हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 58 ☆ गीत – वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताeह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आचार्य जी द्वारा  रचित  भावप्रवण  गीत ‘वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ’। )

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 58 ☆ 

☆ गीत – वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ ☆ 

*

जड़ें सनातन ज्ञान आत्मा है मेरी

तन है तना समान सुदृढ़ आश्रयदाता

शाखाएँ हैं प्रथा पुरातन परंपरा

पत्ता पत्ता जीव, गीत मिल गुंजाता

पंछी कलरव करते, आगत स्वागत हूँ

वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ

*

औषध बन मैं जाने कितने रोग हरूँ

लकड़ी बल्ली मलगा अनगिन रूप धरूँ

कोटर में, शाखों पर जीवन विकसित हो

आँधी तूफां सहता रहता अविचल हो

पूजन व्रत मैं, सदा सुहागन ज्योतित हूँ

वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ

*

हूँ अनेक में एक, एक में अनगिनती

सूर्य-चंद्रमा, धूप-चाँदनी सहचर हैं

ग्रह-उपग्रह, तारागण पवन मित्र मेरे

अनिल अनल भू सलिल गगन मम पालक हैं

सेतु ज्ञान विज्ञान मध्य, गत-आगत हूँ

वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ

*

वेद पुराण उपनिषद आगम निगम लिखे

ऋषियों ने मेरी छाया में हवन करे

अहंकार मनमानी का उत्थान-पतन

देखा, लेखा ऋषि पग में झुकता नृप सिंहासन

विधि-ध्वनि, विष्णु-रमा, शिव-शिवा तपी-तप हूँ

वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ

*

विश्व नीड़ में आत्म दीप बन जलता हूँ

चित्र गुप्त साकार मूर्त हो मिटता हूँ

जगवाणी हिंदी मेरा जयघोष करे

देवनागरी लिपि जन-मन हथियार सखे!

सूना अवध सिया बिन, मैं भी दंडित हूँ

वृक्षों में वट वृक्ष सदृश मैं भारत हूँ

*

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ साप्ताहिक स्तम्भ – आत्मानंद साहित्य #87 ☆ भोजपुरी कविता – पानी रे पानी ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद”

श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद”


(आज  “साप्ताहिक स्तम्भ -आत्मानंद  साहित्य “ में प्रस्तुत है  श्री सूबेदार पाण्डेय जी की  एक भोजपुरी भावप्रवण रचना  “# पानी रे पानी #”। ) 

यह रचना जीव जगत के जीवन में पानी की महत्ता तथा उसकी जरूरत को पारिभाषित करती है। तमाम पूर्ववर्ती संतों महात्माओं ने भी पानी के महत्त्व को समझाया है  कविवर रहीमदास जी के शब्दों में —

रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून।

पानी गये न उबरे मोती मानुष चून।

 कवि की भोजपुरी भाषा की ये रचना इन्ही तथ्यो संपादित करती है।

– श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद”

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – आत्मानंद साहित्य# 87 ☆ # पानी रे पानी  # ☆

सागर में पानी हौ, बदरा में पानी हौ।

कुंअना में पानी हौ, गगरी में पानी हौ।

बोतलबंद पानी हौ, सुराही में पानी हौ।

पानी परान हौ, पानी से शान हौ।

बरखा में पानी हौ, पानी  जिंदगानी हौ।

पानी के अपने बचाई के राखा,

पानी के अपने बचाई के राखा।।1।।

 

पानी से खेती हौ पानी से बारी हौ।

पानी से बाग बगइचा फुलवारी हौ।

पानी से पान हौ, पानी से धान हौ।

पानी से बृष्टि हौ, पनियै से सृष्टि हौ।

 पनियै से जीवन हौ पानी ही सब धन हौ।

 पानी से मानुष के बचल मर्यादा।

पानी से आगि बुझावल जाला।

पानी में आगि लगावा जिन ए दादा।

 पानी के आपन बचाई के राखा,

पानी के आपन बचाई के राखा।।2।।

 

पानी से सीपी मोती उपजावै,

पानी ही लोहा कठोर बनावै।

पानी ही पगड़ी के इज्जत राखै,

पानी बिना जीव जान गवावै।

केहू के अंखियां भरल बाटै पानी,

केहू के आंख के मरि गयल पानी।

बिनु पानी देखा चिरइ पियासल मरै,

बिनु पानी दुनिया की खत्म कहानी।

येहि खातिर पानी बचाई के राखा,

एही खातिर पानी बचाई के राखा।।3।।

 

नाला नदी सब बिनु पानी सूखा,

ना बरसी पानी त परि जाइ सूखा।

पानी बिना सब जग बउराइ,

पानी क महिमा ना गवले ओराइ।

एहि खातिर पानी बचाई के राखा,

एहि खातिर पानी बचाई के राखा।।4।।

 

© सूबेदार  पांडेय “आत्मानंद”

संपर्क – ग्राम जमसार, सिंधोरा बाज़ार, वाराणसी – 221208, मोबा—6387407266

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – व्यंग्य ☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सुनहु रे संतो #1 – व्यंग्य की ज़रूरतें ☆ श्री रमेश सैनी

श्री रमेश सैनी

(हम सुप्रसिद्ध वरिष्ठ व्यंग्यकार, आलोचक व कहानीकार श्री रमेश सैनी जी  के ह्रदय से आभारी हैं, जिन्होंने व्यंग्य पर आधारित नियमित साप्ताहिक स्तम्भ के हमारे अनुग्रह को स्वीकार किया। किसी भी पत्र/पत्रिका में  ‘सुनहु रे संतो’ संभवतः प्रथम व्यंग्य आलोचना पर आधारित साप्ताहिक स्तम्भ होगा। व्यंग्य के क्षेत्र में आपके अभूतपूर्व योगदान को  हमारी समवयस्क एवं आने वाली पीढ़ी सदैव याद रखेंगी। इस कड़ी में व्यंग्यकार स्व रमेश निशिकर, श्री महेश शुक्ल और श्रीराम आयंगार द्वारा प्रारम्भ की गई ‘व्यंग्यम ‘ पत्रिका को पुनर्जीवन  देने में आपकी सक्रिय भूमिकाअविस्मरणीय है।  

आज प्रस्तुत है व्यंग्य आलोचना विमर्श पर ‘सुनहु रे संतो’ की प्रथम कड़ी में आलेख ‘व्यंग्य की ज़रूरतें’। 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सुनहु रे संतो #1 – व्यंग्य की ज़रूरतें ☆ श्री रमेश सैनी ☆ 

मित्रों, अपनी बात आरम्भ करने के पूर्व हरिशंकर परसाई के एक कथन का उल्लेख करना चाहूँगा – ‘‘अपनी कैफ़ियत दूँ, हँसना, हँसाना, विनोद करना, अच्छी बातें होते हुए मैंने केवल मनोरंजन के लिये कभी नहीं लिखा, मेरी रचनाएँ पढ़कर हँसी आना स्वाभाविक है – यह मेरा यथेष्ठ नहीं, और चित्रों की तरह व्यंग्य को उपहास, मखौल न मान कर एक गम्भीर चित्र मानता हूँ।’’

आज ‘व्यंग्य की ज़रूरतें’ विषय पर चर्चा हो रही है। मेरे मन में दो आशय निकले हैं – पहला व्यंग्य के लिये क्या-क्या ज़रूरी है तथा दूसरा, व्यंग्य की समाज को कितनी ज़रूरत है। अतः इन दो बिन्दुओं को लेकर मिली-जुली चर्चा कर रहा हूँ।

‘व्यंग्य की ज़रूरतें’ पर चर्चा करने के पूर्व यह जानना ज़रूरी है कि व्यंग्य की प्रकृति और प्रवृत्ति क्या है? तभी व्यंग्य की ज़रूरतों का आभास होगा। व्यंग्य कैसे अपना प्रभाव डालता है? वह प्रभाव समाज के लिये ज़रूरी कैसे हो जाता है? व्यंग्य अपने आपको कैसे रचता है? व्यंग्य का स्वभाव कैसा है…? यह सब भले पार्श्व में है, पर जानना ज़रूरी है।

आज व्यंग्य प्रचुर मात्रा में लिखा जा रहा है। अख़बार, पत्रिका, सोसल मीडिया में इसकी उपादेयता बढ़ गयी है। बहुत से अख़बारो और पत्रिकाओं से तो कहानी, निबंध तिरोहित हो गये हैं, पर व्यंग्य अंगद की भाँति पैर जमाए खड़ा है। कई अख़बारों ने व्यंग्य के पैर हिलाए, पर बाद में यथा स्थान उन्हें प्रतिष्ठित कर दिया। नये-नये लेखक अपनी-अपनी कलम घिस रहे हैं। नये विषय तलाशे जा रहे हैं, यह व्यंग्य के लिये शुभ संकेत है। इससे व्यंग्य की संभावनाओं को विस्तार मिला है। एक-दो वर्ष पूर्व तक इस पर गंभीर चर्चा नहीं होती रही, पर आज “व्यंग्य यात्रा” प्रेम जी और ललित जी के श्रम से संभव हो रही है। व्यंग्यकार अपना बेहतर दे रहा है। पाठक उसे कैसे स्वीकार कर रहा है, यह दृष्टि पटल पर स्पष्ट नहीं है। कारण इसका चेकिंग पोस्ट अर्थात् आलोचना व्यंग्य के पास नहीं है, परन्तु अब वह भी होने लगी है। बाज़ार, उपभोक्तावाद और वैश्वीकरण के प्रभाव को भी व्यंग्यकारों ने नोटिस में लिया है। प्रत्यक्ष में बाज़ार और वैश्वीकरण के द्वारा विकास दिख रहा है, पर प्रभाव की दिशा भी दिख रही है। इस विकास की प्रतिच्छाया में मानवीय छाया विलुप्त होती जा रही है। मानवीय संवेदनाएँ भौथरी होती जा रही हैं। मानवीयता मन से धीरे-धीर तिरोहित हो रही है और मानव एक वस्तु के रूप में बदलता जा रहा है।

यह गंभीर स्थिति है और इसी स्थिति को साहित्य की अन्य विधाओं के साथ-साथ व्यंग्य ने गंभीरता से पकड़ा है। कारण यह व्यंग्य की प्रवृत्ति है कि वह समाज में घट रही घटनाओं को गंभीरता से लेता है। कोई विसंगति, विडम्बना, अत्याचार, अन्याय आदि घटनाओं पर अपनी पैनी नज़र रखता और उन्हें पकड़ता है तथा उस पर अपने ढंग से प्रतिक्रिया करता है। यही व्यंग्य की प्रकृति है। व्यंग्य की प्रकृति महत्त्वपूर्ण तत्त्व है, जिस पर गंभीरता से विचार करना चाहिये, तभी हम व्यंग्य को भलीभाँति जान सकते हैं। यह सरल नहीं है। हमारे समक्ष हज़ारों दृश्य आते हैं और उनमें से कुछ हमारे मन को प्रभावित करते हैं तो कुछ विवश करते हैं कि हम प्रतिक्रिया त्वरित दें तो कुछ लोगों के जीवन की रोजाना की चर्या है। पर हम उसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। पर वह हमारे जीवन में इतने गहरे तक रच-बस जाती है कि वह हमारे समाज या जीवन का अंग बन जाती है, पर है वह विकृति। जैसे भ्रष्टाचार, उस पर हम हज़ारों प्रतिक्रियाएँ देते हैं। उसका विरोध भी करते हैं, पर सुविधानुसार जब हमें नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस से काम पड़ता है तब अपना काम निकालने के लिये श्रम और समय से बचने के लिये माध्यम ढूंढ़ कर पैसा दे कर अपना काम करवा लेते हैं। पर यह क्रिया भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली है। हम समय और श्रम बचाने के लिये थोड़ी देर के लिये उसका अंग बन जाते हैं। हम भ्रष्टाचार के विकास में अपरोक्ष रूप से सहयोग करते हैं। जब उससे अलग होते हैं तो भ्रष्टाचार के विरोध में डण्डे लेकर खड़े हो जाते हैं। जबकि यहाँ पर अपने आत्मबल के साथ हमें हर परिस्थितियों में मुठभेड़ के लिये तैयार होना चाहिये। पर हम अपना स्वार्थ नहीं छोड़ पाते हैं। इसी प्रकार दहेज एक सामाजिक विकृति है। ‘दहेज’ उसका तो हम अपने-अपने ढंग से विरोध करते हैं। पर वक़्त जब आता है तो हम उसके अंग बन जाते हैं, क्योंकि हमारा उसमें स्वार्थ निहित होता है। दोनों पक्षों का क्योंकि उसमें हमारा हित और भविष्य दिखता है। इसलिये उसका अंग बनने में हम कोताही नहीं करते। यह ‘बनना’ व्यंग्य बन कर बाहर आता है। यही मानवीय प्रकृति और सामाजिक विकृति है। हम चीज़ों का विरोध करते हैं और संग खड़े होकर विसंगति को बढ़ावा देने में सहयोग भी देते हैं। यह प्रवृत्तियाँ ही ही विचारणीय हैं।

व्यंग्य और परसाई पर कमलेश्वर की एक टिप्पणी है, जिसमें एक जगह कमलेश्वर कहते हैं, ‘परसाई ने एक नवजागरण की शुरुआत की।’ हालाँकि हिन्दी में शायद मुश्किल से मंजूर किया जाता है कि नवजागरण की हमारे पास कोई परम्परा है। मुझे लगता है, नवजागरण की जो भारतीय परम्परा है, अलग वैचारिक परम्परा है, जो अंधवादिता, धर्मान्धता, आध्यात्मिकता से अलग रचनाकारों की पूरी परम्परा दिखाई देती है, जिसमें नवजागरण के रचनाकार शामिल हैं।

आज़ादी के बाद के महास्वप्न को हमारे पूर्वजों ने खण्डित होते देखा है। उस दौर को देखना उससे बाहर निकल आना और निरन्तर रचनारत रहना मामूली काम नहीं है, पर यह काम परसाई जी ने किया। एक बैशाखी है साहित्य की, जिसकी ज़रूरत सब को है और वो बैशाखी आलोचक की होती है। केवल परसाई ऐसा लेखक है पूरे हिन्दी समाज में और अन्य भाषाओं में भी, जिसे आलोचक की ज़रूरत नहीं पड़ती। परसाई ने कहा कि ‘‘मैं लेखक छोटा हूँ और संकट बड़ा हूँ। संकट पहचान कर भी परसाई ने संकट पैदा किये हैं। एक संकट उन्होंने वैचारिक जागरूकता फैलाकर स्वयं के लिये पैदा किया। अपने समय की तमाम व्यंग्यात्मक स्थितियों, विद्रूपताओं और विडम्बनाओं से वे आहत होते रहे। तब उनकी चिंता बढ़ जाती है।

उपरोक्त टिप्पणी को ध्यान में रखकर हम व्यंग्य पर आगे की बात करते हैं। व्यंग्य की संभावना को तलाशते हुए उस पर विचार करते समय यह भी ध्यान में रखना होगा कि वह अपना आकार कैसे लेता है। यह एक महत्त्वपूर्ण तथ्य है कि जब हम व्यंग्य लिखते हैं तब हम संकेत करते हैं कि व्यंग्य किस पर लिखा जा रहा है। पाठक जब संकेतों की सूक्ष्मता को पकड़ लेता है तब उसे पढ़ने में अलग अनुभूति होती है। अन्यथा वह तटस्थ हो कर सोचने लगेगा। इसी तरह रचना का परिवेश व्यंग्य के लिये आवश्यक तत्त्व है। किसी बात को कहने के लिये इतिहास का सहारा लिया जाये या बात को सीधे-सीधे रचना के अनुरूप कहा जाय। वैसे आधुनिक व्यंग्य में परिवेश भी रचना के अनुरूप होता है। उसे किसी आवरण की आवश्यकता नहीं होती। इस अवधारणा से व्यंग्य की मारक क्षमता प्रभावशाली हो जाती है, जो व्यंग्य के उद्देश्य की प्रथम सीढ़ी होती है। किसी रचना में कथ्य या विषय के मूल को उजागर करने में, उसे प्रभावशाली बनाने में भाषा की भूमिका महत्त्वपूर्ण होती है। वही रचना को एक निश्चित स्वरूप प्रदान करती है। भाषा व्यंग्य का महत्त्वपूर्ण अंग है, जिस पर लेखक को विशेष ध्यान देना चाहिये। यही वे तत्त्व हैं जो व्यंग्य को उच्चतम स्तर तक पहुँचा सकते हैं। अन्यथा अच्छी विषय वस्तु होने के बावजूद रचना का कचरा होने में देर नहीं लगती।

अगर हम परसाई, शरद जोशी या वर्तमान में ज्ञान चतुर्वेदी, प्रेम जनमेजय, हरीश नवल आदि की रचनाओं का अध्ययन करें तो पाते हैं कि इनकी भाषा सहज, सरल और आसानी से ग्राह्य होते हुए प्रभावी भी है। उसमें किसी तरह की लाग-लपेट और अनावश्यक जटिलता, क्लिष्टता का अभाव है। पाण्डित्यपूर्ण शब्दों की कमी हो, लेखक इस बात का ध्यान रखते हैं, उन्हें मालूम है कि उनका पाठक आम वर्ग से आता है उसे संस्कृतनिष्ठ शब्दों को आत्मसात करने में कठिनाई होती है। वह ऐसी भाषा की संरचना करता है जो सबके लिये सहज, सुलभ और ग्राह्य हो इससे व्यंग्य की गुणवत्ता में अत्याधिक प्रभाव बढ़ जाता है और ऐसी रचना के सौन्दर्य में भी वृद्धि होती है। रचना के विषय के साथ-साथ यह भी ज़रूरी है कि लेखक की चिन्ता किसके पक्ष में है? अगर लेखक वंचितों या शोषितों की चिन्ता छोड़ शोषकों की चिन्ता करेगा तब यह तय है कि आम पाठक भ्रमित हो उससे दूर हो जायेगा और वह लेखक की नैतिकता पर सवाल उठा सकता है। यह लेखक का बहुत बड़ा संकट है। क्योंकि विडम्बनाएँ, विषमताएँ तो सभी वर्गों में होती हैं। यह एक मौलिक और महत्त्वपूर्ण संकट है और यह सीधे तौर पर लेखक की अस्मिता से जुड़ा होता है। अतः यह ज़रूरी है कि व्यंग्यकार अपना मत स्पष्ट रखे और उसमें किसी प्रकार का भ्रम मूलक तत्त्व न हो। इसके साथ-साथ यह भी ज़रूरी है कि लेखक किस बात की स्थापना कर रहा है? लेख में उसकी स्थापना ही लेख के स्तर को बनाती है। यदि वह लेख में लिजलिजापन दिखाता है तो पाठक रचना और लेखक से विरक्त हो जायेगा यदि हम किसी बात की स्थापना करते हैं तो उसका आधार तत्त्व मजबूत और स्पष्ट होना चाहिये, इससे रचना की विश्वसनीयता बढ़ जाती है। यह लेखक, रचना और समाज के लिये अच्छा संकेत है।

एक अच्छे व्यंग्य के लिये समकालीन संदर्भ अत्यंत महत्त्व रखता है, क्योंकि सम्पूर्ण व्यंग्य का आधार बिन्दु समकालीन संदर्भ ही होता है। यदि व्यंग्य आज की विद्रूपता, विडम्बना, विषमता, घटनाएँ, चरित्र, प्रकृति, प्रवृत्ति पात्र को विषय बनाता है तो पाठक उससे आसानी से जुड़ जाता है और वह व्यंग्य के सफ़र में हमसफ़र बन जाता है। उसे किसी भी प्रकार का अतिरिक्त श्रम नहीं करना पड़ता और वह व्यंग्य से सामंजस्य स्थापित कर लेता है। उसकी सामंजस्यता ही व्यंग्य को समझने में उपयोगी होती है  जो व्यंग्य के प्रभाव का आशातीत विस्तार कर देती है। पाठक व्यंग्य के विषय के इतिहास से अनभिज्ञ है तो रचना में शुष्कता का तत्त्व बढ़ जायेगा और यह भी हो सकता है कि उस रचना से पाठक दूर हो जाये। इसी कारण पूर्व में कहा जाता रहा है कि व्यंग्य शाश्वत नहीं है। उसकी उम्र कम होती है। लेखक को अधिक दूर तक नहीं ले जा पाता। पर यह भी सही है कि कुछ प्रवृत्तियाँ, विडम्बनाएँ, विषमताएँ, भ्रष्टाचारी चरित्र शाश्वत होते हैं, जो हर समय नये-नये रूपों में मिलते हैं। तब हर समय का पाठक सहज ही उससे सामंजस्य बैठा लेता है और वह रचना शाश्वतता को प्राप्त कर जाती है। तब व्यंग्य के लिये यह ज़रूरी हो जाता है कि वह यह चुनाव करे कि समकालीन संदर्भ के साथ-साथ उपरोक्त तत्त्व उसमें निहित हों। व्यंग्य को बारीक़ी स देखा जाये तो यह आसानी से समझ में आ जाता है कि व्यंग्यकार कितना संवेदनशील है। व्यंग्य की संवेदनशीलता ही व्यंग्य के स्वास्थ्य को ठीक रखती है। संवेदना ही व्यंग्य का बीज तत्त्व है। उससे ही रचना का अंकुरण और विस्तार और प्रभाव समझ में आता है। लेखक व्यंग्य के पात्र के प्रति संवेदनहीन, निष्ठुर, कठोर, तीखे तेवर के साथ खड़ा होता है तो रचना पाठ्य तो होगी, पर प्रभावी नहीं। पर अगर उसमें भारतीय सांस्कृतिक प्रवृत्ति के अनुरूप करुणा के अंश मिला दिये जायें तो व्यंग्य का आकर्षण बढ़ जाता है; क्योंकि भारतीय समाज अनेक विडम्बनाओं, मूल्यों के साथ भी करुणा के पक्ष में स्वभावतः खड़ा दिखता है। यह भारतीय समाज का महत्त्वपूर्ण पक्ष है, जिसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।

परसाई, शरद जोशी के यहाँ तो करुणा का संसार विस्तार से फैला पड़ा है। इसी आधार पर रचना स्मृति में देर और दूर तक बनी रहती है। वर्तमान में एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण प्रेम जनमेजय की जनसत्ता में प्रकाशित व्यंग्य रचना, ‘बर्फ़ का पानी’, जिसमें अंत करुणा से होता है – जिसने भी यह रचना पढ़ी होगी उसके ज़ेहन में उस रचना ने स्थायी स्थान ज़रूर बनाया लिया होगा। ऐसी रचना गाहे-बगाहे याद आती है तो मन में तरंगे दौड़ जाती हैं। व्यंग्य रचना में शिल्प का अत्यंत महत्त्व होता है। व्यंग्य का शिल्प अलग प्रकार का होता है जिसे कहानी, निबंध या किसी अन्य विधा में रख सकते हैं। व्यंग्य के तेवर अलग होते हैं। इसी बात को लेकर परसाई रचनाओं पर आलोचकों का ध्यान नहीं गया और परसाई जी ने भी इस उपेक्षा का कोई नोटिस नहीं लिया। वे अनवरत रचनारत रहे बिना किसी चिन्ता के। इसके पीछे संभवतः मूल कारण उनका अपना विशिष्ट शिल्प ही था जो आलोचकों के लिये नया संकट लेकर आया था। यह सभी बातें व्यंग्य को पाठक के बीच में विश्वसनीयता पैदा करती हैं। किसी भी चीज़ की शुद्धता बनाये रखने के लिये विश्वसनीयता का विस्तार आवश्यक है। यह रचना और लेखक दोनों के लिये ज़रूरी है। सृजन के समय इस तत्त्व का ध्यान रखना बहुत ज़रूरी है। इसके लिये रचना और रचनाकार का आचरण कैसा है, विचार क्या है महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि यह सब समाज में ज़रूरी माने जाने वाले मुख्य मुद्दे हैं। इन्हीं के अनुरूप व्यंग्य का विस्तार और विश्वसनीयता को आधार मिलता है।

‘व्यंग्य की ज़रूरतें’ के और भी आयाम हैं, जिन पर चर्चा अभी इस आलेख में संभव नहीं है। हमारे पास जो समय है, उस पर यह चर्चा महत्त्वपूर्ण है, मगर इस बात पर भी विचार करना होगा कि व्यंग्य समाज के लिये कितना ज़रूरी है। मेरा ख्याल है कि जिस समाज में हम रह रहे हैं, उसमें पनप रही नयी-नयी प्रवृत्तियों, विडम्बनाओं, बढ़ती विषमताओं, बदलती सोच और मूल्यों का गिरता ग्राफ़, बेशर्मी का हद तक विस्तार, सामाजिक भय, बाज़ारवाद, उपभोक्तावाद से संचालित आर्थिक तंत्र से लोगों में बढ़ती दूरियाँ, शिक्षा का औघड़पन, स्वार्थ में बदलती मानवीयता, विस्तार पाती संवेदनशून्यता, दरकते पारिवारिक रिश्ते, सामाजिक परिवेश और आचरण को चेलेंज करता आधुनिक युवा वर्ग, तकनीकी विकास से आयी विद्रूपताओं का समझ कर उनसे सचेत करने वाली व्यंग्य ही वह विधा जो इन नकारात्मक प्रवृत्तियों से आगाह कर त्वरित और सार्थक प्रतिक्रिया भी व्यक्त करती है। और कहना ही होगा कि ऐसी प्रतिक्रियाएँ असरदार भी होंगी। इसके मूल में व्यंग्य की संरचना और उसका तीखा तेवर जो सत्ता और समाज को सोचने पर मजबूर कर देता है। मन को विचलित कर देता है।

 

© श्री रमेश सैनी 

सम्पर्क  : 245/ए, एफ.सी.आई. लाइन, त्रिमूर्ति नगर, दमोह नाका, जबलपुर, मध्य प्रदेश – 482 002

मोबा. 8319856044  9825866402

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा # 45 ☆ दोहे ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ 

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा  रचित भावप्रवण  “दोहे “। हमारे प्रबुद्ध पाठक गण  प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे। ) 

☆ काव्य धारा # 45☆ दोहे  ☆

कोई समझता कब कहां किसी के मन के भाव

रहे पनपते इसी से झूठे द्वेष दुराव

 

मन की पावन शांति हित आवश्यक सद्भाव

हो यदि निर्मल भावना कभी न हो टकराव 

 

ममता कर लेती स्वतः सुख के सकल प्रबंध 

इससे रखने चाहिए सबसे शुभ संबंध 

 

प्रेम और सद्भाव से बड़ा न कोई भाव 

नहीं पनपती मित्रता इनका जहां अभाव 

 

मन के सारे भाव में ममता है सरताज 

सदियों से इसका ही दुनिया में है राज

 

दुख देती मित्र दूरियां आती प्रिय की याद

करता रहता विकल मन एकाकी संवाद 

 

होते सबके भिन्न हैं प्रायः रीति रिवाज

पर सबको भाती सदा ममता की आवाज

 

बातें व्यवहारिक अधिक करता है संसार

किंतु समझता है हृदय किस के मन में प्यार

 

मूढ़ बना लेते स्वतःगलत बोल सन्ताप

मिलती सबको खुशी ही पाकर प्रेम प्रसाद

 

बात एक पर भी सदा सबके अलग विचार

मत होता हर एक का उसकी मति अनुसार 

 

प्रेम सरल सीधा सहज सब पर रख विश्वास

खुद को भी खुशियां मिले कोई न होय निराश

 

तीक्ष्ण बुद्धि इंसान को ईश्वर का वरदान

कर सकती परिणाम का जो पहले अनुमान

 

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ 

ए १ ,विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – कविता ☆ सत्तर से एक कम! ☆ श्री सुरेश पटवा

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण कविता  “सत्तर से एक कम!”)

☆ कविता ☆ सत्तर से एक कम! ☆ श्री सुरेश पटवा ☆

हाँ थोड़ा थक सा जाता हूँ

दूर निकलना छोड़ दिया,

पर ऐसा भी नही हैं कि

मैंने चलना ही छोड़ दिया।

 

फासलें अक्सर रिश्तों में

अजीब सी दूरियां बढ़ा देते हैं,

पर ऐसा नही हैं कि मैंने

अपनों से मिलना छोड़ दिया।

 

हाँ जरा अकेला महसूस करता हूँ

अपनों की ही भीड़ में,

पर ऐसा भी नहीं है कि मैंने

अपनापन ही छोड़ दिया।

 

याद तो करता हूँ अब भी

मैं सभी को और परवाह भी,

पर कितनी करता हूँ

बस! ये बताना छोड़ दिया ।

 

हाँ! उस मंजर की कसक बाकी है अभी,

जब बारिश में साथ भीगते थे कभी,

पर ऐसा भी नही है कि मैंने

बारिश में भीगना ही छोड़ दिया |

 

हाँ! याद तो आती है वस्ल की रातें,

जब तनहा होता हूँ कभी,

पर ऐसा भी नहीं कि मैंने,

ख़्वाब देखना ही छोड़ दिया ।

 

ठोकरें खाई हैं ऊबड़ खाबड़ राहों पर

एक कम सत्तर तक आते-आते

पर ऐसा भी नहीं कि

शतायु का ख़्वाब छोड़ दिया है।

 

© श्री सुरेश पटवा

भोपाल, मध्य प्रदेश

≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #57 – आखिरी प्रयास ☆ श्री आशीष कुमार

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। 

अस्सी-नब्बे के दशक तक जन्मी पीढ़ी दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियां सुन कर बड़ी हुई हैं। इसके बाद की पीढ़ी में भी कुछ सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उन कहानियों को बचपन से  सुनने का अवसर मिला है। वास्तव में वे कहानियां हमें और हमारी पीढ़ियों को विरासत में मिली हैं। आशीष का कथा संसार ऐसी ही कहानियों का संग्रह है। उनके ही शब्दों में – “कुछ कहानियां मेरी अपनी रचनाएं है एवम कुछ वो है जिन्हें मैं अपने बड़ों से  बचपन से सुनता आया हूं और उन्हें अपने शब्दो मे लिखा (अर्थात उनका मूल रचियता मैं नहीं हूँ।” )

☆ कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #57 –  आखिरी प्रयास ☆ श्री आशीष कुमार☆

किसी दूर गाँव में एक पुजारी रहते थे जो हमेशा धर्म कर्म के कामों में लगे रहते थे। एक दिन किसी काम से गांव के बाहर जा रहे थे तो अचानक उनकी नज़र एक बड़े से पत्थर पे पड़ी। तभी उनके मन में विचार आया कितना विशाल पत्थर है क्यूँ ना इस पत्थर से भगवान की एक मूर्ति बनाई जाये। यही सोचकर पुजारी ने वो पत्थर उठवा लिया। 

गाँव लौटते हुए पुजारी ने वो पत्थर के टुकड़ा एक मूर्तिकार को दे दिया जो बहुत ही प्रसिद्ध मूर्तिकार था। अब मूर्तिकार जल्दी ही अपने औजार लेकर पत्थर को काटने में जुट गया। जैसे ही मूर्तिकार ने पहला वार किया उसे एहसास हुआ की पत्थर बहुत ही कठोर है। मूर्तिकार ने एक बार फिर से पूरे जोश के साथ प्रहार किया लेकिन पत्थर टस से मस भी नहीं हुआ। अब तो मूर्तिकार का पसीना छूट गया वो लगातार हथौड़े से प्रहार करता रहा लेकिन पत्थर नहीं टूटा । उसने लगातार 99 प्रयास किये लेकिन पत्थर तोड़ने में नाकाम रहा।

अगले दिन जब पुजारी आये तो मूर्तिकार ने भगवान की मूर्ति बनाने से मना कर दिया और सारी बात बताई। पुजारी जी दुखी मन से पत्थर वापस उठाया और गाँव के ही एक छोटे मूर्तिकार को वो पत्थर मूर्ति बनाने के लिए दे दिया। अब मूर्तिकार ने अपने औजार उठाये और पत्थर काटने में जुट गया, जैसे ही उसने पहला हथोड़ा मारा पत्थर टूट गया क्यूंकि पत्थर पहले मूर्तिकार की चोटों से काफी कमजोर हो गया था। पुजारी यह देखकर बहुत खुश हुआ और देखते ही देखते मूर्तिकार ने भगवान शिव की बहुत सुन्दर मूर्ति बना डाली।

पुजारी जी मन ही मन पहले मूर्तिकार की दशा सोचकर मुस्कुराये कि उस मूर्तिकार ने 99 प्रहार किये और थक गया, काश उसने एक आखिरी प्रहार भी किया होता तो वो सफल हो गया होता।

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ रंजना जी यांचे साहित्य # 71 – हरवलेले माणूसपण ☆ श्रीमती रंजना मधुकरराव लसणे

श्रीमती रंजना मधुकरराव लसणे 

☆ रंजना जी यांचे साहित्य # 71 – हरवलेले माणूसपण ☆

 समृध्दीने नटलेल घर पाहून हरवले देहभान ।

शोधून सापडेना कुठेही हरवलेले माणूसपण ।।धृ।।

 

कुत्र्या पासून सावध राहा भलीमोठी पाटी।

भारतीय स्वागताची आस  ठरली खोटी।

शहानिशा करून सारी आत घेई वॉचमन ।।१।।

 

झगमगाट पाहून सारा पडले मोठे कोडे ।

सोडायचे कुठे राव हे तुटलेले जोडे ।

ओशाळल्या मनाने कोपऱ्यात  ठेऊन ।।२।।

 

सोफा टीव्ही एसी सारा चकचकीतच मामला।

पाण्यासाठी जीव मात्र वाट पाहून दमला ।

नोकराने आणले पाणी भागली शेवटी तहान ।।३।।

 

भव्य प्रासादातील तीन जीव पाहून ।

श्रीमंतीच्या कोंदणाने गेलो पुरता हेलावून ।

चहावरच निघालो अखेर रामराम ठोकून।।४।।

 

©  रंजना मधुकर लसणे

आखाडा बाळापूर, जिल्हा हिंगोली

9960128105

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य # 98 ☆ बदलाव बनाम स्वीकार्यता ☆ डॉ. मुक्ता

डॉ.  मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  एक अत्यंत विचारणीय आलेख बदलाव बनाम स्वीकार्यता। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन।  कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें। ) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 98 ☆

☆ बदलाव बनाम स्वीकार्यता ☆

‘जो बदला जा सके, उसे बदलिए; जो बदला न जा सके, उसे स्वीकार कीजिए; जो स्वीकारा न जा सके, उससे दूर हो जाइए। लेकिन ख़ुद को खुश रखिए’ ब्रह्माकुमारी शिवानी का यह सार्थक संदेश हमें जीवन जीने की कला सिखाता है; मानव को परिस्थितियों से समझौता करने का संदेश देता है कि उसे परिस्थितियों के अनुसार अपनी सोच को बदलना चाहिए, क्योंकि जिसे हम बदल सकते हैं; अपनी सूझबूझ से बदल देना चाहिए। परिवर्तन सृष्टि का नियम हैऔर समय का क्रम निरंतर चलता रहता है,कभी थमता नहीं है। इसलिए जिसे हम बदल नहीं सकते, उसे स्वीकारने में ही मानव का हित है। ऐसे संबंध जो जन्मजात होते हैं, उन संबंधियों व परिवारजनों से निबाह करना हमारी नियति बन जाती है। हमें चाहे-अनचाहे उन्हें स्वीकारना पड़ता है ।इसी प्रकार प्राकृतिक आपदाओं र भी हमारा वश नहीं है। हमें उनका पूर्ण मनोयोग से विश्लेषण करना चाहिए तथा उसके समाधान के निमित्त यथा-संभव प्रयास करने चाहिए। यदि हम उन्हें बदलने में स्वयं को असमर्थ पाते हैं, तो उन्हें स्वीकारना श्रेयस्कर है। इन विषम परिस्थितियों में हमें चिन्ता नहीं चिन्तन करना चाहिए, क्योंकि चिंतन-मनन हमारा यथोचित मार्गदर्शन करता है। चिन्ता को चिता सम कहा गया है, जो मानव को इहलोक से परलोक तक पहुंचाने में सक्षम है।

बदलने व स्वीकारने पर चर्चा करने के पश्चात् आवश्कता है अस्वीकार्यता पर चिन्तन करने की अर्थात् जिसे स्वीकारना संभव न हो, उससे दूर हो जाना बेहतर है। जो परिस्थितियां आपके नियंत्रण में नहीं है तथा जिनसे, आप निबाह नहीं सकते; उनसे दूरी बना लेना ही श्रेयस्कर है। मुझे भी बचपन में यही सीख दी गयी थी;  जहां तनिक भी मनमुटाव की संभावना हो, अपना रास्ता बदलने में ही हित है अर्थात् जो आपको मनोनुकूल नहीं भासता, उसकी और मुड़कर कभी देखना नहीं चाहिए। यही है वह संदेश जिसने मेरे व्यक्तित्व निर्माण में प्रभावी भूमिका अदा की। इसी संदर्भ में मैं एक अन्य सीख का ज़िक्र करना चाहूंगी, जो मुझे अपनी माताश्री द्वारा मिली कि विपत्ति के समय पर इधर-उधर मत झांकें/ अपनी गाड़ी को ख़ुद हांकें’ में छिपा है गीता का कर्मशीलता का संदेश व जीवन-दर्शन–विपत्ति के समय स्वयं पर विश्वास रखें; दूसरों से सहायता की अपेक्षा मत रखें, क्योंकि अपेक्षा दु:खों की जनक है। जब हमें दूसरे पक्ष से सहयोग की प्राप्ति नहीं होती और मनोनुकूल अपेक्षित सहायता नहीं मिलती, तो हमारी जीवन नौका हमें दु:खों के अथाह सागर में हिचकोले खाने के लिए छोड़ जाती है। ऐसी स्थिति अत्यंत घातक बन जाती है। सो! ऐसे लोगों की कारस्तानियों को नजरांदाज़ करना ही बेहतर है। ये परिस्थितियां हमें निराशा के गर्त में भटकने के लिए छोड़ देती हैं और हम ऊहापोह की स्थिति में उचित निर्णय लेने में स्वयं को असमर्थ पाते हैं।

सो! जिन परिस्थितियों और मन:स्थितियों को बदलने में हम सक्षम हैं, उन्हें बदलने में हमें जी-जान से जुट जाना चाहिए; कोई कोर-कसर उठाकर नहीं रखनी चाहिए। हमें पराजय को कभी स्वीकारना नहीं चाहिए, निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए, क्योंकि ‘करत-करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान’ अर्थात् परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। हमें अंतिम सांस तक उन अप्रत्याशित परिस्थितियों से जूझना चाहिए, क्योंकि जीवन संघर्ष का दूसरा नाम है तथा निरंतर चलने का नाम ही ज़िंदगी है।

‘कौन कहता है, आकाश में छेद हो नहीं सकता/ एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो!’ जहां हमें ऊर्जस्वि करता है, वहीं हमारे अंतर्मन में अलौकिक तरंगें भी संचरित करता है। यह हमें इस तथ्य से अववगत कराता है कि इस संसार में सब संभव है और असंभव शब्द तो मूर्खों के शब्दकोश में होता है। सो! इसे तुरंत बाहर निकाल फेंकना चाहिए। हम अदम्य साहस व अथक प्रयासों द्वारा अपना मनचाहा लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। यदि तमाम प्रयासों के बाद भी हम उन्हें बदलने में असमर्थ रहते हैं, तो उन्हें स्वीकार लेना चाहिए। व्यर्थ में अपनी शक्ति व ऊर्जा को नष्ट करना बुद्धिमानी नहीं है। यह परिस्थितियां हमें अवसाद की स्थिति में लाकर छोड़ देती हैं, जिससे उबरने के लिए हमें वर्षों तक संघर्ष करना पड़ता है। हमें अपने जीवन से घृणा हो जाती है और जीने की तमन्ना शेष नहीं रहती। हमारे मनोमस्तिष्क में सदैव पराजय के विचार समय-असमय दस्तक ही नहीं देते; हमें पहुंचते कोंचते, कचोटते व आहत करते रहते हैं। इसलिए उन परिस्थितियों से समझौता करने व स्वीकारने में आपका मंगल है। उदाहरण बाढ़, भूचाल, सुनामी तथा असाध्य रोग आदि प्राकृतिक आपदाओं पर हमारा वश नहीं होता, तो उन्हें स्वीकारने में हमारा हित है। हमें तन-मन-धन से इनके समाधान तलाशने में जुट जाना चाहिए, पूर्ण प्रयास भी करने चाहिए, परंतु अंत में उनके सामने समर्पण करना सर्वश्रेष्ठ व सर्वोत्तम विकल्प है। पर्वतों से टकराने व बीच भंवर में नौका ले जाने से हानि हमारी होगी। इससे किसी दूसरे को कोई फर्क़ पड़ने वाला नहीं है।

आजकल लोगों से किसी की उन्नति कहां बर्दाश्त होती है। इसलिए अक्सर लोग अपने दु:ख से कम, दूसरे के सुखों को देखकर अधिक दु:खी रहते हैं। उनका यह ईर्ष्या भाव उन्हें निकृष्टतम कार्य करने की ओर प्रवृत्त करता है। वे दूसरे को हानि पहुंचाने के लिए अपना घर जलाने को भी तत्पर रहते हैं। उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य उन्हें अधिकतम हानि पहुंचाना होता है। इसलिए ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखने में जीवन की सार्थकता है। दूसरे शब्दों में स्वीकार्य नहीं है, उससे दूरी बनाए रखना ही हितकर है। यही है खुश रहने का मापदंड। इसलिए मानव को सदा खुश रहना चाहिए, क्योंकि प्रसन्न-चित्त मानव सबकी आंखों का तारा होता है, सबका प्रिय होता है। उसका साथ पाकर सब हर्षोल्लास अनुभव करते हैं। इसलिए मानव को विषम परिस्थितियों से स्वयं को बचा कर रखना चाहिए; जानबूझकर आग में छलांग नहीं लगानी चाहिए।खुशी हमारे अंतर्मन में निहित रहती हैऔर हम उसे हम ज़र्रे-ज़र्रे में तलाश सकते हैं। हमारी मन:स्थिति ही हमारे भावों को आंदोलित व उद्वेलित करती है।हमारे भीतर नवीन भावनाओं को जागृत करती है, जिसके परिणाम-स्वरूप हम सुख-दु:ख की अनुभूति करते हैं। वर्डस्वर्थ का यह कथन कि ‘सौंदर्य वस्तु में नहीं, दृष्टा के नेत्रों में निवास करता है।’ इसलिए सौंदर्य के मापदंडों को निर्धारित करना असंभव है। वैसे ही खुशी भी प्रकृति की भांति पल-पल रंग बदलती है, क्योंकि जिस वस्तु या व्यक्ति को देखकर आपको प्रसन्नता प्राप्त होती है, चंद लम्हों बाद वह सुक़ून नहीं प्रदान करती, बल्कि आपके रोष का कारण बन जाती है। हमारी मन:स्थितियां परिस्थितियों व आसपास के वातावरण पर आधारित व  काल-सापेक्ष होती हैं। बचपन, युवावस्था व वृद्धावस्था में इनके मापदंड बदल जाते हैं। सो! हमें विपरीत परिस्थितियों में भी कभी निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि सदैव प्रसन्न रहने से ज़िंदगी का सफ़र आसानी से कट जाता है। आइए! छोटी-छोटी खुशियां अपने दामन में समेट लें, ताकि जीवन उमंग व उल्लास से आप्लावित रह सके। मन-मयूर सदैव मद-मस्त रहे, क्योंकि खुश रहना हमारा दायित्व है, जिसका हमें बखूबी वहन करना चाहिए।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

#239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ किसलय की कलम से # 50 ☆ बाल सखा ☆ डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

(डॉ विजय तिवारी ‘ किसलय’ जी संस्कारधानी जबलपुर में साहित्य की बहुआयामी विधाओं में सृजनरत हैं । आपकी छंदबद्ध कवितायें, गजलें, नवगीत, छंदमुक्त कवितायें, क्षणिकाएँ, दोहे, कहानियाँ, लघुकथाएँ, समीक्षायें, आलेख, संस्कृति, कला, पर्यटन, इतिहास विषयक सृजन सामग्री यत्र-तत्र प्रकाशित/प्रसारित होती रहती है। आप साहित्य की लगभग सभी विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी सर्वप्रिय विधा काव्य लेखन है। आप कई विशिष्ट पुरस्कारों /अलंकरणों से पुरस्कृत /अलंकृत हैं।  आप सर्वोत्कृट साहित्यकार ही नहीं अपितु निःस्वार्थ समाजसेवी भी हैं।आप प्रति शुक्रवार साहित्यिक स्तम्भ – किसलय की कलम से आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक अत्यंत विचारणीय  एवं सार्थक आलेख  “बाल सखा”.)

☆ किसलय की कलम से # 50 ☆

☆ बाल सखा ☆

मिट्टी अर्थात वह पदार्थ जिसका साधारणतः मूल्यांकन कभी नहीं किया जाता, लेकिन इसके उपयोग से हम क्या-क्या नहीं बनाते। कुम्भकार जब मिट्टी गूँथकर उसे अपने हाथों में लेता है, तब तक सामने वाला समझ नहीं पाता कि यह कलाकार उसे कौन सा रूप देगा। उसका कौशल, उसका ज्ञान, उसका अनुभव और उसका विवेक उसे एक मूल्यवान वस्तु, खिलौना, मूर्ति, उपयोगी उपकरण में तब्दील कर देता है। शिशु भी एक गुँथी हुई मिट्टी जैसा जीता-जागता बुद्धि, विवेक, ज्ञान और अनुभव विहीन होता है। उसे एक श्रेष्ठ, विवेकशील और आदर्श बनाने के लिए दक्षता का सानिध्य बहुत जरूरी होता है।

जिस तरह कच्चे घड़े पर यथास्थान दबाव, थपकी और सहारे की जरूरत होती है ठीक उसी प्रकार एक शिशु के उत्तरोत्तर विकास हेतु भी इन सभी बातों की आवश्यकता होती है। धैर्य, शांति, स्नेह और उसके समकक्ष व्यवहार के साथ ही स्नेहिल वार्तालाप भी महत्त्वपूर्ण होता है। हमें समझना होता है कि एक बार की सीख या शिक्षा नन्हा शिशु स्मृत नहीं रख पाएगा। हमें उसको प्रायोगिक तौर तरीके से भले-बुरे का ज्ञान कराना होगा।

एक प्रौढ़ एवं शिशु के मध्य आयु का विशाल फासला होता है। आपकी सोच और अनुभव आपका पका-पकाया कहा जा सकता है, लेकिन शिशु के जीवन में, उसके कोरे मस्तिष्क में शिक्षा, संस्कार, संस्कृति एवं सामाजिक परंपराएँ  स्थापित करने के लिए आपको अपने स्तर से नीचे उसके समकक्ष आना होगा और उसके जैसा बनना भी होगा। उसे सत्कर्मों हेतु प्रोत्साहित करना होगा, उसकी प्रशंसा करनी होगी। उसकी त्रुटियों, उसकी असफलताओं तथा उसकी जिद पर नियंत्रित व्यवहार करना होगा। जिस तरह नन्हे शिशु आपस में गलत-सही का भेद किए बिना रूठकर, हँसकर व रोकर भी बार-बार साथ में खेलने लगते हैं। इसी तरह आपको भी बार-बार उनकी बात सुनना होगी। बार-बार उनके एक ही प्रश्न का उत्तर देना होगा। बार-बार उनकी जिज्ञासा शांत करना होगी।

माता-पिता अथवा अभिभावक जब तक संतानों के बालसखा नहीं बनेंगे, अपेक्षानुरूप शिशु का विकास संभव हो ही नहीं सकता। शिशु हतोत्साहित, भयभीत या ढीठ किस्म का भी बन सकता है। अपनी उपेक्षा से अपनों के स्नेह को पहचान ही नहीं पाएगा। यही कारण है कि आयाओं द्वारा पोषित बच्चे अक्सर माँ-बाप के महत्त्व एवं स्नेह से काफी हद तक अनभिज्ञ रह जाते हैं।

आज के बदलते परिवेश में हम अपना जीवन जी लेते हैं और बच्चों को उनकी किस्मत पर छोड़ देते हैं, यह कहाँ तक और कितना उचित है? बच्चे भला समाज और किताबों से कितना और क्या सीख पाएँगे। जब तक अपनों के बीच स्नेह, समर्पण, त्याग, सद्भावना और आदर का पाठ नहीं पढ़ेंगे, सामाजिक जीवन में इनको व्यवहृत कैसे कर पाएँगे।

आज के क्षरित होते मानवीय मूल्यों के बीच रिश्तों की टूटन और मानसिक घुटन की अजीबोगरीब परिस्थितियों में जब हम अपनों को ही महत्त्व नहीं देते तो क्या हमारी संतानें भविष्य में आपको महत्त्व दे पाएँगी?

हमें स्वीकारना होगा कि हम अपनी संतानों के कभी सखा नहीं बन पा रहे हैं। हम अर्थ एवं स्वार्थ तक ही सीमित होते जा रहे हैं। हम संतानों में आदर्श संस्कार के बजाय उनको दिखावटी आधुनिकता व कुबेर के खजाने का महत्त्व ही बताने को श्रेयष्कर मानने लगे हैं। जब संतान आपके द्वारा दिशादर्शित मार्ग पर चल पड़ता है और पीछे मुड़कर आपको भी नहीं देखता, तब जाकर आपको याद आता है कि हमने ही तो अपनी संतान को यही सब सिखाया था। हम ही थे जिनके पास अपने बच्चों के लिए कभी वक्त नहीं रहा। हम ही थे जो कभी अपनी संतानों के बालसखा नहीं बन पाए, लेकिन जब चिड़िया हाथ से उड़ जाए तो आपके पास बचता ही क्या है। हम बचपन से बुढ़ापे तक अपने धार्मिक ग्रंथों, अपने बुजुर्गों व महापुरुषों के उद्धरण पढ़ने-सुनने के बावजूद इन पर अमल न करने और अपनी संतानों को  इनसे दूर रखने का प्रतिफल ही तो भोग रहे हैं। निश्चित रूप से जिनके माँ-बाप अपनी संतानों के बालसखा बने थे और उन्होंने भी अपनी संतानों के बालसखा बनकर अपने बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण किया। उनकी बच्चे भी निश्चित रूप से अपने माँ-बाप के कृतज्ञ होंगे।

वक्त आदिकाल का रहा हो, वर्तमान का हो या भविष्य में आने वाला हो। मानव-मन, मानव-विवेक सदैव नीति-अनीति, सत्य-असत्य व प्रेम-घृणा में अंतर भलीभाँति समझता रहा है और समझेगा भी। इसीलिए समय या युगपरिवर्तन के बावजूद संतानों को आपके द्वारा दी गई सीख एवं आपके द्वारा प्रदत्त संस्कार कभी व्यर्थ नहीं होंगे यह हमें मानकर ही चलना चाहिए।

                       

© डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

पता : ‘विसुलोक‘ 2429, मधुवन कालोनी, उखरी रोड, विवेकानंद वार्ड, जबलपुर – 482002 मध्यप्रदेश, भारत
संपर्क : 9425325353
ईमेल : vijaytiwari5@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ साहित्य निकुंज # 97 ☆ भावना के दोहे ☆ डॉ. भावना शुक्ल

डॉ भावना शुक्ल

(डॉ भावना शुक्ल जी  (सह संपादक ‘प्राची‘) को जो कुछ साहित्यिक विरासत में मिला है उसे उन्होने मात्र सँजोया ही नहीं अपितु , उस विरासत को गति प्रदान  किया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माँ सरस्वती का वरद हस्त उन पर ऐसा ही बना रहे। आज प्रस्तुत हैं   “भावना के दोहे”। ) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  # 97 – साहित्य निकुंज ☆

☆ भावना के दोहे ☆

शिव का पूजन कर रही,

  मने तीज त्योहार।

लंबी उम्र का मांगती,

   पति रूपी उपहार।।

 

गौरा अब ये कह रही,

 क्या है मेरे भाग।

अब तो मुझको दीजिए,

मेरा अमर सुहाग।।

 

गोरी मुझसे कह रही,

करु सोलह श्रृंगार।

प्यार समर्पण शक्ति से,

मने तीज त्योहार।।

 

गौरी शिव की वंदना,

   करती है हर बार।

ईप्सा अटल सुहाग की,

  करे सुहागन नार।।

 

  झोली में सुहागन की

    देना प्रिय का प्यार।

उनके है आशीष से ,

 मिले खुशियां अपार।।

 

© डॉ.भावना शुक्ल

सहसंपादक…प्राची

प्रतीक लॉरेल , C 904, नोएडा सेक्टर – 120,  नोएडा (यू.पी )- 201307

मोब  9278720311 ईमेल : bhavanasharma30@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares