हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #२९२ ☆ ख्वाब : बहुत लाजवाब… ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख ख्वाब : बहुत लाजवाब। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # २९२ ☆

☆ ख्वाब : बहुत लाजवाब… ☆

‘जो नहीं है हमारे पास/ वो ख्वाब है/ पर जो है हमारे पास/ वो लाजवाब है’ शाश्वत् सत्य है, परंतु मानव उसके पीछे भागता है, जो उसके पास नहीं है। वह उसके प्रति उपेक्षा भाव दर्शाता है, जो उसके पास है। यही है दु:खों का मूल कारण और यही त्रासदी है जीवन की। इंसान अपने दु:खों से नहीं, दूसरे के सुखों से अधिक दु:खी व परेशान रहता है।

मानव की इच्छाएं अनंत है, जो सुरसा के मुख की भांति निरंतर बढ़ती चली जाती हैं और सीमित साधनों से असीमित इच्छाओं की पूर्ति असंभव है। इसलिए वह आजीवन इसी उधेड़बुन में लगा रहता है और सुक़ून भरी ज़िंदगी नहीं जी पाता। सो! उन पर अंकुश लगाना अनिवार्य है। मानव ख्वाबों की दुनिया में जीता है अर्थात् सपनों को संजोए रखता है। सपने देखना तो अच्छा है, परंतु तनावग्रस्त  रहना जीने की ललक पर ग्रहण लगा देता है। खुली आंखों से देखे गए सपने मानव को प्रेरित करते हैं, उल्लसित-उन्मादित करते हैं और वे उन्हें साकार रूप प्रदान करने में अपना सर्वस्व ही नहीं; स्वयं को भी झोंक देता है। उस स्थिति में वह आशान्वित रहता है और एक अंतराल के पश्चात् अपने लक्ष्य की पूर्ति कर लेता है।

परंतु चंद लोग ऐसी स्थिति में निराशा का दामन थाम लेते हैं और अपने भाग्य को कोसते हुए तनाव से अवसाद की स्थिति में पहुंच जाते हैं और उन्हें यह संसार दु:खालय प्रतीत होता है। दूसरों को देखकर वे उनके प्रति भी ईर्ष्या भाव दर्शाते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें अभावों से नहीं; दूसरों को प्राप्त सुखों को देख कर दु:ख होता है–अंतत: यही उनकी नियति बन जाती है।

अक्सर मानव भूल जाता है कि वह खाली हाथ आया है और उसे खाली हाथ जाना है। यह संसार मिथ्या व मानव शरीर नश्वर है और सब कुछ यहीं रह जाना है। मानव को चौरासी लाख योनियों के पश्चात् यह अनमोल जीवन प्राप्त होता है, ताकि वह भजन-सिमरन करके अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सके। परंतु वह राग-द्वेष व स्व-पर में अपना जीवन नष्ट कर देता है और अंतकाल खाली हाथ संसार से रुख़्सत हो जाता है। ‘यह किराये का मकान है/ कौन कब तक ठहर पाएगा’ और ‘यह दुनिया है एक मेला/ हर इंसान यहाँ है अकेला’ स्वरचित गीतों की ये पंक्तियाँ मानव को एकांत स्वयं में स्थित रहने की सीख देती हैं। जो मनुष्य स्व में स्थित होकर जीना सीख जाता है; भवसागर से पार उतर जाता है, अन्यथा वह आवागमन के चक्कर में आजीवन उलझा रहता है।

‘जो हमारे पास है; लाजवाब है’, परंतु बावरा मन इस तथ्य से सदैव अनजान रहता है, क्योंकि उसमें आत्म-संतोष का अभाव रहता है। जो प्रभु-प्रदत्त है, हमें उसमें संतोष रखना चाहिए। संतोष सबसे बड़ा धन है और असंतोष सब आधि-व्याधियों का मूल है। इसलिए संतजन यही कहते हैं कि जो आपको मिला है, उसकी सूची बनाएं और सोचें कि कितने लोग ऐसे हैं, जिनके पास उन वस्तुओं का भी अभाव है; तो आपको आभास होगा कि आप कितने समृद्ध हैं। आपके शब्द-कोश में शिकायतें कम हो जाएंगी और उसके स्थान पर शुक्रिया का भाव उपजेगा। यह जीवन जीने की कला है। हमें शिकायत स्वयं से करनी चाहिए; ना कि दूसरों से, बल्कि जो मिला है उसके लिए कृतज्ञता ज्ञापित करनी चाहिए। जो मानव आत्मकेंद्रित होता है, उसमें आत्म-संतोष का भाव जन्म लेता है और अमुक स्थिति में वह विजय का सेहरा दूसरों के सिर पर बाँध देता है।

गुलज़ार के शब्दों में ‘हालात ही सिखा देते हैं सुनना और सहना/ वरना हर शख्स फ़ितरत से बादशाह होता है।’ सो! हमारी मन:स्थितियाँ परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तित होती रहती हैं। यदि समय अनुकूल होता है, तो पराए भी अपने हितैषी व दुश्मन भी दोस्त बन जाते हैं और विपरीत परिस्थितियों में अपने भी शत्रु का क़िरदार निभाने में तनिक भी संकोच नहीं करते  हैं। आज के दौर में तो अपने ही अपनों की पीठ में छुरा घोंपते हैं, उन्हें तक़लीफ़ व सर्वाधिक हानि पहुंचाते हैं। इसलिए उनसे सावधान रहना अत्यंत आवश्यक है। सो! जीवन में विवाद नहीं, संवाद में विश्वास रखना कारग़र है, जिसके परिणाम-स्वरूप सब आपके प्रिय बने रहेंगे। जीवन में इच्छाओं की पूर्ति के लिए ज्ञान व कर्म में सामंजस्य रखना आवश्यक है, अन्यथा जीवन कुरुक्षेत्र बन जाएगा।

सो! हमें जीवन में स्नेह, प्यार, त्याग व समर्पण भाव को बनाए रखना आवश्यक है, ताकि जीवन में समन्वय बना रहे अर्थात् जहाँ समर्पण भाव होता है; रामायण होती है और जहाँ इच्छाओं की लंबी फ़ेहरिस्त होती है; संघर्ष अथवा महाभारत होता है। हमें जीवन में चिंता नहीं, चिंतन करना चाहिए। स्व-पर, राग-द्वेष, अपेक्षा-उपेक्षा व सुख-दु:ख के भाव से ऊपर उठना तथा सुख-दु:ख में सम रहना चाहिए। सबकी भावनाओं को सम्मान देना चाहिए और उस मालिक का आठों याम शुक्रिया अदा करना चाहिए, जिसने हमें इतनी नेमतें दी हैं। ऑक्सीजन हमें मुफ्त में मिलती है, इसकी अनुपलब्धता का मूल्य तो हमें कोरोना काल में ज्ञात हो गया था।

हमारी आवश्यकताएं तो पूरी हो सकती हैं, परंतु इच्छाएं नहीं। इसलिए स्वार्थ को तजकर, जो हमें मिला है; उसमें संतोष रखना चाहिए और निरंतर कर्मशील रहना चाहिए। हमें फल की इच्छा कभी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि जो हमारे प्रारब्ध में है, अवश्य मिलकर रहता है। अंत में अपने स्वरचित गीत की पंक्तियों से ‘समय पल-पल रंग बदलता/ सुख-दु:ख आते-जाते रहते हैं/ भरोसा रख अपनी ख़ुदी पर/ यह सफलता का मूलमंत्र रे।’ जो इंसान स्वयं पर भरोसा रखता है, वह सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ता चला जाता है। इसलिए इस तथ्य को स्वीकार कर लें कि जो नहीं मिला, वह ख़्वाब है; जो मिला है, लाजवाब है। परंतु जो नहीं मिला, उस सपने को साकार करने में जी-जान से जुट जाएं; निरंतर कर्मरत रहें और कभी पराजय स्वीकार न करें।

●●●●

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – व्यंग्य ☆ मच्छर  “दानी” ☆ सुश्री इन्दिरा किसलय ☆

सुश्री इन्दिरा किसलय

☆ व्यंग्य ☆ मच्छर  “दानी” ☆ सुश्री इन्दिरा किसलय ☆

☆

——डाटा-आटा-टाटा–आटा-घाटा-चांटा-काटा——-चिरकुट मच्छर ने कबीले के सरदार मच्छर से कहा-बाॅस लगता है आपको पुस्तक मेले से लाई हुई “तुकबंदी”की किताब पसंद आ गई है।कविता लिखने का मूड है शायद !

सरदार दहाड़ा—हमारे पास किन्तु परन्तु इफ बट अगर मगर का  कोई काम नहीं।

जोकुछ है एकदम साॅलिड है।

चिरकुट चिरौरी करने लगा-माई बाप! कई भूत(पूर्व) सरदार बेशक कविताई,पेंटिंग में माहिर थे।एक तो हवाई जहाज उड़ाता था।पर आप तो”फेंक”भी लेते हैं,उड़ना उड़ाना,जिमिंग,कुकिंग,ड्रमवादन नौकायन सभी कुछ कर लेते हैं।ऑल इन वन।गोडसे का मंदिर बनायेंगे कहते हैं लोग।आपका तो बनना ही चाहिए।

चिरकुट को सरदार ने सबासी दी।ऐसा है चिरकुट-हमने अच्छे अच्छे पोर्टफोलिओ लेडी मच्छर “एनोफिलीस”को दे रखे हैं।वे जनसेवा में पारंगत हैं।मीडिया में वक्त बेवक्त भूं भूं करती रहती हैं।जनता भुनभुन में उलझी रहती है और हम पृथ्वी के इस छोर से उस छोर तक बिंदास उड़ते रहते हैं।

श्रीलंका ने हमें तड़ीपार कर दिया।इंडिया 2030 तक हमें डोडो बना देगा।ये मुंह और मसूर की दाल।हम अंगद का पांव हैं।डटे रहेंगे।

सोचो चिरकुट!अगर हम न हों तो “स्वच्छता अभियान”का क्या होगा।झाड़ूवाले बाबा का क्या होगा।”फार्मा कंपनियां” चांदी कैसे कूटेंगी।ओडोमास मार्टिन कछुआछाप क्लोरोक्विन———!तुम्हें पता है

हमने “उड़नशील यूनिवर्सिटी से एम ए भी किया है।लिंग्विस्टिक्स पढ़ा है।वक्त के साथ शब्दों के मानी बदल जाते हैं।अब “मच्छरदानी”का अर्थ मसहरी नहीं रहा।मच्छर “दानी” (कर्ण के समान दानी)हो गया है।चीनी मसहरी के आॅर्डर मिले तो चिंग चिंग हमारे तलुए चाट रहा है।डंकमारकला की देशव्यापी कार्यशालाओं के कारण नेता हमारे एहसानमंद हैं ।

चिरकुट तुम कह सकते हो कि “येभी कोई दान है?”

बस नज़रिए का फर्क है–‘”हुस्न रंगीन है न सादा है।बस अपनी अपनी निगाह होती है।”

 इतना कहकर सरदार मच्छर फिर उड़ान भरने लगा।।

☆

©  सुश्री इंदिरा किसलय 

नागपुर

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ रचना संसार #६५ – नवगीत – नाम कहीं भी नहीं छाँव का… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’ ☆

सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – नाम कहीं भी नहीं छाँव का…।

? रचना संसार # ६५ – गीत – नाम कहीं भी नहीं छाँव का…  ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’ ? ?

☆

जेठ दुपहरी आग उगलती, लगी हुई है प्यास।

किरण सूर्य की कील चुभाती, कैसा जेठी मास।।

*

भीषण गर्मी भरे निराशा, बढ़ता दैनिक ताप।

तरस रहे पानी को पंछी, सूख गया आलाप।।

कुँआ बावड़ी सूखीं सारी, देता मौसम त्रास।

*

बहती गर्म हवाएँ पल पल, जलता कोमल गात।

कंठ सूखते बिना नीर के, हिलता एक  न पात।।

गर्म धूप है लू लगती है, धीमा- धीमा श्वास।

*

नाम कहीं भी नहीं छाँव का, धरा बबूला आग।

नंगे पाँव मजूरी करते, लोकतंत्र के भाग।।

टप-टप भाल पसीना टपके, मनवा बहुत उदास।

*

बिन पानी संकट है जग में, बढ़ा ताप का मान।

मोर पपीहा अश्रु बहाते, कटु कोयल की तान।।

गर्म तवा सा तन -मन जलता, कहाँ बचा विश्वास।

☆

© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)

संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268

ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ साहित्य निकुंज #२९३ ☆ कविता – संकल्प ☆ डॉ. भावना शुक्ल ☆

डॉ भावना शुक्ल

(डॉ भावना शुक्ल जी  (सह संपादक ‘प्राची‘) को जो कुछ साहित्यिक विरासत में मिला है उसे उन्होने मात्र सँजोया ही नहीं अपितु , उस विरासत को गति प्रदान  किया है। हम ईश्वर से  प्रार्थना करते हैं कि माँ सरस्वती का वरद हस्त उन पर ऐसा ही बना रहे। आज प्रस्तुत हैं आपकी भावप्रवण कविता – संकल्प ।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  # २९३ – साहित्य निकुंज ☆

☆ संकल्प ☆ डॉ भावना शुक्ल ☆

☆

करो दृढ़ संकल्प

नहीं दूसरा विकल्प

मिलजुलकर सब साथ रहो

एक दूसरे से कुछ न कहो।

कोरोना  का छाया आतंक

करना होगा मिलजुलकर अंत

जैसे 

देश की रक्षा के लिए

वीरों ने उठाई तलवार

सहे अनेकों वार

राष्ट्र की अनेकता में एकता

रखी बरकरार।

देश पर आए अनेकों संकट

उखाड़ फेंके अनेकों कंटक

हमें अब नहीं है डरना

कोरोना को पड़ेगा हारना

मिलकर हम सबको उसे मारना।।

यह महामारी

नहीं होगी हम पर भारी।

इरादे रखो मजबूत

करते रहो

प्रभु का स्मरण

करो न उन्हें विस्मरण

हमें

घर से करना सामना

पैर घर में  ही थामना।।

करना है संकल्प

नहीं दूसरा कोई विकल्प।।

☆

© डॉ भावना शुक्ल

सहसंपादक… प्राची

प्रतीक लॉरेल, J-1504, नोएडा सेक्टर – 120,  नोएडा (यू.पी )- 201307

मोब. 9278720311 ईमेल : bhavanasharma30@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ इंद्रधनुष #२७४ ☆ संतोष के दोहे – सोना चांदी… ☆ श्री संतोष नेमा “संतोष” ☆

श्री संतोष नेमा “संतोष”

(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी  कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप  कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत है  – संतोष के दोहे – सोना चांदी… । आप  श्री संतोष नेमा जी  की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)

 ☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # २७४ ☆

☆ संतोष के दोहे – सोना चांदी… ☆ श्री संतोष नेमा ☆

☆

सोना अटारी  चढ़ा  हुआ है

लाख के ऊपर बढ़ा हुआ है

ख्वाब देखता आम आदमी

महंगाई  से  जड़ा  हुआ   है

*

चांदी  सबकी  हो   न  पाई

लाखों   में  वो  खेले  भाई

बेंटेक्स का अब  है जमाना

सब मिल जप लो रेवा माई

☆

© संतोष  कुमार नेमा “संतोष”

वरिष्ठ लेखक एवं साहित्यकार

आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 7000361983, 9300101799

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ७८१ ⇒ बासी कढ़ी ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “बासी कढ़ी…“।)

?अभी अभी # ७८१ ⇒ आलेख – बासी कढ़ी ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

कुछ चीजें ठंडी ही अच्छी लगती हैं। कुल्फी, आइसक्रीम, श्रीखंड और लस्सी गर्म कौन पीता है ! कोल्ड्रिंक और चिल्ड बीयर की तरह ठंडा दूध तक एसिडिटी में अच्छा लगता है, लेकिन ठंडी कढ़ी कौन खाता और खिलाता है भाई।

माना कि कढ़ी, छाछ और दही से बनाई जाती है, और दही, छाछ और दही बड़ा तक, ठंडा ही अच्छा लगता है लेकिन कढ़ी की बात कुछ और ही है। यह गर्म ही खाई और खिलाई जाती है। कभी कभी गर्मागर्म कढ़ी से मुंह भले ही जल जाए, लेकिन कढ़ी का स्वाद मुंह से नहीं जाता। बेसन, हींग, नमक मिर्ची, मैथीदाना, अदरक और मीठी नीम की खुशबू की बात ही कुछ और होती है। कढ़ी अगर पकौड़ी की हो, तो सोने में सुहागा। अगर उसमें सुरजने की फली हो, तो क्या कहना। ठंडे रायते की तरह गर्म कढ़ी भी दोने पर दोने भर भरकर सुड़क ली जाती है।।

अक्सर रायता ही फैलाया जाता है, कढ़ी नहीं ! लेकिन, न जाने क्यूं, बासी कढ़ी सुनते ही मन में उबाल सा आने लगता है। अक्सर सभी खाने की चीजें गर्म ही परोसी जाती हैं, लेकिन पंगत और भंडारे में पहले आवे सो गर्मागर्म पावे, फिर भी सेंव नुक्ती और सब्जी पूरी तो रखी हुई भी चल जाती है, लेकिन ठंडी कढ़ी देखकर ना जाने क्यूं माथा गर्म हो जाता है।

आग के पास जो, जाएगा वो जल जाएगा। सोना हो या चांदी, पिघल जाएगा, बर्तन में पानी हो, तो उबल जाएगा और दूध हो तो उफन जाएगा। जब इंसान ही ठंडी कढ़ी को देखकर आग बबूला होने लगता है, तो बासी कढ़ी को गर्म करने पर ज्यादा उबाल आना स्वाभाविक है।।

बासी कढ़ी में अधिक उबाल क्यूं आता है, हो सकता है, यह कढ़ी की केमिस्ट्री पर निर्भर करता हो। रासायनिक प्रयोगशालाओं में अक्सर घोल, मिक्सचर और गैस ही बनाई जाती है, कौन सा खाद्य पदार्थ कब्ज करता है, और कौन सा गैस, इस पर प्रयोग नहीं किए जाते। फिर भी अन्य द्रव पदार्थों की तुलना में, बासी कढ़ी में उबाल क्यूं अधिक आता है, शायद यह सिद्ध किया जा सके।

जो ठंडी कढ़ी से ही करे इंकार, वो बासी कढ़ी से कैसे करे प्यार ! हमारे लिए बासी कढ़ी में उबाल, मानो खाने में बाल। हम तो ऐसी स्थिति में रायता क्या, कढ़ी भी फैला दें। लोग भले ही कहते रहें, हमारी इस हरकत को देखकर, देखो! बासी कढ़ी में उबाल आ रहा है।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – कवितेचा उत्सव ☆ विजय साहित्य # २६४ – विषय दुःख…! ☆ कविराज विजय यशवंत सातपुते ☆

कविराज विजय यशवंत सातपुते

? कवितेचा उत्सव # २६४ – विजय साहित्य ?

☆ विषय दुःख…! ☆

☆

दुःख असे, पडसाद जणू, दैवी

सुरवात म्हणू की, गान भेरवी.. . !

*

होते पेरण, रोज नव्या दुःखाची

नको सांत्वना, नव्या जुन्या शब्दांची. . !

*

सुख पाहण्या, अधीर होते काया

सुखा भोवती, नव दुःखाची छाया. .. !

*

समाधान नसे, हे दुःखाचे, भोग

कुणी लावला, सुखा मागुती रोग. . . ?

*

दोन पदांचे, जगणे आयुष्याचे .

किती गुंतणे ? प्राक्तन ज्याचे त्याचे. . . !

*

नाही आणि आहे मधले जीवन.

आशा देतसे, दुःखाला आमंत्रण . . . !

☆

© कविराज विजय यशवंत सातपुते

सहकारनगर नंबर दोन, दशभुजा गणपती रोड, पुणे.  411 009.

मोबाईल  8530234892/ 9371319798.

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ. उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – इंद्रधनुष्य ☆ ।। श्री नारद उवाच ।। – नारद भक्ति सूत्रे — लेख १९ आणि २० ☆ श्री संदीप रामचंद्र सुंकले ☆

श्री संदीप रामचंद्र सुंकले

? इंद्रधनुष्य ?

☆ ।। श्री नारद उवाच ।। – नारद भक्ति सूत्रे — लेख १९ आणि २० ☆ श्री संदीप रामचंद्र सुंकले ☆

॥ श्री नारद उवाच ॥

नारदस्तु तदर्पिताखिलाचारिता तद्विस्मरणे परमव्याकुलतेति || १९ ||”

अस्त्येवमेवम् || २० ||

अर्थ: नारदाचे मत, आपल्याकडून होणारी सर्व कर्मे त्याला (भगवंताला) अर्पण करणे आणि त्या भगवत्स्वरूपाचे थोडेही विस्मरण झाले असता परमव्याकुल होणे हीच भक्ती आणि हीच भक्ति आहे असे नारद मुनी पुढील सूत्रात सांगतात. ( हा त्यांचा अति आत्मविश्वास नाही तर तो त्यांचा अधिकार आहे.)

विवेचन: महर्षी व्यास, गर्ग, शांडिल्य यांचे मत सांगितल्यावर देवर्षी नारद आपलेही मत प्रदर्शित करीत आहेत. येथे नारद स्वतःच एक सूत्रकार आहेत. सूत्रग्रंथात अनेकांची नाना मते सांगितल्यानंतर स्वतः सूत्रकार आपलेही मत सांगत असतो, असे अनेक सूत्र ग्रंथावरून दिसून येते. नारदही येथे आपले मत या सूत्राच्या द्वारा प्रदर्शित करीत आहेत.

जन्माला आलेला मनुष्य (जीव) कर्म केल्याशिवाय जिवंत राहूच शकणार नाही. गीतेत भगवंत देखील म्हणतात की मी सेकंड भर कर्म केलं नाही तर पृथ्वीवर हाहाकार होईल…! ( उदा. समजा सृष्टीतील वारा एक मिनिट वाहायचा थांबला तर काय होऊ शकेल याची कल्पना करून पहावे?) थोडक्यात मनुष्याला कर्म केल्याशिवाय रहाणे शक्य नाही आणि दुसरे म्हणजे निव्वळ कर्म करण्याचाच अधिकार त्याला प्राप्त आहे, त्यापासून निर्माण होणाऱ्या कर्मफळावर त्याचा अधिकार नाही, नियंत्रण नाही. पंचवीस लोकांनी प्रत्येकी दहा आंबे खाल्ले, तर  त्या आंब्यांचा प्रत्येकावर होणारा परिणाम हा स्वाभाविकपणे वेगवेगळा असेल….!

अहो, वेगवेगळ्या बढाया मारणारा मनुष्य आपल्या स्वतःच्या शरीरावर नियंत्रण ठेवू शकत नाही. त्याचे शरीर तो स्वतः चालवू शकत नाही. आणि कर्मावर अधिकार हवा अशी अपेक्षा करीत असतो, हे नवल नव्हे काय?

श्री तुकाराम महाराज सांगतात,

“चालें हे शरीर कोंणाचिये सत्ते। कोण बोलवितें हरी विण॥१॥

देखली ऐकवी एक नारायण।तयाचें भजन चुकों नको॥२॥

माणसाची देव चालवी अहंता। मीची एक कर्ता म्हणोनिया ॥३॥

वृक्षाचेही पाने हाले त्याची सत्ता। राहिली अहंता मग कोंठे ॥४॥

तुका म्हणे विठोे भरला सबाह्य।उणें काय आहे चराचरी॥५॥”

(अभंग क्रमांक ३०६६, सार्थ तुकाराम गाथा, धार्मिक प्रकाशन संस्था)

थोडक्यात, भगवंताच्या कृपेने, त्याच्या सत्तेनेच प्रत्येक मनुष्य कर्म करीत असतो. त्याच्याशिवाय मनुष्य काहीही करू शकणार नाही.  म्हणून नारद मुनी आपल्याला सांगतात की प्रत्येक कर्म त्या भगवतांच्या चरणी अर्पण करावे.

” जे खासी होमासी देसी, जे जे आचरिसी तप|

जे काही करिसी कर्म ते करी मज अर्पण || “

(गीताई ०९.२७)

मनुष्याने आपली सर्व कर्मे भगवंताला समर्पण करावीत, इथे नारद मुनी थांबत नाहीत, तर ते पुढे सांगतात की अतिव्याकुळ होऊन मनुष्याने समर्पण वृत्ती अंगिकारावी. त्याचा क्षणभर विसर सुद्धा होऊ नये. सतत त्याचेच स्मरण असावे. गर्भवती स्त्री  वावरताना सतत तिच्या गर्भाचा विचार करीत असते. आपल्या गर्भाला बिल्कुल त्रास होऊ नये असा तिचा प्रयत्न असतो. तिच्या मनात कायम गर्भाचा विचार असतो. त्या गर्भाच्या निकोप वाढीसाठी ती अनेक बंधने, नियम आनंदाने पाळते…..! त्यासाठी ती कितीही काकुळतीला जाऊ शकते. साधकाने अशा प्रकारे भक्ति करून आपले हित साधावे असे नारद मुनी सुचवीत आहेत.

संत तुकाराम महाराज आपल्या एका अभंगात म्हणतात..

” हेचि दान देगा देवा, तुझा विसर न व्हावा “

भक्ताला जसा भगवद्वियोग सहन होत नाही तसा विसरही खपत नाही. विस्मृती हाही एक मानसिक वियोगाचाच प्रकार आहे असे म्हटले तर काही बाधक नाही. तात्पर्य, मानापमान, लाभ, हानि, सुख-दुःख इत्यादिकांची पर्वा न करिता कर्तृत्वाभिमान व फलेच्छा टाकून, शरीर व शरीरसंबंधी असलेल्या अहंता, ममतेचा त्याग करून एकमात्र भगवंताला परमप्रियतम मानून त्यासच परमआश्रय, परमगती, परमसुहृद समजून अनन्य भावाने अत्यंत श्रद्धायुक्त होऊन प्रेमपूर्वक तैलधारेप्रमाणे त्याच्याच नामगुण प्रभाव व स्वरूपाचे चिंतन करीत परमानंदात निमग्न राहाणे व केवल त्या प्रियतमाकरिता त्याच्या इच्छेनुसार त्याच्याच करिता निःस्वार्थ भावाने समस्त दैहिक, वाचिक, मानसिक कर्माचे आचरण करीत राहाणे, काही प्रतिकूल निमित्ताने क्षणभरही त्याचे विस्मरण होईल तर पाण्यातून बाहेर काढलेल्या मासोळीपेक्षाही अधिक व्याकुलता उत्पन्न होणे हीच भक्ती असे नारद महर्षी आपले स्वतःचे मत सांगतात.

असा भक्त देवाला म्हणतो, “तू जसा ठेवशील, तसा राहीन, पण तुझा बनून राहीन…”

जय जय रघुवीर समर्थ

नारद महाराज की जय!!!

– भक्ती सूत्रे क्र. १९/२०

© श्री संदीप रामचंद्र सुंकले (दास चैतन्य)

थळ, अलिबाग. 

८३८००१९६७६

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ.उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – व्यंग्य ☆ शेष कुशल # ५५ ☆ व्यंग्य – “गरीब का जीना भी कोई जीना है लल्लू!!…” ☆ श्री शांतिलाल जैन ☆

श्री शांतिलाल जैन

(आदरणीय अग्रज एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार श्री शांतिलाल जैन जी विगत दो  दशक से भी अधिक समय से व्यंग्य विधा के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी पुस्तक  ‘न जाना इस देश’ को साहित्य अकादमी के राजेंद्र अनुरागी पुरस्कार से नवाजा गया है। इसके अतिरिक्त आप कई ख्यातिनाम पुरस्कारों से अलंकृत किए गए हैं। इनमें हरिकृष्ण तेलंग स्मृति सम्मान एवं डॉ ज्ञान चतुर्वेदी पुरस्कार प्रमुख हैं। श्री शांतिलाल जैन जी  के  स्थायी स्तम्भ – शेष कुशल  में आज प्रस्तुत है उनका एक अप्रतिम और विचारणीय व्यंग्य  “बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी…” ।)

☆ शेष कुशल # ५५ ☆

☆ व्यंग्य – “गरीब का जीना भी कोई जीना है लल्लू!!…” – शांतिलाल जैन ☆

इन दिनों यमराज और उनका पूरा डिपार्टमेंट हैरान परेशान है. चित्रगुप्त का और चुनाव आयोग के डाटा का आपस में मिलान नहीं हो पा रहा. यमदूत जिसकी आत्मा लेने इहलोक में आते हैं मतदाता सूची में वे ऑलरेडी मरे हुए निकलते हैं. बीस बाईस लाख आत्माएँ तो अकेले बिहार में हैं जो मरने के बाद भी सशरीर आर्यावर्त में ही घूम रहीं हैं. चुनाव आयोग उनको जिन्दा नहीं मान रहा और यमदूत उनको ले जा नहीं पा रहे. ‘सलीम तुम्हें मरने नहीं देगा और अनारकली हम तुम्हें जीने नहीं देंगे’ टाईप का मामला है. वैसे हमारा चुनाव आयोग निष्पक्ष और निडर है. उसने चित्रगुप्त को एफेडेविट देकर साफ़ साफ़ बोल दिया है कि जो मरे नहीं उनके नाम एक सितम्बर तक बता दें हम वेरीफाई करा लेंगे, शेष आत्माएँ आप ले जाईए परलोक में. बैकुंठ में रखिए, स्वर्ग में रखिए, नर्क में रखिए, बफर ज़ोन में रखिए – कहीं भी रखिए, ये आपका सरदर्द है. आर्यावर्त में नहीं रहेंगे. आप ले जा पाए तो ठीक, नहीं तो सशरीर पृथ्वीलोक में ही उनको कहीं डिपोर्ट कर दिया जावेगा.

चित्रगुप्त की परेशानी यहीं तक सीमित नहीं है. हजारों मामलों में यमदूत रोजाना बिना आत्मा लिए खाली हाथ वापस आ जा रहे हैं. अब आप इन पंक्तियों के लेखक का ही मामला लीजिए. पिछले दिनों यमदूत उनको लेने आया था और कंफ्यूज होकर वापस चला गया, खाली हाथ. जाकर चित्रगुप्त को रिपोर्ट किया – “प्रभु, सेम पर्सन, सेम वोटर आईडी. फोटो में भी सेम-टू-सेम सांतिभिया उज्जैन में भी मिले, लखनऊ में भी, बेंगलुरु में भी, फिर महाराष्ट्र में भी. मैं कौनसे वाले सांतिभिया को लाता, टेल-मी.”

“पिताजी के नाम से मिलान करके ले आना था.”

“प्रभु, फादर का नाम ऐसा उजबक् कि कांट प्रोनाउंस. क्या तो लिखा था एएसडीऍफ़जी….समथिंग लाईक देट.”

“यमदूत होकर इत्ती अंग्रेजी बोलते हो!!”

“सॉरी सर, पिछले दिनों ही आर्यावर्त में ट्रान्सफर होकर आया हूँ. पहले लंदन से आत्माएँ लाता था.” 

उधर सांतिभिया भी खुश. न कभी डाटा टेली होगा न कभी वे मरेंगे, और चार जगह वोट डालने को मिलेगा सो बोनस में. डेमोक्रेसी मज़बूत करने के लिए एक से ज्यादा निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डालकर वे अपना अप्रतिम योगदान देते रहेंगे. आर्यावर्त के लोकतंत्र में जिन्दा रहना भी एक कला है. काश, सावित्री को यह कला आती. उसने चुनाव आयोग से संपर्क किया होता तो सत्यवान को वापस लाने के लिए यमराज की चिरौरी नहीं करनी पड़ती.

बहरहाल, ऐसा सभी मामलों में नहीं हुआ है. बहुत से लोग सच में जिन्दा मिले हैं मगर उनकी कद-काठी चित्रगुप्त के रिकार्ड से मैच नहीं कर रही. उनको आदमकद होना था मगर वे कद में इतने छोटे-छोटे थे कि एक कमरे के मकान में एक सौ अस्सी की संख्या में समाए हुए थे. बरसों से बंद एक कमरे में सैकड़ों की संख्या में घूमते तिलचट्टों नुमा. यमदूत फिर कन्फ्यूज्ड. खचाखच भरे एक कमरे के मकान में पाँव रख पाना मुश्किल तो आत्मा निकालकर बाहर लाएँ कैसे ?  

वैसे आप और हम इस बात पर और अधिक गर्व कर सकते हैं भारत ने दुनिया को शून्य की अवधारणा दी और आयोग ने उसका उपयोग हजारों मकानों को पहचान देने में किया है. महान भारतीय खगोलशास्त्री आर्यभट्ट के बाद ये चुनाव आयोग ही है जिसने शून्य का इतना शानदार उपयोग किया है. ये बात और है कि इससे यमदूत चकरघिन्नी हो गए हैं कौनसे वाले ज़ीरो नंबर के मकान से आत्मा ले जाना है, समझ नहीं आता.

यमदूतों का जॉब इतना कठिन कभी नहीं रहा श्रीमान् जितना इन दिनों हो गया है. एक मकान में वे एक सौ चौबीस वर्षीय महिला को लेने के लिए पहुँचे. महिला की आत्मा ने साथ में चलने से मना कर दिया, कहा – ‘फर्स्ट-टाईम वोटर हूँ मैं, मैंने अभी-अभी तो फॉर्म सिक्स भरकर वोटरलिस्ट में नाम जुड़वाया है. अभी से मैं आपके साथ कैसे चल सकती हूँ. दो-चार बार वोट डालने तो दीजिए. दो हज़ार सैंतालीस का विकसित भारत देख लूं, फिर चलूंगी,’ बेचारा यमदूत, मुँह लटकाकर वापस चला गया.

आंकड़ों के मिलान, चेकिंग, बेलेंसिंग, रिकन्सिलीएशन ने इन दिनों आर्यावर्त में जन्म-मृत्यु का सिस्टम बिगाड़ दिया है. चुनाव आयोग एक स्वायत्त, संवैधानिक संस्था है, उसकी विश्वसनीयता संदेह से परे है. रिकार्ड तो चित्रगुप्त को ही अपना ठीक करना पड़ेगा. गरीब, अनपढ़, प्रवासी, अल्पसंख्यकों को मृत दिखाकर बीएलओ ने अपनी ड्यूटी निभा दी है अब उन आत्माओं को आर्यावर्त से ले जाना यमराज के डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी है. वैसे आर्यावर्त में गरीब का जीना भी कोई जीना है लल्लू!!

-x-x-x-

© शांतिलाल जैन 

बी-8/12, महानंदा नगर, उज्जैन (म.प्र.) – 456010

9425019837 (M)

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # २५७ ☆ अपनी माटी से जुड़ाव का पर्व… ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆

श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की  प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं। आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं  में आज प्रस्तुत है एक विचारणीय रचना “अपनी माटी से जुड़ाव का पर्व…”। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन। आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  – आलेख  # २५७ ☆ हरियाली से मिले तृप्ति: पितृ पक्ष… ☆

वृक्ष प्रत्यक्ष देव होते हैं, ऐसा भारतीय संस्कृति का आधार है। आश्विन मास, कृष्ण पक्ष, हमारे पितरों को समर्पित होता है। ये 16 दिन, जिसमें प्रथम दिवस भादों की पूर्णिमा को शामिल किया जाता है। हरियाली से आत्मा तृप्त होती है। नदी, तालाबों में जाकर जल अर्पण करना, अन्न दान, वस्त्र दान साथ ही धन का भी दान अपनी सामर्थ्य के अनुसार किया जाता है। यहाँ पौधारोपण करना सबसे उत्तम मानते हैं। एक वृक्ष 100 पुत्रों के समान है, ऐसे विचार हमें हरियाली बृद्धि के लिए प्रेरित करते हैं।

हिंदू परंपरा में पितरों की तृप्ति के लिए अर्पण, श्राद्ध और तर्पण का महत्व है। पर्यावरण को सहेजना हमारे पर्वों से जुड़ा है। जब हम कोई पौधा लगाते हैं, उसे बढ़ाते हैं, जिससे हरियाली फैलती है, तो इससे केवल वातावरण ही नहीं, वरन हमारे पितरों की आत्मा भी तृप्त होती है।

पेड़-पौधे न सिर्फ ऑक्सीजन देते हैं बल्कि वे पितरों का आशीर्वाद पाने का साधन भी बन जाते हैं। इसीलिए यह विचार पूर्णतया सत्य है कि…

वृक्ष पितरों का निवास हैं, इनकी छाया में पूर्वजों की कृपा बरसती है।

आइए संकल्प लें कि…

पितृपक्ष या किसी भी शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे।

यह पौधा सबके लिए अमृत तुल्य होगा।

**

©  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020

मो. 7024285788, chhayasaxena2508@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares