(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। । साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है पारिवारिक विमर्श पर आधारित एक संवेदनशील लघुकथा “आलौकिक आभा”। इस विचारणीय लघुकथा के लिए श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ जी की लेखनी को सादर नमन। )
☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 104 ☆
लघुकथा – आलौकिक आभा
पुराने दियों को समेटते समेटते आभा का मन एक बार फिर पुरानी बातों को सोचने पर विवश हो उठा। वृद्धावस्था में मां पिताजी का साथ छोड़ कर, अपने परिवार को लेकर प्रकाश उसी शहर में अलग रहने लगा था।
दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे थे और पतिदेव पेपर पर नजर गड़ाए समाचारों पर लिखे राजनीति की चर्चा फोन पर कर रहे थे। सुनिए… आज मां पिताजी से मिलने चलते हैं। आभा ने पास आकर कहा। तिलमिला उठा प्रकाश… तुमने सोचा भी कैसे कि मैं वहां जाऊंगा? मेरे परिवार से कोई रिश्ता नहीं है उन दोनों का और हां तुम भी वहां नहीं जाना। कोई जरूरत नहीं है दया दिखाने की।
आभा के चेहरे पर दीपावली की सारी खुशियां जाती रही। दीये का प्रकाश क्या? सिर्फ एक काली अमावस के लिए होता है? नहीं, मन में निर्णय कर वह काम पर लग गई।
शाम को पति देव घर आए टेबिल पर सजा खाना देख बहुत ही खुश होकर पास आकर कहा… कोई मेहमान आने वाले हैं क्या? आभा ने कहा.. नहीं, बस यूं ही आज जल्दी खाना बना लिया।
हाथ मुंह धोकर वह बच्चों के साथ बैठा और खाने का स्वाद जाना पहचाना आ जाने के बाद उसकी आंखें भर आई।
आभा की तरफ कुछ कहने ही जा रहा था कि दूसरे कमरे से मां लगभग हंसते रोते हुए निकलकर आई और कहने लगी… सच ही कहा बहू तूने, प्रकाश अपने मां पिताजी को कभी भुला नहीं सकता। बस थोड़ा लापरवाह और जिद्दी हो गया है।
सिर पर हाथ सहलाती मां अपने प्रकाश को मानों बाहों में समेटना चाह रही थी। तभी पिताजी बाहर आकर कहने लगे… अरी भाग्यवान आज तो प्रकाश को समेटों नहीं उसका अलौकिक प्यार फैलने दो ताकि हम सब उस का आनंद ले सकें।
यह कहकर उन्होने भी प्रकाश को मां के साथ सीने से लगा लिए। प्रकाश कुछ समझता या कहता। आभा ने सभी को कहा… विश यू वेरी हैप्पी दिवाली। आप सभी को दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएँ और बधाइयाँ।
आज सच मानिए दीये की अलौकिक आभा चमक रही थी। मन ही मन अपने परिवार को समेट कर।
(संस्कारधानी जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ. राजकुमार “सुमित्र” जी को सादर चरण स्पर्श । वे आज भी हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते हैं। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया। वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा स्त्रोत हैं। आज प्रस्तुत हैं आपके अप्रतिम कालजयी दोहे।)
(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी हिन्दी, दूर शिक्षा ,पत्रकारिता व जनसंचार, मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित । 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘जहाँ दरक कर गिरा समय भी’ ( 2014) कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है एक भावप्रवण अभिनवगीत – “भर रही हो रोशनी ….. ”। )
(आदरणीय अग्रज एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार श्री शांतिलाल जैन जी विगत दो दशक से भी अधिक समय से व्यंग्य विधा के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी पुस्तक ‘न जाना इस देश’ को साहित्य अकादमी के राजेंद्र अनुरागी पुरस्कार से नवाजा गया है। इसके अतिरिक्त आप कई ख्यातिनाम पुरस्कारों से अलंकृत किए गए हैं। इनमें हरिकृष्ण तेलंग स्मृति सम्मान एवं डॉ ज्ञान चतुर्वेदी पुरस्कार प्रमुख हैं। श्री शांतिलाल जैन जी के साप्ताहिक स्तम्भ – शेष कुशल में आज प्रस्तुत है उनका एक अतिसुन्दर व्यंग्य “चूल्हा गया चूल्हे में…..”। इस साप्ताहिक स्तम्भ के माध्यम से हम आपसे उनके सर्वोत्कृष्ट व्यंग्य साझा करने का प्रयास करते रहते हैं । व्यंग्य में वर्णित सारी घटनाएं और सभी पात्र काल्पनिक हैं ।यदि किसी व्यक्ति या घटना से इसकी समानता होती है, तो उसे मात्र एक संयोग कहा जाएगा। हमारा विनम्र अनुरोध है कि प्रत्येक व्यंग्य को हिंदी साहित्य की व्यंग्य विधा की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण से आत्मसात करें। )
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – शेष कुशल # 23 ☆
☆ व्यंग्य – चूल्हा गया चूल्हे में ☆
सन् 2053 ई.!
‘लेडीज एंड जेंटलमेन, म्यूजियम के इस सेगमेंट को ध्यान से देखिये. आर्यावर्त के मकानों में कभी किचन हुआ करते थे.’ – गाईड रसोईघर की प्रतिकृति दिखाते हुवे पर्यटकों को बता रहा था – ‘लोग अपने मकानों में भोजन बनाने लिए अलग से जगह निकालते जिसे रसोईघर कहा जाता था. छोटे से छोटे मकान में भी किचन के लिए जगह निकाली जाती थी. सभ्यता विकसित हुई, मोबाइल फोन आये, फूडपांडा, ज़ोमेटो, स्वीग्गी जैसे फूड एग्रीगेटर आये, क्लाउड किचन परिवारों के किचन को निगल गये. जनरेशन अल्फा को दस बाय दस का किचन भी वेस्ट ऑफ स्पेस लगने लगा. लेन्डर, फ्रीज़, ओवन, मिक्सर-ग्राईन्डर, चिमनी, टपर-वेयर के दो सौ से ज्यादा डिब्बे-डिब्बियों में नोन-तेल-मिर्ची. फूड-ऐप्स आने के बाद उन्होने न बांस रखे न बांसुरी बजाने के सरदर्द. आटा पिसवाने से लेकर बर्तन माँजने तक की बेजा कवायदों से उन्हे मुक्ति मिली. आर्यिकाओं को जित्ती देर आटा उसनने में लगती उससे कम देर में – पिज्जा डिलीवर हो जाता.’
‘सनी डार्लिंग – व्हाट इज दैट ?’ – टूरिस्ट ग्रुप में एक लेडी ने अपने हस्बेंड से पूछा.
‘दैट इज ए चूल्हा. ओल्ड टाईम में इन पर फूड कुक किया जाता था.’
‘एंड बिलिव मी – ये लकड़ी-कंडो से जलता था’ – गाईड ने अपनी ओर से जोड़ा.
‘कंडो!! व्हाट कंडो !!!’
‘वो ना काऊडंग को ड्राय करके फायर करके उस पर कुक करने का मटेरियल को बोलते थे.’
‘स्टूपिड पीपुल. काऊडंग पे कुकिंग!!’ – सोच से ही बदबूभर गई. उन्होने भौं के साथ नाक भी सिकोड़ी और झट से उस पर रुमाल रखा.
‘यस मैम बट फिर गैस से जलने वाले चूल्हे आये, फिर बिजली से चलने वाले. झोमेटो, स्वीग्गी, डोमिनो के आने के बाद चूल्हे चूल्हे में चले गये. दरअसल, आर्यजन रसोईघर को परिवार के स्नेह और मिलन का स्थान मानते थे.’
‘बैकवर्ड पीपुल.’
‘यस मैम, वे मानते थे कि किचन में एक साथ बैठकर भोजन करने से दुख-सुख की शेयरिंग हो जाती है, गिले शिकवे दूर जाते हैं, सदस्यों में समभाव और प्रेम बढ़ता है. किचन घर में धुरी की तरह होता. एक दकियानूस सी अवधारणा थी जिसे माँ के हाथ का खाना कहा जाता था. माँ घर में हर एक से पूछती खाने में क्या बनाऊँ..क्या बनाऊँ..फिर बनाती वही जो उसका मन करता. मगर जो भी बनाती उसमें स्वाद तो मसालों से आता ‘श्री’ माँ के हाथ की होती. किचन के विलुप्त होने की शुरूआत आउटिंग के चलन से हुई, फिर आउटिंग घर में घुस आया. लोग घर में बाहर का खाना बुलवाने लगे. डब्बाबंद खाने ने घर जैसे खाने का दम भरा और ‘घर में खाना खाने की जगह’ डिब्बे में समा गई. फिर यंग मदर्स में सिंगल पेरेंटिंग का चस्का लगा, खाना बनाना झंझट का काम लगने लगा. मदरें रसोई से फारिग होकर फेसबुक वाट्सअप, इंस्टाग्राम में समा गईं, और किचन म्यूजियम में.”
‘गुड, बट टुमारा चूला से फिंगर बर्न होता होयंगा.’ – अबकी बार उसने गाईड को कहा.
‘यस, बर्न तो होता था बट जैसा मैंने बताया ना आपको अजीब टाईप की लेडीजें हुआ करती थी, हाथ जले तो जले रोटी फूली फूली परोसने में सुख पाती थीं. माना जाता था घर में रसोईघर न हो तो घर घर नहीं होता, मकान होता है. जनरेशन अल्फा ने मकान को मकान ही रहने दिया. चलिये, अगले सेगमेंट में चलते हैं जहाँ आप आर्यावर्त से विलुप्त हो चुकी साड़ी देख पायेंगे.’
(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं, जिन्हें उन्होने अपने हृदय एवं साहित्य में सँजो रखा है।आज प्रस्तुत है एक अत्यंत रोचक संस्मरण ‘बहुरूपिए से मुलाकात ….’ साथ ही आप श्री जय प्रकाश पाण्डेय जी की उसी बहुरुपिए से मुलाकात के अविस्मरणीय वे क्षण इस लिंक पर क्लिक कर >> बहुरुपिए से मुलाकात
☆ संस्मरण # 109 ☆ बहुरूपिए से मुलाकात …. ☆ श्री जय प्रकाश पाण्डेय☆
विगत दिवस गांव जाना हुआ। आदिवासी इलाके में है हमारा पिछड़ा गांव। बाहर बैठे थे कि अचानक पुलिस वर्दी में आये एक व्यक्ति ने विसिल बजाकर डण्डा पटक दिया । हम डर से गए, पुलिस वाले ने छड़ी हमारे ऊपर घुमाई और जोर से विसिल बजा दी…..
….. साब दस रुपए निकालो! सबको अंदर कर दूंगा, मंहगाई का जमाना है, बच्चादानी बंद कर दूंगा। सच्ची पुलिस और झूठी पुलिस से मतलब नहीं,हम बहुरूपिया पुलिस के बड़े अधिकारी हैं, 52 इंच का सीना लेकर घूमते हैं, चोरों से बोलते नहीं, शरीफों को छोड़ते नहीं। थाने चलोगे कि राजीनामा करोगे…. राजीनामा भी हो जाएगा, अभी अपनी सरकार है, और हमारी सरकार की खासियत है कि अपनी सरकार में खूब बहुरुपिए भरे पड़े हैं, मुखिया सबसे बड़ा बहुरूपिया माना जाता है। साब झूठ बोलते नहीं सच को समझते नहीं, राजीनामा हो जाएगा। आश्चर्य हुआ इतने मंहगाई के जमाने में पुलिस वर्दी सिर्फ दस रुपए की डिमांड कर रही है।
हमने भी चुपचाप जेब से दस रुपए निकाल कर बढ़ा दिए।
अचानक उसकी विनम्रता पानी की तरह बह गई। हंसते हुए उसने बताया – साब बहुरुपिया प्रकाश नाथ हूं…. दमोह जिले का रहने वाला हूँ। मूलत: हम लोग नागनाथ जाति के हैं सपेरे कहलाते हैं सांप पकड़ कर उसकी पूजा करते और करवाते हैं पर सरकार ऐसा नहीं करने देती अब। हम लोग गरीबी रेखा के नीचे वाले जरूर हैं पर उसूलों वाले हैं। जीविका निर्वाह के लिए तरह-तरह के भेष धारण करना हमारा धर्म है। कभी नकली पुलिस वाला, कभी बंजारन, कभी रीछ, कभी भालू और न जाने कितने प्रकार के भेष बदलकर समाज के भेद जानने के लिए प्रयासरत रहते हैं और समाज में फैले अंधविश्वास, विसंगतियों को पकड़ कर उन्हें दूर कराने का प्रयास करते हैं। हम लोग पुलिस मित्र बनकर छुपे राज जानकर पुलिस के मार्फत समाज की बेहतरी के लिए काम करते हैं।बहुरुपिया समाज का अधिकृत पंजीकृत संगठन है जिसका हेड आफिस भोपाल में है वहां से हमें परिचय पत्र भी मिलता है। संघ की पत्रिका भी निकलती है। सियासत करने वाले बहुरुपिए नेता लोग बदमाश होते हैं पर हम लोग ईमानदार लोग हैं ,निस्वार्थ भाव से त्याग करते हुए बहुरुपिया बनकर लोगों को हंसाते और मनोरंजन करते हैं साथ ही समाज में फैली विसंगतियों पर कटाक्ष करते हुए लोगों को जागरूक बनाते हैं।
उसने बताया कि बड़े शहरों में यही काम बड़े व्यंग्यकार करते हैं जो समाज में फैली विसंगतियों पर कटाक्ष करने के लिए लेख लिखकर छपवाते हैं और पढ़वाते हैं।
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी नवरात्रि पर्व पर विशेष कविता “# कब उजाला होगा ? #”)
(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय डॉ कुन्दन सिंह परिहार जी का साहित्य विशेषकर व्यंग्य एवं लघुकथाएं ई-अभिव्यक्ति के माध्यम से काफी पढ़ी एवं सराही जाती रही हैं। हम प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहते हैं। डॉ कुंदन सिंह परिहार जी की रचनाओं के पात्र हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं। उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अतिसुन्दर व्यंग्य ‘इश्क की दुश्वारियाँ’। इस अतिसुन्दर व्यंग्य रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार # 112 ☆
☆ व्यंग्य – इश्क की दुश्वारियाँ ☆
कुछ दिन पहले भोपाल के दो मुख़्तलिफ़ धर्मों के लड़के-लड़की ने शादी कर ली और शहर में भूचाल आ गया। ‘पकड़ो, पकड़ो,जाने न पाये’ शुरू हो गया और प्रेमी जोड़ा अपनी जान लेकर वैसे ही भागने लगा जैसे जंगल में हाँका होने पर जानवर जान बचाते भागते हैं। इत्ता बड़ा मुल्क होने पर भी प्रेमियों को बचने का ठौर ढू्ँढ़ना मुश्किल हो जाता है क्योंकि धर्म और बिरादरी के हाथ कानून के हाथों से भी ज़्यादा लम्बे होते हैं। मिर्ज़ा ग़ालिब ने इश्क को ‘आग का दरया’ बतलाया था जिसमें से डूब कर जाना होता है। भोपाल के इस प्रेमी जोड़े की दुर्गति देखकर लगता है कि मिर्ज़ा साहब ने बिलकुल दुरुस्त फरमाया था।
हम भले ही लैला-मजनूँ, हीर-राँझा या सोहनी-महिवाल के गीत झूम झूम कर गाते हों,लेकिन जब आज के ज़माने में कोई हीर- राँझा पैदा हो जाते हैं तो ज़माना लट्ठ लेकर उनके पीछे पड़ जाता है। हीर-राँझा और सोहनी-महिवाल कहानियों और गीतों में ही भले। अच्छा ही हुआ कि ये महान प्रेमी जोड़े आज के ज़माने में पैदा नहीं हुए,वर्ना फजीहत को प्राप्त होते।
बाबा बुल्लेशाह की वाणी भी बड़ी सुहानी लगती है—‘बेशक मन्दिर मस्जिद तोड़ो,पर प्यार भरा दिल कभी न तोड़ो।’ लेकिन होता यह है कि मन्दिर-मस्जिद को महफूज़ रखने के लिए प्यार भरे दिल ही नहीं, प्रेमियों के सर भी तोड़े जा रहे हैं।
दरअसल झगड़े की जड़ यह है कि ऊपर वाले ने विवाह, बिरादरी, जाति, धर्म का कंट्रोल तो मनुष्य के हाथ में सौंप दिया, लेकिन इश्क की चाबी अपने पास रख ली। इसीलिए कहा जाता है कि इश्क किया नहीं जाता, हो जाता है। इश्क इसलिए हो जाता है कि आदमी पर जाति, धर्म का ठप्पा धरती पर पैदा होने के बाद ही लगता है, ऊपर से वह सिर्फ इंसान के रूप में आता है। जब ऊपर वाले ने कोई फर्क नहीं किया तो इंसान कोई बैरियर क्यों लगाये?इश्क के रेले में सब बाँध बह जाते हैं।
अगर इश्क का कंट्रोल भी ऊपर से ट्रांसफर होकर बिरादरी के हाथ में आ जाए तो सारी खटखट ख़त्म हो जाएगी। फिर लड़की बिरादरी वालों से परमीशन माँगेगी—‘भाई जी, मुझे एक दूसरे धरम वाला लड़का अच्छा लगता है। आप परमीशन दें तो उससे प्यार कर लूँ।’ बिरादरी सिर हिलाकर कहेगी, ‘ना सोणिए, परमीशन नहीं मिलेगी। तू दूसरे धरम वाले से प्यार करेगी तो पूरी बिरादरी की नाक कट जाएगी। इस इश्क की अब्भी गर्दन मरोड़ दे।’और लड़की एक आदर्श कन्या की तरह,मन में अँखुआ रहे प्रेम को उखाड़ फेंकेगी। जब लड़का मिलेगा तो उससे कहेगी, ‘सॉरी डियर, बिरादरी से परमीशन नहीं मिली। मुझे भूल जाओ और इश्क के लिए कोई बिरादरी की लड़की ढूँढ़ लो।’ एक दलित लेखक को एक ऐसी ही समझदार कन्या मिली थी। वह उनको उच्च जाति का समझ कर उनसे प्यार करने लगी थी, लेकिन जब लेखक ने उसे अपनी जाति बतायी तो उसका प्रेम-प्रवाह अवरुद्ध हो गया। वह काफी रोयी धोयी, लेकिन प्रेम को आगे बढ़ाने की नासमझी नहीं की। जाति की दीवार से टकराकर प्रेम का कचूमर निकल गया। ऐसी ही समझदार और आज्ञाकारी लड़कियों और ऐसे ही लड़कों के बूते बिरादरी की नाक सलामत रहती है।
यही हाल रहा तो एक दिन कोई लड़की लड़के से कहेगी, ‘मेरे दिल में तुम्हें देखकर प्यार के वलवले उठ रहे हैं। काश तुम मेरी बिरादरी के होते।’ ऐसे ही कोई लड़का आह भरकर लड़की से कहेगा, ‘भगवान से मनाता हूँ कि अगले जनम में मुझे तुम्हारी बिरादरी में पैदा करें। तभी हमारा तुम्हारा मिलन हो पाएगा।’
बिरादरी के नज़रिये से अच्छे बेटे बेटियों को इश्क विश्क में पड़ने का काम शादी के बाद ही करना चाहिए, यानी सिर्फ अपनी बीवी या शौहर के साथ। बहुत से आदर्श पति अपनी बीवी पर कुर्बान होते हैं। और अगर बीवी से इश्क नहीं भी हो सका तो क्या हर्ज़ है?सन्तानोत्पादन का दुनियावी काम तो चलता ही रहेगा। उसके लिए इश्क ज़रूरी नहीं है। मेरे शहर के एक कवि ने इश्क और हुस्न की क्षणभंगुरता का बयान करते हुए लिखा था—‘इश्क फसली बुखार है प्यारे, हुस्न मच्छर की मार है प्यारे।’
लेकिन बिरादरी के ये लम्बे हाथ सिर्फ सामान्य लोगों तक ही पहुँचते हैं। ऊँचे तबके के लोगों तक पहुँचने में ये हाथ छोटे पड़ जाते हैं और विरोध के स्वर ठंडे पड़ जाते हैं क्योंकि उस तबके के लोगों में बिरादरी को ठेंगा दिखाने की ताकत होती है। फिल्म नगरी मुख़्तलिफ़ धर्म वालों की शादियों से पटी पड़ी है, लेकिन उनके ख़िलाफ़ कोई आवाज़ नहीं उठती क्योंकि वहाँ बिरादरी वालों की गुज़र नहीं है।
प्रसिद्ध कथाकार ओ. हेनरी की एक कहानी है जिसमें दो प्रेमी दो तरफ खड़े, अपनी प्रेमिका को प्रभावित करने के लिए अपनी अपनी संपत्ति का बखान करते हैं। प्रेमिका दोनों के बीच खड़ी है और जैसे ही कोई प्रेमी अपनी संपत्ति का ब्यौरा देता है, वह दौड़ कर उसके गले से लग जाती है। वह ऐसे ही दोनों प्रेमियों के बीच दौड़ती रहती है। ऐसी कन्याएँ बिरादरी के हिसाब से आदर्श होती हैं क्योंकि वे नाप-तौल कर निर्णय लेती हैं, जज़्बातों में नहीं बहतीं।
वैश्वीकरण के इस युग में शादियों में जाति धर्म के बंधन लगना अटपटा लगता है। एक तरफ तो भारतीय युवक युवतियाँ पूरी दुनिया में उड़ते फिर रहे हैं, दूसरी तरफ जातिधर्म के नाम पर उनके पर कतरे जा रहे हैं। इस खींचतान में भारतीय युवा की गाड़ी किस सदी में पनाह लेती है यह देखने की बात है।