(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। । साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है पारिवारिक विमर्श पर आधारित एक संवेदनशील लघुकथा “धनलक्ष्मी ”। इस विचारणीय लघुकथा के लिए श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ जी की लेखनी को सादर नमन। )
☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 102 ☆
? लघुकथा – धनलक्ष्मी ?
लगातार व्यापार में मंदी और घर के तनाव से आकाश बहुत परेशान हो उठा था। घर का माहौल भी बिगड़ा हुआ था। कोई भी सही और सीधे मुंह बात नहीं कर रहा था। सभी को लग रहा था कि आकाश अपनी तरफ से बिजनेस पर ध्यान नहीं दे रहा है और घर का खर्च दिनों दिन बढ़ता चला जा रहा है।
आज सुबह उठा चाय और पेपर लेकर बैठा ही था कि अचानक आकाश के पिताजी की तबीयत खराब होने लगी घर में कोहराम मच गया। एक तो त्यौहार, उस पर कड़की और फिर ये हालात। किसी तरह हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घर आकर पैसों को लेकर वह बहुत परेशान था कि पत्नी उमा आकर बोली… चिंता मत कीजिए सब ठीक हो जाएगा। मैं और तीनों बेटियों ने कुछ ना कुछ काम करके कुछ रुपये जमा कर रखा है, जो अब आपके काम आ सकता है। बेटियों ने ट्यूशन और सिलाई का काम किया है।
पिताजी का इलाज आराम से हो सकता है। आकाश अपनी तीनों बेटियों और पत्नी से नफरत करने लगा था। क्योंकि उसे तीन बेटियां हो गई थी। रुपयों से भरा बैग देकर उमा ने कहा… आपका ही है, आप पिताजी को स्वस्थ कर घर ले कर आइए।
आकाश अपनी पत्नी और बेटियों का मुंह देखता ही रह गया। सदा एक दूसरे को कोसा करते थे परिवार में सभी लोग। परंतु आज वह रुपए लेकर अस्पताल गया, मां समझ ना सकी कि इतने रुपए कहां से लाया।
मां ने समझाया… आज धनतेरस है शाम को मैं तेरे बाबूजी के साथ रह लूंगी। घर जा कर पूजा कर लेना।
पूजा का सामान लेकर वह घर पहुंचा। पत्नी ने सारी तैयारी कर रखी थी और तीनों बेटियों को लेकर एक जगह बैठ गई थी। आकाश ने पूजा शुरू की और आज सबसे पहले अपनी धनलक्ष्मी और धनबेटियों को पुष्प हार पहना, तिलक लगाकर वह बहुत प्रसन्न था।
मन ही मन सोच रहा था सही मायने में आज तक मैं लक्ष्मी का अपमान करता रहा आज सही धनतेरस की पूजा हुई है। उमा और तीनों बेटियां बस अपने पिताजी को देखे जा रही थी। घर दीपों से जगमगा रहा था। बेटियों ने बरसों बाद अपने पिताजी को गले लगाया और माँ के नेत्र तो आंसुओं से भीगते चले जा रहे थे।
(संस्कारधानी जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ. राजकुमार “सुमित्र” जी को सादर चरण स्पर्श । वे आज भी हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते हैं। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया। वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा स्त्रोत हैं। आज प्रस्तुत हैं आपके अप्रतिम कालजयी दोहे।)
(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी हिन्दी, दूर शिक्षा ,पत्रकारिता व जनसंचार, मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित । 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘जहाँ दरक कर गिरा समय भी’ ( 2014) कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है एक भावप्रवण अभिनवगीत – “खबर तो यह भी जरूरी ….. ”। )
(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं, जिन्हें उन्होने अपने हृदय एवं साहित्य में सँजो रखा है।आज प्रस्तुत है एक भावप्रवण कविता ‘जीतने वाले….’).
☆ कविता # 108 ☆ जीतने वाले.... ☆ श्री जय प्रकाश पाण्डेय☆
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी नवरात्रि पर्व पर विशेष कविता “# दीपोत्सव मनाएं #”।)
(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय डॉ कुन्दन सिंह परिहार जी का साहित्य विशेषकर व्यंग्य एवं लघुकथाएं ई-अभिव्यक्ति के माध्यम से काफी पढ़ी एवं सराही जाती रही हैं। हम प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहते हैं। डॉ कुंदन सिंह परिहार जी की रचनाओं के पात्र हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं। उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अतिसुन्दर व्यंग्य ‘एक संकटग्रस्त प्रजाति ’। इस अतिसुन्दर व्यंग्य रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार # 111 ☆
☆ व्यंग्य – एक संकटग्रस्त प्रजाति ☆
हाल ही में एक सर्वे से यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि हमारे देश में ईमानदार लोगों की संख्या, जो आज़ादी के समय करोड़ों में थी, अब जनसंख्या तिगुनी होने के बावजूद घट कर कुछ लाखों में रह गयी है। यह तथ्य सामने आते ही सरकारी स्तर पर बड़ी भागदौड़ शुरू हो गयी। यह चिन्ता व्यक्त की गयी कि अगर यह तथ्य भ्रष्टाचारी देशों की लिस्ट बनाने वाली अन्तर्राष्ट्रीय संस्था की जानकारी में आ गया तो हमारी फजीहत हो जाएगी।’डिज़ास्टर मैनेजमेंट’ की बातें होने लगीं। ‘समथिंग हैज़ टु बी डन इमीडिएटली। इट इज़ अ सीरियस क्राइसिस ऑफ कैरेक्टर’।
मीटिंग पर मीटिंग होने लगी। तुरन्त कुछ करना होगा, नहीं तो दुनिया के सामने क्या मुँह दिखाएंगे? हमारा देश धर्मप्रधान देश है, फिर सारे ईमानदार कहाँ ग़ायब हो गये? आला अधिकारी माथा पकड़े बैठे थे। अभी तक बाघों की घटती संख्या को लेकर परेशान थे, अब यह एक और सरदर्द पैदा हो गया।
मीटिंग में तरह तरह के सुझाव आने लगे। एक अधिकारी बोले, ‘सर, मेरी समझ में नहीं आता कि ईमानदारों की तादाद कम होने पर चिन्ता की क्या बात है। अब अर्थव्यवस्था बाज़ार की शक्तियों के हिसाब से चल रही है। आदमी वहीं जाएगा जहाँ चार पैसे मिलेंगे। हमने इतनी तरक्की कर ली है तो इन पुराने खयालों को कब तक छाती से चिपकाये रहेंगे? ईमानदारी इज़ नाउ आउटडेटेड। लेट अस एक्सेप्ट इट।’
बड़े अधिकारी सर खुजाने लगे,बोले, ‘आपका कहना ठीक है, लेकिन दुनिया अभी भी ‘आनेस्टी’ को ‘इंपार्टेंट’ मानती है। हमारे देश में ईमानदार लोगों का एक ‘रिस्पैक्टेबल नंबर’ तो होना ही चाहिए, अन्यथा हो सकता है कि हमको वर्ल्ड बैंक और दूसरी संस्थाओं की मदद मिलना बन्द हो जाए।’
एक बड़े साहब बोले, ‘सबसे पहले तो ईमानदार आदमी को संरक्षित प्राणी घोषित किया जाए और इसकी ‘पोचिंग’ के खिलाफ कानून बनाया जाए।’
इस पर एक अधिकारी ने शंका प्रकट की, ‘पोचिंग तो जानवरों को मारने के लिए इस्तेमाल होता है। आदमी के संबंध में ‘पोचिंग’ का क्या मतलब? ‘
बड़े साहब बोले, ‘पोचिंग ईमानदार की भले न हो, लेकिन ईमानदारी की तो होती है। लोग ईमानदार को बेईमान बना देते हैं। यह भी तो पोचिंग ही है। इसमें दोस्तों, दफ्तर के
साथियों, अफसरों, पत्नी और परिवार का हाथ हो सकता है। ये सब ईमानदारी की पोचिंग के दोषी हो सकते हैं।’
सुनने वाले हँसने लगे,बोले, ‘इनका पता कैसे लगेगा सर? यह तो भूसे के ढेर में सुई तलाशने जैसा हुआ।’
साहब सर खुजाते हुए बोले, ‘काम तो मुश्किल है, लेकिन कानून बन जाएगा तो ईमानदार लोगों को बेईमानी की तरफ धकेलने वालों के मन में कुछ खौफ पैदा हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने भी एक फैसले में कहा है कि पत्नी अगर पति को रिश्वत लेने के लिए उकसाये तो उसे भी बराबर का दोषी माना जाएगा।’
एक अफसर ने सुझाव दिया, ‘ईमानदारी के लिए कुछ ‘इंसेन्टिव’ होना चाहिए। ईमानदारों को ईमानदारी-भत्ता दिया जाना चाहिए। इससे फर्क पड़ेगा।’
दूसरे साहब भुनभुनाये, ‘ईमानदारी- भत्ता रिश्वत और कमीशन की बराबरी कैसे कर पाएगा? कहाँ लाखों करोड़ों और कहाँ कुछ सैकड़ा या हजार!ऊँट के मुँह में जीरा।’
एक और साहब बोले, ‘मेरे खयाल से ईमानदार लोगों का हर शहर में हर साल नागरिक अभिनन्दन होना चाहिए। इससे वातावरण तैयार होगा।’
दूसरे साहब सुँघनी सूँघते हुए उठे, बोले, ‘इसमें दिक्कत यह है कि ईमानदार लोगों की पहचान कैसे होगी? कहीं ईमानदारों के बीच कुछ बेईमान घुस कर सम्मान करा ले गये तो भारी बदनामी होगी। अभी भी अस्सी प्रतिशत बेईमान अपने को सौ टंच ईमानदार मानते हैं। इसलिए अभिनन्दन समारोह में फर्जी लोगों के घुसने की संभावना बनी रहेगी।’
एक अफसर बोले, ‘मेरा सुझाव है कि बेईमानों को फिर से ईमानदार बनाने का एक अभियान चलाया जाना चाहिए। जैसे एक धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म में जाने वालों को पाँव पूजकर वापस लाया जाता है उसी तरह बेईमानों को भी वापस ईमानदारी के बाड़े में लाया जाना चाहिए।’
बड़े अफसर बोले, ‘भाई साहब, अपना धर्म छोड़कर दूसरे धर्म में जाने वाले ज़्यादातर भोले-भाले आदिवासी होते हैं, इसलिए वे समझाने पर वापस आ जाते हैं। लेकिन बेईमान तो खुर्राट होते हैं, उनकी दाढ़ में खून लगा होता है। समझाने बुझाने से उन पर रत्ती भर असर नहीं होगा।’
एक साहब बोले, ‘मेरे खयाल से ईमानदारों के लिए सरकारी नौकरी में कोटा रख दिया जाना चाहिए। इससे ईमानदारी को बढ़ावा मिलेगा।’
बड़े साहब ने जवाब दिया, ‘फिर वही समस्या होगी। बेईमान लोग झूठे प्रमाण-पत्र ला लाकर सब नौकरियाँ हड़प लेंगे और असली ईमानदार टापते रह जाएंगे।’
फिर सन्नाटा छा गया। बड़े साहब बोले, ‘मेरे दिमाग में एक और बात आयी है। हर डिपार्टमेंट को एक टार्गेट दे दिया जाना चाहिए कि वे हर साल कम से कम उतने लोगों को बेईमान से ‘कन्वर्ट’ करके ईमानदारी के बाड़े में लायें, यानी उनका हृदय-परिवर्तन करायें। इसके लिए डिपार्टमेंट के हेड को पुरस्कार की व्यवस्था होनी चाहिए।’
तुरन्त एक छोटे साहब हाथ जोड़कर खड़े हो गये, बोले, ‘सर, ऐसा टार्गेट रखकर हम लोगों की फजीहत मत कराइए। आप जानते हैं कि ईमानदार का बेईमान हो जाना आसान है,लेकिन अनुभवप्राप्त बेईमान को पुनः ईमानदार बनाना वैसे ही कठिन है जैसे टूटे हुए दाँत को फिर से बैठा देना। इस असंभव काम में हाथ मत डालिए, सर। सारे विभागों की बदनामी हो जाएगी।’
फिर मौन छा गया।
एक अफसर जो बड़ी देर से माथे पर बल दिये,आँखें मूँदे बैठे थे, धीरे धीरे उठ खड़े हुए। फिर प्रयत्नपूर्वक अपनी आँखें खोलकर बोले, ‘सर, मैं बड़ी देर से यहाँ चल रही बातें सुन रहा हूँ। सर, मेरा दृढ़ मत है कि इस विषय पर चर्चा करना समय की बर्बादी है। हमारा देश सदियों से महान और सारे संसार का गुरू रहा है। यहाँ से सभ्यता और संस्कृति निकलकर पूरी दुनिया में गयी है। यह बड़े बड़े महापुरुषों और ज्ञानियों का देश है। यहाँ बेईमानी के पनपने की गुंजाइश ही नहीं है। मेरा पक्का विश्वास है कि हमारे देश में एक प्रतिशत भी बेईमानी नहीं है। ये जो आँकड़े छपते हैं, सब हमें बदनाम करने की साज़िश है। यह उन विदेशी ताकतों का षड़यंत्र है जो हमारी प्रगति से परेशान हैं। ‘अतः मेरा तो यह सुझाव है कि जिन लोगों ने हमारे देश में बेईमानी बढ़ने की रिपोर्ट तैयार की है उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए ताकि आगे किसी की हमारे देश को बदनाम करने की हिम्मत न हो।’
बड़े साहब के मुँह पर राहत का भाव आ गया। प्रसन्न होकर बोले, ‘यह सुझाव सही है। मैं तुरन्त रिपोर्ट बनाने वालों पर कार्यवाही की सिफारिश करता हूँ। अब चिन्ता की कोई बात नहीं है।’
(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के लेखक श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही गंभीर लेखन। शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको पाठकों का आशातीत प्रतिसाद मिला है।”
हम प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है इस शृंखला की अगली कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों के माध्यम से हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)
☆ संजय उवाच # 111 ☆ मन एव मनुष्याणां ☆
‘मेरे शुरुआती दिनों में उसने मेरे साथ बुरा किया था। अब मेरा समय है। ऐसी हालत की है कि ज़िंदगी भर याद रखेगा।’…’मेरी सास ने मुझे बहुत हैरान-परेशान किया था। बहुत दुखी रही मैं। अब घर मेरे मुताबिक चलता है। एकदम सीधा कर दिया है मैंने।’…’उसने दो बात कही तो मैंने भी चार सुना दीं।’…आदि-आदि। सामान्य जीवन में असंख्य बार प्रयुक्त होते हैं ऐसे वाक्य।
यद्यपि पात्र और परिस्थिति के अनुरूप हर बार प्रतिक्रिया भिन्न हो सकती है पर मनुष्य के मूल में मनन न हो तो मनुष्यता को लेकर चिंता का कारण बनता है।
मनुष्यता का सम्बंध मन में उठनेवाले भावों से है। मन के भाव ही बंधन या मुक्ति का मार्ग दिखाते हैं। कहा गया है,
मन एव मनुष्याणां कारणं बन्धमोक्षयोः ।
मन ही सभी मनुष्यों के बन्धन एवं मोक्ष का प्रमुख कारण है।
वस्तुत: भीतर ही बसा है मोक्ष का एक संस्करण, उसे पाने के लिए, उसमें समाने के लिए मन को मनुष्यता में रमाये रखो। मनुष्यता, मनुष्य का प्रकृतिगत लक्षण है। प्रकृतिगत की रक्षा करना मनुष्य का स्वभाव होना चाहिए।
एक साधु नदी किनारे स्नान कर रहे थे। डुबकी लगाकर ज्यों ही सिर बाहर निकाला, देखते हैं कि एक बिच्छू बहे जा रहा है। साधु ने समय लगाये बिना अपनी हथेली पर बिच्छू को लेकर जल से निकालकर भूमि की ओर फेंकने का प्रयास किया। फेंकना तो दूर जैसे ही उन्होंने बिच्छू को स्पर्श किया, बिच्छू ने डंक मारा। साधु वेदना से बिलबिला गये, हथेली थर्रा गई, बिच्छू फिर पानी में बहने लगा। अपनी वेदना पर उन्होंने बिच्छू के जीवन को प्रधानता दी। पुनश्च बिच्छू को हथेली पर उठाया और क्षणांश में ही फिर डंक भोगा। बिच्छू फिर पानी में।…तीसरी बार प्रयास किया, परिणाम वही ढाक के तीन पात। किनारे पर स्नान कर रहा एक व्यक्ति बड़ी देर से घटना का अवलोकन कर रहा था। वह साधु से बोला, ” महाराज! क्यों इस पातकी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। आप बचाते हैं और यह काटता है। इस दुष्ट का तो स्वभाव ही डंक मारना है।” साधु उन्मुक्त हँसे, फिर बोले, ” यह बिच्छू होकर अपना स्वभाव नहीं छोड़ सकता तो मैं मनुष्य होकर अपना स्वभाव कैसे छोड़ दूँ?”…
लाओत्से का कथन है, “मैं अच्छे के लिए अच्छा हूँ, मैं बुरे के लिए भी अच्छा हूँ।” यही मनुष्यता का स्वभाव है। मनन कीजिएगा क्योंकि ‘मन एव मनुष्याणां…।’
☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय ☆संपादक– हम लोग ☆पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆
मोबाइल– 9890122603
संजयउवाच@डाटामेल.भारत
writersanjay@gmail.com
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈