(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में प्रस्तुत हैं विशेष भावप्रवण कविता “संतोष के दोहे”। आप श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)
(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में अवश्य मिली है किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है वर्तमान परिस्थितयों में ह्रदय कठोर कर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करती लघुकथा नॉट रिचेबल। डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को इस संवेदनशील एवं विचारणीय लघुकथा रचने के लिए सादर नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद # 71 ☆
☆ लघुकथा – नॉट रिचेबल ☆
पत्नी का देहांत हुए महीना भर ही हुआ था । घर में बडा अकेलापन महसूस कर रहे थे । बेटा – बहू , बच्चे अपना – अपना लैपटॉप लेकर कमरों में बंद हो जाते थे । घर खाने को दौड रहा था । पत्नी के जाते ही हाथ- पाँव जैसे कट से गए थे , कुछ सूझ ही नहीं रहा था । अब समझ में आ रहा है कि बेटे बहू की बातें भी वह अपने तक ही रखती थी । समय रहते कद्र नहीं समझी मैंने उसकी , गुमसुम बैठ सोच रहे थे । तभी बेटा आकर बोला – पापा ! एक बात करनी थी आपसे । असल में ऑनलाइन क्लास के लिए सबको अलग कमरा चाहिए । मम्मी रही नहीं तो अब —– वे चश्मा उतारकर उसे देखने लगे – तो ?
क्या है सुमन आपके साथ कम्फर्टेबिल फील नहीं करती ।
गैरेज के पास जो कमरा है आप उसमें रह लेंगे क्या ?
हाँ — उन्होंने गहरी साँस ली । अगले दिन वे फ्लाईट्स के चार टिकट ले आए । बहू से बोले – बेटी! बहुत दिनों से तुम लोग कहीं घूमने नहीं गए हो । मैंने केरल में होटल की बुकिंग करवा दी है, खर्चे की चिंता मत करना । बच्चों की ऑनलाइन क्लासेस हैं और तुम दोनों का काम भी घर से ही हो रहा है तो तुम्हें कोई परेशानी नहीं होगी । सब खुश हो गए । बेटा भौचक्का था , बोला – पापा आप नाराज नहीं हैं ना मुझसे ? मुझे लगा था कि —
अरे ! अपने बच्चों से भी कोई नाराज होता है – वे मुस्कुराकर बोले ।
बेटे – बहू के जाने के बाद दूसरे दिन ही मकान के खरीददार आ गए । अपना बंगला बेचकर वे वन बेडरूम के छोटे फ्लैट में शिफ्ट हो गए । बेटा घूमकर लौटा तो वॉचमैन ने बेटे को एक पत्र दिया जिसमें बेटे के किराए के फ्लैट का पता लिखा हुआ था । पिता का फोन नॉट रिचेबल बता रहा था ।
(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ” में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, अतिरिक्त मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है। आज प्रस्तुत है श्री विवेक जी द्वारा रचित नाटक नर्मदा परिक्रमा की कथा। इस विचारणीय विमर्श के लिए श्री विवेक रंजन जी की लेखनी को नमन।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 113 ☆
नाटक – नर्मदा परिक्रमा की कथा
(समाहित संदेश… नदियो का सामाजिक महत्व)
नांदी पाठ…
पुरुष स्वर… हिन्दू संस्कृति में धार्मिक पर्यटन का बड़ा महत्व है, नदियो, पर्वतो, वनस्पतियों तक को देवता स्वरूप में कल्पना कर उनकी परिक्रमा का विधान हमारी संस्कृति की विशेषता है.नदियो का धार्मिक महत्व प्रतिपादित किया गया है, जिससे जन मन में जल के प्रति सदैव श्रद्धा भाव बना रहे. नर्मदा नदी की तो परिक्रमा की परम्परा है. इस प्रदक्षिणा यात्रा में जहाँ रहस्य, रोमांच और खतरे हैं वहीं प्रकृति से सानिध्य और अनुभवों का अद्भुत भंडार भी है। लगभग 1312 किलोमीटर के दोनों तटों पर निरंतर चलते हुए परिक्रमा की जाती है. गंगा को ज्ञान की, यमुना को भक्ति की, ब्रह्मपुत्र को तेज की, गोदावरी को ऐश्वर्य की, कृष्णा को कामना की और लुप्त सरस्वती नदी तक को आज भी विवेक के प्रतिष्ठान के लिए पूजा जाता है. नदियो का यही महत्व जीवन को परमार्थ से जोडता है.प्रकृति और मानव का गहरा संबंध नदियो की परिक्रमा से निरूपित होता है. नर्मदा को चिर कुंवारी नदी कहा जाता है, स्कंद पुराण के अनुसार नर्मदा के अविवाहित रहने का कारण उनका स्वाभिमान है जो स्त्री अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है.
मंच पर दृश्य
सूत्रधार…. कथा बताती है कि राजा मेखल ने अपनी अत्यंत रूपसी पुत्री नर्मदा के विवाह हेतु यह तय किया कि जो राजकुमार गुलबकावली के दुर्लभ पुष्प उनकी पुत्री के लिए लाएगा वे अपनी पुत्री का विवाह उसी के साथ संपन्न करेंगे। शोणभद्र गुलबकावली के फूल ले आए अत: उनसे राजकुमारी नर्मदा का विवाह तय हुआ. नर्मदा अब तक सोनभद्र से मिली नहीं थी, लेकिन उनके रूप, यौवन और पराक्रम की कथाएं सुनकर मन ही मन वे भी उसे चाहने लगी थी. विवाह होने में समय शेष था. नर्मदा से यह विछोह सहा नही जा रहा था. उनने अपनी दासी जुहिला के हाथों प्रेम संदेश भेजने की सोची. जुहिला को ठिठोली सुझी, उसने राजकुमारी से उसके वस्त्राभूषण मांगे और नर्मदा के वेश में राजकुमार सोनभद्र से मिलने चल पड़ी . सोनभद्र के पास पहुंची तो राजकुमार सोनभद्र उसे ही नर्मदा समझने की भूल कर बैठे. सोनभद्र के प्रस्ताव से जुहिला की नीयत में भी खोट आ गया. वह राजकुमार के प्रणय-निवेदन को वह ठुकरा ना सकी.
नेपथ्य पुरुष स्वर.. इधर जुहिला के लौटने में होती देर से नर्मदा स्वयं सोनभद्र से मिलने चल पड़ी, वहां पहुंचने पर सोनभद्र और जुहिला को एकसाथ देखकर वह अपमान की भीषण आग में जल उठीं. तुरंत वहां से उल्टी दिशा में चल पड़ी फिर कभी ना लौटीं. सोनभद्र अपनी गलती पर पछताता रह गया, लेकिन स्वाभिमान और विद्रोह की प्रतीक नर्मदा चिर कुंवारी रही आईं.इस कथानक को इस अंक में प्रदर्शित किया गया है.
रानी.. मेखल राज हमारी पुत्री नर्मदा के विवाह के संबंध में आपका क्या अभिमत है ?
पर्वत राज मेखल.. हे रानी, मैंनें सतपुड़ा के सघन जंगल में एक दुर्गम दिव्य स्थान देखा है, जहां पर्याप्त नमी है. वहां अद्भुत चमत्कारी औषधीय गुणो वाले गुलबकावली के पौधे होते हैं. इन पौधो के मदहोश करने वाली भीनी भीनी महक वाले श्वेत पुष्प इतने कोमल होते हैं कि उन्हें उस दुर्गम दिव्य स्थान से तोड़कर वैसे ही खिले हुये कोई साहसी, किन्तु कौशलवान धैर्यवान तेज पुरुष ही यहां तक सुरक्षित ला सकता है. अतः मैंने तय किया है कि जो राजकुमार गुलबकावली के वे दुर्लभ कोमल सुगंधित श्वेत पुष्प मेरी पुत्री नर्मदा के लिए यहां तक लेकर लाएगा,मैं उस वीर, योग्य, क्षमतावान निपुण पुरुष से ही अपनी सुपुत्री नर्मदा का विवाह उसी राजकुमार के साथ संपन्न करूंगा.
रानी.. महाराज इस निश्चय को सुनाकर मुझे तो आपने और भी चिंता में डाल दिया. ऐसा कोई तीव्र धावी वीर होगा भी जो गुलबकावली के पुष्पगुच्छ यहां तक यथावत ला सके?
आमात्य… बाहर देखते हुये.. महाराज ! मुझे यह गुलबकावली की महक कहां से आ रही है ?
राजकुमार सोनभद्र… गुलबकावली के श्वेत सुगंधित पुष्पों का गुच्छा लिये हुये राज सभा में प्रवेश करते हैं.
आमात्य.. अरे वाह महाराज ! ये तो राजकुमार सोनभद्र हैं. राजकुमार का स्वागत करते हुये… स्वागतम् राजकुमार सोनभद्र ! पर्वत राज मेखल की सभा में आपका हार्दिक स्वागत है. आपने तो हमारे महाराज के प्रण की लाज रख ली, आप सर्वथा राजकुमारी नर्मदा के लिये सुयोग्य वर हैं.
पर्वत राज मेखल.. अरे वाह.. राजकुमार सोनभद्र ! आपने वह कर दिखाया है, जिसकी मुझे आप जैसे फुर्तीले, वीर, बुद्धिमान राजकुमार से ही अपेक्षा थी. आपने ये गुलबकावली के पुष्प लाकर मेरे हृदय में स्थान बना लिया है. आईये हमारा आतिथ्य स्वीकार कीजीये. आमात्य, राजकुमार शोण के आतिथ्य की समुचित व्यवस्थायें कीजीये और राजपुरोहित जी से कहिये कि वे हमारी नर्मदा के विवाह समारोह की तिथियां तय करें.
सूत्रधार… विवाह होने में कुछ दिन शेष थे लेकिन नर्मदा से रहा ना गया उसने अपनी दासी जुहिला के हाथों राजकुमार शोण को प्रेम संदेश भेजने की सोची।
नर्मदा.. गंभीर स्वर में… सखी जुहिला, मैने तुझे कभी अपनी दासी नही हमेशा सखि ही समझा है, इसलिये तुझे अपने धड़कते व्यग्र मन के हाल बताना चाहती हूं.
जुहिला… शोखी से चहकते हुये.. तो ये बात है ! राजकुमारी जी को प्रेम रोग लागा है. मैं देख ही रही हूं नयनो से नींद गायब है.
नर्मदा.. धत.. वो बात नही है, पर मैं क्या करूं जुहिला, मुझे रह रह कर ख्याल आते हैं, वे कैसे होंगे ? मैने तो कभी उन्हें देखा तक नही है.. क्या तुम एक बार मेरा संदेश उन तक पहुंचा सकती हो ? विवाह में तो अभी बहुत दिन हैं, मैं विवाह पूर्व एक बार उनसे रूबरू मिलना चाहती हूं.
जुहिला.. न बाबा न, कही रानी साहिबा को मालूम हुआ तो फिर मेरी तो खैर ही न ली जायेगी.. आप मुझसे यह न करवायें. आप स्वयं ही राजकुमार से मिलने क्यो नही चली जाती.
नर्मदा.. अच्छा तू तो मेरा संदेशा तक ले जाने में डर रही है, और मैं स्वयं सीधे मिलने पहुंच जाऊं ? खूब कही सखी तुमने. बस इतना ही नेह है तेरा मेरे लिये.
जुहिला.. मेरा तो आपके लिये इतना नेह है कि मैं अपनी जान पर खेल जाऊं . पर मैं मानती हूं कि हमारी राजकुमारी नर्मदा अपने होने वाले पति से मिलने की हिम्मत तो रखती हैं.
नर्मदा… इसे साहस नही दुस्साहस कहते हैं.
जुहिला.. अच्छा दुस्साहस ही सही, चलो एक ठिठोली करते हैं, आप मुझे अपने वस्त्र और आभूषण दीजीये, मैं राजकुमारी नर्मदा के वेश में मिलती हूं राजकुमार शोणभद्र से.
जुहिला, नर्मदा से उसका मुकुट व दुपट्टा लेती है, और आईने में स्वयं को निहारते, इठलाते हुये चल पड़ती है. सोनभद्र के पास पहुंचती है.
सूत्रधार … राजकुमार उसे ही नर्मदा समझने की भूल कर बैठते हैं…. जुहिला की नियत में भी खोट आ जाता है वह राजकुमार के प्रणय-निवेदन को ठुकरा नहीं पाती और स्वयं जुहिला होने की सचाई छिपा कर शोण के अंकपाश में समा जाती है .
प्रकाश संयोजन से दृश्य परिवर्तन
राजकुमार सोनभद्र… नर्मदा रूपी जुहिला को आता देखकर..उत्फुल्लता पूर्वक स्वागत है नर्मदे ! स्वागत है मेकल सुते ! स्वागत है मेरी रेवा ! मैं स्वयं तुमसे मिलने को व्याकुल हूं किन्तु राजा मेखल की लोक मर्यादा ने मेरे पग रोक रखे थे. यह तुमने बहुत ही श्रेष्ठ कार्य किया जो तुम स्वयं मुझसे मिलने आ गईं. हे सुभगे.. आओ मेरा हृदय तुम्हें जाने कितनी बार बल्कि सच कहूं तो हर रात्रि तुम्हारी कल्पना कर तुम्हें अपने अंकपाश में ले चुका है, आज मेरा स्वप्न सत्य हुआ आओ हम एक बंधन में समा जायें.
नर्मदा बनी जुहिला.. शर्माते लजाते हुये शोण की बाहों में आ जाती है.
सूत्रधार… इधर जुहिला की प्रतीक्षा करती नर्मदा के सब्र का बांध टूटने लगा. दासी जुहिला के आने में देरी हुई तो स्वयं नर्मदा सोनभद्र से मिलने चल पड़ीं. वहां पहुंचने पर सोनभद्र और जुहिला को वे एक साथ आबद्ध देखतीं है और अपमान की भीषण आग में जल उठती हैं. तुरंत वहां से उल्टी दिशा में चल पड़ी, सोनभद्र व जुहिला अपनी गलती पर पछताते ही रह गये किन्तु स्वाभिमान और विद्रोह की प्रतीक बनी नर्मदा पलट कर नहीं लौटीं.
नर्मदा… मंच के दूसरे ओर से प्रवेश करती हैं और जुहिला व शोण को साथ बांहो में आबद्ध देखकर तेजी से लौट पड़ती हैं व आक्रोश में मंच से भीतर चली जाती हैं. तेज ड्रम म्यूजिक… पर्दा गिरता है.
सूत्रधार….. इस प्रतीकात्मक लाक्षणिक कथा का भौगोलिक प्रमाण है. नर्मदा, सोन, और जुहिला तीनो का ही उद्गम अमरकंटक पर्वत का त्रिकूट है. किन्तु सोन व जुहिला का प्रवाह पूर्व दिशा की ओर है. धार्मिक मान्यता के अनुसार जुहिला को दूषित नदी माना जाता है. सोनभद्र को नदी नहीं वरन पुल्लिंग अर्थात नद के रूप में मान्यता प्राप्त है. भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि जुहिला व सोन का जैसीनगर में दशरथ घाट पर संगम है. जुहिला सोन में विलीन हो जाती है. कथा में रूठी राजकुमारी नर्मदा चिरकुंवारी, अकेली पश्चिम की ओर विपरीत दिशा में बहती हुई खम्बात की खाड़ी में समुद्र तक अकेले ही बहती है.
(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जीद्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं। आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं में आज प्रस्तुत है एक सार्थक एवं विचारणीय रचना “संचालन”। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन।
आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं # 67 – संचालन ☆
इतना तीखा और कर्कश स्वर होने के बाद भी उन्हें संचालन का दायित्व दे दिया गया था। हर वाक्य में आँय का प्रयोग भी अखर रहा था। गूगल पर गोष्ठी थी जिसका यू ट्यूब पर वीडियो देखते हुए मन बार – बार व्यथित होता परन्तु सबकी चर्चाएँ सुननी थी, सो मन मार कर न जाने कितनी बार उससे दूर जाने की सोच कर भी हो न जा पाए।
जैसे ही एक वक्ता का पाठ पूर्ण होता तो संचालन का अनचाहा स्वर फिर से हृदय को भेद देता।
क्या करें आजकल डिजिटल माध्यम में गाहे- बगाहे कार्यक्रमों की बरसात हो रही है। संयोजक, आयोजक, प्रायोजक, वक्ता। यदि कुछ नहीं है तो वो श्रोतागण हैं।
अच्छे कार्यक्रमों को सुनने की चाहत के साथ इसे स्वीकार करना ही होगा ऐसा मैं नहीं कह रही ये तो जाने माने संयोजक ने कहा जैसे गुलाब के साथ कांटे।
काँटे और गुलाब की दोस्ती का इतना सुंदर प्रयोग पहली बार देखा है।
सदैव ऐसा होता है कि पौधे के सारे फूल तोड़कर हम उपयोग में ले लेते हैं पर उसका रक्षक काँटा अकेला रहकर तब तक इंतजार करता है जब तक कली पुष्प बनकर पुष्पित और पल्लवित न होने लगे किन्तु फिर वही चक्र चलने लगता है पुष्प रूपवान बन जग की शोभा बढ़ाने हेतु डाल से अलग हो जाता है, शूल पुनः अकेला यही सोचता रह जाता है कि आखिर उसकी भूल क्या थी …….।
बहुत हुआ तो खेतों की बाड़ी या राह रोकने हेतु इसका प्रयोग कर लिया जाता है किन्तु उसमें भी लोग नाक भौं सिकोड़ते हुए बचकर निकल जाते हैं, साथ ही अन्य लोगों को भी सचेत करते हैं अरे भई काँटे हैं इनसे दूर रहना। खैर ये तो डिजिटल संचालक हैं सो पसंद न आने पर आगे बढ़ जाने की पूरी छूट का फायदा यहाँ से उठा ही लेते हैं।
(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जीका हिन्दी बाल -साहित्य एवं हिन्दी साहित्य की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य” के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण लघुकथा “अंतिम इच्छा”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 86 7
☆ लघुकथा — अंतिम इच्छा ☆
“मेरी एक अंतिम बात मानोगे?”
“जी!”, डॉ ने अपने हाथ सैनिटाइजर्स धोते हुए पूछा।
वह कुछ देर चुप रही। फिर बोली, ” एक बार आपने एक इच्छा जाहिर की थी।”
“जी !”
“आपने कहा था- एक बार मुझे गले से लगा कर प्यार कर लो। मगर तब मैं मजबूर थी। मेरी सगाई हो चुकी थी।”
“जी।”
“अब पति भी जा चुका है। चाहती हूं मेरी भी इच्छा पूरी कर लूं।”
” क्या !”
” क्या आखरी बार मुझे आलिंगन करके प्यार नहीं करोगे? ताकि यहां नहीं मिल सके तो क्या हुआ वहां तो…..,” कह कर वह डॉक्टर को निहारने लगी।
(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी की अब तक शताधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। जिनमें 70 के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत। इनमें प्रमुख हैं ‘बाल साहित्य श्री सम्मान 2018′ (भारत सरकार के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी बोर्ड, संस्कृति मंत्रालय द्वारा डेढ़ लाख के पुरस्कार सहित ) एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा ‘अमृतलाल नागर बालकथा सम्मान 2019’। आप “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे ।
आज से हम प्रत्येक गुरवार को साप्ताहिक स्तम्भ के अंतर्गत डॉ राकेश चक्र जी द्वारा रचित श्रीमद्भगवतगीता दोहाभिव्यक्ति साभार प्रस्तुत कर रहे हैं। कृपया आत्मसात करें । आज प्रस्तुत है चतुर्दश अध्याय।
स्नेही मित्रो सम्पूर्ण श्रीमद्भागवत गीता का अनुवाद मेरे द्वारा श्रीकृष्ण कृपा से दोहों में किया गया है। पुस्तक भी प्रकाशित हो गई है। आज आप पढ़िए चौदहवाँ अध्याय। आनन्द उठाइए। ??
– डॉ राकेश चक्र
प्रकृति के तीन गुण
श्रीभगवान ने इस अध्याय में मानव जीवन के लिए सर्वश्रेष्ठ ज्ञान एवं प्रकृति तीन गुणों के बारे में समझाया है—
सर्वश्रेष्ठ सब ज्ञान में , कहूँ प्रिय यह ज्ञान।
सिद्धि प्राप्त कर मुनीगण, पाए मोक्ष महान।। 1
दिव्य प्रकृति पाएँ मनुज, सुस्थिर होकर ज्ञान।
सृष्टि-प्रलय से छूटता, हो शाश्वत कल्यान।। 2
सकल भौतिकी वस्तुएँ, मूल ब्रह्म का स्रोत।
ब्रह्म करूँ गर्भस्थ में, व्यत्पत्ति का पोत।। 3
बीज प्रदाता पिता हूँ, जीव योनियाँ सार।
सम्भव भौतिक प्रकृति से, नवजीवन उपहार।। 4
तीन गुणों की प्रकृति है,सतो-रजो-तम सार।
जीव बँधा माया तले, ढोता जीवन भार।। 5
सतगुण दिव्य प्रकाश है, करे पाप से मुक्त।
ज्ञान, सुखों से बद्ध हो, रहे शांत संतृप्त।। 6
आकांक्षा, तृष्णा भरें, रजोगुणी उत्पत्ति।
बँधता माया मोह से, मन करता आसक्ति।। 7
तमोगुणी अज्ञान में, करता आलस मोह।
रहे प्रमादी नींद में, कर जीवन से द्रोह।। 8
सतोगुणी सुख से बँधें, रजगुण कर्म सकाम।
तमगुण ढकता ज्ञान को, करें विवादी काम।। 9
कभी सतोगुण जीतता, रज-तम हुआ परास्त।
विजित रजोगुण हो कभी, सत-तम होत परास्त।। 10
कभी तमोगुण जीतता, सत-रज हो परास्त।
चले निरन्तर स्पर्धा, श्रेष्ठ होयँ अपदास्थ।। 10
सतगुण की अभिव्यक्ति का, तब ही अनुभव होय।
तन के द्वारों में सभी, जले प्रकाशी लोय।। 11
रजगुण की जब वृद्धि हो, अति की हो आसक्ति।
बढ़ें अपेक्षा , लालसा, सकाम कर्म अनुरक्ति।। 12
तमगुण में जब वृद्धि हो, बढ़ जाए तम- मोह।
जड़ता, प्रमता घेरती, विरथा जीवन खोह।। 13
सतोगुणी जब मन रहे, आए अंतिम श्वास।
चले लोक सर्वोच्च में, हों महर्षि भी पास।। 14
रजोगुणी जब मन रहे, आए अंतिम श्वास।
गृहस्थ घरों में जन्म लें, जाते परिजन पास।। 15
तमोगुणी जब मन रहे, आए अंतिम श्वास।
पशुयोनी में जन्म लें, सहे आयु भर त्रास।। 15
पुण्य कर्म का फल सदा, होता सात्विक मित्र।
रजोगुणी के कर्म तो, देते दुख के चित्र।। 16
तमोगुणी के कर्म तो, हों मूर्खतापूर्ण।
प्रतिफल मिलता शीघ्र ही, गर्व होयँ सब चूर्ण।। 16
असल ज्ञान उत्पन्न हो, सतोगुणों से मित्र।
देय रजोगुण लोभ को, तामस गुणी चरित्र।। 17
सतोगुणी हर दशा में, जाते उच्चों लोक।
रजोगुणी भूलोक में, तमोगुणी यमलोक।। 18
हैं प्रकृति के तीन गुण, जानें जगे विवेक।
कर्ता कोई है नहीं, ईश दिव्य आलोक।। 19
तीन गुणों को लाँघता, वही बने नर श्रेष्ठ।
जन्म, मृत्यु छूटे जरा, जीवन बनता श्रेष्ठ।। 20
अर्जुन ने कहा——
तीन गुणों से जो परे, क्या वह लक्षण होय।
सुह्रद शील-व्यवहार हो, लाँघे तीनों जोय।। 21
श्रीभगवान ने कहा—–
तीन गुणों से जो परे, करता सबसे प्यार।
मोह और आसक्ति का, नहीं हो सके वार।। 22
सुख-दुख में वह सम रहे, करे न इच्छा कोय।
निश्चल, अविचल भाव रख, कभी न रोना रोय।। 23
भेदभाव रखता नहीं, रहता दिव्य विरक्त।
स्थित रहता स्वयं मैं, सदा रहे वह तृप्त।। 24
मान और अपमान में, रहे सदा वह एक।
सदा रहे प्रभु भक्ति में, करे कार्य सब नेक।। 25
सकल हाल में धैर्य रख, करता पूरी भक्ति।
तीनों गुण वह लाँघता, बने ब्रह्म अनुरक्त।। 26
आश्रय कर लो ब्रह्म पर, निराकार जग सार।
अविनाशी सच्चा प्रभो, देता चिर सुख- प्यार।। 27
इति श्रीमद्भगवतगीतारूपी उपनिषद एवं ब्रह्मविद्या तथा योगशास्त्र विषयक भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन संवाद में ” प्रकृति के तीन गुण ब्रह्मयोग ” चौदहवाँ अध्याय समाप्त।
(सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ जी अर्ध शताधिक अलंकरणों /सम्मानों से अलंकृत/सम्मानित हैं। आपकी लघुकथा “रात का चौकीदार”महाराष्ट्र शासन के शैक्षणिक पाठ्यक्रम कक्षा 9th की “हिंदी लोक भारती” पाठ्यपुस्तक में सम्मिलित। आप हमारे प्रबुद्ध पाठकों के साथ समय-समय पर अपनी अप्रतिम रचनाएँ साझा करते रहते हैं। आज प्रस्तुत हैं आपकी एक विचारणीय लघुकथा “सुख-दुख के आँसू……”। )
☆ तन्मय साहित्य # 98 ☆
☆ सुख-दुख के आँसू…… ☆
“चलिए पिताजी- खाना खा लीजिए” कहते हुए बहू ने कमरे में प्रवेश किया।”
“अरे–!आप तो रो रहे हैं, क्या हुआ पिताजी, तबीयत तो ठीक है न?”
“हाँ, हाँ बेटी कुछ नहीं हुआ तबीयत को। ये तो आँखों मे दवाई डालने से आँसू निकल रहे हैं, रो थोड़े ही रहा हूँ मैं, मैं भला क्यों रोऊँगा।”
“तो ठीक है पिताजी, चलिए मैं थाली लगा रही हूँ।”
दूसरे दिन सुबह चाय पीते हुए बेटे ने पूछा–
“कल आप रो क्यों रहे थे, क्या हुआ पिताजी, बताइये न हमें?”
“कुछ नहीं बेटे, बहु से कहा तो था मैंने कि, दवाई के कारण आँखों से आँसू निकल रहे हैं।”
“पर आँख की दवाई तो आप के कमरे में थी ही नहीं, वह तो परसों से मेरे पास है,”
“बताइए न पिताजी क्या परेशानी है आपको? कोई गलती या चूक तो नहीं हो रही है हमसे?”
“ऐसा कुछ भी नहीं है बेटे, सच बात यह है कि, तुम सब बच्चों के द्वारा आत्मीय भाव से की जा रही मेरी सेवा-सुश्रुषा व देखभाल से मन द्रवित हो गया था और ईश्वर से तुम्हारी सुख समृध्दि की मंगल कामना करते हुए अनायास ही आँखों से खूशी के आँसू बहने लगे थे, बस यही बात है।”
किन्तु एक और सच बात यह भी थी इस खुशी के साथ जुड़ी हुई कि, रामदीन अपने माता-पिता के लिए उस समय की परिस्थितियों के चलते ये सब नहीं कर पाया था, जो आज उसके बच्चे पूरी निष्ठा से उसके लिए कर रहे हैं।
सुख-दुख की स्मृतियों के यही आँसू यदा-कदा प्रकट हो रामदीन के एकाकी मन को ठंडक प्रदान करते रहते हैं।
(श्री अरुण कुमार डनायक जी महात्मा गांधी जी के विचारों केअध्येता हैं. आप का जन्म दमोह जिले के हटा में 15 फरवरी 1958 को हुआ. सागर विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने के उपरान्त वे भारतीय स्टेट बैंक में 1980 में भर्ती हुए. बैंक की सेवा से सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृति पश्चात वे सामाजिक सरोकारों से जुड़ गए और अनेक रचनात्मक गतिविधियों से संलग्न है. गांधी के विचारों के अध्येता श्री अरुण डनायक जी वर्तमान में गांधी दर्शन को जन जन तक पहुँचाने के लिए कभी नर्मदा यात्रा पर निकल पड़ते हैं तो कभी विद्यालयों में छात्रों के बीच पहुँच जाते है. आज प्रस्तुत है श्री अरुण डनायक जी के जीवन के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से जुड़े अविस्मरणीय एवं प्रेरक संस्मरण/ प्रसंग “ जीवन यात्रा -पूज्य बाबूजी को उनके 93 वें जन्म दिन पर परिवार के श्रद्धा सुमन”)
☆ जीवन यात्रा #80 – 2 –पूज्य बाबूजी को उनके 93 वें जन्म दिन पर परिवार के श्रद्धा सुमन ☆
गतांक से आगे
जीएम की विशेष रेलगाडी, आउटर सिगनल को पार करने से पहले ही स्टेशन की ओर पीछे आ रही थी, मध्य रेल के सर्वोच्च अधिकारी का इस तरह वापस आना किसी आसन्न खतरे का सूचक ! बाबूजी ने, जिन्हें स्वयं को संतुलित करने में देर नहीं लगती थी, अपने माथे पर अचानक आ गई पसीने की बूंदों को पोंछा, एक गिलास पानी पिया, और पूरी मुस्तैदी के साथ महाप्रबंधक का स्वागत करने प्लेटफ़ॉर्म पर खड़े हो गए I महाप्रबंधक का कोच स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने रूका और अधिकारियों का जत्था स्टेशन की ओर बढ़ा। बाबूजी और उनके अधीनस्थों ने अभिवादन किया तभी महाप्रबंधक की कड़क आवाज गूंजी ‘Who is Master of this Station ?’ बाबूजी ने अपनी चिर परिचित मुस्कान के साथ जवाब दिया ‘महोदय मैं’ । और इसके साथ ही स्टेशन के सूक्ष्म निरीक्षण का कार्य प्रारम्भ हो गया । महाप्रबंधक विभिन्न रिकार्ड मांगते और स्टेशन पोर्टर, अविलम्ब उन्हें प्रस्तुत कर देते । महाप्रबंधक की पैनी निगाहें रिकार्ड को देखती और किसी अन्य पुस्तक की फरमाइश होते देर न लगती । उन्होंने इसी दौरान स्टेशन पोर्टर से रेल संरक्षा के विषय में कुछ प्रश्न पूछे, उत्तर से वे संतुष्ट हुए और अचानक चमचमाती हुई ब्रास मेटल की टिकिट खिड़की, उद्घोषणा करने वाले पीतल के घंटे और स्वच्छ कक्ष को देखकर सम्बंधित सफाई कर्मचारी को बुलाने का आदेश दिया । सामने खड़े मुन्ना लाल ने बाबूजी का इशारा समझा और महाप्रबंधक के चरणों में अपना शीश नवा दिया । महाप्रबंधक ने मुन्ना लाल से पूछा कि ‘रोज इतने समय तक नौकरी पर उपस्थित रहते हो ।’ मुन्ना लाल ने भी त्वरित जवाब दिया ‘नहीं साहब, आज आपका दौरा था तो बड़े बाबू ने हम सभी को स्टेशन में दिन भर रहने का आदेश दिया था ।’ ‘तो फिर तुम लोगों को ओव्हर टाइम का पैसा मिलेगा ?’ महाप्रबंधक ने जब यह प्रश्न दागा तो सामूहिक उत्तर मिला ‘हम लोग आपके स्वागत और दर्शन के लिए ड्यूटी पर हैं तो भला ओव्हर टाइम क्यों मांगेंगे ।’ यह सब वार्तालाप महाप्रबंधक को प्रसन्न व प्रभावित करने पर्याप्त था और उन्होंने स्थल पर ही, मुन्नालाल व स्टेशन पोर्टर को पचास-पचास रुपये और बाबूजी व उनकी टीम को सात सौ रुपये नगद पुरस्कार की घोषणा तत्काल कर दी । शाम को अपनी ड्यूटी से निवृत होकर बाबूजी माँ और मैं, अनेक स्टेशन कर्मियों के साथ जागेश्वरनाथ के दर्शन करने गए । शास्त्रीजी ने इस यश को भोलेनाथ का आशीर्वाद एवं चमत्कार बताते हुए बाबूजी के गले ईश्वर को अर्पित पुष्पमाला पहना दी। दूसरे दिन स्टेशन स्टाफ का भंडारा ‘बड़ी बाई’ की ओर से आयोजित हुआ और माँ ने सबको भरपूर खीर-पूड़ी स्वयं परोसकर खिलाई ।
इसके बाद तो अक्टूबर 1986 तक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से कोई न कोई अधिकारी बांदकपुर स्टेशन निरीक्षण करने आता और और बाबूजी प्रसंशा पत्र या नगद पुरस्कार से सम्मानित होते रहे। बाबूजी की कर्तव्यपरायणता ने हम सब के लिए आदर्श प्रस्तुत किया । आज भी हम भाई-बहनों और उनके पुत्र-पुत्री जब हतोत्साहित होते हैं, कर्तव्यपथ से विचलित होते हैं तो चितहरा से बांदकपुर तक की उनकी 39 वर्ष की कर्म प्रधान यात्रा के किस्से सुनकर परिवार के लोग उत्साह से भर उठते हैं, कर्म पथ पर चलने की प्रेरणा पाते हैं ।
मेरी आगामी पुस्तक घुमक्कड़ के अध्याय पन्ना और हटा की सुनहरी यादें का एक अंश
(श्री प्रह्लाद नारायण माथुर जी अजमेर राजस्थान के निवासी हैं तथा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से उप प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। आपकी दो पुस्तकें सफर रिश्तों का तथा मृग तृष्णा काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुकी हैं तथा दो पुस्तकें शीघ्र प्रकाश्य । आज से प्रस्तुत है आपका साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा जिसे आप प्रति बुधवार आत्मसात कर सकेंगे। इस कड़ी में आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता ‘आसूं छलकने का इंतजार’। )
Amazon India(paperback and Kindle) Link: >>> मृग तृष्णा
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा # 49 ☆
☆ आसूं छलकने का इंतजार ☆
जीवन भर दूसरों में गलतियां ढूंढता रहा,
गलतियों में रिश्तों को धुंधला होते देखता रहा ||
जिंदगी रोजाना घटती गयी,
मगर मन हठीला था सब चुपचाप देखता रहा ||
जो गलतियां दूसरों में देखीं,
उनसे ज्यादा खुद में पायी मगर दिल नजरअंदाज करता रहा||
कुछ वो गलत तो कुछ मैं गलत था,
फिर भी अपनी गलतियों को सबसे छुपाता रहा ||
जानता हूँ आपस में प्यार बहुत है,
मगर मजबूरी की जंजीर टूटने का इंतजार करता रहा ||
अफसोस कोई बर्फ नहीं पिघली,
इधर मैं तो उधर वो आसूं छलकने का इंतजार करते रहे ||