाटक कर भारत को घातक अस्त्र, विमान, लड़ाई का सामान बेचकर लाभ कमाना है। कंगाल पाकिस्तान की बजाय सम्पन्न होता भारत काफी बेहतर और मित्रता के लायक लगता है, इसी कारण से हमने पहले से अमेरिका में “हाउडी मोदी” प्रोग्राम करवा कर गेयर में लेलिया था। वैसे भी भारत के लोग संकोची होते हैं अपना नुकसान करके भी लिहाज करते हैं, इसीलिए माय डियर मेलानिया महात्मा गांधी की चिंता नहीं करो।

–बाबू जी टीवी वाले बता रहे थे कि जैसे जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है टमटम की हालत पतली होती जा रही है, सर्वे वाले भी कह रहे हैं कि इस बार इनका आना मुश्किल लग रहा है। सुना है कि हाथ की भाग्य रेखा बदलने के लिए मोदी जी को फोन करके सलाह मांगी है ?

— हां गंगू, तुम बहुत ऊंची खबर रखते हो। क्या है कि ट्रंप बहुत व्यवहारिक दृष्टिकोण रखने वाले नेता हैं, शुरू से धंधा पानी में ध्यान देने वाले, कभी वे अपने को सुपरमेन बताने लगते हैं, कभी मास्क लगाकर सामने वाले को पिद्दी नेता कहने लगते हैं। हालांकि तुमने सही सुना है मोदी जी के पास फोन आया रहा, तो यहां वालों ने भाग्य रेखा बदलने की दुकान का पता बतला दिया है, मीडिया वालों ने बताया कि थाईलैंड में एक दुकान खुली है जिसमें हाथों की लकीरों को बदलकर भाग्य बेहतर बनाने के लिए टेटू का सहारा लिया जाता है, याने भाग्य अवरुद्ध करने वाली लकीरें मिटा दी जाती हैं और हथेलियों पर नयी भाग्य रेखा बना दी जाती है, चुनाव जीतने में भाग्य रेखा का असली रोल होता है, तो अपनी पतली हालत को देखते हुए और चीन की चालबाजियों को समझते हुए ट्रंप जी ने रातों-रात नयी भाग्य रेखा बनवा ली है और कल कुछ भी हो सकता है…….

गंगू और बाबूजी की इस चर्चा को हुए एक अरसा गुजर गया ….. गंगू के टमटम की हालत वास्तव में पतली हो गई। टेटू वालों की नयी भाग्य रेखा किसी काम नहीं आई। गंगू के टमटम आज भी हार मानने को तैयार नहीं है। भला ऊपरवाले की लिखी भाग्यरेखा कभी कोई बदल सका है भला ….. और अपना गंगू है कि टीवी की हर बात को अब भी सच मान लेता है ….

© जय प्रकाश पाण्डेय

416 – एच, जय नगर, आई बी एम आफिस के पास जबलपुर – 482002  मोबाइल 9977318765
≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares