श्री शांतिलाल जैन
(आदरणीय अग्रज एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार श्री शांतिलाल जैन जी विगत दो दशक से भी अधिक समय से व्यंग्य विधा के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी पुस्तक ‘न जाना इस देश’ को साहित्य अकादमी के राजेंद्र अनुरागी पुरस्कार से नवाजा गया है। इसके अतिरिक्त आप कई ख्यातिनाम पुरस्कारों से अलंकृत किए गए हैं। इनमें हरिकृष्ण तेलंग स्मृति सम्मान एवं डॉ ज्ञान चतुर्वेदी पुरस्कार प्रमुख हैं। श्री शांतिलाल जैन जी के स्थायी स्तम्भ – शेष कुशल में आज प्रस्तुत है उनका एक अप्रतिम और विचारणीय व्यंग्य “न्यूटन से नवीनतम तक…” ।)
☆ शेष कुशल # ७२ ☆
☆ व्यंग्य – “न्यूटन से नवीनतम तक…” – शांतिलाल जैन ☆
सर आइज़ैक न्यूटन बेहद अपमानित महसूस कर रहे थे. एक बार मर जाने के बाद कोई हाराकिरी कर पाता तो उस रोज़ सर ज़रूर कर लेते. “आपके मुल्क की एक सूबाई सरकार ने विज्ञान के क्षेत्र में हासिल की गई मेरी तमाम उपलब्धियों पर पानी फेर दिया है शांतिबाबू, अब मैं किताबों में भी ज़िंदा रहना नहीं चाहता.”
हुआ ये श्रीमान कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, ओडिशा के शिक्षाविदों ने सरकारी स्कूलों में पढ़ाई जाने वाली पाठ्यपुस्तक में सर आइज़ैक न्यूटन को ‘महान वैज्ञानिक’ की जगह एक ‘महान पायलट’ बता दिया. बस इतने से ही वे आहत महसूस कर रहे थे.
‘कम ऑन न्यूटन सर, ऐसे दिल छोटा नहीं किया करते. रादर यू आर लक्की!! हमारे शिक्षाविदों ने आपको प्लंबर या मैकेनिक तो नहीं कहा. किस्मतवाले हो, महान ख़ानसामा लिख दिया होता तो अभी किताब से निकलकर मिड-डे मील की दाल में तड़का लगा रहे होते. एक तो आपका नाम है ही बेहद कनफ्यूजिंग. आइज़ैक से कोई भी यही समझेगा कि आप पंक्चर्ड व्हील के नीचे जैक लगाने का काम किया करते रहे होगे. हो सकता है हवा की गति से तेज़ वाहन चलाने की आपकी क्षमता देख परिषद के विद्वान् भी आपको पायलट समझ बैठे हों.”
“हवाई जहाज़ का तो आविष्कार ही मेरे मरने के दो ढाई सौ साल बाद हुआ शांतिबाबू, फिर भी उन्होंने मुझे पायलट……?”
“बचपन में कन्कव्वे नहीं उड़ाए आपने? पायलट कहाने के लिए दिस मच इज इनफ़. आपको तो ऐसे शिक्षाविदों का शुक्रिया अदा करना चाहिए कि जिन्होंने आपको ‘मामूली’ नहीं बल्कि एक ‘महान’ पायलट कहा है. इन दिनों हमारे यहाँ इतिहास के महान नायकों को मामूली और मामूली को महान निरूपित करने का प्रोजेक्ट सक्सेसफुली चल रहा है. ऐसे मामलों में ज़्यादा सेंटी नहीं हुआ करते. जो हमारे पूर्वज आपकी तरह दुखी होने लगे तो आज़ादी के नब्बे प्रतिशत नायक दिनरात आँसू बहाते नज़र आने लगेंगे. वे कश्मीरी पंडित नहीं थे, ग़ाज़ी मुसलमान थे. पाकिस्तान परस्त थे, अंग्रेजों के एजेंट थे… और क्या क्या!! मुल्क का ये नया अवतार है, यहाँ बच्चों के लिए इतिहास की किताबें आर्काइव्ज़ में संरक्षित दस्तावेजों के आधार पर नहीं लिखी जातीं, व्हाट्सऐप पर आई पोस्ट से लिखी जाती हैं.”
सर आइज़ैक न्यूटन अब भी कन्विंस नहीं हो पा रहे थे, बोले – “टेक्स्ट बुक तो बड़े ज्ञानी और विद्वान शिक्षाविद् लिखते हैं उनसे ऐसी गलती!!”
मैंने कहा – “नहीं, उनकी कोई गलती नहीं है. उनके अपने बच्चे सरकारी स्कूलों में नहीं पढ़ते. उनके कॉन्सेप्ट क्लियर हैं, सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे को कुछ भी पढ़ा दो, मसें भीग जाएँगी तो मयूरभंज की खदानों में कुदाली ही तो चलानी है. इन बच्चों को इस बात से क्या ही फर्क पड़ता है कि आप एक महान वैज्ञानिक थे या महान पायलट थे! ये कभी पायलट बनने का सोच भी नहीं पाएँगे, खींचना इनको साइकिल रिक्शा ही है. इनके रिक्शा में वैज्ञानिक बैठ जाए या पायलट, अपनी सारी प्रतिभा दो रुपए कम थमाने में झोंक देता है.पाँच किलो अनाज देकर इनकी तरफ़ से निज़ाम भी मुतमईन रहता है. ये लोग शोषण की किसी क्रिया पर कोई प्रतिक्रिया नहीं करते. इन्होंने गति के आपके तीसरे नियम को अप्रासंगिक जो सिद्ध कर दिया है.”
मैंने उन्हें और भी समझाया – “टेक्स्ट बुक में गलतियाँ विज्ञान या इतिहास के साथ ही नहीं हुई है आदरणीय, भाषा और भूगोल के साथ भी हुई है. कर्नाटक के हम्पी मंदिर को कोणार्क का सूर्य मंदिर बता दिया गया है. और तो और ओडिशा विधानसभा की जगह कर्नाटक विधानसभा की तस्वीर छाप दी गई है. आप तो बाल बाल बच गए हो सर जी, जो लोग ‘पॉवर प्लांट’ का अनुवाद ‘शक्ति का पौधा’ कर सकते हैं वे न्यूटन को ट्रांसलेट करके नवीनतम भी लिख सकते थे. सोलह-सौ से ज़्यादा गलतियाँ तो लोग अब तक पॉइंट आउट कर चुके हैं.”
“कोई और देश होता तो ये किताबें सरकार वापस ले लेतीं.” – वे बुदबुदाए.
“शिक्षा के प्रति हमारी सरकार भी संवेदनशील है सर, उसने टीचरों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि इस बरस वे किताब में पेन से करेक्शन करवाकर काम चलाएँ.”
“आपकी बात में दम नज़र आता है शांतिबाबू, करेक्शन न भी कराएँ तो क्या बिरसा, बुरु, सोरेन या कुलाईसिंह को मजदूरी तो मनरेगा में ही करना है. जब आपके देश के टॉप एजुकेशनिस्ट ख़ामोश हैं तो अपन के स्यापा करने से क्या लाभ!!” वे उदास ही प्रस्थान कर गए.
कभी उन्होंने सेब गिरते हुए देखा था, इस बार…
-x-x-x-
(टीप: यह आवश्यक नहीं है कि संपादक मंडल व्यंग्य /आलेख में व्यक्त विचारों/राय से सहमत हो।)
© शांतिलाल जैन
बी-8/12, महानंदा नगर, उज्जैन (म.प्र.) – 456010
9425019837 (M)
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






