हिन्दी साहित्य – कविता ☆ हम कहां आ गए… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

श्री राजेन्द्र तिवारी

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय कविता ‘हम कहां आ गए…‘।)

☆ कविता – हम कहां आ गए… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

☆

हम चले थे कहां से,

जाएंगे हम कहां,

सोचते सोचते हम कहां आ गए,

 

हम चले थे कहां से,,

राह सीधी नहीं थी,

फिर भी चलते गए,

मोड़ भी तो मिले थे,

हम भी मुड़ते गए,

साथ कोई नहीं था,

फिर भी हम आ गए,

सोचते सोचते हम कहां आ गए,

 

दूर मंजिल मगर,

राह में शूल थे,

टेढ़ी मेढी डगर,

ना बिछे फूल थे,

धीरे कदमों से हम यहां आ गए,

सोचते सोचते हम कहां आ गए,

 

राह में सुख मिले,

गम भी हमको मिले,

सब से मिलते रहे,

हम तो चलते रहे,

चलते चलते ही हम यहां आ गए

सोचते सोचते हम कहां आ गए,

 

हम चले थे कहां से,

जाएंगे हम कहां,

सोचते सोचते हम कहां आ गए,,

☆

© श्री राजेन्द्र तिवारी  

संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर

मो  9425391435

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 293 ☆ व्यंग्य – चापलूसी प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम व्यंग्य  – ‘चापलूसी प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 293 ☆

☆ व्यंग्य ☆ चापलूसी प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना ☆

भाइयो, आज की दुनिया में आदमी पैसा कमाने के लिए तरह-तरह के धंधे कर रहा है। कई लोग विद्यार्थियों के हितार्थ प्राइवेट कोचिंग क्लासें चलाते हैं जहां इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के नाम पर खासे पैसे बटोरे जाते हैं। यह पाप का धंधा है क्योंकि सब जानते हैं कि जैसे जीवन का हश्र मृत्यु है वैसे ही पढ़ाई का हश्र  बेरोज़गारी है। इसलिए हमने दूसरों के इहलोक और अपने परलोक का ध्यान रखते हुए ऐसी ट्रेनिंग देने का धंधा चुना है जो तुरन्त फलदायी और सौ प्रतिशत सफलता देने वाली है। अगली पहली तारीख को हमारे ‘चापलूसी प्रशिक्षण संस्थान’ का उद्घाटन है। आप इष्ट-मित्रों सहित सादर आमंत्रित हैं। संस्थान के लिए भवन हमने चापलूसी के द्वारा बहुत कम किराये पर प्राप्त कर लिया है, इसलिए हमारे प्रशिक्षण की उपयोगिता पहले ही चरण में सिद्ध हो चुकी है। उद्घाटन के लिए हम एक चापलूसी-प्रेमी समर्थ व्यक्ति को बुला रहे हैं। उनकी छत्रछाया में हमारे स्नातक बरसों तक फलें-फूलेंगे।

आज के युग में चापलूसी की उपयोगिता पर प्रकाश डालने की ज़रूरत नहीं है। राजनीति से लेकर सरकारी और निजी दफ्तरों-संस्थानों तक सभी जगह उसके लिए असीम क्षेत्र फैला है। जो लोग अपने को चापलूसी से ऊपर समझते हैं वे यह सुनकर प्रसन्न हो जाते हैं कि ‘भाई जी, आपमें यही खूबी है कि आप चापलूसी पसन्द नहीं करते।’ इसलिए हम ट्रेनिंग के इच्छुक लोगों को विश्वास दिलाते हैं कि हमारे संस्थान के स्नातकों को कभी काम और दाम की कमी नहीं रहेगी। गुर हम देंगे, बाकी स्नातक की मेहनत, चतुराई, और बेशर्मी पर निर्भर होगा।

आपको और विश्वास दिलाने के लिए हमारे प्रशिक्षण के प्रमुख पहलू आपके अवलोकनार्थ और विचारार्थ प्रस्तुत हैं—

सूचना संग्रह:- चापलूसी  प्रशिक्षण के प्रथम चरण में समर्थ व्यक्ति से संबंधित ज़रूरी सूचना के संग्रह की विधि बतलायी जाएगी। ‘भाई जी’ के जन्म-स्थान (जो अब तीर्थस्थल हो जाएगा), उनकी शिक्षा (अगर पढ़े लिखे हों तो), उनके जनक जननी, भाई बहन, पुत्र पुत्रियों, नाती पोतों, दादा दादी, नाना नानी, चाचा चाची, मामा मामी, रिश्तेदारों मित्रों के बारे में पूरी सूचना प्राप्त करना अनिवार्य होगा। ‘भाई जी’ के शत्रुओं का पता लगाना भी उतना ही ज़रूरी होगा ताकि गाहे-बगाहे  कहा जा सके— ‘अरे भाई जी, कहां आप और कहां वह ससुरा दो  टके का आदमी।’

इसके साथ ‘भाई जी’ की रुचियों का पता लगाना भी ज़रूरी होगा। क्या खाना, क्या पीना, कैसे कपड़े, कैसे जूते, कौन सा फूल, कौन सा इत्र, कैसी भेंट पसन्द करते हैं। अगर पान खाने के शौकीन हों तो चापलूसी की गुंजाइश ज़्यादा है। और अगर चटोरे हों तो गुंजाइश और भी ज़्यादा है क्योंकि चापलूसी में सिर्फ बातों की खुशामद ही नहीं, सब प्रकार की सेवाएं सम्मिलित होती हैं।

पुराने, सड़े-गले संस्कारों की सफाई:- हमारे प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य प्रशिक्षणार्थी के सड़े-गले संस्कारों की पूरी सफाई करना होगा। कई लड़के दंभ से कहते हैं, ‘हमारे बाप ने हमें यह नहीं सिखाया।’ अरे भई, आपके बाप ने आपको काम की बातें नहीं सिखायीं तो हम सिखायेंगे। कई लोग ‘आत्मसम्मान’ में अकड़े रहते हैं। हम उन्हें सिखाएंगे कि ‘सम्मान’ और ‘आत्मसम्मान’ में कोई भेद नहीं। जिसका समाज में सम्मान नहीं, उसका आत्मसम्मान किस काम का? आज के ज़माने में सम्मान चापलूसी से ही प्राप्त होता है। आप चापलूसी के द्वारा बड़े साहब के दिल तक पहुंच कर लें तो छोटे साहब आपको देखकर कुर्सी से खड़े होने लगेंगे।

आत्मसम्मान की पूरी सफाई के चरण में हमारे प्रशिक्षक प्रशिक्षणार्थियों को रोज़ एक घंटा धाराप्रवाह गालियां देंगे और उनकी थुक्का- फजीहत करेंगे। प्रशिक्षणार्थियों को मुस्कराते हुए वह सब सुनने का अभ्यास दिलाया जाएगा।

सैद्धांतिक और व्यवहारिक प्रशिक्षण:- प्रशिक्षण में हम व्याख्यानों के द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को चापलूसी की नवीनतम तकनीकों से परिचित कराएंगे। ये व्याख्यान ऐसे प्रतिभावान लोगों के द्वारा होंगे जिन्होंने इस क्षेत्र में कुछ हासिल किया है और नाम कमाया है। कोरे गाल बजाने वाले अनुभवहीन वक्ताओं को हम घास नहीं डालेंगे।

व्याख्यानों के अलावा हम सिद्ध चापलूसों को आमंत्रित कर व्यवहारिक प्रशिक्षण की भी व्यवस्था करेंगे। ये प्रशिक्षक चापलूसी के उत्तम नमूने पेश करेंगे और प्रशिक्षणार्थियों से तुरन्त उनका अभ्यास करायेंगे।

लोचवर्धक प्रशिक्षण:- प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण पहलू शरीर के विभिन्न अंगों में आवश्यक लोच पैदा करना है। कई लोगों की रीढ़ सख्त होती है। उनकी कमर समर्थ लोगों के चरण-स्पर्श के लिए नहीं झुकती। हम उसमें इतनी लचक पैदा करेंगे कि ‘भाई जी’ के सामने आते ही उनकी रीढ़ बारह बजाने के बजाय चार या पांच बजाने लगेगी। हाथ की उंगलियों में भी इतनी फुर्ती पैदा करेंगे कि कमर झुकते ही उंगलियां ‘भाई जी’ की चरन-रज बटोरने लगे।

एक ज़रूरी काम जबड़े में इतनी लचक पैदा करना है कि ‘भाई जी’ के आते ही तत्काल ओंठ बिगस जाएं और बत्तीसी चमकने लगे। हम प्रशिक्षणार्थियों को ऐसा प्रशिक्षण देंगे कि अगर ‘भाई जी’ एक घंटा सामने बैठे रहें तो उनकी बत्तीसी बराबर एक घंटे तक चमकेगी। हमारी बात गलत निकले तो फीस के पूरे पैसे वापस। इसके साथ हम ‘भाई जी’ की हर मनोरंजक बात पर स्वाभाविक  ठहाके लगाने का भी अभ्यास देंगे।

बेशर्मी का प्रशिक्षण:- एक और ज़रूरी लक्ष्य प्रशिक्षणार्थियों में पर्याप्त बेशर्मी विकसित करना है। बिना उच्च कोटि की बेशर्मी के चापलूसी ठीक से सधती नहीं। समर्थ लोगों के घर घंटों बेज़रूरत बैठे रहना, शादी-ब्याह, मुंडन- कनछेदन में बिना बुलाये पहुंच जाना (‘हमारा घर है। निमंत्रण की क्या ज़रूरत?’), दुत्कारे जाने पर भी लौट लौट कर ‘भाई जी’ के द्वारे पहुंच जाना, बार-बार झिड़के जाने पर भी ‘भाई जी’ से चिपके रहना श्रेष्ठ चापलूस के ज़रूरी गुण हैं।

बेशर्मी की ट्रेनिंग के दौरान हम किसी चर्म-विशेषज्ञ की सहायता से प्रशिक्षण की समाप्ति तक प्रशिक्षणार्थी की चमड़ी की मोटाई में हुई वृद्धि की जांच करेंगे। चमड़ी पर्याप्त मोटी होने पर ही प्रशिक्षण पूर्ण माना जाएगा।

‘भाभी जी’ का महत्व:- चापलूस की नज़र में ‘भाभी जी’ का स्थान बहुत ऊंचा होता है। भाभी जी की अहमियत ‘एकहि साधे सब सधे’ वाली होती है। इसीलिए सिद्ध चापलूस ‘भाई जी’ की खुशामद में ज़्यादा वक्त ज़ाया न करके सीधे भाभी जी के दरबार में सलाम बजाता है। भाभी जी कृपालु हो गयीं तो ‘भाई जी’ कहां जाएंगे? भाभी जी के ‘दाहिने’ होते ही चापलूस का आधा मोर्चा फतह हो जाता है।

भाभी जी को खुश करने के लिए चापलूस को खासे पापड़ बेलने पड़ते हैं, जैसे समय-समय पर उनकी पसन्द की भेंटें देते रहना, बाज़ार से साग-सब्ज़ी ले आना, भाभी जी कहीं जाएं तो सेवक के रूप में ड्राइवर के बगल में बैठे रहना, गाड़ी बच्चों को लेने स्कूल जाए तो ड्राइवर के साथ जाकर बच्चों को ले आना, आदि। इसके अलावा भाभी जी के रूप-गुणों की प्रशंसा करते हुए उन्हें लक्ष्मी-सरस्वती का ‘टू इन वन’ अवतार सिद्ध करना। बीच-बीच में भाभी जी को सुना कर आगंतुकों से कहना, ‘भैया, सवेरे से पच्चीस  तीस लोगों से मिल चुकी हैं। इतने ज्यादा लोगों से मिलेंगीं तो बेराम हो जाएंगीं। आपका तो कुछ नहीं बिगड़ेगा, देश का नुकसान होगा। आप लोग किसी और दिन आइएगा।’

भाइयो, ये हमारे प्रशिक्षण कार्यक्रम की मोटी मोटी बातें हैं। अब तक आपको महसूस हो गया होगा कि हमारे संस्थान की ट्रेनिंग कितने काम की है। हमारा निवेदन है की पढ़ाई लिखाई में बच्चों की ज़िन्दगी बर्बाद करने के बजाय उन्हें हमारे संस्थान में भेजें ताकि उनका भविष्य उज्जवल हो। एक बार सेवा का मौका ज़रूर दें।

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ गद्य क्षणिका#66 – ~ काल नगरी ~ – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

रविंद्रनाथ टैगोर इंस्टिट्यूट, मॉरिशस के छात्रों द्वारा श्री रामदेव धुरंधर जी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म बनाई गई थी जिसे आप इस लिंक 👉 https://www.facebook.com/share/v/16dYs5pG1o/ पर क्लिक कर अथवा निम्न  QR कोड को स्कैन कर देख सकते हैं – 

(This film is created by the Students of RTI Film Production graduation course as a final project for their second semester. This film is an interview based profile film of well-known Mauritian Hindi Writer Mr. Ramdeo Dhurandhar.) 

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– ~ काल नगरी ~” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ गद्य क्षणिका # 66 — ~ काल नगरी ~ — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

सदाव्रत चक्षु विहीन था। ज्ञानी ‘नरोत्तम’ चालाकी से उससे तमाम अनकही बातें निकाल कर अपनी एक कृति लिख रहा था। एक दिन सदाव्रत ‘अनकही काल नगरी’ की बातें कर रहा था कि नरोत्तम सुनने पर काँप सा पड़ा। ‘अनकही काल नगरी’ की न अपनी कोई भित्ति थी और न वह स्वयं में कोई खंडहर थी। पर नरोत्तम को लगा कुछ अटूट अखंड सा तो है, जिसमें वह प्रवेश नहीं कर पाता। वह नि: शब्द हालत में वहाँ से लौट गया।

 © श्री रामदेव धुरंधर

20 / 06 / 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 293 – समन्वय ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ संजय उवाच # 293 ☆ समन्वय… ?

मेरुदण्ड या रीढ़ की हड्डी, शरीर का केंद्रीय स्तम्भ है। इस स्तम्भ का लचीलापन ही इसकी शक्ति है। शारीरिक  के साथ-साथ मानसिक लचीलापन, जीवन को स्वस्थ रखता है। समन्वय जीवन में अनिवार्य है। मानसिक लचीलापन समन्वय का आधार है।

परिजनों या परिचितों से थोड़ी-सी मतभिन्नता होने पर अधिकांश लोगों को लगता है कि वे विपरीत वृत्ति के हैं। उनसे समन्वय नहीं सध सकता। साधने के लिए चाहिए साधना। साधना के अभाव में समन्वय तो अस्तित्व ही नहीं पाता। हर साधना की तरह समन्वय भी समर्पण चाहता है, उदारता चाहता है, भिन्न-भिन्न स्वभाव को समान सम्मान देना चाहता है।

दृष्टि निरपेक्ष है तो सृष्टि में हर कहीं समन्वय है। दूर न जाते हुए स्वयं को देखो। शरीर नश्वर है, आत्मा ईश्वर है। एक हर क्षण मृत्यु की ओर बढ़ता है, दूसरा हर क्षण नये अनुभव से निखरता है। फिर आता है वह क्षण, जब शरीर और आत्मा पृथक हो जाते हैं लेकिन नयी काया में फिर साथ आते हैं।

देह व देहातीत के समन्वय पर पार्थ का मार्गदर्शन करते हुए पार्थसारथी ने कहा था,

न जायते म्रियते वा कदाचिन्नायं भूत्वा भविता वा न भूयः।

अजो नित्यः शाश्वतोऽयं पुराणो न हन्यते हन्यमाने शरीरे।।

आत्मा का किसी भी काल में न जन्म होता है और न ही मृत्यु। यह पूर्व न होकर, पुनः न रहनेवाला भी नहीं है। आत्मा अजन्मा, नित्य, शाश्वत और पुरातन है, शरीर के नाश होने पर भी इसका नाश नहीं होता।

सांख्ययोग की मीमांसा का यह योगेश्वर उवाच भी देखिए-

अन्तवन्त इमे देहा नित्यस्योक्ताः शरीरिणः।

अनाशिनोऽप्रमेयस्य तस्माद्युध्यस्व भारत।।

इस नाशरहित, अप्रमेय, नित्य देही आत्मा के ये सब शरीर नाशवान कहे गये हैं। इसलिये हे भारत ! तुम युद्ध करो।

युद्ध का एक अर्थ संघर्ष भी है। संघर्ष अपने आप से, संघर्ष अंतर्निहित समन्वय के दर्शन हेतु।

वासांसि जीर्णानि यथा विहाय नवानि गृह्णाति नरोऽपराणि।

तथा शरीराणि विहाय जीर्णान्यन्यानि संयाति नवानि देही।।

जैसे मनुष्य जीर्ण वस्त्रों को त्यागकर दूसरे नये वस्त्रों को धारण करता है, वैसे ही देही जीवात्मा द्वारा पुराने शरीरों को त्याग कर दूसरे नये शरीरों को ग्रहण करने की प्रक्रिया होती है।

जैसा पहले उल्लेख किया गया है, देह का नाशवान होना, आत्मा का अजन्मा होना, फिर मर्त्यलोक में कुछ समय के लिए दोनों का साथ आना, एक के बिना दूसरे का अस्तित्व ना होना.., समन्वय का ऐसा अनुपम उदाहरण ब्रह्मांड में और कौनसा होगा?

सृष्टि समन्वय से जन्मी, समन्वय से चलती, समन्वय पर टिकी है। दृष्टिकोण समन्वित करो,  सार्वभौमिक, सार्वकालिक, सार्वजनीन समन्वय दृष्टिगोचर होगा।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ हमारी अगली साधना श्री विष्णु साधना शनिवार दि. 7 जून 2025 (भागवत एकादशी) से रविवार 6 जुलाई 2025 (देवशयनी एकादशी) तक चलेगी 🕉️

💥 इस साधना का मंत्र होगा – ॐ नमो नारायणाय।💥

💥 इसके साथ ही 5 या 11 बार श्री विष्णु के निम्नलिखित मंत्र का भी जाप करें। साधना के साथ ध्यान और आत्म परिष्कार तो चलेंगे ही –

शान्ताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशं
विश्वाधारं गगनसदृशं मेघवर्णं शुभाङ्गम्
लक्ष्मीकान्तं कमलनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं
वन्दे विष्णुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम् ||

💥 संभव हो तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी इससे जोड़ें💥  

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # 239 – सॉनेट – दुनिया ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है  – सॉनेट – दुनिया ।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 239 ☆

☆ सॉनेट – दुनिया ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆ 

मधुशाला साकी पैमाना

क्यों हमदम जैसे लगते थे

हमदम बनकर क्यों ठगते थे

दुनियावाले कर दीवाना?

तन व्यवहार करे मनमाना

जन की बात नहीं करते थे

मन की कर सबकी कहते थे

सच बतलाते झूठ फ़साना।

०

दाँत मिले तब चने नहीं थे

चने मिले तब दाँत नहीं है

विकल चकित है नीचेवाला।

लगी प्यास तब मेघ नहीं थे

मेघ आए तब प्यास नहीं है

करें तमाशा ऊपरवाला।।

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

१.६.२०२५

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – “सरकार का दिन” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी , बी एड , प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । यादों की धरोहर हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह -एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह-महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ लघुकथा – “सरकार का दिन” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

घंटाघर चौक। काफी समय से खड़ा हूँ। लोकल बस वही आ रही। दो चार आईं भी तो बुरी तरह ठसाठस भरी हुईं। मैं कस्बे का आदमी ठहरा। धक्कमपेल से घबरा गया। इसी डर से रुका रहा।

– आप तांगे में चले जाये़ं !

एक भला आदमी सलाह देता है।

मिलना जरूर होगा। उससे मिले साल डेढ़ साल हो गया ! समय कम है मेरे पास ! फिर भी जाऊंगा। क्या सोचेगी? व्यस्तताओं के सरकंडे बिना वजह फैलते जा रहे हैं।

पांच कदम स्टेशन की ओर जाता हूँ। तांगा बिल्कुल खाली है। आगे की सीट पर एक काला, गोल मटोल, चौदह पंद्रह साल का लड़का बैठा है।

– नये बस अड्डे चलेगा?

– हां, साब !

– कितने पैसे?

– तीस।

– चल फिर।

– पीछे की सीट पर बैठ जाता हूँ।

– नये बस अडडे, नये बस अड्डे का शोर चौड़ा बाज़ार के आसपास गूंजने लगता है। दो बाबू और आते हैं। एक वृद्ध भी आ जाता है ! इस तरह आधा दर्जन सवारियां हो जाती हैं।

– चल मेरे शेर‌!

– लगाम खींच देता है और घोड़ा हिनहिनाकर चल पड़ता है।

– एक सवारी बस अड्डे!

– वह लड़का फिर आवाज़ लगाता है तब बाबू कहता है कि, सवारियां तो पूरी हैं। क्यों भर रहा है मुर्गियों की तरह !

– एक कप चाय बनाऊंगा साब !

– वह दयनीय स्वर में कहता है !

दो सवारियां और मिल जाती हैं। टप् टप् शुरू होती है और साथ ही घोड़े को हल्ला शेरी !

चौराहे पर पहुंचते ही विफल बजती है।

लाइसेंस निकाल !

– है नहीं, साब !

– है क्यों नहीं? ऊपर से बारह सवारियां  !

आज जाने दो, साब !

गवर्नर का पुत्तर है क्या? ला, पैसे निकाल, तेरा चालान करूं।

– माफ कर दो, साब !

सवारियों में खलबली मच गयी है‌। बस पकड़नी है। यहां जाना है, वहां जाना है।

सभी मिलकर कहते हैं कि इसे माफ कर दो  !

– अच्छा, जा बेटा !

आंखें निकाल कर सिपाही चौक पर अपनी ड्यूटी देने लगता है।

सवारियां सलाह देती हैं – फिर न बिठाना इतनी सवारियां ! लाइसेंस पास रखो ! अभी बच्चे हो।

– साब, खायेंगे कहाँ से? महीना बांध रखा है ! घंटाघर चौक पर पान वाले की दुकान पर पहुंचाते हैं। इस बार घर में फाकाकशी चल रही है। इसे कहां से दें? हफ्ते बाद तांगा निकाला है। और वह आज के दिन ही मांग रहा है पैसे !

इतने में एक टैक्सी सिपाही के पास रुकती है। कुछ नोट हाथ में थमाये जाते हैं और फिर फुर्र हो जाती है !

मुझे लगने लगता है कि सरकार के सारे कानून इस तांगे वाले लड़के पर ही लागू होते हैं !

टप् ! टप्! तांगा चल रहा है !

☆

© श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा – भाग-२ ☆ श्री सुरेश पटवा ☆

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। अब आप प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकते हैं यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा।)

? यात्रा संस्मरण – गंगा-सागर यात्रा – भाग-२ ☆ श्री सुरेश पटवा ?

14 जून 2023 को ठीक बारह बजे सहयात्री पवन राय ने टैक्सी लेकर दरवाज़े पर दस्तक दी। हम कपिल मुनि के रूप में गंगा सागर में विराजमान विष्णु भगवान का नाम लेकर चौपहिया में सवार हो गए कि यार अनिश्चितताओं से भरी जीवन यात्रा में मुश्किलों भरी जीवंत यात्राओं से क्या परहेज़ करना। जीवन में यदि सब कुछ निश्चित हो जाये तो जीवन का रस ही समाप्त  हो जाएगा। आस्थावान और यथार्थवादी दोनों कहते हैं कि सारी सावधानियों के बावजूद जो होना है सो तो होना ही है।

राजाभोज हवाई अड्डा पहुँच विमानतल पर प्रवेश लिया। सुरक्षा संबंधी जाँच हेतु आगे बढ़े। हमारे सामने कुछ व्हीआईपी क़िस्म की सवारियाँ थीं। संभवतः सीआईएसएफ़ से संबंधित अधिकारी थे। एक अफ़सर उनकी अगवानी कर रहा था। हम जब आगे बढ़े तो हमसे बेल्ट निकालने को कहा गया। जबकि व्हीआईपी क़िस्म के जीव बिना किसी जाँच के निकल गए। सीआईएसएफ़ वाले अपने अधिकारियों की बेल्ट निकलवाने से तो रहे। यदि अफ़सर की बेल्ट निकली तो रंगरूटों की खैर नहीं। औपचारिकता पूरी करके विमान में सवार होने प्रतीक्षा लॉबी में पहुँचे। वहाँ पता चला कि भोपाल से हैदराबाद की उड़ान दस मिनट देरी से रवाना होगी। अंततः विमान में सवार हो गए। हवाई यात्रा के दौरान पृथ्वी को आसमान से देखकर हवाई ख़्याल आने लगे। पृथ्वी सूर्य के गैस वलय से निकली एक गैस पिंड के रूप में अलग होकर ब्रह्मांड में घूमने लगी। उससे एक गैस वलय घूमता हुआ निकला। वह भी अपनी धुरी पर घूमता हुआ पृथ्वी की परिक्रमा करने लगा- वही हम सबका चन्दामामा हो गया। अब ये तीनों एक दूसरे ने अलग होकर भी गुरुत्वाकर्षण से जुड़े हैं जैसे पति पत्नी आचार विचार व्यवहार में अलग होकर भी एक दूसरे के आकर्षण से जुड़े रहते हैं। एक दूसरे की परिक्रमा करते रहते हैं। कभी उलझते हैं- कभी सुलझते हैं। एक दूसरे की गर्मी ठंड बरसात सहते हुए साथ चलते रहते हैं। सूर्य, पृथ्वी, चंद्रमा की तरह सभी घूम रहे हैं। कहीं किसी को चैन नहीं है। 

पृथ्वी सूर्य से विलग होकर ठंडी होने लगी। इतनी ठंडी हो गई कि उसके ध्रुवीय प्रदेशों पर बर्फ जमने लगी। पूरी सफ़ेद हो गई। फिर पृथ्वी सूर्य के नज़दीक आने लगी तो बर्फ पिघल कर बादल बने। बादल से बारिश आई। उत्तरी क्षेत्रों में पोखर में जल इकट्ठा हुआ। उसी जल में सबसे पहले जलचर जीव की उत्पत्ति हुई। इसीलिए हिंदू शास्त्रों में विष्णु का पहला अवतार मत्स्य-अवतार है। कुछ जलचर जीवों में इस तरह के फेंफड़े विकसित हुए जो जल और थल दोनों में जीवित रह सकते थे। तभी दूसरा अवतार कच्छप-अवतार हुआ। तीसरा अवतार सूकर अवतार पशु रूप में हुआ जो थल पर ही जीवित रह सकता है। चौथा अवतार नरसिंह-अवतार हुआ जो यह सिद्ध करता है कि मनुष्य का विकास पशु से हुआ है। यही डारविन का क्रमागत विकास का सिद्धांत भी कहता है।

पृथ्वी के उसी उत्तरी ध्रुवीय क्षेत्र में आर्यों के पूर्वज निवास करते थे। जब पृथ्वी पुनः सूर्य से दूर घूमने लगी। तब एक और शीत काल आया। जीवों का जीवन दूभर होने लगा। उन्होंने उत्तर से दक्षिण दिशा की यात्रा शुरू कर दी। समुंदरों और नदियों के किनारे बसने लगे। वे कहीं से आने की कारण आर्य कहलाये। उन्होंने यूरोप और एशिया को बसाना आरम्भ किया।

विमान उड़ने के बाद आसमान में चिलचिलाती धूप का नज़ारा दिखने लगा। ऐसा लगा जैसे ज़मीन सुलग रही है। आधा घंटे उड़ने के बाद नीचे नर्मदा नदी के दर्शन हुए। विमान धरातल पर बहती नर्मदा नदी को पार करके पुराने समय में प्रसिद्ध खानदेश अर्थात् बुरहानपुर जलगाँव अहमदनगर के ऊपर से उड़ान भरता हुआ जाएगा।

जब भारत में आर्यों की पहली खेप आई तब कुछ शांति प्रिय द्रविड़ जातियाँ उत्तर में सिंध नदी के आसपास बसती थीं। आर्यों ने उन्हें खदेड़ा तो वे निचले हिस्से में समुद्र तक खिसक गईं। आर्यों को गंगा का इलाक़ा गंगासागर तक मिल गया। आर्यों की पहली खेप बंग गंगासागर तक खिसक गई। दूसरी खेप गुर्जर पश्चिम की तरफ़ आधुनिक द्वारिका तक गई। तीसरी खेप मरहट्ट द्रविड लोगों से जा टकराए। फिर जाट मालव क्षुद्रक का आगमन हुआ जो उत्तर प्रदेश राजस्थान में बस गए। उन्हीं से राजपूत विकसित हुए। इन सबने सब तरफ़ से घुसपैठ कर मध्य प्रदेश को आबाद किया। जिसकी राजधानी भोपाल से हवाई जहाज़ में सवार होकर हैदराबाद पहुँचने वाली उड़ान में सवार हैं। हम किनारे की सीट होने से धरती के नज़ारे दिखने लगे। पायलट द्वारा दो घंटे की उड़ान बताई गई। विमान में ए.सी. की तो बात ही ना करें, पंखा तक नहीं चल रहे थे। सवारियों ने चिल्लाना शुरू किया। उन्हें बताया गया कि विमान के इंजन से वातानुकूलन सिस्टम जुड़ा हुआ है। विमान उड़ान भरते समय ए.सी. चालू होगा। विमान में दो उड़न परी खाने पीने की सामग्री बेंच रही थीं। एक थोड़े कम उम्र की सुंदर चेहरा और आकर्षक व्यक्तित्व की थी। दूसरी थुलथुल देह की थी और उसके चेहरे पर सौंदर्य प्रसाधन के बावजूद ताज़े बखर चले खेत की तरह हल्के गड्ढे साफ़ दिख रहे थे। विमान में 200/- रुपये के पचास ग्राम काजू मिल रहे थे लेकिन हमें कुछ भी ख़रीदने की ज़रूरत महसूस नहीं हुई। पवन भाई डी-मार्ट से 200/- में 250  ग्राम सिके मिक्स्ड ड्राई फ्रूट के पैकेट साथ में लाए थे। ड्राई फ्रूट्स चबाते और बातें करते उड़ान यात्रा का आनंद लेते रहे। अब बाहर गोदावरी नदी दिख रही है जिसका उद्गम तो नासिक से है परंतु छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाक़े से आने वाली नदियाँ गोदावरी को पानीदार बनाती हैं। वही इलाक़ा नीचे दिखता चल रहा है। अब सफ़ेद बादलों के झुरमुट ने ज़मीन का दिखना रोक दिया है। पवन भाई लंदन में पहली बार स्कूल जाते नाती के वीडियो देख कर खूब खुश हो रहे हैं। बच्चा घर से पापा के साथ निकलते हुए खुश है कि तैयार होकर पापा के साथ घूमने जा रहे हैं। लेकिन स्कूल में छूटते समय उदास और खिन्न दिखता है। पापा पर थोड़ा नाराज़ भी नज़र आता है। पापा भी द्रवित तो होते हैं। उसे बार-बार गले लगाते हैं परंतु पिता को बच्चों के भले के लिए कुछ काम उनकी नाखुशी झेलकर भी करने पड़ते हैं। जिसकी क़ीमत बच्चों को बहुत बाद में समझ आती है।

तक़रीबन एक घंटे बाद ताप्ती नदी दिखी। मुंबई से उड़कर आते मानसूनी बादलों के दर्शन हुए। सफ़ेद बादलों की माया ज़मीन पर छाया बिखेर रही थी। नीचे एक खूब लंबी सड़क दिखती चल रही है वह निश्चित रूप से काशी से कन्या कुमारी अंतरीप तक पहुँचने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क है। उसका नागपुर से हैदराबाद पहुँचने वाला 500 किलोमीटर हिस्सा विमान यात्रा के साथ चल रहा है। महाराष्ट्र के कॉटन उत्पादन क्षेत्रों को पार करके आंध्रप्रदेश-कर्नाटक सीमा से गुज़र कर गंतव्य की तरफ़ बढ़ने लगा।

दो घंटों से ड्राई फ्रूट्स खाकर पानी पीते चल रहे हैं। शरीर के वाटर टैंक ने ख़तरे की घंटी बजाई। विमान में एक ही टॉयलेट पीछे की तरफ़ है। जिसमें कोई सवारी बहुत देर से व्यस्त है। विमान परिचारिका ने रुकने को कहा। उससे बातें होने लगीं। बात ही बात में वेतन पैकेज के बारे में पूछा तो वह बोली- इट्स गुड ? हमने कहा रिज़नेबल या गुड ? वह बोली- रिज़नेबल। लेकिन उसने पैकेज के बारे में यह नहीं बताया कि कितना मिलता है। भद्रता का तक़ाज़ा है कि पुरुषों से वेतन और महिलाओं से उम्र नहीं पूछना चाहिए। यह तब की बात है जब महिलाएँ नौकरियों कम करती थीं। अब इसे बदल देना चाहिए। अब कामकाजी महिलाओं से उम्र और वेतन दोनों नहीं पूछना चाहिए। उड़नपरी यही सीख दे गई। 

दो घंटे हैदराबाद विमानपत्तन पर गुज़ारना है। कहने को तो यहाँ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, परंतु हमारी घरेलू उड़ान होने से देशी स्तर की असुविधाओं से निपटना था। मोबाईल चार्जिंग पॉइंट चार्ज नहीं थे। ख़ाली छेदों में एडॉप्टर घुसाया लेकिन नतीजा सिफ़र रहा। मजबूरी में एक दुकानदार को पटाया। कामचलाऊ चार्जिंग हो गई।

नियत समय पर हैदराबाद से कोलकाता उड़ान उड़ी। अब विमान में बैठकर यात्रा वृतांत लिख पा रहे हैं। विमान में 180 कुर्सियाँ  हैं और एक भी कुर्सी ख़ाली नहीं है। वह दिन दूर नहीं जब एयरपोर्ट और विमानों में रेल्वे स्टेशन जैसी भीड़ नज़र आने लगेगी। विमान दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पूर्व दिशा की यात्रा कर रहा है। आकाश में बादलों की बारात है। सफ़ेद बादलों पर अस्ताचल गामी मार्तण्ड की तिरछी तीक्ष्ण किरणें नभ को रोशन कर रही हैं। अब फिर नीचे गोदावरी बह रही है। लेकिन विशाखापत्तनम तक उसका नाम विशाखा हो चुका होगा। विमान अब तेलंगाना राज्य की सीमा से निकल छत्तीसगढ़-उड़ीसा के आसमान पर उड़ रहा है। नीचे महानदी इठलाती चली जा रही है। जो बंगाल की खाड़ी में मिलेगी। विमान झारखंड के शुक्तिमान पर्वतों के ऊपर से उड़ रहा है। इसे अभी गंगा नदी के ऊपर से भी यात्रा करनी है। लीजिए नीचे पटना के पास सोन और गंगा नदियों का संगम हो रहा है। हम पश्चिम बंगाल की सीमा में दाखिल हो रहे हैं। यहाँ से विमान द्वारा कलकत्ता आधे घंटे का सफ़र है। गंगा का नाम मुर्शिदाबाद पहुँचते-पहुँचते हुगली हो जाता है। हमारी उड़ान रात आठ बजे कलकत्ता पहुँच गई। जहाँ हमें रात गुज़ारनी है। सुबह सुंदरबन की यात्रा करते हुए गंगा सागर पहुँचेंगे। 

पहले सोचा था कि एयरपोर्ट पर लाउंज में रात गुज़ार सुबह जल्दी टैक्सी करके गंगासागर के लिए निकल लेंगे। एयरपोर्ट पर पता चला कि लाउंज की सुविधा सिर्फ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उपलब्ध है। हमने मेक माय ट्रिप के माध्यम से एक रात के लिए फैब होटल 2000.00 रुपयों में बुक किया। एयरपोर्ट से निकल कर टैक्सी खोजने लगे। यहाँ टैक्सी की बड़ी भारी समस्या है। प्री-पैड पर लम्बी क़तार थी। वहाँ से रसीद कटवा कर फिर टैक्सी के इंतज़ार की क़तार में लगना पड़ेगा। मतलब एक घंटा कोलकाता की गर्मी में पसीने से नहाना होगा। मन को पानी से नहाने योग्य बना ही रहे थे। एक निजी टैक्सी बुकिंग काउंटर पर एक सुंदर बंगाली बाला लैपटॉप पर कुछ काम कर रही थी। पवन भाई ने उससे फैब होटल तक जाने के लिए टैक्सी बाबत पूछा। उसने झट से मना कर दिया। हमने भी प्रयास नहीं छोड़ा। उसने थोड़ी देर बाद कहा कि वह हमारे लिए टैक्सी का इंतज़ाम कर देगी। उसने बीस मिनट में एक टैक्सी की जुगाड़ कर दी। टैक्सी का किराया 275/- रुपये निर्धारित हुआ। उसके बाद नई समस्या इंतज़ार कर रही थी। फैब होटल दमदम इलाक़े में स्थित है। ड्राइवर इस इलाक़े में पहुँच एक घंटा घूमता रहा। उसे फैब होटल नहीं मिली। उसने गूगल का सहारा लिया। गूगल हमको घुमा फिरा कर एक जगह ले जाकर खड़ा कर देता कि आपका गंतव्य आ गया है। बहुत परेशान होने के बाद हमने गूगल पर फैब होटल का नाम डाल सर्च किया तो उस पर फैब का नंबर मिला। उस पर नंबर घुमाया तो पता चला कि वह कोई फैब ग्रुप है। जो होटल कमरा बुकिंग करते हैं। फैब ग्रुप प्रतिनिधि ने हमसे बुकिंग आईडी पूछा। तब बताया कि होटल कहाँ है। ड्राइवर ने होटल का पता समझ लिया। पता गूगल पर डाला। गूगल ने घुमा फिरा कर फिर उसी जगह खड़ा कर दिया जहाँ से टैक्सी दो बार निकल चुकी थी। वहाँ एक एजी होटल दिखा। उससे फैब होटल का पता पूछा तो उसने कहा- यही फैब एजी होटल है। वास्तविकता पता चली कि होटल का नाम एजी था जो फैब ग्रुप से संबद्ध था। हमने माथा फोड़ लिया और सामान उठा कर चलने को हुए तो टैक्सी ड्राइवर बोला- सर, 475/- रुपये किराया हुआ। उसे 500/- का नोट दिया तो वह, साहब छुट्टा नहीं है, कहकर चलता बना। हम कलकत्ता के दमदम इलाक़े में हैं। पुरानी बस्ती है। सड़क किनारे खुलेआम शराब का सेवन पूरे शबाब पर है। कोई रोकटोक नहीं दिख रही। ग्यारह बजे रात तक, जहाँ चाहो जैसे चाहो पिओ।      

होटल के कमरे में पहुँचे तो फिर माथा पीट लिया।   किसी औसत धर्मशाला जैसा कमरा दूसरी मंज़िल पर था। सोचा एसी चालू करवाकर कमर सीधी करके नहाना-धोना करेंगे। रात के खाने के लिए दही चावल और दाल का ऑर्डर दिया। कमरे में कोई टेलीफोन नहीं था। कॉल बेल भी नहीं बजती। नीचे रिसेप्शन पहुँच दरयाफ़्त करने पर ज्ञात हुआ कि एक मोबाइल नंबर है। उसी पर संपर्क साधा जा सकता है। कमरे में वापस आये तो पता चला कि एसी का रिमोट ख़राब है। जैसा चल रहा है, वैसा ही चलेगा। फिर माथा पीटा। कपड़े उतार हाथ पैर सीधे किए ही थे। तभी लाइट चली गई, एसी बंद हो गया। कोलकाता में अक्सर लाइट जाती है और दो-तीन घंटे में आती है। होटल  व्हीआईपी इलाक़ा में होने से एक घंटा में आने की संभावना है। बहुत मुश्किलों के बाद जनरेटर भाई की मेहरबानी से उजाले लायक़ लाइट मिल गई, परंतु एसी साहब की तरफ़ देखा तो वे हमारी नादानी पर मुस्कुरा रहे थे। ख़ैर साहब, ख़ाना निपटाया। अगले दिन की योजना बनाकर बारह बजे के आसपास सो गए ।            

अंग्रेजों के ज़माने से कोलकाता एक स्वतंत्र प्रशासनिक इकाई है। जो वर्तमान में उत्तरी चौबीस परगना, दक्षिण चौबीस परगना और हावड़ा ज़िलों से घिरा है। इस जिले में पहले 24 छोटे-छोटे खंड थे, जिस कारण इस स्थान का नाम 24 परगना रखा गया था। 1956 ई. में इस जिले का गठन किया गया था। 1992 ई. में इस जिले को उत्तर तथा दक्षिण भागों में विभाजित कर दिया गया था। कोलकाता के बसने की भी एक कहानी है। गंगा सागर दक्षिणी 24 परगना ज़िले में स्थित है।

टूरिस्ट गाईड के हिसाब से कोलकाता का दमदम स्थित सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा गंगासागर से निकटतम हवाई अड्डा है। वहाँ से काकद्वीप जाने के लिए टैक्सी मिल जाएँगी। ट्रेन से जाने वालों के लिए सियालदाह से काकद्वीप क़रीब है। काकद्वीप से आपको काचुबेरिया के लिए फ़ेरी मिल जाएँगी।   काचुबेरिया से बत्तीस किलोमीटर बस, टैक्सी, ऑटो द्वारा सागर द्वीप के उस किनारे पहुँचा जा सकता है, जहाँ गंगा सागर तीर्थ स्थित है।

हम् कोलकाता पहुँच गए हैं और गंगासागर पहुँचना है तो कोलकाता से गंगासागर तक की सवारी काफी रोमांचक है। इस तरफ़ काकद्वीप है, उस तरफ़ काचुबेरिया है, बीच में बंगाल की खाड़ी का लहराता समुद्र है। हम टैक्सी बुक कर रहे हैं, जो हमें होटल से काकद्वीप तक ले जाएगी। टैक्सी से काकद्वीप तक जाएँगे, जो हुगली नदी के पूर्वी तट पर एक बड़ा तालुका है। वहाँ से नाव द्वारा मुरीगंगा नदी पार कर काचुबेरिया पहुँचेंगे। कचुबेरिया पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित है। इसमें डायमंड हार्बर और काकद्वीप के बीच चलने वाली मुख्य सड़क के दोनों ओर बिखरे हुए गांवों की एक श्रृंखला शामिल है। कुलपी गांव इस क्षेत्र का केंद्र है। पश्चिम में केवल एक मील की दूरी पर हुगली नदी है जो इस बिंदु पर चौड़ी हो रही है क्योंकि यह बंगाल की खाड़ी में बहने की तैयारी कर रही है। यहां की ज़मीन नीची और समतल है इसलिए मानसून के मौसम और चक्रवात के दौरान बाढ़ का पानी आने से  अतिसंवेदनशील है। काचुबेरिया से बस एक घंटे में गंगासागर ले जाती है।

*

15 जून 2023 को सबसे कठिन यात्रा पर जाना है। उबर टैक्सी बुक की। ड्राइवर का नाम मनोज साहा है। बंगाली साहा शब्द वही पुराना फ़ारसी शाह है। शाह शब्द की उत्पत्ति ईरान में हुई। वहाँ का आख़िरी राजा  शाह रज़ा पहलवी था। मुग़लों ने जब हिंदुस्तान में राजत्व ग्रहण किया तब उन्होंने ईरानी भाषा में राजा का पर्यायवाची “शाह” पदवी धारण की। कालांतर में उन्होंने कई राजपूत राजाओं को अधीन करके बादशाह अर्थात् महाराजा उपाधि धारण की जैसे अकबर बादशाह । मुग़ल काल के पतन के साथ कई महाजनों ने गुजरात में शाह उपनाम धारण करना आरम्भ किया, जैसे अमित शाह। अंग्रेजों के समय में कारोबारी पलायन पश्चिमी भारत से पूर्वी भारत की तरफ़ हुआ तो वे शाह ही अंग्रज़ों की राजधानी कलकत्ता में साहा हो गए। ड्राइवर के व्यक्तित्व में कोई भी गुजराती चिन्ह नहीं दिखते। वह हावभाव ख़ान पीन से पूरी तरह बंगाली हो चुका है। वह बहुत बातूनी है।

क्रमशः…

© श्री सुरेश पटवा 

भोपाल, मध्य प्रदेश

*≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रेयस साहित्य # ११ – कथा-कहानी – यह एक सुखद संयोग था ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆

श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # ११ ☆

☆ कथा-कहानी ☆ ~ यह एक सुखद संयोग था ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

☆

रुनझुन लिफ्ट से नीचे उतरकर अभी पहले तल पर ही पहुंची थी कि आकाश ने लिफ्ट में प्रवेश किया। आकाश को सातवें तल पर जाना था, जबकि रुनझुन को ग्राउंड फ्लोर जाना था। उसके बाद वह कहीं और जाने की तैयारी में थी।

लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर पर पहुंच चुकी थी। रुनझुन लिफ्ट से बाहर निकलने वाली थी कि आकाश बोल पड़ा…

रुनझुन..मेरे साथ 7th फ्लोर पर चलो न !!!!!

रुनझुन ने बाहर निकलने की कुछ एक्टिंग सी क़ी लेकिन अचानक उसके मन में क्या आया कि वह 7th फ्लोर पर जाने के लिए राजी हो गई।

संयोग ऐसा हुआ कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर 7th फ्लोर तक किसी भी फ्लोर पर किसी ने भी एंट्री नहीं की।

लिफ्ट बिना रुके तेजी से 7th फ्लोर ऊपर क़ी ओर चली जा रही थी। खास बात यह भी थी कि इस बीच रुनझुन और आकाश के बीच में किसी प्रकार का कोई वार्तालाप नहीं हुआ।

एक दो बार ऐसा हुआ कि आकाश ने रुनझुन की आंखों में आंखें डालकर देखा, तो रुनझुन ने भी शर्म से अपनी पलके नीचे झुका ली।

अब दोनों टावर के 7th फ्लोर पर बने ओपन काफी हाउस में टेबल पर आमने-सामने बैठे थे। कॉफी के दो कप आपस में गपशप कर रहे थे, लेकिन ये दोनों आपस में कुछ भी नहीं बोल रहे थे।

दो जोड़ों को एक साथ बैठे, लेकिन आपस में बात न करते देख, बेटर संजीव आश्चर्यचकित भी हो रहा था और सशंकित भी हो रहा था। संजीव ने जानबूझकर के अपनी जूठी प्लेट से दो दो चम्मचे उनके टेबल के पास गिरा दीं, ताकि इनकी खनक से शायद इन दोनों की तंद्रा टूट जाए और हुआ भी ठीक ऐसा ही।

अपनी चुप्पी तोड़ते हुए आकाश ने कहा,

मैं तुमसे एक बात करना चाहता हूँ..रुनझुन।

रुनझुन ने भी उसे कुछ भी कहने की मौन स्वीकृति दे दी।

आकाश कुछ कहते कहते अचानक रुक गया। उसके माथे पर पसीने की ढेर सारी बूंदें छिटक पड़ी। उसका शरीर स्थूल सा हो गया। उसे इस तरह से नर्वस देख, रुनझुन घबरा गई, और उठ खड़ी हुई। अपने दुपट्टे से उसके माथे के पसीने की बूंद को पोछते हुए, रुनझुन ने कहा, ..

क्या कहना चाहते हो आकाश.. कहो, बेहिचक कहो।

लगभग भावुक होते हुए आकाश ने कहा, रुनझुन.. कह दूँ।

आकाश के सिर पर अपना प्यारा सा हाथ फेरते हुए रुनझुन ने गर्दन धीरे से हिलाई, मानो वह उसकी स्वीकृति थी।

एक करोड़पति बाप का बेटा आकाश, जिसके आगे पीछे ऐश्वर्य और धन संपदा नर्तकियों जैसी नाचती है, वह इस वक्त काफी के टेबल पर अपने जीवन की असली खुशी को ढूंढ रहा था।

रुनझुन, .. मैं तुझे सगाई की अंगूठी आज और अभी पहनाना चाहता हूँ।

मैं किसी ऐसे अमीर करोड़पति ससुर का दामाद नहीं बनना चाहता जिसकी बेटी के एशोआराम, शौक और शोहरत के किस्से तो हर दिन सुनता हूँ, लेकिन उसके दिल की बात को जानता ही नहीं हूँ। कोई अनजान, मेरी जीवन संगिनी कैसे बन सकती है।

यह क्या कह रहे हो?..आकाश।

तुम मेरे साथ ऐसे बेमेल रिश्ते क़ी बात ही क्यों सोचते हो।

मेरी हैसियत और तुम्हारी हैसियत में जमीन आसमान का अंतर है। कहां तुम्हारे डैडी कई कंपनियों के ओनर है, वहीं मेरे बापू तुम्हारे डैडी क़ी एक छोटी सी कंपनी में, एक छोटी सीए क़ी नौकरी करते हैं।

आकाश, .!!! ये बेमेल रिश्ते, तुम्हारे परिवार और तुम्हारे होने वाले ससुराल वालों के परिवार के कितने सदस्यों के दिल तोड़ देंगे, क्या तुम्हें यह पता है !!

रुनझुन…! तो क्या तुम यह चाहती हो कि मेरा इकलौता दिल, जो शहर के एक बड़े रईसजादे के इकलौते वारिस का दिल है वह टूट जाए। क्या इस टूटे हुए दिल के दर्द को जानने के बाद मेरे डैडी और मम्मी बर्दाश्त कर पाएंगे।

रुनझुन तुम बेफिक्र रहो मैं सब कुछ मैनेज कर लूंगा। मेरे डैडी और मॉम सिर्फ एक अमीर- रईस बिजनेसमैन नहीं है बल्कि एक सच्चे दिल के इंसान भी है।

बेटर संजीव दूर से इन दोनों की बातों को बड़े ही ध्यान से सुन रहा था।

संजीव ने आनन फ़ानन में एक कॉफी टेबल को सजाते हुए एक छोटा सा केक लाकर धर दिया।

रुनझुन ने आकाश के हाथों में बड़े ही प्यार से हीरे की अंगूठी पहनाई, तो आकाश ने भी रुनझुन के हाथों में वैसी अंगूठी पहनाते हुए उसके माथे को चूम लिया।

कॉफी हाउस के मंद मंद प्रकाश में बैठे कई जोड़े खुद को रोक नहीं पाए, और आकाश के कॉफी टेबल के पास इन जोड़ों के प्रति प्यार लुटाने के लिए जमा हो गए।

अचानक दो बुजुर्ग जोड़ों को अपने पास देखकर आकाश और रुनझुन हक्के-बक्के रह गए। दोनों ने झुककर उन बुजुर्ग जोड़ों के पैर छुए तो, उन्होंने भी दोनों को अपने गले लगा लिया और आँखों में प्यार भरे स्नेहिल आंशुओ को भरते हुए हुए कहा, ..

बेटा.. आज से 30 बरस पहले आज ही के दिन इसी जगह पर मैंने तुम्हारी मॉम को सगाई क़ी अंगूठी पहनाई थी। आज इतिहास स्वयं को दुहरा रहा है।

आज उन्ही प्यारी यादों को ताजा करने के लिए हम दोनों तड़क-भड़क की दुनिया से दूर इस कॉफी हाउस आए थे और आज तुम दोनों यहाँ……

कॉफी हाउस की सारी लाइटे एक साथ जल गई, अब सभी सबको देख रहे थे। संगीत की मधुर धुन सबके कानों में जा रही थी। सभी एक साथ ठुमक रहे थे।

बेटर संजीव का खाली प्लेट भी ढेर सारे रूपयों से भर चुका था।

यह एक सुखद संयोग था।

☆

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ “श्री हंस” साहित्य # 163 ☆ मुक्तक – ।। एक दिन कहानी बन रह जाता आदमी।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

श्री एस के कपूर “श्री हंस”

 

☆ “श्री हंस” साहित्य # 163 ☆

☆ मुक्तक – ।। एक दिन कहानी बन रह जाता आदमी।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

☆

=1=

जीवन में   इतना भी  नहीं   होना   सामान चाहिए।

क्यों भरते इतना भी कि कुछ होना आराम चाहिए।।

जीवन के अंत समय  बस दुआएं ही साथ जाती हैं।

जीवन में कुछअच्छाकमाया हुआ होना नाम चाहिए।।

=2=

क्रोध में वह सब मत गवाओं कि जो पास आया है।

शांत रह कर जिन रिश्तों को    आपने कमाया है।।

संघर्ष को बनाएं दोस्त अपना यही आगे ले जाएगा।

बुद्धि विवेक  धैर्य  परिश्रम से   ही सबने पाया है।।

=3=

संसार में जो भी समस्या   उसका बना निदान  है।

मत गवाओं अपना जीवन जो अनमोल महान है।।

एक दिन हम सब   कहानी  बन कर ही रह जाएंगे।

लोग कहें बाद में कि वह    एक अच्छा इंसान है।।

=4=

जिसने मुश्किलों का    सामना किया वह आगे बढ़ा है।

जिसने भाग्य को ही कोसा वह आज वहीं पर खड़ा है।।

यह जीवन प्रभु  वरदान जैसा कि एक बार ही मिलता।

वही बनता विजेता जाकर जो कि हालातों से लड़ा है।।

☆

© एस के कपूर “श्री हंस”

बरेलीईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब  – 9897071046, 8218685464

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा #228 ☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – कविता – … ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – मां गंगा…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # 228 ☆

☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – बच्चे…  ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

☆

हर देश की सबसे बड़ी सम्पत्ति हैं बच्चे

कल के स्वरूप की छुपी अभिव्यक्ति हैं बच्चे ॥

“कल देश कैसा हो सपने उभारिये

अनुरूप उसके ही कदम अपने संवारिये।

जैसा इन्हें बनायेंगे, वैसा ये बनेंगे

वातावरण जो पायेंगे वैसे ही ढलेंगे ॥

पौधों की भाँति होते हैं कोमल, सरल, सच्चे।

हर देश की सबसे बड़ी संपत्ति हैं बच्चे ॥1॥

*

इनको सहेजिये इन्हें बढ़ना सिखाइये

पुस्तक ही नहीं जिन्दगी पढ़ना सिखाइये।

शिक्षा सही न मिली तो ये जायेंगे बिगड़

अपराध की दुनिया में पड़ेंगे ये लड़-झगड़ ॥

इनमें अभी समझ नहीं, अनुभव के हैं कच्चे

 हर देश की सबसे बड़ी सम्पत्ति हैं बच्चे ॥ 2 ॥

*

इनके विकास की है बड़ी जिम्मेदारियाँ

शासन-समाज को सही करती तैयारियाँ।

शालाएँ हो, सुविधाएँ हो, अवसर विकास के

सद्भाव हों, सद्बुद्धि हो, साधन प्रकाश के ॥

परिवेश मिले सुखद जहाँ ढल सकें अच्छे

हर देश की सबसे बड़ी सम्पत्ति हैं बच्चे ॥3॥

☆

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares