(डॉ भावना शुक्ल जी (सह संपादक ‘प्राची‘) को जो कुछ साहित्यिक विरासत में मिला है उसे उन्होने मात्र सँजोया ही नहीं अपितु , उस विरासत को गति प्रदान किया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माँ सरस्वती का वरद हस्त उन पर ऐसा ही बना रहे। आज प्रस्तुत हैं “भावना के दोहे – नशा मुक्ति अभियान ”। )
(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में प्रस्तुत हैं एक भावप्रवण रचना “कभी हमसे भी मिला कीजिये ….”। आप श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)
(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में अवश्य मिली है किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है ट्रांसजेंडर विमर्श पर आधारित एक विचारणीय लघुकथा ‘उसका सच’.डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को इस विचारणीय लघुकथा रचने के लिए सादर नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद # 79 ☆
☆ लघुकथा – उसका सच…. ! ☆
सूरज की किरणें उसके कमरे की खिडकी से छनकर भीतर आ रही हैं। नया दिन शुरू हो गया पर बातें वही पुरानी होंगी उसने लेटे हुए सोचा। मन ही नहीं किया बिस्तर से उठने का। क्या करे उठकर, कुछ बदलनेवाला थोडे ही है? पता नहीं कब तक ऐसे ही चलेगा यह लुकाछिपी का खेल। बहुत घुटन होती है उसे। घर में वह कैसे समझाए सबको कि जो वह दिख रहा है वह नहीं है, इस पुरुष वेश में कहीं एक स्त्री छिपी बैठी है। वह हर दिन इस मानसिक अंतर्द्वंद्व को झेलता है। उसके शरीर का सच और घरवालों की आँखों को दिखता सच। दोनों के बीच में वह बुरी तरह पिस रहा है। तब तो अपना सच उसे भी नहीं समझा था, छोटा ही था, स्कूल में रेस हो रही थी। उसने दौडना शुरू किया ही था कि सुनाई दिया – अरे! महेश को देखो, कैसे लडकी की तरह दौड रहा है। गति पकडे कदमों में जैसे अचानक ब्रेक लग गया हो, वह वहीं खडा हो गया, बडी मुश्किल से सिर झुकाकर धीरे धीरे चलता हुआ भीड में वापस आ खडा हुआ। क्लास में आने के बाद भी बच्चे उसे बहुत देर तक लडकी – लडकी कहकर चिढाते रहे। तब से वह कभी दौड ही नहीं सका, चलता तो भी कहीं से आवाज आती ‘लडकी है‘ वह ठिठक जाता।
महेश! उठ कब तक सोता रहेगा? माँ ने आवाज लगाई।‘ कॉलोनी के सब लडके क्रिकेट खेल रहे हैं तू क्यों नहीं खेलता उनके साथ ? कितनी बार कहा है लडकों के साथ खेला कर। घर में बैठा रहता है लडकियों की तरह।‘
‘मुझे अच्छा नहीं लगता क्रिकेट खेलना।‘
माँ के ज्यादा कहने पर वह साईकिल लेकर निकल पडा और पैडल पर गुस्सा उतारता रहा। सारा दिन शहर में घूमता रहा बेवजह। पैडल जितनी तेजी से चल रहे थे, विचार भी उतनी तेज उमड रहे थे। बचपन से लेकर बडे होने तक ना जाने कितनी बार लोगों ने उसे ताने मारे। कब तक चलेगा यह सब ? लोगों को दोष किसलिए देना? अपना सच वह जानता है, उसे स्वीकारना है बस सबके सामने। घर नजदीक आ रहा है। बस, अब और नहीं। घर पहुँचकर उसने साईकिल खडी की, कमरे में जाकर अपनी पसंद का शॉल निकाला और उसे दुप्पटे की तरह ओढकर सबके बीच में आकर बैठ गया। सूरज की किरणों ने आकाश पर अधिकार जमा लिया था।
(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ” में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है। आज प्रस्तुत है श्री विवेक जी द्वारा लिखित एक विचारणीय व्यंग्य ‘कंफ्यूजन में ग्लैमर का फ्यूजन’। इस विचारणीय आलेख के लिए श्री विवेक रंजन जी की लेखनी को नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 128 ☆
व्यंग्य – कंफ्यूजन में ग्लैमर का फ्यूजन
कंफ्यूजन का मजा ही अलग होता है. तभी तो लखनऊ में नबाब साहब ने भूल भुलैया बनवाई थी. आज भी लोग टिकिट लेकर वहां जाते हैं और खुद के गुम होने का लुत्फ उठाते हैं. हुआ यों था कि लखनऊ में भयंकर अकाल पड़ा, पूरा अवध दाने दाने का मोहताज हो गया. लोग मदद मांगने नवाब के पास गये. वजीरो ने सलाह दी कि खजाने में जमा राशि गरीबो में बाँट दी जाये. मगर नवाब साहब का मानना था की खैरात में धन बांटने से लोगो को हराम का खाने की आदत पड़ जाएगी. इसलिए उन्होंने रोजगार देने के लिए एक इमारत का निर्माण करवाया जिसको बाद में बड़ा इमामबाड़ा नाम दिया गया. इमामबाड़े में असफी मस्जिद, बावड़ी और भूलभुलैया है. दिल्ली में भी भूल भुलैया है, जो लोकप्रिय पर्यटन स्थल है. कई बाग बगीचों में भी इसी तर्ज पर ऐसी पौध वीथिकायें बनाई गई हैं जहां गुम होने के लिये प्रेमी जोडे दूर दूर से वहां घूमने चले आते हैं.
दरअसल कंफ्यूजन में मजे लेने का कौशल हम सब बचपन से ही सीख जाते हैं. कोई भी बाल पत्रिका उठा लें एक सिरे पर बिल्ली और दूसरे सिरे पर चूहे का एक क्विज मिल ही जायेगा, बीच में खूब लम्बा घुमावदार ऊपर नीचे चक्कर वाला, पूरे पेज पर पसरा हुआ रास्ता होगा. बिना कलम उठाये बच्चे को बिल्ली के लिये चूहे तक पहुंचने का शार्टेस्ट रास्ता ढ़ूंढ़ना होता है. खेलने वाला बच्चा कंफ्यूज हो जाता है, किसी ऐसे दो राहे के चक्रव्यू में उलझ जाता है कि चूहे तक पहुंचने से पहले ही डेड एंड आ जाता है.
कंफ्यूजन में यदि ग्लैमर का फ्यूजन हो जाये, तो क्या कहने. चिंकी मिन्की, एक से कपड़ो में बिल्कुल एक सी कद काठी,समान आवाज वाली, एक सी सजी संवरी हू बहू दिखने वाली जुड़वा बहने हैं. यू ट्यूब से लेकर स्टेज शो तक उनके रोचक कंफ्यूजन ने धमाल मचा रखा है. कौन चिंकि और कौन मिंकी यह शायद वे स्वयं भी भूल जाती हों. पर उनकी प्रस्तुतियों में मजा बहुत आता है. कनफ्यूज दर्शक कभी इसको देखता है कभी उसको, उलझ कर रह जाता है, जैसे मिरर इमेज हो. पुरानी फिल्मो में जिन्होने सीता और गीता या राम और श्याम देखी हो वे जानते है कि हमारे डायरेक्टर डबल रोल से जुडवा भाई बहनो के कंफ्यूजन में रोमांच, हास्य और मनोरंजन सब ढ़ूंढ़ निकालते की क्षमता रखते हैं.
कंफ्यूजन सबको होता है, जब साहित्यकार को कंफ्यूजन होता है तो वे संदेह अलंकार रच डालते हैं. जैसे कि “नारी बिच सारी है कि सारी बिच नारी है”. कवि भूषण को यह कंफ्यूजन तब हुआ था, जब वे भगवान कृष्ण के द्रोपदी की साड़ी अंतहीन कर उनकी लाज बचाने के प्रसंग का वर्णन कर रहे थे.
यूं इस देश में जनता महज कंफ्यूज दर्शक ही तो है. पक्ष विपक्ष चिंकी मिंकी की तरह सत्ता के ग्लेमर से जनता को कनफ्युजियाय हुये हैं. हर चुनावी शो में जनता बस डेड एंड तक ही पहुंच पाती है. इस एंड पर बिल्ली दूध डकार जाती है, उस एंड पर चूहे मजे में देश कुतरते रहते हैं. सत्ता और जनता के बीच का सारा रास्ता बड़ा घुमावदार है. आम आदमी ता उम्र इन भ्रम के गलियारों में भटकता रह जाता है. सत्ता का अंतहीन सुख नेता बिना थके खींचते रहते हैं. जनता साड़ी की तरह खिंचती, लिपटती रह जाती है. अदालतो में न्याय के लिये भटकता आदमी कानून की किताबों के ककहरे,काले कोट और जज के कटघरे में सालों जीत की आशा में कनफ्यूज्ड बना रहता है.
चिंकी मिंकी सा कनफ्यूजन देश ही नही दुनियां में सर्वव्याप्त है. दुनियां भ्रम में है कि पाकिस्तान में सरकार जनता की है या मिलिट्री की.वहां की मिलिट्री इस भ्रम में है कि सरकार उसकी है या चीन की और जमाना भ्रम में है कि कोरोना वायरस चीन ने जानबूझकर फैलाया या यह प्राकृतिक विपदा के रूप में फैल गया. इस और उस वैक्सीन के समाचारो के कनफ्यूजन में मुंह नाक ढ़ांके हुये लगभग बंद जिंदगी में दिन हफ्ते महीने निकलते जा रहे हैं. अपनी दुआ है कि अब यह आंख मिचौली बंद हो, वैक्सीन आ जाये जिससे कंफ्यूजन में ग्लैमर का फ्यूजन चिंकी मिंकी शो लाइव देखा जा सके.
(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जीका हिन्दी बाल -साहित्य एवं हिन्दी साहित्य की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य” के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा “भ्रष्टाचार पर विजय”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 96 ☆
☆ लघुकथा — भ्रष्टाचार पर विजय ☆
मोहन ने कहा,” अपना ठेकेदारी का व्यवसाय है। इसमें दलाली, कमीशन, रिश्वत खोरी के बिना काम नहीं चल सकता है।”
रमन कब पीछे रहने वाला था,” भाई! मुझे आरटीओ के यहां से लाइसेंस बनवाने का काम करवाना पड़ता है। लोग बिना ट्रायल के लाइसेंस बनवाते हैं। यदि पैसा ना दूं तो काम नहीं चल सकता है।”
” वह तो ठीक है,” कमल बोला,” व्यापार अपनी जगह है पर रिश्वतखोरी हो तो बुरी है ना। नेता लोग करोड़ों डकार जाते हैं। बिना रिश्वत के रेल का बर्थ रिजर्व नहीं होता है। डॉक्टर बनने के लिए लाखों करोड़ों की रिश्वत देना पड़ती है। तब बच्चा डॉक्टर बनता है। यह तो गलत है ना।”
” हां हां, हम रिश्वत क्यों दें।” एक साथ कई आवाजें गुंजीं,” हमें अन्ना के आंदोलन का साथ देना चाहिए।”
तब काफी सोचविचार व विमर्श के बाद यह तय हुआ कि कल सभी औरतें अपने हाथों में मोमबत्ती जलाकर रैली निकालेगी और अंत में रिश्वत नहीं देने की शपथ लेगी। सभी ने यह प्रस्ताव पारित किया और अपनी-अपनी पत्नियों को रैली में सम्मिलित कराने हेतु घर की ओर चल दिए।
सभी के चेहरे पर भ्रष्टाचार पर विजय पाने की मुस्कान तैर रही थी।
(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी की अब तक शताधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। जिनमें 70 के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत। इनमें प्रमुख हैं ‘बाल साहित्य श्री सम्मान 2018′ (भारत सरकार के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी बोर्ड, संस्कृति मंत्रालय द्वारा डेढ़ लाख के पुरस्कार सहित ) एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा ‘अमृतलाल नागर बालकथा सम्मान 2019’। आप “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे ।
(सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ जी अर्ध शताधिक अलंकरणों /सम्मानों से अलंकृत/सम्मानित हैं। आपकी लघुकथा “रात का चौकीदार” महाराष्ट्र शासन के शैक्षणिक पाठ्यक्रम कक्षा 9वीं की “हिंदी लोक भारती” पाठ्यपुस्तक में सम्मिलित। आप हमारे प्रबुद्ध पाठकों के साथ समय-समय पर अपनी अप्रतिम रचनाएँ साझा करते रहते हैं। आज प्रस्तुत हैं आपकी एक अतिसुन्दर एवं विचारणीय कविता “दुखों का सुख…..”। )
(श्री अरुण श्रीवास्तव जी भारतीय स्टेट बैंक से वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बैंक की सेवाओं में अक्सर हमें सार्वजनिक एवं कार्यालयीन जीवन में कई लोगों से मिलना जुलना होता है। ऐसे में कोई संवेदनशील साहित्यकार ही उन चरित्रों को लेखनी से साकार कर सकता है। श्री अरुण श्रीवास्तव जी ने संभवतः अपने जीवन में ऐसे कई चरित्रों में से कुछ पात्र अपनी साहित्यिक रचनाओं में चुने होंगे। उनका ऐसा ही एक पात्र है ‘असहमत’ जिसके इर्द गिर्द उनकी कथाओं का ताना बना है। अब आप प्रत्येक बुधवार साप्ताहिक स्तम्भ– असहमत आत्मसात कर सकेंगे। )
☆ असहमत…! भाग – 7 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆
असहमत अपनी साईकल से मार्केट जा रहा था तफरीह करने नहीं बल्कि पिता द्वारा दिये गये ऑफिस ऑर्डर का पालन करने. रास्ते में पैट्रोल पंप के पास उसकी साईकल रुक गई, असहमत का पैट्रोल से कोई लेना देना नहीं था पर रुकने के दो कारण थे. पहला, उसकी साइकिल की चेन उतर गई थी और दूसरा उसका एक अमीर दोस्त अपनी लखिया बाइक में पैट्रोल फिलिंग के बाद बाहर आ रहा था. असहमत के रुकने का कारण मित्र से मिलने का नहीं बल्कि अपनी साइकिल सहित किनारे सुरक्षित स्थान पर रुकना था. मित्र ने असहमत को देखकर बाइक उसके सामने ही खतरनाक ढंग से ब्रेक लगाते हुये रोककर अपनी अमीरी के अलावा अपनी कुशल पर खतरनाक ड्राइविंग का दबंगी भरा प्रदर्शन किया और पहला सवाल दागा : कब तक. अब इस सवाल के कई मतलब थे, पहला कैसे हो बतलाने की जगह कब तक साईकल पर ही चलोगे.दूसरा हमारे क्लासफेलो तो थे पर हमारी क्लास के कब तक बन पाओगे.
असहमत : पिताजी के काम से डेप्यूटेशन पर हूँ इसलिए वाहन सुख मिल रहा है वरना बेरोजगारी, विनोबा भावे ही बनाती है .
मित्र : खैर तुमसे उम्मीद तो हम लोगों याने सहपाठियों को भी नहीं थी पर अभी हम लोग नेक्सट वीक एक प्रि रियूनियन प्रोग्राम कर रहे हैं.पास के ही आलीशान रिसॉर्ट में मंगल (जंगल याने रिसॉर्ट में मंगल) मनाने जा रहे हैं तो तुम अब हो तो हमारे क्लासफेलो तो शामिल हो जाना.
असहमत ने भी अपनी विद्यालयीन बेशर्मी का प्रयोग करते हुये कह दिया कि तुम जानते तो हो ही कि ऐसे प्रोग्राम में आने के लिये हम सहमत तब ही होते हैं जब ये कार्यक्रम 100% सब्सीडाईज्ड हों.
मित्र : बिल्कुल है क्योंकि तुमसे अच्छा और सस्ता टॉरगेट हम लोगों के बैच में नहीं है. तो इस वीकएंड पर सुबह तैयार रहना, हम लोग तुमको पिकअप कर लेंगे.
असहमत ने भी सहमति दी साथ में उल्हास और आनंद भी एक के साथ दो फ्री की स्टाइल में और कल्पनाओं के आनंद में डूब गया.
प्री-रियूनियन नामक प्रचलित उत्सव का आगाज़ लगभग दस सहपाठियों के साथ हुआ जिनमें धनजीवी, मनजीवी, सुराजीवी, द्यूतजीवी, क्रीड़ाजीवी, सामिष और निरामिष जीवी सभी प्रकार की आत्मन थे. सोशलमीडिया जीवी लोगों को हड़काते हुये मोबाइल का प्रयोग सिर्फ फोटो खींचने के लिये अनुमत किया गया.सिर्फ असहमत ही परजीवी parasite था जो लेगपुलिंग का नायक बनने के लिये मानसिकरूप से तैयार होकर आया था.
जब सूरज ढलते ही, दिनभर की स्पोर्टिंग गतिविधियों के बाद सुर और सुरा से सज्जित सुरीली शाम का आरंभ हुआ तो महफिल के पहले दौर में गीतों गज़लों, विभिन्न तरह की सुरा और कोल्ड ड्रिंक के आयोजन में दोस्त लोग डूबने के लिये मौज की धारा में उतरते गये. शाम गहरी होकर रात में बदली तो नशा भी गहरा हुआ और गीतों गज़लों को गाने में और समझने में आ रही मुश्किलों के कारण जोक्स महफिल में अवतरित हुये. दोस्तों की महफिल में खाने के मामले में लोग वेज़ेटेरियन हो सकते हैं पर जोक्स तो हर तरह के सुनने और सुनाने पड़ते ही हैं.
तीसरे दौर और कुछ फॉस्ट टैग धारियों के चौथे दौर में टॉपिक ने दोस्ताना माहौल को भौतिकवादी उपलब्धियों में बदल दिया और बात शान शौकत पर आ गई. हर किसी के अपने अपने तंबू थे, दुकाने थीं जिनसे निकाल निकाल कर उपलब्धियों का अतिशयोक्तिपूर्ण बखान शुरु हो गया. अचानक असहमत पर नज़र उस दोस्त की पड़ी जिसके दम पर वो पार्टी इनज्वाय कर रहा था. डायरेक्ट तो नहीं पर इनडायरेक्टली सिर्फ इतना ही कहा कि तुम्हारा मुफ्त का चंदन ज्यादा खुशबू दे रहा है.
असहमत विभिन्न तरह के ब्रांड्स चेक करने के चक्कर में काकटेली फिलासफर बन चुका था, तो उसके दर्शन शास्त्र से ही प्रि रियूनियन का सेशन एंड हुआ.
स्टूडेंट लाईफ में भले ही हम क्लासफेलो रहे हों पर ये सिर्फ अतीत ही होता है और समय के साथ भौतिक उपलब्धियों का मुलम्मा हमें डिफरेंट क्लास और डिफरेंट टाईम ज़ोन में स्थापित कर देता है. जैसे :अमरीका में निवासरत दोस्त का टाईमज़ोन हमसे अलग हो जाता है, हमारे लिये even उसके लिये odd बन जाता है और शायद यही रिवर्सिबल भी हो. जब सिर्फ 12 घंटे का ये अंतर इतना बदलाव ले आता है तो तीस चालीस वर्ष का सामयिक अंतराल तो बहुत कुछ बदल देता है. हम मिलते हैं तो अतीत की स्मृतियों को recreate करने की शुरुआत करते हैं पर धीरे धीरे वर्तमान अपनी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं कर पाता और इस लंबे टाईमज़ोन के पात्र रियूनियन के आनंदित स्मृतियों के साथ साथ आहत स्मृतियां भी लेकर वर्तमान में लौटते हैं. शायद समय ही सबसे शक्तिशाली है और वर्तमान ही सबसे बड़ा कटु सत्य.